Home Blog Page 3270

ट्रक बैन, कंस्ट्रक्शन पर रोक सहित कई उपाय: दिल्ली में वायु प्रदूषण पर SC सख्त, सुनवाई में केजरीवाल सरकार और केंद्र ने दी दलील

दिल्ली और एनसीआर में वायु प्रदूषण को लेकर सुप्रीम कोर्ट में हो रही सुनवाई के दौरान सॉलिसिटर जनरल ने सुप्रीम कोर्ट को बताया कि कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (CAQM) ने दिल्‍ली और एनसीआर के राज्‍यों के लिए दिशा-निर्देश जारी किया है। इस पर केंद्र का रुख यह है कि केंद्र सरकार के कर्मचारी वर्क फ्रॉम होम (WFH) की जगह कार पुलिंग करें, ताकि सड़क पर केंद्र सरकार के वाहनों की संख्या कम हो। 

सॉलिसिटर जनरल ने कोर्ट को बताया कि आयोग ने ट्रक बैन के साथ ही सभी एनसीआर राज्यों को सभी स्कूलों, कॉलेजों और शैक्षणिक संस्थानों को बंद करने और अगले आदेश तक ऑनलाइन कक्षाएँ आयोजित करने का निर्देश दिया। SG ने SC को बताया कि आयोग ने सुझाव दिया कि NCR राज्य 21 नवंबर तक कम से कम 50% कर्मचारियों के लिए WFH की अनुमति दें। 

उन्होंने सुप्रीम कोर्ट को बताया कि चार छूट वाली श्रेणियों (रेलवे, मेट्रो, एयरपोर्ट, राष्ट्रीय सुरक्षा संबंधित प्रोजेक्ट) को छोड़कर सभी निर्माण गतिविधियों को 21 नवंबर तक रोकना होगा। आयोग ने कमजोर हॉटस्पॉट्स में दिन में कम से कम तीन बार स्मॉग टॉवर, स्प्रिंकलर और डस्ट सप्रेसेंट के उपयोग का भी निर्देश दिया। आयोग ने एनसीआर राज्यों को आपातकालीन सेवाओं को छोड़कर डीजल जेनरेटर सेट के उपयोग पर सख्ती से प्रतिबंध लगाने का निर्देश दिया। वाहनों के प्रदूषण पर एसजी ने सुप्रीम कोर्ट को सूचित किया कि आयोग ने (राज्य) अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का आदेश दिया है कि 10 साल से अधिक पुराने डीजल वाहनों और 15 साल से अधिक पुराने पेट्रोल वाहनों को चलने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।

वहीं दिल्ली सरकार की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने सुप्रीम कोर्ट से कहा कि अगर पराली जलाने की दर 3-4% है, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। यह एक कारण है। इस पर सुप्रीम कोर्ट ने सिंघवी से कहा कि वो प्रदूषण के मुद्दे से न भटकें। उन्‍होंने जो मुद्दा उठाया है वो प्रासंगिक नहीं है। कोर्ट ने ये भी कहा कि उन्‍होंने अपने आदेश में किसानों से दो सप्‍ताह के लिए पराली न जलाने का अनुरोध करने के लिए कहा है।

इससे पहले सोमवार (15 नवंबर 2021) को सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार से वायु प्रदूषण के मुद्दे पर आपात बैठक बुलाने को कहा था। इसके बाद मंगलवार (16 नवंबर 2021) को कमिशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट की वर्चुअल बैठक हुई। इस बैठक में भारत सरकार के पर्यावरण मंत्रालय के सेक्रेटरी आरपी गुप्ता, कमीशन के चेयरमैन एमएम कुट्टी, हरियाणा के मुख्य सचिव, डीजीपी प्रशांत अग्रवाल, राजस्थान के मुख्य सचिव, यूपी के मुख्य सचिव, दिल्ली सरकार के पीडब्ल्यूडी, यूडी, ट्रांसपोर्ट और इंडस्ट्री के अधिकारी मौजूद रहे।

पत्रकार अजीत भारती को जेल भेजना चाहती है कॉन्ग्रेस, नेहरू-गाँधी की आलोचना नहीं पचा पा रही पार्टी

कृपया ध्यान दें: अगर आपकी उम्र 18 साल से कम है, आपने “गैंग्स ऑफ वासेपुर” नाम की फिल्म नहीं देखी है… तो कृपया कोई और लेख पढ़ लें। यह रिपोर्ट जिस मुद्दे पर है, उसकी भाषा आम बोलचाल (कहीं-कहीं गाली भी) वाली है।

पत्रकार अजीत भारती को जेल भेजना चाहती है कॉन्ग्रेस पार्टी। कारण है एक वीडियो। वीडियो जिसमें नेहरू से लेकर गाँधी और कॉन्ग्रेसी सिस्टम पर चोट की गई है।

इन सब की शुरुआत होती है इंडियन यूथ कॉन्ग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी (श्रीनिवास भद्रावती वेंकट, Srinivas BV) के एक ट्वीट से। 16 नवंबर को श्रीनिवास बीवी ने 45 सेकंड का एक वीडियो ट्वीट किया। वीडियो में पत्रकार अजीत भारती को बोलते सुना जा सकता है:

“…इसलिए कर रहा हूँ क्योंकि देश से बापू और चाचा अपना सारा राष्ट्रवाद और स्वाभिमान अंग्रेजों के अंडकोषों का वजन नापने में खपा रहे थे। ऐसे राष्ट्रपिता घोड़े की पीठ पर चार चवन्नी रख कर कविता पाठ के लिए बने हैं।… सारी प्रक्रिया स्वतंत्रता के बाद भी वही रखे हुए हैं, जो एक मालिक ने गुलामों को साधने के लिए लिखा। इतिहास किसी खानदान की रखैल नहीं है। भले ही रखैलें रखने और रखैल बनने का उनका इतिहास पुराना हो… इसलिए जब कंगना कहती है कि आजादी…”

यह वीडियो एक प्रोमो है। मतलब काट-काट कर बढ़िया वाला हिस्सा एक साथ जोड़ा हुआ। इसे खुद पत्रकार अजीत भारती ने अपने यूट्यूब वीडियो की शुरुआत में लगाया हुआ है। लेकिन इंडियन यूथ कॉन्ग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी ने न तो पूरा वीडियो देखा और न ही इंडियन यूथ कॉन्ग्रेस के नेशनल लीगल सेल ने। शिकायत दर्ज करवा कर जेल भेजने की धमकी ट्वीट कर दी गई।

पत्रकार अजीत भारती का पूरा वीडियो देखिए। समय कम हो तो 5:09 से 7:20 तक देख सकते हैं। जो कॉन्ग्रेसियों ने शेयर किया है, उसके उलट अपनी बात उन्होंने तर्क के साथ रखी है। हाँ यह जरूर है कि तर्कों के साथ-साथ अंडकोष, चार चवन्नी घोड़े पे… जैसे आम आदमी की बोलचाल वाली भाषा भी प्रयोग की गई।

गुस्सा होना जायज है लेकिन सिर्फ आम आदमी की बोलचाल वाली भाषा (कुछ लोग इसे असंसदीय भी कह सकते हैं) के लिए किसी पत्रकार या अजीत भारती को क्या जेल भेजने की धमकी दी जानी चाहिए? फिर अपनी ही सरकार के द्वारा संसद में पारित ऑर्डिनेंस को फाड़ने वाले राहुल गाँधी के साथ इंडियन यूथ कॉन्ग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी क्या करेंगे?

मजेदार बात यह है कि जेल भेजने या शिकायत दर्ज कराने की कॉन्ग्रेसी धमकी का जवाब पत्रकार अजीत भारती ने आम बोलचाल की भाषा में ही दिया है।

न्यूज डिबेट ‘खाने में थूकने’ पर, दावा- भारत में सिर्फ मुस्लिमों को किया जा रहा गिरफ्तार, इस्लामिक देशों में RSS छेड़ रहा युद्ध

आए दिन रोटियों पर थूकने का वीडियो वायरल हो रहा है। 16 नवंबर, 2021 को न्यूज 18 हिंदी ने भोजन पर थूकते हुए पकड़े जाने के मुद्दे पर “रिवाज़-ए-थूक, ये कैसी भूख” जैसे कैप्शन के साथ बहस की। चर्चा के दौरान जहाँ मौलाना अलीमुद्दीन असादी ने खाने पर थूकने की हरकतों का बचाव करने की कोशिश की, वहीं राजनीतिक विश्लेषक मसूद हाशमी ने आरोप लगाया कि पीएम मोदी और सीएम योगी के शासन में ‘केवल मुसलमानों को पकड़ा और परेशान किया जा रहा है।’

वीडियो का स्क्रीनशॉट जिसे न्यूज़ 18 ने अब यू-ट्यूब से हटा लिया है।

बता दें कि पिछले कुछ महीनों में खाना बनाते समय थूकने के कई वीडियो वायरल होने के बाद कई लोगों को गिरफ्तार किया गया है। संयोग से, गिरफ्तार किए गए सभी लोग मुस्लिम समुदाय के हैं, जिससे यह सवाल उठ रहा है कि क्या उनमें कोई ऐसी बात है जो उन्हें इस तरह के कृत्यों में शामिल होने के लिए प्रेरित कर रहा है। न्यूज-18 की इस बहस में दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रोफेसर संगीत रागी, मौलाना अलीमुद्दीन असादी, सुप्रीम कोर्ट के वकील अश्विनी उपाध्याय, हम हिंदू के संस्थापक अजय गौतम और राजनीतिक विश्लेषक मसूद हाशमी पैनलिस्ट थे।

बहस के दौरान मौलाना अलीमुद्दीन असादी ने स्क्रीन पर दिखाए जा रहे एक खास वीडियो की तरफ इशारा किया जिसमें मुस्लिमों का एक समूह बचे हुए खाने के सामान को साफ करने के लिए प्लेट चाटता नजर आ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह आस्था के बारे में है और यह कोई अपराध नहीं है। इस तथ्य को नजरअंदाज करते हुए कि बहस के दौरान दिखाए गए अन्य वीडियो में स्पष्ट रूप से कई रसोइयों को खाना बनाते समय थूकते हुए दिखाया गया था या लोगों को फल, रोटी, घरों के बाहर आदि जगहों पर थूकते हुए दिखाया गया था। उल्टा असादी उन लोगों की प्रशंसा करते रहे जो बर्तन चाट रहे थे।

असादी ने कहा, “हम अपने बड़ों और मौलानाओं का सम्मान करते हैं और थाली से बचा हुआ खाना खुशी-खुशी खाते हैं। यह विश्वास के बारे में है, और इसमें कुछ भी गलत नहीं है। ये लोग बोहरा समुदाय से हैं। हमारा मज़हब हमें खाना बर्बाद करना नहीं सिखाता है।”

जब एंकर अमन चोपड़ा ने उनसे शेष वीडियो के बारे में सवाल किया और बताया कि वह कैसे कह सकते हैं कि यह विश्वास के बारे में था, असादी ने आरोप लगाया कि चोपड़ा उनके बयान को मोड़ने की कोशिश कर रहे थे। बहस के दौरान एक बिंदु ऐसा भी आया जहाँ उन्होंने इनकार करने की कोशिश की कि फल विक्रेता उस फल पर थूक या उसे चाट रहा था जिसे वह बेचने वाला था। उन्होंने दावा किया, “वह फल को साफ कर रहा है, चाट नहीं रहा है।”

असादी ने सड़क किनारे के उन वेंडरों के बारे में बात की जो दही भल्ले में पेशाब करते हुए कैमरे में कैद हुए थे। उन्होंने सवाल किया कि उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की गई। असादी सड़क किनारे एक विक्रेता के वायरल वीडियो की ओर इशारा कर रहे थे, जिसका वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल हो गया था, जहाँ वह पानीपुरी के पानी में पेशाब डालते हुए नजर आ रहा था। हालाँकि, 60 वर्षीय अक्रुल साहिनी के रूप में पहचाने जाने वाले विक्रेता को भरलुमुख पुलिस ने इस अपराध के लिए गिरफ्तार किया था।

विशेष रूप से, इसी तरह की एक घटना 2017 में गुजरात में भी कैमरे में कैद हुई थी, जहाँ एक चेतन नानजी मारवाड़ी को पानीपुरी के पानी में मूत्र डालते हुए देखा गया था। जिसके लिए उन्हें छह महीने जेल की सजा सुनाई गई थी। इन घटनाओं से पता चलता है कि एक विशेष समुदाय को बदनाम करने के आरोप झूठे हैं और यह स्वच्छता और स्वास्थ्य के बारे में है, न कि सांप्रदायिक घृणा के बारे में।

वास्तव में, इसे तब सांप्रदायिक बनाया जा रहा है, जब कुछ लोग उन्हें आस्था से जुड़े कृत्यों का नाम देकर बचाव करने की कोशिश करते हैं। असादी ने आगे आरोप लगाया कि देश में मुसलमानों को निशाना बनाया जा रहा है क्योंकि यूपी चुनाव आ रहे हैं। जब चोपड़ा ने पूछा कि क्या लोगों को यूपी चुनाव के दौरान ‘सद्भाव’ बनाए रखने के लिए विक्रेताओं द्वारा थूका गया खाना खाना चाहिए, तो असादी ने स्वर बदले से नजर आए।

राजनीतिक विश्लेषक मसूद हाशमी का इस पर बिल्कुल अलग बचाव था कि केवल मुस्लिमों को भोजन पर थूकते हुए क्यों पकड़ा जा रहा है। चोपड़ा ने हाशमी से पूछा कि क्या कारण हो सकता है कि पिछले नौ महीनों में नौ लोगों को भोजन पर थूकने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है, और वे सभी मुस्लिम थे। राजनीतिक विश्लेषक होने के नाते हाशमी ने इस मामले में राजनीति की और आरोप लगाया कि पीएम मोदी और सीएम योगी सरकारों के तहत केवल मुस्लिमों को गिरफ्तार किया जाता है और परेशान किया जाता है।

इन मामलों में जिन लोगों को गिरफ्तार किया गया है उनमें नौशाद, अनवर, खालिद, शाहरुख, इरशाद, चाँद मोहम्मद, मोहम्मद और अब्दुल सलाम हैं। हाशमी ने आगे दावा किया कि इसका धर्म से कोई लेना-देना नहीं है। चोपड़ा ने उनसे पूछा कि क्या नाम बताते समय कुछ कॉमन था, लेकिन हाशमी कहते रहे कि उन मामलों में कुछ भी कॉमन नहीं था।

अश्विनी उपाध्याय ने हाशमी से सवाल किया कि ईरान, सीरिया और अन्य जैसे देश क्यों जल रहे हैं? हाशमी ने मुस्लिम राष्ट्रों में अशांति के लिए इजरायल की खुफिया एजेंसी मोसाद, अमेरिकी खुफिया एजेंसी सीआईए और भारत के राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा, ‘मोसाद, सीआईए और आरएसएस जैसी एजेंसियों की वजह से ही दुनिया जल रही है।” उन्होंने आगे कहा, ‘महाभारत और रामायण देखने वाले इस्लाम पर सवाल उठा रहे हैं। जिनके हाथों में अनगिनत हथियार हैं, वे खुदा पर इस्लाम पर सवाल उठा रहे हैं। पहले खुद को देखो, फिर हमसे सवाल करो।”

बता दें कि ऑल्ट न्यूज़ जैसे कुछ फैक्ट चेकरों ने भी थूकने वाले वीडियो का बचाव करते हुए इसे ‘फातिहा जलाना’ कहकर बचाव किया है। जिस पर लोगों ने मुँहतोड़ जवाब दिया था। इसे आप यहाँ पढ़ सकते हैं- ‘वो तो फातिहा जला रहा था, अल्लाह देते हैं बरकत’: AltNews के जुबैर ने खाने में थूक वाले वीडियो को दी क्लीन चिट, कहा – हवा फूँक रहे।

अहमदाबाद: झील गार्डेन में नमाज पढ़ने का वीडियो वायरल, VHP ने किया शुद्धिकरण अनुष्ठान-हनुमान चालीसा का पाठ

हरियाणा के गुरुग्राम के बाद अब गुजरात के अहमदाबाद से भी सार्वजनिक जगह पर नमाज का वीडियो सामने आया है। अहमदाबाद के वस्त्रपुर क्षेत्र में झील के बगीचे में मुस्लिम पुरुषों और महिलाओं द्वारा नमाज अदा करने का यह वीडियो वायरल हो रहा है। करीब डेढ़ मिनट के वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ बुर्का पहने महिलाएँ और पुरुषों का एक समूह पार्क में नमाज पढ़ रहे हैं।

मुस्लिमों द्वारा सार्वजनिक स्थान पर नमाज किए जाने की खबर सामने आने के बाद सोमवार (15 नवंबर 2021) की शाम को विश्व हिंदू परिषद (VHP) के दर्जनभर से अधिक सदस्य वहाँ पहुँच गए और उन्होंने पार्क का शुद्धिकरण अनुष्ठान किया। उन्होंने बगीचे में गंगा जल का छिड़काव कर हनुमान चालीसा का पाठ किया।

झील पार्क में विश्व हिंदू परिषद के सदस्यों ने किया शुद्धिकरण अनुष्ठान

इसकी पुष्टि करते हुए विश्व हिंदू परिषद के गुजरात सचिव ने बताया कि अहमदाबाद के झील पार्क का शुद्धिकरण वीएचपी के सदस्यों द्वारा किया गया। उन्होंने कहा कि जनता के बीच जागरुकता पैदा करने के लिए ऐसा किया गया था। वीएचपी ने कहा कि यह देखा गया है कि मुस्लिम अक्सर आकस्मिक नमाज के बाद जमीन विशेष के टुकड़े पर दावा करने लगते हैं।

वस्त्रपुर थाने के पुलिस इंस्पेक्टर संदीप खंभला ने कहा कि इस मामले में न तो कोई एफआईआर दर्ज की गई है और न ही वीएचपी के सदस्यों द्वारा पार्क के शुद्धिकरण के मामले में उनसे किसी तरह का कोई संपर्क किया गया है। बहरहाल अब तक उन लोगों के समूह की पुष्टि नहीं हो सकी है, जिन लोगों ने वहाँ नमाज पढ़ी थी। उसके बारे में भी कोई जानकारी नहीं मिल सकी है जिसने इसका वीडियो रिकॉर्ड किया था। कुछ मीडिया रिपोर्टों में संभावना जताई गई है कि झील के पास स्थित प्राइवेट अस्पताल में भर्ती किसी मरीज के परिजन ने ऐसा किया हो।

‘मेरे सामने तलवार से वार किया…’: केरल में गोद दिए गए RSS वर्कर की पत्नी ने बयाँ की बर्बरता, TOI ने कहीं बताई ‘हत्या’ तो कहीं ‘हादसा’

केरल के पलक्कड़ में 15 नवंबर 2021 को राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के कार्यकर्ता ए संजीत की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्या का इल्जाम एसडीपीआई के बदमाशों पर लगा। खबरें आईं कि जिस समय यह घटना हुई उस समय वह अपनी पत्नी के साथ बाइक पर उन्हें छोड़ने दफ्तर जा रहे थे। लेकिन तभी गुंडों ने उन्हें पकड़ा और उनपर धारदार हथियार से हमला कर दिया। अब संजीत की हत्या के पूरे मामले में उनकी पत्नी अरक्षिका का बयान सामने आया है, जिन्होंने अपनी नम आँखों से उस दिन की बर्बरता को बताया।

रिपब्लिक वर्ल्ड के पत्रकार अश्विन नंद कुमार से बातचीत में उन्होंने कहा कि संजीत को उनकी आँखों के सामने जानबूझकर मारा गया। वो लोग चाहते थे अरक्षिका इस हत्या को देखें। वह कहती हैं, “उन लोगों ने मुझे पकड़ा और पीछे ले गए। इसके बाद मेरे सामने उन्होंने उन पर तलवार से वार किया। उस समय बहुत सारे लोग वहाँ थे। कई कार, कई स्कूटर और स्कूल बस भी वहाँ थी। उन पाँचों का मुँह भी नहीं ढका था।”

एक पुराने विवाद को लेकर संजीत की पत्नी कहती हैं कि जो बातें मीडिया में कही जा रही है वो बिलकुल झूठ हैं। संजीत 3 माह पहले उनके घर थे और पूरे मामले में बेगुनाह थे।

इस मामले में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के सुरेंद्रन ने आरोप लगाया कि यह एक सुनियोजित हत्या थी। उन्होंने कहा कि राज्य में इस तरह की घटनाएँ होने में पुलिस और राज्य सरकार की विफलता जिम्मेदार है। वह बोले कि सीपीएम सरकार एसडीपीआई के लोगों को बचा रही है। दोनों के बीच एक गठबंधन सा है। एसडीपीआई ने पिछले 10 दिन में 2 लोगों को मौत के घाट उतारा है।

बता दें कि 27 वर्षीय संजीत की निर्मम हत्या को केरल पुलिस ने पॉलिटिकल मर्डर बता दिया है। उनके मुताबिक इलाके में पहले कई बार राजनीति राजनीतिक झड़पे हुई थीं और संभव है कि हत्या इसी से जुड़ी हो। पुलिस इलाके के सीसीटीवी निकालकर अपनी जाँच कर रही है। लेकिन, इस बीच टाइम्स ऑफ इंडिया की कुछ मीडिया रिपोर्ट्स सामने आई हैं, जिनमें इस निर्मम हत्या के मामले को केरल के एडिशन में हत्या कहा गया है, लेकिन अन्य राज्यों के संस्करण जैसे तमिलनाडु और मुंबई एडिशन में इस पूरी वारदात को एक एक्सिडेंट दिखाने का प्रयास हुआ है।

अब लोग TOI की ऐसी रिपोर्ट्स का विरोध कर रहे हैं। लोग ढूँढ-ढूँढ कर अलर संस्करण शेयर करते हुए बता रहे हैं कि संजीत के शरीर पर 36 हमले (30 बॉडी पर और 6 सिर पर) के निशान थे। बता दें कि ये पहली दफा नहीं था जब संजीत को मारने के लिए एसडीपीआई ने हमला किया। 2020 के जून में सबीर अली, अनवर सादिक नाम के दो एसडीपीआई सदस्यों को गिरफ्तार किया गया था।

जिस होटल में भारत के बैडमिंटन खिलाड़ी उससे 100 मीटर दूर 2 आत्मघाती हमले, ISIS ने ली यूगांडा ब्लास्ट की जिम्मेदारी

यूगांडा (Uganda) की राजधानी कम्पाला में मंगलवार (16 नवंबर 2021) को दो आत्मघाती धमाके हुए। इन हमलों की जिम्मेदारी इस्लामिक स्टेट (ISIS) ने ली है। रिपोर्टों के अनुसार हमलों में दो नागरिकों और एक पुलिस अधिकारी की मौत हो गई। तीन हमलावर भी मारे गए। धमाके उस होटल से करीब 100 मीटर दूर हुए जहाँ भारत के बैडमिंटन खिलाड़ी ठहरे हुए हैं। भारतीय टीम सुरक्षित है।

5 मिनट के भीतर हुए दो बड़े बम धमाकों से शहर में अफरातफरी मच गई। पुलिस ने बताया है कि सीसीटीवी फुटेज में एक हमलावर सेंट्रल पुलिस स्टेशन के पास खुद को उड़ाते दिखा। धमाके के तीन मिनट बाद ही मोटरसाइकिल सवार दो हमलावरों ने खुद को पार्लियामेंट एवेन्यू के पास उड़ा लिया। धमाकों में घायल हुए 33 लोगों में से पाँच की स्थिति गंभीर है।

उल्लेखनीय है कि भारतीय पैरा बैडमिंटन टीम इस समय यूगांडा की राजधानी कंपाला में है। अंतरराष्ट्रीय पैरा बैडमिंटन चैंपियनशिप खेलने के लिए भारत से 54 शटलर गए हुए हैं। इनके साथ पाँच सदस्यीय टीम भी है। इस टीम में टोक्यो पैरालम्पिक्स में गोल्ड मेडल जीतने वाले प्रमोद भगत, मनोज सरकार समेत कई जाने माने खिलाड़ी हैं।

रिपोर्ट के अनुसार 15 खिलाड़ी और दो कोच होटल अफ्रीकाना में ठहरे हुए हैं। वहीं शेष खिलाड़ी हॉलीडे एक्सप्रेस में रुके हुए हैं। हॉलीडे एक्सप्रेस से वह जगह करीब ही है जहाँ ब्लास्ट हुए। होटल अफ्रीकाना में ठहरी शटलर पलक कोहली ने बताया कि पहला धमाका उस वक्त हुआ जब टीम बस में चढ़ रही थी। हमले के बाद वापस सभी को होटल ले जाया गया। विस्फोट के बाद चारों ओर अफरातफरी मच गई थी। टीम के साथ मुख्य कोच गौरव खन्ना भी हैं। उन्होंने बताया कि खिलाड़ी सदमे में हैं और उन्हें काउंसलिंग की आवश्यकता है। उन्होंने ये भी बताया कि वे लगातार भारतीय दूतावास के संपर्क में बने हुए हैं।

बुरा आदमी बनना, बैंक लूटना चाहता है तैमूर: सैफ अली खान ने अपने बेटे के बारे में YouTube पर किया खुलासा

बॉलीवुड में काम करने वाले सैफ अली खान (Saif Ali Khan) और उनकी दूसरी बीवी करीना कपूर खान (Kareena Kapoor Khan) के पहले बेटे का नाम है तैमूर अली खान (Taimur Ali Khan)। उम्र कम है लेकिन आगे की प्लानिंग है उसकी बैंक लूटने की। वो चाहता है कि वो बुरा आदमी बने और बैंक लूट कर सभी के पैसे भी चुराना चाहता है।

यह लीक हुई खबर नहीं है बल्कि खुद सैफ अली खान ने पूरी दुनिया को यह बात बताई है। रानी मुखर्जी (Rani Mukerji) के साथ बातचीत के दौरान सैफ ने यह पूरी कहानी बताई। सैफ के अनुसार तैमूर अली खान नकली तलवार लेकर हिंसक रूप से लोगों के पीछे भागता है, उन्हें दौड़ाता है।

यश राज फिल्म्स (Yash Raj Films, YRF) का अपना यूट्यूब चैनल है। इसी चैनल पर सैफ अली खान और रानी मुखर्जी बातचीत कर रहे थे। यह बातचीत इन दोनों की आने वाली फिल्म बंटी और बबली 2 (Bunty Aur Babli 2) पर चर्चा के दौरान हुई।

रानी मुखर्जी ने आने वाली फिल्म बंटी और बबली 2 पर बातचीत के अलावा अपनी बेटी आदिरा के बारे में एक कहानी सुनाई। इसी पर बात आगे बढ़ी तो सैफ अली खान ने तैमूर के बारे में, उसकी आदतों के बारे में जिक्र किया। सैफ ने कहा:

“…मुझे नहीं पता कि हम क्या कर रहे हैं। बस अच्छे की उम्मीद कर रहे हैं। मैं उससे (तैमूर से) कहता रहता हूँ कि यह अच्छा आदमी है… लेकिन वह कहता है कि उसे बुरा आदमी बनना है… बैंक लूटना चाहता है, सभी के पैसे चुराना चाहता है।”

आपको बता दें कि सैफ अली खान और रानी मुखर्जी एक साथ बंटी और बबली 2 में दिखाई देंगे। इस फिल्म को वरुण वी शर्मा ने निर्देशित किया है। 19 नवंबर 2021 को रिलीज होने वाली फिल्म “बंटी और बबली 2” से पहले “बंटी और बबली” 2005 की हिट फिल्म रही थी। उसमें अभिषेक बच्चन और अमिताभ बच्चन के साथ रानी मुखर्जी ने अभिनय किया था।

सैफ अली खान और रानी मुखर्जी करीब 12 साल बाद एक साथ किसी बॉलीवुड फिल्म में दिखेंगे। इससे पहले इन दोनों को “थोड़ा प्यार थोड़ा मैजिक” में एक साथ देखा गया था। उसे भी यश राज फिल्म्स बैनर के तहत ही बनाया गया था।

इंटरनेशनल क्रिकेटर ने साथी मुस्लिम खिलाड़ी को कहा सूअर, टॉयलेट के पास बैठने का देता था आदेश: इंग्लैंड क्रिकेट में बवाल

  • राफा द काफिर
  • सूअर
  • हाथी धोने वाला
  • वो पाकी (पाकिस्तानी) है, शेख नहीं… उससे बात क्यों कर रहे
  • तुम बहुत सारे हो, इस पर बात करने की जरूरत है
  • तुम सब वहाँ बैठो, एक साथ टॉयलेट के बगल में

किसी मुस्लिम को सूअर बोलना, जिसे वो हराम मानते-समझते हैं, बहुत गंदी बात है। लेकिन यह किया गया है उस देश में, जहाँ के लोग खुद को जेंटलमैन कहते हैं। सिर्फ सूअर ही नहीं, बल्कि ऊपर लिखे गए शब्दों/वाक्यों के साथ-साथ अजीम रफीक नाम के क्रिकेटर के साथ वह सब हुआ है इंग्लैंड में, जिसे हम सब नस्लीय मानते हैं। जिन्होंने ये सब किया है, वो सारे भी क्रिकेटर ही हैं।

यॉर्कशायर के पूर्व खिलाड़ी अजीम रफीक ने लीड्स एम्प्लॉयमेंट ट्रिब्यूनल को अपने साथ हुई नस्लवादी घटना की पूरी जानकारी मंगलवार (16 नवंबर 2021) को दी। यॉर्कशायर के लिए खेलते हुए अपने पाकिस्तानी मूल के कारण अजीम रफीक ने जो-जो नस्लवादी टिप्पणी सही, उसके खिलाफ उन्होंने यॉर्कशायर क्रिकेट क्लब के खिलाफ मामला भी दर्ज कराया।

माइकल वॉन की नस्लीय टिप्पणी

पूर्व क्रिकेटर अजीम रफीक ने लंदन में संसदीय सुनवाई के दौरान अपने साथ हुई घटनाओं का विस्तार से जिक्र किया। यॉर्कशायर के पूर्व खिलाड़ी रफीक ने बताया कि इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने किस तरह से नस्लवादी और असंवेदनशील टिप्पणियों से उनका मनोबल तोड़ा था। माइकल वॉन के बारे में अजीम रफीक ने बताया:

“वो मेरे क्रिकेटिंग हीरो थे। मैं उनके नक्शेकदम पर चलना चाहता था। 22 जून 2009 को नॉटिंघम बनाम यॉर्कशायर का मैच था। मैं बहुत उत्साहित था, पहली बार अपने हीरो माइकल वॉन के साथ ड्रेसिंग रूम शेयर कर रहा था। खेल शुरू होने से पहले खिलाड़ियों के एक साथ गले मिलने (huddle) के बाद चार एशियाई खिलाड़ियों (अजीम रफीक, आदिल, अजमल और राणा) की ओर देख कर उन्होंने कहा – “तुम बहुत सारे हो, इस पर बात करने की जरूरत है।”

अजीम रफीक के अनुसार उस मैच के बाद चारों खिलाड़ियों (अजीम रफीक, आदिल, अजमल और राणा) ने फिर कभी एक साथ दूसरा मैच नहीं खेला।

सूअर, राफा द काफिर, हाथी धोने वाला

अजीम रफीक का जन्म पाकिस्तान में हुआ था। वो पैदाइशी मुस्लिम हैं। लेकिन इंग्लैंड में रहने के कारण वो क्रिकेट खेले वहीं से। इसके बावजूद यॉर्कशायर के लिए खेलते समय उन्हें मैथ्यू हॉगर्ड (इंग्लैंड क्रिकेट टीम के पूर्व फास्ट बॉलर) ने “राफा द काफिर (Raffa the Kaffir)” से लेकर “सूअर (Pigs)” और “हाथी धोने वाला (Elephant washer)” तक कहा गया।

मैथ्यू हॉगर्ड ने अजीम रफीक के अलावा अन्य एशियाई खिलाड़ियों – आदिल, अजमल और राणा को भी टार्गेट किया था। सब को लेकर हॉगर्ड का व्यवहार नस्लवादी ही रहता था। इसी कारण से वो ड्रेसिंग रूम के अंदर या बाहर कहता था – “तुम सब वहाँ बैठो, एक साथ टॉयलेट के बगल में।”

इंग्लैड क्रिकेट में नस्लवादी टिप्पणी के इस बवाल में एक और नाम शामिल है – गैरी बैलेंस। यह भी इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेट खिलाड़ी हैं। 2014 में डेब्यू करने के बाद इन्होंने मात्र 10 टेस्ट में ही 1000 रन बना लिए थे। अजीम रफीक के अनुसार गैरी बैलेंस ने ही “राफा द काफिर” को आगे बढ़ाया। गैरी ही अपने साथी खिलाड़ियों को इन लोगों से बात करने के लिए मना करते हुए कहता था – “वो पाकी (पाकिस्तानी) है, शेख नहीं… उससे बात क्यों कर रहे।”

अजीम रफीक ने लंदन में संसदीय सुनवाई के दौरान यह भी बताया कि वो टीम कल्चर में रंगने-बसने के लिए शराब भी पीना शुरू कर दिए थे। बावजूद गैरी बैलेंस उन्हें छोटा महसूस कराने के लिए नस्लवादी चुटकुले बनाता था। रफीक के पाकिस्तानी मूल होने के कारण गैरी हमेशा ही दूसरों के सामने अपमानजनक टिप्पणी करता था।

आपको बता दें कि इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन पर नस्लवाद का आरोप लगने के बाद BBC ने अपने शो से बाहर कर दिया है। हालाँकि माइकल वॉन ने अपनी बात रखते हुए लिखा था, “मैं पूरी तरह और स्पष्ट रूप से इनकार करता हूँ, मैंने कभी उन शब्दों का इस्तेमाल नहीं किया, मेरे पास कुछ भी छिपाने के लिए नहीं है।”

वेस्ट यूपी, पूर्वांचल, अवध, बुंदेलखंड… हर इलाके में BJP आगे: एक और सर्वे ने बताया- उत्तर प्रदेश में फिर से योगी सरकार

उत्तर प्रदेश सहित पाँचों राज्यों में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं। उससे पहले सर्वेक्षणों के जरिए जनता का मूड सामने आ रहा है। अब तक आए तमाम सर्वेक्षणों से जो बात उभरकर सामने आई है उसके अनुसार उत्तर प्रदेश की सत्ता में फिर से बीजेपी लौट रही है। टाइम्स नाऊ पोलस्ट्रैट ओपिनियन पोल के अनुसार 2022 में भी यूपी में बीजेपी की सरकार बनेगी।

पोल के मुताबिक 403 सीटों वाली यूपी विधानसभा बीजेपी को 239-245 सीटें मिल सकती है। वहीं समाजवादी पार्टी (SP) को 119-125 सीट मिलने का अनुमान लगाया गया है। बहुजन समाज पार्टी (BSP) 28-32 सीटें जीत सकती है। इससे यह भी पता चलता है कि प्रियंका गाँधी के प्रयासों के बाद भी कॉन्ग्रेस यूपी में आधार नहीं बना पाई है।

इस सर्वे में क्षेत्रवार भी सीटों के अनुमान लगाए गए हैं। इसके मुताबिक बुंदेलखंड में बीजेपी 15-17 सीट मिल सकती है। वहीं बसपा को 2-5 सीटें और सपा 0-1 सीट मिलने के आसार हैं। दोआब की 71 सीटों में से बीजेपी को 37-40 और सपा को 26-28 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है। पूर्वांचल की 92 सीट में से 47-50 बीजेपी के खाते में आ सकती है। सपा को यहाँ 31-35 सीट मिले सकती है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बीजेपी को 40-42 तो सपा को 21-24 सीट मिलने का अनुमान है। ऐसे ही ही अवध की 101 सीटों में से 69-72 सीट बीजेपी को मिल सकती है। सपा को यहाँ 23-26 सीट मिलने का अनुमान है। वहीं बसपा को 7-10 सीट मिले सकती है।

बता दें कि टाइम्स नाऊ पोलस्ट्रैट ओपिनियन पोल में 9000 लोगों की प्रतिक्रिया ली गई। ये सर्वे 6-10 नवंबर के बीच में हुआ था। इस सर्वे में समाज के हर तबके की राय ली गई ताकि पता चले कि आखिर कौन क्या चाहता है। पोलस्ट्रैट के निदेशक शिव सेहगल ने कहा, “हमने स्ट्रैटिफाइड सैंपलिंग (एक ऐसी पद्धति जहाँ जनता को छोटे भाग में बाँटा जाता है) पद्धति का प्रयोग किया। जहाँ हमने समाज के हर तबके को शामिल किया। हमें ज्ञात हुआ कि आखिर हर समुदाय क्या महसूस कर रहा है।”

उल्लेखनीय है कि इससे पहले एबीपी-सी वोटर के सर्वे में भी बताया गया था कि यूपी में योगी सरकार लौटेगी। सी वोटर का अनुमान था कि भाजपा को 213 से 221 सीट मिलेगी जबकि अखिलेश यादव की सपा को 152-160 सीट मिल सकती है। इस सर्वे में मायावती की बसपा को 16-20 सीट मिलने की बात कही गई थी और कॉन्ग्रेस के हिस्से 6-10 सीट दिखाई गई थी। 

हवाई जहाज में मोदी के मंत्री ने यात्री की बचाई जान, सोशल मीडिया में छाए भागवत कराड

डॉक्टर भागवत कराड महाराष्ट्र से सांसद हैं। इसी साल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें अपने कैबिनेट में शामिल किया था। फिलहाल वे केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री। इस समय हवाई यात्रा के दौरान एक यात्री की जान बचाने की वजह से वे सोशल मीडिया में छाए हुए हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने भी इसके लिए अपने कैबिनेट सहयोगी की सराहना की है।

दरअसल, कराड इंडिगो एयरलाइंस से दिल्ली से मुंबई जा रहे थे। यात्रा के दौरान फ्लाइट में ही एक यात्री की तबीयत अचानक से खराब हो गई, जिसके बाद केंद्रीय मंत्री ने तुरंत उसका प्राथमिक उपचार किया।

रिपोर्ट के मुताबिक, कराड मंगलवार (16 नवंबर 2021) तड़के इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6ई-171 से दिल्ली से मुंबई जा रहे थे। फ्लाइट के टेक ऑफ करने के एक घंटे बाद एक व्यक्ति को बेचैनी होने लगी। उसने इसकी जानकारी फ्लाइट के क्रू मेंबर को दी। इसके बाद फ्लाइट के क्रू मेंबर ने यात्रियों से पूछा कि क्या कोई डॉक्टर है, इस पर केंद्रीय मंत्री डॉ भागवत कराड पीड़ित के पास गए और उसका इलाज किया। उन्होंने उसे एक इंजेक्शन दिया, जिससे उसे आराम मिला। बता दें कि कराड पेशे से एक सर्जन हैं।

केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री डॉ. भागवत कराड के इस कार्य की प्रशंसा करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया, “हमेशा दिल से डॉक्टर। सहयोगी भागवत कराड ने शानदार काम किया।” इस ट्वीट के जबाव में मंत्री ने आभार जताते हुए कहा कि वे पीएम मोदी के विजन को ध्यान में रखकर काम करने की कोशिश कर रहे हैं।

इस बीच इंडिगो एयरलाइंस ने भी केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त किया है। कंपनी ने ट्वीट किया, “हम वित्त राज्य मंत्री डॉ भगवत कराड को धन्यवाद देते हैं, जो लगातार अपने कर्तव्यों पर नॉन स्टॉप लगे हुए हैं। आपका एक यात्री की मदद करने बेहद प्रेरणादायक था।”