Home Blog Page 1244

राम मंदिर के फैसले पर कहा था ‘₹#डी का बिकना’, मुनव्वर राना का 71 की उम्र में निधन: किडनी, लीवर, हार्ट सब हुआ खराब, वेंटिलेटर से भी नहीं आई सांस

मशहूर शायर मुनव्वर राना का 71 साल की उम्र में हार्ट अटैक से निधन हो गया। पिछले काफी समय से मुनव्वर बीमार थे। उनका इलाज पीजीआई में चल रहा था। वह वहाँ आईसीयू वार्ड में भर्ती थे। रविवार (14 जनवरी 2024) को साढ़े 11 बजे के आसपास उन्होंने अंतिम सांस ली।

जानकारी के मुताबिक, पिछले दो साल से मुनव्वर को किडनी की बीमारी थी। वह तब से डायलिसिस पर चल रहे थे। इसके साथ उन्हें लीवर की भी बीमारी सीओपीडी थी। 9 जनवरी को हालत खराब होने पर उन्हें पीजीआई में एडमिट किया गया था जहाँ 14 जनवरी को उन्होंने आखिरी सांस ली।

डॉक्टरों ने मीडिया को बताया कि मुनव्वर को किडनी की बीमारी तो थी ही। लेकिन जब 9 जनवरी को उन्हें एडमिट किया गया तो उन्हें सीओपीडी के साथ हार्ट की भी दिक्कत थी, जिसके चलते वेंटिलेटर पर रखा गया। सेहत में सुधार होने के बाद वेंटिलेटर से हटाया गया था लेकिन ज्यादा समय तक बिना वेंटिलेटर रह नहीं सके। दोबारा उन्हें वेंटिलेटर पर रखना पड़ा, जहाँ रविवार को उनका निधन हो गया।

बता दें कि देश के मशहूर शायर मुनव्वर राना कई साहित्यिक अवार्ड पा चुके थे। लेकिन पिछले काफी समय से वो विवादों के कारण खबरों में रहते थे। उन्होंने राम मंदिर का फैसला देने वाले जज के लिए कहा था, “भारत के पूर्व CJI रंजन गोगोई जितने कम दाम में बिके, उतने में हिंदुस्तान की एक ₹#डी भी नहीं बिकती है।“

उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की दोबारा सरकार बनने से पहले कहा था कि अगर योगी सरकार दोबारा लौटी तो यूपी छोड़ दूँगा। हालाँकि, हुआ ऐसा कुछ नहीं। मगर 2022 में जब योगी सरकार लौटी तो इसके बाद राना की तबीयत बिगड़ने की खबरें मीडिया में जरूर आईं।

इसी तरह उनकी बेटी के कॉन्ग्रेस ज्वाइन करने, चुनाव लड़ने और मतदान में नोटा से भी कम वोट पाने के बाद राना की काफी फजीहत हुई थी। उनके बेटे ने भी संपत्ति के लालच में अपने ऊपर जब झूठी फायरिंग करवाई थी, तब भी मुनव्वर का नाम उछला था।

इसके अलावा फ्रांस में हुए आतंकी हमले पर भी राना ने अपनी राय दी थी जहाँ एक कार्टून दिखाने के बाद टीचर पर अटैक हुआ था। राना ने आतंकी का बचाव करते हुए कहा था कि अगर कोई उनके माता-पिता का ऐसा कार्टून बना देगा तो वो उसे मार ही देंगे।

’15 मार्च तक मालदीव खाली करें भारत के जवान’: राष्ट्रपति मुइज्जू की धमकी के बाद दोनों देशों के बीच उच्च-स्तरीय बैठक, पाँव पसारने का मौका ढूँढ रहा चीन

मालदीव ने भारत को अपने सैनिकों और अन्य साजो-सामान वापस लेने के लिए कहा था, अब इस बारे में दोनों तरफ के उच्चाधिकारियों की बैठक हुई है। चीन के दौरे से लौटने के बाद मुइज्जू सरकार और भारत सरकार के समकक्षों के बीच ये हाई लेवल मीटिंग हुई है। इस मीटिंग में कई मुद्दों से इतर जो मुद्दा सबसे अहम रहा, वो ये है कि मालदीव की जमीन से भारतीय सैनिकों की वापसी कब तक होगी। दरअसल, मालदीव में भारत की एक छोटी सी टुकड़ी मौजूद है, जो मालदीव को दिए डॉर्नियर विमान, हेलीकॉप्टरों को ऑपरेट करती है।

मुइज्जू को मालदीव में भारत विरोधी के तौर पर ही सत्ता मिली है। ऐसे में भारत से बढ़ते तनाव के बीच वो अपनी कुर्सी को लेकर चिंतित हैं। हाल ही में माले के मेयर चुनाव में मुइज्जू के समर्थक प्रत्याशी की हार के बाद उन पर भारत विरोधी कामों में तेज़ी लाने का भी दबाव है, क्योंकि आम जनता अब भारत के नज़दीक जाती दिख रही है। ऐसे में मालदीव की राजधानी में एक हाई लेवल मीटिंग हुई है, जिसमें मालदीव-भारत संबंधों के अतिरिक्त भारतीय सैनिकों की वापसी के मुद्दे पर भी बात हुई। चूँकि मुइज्जू इसी वादे के साथ चुनाव जीते थे कि वो भारतीय सैनिकों को मालदीव की जमीन से हटा देंगे, ऐसे में उनके लिए ये जरूरी काम हो चला है।

इस समय मालदीव में 77 भारतीय सैन्यकर्मी हैं। मालदीव में पहले हेलीकॉप्टर का प्रबंधन करने के लिए 24 भारतीय सैन्यकर्मी, डोर्नियर विमान का प्रबंधन करने के लिए 25 भारतीय, दूसरे हेलीकॉप्टर का प्रबंधन करने के लिए 26 भारतीय और रखरखाव और इंजीनियरिंग के लिए दो अन्य भारतीय कर्मी हैं। ऐसे में वो चाहता है कि जल्द से जल्द भारत मालदीव की जमीन से हट जाए, ताकि चीन को पैर फैलाने का मौका दिया जा सके।

दरअसल, मालदीव के राष्ट्रपति मुइज्जू शनिवार (13 जनवरी 2023) को ही चीन की पाँच दिन की यात्रा से लौटे हैं। उन्होंने मालदीव पहुँचते ही कहा था कि हमारा देश भले ही छोटा है लेकिन हमें बुली करने का लाइसेंस किसी के पास नहीं है। हालाँकि, मुइज्जू ने प्रत्यक्ष तौर पर किसी का नाम लेकर ये बयान नहीं दिया, लेकिन माना जा रहा है कि उनका निशाना भारत की तरफ है।

गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से भारत-मालदीव के बीच तनाव चल रहा है। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अभद्र टिप्पणी करने के बाद भारतीयों ने मालदीव को निशाने पर लिया था। इस विवाद के बाद मालदीव के तीन मंत्री जो मुइज्जू के नजदीकी माने जाते थे, उन्हें अपनी कुर्सी गँवानी पड़ी थी। वहीं, इस विवाद के बाद हजारों भारतीयों ने मालदीव का ट्रिप कैंसिल कर दिया था, जिसके बाद मालदीव की हालत खराब है।

काले खाँ ने हिन्दू किसान नेता को मार डाला, भाई घायल: मंदिर के लिए चंदा माँग रहे थे, पुलिस ने नकारा सांप्रदायिक एंगल

उत्तर प्रदेश के उन्नाव में रविवार सुबह (14 जनवरी, 2024) दो भाई राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा वाले दिन गाँव के मंदिर में होने वाले कार्यक्रम के लिए चंदा माँग रहे थे। जय श्रीराम नारे लगाते दोनों भाइयों पर गंगा घाट कोतवाली क्षेत्र में हिस्ट्रीशीटर ने तलवार और तमंचे से हमला किया। हालाँकि, उन्नाव पुलिस ने अपने ताज़ा बयान में किसी भी प्रकार के धार्मिक एंगल को नकार दिया है। पुलिस के अनुसार, FIR में वादिनी द्वारा ऐसा कोई आरोप नहीं लगाया गया है।

इसमें एक भाई की मौत हो गई और दूसरा बुरी घायल हो गया। मृतक विनोद कश्यप किसान नेता था। हत्या के बाद लोगों ने गंगा पुल पर जाम लगा दिया। लोगों ने नारेबाजी करते हुए आरोपित के एनकाउंटर की माँग की। इसे लेकर इलाके में तनाव का माहौल है और भारी पुलिस बल तैनात है।

पुलिस ने मृतक की पत्नी प्रीति कश्यप की तहरीर पर केस दर्ज किया गया। इंस्पेक्टर गंगा घाट रामफल प्रजापति के मुताबिक, झगड़ा हुआ है, मामले जाँच की जा रही है और आरोपित पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट के मुताबिक,अयोध्या में 22 जनवरी, 2024 को प्राण प्रतिष्ठा वाले दिन गाँव के मंदिर में होने वाले कार्यक्रम के लिए मोहल्ला चंपा पुरवा में भारतीय किसान यूनियन के जिला महासचिव विनोद कश्यप अपने छोटे भाई दुर्गा शंकर कश्यप उर्फ बउआ के साथ चंदा इकट्ठा कर रहे थे।

रविवार सुबह दोनों जय श्रीराम का जयघोष करते चंदा माँग रहे थे। इस दौरान गोताखोर मोहल्ले में रहने वाला हिस्ट्रीशीटर काले खाँ अपने साथियों के साथ पहुँचा और उनसे गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगा। काले खाँ ने बड़े भाई विनोद पर तलवार से हमला किया। जब बड़े भाई को बचाने के लिए छोटे भाई दुर्गा शंकर आए तो उन्हें तमंचे की बट मारकर घायल कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद काले खाँ हवाई फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गया।

दोनों भाइयों को पास के अस्पताल में ले जाया गया। यहाँ से बड़े भाई को कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर किया गया। वहाँ डॉक्टरों ने किसान नेता विनोद को मृत घोषित कर दिया। घायल छोटे भाई दुर्गा शंकर ने बताया कि उनके मोहल्ले में मंदिर है। वहाँ 22 जनवरी वहाँ कार्यक्रम होना है।

उन्होंने आगे बताया, “भाई और मैं इसी के लिए चंदा माँगने गए थे। काले खाँ ने हम पर हमला कर दिया। वह कह रहा था कि ज्यादा जय श्रीराम के नारे लगा रहे हो। इसके बाद हमें दौड़ा दिया गया।” घायल छोटे भाई के मुताबिक, “मेरे और मेरे बड़े भाई के साथ मारपीट की गई। मेरे हाथ खून से रंगे हुए थे। मैं पुलिस के पास गया, तो पुलिस एप्लिकेशन देने की बात करने लगी। किसी ने कोई सुनवाई नहीं की।”

उन्होंने आगे कहा, “हमें दौड़ाया गया, हमारे हाथ खून से अभी तक सने हैं। मैंने कहा कि मैडम पैर छू रहे हैं। मैडम, सर जल्दी चलिए। अगर पुलिस वक्त पर पहुँच जाती, तो यह घटना नहीं होती।”

मौके पर मौजूद लोगों का कहना था की हिस्ट्रीशीटर काले ख़ाँ का कई साल से इलाके में आतंक है। वह कई आपराधिक वारदातें कर चुका है। उसके डर की वजह से लोग थाने में उसकी शिकायत नहीं करते।

पुलिस ने खारिज की धार्मिक एंगल की बात

उन्नाव पुलिस ने इस संबंध में बयान जारी कर बताया कि गंगाघाट में दो समुदायों के बीच 14 जनवरी को मारपीट की घटना घटित हुई थी, उसके संबंध में एक पक्ष के द्वारा थाना गंगाघाट पर तहरीर दी गई कि उनके परिवार के सदस्यों पर दूसरे पक्ष के काले नाम व्यक्ति द्वारा पैसे की माँग की गई एवं उनके साथ मारपीट की गई तथा पत्थर मारा गया, जिस कारण परिवार के दो व्यक्तियों को चोटें आईं।

पुलिस ने आगे बताया कि उन्होंने इस मामले को दर्ज करके दोनों घायलों को उपचार हेतु अस्पताल पहुँचाया, लेकिन वहाँ पर विनोद कश्यप नामक व्यक्ति की मृत्यु हो गई। इसी मामले में अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन हो चुका है।

उन्होंने मीडिया में प्रसारित खबरों को लेकर कहा कि कुछ रिपोर्ट्स में इस घटना के पीछे धार्मिक कारण बताया जा रहा है, लेकिन प्रथम सूचना रिपोर्ट में ऐसा कुछ भी नहीं बताया गया था। पुलिस के अनुसार, सभी तथ्यों की जाँच कर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।

‘150 करोड़ लोगों के नेता हैं PM मोदी, उन पर ख़राब टिप्पणी की चुकानी पड़ेगी कीमत’: अभिनेता नागार्जुन ने रद्द की मालदीव की ट्रिप, बोले – अब लक्षद्वीप जाऊँगा

मालदीव को भारत से पंगा लेना भारी पड़ गया है। इस मुल्क को सबक सिखाने वाली भारतीय हस्तियों की लिस्ट में साउथ के एक्टर नागार्जुन अक्किनेनी का नाम भी शामिल हो गया है। नागार्जुन ने मालदीव की हॉलीडे ट्रिप रद्द करने का ऐलान कर डाला और वो भी ‘बॉयकॉट मालदीव’ कैंपेन में शामिल हो गए।

संगीतकार एम एम कीरावनी के साथ एक वीडियो अनुभवी स्टार नागार्जुन ने दावा किया कि वह अपने परिवार के साथ छुट्टियों के लिए मालदीव जाने की योजना बना रहे थे। इसमें वो कहते हैं, “मुझे छुट्टियों के लिए 17 जनवरी को मालदीव जाना था क्योंकि मैं अपने परिवार के लिए ज्यादा वक्त नहीं निकाल सका था। मैं ‘बिग बॉस’ और ‘ना सामी रंगा’ के लिए 75 दिनों तक बगैर ब्रेक के काम कर रहा था।”

उन्होंने आगे कहा, “अब मैंने अपने टिकट रद्द कर दिए हैं और अगले हफ्ते लक्षद्वीप जाने की सोच रहा हूँ। मैं कई बार मालदीव जा चुका हूँ। दरअसल, मुझे 17 जनवरी को छुट्टियों के लिए मालदीव जाना था, लेकिन मैंने इस साल मालदीव नहीं जाने का फैसला किया क्योंकि उनके मंत्रियों की भारत और पीएम मोदी के खिलाफ टिप्पणियाँ भयानक थीं।”

तेलुगू फिल्मों में दशकों से सक्रिय नागार्जुन आगे कहते हैं, “हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ उनके मंत्रियों की टिप्पणियाँ खराब थीं और उन्हें इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी। पीएम मोदी 1.5 अरब लोगों के नेता हैं और दुनिया भर में उनका बहुत सम्मान किया जाता है।”

नागार्जुन अपनी गाँवों पर केंद्रित फिल्म ‘ना सामी रंगा’ की रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं ताकि ‘द घोस्ट’ जैसी कुछ नाकामियों के बाद फिर से बॉक्स ऑफिस पर वापसी कर सकें। ये फिल्म 2019 में आई मलयालम फिल्म ‘पोरिंजू मरियम जोस’ की आधिकारिक तेलुगु रीमेक है। बताते चलें कि एक्टर नागार्जुन पहले नहीं है जिन्होंने ‘बॉयकॉट मालदीव’ कैंपेन का समर्थन किया है। इससे पहले क्रिकेट, बॉलीवुड जगत की हस्तियों सहित ट्रिप ऑपरेट करने वाली भारतीय कंपनियाँ मालदीव को आईना दिखा चुकी है।

फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एंप्लॉयज (FWICE) ने भी एक प्रेस रिलीज जारी करके मालदीव में शूटिंग का विरोध किया तो वहीं MEA ने मालदीव के हाई कमिश्नर इब्राहीम हबीब को तलब किया। मालदीव विवाद में इजरायल भारत के समर्थन में उतरा और लक्षद्वीप में प्रोजेक्ट की शुरुआत का ऐलान किया।

दरअसल पीएम मोदी की लक्षद्वीप की यात्रा को लेकर मालदीव के चीन समर्थक राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू सरकार के तीन मंत्रियों ने आपत्तिजनक बयान दिए थे। इसे लेकर भारतीयों ने खासा एतराज जताया। इन तीनों मंत्रियों को बर्खास्त कर दिया गया, लेकिन से मामला ठंडा नहीं पड़ा।

मोहम्मद मुइज्जू की सरकार निशाने पर आ गई है। मालदीव में संसदीय अल्पसंख्यक नेता अली अजीम ने राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की अपील की। वहीं ताजा घटनाक्रम में मुइज्जू की पार्टी पीपुल्स नेशनल कॉन्ग्रेस मालदीव की राजधानी माले के मेयर का चुनाव हार गई है। मुइज्जू की पार्टी के उम्मीदवार ऐशथ अजीमा शकूर बुरी तरह से हारी हैं। इन चुनावों में भारत समर्थक मालदीवियन डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार आदम अजीम को भारी जीत मिली है।

कॉन्ग्रेस का हाथ छोड़ मिलिंद देवड़ा ने CM शिंदे की मौजूदगी में थामा शिवसेना का भगवा झंडा: सिद्धिविनायक मंदिर में किया दर्शन, बोले- पीएम मोदी का विजन पसंद

पूर्व केंद्रीय मंत्री मिलिंद देवड़ा शिवसेना (शिंदे गुट) में शामिल हो गए हैं। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की मौजूदगी में उन्होंने रविवार (14 जनवरी 2024) को पार्टी की सदस्यता ली। पार्टी में शामिल कराने के बाद एकनाथ शिंदे ने उन्हें भगवा झंडा भी दिया। मिलिंद देवड़ा ने शिवसेना में शामिल होने के बाद अपने आपको भावुक दिन बताया।

उन्होंने कहा, “मैंने कभी सोचा नहीं था कि 55 सालों का कॉन्ग्रेस का साथ छोड़कर मैं शिवसेना में आऊँगा।” मिलिंद देवड़ा ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को जमीनी नेता बताया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के विजन को बहुत बड़ा बताया।

देवड़ा ने कहा कि बीते 10 सालों में मुंबई में एक भी आतंकी हमला नहीं होना, ये बताता है कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश बेहतर काम कर रहा है। उन्होंने घोषणा की है कि अब फिर से मुंबई को आर्थिक राजधानी बनाना है। फाइनेंस के मामले में मुंबई को फिर से आगे ले जाना है।

कॉन्ग्रेस पर गलत लोगों का कब्जा, सच बोलने वालों को छोड़नी पड़ती है पार्टी

मिलिंद देवड़ा के कॉन्ग्रेस से इस्तीफे पर कॉन्ग्रेस के नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा, “कॉन्ग्रेस में कुछ ऐसे लोगों का कब्जा हो गया है, जो न तो सच सुनना चाहते हैं न सनातन और राम की बात सुनना चाहते हैं। जो श्रीराम और सच की बात तथा जमीनी हकीकत को बताने की कोशिश करेगा, उसे कॉन्ग्रेस छोड़नी पड़ रही है… भगवान राम के मंदिर के निमंत्रण को जिस तरह ठुकराने का काम किया गया है, मुझे लगता है कि उनका प्रकोप शुरु हो गया है…।”

सिद्धिविनायक मंदिर में किए दर्शन

शिवसेना ज्वॉइन करने से पहले मिलिंद देवड़ा सिद्धिविनायक मंदिर गए। उन्होंने मंदिर में दर्शन किए और आशीर्वाद लेकर शिवसेना में नई पारी की शुरुआत की। देवड़ा ने एक्स पर लिखा, “मैंने श्री सिद्धिविनायक मंदिर में जाकर श्री गणपति जी के दर्शन किए और बाबा के आशीर्वाद से नई ऊर्जा मिली। गणपति महाराज जी से मुंबई और देश की सेवा के लिए प्रेरणा मिलती है।”

मिलिंद देवड़ा बाला साहेब ठाकरे की समाधि स्थल पर भी गए। उन्होंने एक्स पर आगे लिखा, “आदरणीय श्री बालासाहेब ठाकरे के स्मारक पर जाकर उनका आशीर्वाद लिया। उन्होंने महाराष्ट्र के लिए जो काम किया है, उसे शब्दों में बयान करना मुश्किल है। महाराष्ट्र के प्रत्येक व्यक्ति के मन में उनका स्थान अटल है। आज मैंने इस अवसर पर उन्हें नमन करते हुए हमारे राज्य के प्रत्येक व्यक्ति के लिए काम करने का संकल्प लिया।”

कौन हैं मिलिंद देवड़ा?

मिलिंद देवड़ा मुंबई से कॉन्ग्रेस के नेता रहे हैं। वो दो बार लोकसभा सांसद रहे और यूपीए सरकार के समय केंद्रीय मंत्री भी थे। मिलिंद देवड़ा 14वीं लोकसभा में सबसे कम उम्र के सांसद थे। उनके पिता मुरली देवड़ा कॉन्ग्रेस के बड़े नेताओं में से एक रहे हैं। वो राजीव गाँधी के बहुत करीबी माने जाते थे। मुरली देवड़ा कई बार केंद्रीय मंत्री रहे थे।

प्रधानमंत्री आवास में स्वदेशी प्रजाति की गायों को दुलारते PM मोदी, अपने हाथ से खिलाया चारा: सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीरें

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अपने आधिकारिक आवास पर मकर संक्रान्ति पर गायों को खाना खिलाने की तस्वीरें सामने आई हैं। प्रधानमंत्री इन तस्वीरों में गायों को दुलारते हुए दिख रहे हैं। प्रधानमंत्री ने आज (14 जनवरी, 2024) को पोंगल भी मनाया है।

प्रधानमंत्री की इन तस्वीरों में वह प्रधानमंत्री आवास पर पली गायों को चारा खिलाते हुए दिख रहे हैं। एक तस्वीर में वह गायों से स्नेह जताते हैं। उनके आसपास कई सारी गाय मौजूद हैं। जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री आवास पर मौजूद यह सभी गाय भारतीय प्रजातियों की हैं।

प्रधानमंत्री के आवास पर मौजूद अधिकाँश गाय पुन्गनूर प्रजाति कि बताई जा रही हैं। यह गाय आकार में काफी छोटी होती हैं और देखने में काफी सुन्दर लगती हैं। इन गायों को संरक्षित करने के लिए विशेष प्रयास भी किए जा रहे हैं। पुन्गनूर आंध्र प्रदेश की गायों की एक प्रजाति है।

प्रधानमंत्री इसके अलावा केन्द्रीय मंत्री एल मुरुगन के घर पर पहुँचे। यहाँ उन्होंने तमिल त्यौहार पोंगल भी मनाया और यहाँ मौजूद लोगों को संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने इस दौरान यहाँ बनाए जा रहे प्रसाद में भी हिस्सा लिया और साथ यहाँ आयोजित किए गए सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी शामिल हुए।

प्रधानमंत्री के साथ वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और तेलंगाना की राज्यपाल तमिलसाई सौंदराजन भी मौजूद रहीं। यहाँ प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत तमिल से की। उन्होंने इस दौरान कहा कि पोंगल का त्यौहार एक भारत- श्रेष्ठ भारत को दर्शाता है। उन्होंने यहाँ लोगों की अच्छे जीवन की कामना की।

प्रधानमंत्री ने कहा, “कल ही देश ने लोहड़ी का पर्व धूमधाम से मनाया, कुछ लोग आज उत्तरायण मना रहे हैं, कुछ कल मनाएँगे। माघ बीहू आने वाला है। मैं इन सभी पर्वों को बधाई देता हूँ।” प्रधानमंत्री ने कहा कि इस पूरे पर्व के केंद्र में किसान हैं। उन्होंने कहा कि भारत का हर त्यौहार किसी ना किसी रूप से गाँव, किसानी और फसल से जुड़ा होता है।

प्रधानमंत्री ने इस दौरान एक गीत प्रस्तुत करने वाली एक लड़की को खुश हो कर अपनी शॉल भेंट की। लड़की ने प्रधानमंत्री मोदी के पैर छुए। प्रधानमंत्री इसके अलावा अन्य कलाकारों से भी मिले। गौरतलब है कि पोंगल का त्यौहार तमिल लोगों द्वारा चार दिनों तक मनाया जाता है।

‘हाथ काट दूँगा…’: केरल में सुन्नी स्टूडेंट्स फेडरेशन के नेता ने दी खुलेआम धमकी, FIR दर्ज, मौलवियों की संस्था से जुड़ा है नाम

केरल में इस्लामी संस्था ‘समस्त केरल सुन्नी स्टूडेंट्स फेडरेशन’ (SKSSF) के एक नेता का विवादित बयान सामने आया है। SKSSF के उपाध्यक्ष सतार पंथाल्लुर ने विवादित बयान देते हुए हाथ काटने की धमकी दी है। इसके बाद पुलिस ने शनिवार (13 जनवरी) FIR दर्ज कर ली। समस्त केरल सुन्नी स्टूडेंट्स फेडरेशन दरअसल इस्लामी संगठन ‘समस्त केरल जमीयतुल उलेमा’ का छात्र विंग है।

सतार ने उन लोगों के हाथ काटने की धमकी दी है, जो कि केरल जमीयतुल उलेमा के पदाधिकारियों का अपमान करते हैं। केरल के मलप्पुरम की एक सभा में बोलते हुए सतार ने कहा था, “SKSSF के कार्यकर्ता हर उस आदमी का हाथ काट देंगे जो कि संस्था के नेताओं का अपमान करेगा या उनकी छवि बिगड़ने की कोशिश करेगा। संस्था के कार्यकर्ता उसके लिए जान देने को तैयार हैं।”

सतार पंथाल्लुर ने इस्लाम की वहाबी विचारधारा की आलोचना भी की। उन्होंने कहा, “वहाबी विचारधारा ने ISIS जैसे आतंकियों को मान्यता दी है। केरल में मुस्लिमों को इसका बोझ सहना पड़ता अगर संस्था ने ऐसे लोगों के साथ हाथ मिलाया होता।” बता दें कि केरल जमीयतुल उलेमा केरल में सुन्नी मुस्लिमों का बड़ा संगठन है, जिसका मुस्लिमों में बड़े स्तर पर प्रभाव है।

इस संगठन की विगत कुछ दिनों से केरल की एक और इस्लामी पार्टी इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) से अनबन चल रही है। हालाँकि, संस्था का एक धड़ा IUML का समर्थन भी करता है, लेकिन दूसरा धड़ा कम्युनिस्ट पार्टियों का नजदीकी माना जाता है। IUML केरल की विपक्ष की पार्टी है। इसका कॉन्ग्रेस के साथ गठबंधन है। वहीं, कम्युनिस्ट पार्टी केरल की सत्ता में हैं।

सतार पंथाल्लुर उन लोगों में से माने जाते हैं जो कि संस्था में IUML का प्रभाव नहीं होने देना चाहते। उनका बयान भी IUML के महासचिव PMA सलाम के बयान के विरोध में देखा जा रहा है। सलाम ने कुछ दिन पहले ही संस्था के मुखिया मुहम्मद जिफरी मुत्थाकोया थंगल के विरुद्ध अपमानजनक बयान दिया था।

सतार पंथाल्लुर के हाथ काटने वाले इस बयान पर अब पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। सतार पंथाल्लुर के खिलाफ मलप्पुरम में एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज करवाई है। जिले के पुलिस अधीक्षक का कहना है कि उनका यह बयान दंगा भड़का सकता है।

राम से ऐसे जुड़ा नाता कि स्कॉटलैंड से आगरा चली आईं जूली बेंटले, रामलला के दर्शन का कर रहीं इंतज़ार: मुँहबोले बेटे के गाँव में ढोल बजा कर स्वागत

राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह 22 जनवरी, 2024 को अयोध्या में होने जा रहा है, लेकिन उनके दर्शन के लिए देश के लोग ही नहीं बल्कि विदेशी भी उतने ही उत्साहित है। यूके से उत्तर प्रदेश के आगरा आई 65 साल की महिला जूली बेंटले भी राम भक्तों में से एक है।

वो अपने मुंहबोले बेटे आगरा के 24 साल के भानु प्रताप सिंह के घर आई है। वो यहाँ रामलला के राम मंदिर में विराजने के साल ही उनके दर्शनों की चाह लेकर आई हैं। स्कॉटलैंड की बेंटले गुरुवार (11 जनवरी, 2024) को आगरा दिल्ली हाईवे पर रुनकता में भानु प्रताप के घर पहुँचीं।

भानु के परिवार ने उनका शानदार स्वागत किया। जूली भानु को अपना बेटा मानती हैं। पेशे से इंजीनियर रहीं जूली रामभक्त हैं। भगवान श्रीराम में उनकी आस्था है। वो राम भक्त भगवान हनुमान को भी मानती हैं। उन्हें भारतीय धर्म और हिंदू संस्कृति बहुत पसंद है।

जूली ने कहा, “मैं अपने बेटे से मिलने आगरा (भारत) आया हूँ। सभी ने ढोल बजाकर मेरा स्वागत किया जो मेरे लिए बहुत खुशी की बात है। मैंने भी खुशी-खुशी गाँववालों के साथ ढोल-नगाड़ों पर डांस किया। मैं यहाँ रुनकता में भानु के घर पर छह दिनों तक रहूँगी, धार्मिक स्थलों का दौरा करूँगी और भारतीय संस्कृति के बारे में सीखूंगी।”

बेंटेले का दिल 22 जनवरी, 2024 को श्रीराम के दर्शन करने अयोध्या जाने का था, लेकिन उन्हें वीजा को लेकर कुछ परेशानी पेश आ गई। उनका कहना है कि अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन इस साल ही करने हैं। इसके लिए वो इस साल फिर से भारत आएँगी और रामलला के दर्शन करेंगी। बेंटेले अयोध्या विवाद से वाकिफ हैं। वो कहती हैं, “भगवान राम 500 साल बाद अयोध्या में आ रहे हैं। यहाँ 22 जनवरी के दिन लोग दिवाली मना रहे हैं। मैं जल्द भारत वापस आकर अयोध्या दर्शन के लिए जाऊँगी।”

भानु एक इवेंट मैनेजमेंट कंपनी में एंकर का काम करता है। भानु और जूली की पहली मुलाकात लगभग एक साल पहले राजस्थान के भरतपुर जिले के लक्ष्मी विलास पैलेस में एक शादी समारोह के दौरान हुई थी। उस दौरान जूली बेंटले भरतपुर में केवलादेव घाना पक्षी अभयारण्य देखने आई थीं।

जब जूली को समारोह और समृद्ध भारतीय संस्कृति का पता चला तो वह बेहद प्रभावित हुईं। तभी जूली बेंटले और भानु प्रताप की पहली मुलाकात हुई। समारोह में उन्होंने एक-दूसरे के मोबाइल नंबर लिए और तब से वो संपर्क में हैं।

भानु बताते हैं कि जूली के साथ ऑनलाइन संपर्क में रहने के दौरान उनके बीच माँ-बेटे का रिश्ता बन गया। वो अपने मुँहबोले बेटे भानु से दुख-सुख भी शेयर करती हैं। बताते चलें कि जूली बेंटले की कोई संतान नहीं है जबकि 3 साल पहले उनके पति की भी मौत हो चुकी है।

भानु कहते हैं, “उन्होंने मुझे अपने बेटे के रूप में स्वीकार किया। मैं भी उन्हें अपनी माँ मानता हूँ। वह एक माँ की तरह मेरा ख्याल रखती हैं। अब हम माँ-बेटे हैं।” जूली भी कहती हैं कि भानु प्रताप को वो अपना बेटा मानती हैं।

सलमान, अल्ताफ, रकीब और इरफान ने वनवासी ड्राइवर के गले में पहनाई जूते-चप्पल की माला, वीडियो बनाकर किया वायरल: ‘दलित टाइम्स’ ने नाम छिपाया

मध्य प्रदेश के सिवनी में सलमान, अल्ताफ, रकीब और इरफान ने जनजाति समाज के एक ड्राइवर के साथ बर्बरता की है। उन्होंने ट्रकों की हड़ताल के समय एक जनजाति समाज के ड्राइवर को रोक लिया। उसे चप्पल-जूतों की माला पहनाई, वीडियो बनाया और फिर उस वीडियो को वायरल भी कर दिया। इसके बाद पुलिस ने सभी आरोपितों को पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।

इस वीडियो में आरोपित हँसते-खिलखिलाते और जनजाति समाज के व्यक्ति का मजाक उड़ाते दिख रहे हैं। इस दौरान उसके साथ जातिसूचक गाली-गलौच भी करने की बात आ रही है। बाद में वहाँ से निकलकर ड्राइवर सीधे थाने पहुँचा और FIR दर्ज कराई। मामला सिवनी जिले के बम्होड़ी थाना क्षेत्र के अरी बस स्टैंड का है।

इस शर्मनाक हरकत को अंजाम वाले लोग बेशर्मों की तरह वीडियो में हँसते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने जिन अपराधियों को गिरफ्तार किया है उनमें सलमान की उम्र 24 साल, अल्ताफ की उम्र 40 साल, रकीब की उम्र 55 साल और इरफान की उम्र 28 साल है। ये सभी अरी गाँव के निवासी हैं। इनमें से कुछ के ऊपर पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं।

सिवनी पुलिस के संज्ञान में यह मामला आते ही अरी पुलिस और थाना प्रभारी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इन आरोपियों को धर दबोचा और एसडीएम के सामने पेश कर उन्हें जेल भेज दिया। इस मामले में पुलिस ने अप. क्र. 09/2024, धारा 341, 294, 323, 355, 506, और एससी, एसटी एक्ट जैसी सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज किया है।

इसका वीडियो दलित टाइम्स ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर साझा किया है। हालाँकि, इस एकपक्षीय मीडिया साइट ने आरोपितों का नाम छिपाने की खूब कोशिश की। वीडियो शेयर करते हुए दलित टाइम्स ने लिखा, “मध्यप्रदेश: शिवनी में जातिवादियों ने दलित ट्रक ड्राइवर को पहनाई जूतों की माला, जातिसूचक गालियाँ भी दीं..।”

मालदीव की राजधानी में मोहम्मद मुइज्जू की पार्टी की बड़ी हार, भारत समर्थक MDP की जीत: मंत्रियों ने PM मोदी पर की थी आपत्तिजनक टिप्पणी

मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू को बड़ा झटका लगा है। उनकी पार्टी मालदीव में जमीन खो रही है। मुइज्जू की पार्टी पीपुल्स नेशनल कॉन्ग्रेस मालदीव की राजधानी माले के मेयर का चुनाव हार गई है। वहीं, भारत समर्थक पार्टी ने इस चुनाव को जीत लिया है। यह नतीजा मालदीव में उठी भारत विरोधी भावनाओं के बाद आया है।

मुइज्जू की पार्टी के उम्मीदवार ऐशथ अजीमा शकूर बुरी तरह से हारी हैं। इन चुनावों में भारत समर्थक मालदीवियन डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार आदम अजीम को भारी जीत मिली है। जिस पार्टी को जीत मिली है, उसके मुखिया इब्राहिम मोहम्मद सोलिह हैं। वह साल 2023 तक मालदीव के राष्ट्रपति थे। उन्होंने मालदीव को चीन के चंगुल से निकाल कर भारत से दोस्ती बढ़ाई थी।

आदम अजीम ने मुइज्जू की उम्मीदवार को बड़े अंतर से हराया है। यह चुनाव माले के मेयर की सीट खाली होने के बाद करवाए गए थे। यह सीट मोहम्मद मुइज्जू के राष्ट्रपति बनने से खाली हुई थी। वह नवम्बर 2023 में मालदीव के राष्ट्रपति बने थे। इससे पहले वह माले के मेयर ही थे। वह 2021 में माले के मेयर बने थे। मालदीव में माले शहर का मेयर काफी प्रभावशाली व्यक्ति होता है।

यह चुनाव नतीजे ऐसे समय में आए हैं, जब मुइज्जू की पार्टी के समर्थक और उनकी सरकार में मंत्रियों ने भारत विरोधी भावनाओं को भड़काया है। उनके मंत्रियों ने भारत और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ अपमानजनक भाषा का भी इस्तेमाल किया था। ऐसे में ऐसी पार्टी का जीतना जो भारत का समर्थन करती है, साथ ही मालदीव के मूड को भी बताता है।

दूसरी ओर, मालदीव ने सैनिकों की उपस्थिति को लेकर भारत से बातचीत भी शुरू की है। मुइज्जू ने भारत विरोधी भावनाओं को भड़काकर और भारतीय सैनिकों को बाहर करने के वादे पर सत्ता में आए हैं। मालदीव में लगभग 75 भारतीय सैनिक हैं, जो भारत द्वारा मालदीव को दिए गए दो हेलिकॉप्टर और एक डोर्निएर विमान की देखरेख करते हैं। मालदीव के राष्ट्रपति इन्हें देश से निकालना चाहते हैं।

क्या क्या हुआ मालदीव भारत विवाद में?

हाल ही में मालदीव की मुइज़्ज़ू सरकार में मंत्री मरियम शिनुआ, मालशा शरीफ और अब्दुल्ला मह्जूम समेत सत्ताधारी पार्टी के अन्य सदस्यों ने भारत और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ काफी अपमानजनक टिप्पणियाँ की थीं। मुइज्जू की सरकार में मंत्री मरियम शिनुआ ने प्रधानमंत्री मोदी को इजरायल की कठपुतली कहा था। इनकी यह अभद्रता प्रधानमंत्री मोदी के लक्षद्वीप दौरे की तस्वीरें डालने के बाद सामने आई थी।

भारत के नाराज होने के बाद मालदीव की सरकार ने इन मंत्रियों को निलंबित कर दिया था और साथ ही एक बयान जारी करके कहा था कि मालदीव की सरकार ऐसे बयानों का समर्थन नहीं करती है और यह इन व्यक्तियों के निजी मत हैं। मालदीव के दो पूर्व राष्ट्रपति और मालदीव की राजनीतिक पार्टियों ने भी मुइज्जू सरकार के मंत्रियों की आलोचना की थी।

इनकी अपमानजनक टिप्पणियों के कारण भारत में मालदीव के प्रति उबाल आ गया और लोगों ने मालदीव के इस रवैये की आलोचना की। एक्स (पहले ट्विटर) पर भी इसको लेकर लगातार अभियान चलाया गया। भारत ने प्रधानमंत्री मोदी के प्रति की गई टिप्पणियों को राजनयिक स्तर पर भी मालदीव के साथ उठाया।

प्रधानमंत्री मोदी के ऊपर अपमानजनक टिप्पणियाँ करने के कारण कई बॉलीवुड सितारों और हस्तियों ने मालदीव के रवैये की निंंदा की थी। साथ ही लक्षद्वीप में पर्यटन को बढ़ावा देने वाले ट्वीट किए थे। इन ट्विट्स में उन्होंने कहा था कि वह लोग भी लक्षद्वीप जाएँगे। वहीं ,ऑनलाइन ट्रैवल कम्पनी EaseMyTrip ने भी कहा था कि वह मालदीव की फ्लाइट टिकट बुक करना बंद कर देंगे।

भारत द्वारा मामले को राजनयिक स्तर पर उठाने के बाद मालदीव के हाई कमिश्नर इब्राहीम शहीब को विदेश मंत्रालय ने तलब किया था। मालदीव के हाई कमिश्नर 8 जनवरी 2024 को सुबह नई दिल्ली में भारत के विदेश मंत्रालय पहुँचे। मालदीव एसोसिएशन ऑफ़ टूरिज्म इंडस्ट्री (MATI) ने मालदीव के मंत्रियों के भारत और प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ दिए गए बयानों की आलोचना की थी।

इस संस्था ने एक बयान इस सम्बन्ध में जारी किया था। संस्था ने कहा था, “MATI मालदीव के कुछ उपमंत्रियों द्वारा सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भारत के लोगों के खिलाफ की गई अपमानजनक बातों की आलोचना करती है। भारत मुश्किलों में सबसे पहले हमारी सहायता करने वाला देश रहा है और हम भारत के लोगों और साथ ही इसके सरकार के प्रति आभार जताते हैं।”