Home Blog Page 2106

बिहार में जातीय जनगणना, तत्काल सुनवाई को राजी हुआ सुप्रीम कोर्ट: याचिका में दावा – संविधान के खिलाफ है नीतीश सरकार का फैसला

बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सरकार द्वारा राज्य में कराई जा रही जातिगत जनगणना के फैसले को हाल ही में सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी गई थी। सर्वोच्च न्यायालय इस मामले में तत्काल सुनवाई के लिए सहमत हो गया है। कोर्ट 13 जनवरी 2023 को याचिका पर सुनवाई करेगा। याचिका में दावा किया गया है कि जातिगत जनगणना को लेकर जारी की गई सूचना संविधान के मूल ढाँचे के खिलाफ है। यह भेदभावपूर्ण और असंवैधानिक है।

अधिवक्ता बरुण कुमार सिन्हा ने बिहार सरकार के उप सचिव द्वारा राज्य में जातिगत जनगणना कराने के लिए जारी की गई अधिसूचना को रद्द करने और अधिकारियों को इसे आगे बढ़ने से रोकने की माँग की। इसको लेकर भारत के मुख्य न्यायाधीश डी वाई चंद्रचूड़ की अगुवाई वाली पीठ ने कहा कि वह शुक्रवार (13 जनवरी, 2023) को इस याचिका पर सुनवाई करेगी।

अधिसूचना को रद्द करने की माँग

याचिकाकर्ता अखिलेश कुमार ने नीतीश कुमार सरकार पर आरोप लगाया है कि उनके द्वारा 6 जून, 2022 को जारी की गई जाति आधारित जनगणना संबंधी अधिसूचना अनुच्छेद 14 का उल्लंघन करती है, जिसमें विधि के समक्ष समानता और कानून के समान संरक्षण का प्रावधान है। ऐसे में उन्होंने जनहित याचिका दायर कर इस अधिसूचना को रद्द करने और इस पर हो रही कार्रवाई को तत्काल रोकने की माँग की है।

जाति आधारित भेदभाव करना तर्कहीन और अनुचित

रिपोर्ट्स के मुताबिक, नालंदा निवासी सामाजिक कार्यकर्ता अखिलेश ने अधिवक्ता बरुण कुमार सिन्हा और अभिषेक के माध्यम से सुप्रीम कोर्ट में अपनी याचिका दायर की थी। इसमें उन्होंने दावा किया है कि अगर जाति आधारित सर्वेक्षण का उद्देश्य उत्पीड़न का शिकार जातियों को समायोजित करना है, तो देश और जाति आधारित भेदभाव करना तर्कहीन और अनुचित है। इनमें से कोई भी भेद कानून में दिए किए गए उद्देश्य के अनुरूप नहीं है।

याचिकाकर्ता के अनुसार, बिहार में कुल 200 से अधिक जातियाँ हैं और उन सभी जातियों को सामान्य श्रेणी, ओबीसी, ईबीसी, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के रूप में वर्गीकृत किया गया है।

याचिका के मुताबिक, बिहार राज्य में 113 जातियाँ ओबीसी और ईबीसी के रूप में जानी जाती हैं, आठ जातियाँ उच्च जाति की श्रेणी में शामिल हैं। इसके अलावा लगभग 22 उपजातियाँ हैं, जो अनुसूचित जाति श्रेणी में शामिल हैं और 29 को उप जातियों को अनुसूचित वर्ग में शामिल किया गया हैं।

बिहार सरकार का राजनीतिक स्टंट

गौरतलब है कि जातिगत जनगणना की माँग करने वालों का तर्क है कि ST, SC को उनकी आबादी के आधार पर आरक्षण दिया गया था, लेकिन OBC के मामले में ऐसा नहीं है। उनका कहना है कि कोटा को संशोधित करने की जरूरत है और इसके लिए जाति आधारित जनगणना की जरूरत है। इसके अलावा बिहार सरकार का यह कहना है कि वह इन आँकड़ों का इस्तेमाल जान-उपयोगी नीतियों को बनाने में करेगी। हालाँकि, बिहार सरकार का यह आँकड़ा पूरी तरह राजनीतिक साबित होता है।

बिहार सरकार ने यह भी कहा था कि जातिगत आँकड़ों के अभाव में गैर-एसटी/एसटी से अलग अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) की सही जनसंख्या का पता नहीं चल पा रहा है।

फैंस ने फाड़े एक-दूसरे के पोस्टर्स, एक अति-उत्साह में चलती गाड़ी से कूद कर मर गया: 8 साल बाद टकराए ‘थाला’ और ‘थलापति’, तमिलनाडु में माहौल गर्म

तमिल फिल्मों के सुपरस्टार थलापति विजय (Thalapathy Vijay) की ‘वरिसु’ और अजित कुमार (Ajith Kumar) की फिल्म ‘थुनिवु’ ने बुधवार (11 जनवरी, 2023) एक साथ सिनेमाघरों में दस्तक दी। दोनों की फिल्में 8 साल बाद एक ही दिन पर रिलीज हुई हैं। इसे देखने के लिए बड़ी संख्या में अजीत कुमार और विजय के फैंस सिनेमाघर पहुँचे। इसी बीच दोनों सुपरस्टार के फैंस आपस में भिड़ गए। सोशल मीडिया पर इसका वीडियो भी सामने आया है।

वीडियो में आप देख सकते हैं कि चेन्नई के एक मूवी थिएटर के बाहर अजीत कुमार के प्रशंसकों ने विजय स्टारर फिल्म ‘वरिसु’ (Varisu) के पोस्टर फाड़े और विजय के प्रशंसकों ने अजीत कुमार की फिल्म ‘थुनिवु’ (Thunivu) के पोस्टर फाड़े। बताया जा रहा है कि तमिल के सुपरस्टार्स की फिल्मों में आठ साल बाद यह क्लैश होने के कारण यह सब हुआ है।

इस दौरान कुछ प्रशंसकों के घायल होने की खबर भी है। समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, साउथ अभिनेता अजीत कुमार के एक फैन भरत कुमार चेन्नई के रोहिणी थिएटर के पास पूनमल्ले हाईवे पर अति-उत्साह में चलती लॉरी से कूद गए। भरत कुमार अभिनेता अजीत कुमार की फिल्म का 1 बजे का शो देखने के लिए निकले थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। वहीं, कुछ मीडिया रिपोर्ट में बताया जा रहा है कि उस फैंस की मौत हो गई है।

बताया जा रहा है कि प्रशंसकों के बीच झड़प तब शुरू हुई जब वे अपने पसंदीदा अभिनेताओं की फिल्में देखने के लिए थिएटर के बाहर जमा हुए। इसके बाद दोनों अभिनेताओं के फैंस आपस में भिड़ गए। विजय के फैंस अजित कुमार की फिल्म और अजित के फैंस विजय की फिल्म के पोस्टर फाड़ने लगे। एएनआई द्वारा साझा किए गए वीडियो में, बड़ी संख्या में प्रशंसकों को प्रतिद्वंद्वी अभिनेताओं के पोस्टर फाड़ते और अपने पसंदीदा अभिनेता की फिल्म का पोस्टर लगाने के लिए बोर्ड पर चढ़ते हुए देखा जा सकता है।

एक अन्य वीडियो में, दोनों के प्रशंसक अपने पसंदीदा अभिनेता और उनकी फिल्म की रिलीज पर थिएटर के बाहर पटाखे फोड़ते और जश्न मनाते हुए नजर आए।

‘वारिसु’ और ‘थुनिवु’ के फिल्म के बारे में

साल 2022 में ‘केजीएफ 2’ से लेकर ‘आरआरआर’ जैसी बड़े बजट की साउथ फिल्मों को पैन इंडिया में रिलीज किया गया था। पैन इंडिया का अर्थ है किसी रीजनल भाषा वाली फिल्म को कम से कम 5 भाषाओं डब करके एक साथ सिनेमाघरों में रिलीज करना। इन फिल्मों ने हिंदी बॉक्स ऑफिस पर भी सफलता का परचम लहराया। इसी तरह साल 2023 में भी साउथ स्टार थलापति विजय की फिल्म ‘वारिसु’ सिर्फ तमिल में ही नहीं, बल्कि पैन इंडिया में रिलीज की जाएगी।

इस फिल्म का 7 जनवरी, 2023 को हिंदी में ट्रेलर भी रिलीज किया गया था। फिल्म का धाँसू ट्रेलर लोगों को काफी पसंद आया था। इस फिल्म में विजय के अलावा रश्मिका मंदाना और प्रकाश राज मुख्य भूमिका में हैं।

दूसरी ओर, अजीत कुमार स्टारर ‘थुनिवु’ फिल्म एक्शन-सस्पेंस से भरपूर है। मुख्य अभिनेता इस फिल्म में बैंक में चोरी करने की योजना बनाते हैं। इसके अलावा वह बैंक के जितने भी कर्मचारी हैं, उन सभी को बंधक बना लेते हैं।

धीरे-धीरे हाइवे से खेत में गए हनुमान जी, मंदिर तोड़ने आया बुलडोजर हो गया था खराब: अब 500 जैक से बिना नुकसान शिफ्टिंग

उत्तर प्रदेश के शाहजहाँपुर के तिलहर में एक हनुमान मंदिर को जैक लगाकर नेशनल हाईवे से पास के खेत में शिफ्ट किया जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक नेशनल हाइवे को फोरलेन बनाया जा रहा है। यह मंदिर फोरलेन रोड के बीच में आ रहा था। पहले मंदिर को तोड़ने के असफल प्रयास हुए। उसमें व्यवधान आने पर इसे बिना तोड़े शिफ्ट करने का काम शुरू किया गया है।

यह मंदिर तिलहर थाना इलाके में नेशनल हाईवे 24 पर कछियना खेड़ा नामक स्थान पर स्थित है। तिलहर की एसडीएम राशि कृष्णा ने जानकारी दी है कि 150 साल पुराने 16 फीट ऊँचे हनुमान मंदिर को सड़क से खेतों में ले जाया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक मंदिर को शिफ्ट करने के लिए 500 जैकों की मदद ली जा रही है। प्रदेश में पहली बार जैक की मदद से मंदिर शिफ्ट किया जा रहा है।

नेशनल हाईवे को फोरलेन बनने के बाद यह मंदिर मार्ग के बीच आ गया। पहले तो इसे हटाने को लेकर स्थानीय लोगों और हिंदू संगठनों ने कड़ा विरोध किया। इसके बाद प्रशासन की तरफ से मंदिर को बिना तोड़े खेतों में शिफ्ट करने को लेकर सहमति बनी। इंजीनियरों ने मंदिर को जैक की मदद से शिफ्ट करने का काम शुरू किया जो लगभग पूरा हो चुका है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मंदिर हटाने के प्रयास तीन सालों से किए जा रहे हैं। प्रशासन ने मंदिर तोड़ने के लिए बुलडोजर और दूसरी मशीनें भी मँगवाई थीं। रिपोर्ट्स के अनुसार मंदिर तोड़ने के प्रयास से पहले ही मशीनें खराब हो गईं। मशीनें खराब होने के बाद लोगों ने भी मंदिर तोड़े जाने का विरोध शुरू कर दिया। इसके बाद स्थानीय लोगों, पुजारियों और प्रशासन के बीच मंदिर को बिना नुकसान पहुँचाए पास के खेत में शिफ्ट करने पर सहमति बनी। प्रशासन ने यह जमीन एक स्थानीय व्यक्ति से प्राप्त की है।

जौहर अली खान ने दारू पीकर दिल्ली एयरपोर्ट पर किया पेशाब, लोगों को बकी गालियाँ: ‘मिश्रा-मिश्रा’ की रट लगाने वाला गिरोह चुप

इंदिरा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे (IGI) के गेट पर एक व्यक्ति द्वारा पेशाब करने का मामला सामने आया है। जौहर अली खान (Jauhar Ali Khan) नाम के शख्स ने एयरपोर्ट के गेट नंबर 6 के पास लोगों के सामने यह हरकत की। घटना रविवार (8 जनवरी, 2023) की है। जौहर ने शराब पी रखी थी। पुलिस ने आरोपित को घटना के बाद गिरफ्तार किया था। हालाँकि, वह जमानत पर बाहर आ गया । 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आरोपित को सऊदी अरब के दम्माम एयरपोर्ट जाना था। हालाँकि वह नशे में धुत होकर नई दिल्ली स्थित आईजीआई एयरपोर्ट पहुँचा था। इतने में वह गेट नंबर 6 के पास सबके सामने ही पेशाब करने लगा। लोगों ने जब उसे रोकने की कोशिश की तो वह उनसे झगड़ा करने लगा और गालियाँ बकने लगा। फिर हँगामा होता देख सुरक्षाकर्मी वहाँ पहुँचे और जौहर को काबू में किया। इसके बाद जौहर को गिरफ्तार कर लिया गया।

सुरक्षाकर्मी जौहर को घटना के बाद अस्पताल ले गए और उसका वहाँ मेडिकल टेस्ट करवाया गया। टेस्ट के बाद कंफर्म हो गया कि उसने शराब पी रखी थी। उसके खिलाफ आईपीसी की धारा 294 और 504 के तहत मामला दर्ज किया गया। हालाँकि, दोनों धाराएँ जमानती हैं और इस वजह से वह जमानत पर रिहा हो गया। 39 वर्षीय जौहर बिहार का रहने वाला है।

उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले ही एयर इंडिया की फ्लाइट में पेशाब करने के दो मामले सामने आए थे। पहला मामला अमेरिका के ‘जॉन एफ कैनेडी एयरपोर्ट’ से दिल्ली आ रही उड़ान संख्या एआई-102 का है। 26 नवंबर, 2022 को बिजनेस क्लास में यात्रा कर रहे एक शंकर मिश्रा नामक एक शख्स ने शराब के नशे में धुत होकर करीब 70 वर्षीय एक महिला सहयात्री पर पेशाब कर दिया था। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपित यात्री ने कथित तौर पर महिला सहयात्री को अपने प्राइवेट पार्ट भी दिखाए थे। आरोपित शख्स दिल्ली एयरपोर्ट पर बेधड़क उतरा और चलता बना था। हालाँकि, बाद में आरोपित पर कार्रवाई हुई।

वहीं दूसरी घटना 6 दिसंबर 2022 पेरिस से दिल्ली आने वाली फ्लाइट में घटी। व्यक्ति ने नशे में धुत होकर महिला यात्री के कंबल पर पेशाब कर दिया था। विमान के पायलट के जरिए इंदिरा गाँधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर एयर ट्रैफिक कंट्रोल को इसकी जानकारी दी गई थी। जब फ्लाइट लैंड के बाद आरोपित को पकड़ा गया तो उसके नशे में होने का पता चला। हालाँकि, घटना के वक्त महिला शौचालय गई हुई थी।

ये भी याद हो कि किस तरह शंकर मिश्रा वाले मामले को लेकर पूरे भारत को बदनाम करने की कोशिश की जा रही थी और इसमें विदेशी नहीं बल्कि हमारे ही देश के वामपंथी पत्रकार शामिल थे। जहाँ राजदीप सरदेसाई ने पूछ दिया कि अगर उसके नाम में खान होता तो क्या होता, तो उनकी पत्नी सागरिका घोष ने पूरी हिंदी पट्टी को ‘बीमारू’ करार दिया। सदानंद धुमे जैसों ने तो कह दिया कि भारत के लोगों का व्यवहार ही सही नहीं है फ्लाइट्स में, जबकि कई भारतीय मानवीय कार्यों के लिए भी जाने जाते हैं।

‘जाग रहा हिन्दू समाज, मुस्लिमों को छोड़ना होगा शासक वाला भाव’: RSS प्रमुख भागवत ने कहा- LGBTQ की निजता का हो सम्मान

‘राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS)’ के प्रमुख मोहन भागवत ने कहा है कि हमारे देश में मुस्लिमों को कोई खतरा नहीं है, लेकिन उन्हें ‘हम बड़े हैं’ वाला भाव छोड़ना पड़ेगा। उन्होंने ‘पांचजन्य‘ और ‘द ओर्गेनाइजर’ को दिए साक्षात्कार में कहा कि मुस्लिम भारत में रहना चाहते हैं, रहें। वे अपने पूर्वजों के पास वापस आना चाहते हैं, आएँ। यह उनके मन पर है। उन्होंने स्पष्ट किया कि हिन्दुओं में इस तरह का कोई आग्रह है ही नहीं।

उन्होंने कहा, “भारत में इस्लाम को कोई खतरा नहीं है। लेकिन, ‘हम बड़े’ हैं, हम पहले राजा थे, फिर से राजा बनेंगे’ – यह भाव छोड़ना पड़ेगा। ‘हम सही हैं, बाकी सब गलत हैं’ – इसे छोड़ना पड़ेगा। ‘हम अकेले रहते हैं और आगे भी अकेले रहेंगे’ – इस भाव को छोड़ना पड़ेगा।” सरसंघचालक ने साथ ही कहा कि इस तरह के भाव अगर किसी हिंदू या कम्युनिस्ट में हैं तो उसे भी इस तरह की सोच से मुक्ति पानी होगी।

वहीं बर्मिंघम और लेस्टर में संघी बता कर हिन्दुओं पर हुए इस्लामी हमले और इन हमलों का जवाब देने के लिए रणनीति बनाए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा, “हिंदू समाज जाग रहा है। इस कारण जिनके स्वार्थ की दुकानें बंद हो रही हैं, वे हो-हल्ला कर रहे हैं । वही लोग आक्रमण भी कर रहे हैं। अब हिंदू जाग रहा है तो इन मामलों को भी देख लेगा। इन आक्रमण का विरोध करने के लिए जो आगे आते हैं, उनके पीछे पूरे विश्व का हिन्दू समाज है। ये स्थिति बने रहे, इसपर संघ काम करेगा।”

संघ प्रमुख ने कहा कि परसेप्शन की दिशा में भी काम करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि यह समस्या विश्व की ही नहीं भारत की भी है। उन्होंने कहा कि संघ ने इस दिशा में अपना मीडिया इंटरेक्शन बनाया है और कुछ उपक्रम भी बनाए हैं। इस दिशा में आगे और काम करना है। वहीं वर्ष 2025 में संघ के 100 साल पूरे होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अब समाज और संघ के बीच मधुर संबंध हैं। उन्होंने कहा कि संघ ने ‘संघ कुछ नहीं करेगा और स्वंयसेवक कुछ नहीं छोड़ेगा’ वाक्य के साथ समाज से जुड़ने का काम शुरू किया था।

उन्होंने कहा कि बालासाहब (मधुकर दत्तात्रेय देवरस, RSS के तीसरे सरसंघचालक) के समय यह काम और बढ़ा था। उन्होंने स्वंयसेवकों से कहा कि बॉलीवुड, मीडिया और राजनीति पर ज्यादा ध्यान न दें। सज्जन व्यक्ति के साथ रहें और अपने कर्तव्य का पालन करें। संघ प्रमुख ने साक्षात्कार के दौरान जनसंख्या नियंत्रण पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि जनसंख्या एक बोझ भी है और यह उपयोगी चीज़ भी है। इसके लिए दूरगामी रणनीति बनाने की जरूरत है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि नीति सब पर समान रूप से लागू करना होगा, लेकिन जोर-जबरदस्ती से यह नहीं हो सकता। उन्होंने उपाय सुझाया कि लोगों को शिक्षित करना होगा। साथ ही बताया कि कैसे जहाँ-जहाँ जनसंख्या असंतुलन हुआ है, वह देश टूटा है। उन्होंने कहा कि ऐसा लोगों और सभ्यताओं की आक्रामक प्रवृत्ति की वजह से हुआ है। सरसंघचालक ने ये भी कहा कि हिन्दुओं में आक्रमण करने की प्रवृत्ति नहीं है। इसलिए, लोकतंत्र, अहिंसा आदि बचाए रखना है तो हिन्दुओं को बचा कर रखना होगा।

वहीं उन्होंने LGBTQ समुदाय के बारे में कहा कि उनकी निजता का सम्मान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि वे भी यह महसूस करें कि वह भी हमारे समाज का अभिन्न अंग हैं। भागवत ने ट्रांसजेंडर लोगों के बारे में कहा कि वह समाज के लिए कोई समस्या नहीं हैं। उनका अपना पंथ है। उनके देवी-देवता है और अब तो उनका महामंडलेश्वर भी है।

1 साल तक गाड़ी नहीं चला सकता जुबैर, टू और फोर व्हीलर में बैठने पर भी पाबंदी: स्टंटबाज बदमाश का Video हुआ था वायरल, भोपाल पुलिस ने लिया एक्शन

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के स्टंटबाज बदमाश जुबैर मौलाना पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। नए आदेशों के मुताबिक जुबैर भोपाल में 1 साल तक बाइक या कार नहीं चला पाएगा। 2 व्हीलर और 4 व्हीलर पर उसके पीछे बैठने पर भी पाबन्दी लगा दी गई है। कहीं आने-जाने के लिए जुबैर को बस, रिक्शा या ऑटो का इस्तेमाल करने की हिदायत दी गई है। प्रशासन की यह कार्रवाई जुबैर के जमानत से निकलने के बाद स्टंट वीडियो वायरल होने के बाद की गई है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जुबैर मौलाना दर्जनों केसों में नामजद है। वह भोपाल का नामी बदमाश है जो अपनी गैर कानूनी हरकतों को सोशल मीडिया पर रील बना कर वायरल करता है। लगभग 1 माह पहले वह एक केस में जमानत पर छूट कर जेल से बाहर आया था। जुबैर ने रिहाई का जश्न अपने साथियों के साथ भोपाल की सड़कों पर वाहनों के साथ स्टंट कर मनाया था।

एक वायरल वीडियो में जुबैर जीप के बोनट पर खड़ा होकर स्टंट करते दिखाई पड़ा था। इसके बाद भोपाल पुलिस से उस पर कार्रवाई की माँग की जा रही थी।

इस वायरल वीडियो का संज्ञान मध्य प्रदेश के गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने लिया। उन्होंने भोपाल पुलिस को जुबैर पर कार्रवाई के आदेश दिए। इसके बाद भोपाल पुलिस के कमिश्नर मकरंद देउस्कर ने जुबैर के एक साल तक भोपाल में बाइक या कार से चलने पर प्रतिबंध लगाया है। इस मामले की चार्जशीट ऐशबाग टीआई ने तैयार की है।

साल 2020 में जुबैर मौलाना का एक बार के अंदर लड़कियों के साथ डांस का वीडियो भी वायरल हुआ था।

‘निकाह कर वरना घर से उठा लूँगा’: हिंदू लड़की ने लगाई फाँसी, पीड़ित पिता का दावा- रफीक दे रहा था मुस्लिम बनाने की धमकी

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक मुस्लिम युवक की प्रताड़ना से परेशान हिन्दू लड़की ने आत्महत्या कर ली है। आरोप है कि लड़की पर रफीक निकाह का दबाव डाल रहा था। ऐसा नहीं करने पर घर से उठाने की धमकी देता था। घटना रविवार (8 जनवरी 2023) की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर रफीक को हिरासत में ले लिया है। मृत लड़की के परिजनों ने रफीक के भाइयों पर भी धमकी देने का आरोप लगाया है।

घटना उत्तरी लखनऊ के मड़ियाँव थाना क्षेत्र की है। आत्महत्या करने वाली लड़की के पिता संतराम शर्मा कारपेंटर हैं। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया है कि रफीक उनकी बेटी पर आए दिन निकाह का दबाव बनाया करता था। अपने भाई के नेता होने का धौंस दिखाते हुए लड़की को घर से उठा ले जाने की धमकी देता था।

शिकायत के मुताबिक घर से उठा ले जाने की धमकी और निकाह के दबाव से परेशान हो कर लड़की ने 8 जनवरी को फाँसी लगा कर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने संतराम की तहरीर पर IPC की धारा 306 (आत्महत्या के लिए मजबूर करना) के तहत FIR दर्ज किया है। ऑपइंडिया के पास FIR कॉपी मौजूद है। लखनऊ पुलिस के DCP उत्तरी क्षेत्र के मुताबिक आरोपित को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

मृतका के माता-पिता का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल है। इस वीडियो में लड़की के पिता संतराम ने बताया है कि 2 साल पहले घर के पास स्थित एक कारखाने में उनकी बेटी काम करने जाती थी। इसी कारखाने में रफीक सिद्दीकी भी सिलाई का काम करता था। कुछ दिनों बाद कारखाना बंद हो गया। इसके बाद उनकी बेटी ने कहीं और काम शुरू कर दिया। उन्होंने बताया है कि रफीक उनके घर आकर शादी का दबाव डालता था। लेकिन उन्होंने खुद के हिंदू होने का हवाला दे इससे इनकार कर दिया था।

वीडियो में शर्मा ने बताया है कि रफीक सिद्दीकी उनकी लड़की को मुस्लिम बनाने और बुर्का पहनने के लिए धमकाता था। उसकी धमकी से डरकर लड़की मुँह ढक कर चलने लगी थी। ऑपइंडिया से बात करते हुए मृतका के पिता संतराम ने बताया कि रफीक का भाई गुलज़ार काफी दबंग है। उसने उनकी पत्नी को धमकी देकर बेटी का निकाह अपने भाई से करवाने के लिए कहा था।

कहीं आपके घर में भी तो नहीं देश विरोधियों की घुसपैठ: जम्मू में नौकर/किराएदार बनकर छिपा है खतरा, 3 दिन में मालिकों से माँगी हर डिटेल

वैसे तो यह आदेश जम्मू के लिए है। पर संभव है कि यह खतरा आपके घर में भी घुसपैठ कर चुका हो। दरअसल, जम्मू में किराएदार और नौकर बनकर देश विरोधी तत्वों के छिपे होने का खुलासा हुआ है। इसे देखते हुए प्रशासन ने सभी मकान मालिकों को अपने किराएदारों और नौकरों की जानकारी पुलिस को देने के आदेश जारी किए हैं।

मंगलवार (10 जनवरी 2023) को जारी इस आदेश में मकान मालिकों को 3 दिनों का समय दिया गया है। आदेश में यह भी साफ़ कर दिया गया है कि इसे न मानने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह आदेश जम्मू की जिलाधिकारी IAS अवनी लवासा ने जारी किया है। आदेश के मुताबिक 3 दिनों के भीतर सभी मकान मालिकों को अपने किराएदारों की हर जानकारी दोनों के हस्ताक्षर के साथ नजदीकी पुलिस स्टेशन में जमा करना होगा। यह जानकारी व्यक्तिगत और रजिस्टर्ड डाक दोनों से भेजी जा सकती है। जम्मू के SSP ने बताया कि असामाजिक और देश विरोधी तत्व कई घरों में किराएदार और नौकर के रूप में छिपे हुए हैं, जिसके चलते ये कदम उठाया गया है।

इस आदेश को न मानने वालों पर IPC की धारा 188 के तहत कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि इस कदम के पीछे प्रशासन की मंशा किराएदारों और नौकरों की करतूतों पर मकान मालिकों की जवाबदेही तय करने की है। इस आदेश के दायरे में वो लोग भी आते हैं जो झुग्गियों में रहते हैं। अपने मकान को पेइंग गेस्ट के तौर पर भी प्रयोग करने वाले मालिक भी इस आदेश के दायरे में आते हैं। सभी मकान मालिकों को अपने नौकरों का भी विस्तृत विवरण अपनी दस्तखत के साथ जमा करना होगा।

इस आदेश में सभी थाना प्रभारियों को यह निर्देश दिया गया है कि वो अपने इलाके में मकान मालिकों और किराएदारों के रजिस्टर को मेंटेन करें। इस आदेश की कॉपी प्रदेश के मुख्य सचिव सहित DGP व अन्य सीनियर अधिकारियों को भेजी गई है।

RRR के ‘नाटू नाटू’ को गोल्डन ग्लोब, जिसने दिए डांस स्टेप वे करना चाहते थे सुसाइड: राजामौली ने ‘लाल धोती’ में दुनिया को दिखाई भारतीय संस्कृति

बॉक्स ऑफिस पर झंडे गाड़ने वाली एसएस राजामौली की फिल्म ‘RRR’ ने गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड (Golden Globe Awards) में भी इतिहास रच दिया है। फिल्म के गाने ‘नाटू-नाटू’ को बेस्ट ओरिजिनल सॉन्ग का पुरस्कार मिला है। इस गाने के तेलुगू वर्जन को एमएम कीरावानी (MM Keeravaani) ने कंपोज किया है।

जैसे ही ‘नाटू नाटू’ को अवॉर्ड मिलने की घोषणा हुई राजामौली, रामचरण और जूनियर एनटीआर खुशी से झूम उठे। ‘RRR’ फिल्म की तरफ से ट्वीट कर कहा गया है, “इंडिया…सुबह उठने के लिए यह बेस्ट न्यूज है। नाटू-नाटू सॉन्ग गोल्डन ग्लोब अवार्ड जीतने वाली पहली एशियाई सॉन्ग बन गई है।”

इस ​गाने की शूटिंग यूक्रेन के राष्ट्रपति भवन में हुई थी। इसका डांस स्टेप प्रेम रक्षित ने तैयार किया है। रक्षित ने एक इंटरव्यू में बताया था कि वे कभी घोर आर्थिक तंगी की वजह से सुसाइड करना चाहते थे

कीरावानी ने गोल्डन ग्लोबन अवॉर्ड ग्रहण करते हुए ख़ुशी का इजहार किया। फिल्म के कलाकार एन टी रामाराव जूनियर और रामचरण को गाने में शानदार प्रस्तुति देने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा, “राम चरण और रामा राव को पूरी ताकत के साथ डांस करने के लिए शुक्रिया।” इस गाने ने इस श्रेणी में बड़े-बड़े दिग्गजों को हराकर यह पुरस्कार प्राप्त किया है। ‘नाटू-नाटू’ के साथ टेलर स्विफ्ट और लेडी गागा समेत कई दिग्गजों के गाने को भी पुरस्कार के लिए नॉमिनेट किया गया था।

आपको बता दें कि 80वें गोल्डन ग्लोब पुरस्कार का आयोजन अमेरिका में हो रहा है। यहाँ कैलिफोर्निया के बवर्ली हिल्स स्थित बवर्ली हिल्टन में इस समारोह का आयोजन किया जा रहा है। RRR फिल्म को दो श्रेणियों के लिए नॉमिनेट किया गया था। फिल्म को बेस्ट ओरिजिनल सॉन्ग और नॉन इंग्लिश लैंग्वेज के लिए नॉमिनेट किया गया है। बेस्टओरिजिनल सॉन्ग के लिए फिल्म ने पुरस्कार जीत लिया है।

समारोह में RRR फिल्म के कलाकार रामचरण और रामा राव भी शामिल हुए हैं। गोल्डन ग्लोबल कार्पेट पर लाल धोती में दिखे। उल्लेखनीय है कि फिल्म ‘RRR’ सीताराम राजू और कोमाराम भीम नाम के दो बहादुर क्रांतिकारियों पर आधारित है। फिल्म ने भारत समेत दुनियाभर में शानदार बिजनेस किया था। इससे पहले एसएस राजामौली की फिल्म ‘बाहुबली’ ने भी सफलता के झंडे गाड़े थे। फिल्म को दो भागों में बनाया गया था।

T20 सीरीज फतह के बाद वनडे श्रृंखला की भी शानदार शुरुआत: ODI फॉर्मेट में विराट कोहली के बल्ले ने 45वीं बार उगला सैकड़ा, 67 रनों से हारा श्रीलंका

टीम इंडिया ने श्रीलंका के साथ तीन मैचों की वनडे सीरीज की शुरुआत जीत के साथ की है। गुवाहटी में खेले गए सीरीज के पहले मैच में भारत ने श्रीलंका को 67 रनों से हरा दिया है। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 373 का बड़ा स्कोर खड़ा किया था। जवाब में श्रीलंका की टीम 306 रन ही बना सकी।

इस मैच में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बॉलिंग करने का फैसला लिया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 373 रन बनाए। भारत की तरफ से विराट कोहली ने सर्वाधिक 113 रन बनाए। उनके अलावा कप्तान रोहित शर्मा ने 67 गेंदो पर 83 रनों की पारी खेली। शुभमन गिल ने भी 60 गेंदों का सामना करते हुए शानदार 70 रन बनाए। विराट कोहली को उनकी शानदार पारी के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।

इसके जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत बेहद खराब रही। पावरप्ले में ही श्रीलंका के 2 बल्लेबाज पवेलियन लौट गए। इसके बाद एक छोर पर खड़े निशांका ने 72 रनों की पारी खेली। धनंजय डीसिल्वा ने भी 47 रन बनाए, अंत में दासुन शनाका ने 108 रनों की पारी खेली, लेकिन तब तक मैच श्रीलंका के हाथ से जा चुका था। हालाँकि, उन्होंने श्रीलंका का स्कोर 300 के पार पहुँचा दिया। शनाका एक छोर पर नाबाद रहे और श्रीलंका 67 रनों से मैच हार गई।

374 रनों का पीछा कर रहे श्रीलंकाई बल्लेबाज कुल 306 रन ही बना सके। भारत के लिए उमरान मलिक ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए। इस सीरीज का दूसरा मैच गुरुवार 12 जनवरी, 2023 को कोलकाता के ईडन गार्डंस में खेला जाएगा। याद हो कि हाल ही में विराट कोहली अपनी पत्नी अनुष्का शर्मा और बेटी वामिका के साथ मथुरा पहुँचे थे और वहाँ एक संत के आश्रम में प्रवचन सुन कर उनका आशीर्वाद भी लिया था, जिसके वीडियोज सोशल मीडिया पर सामने आए थे।