Home Blog Page 2215

‘अगर फाँसी मिली तो, जन्नत में मिलेंगी हूर’: आफताब को श्रद्धा की हत्या करने का कोई अफसोस नहीं, पूछताछ में दिया चौंकाने वाला बयान

श्रद्धा वालकर मर्डर केस (Shraddha Walker Murder Case) में आरोपित आफताब अमीन पूनावाला (Aftab Poonawala) का पॉलीग्राफ टेस्ट के बाद पहली बार चौंकाने वाला बयान आया है। दावा किया जा रहा है कि दिल्ली में अपनी लिव-इन पार्टनर श्रद्धा की हत्या करने वाले आफताब ने पुलिस को बताया कि उसे अपने किए पर बिल्कुल भी पछतावा नहीं हो रहा है। अगर उसे फाँसी भी हुई तो भी जन्नत मिलेगी।

दैनिक जागरण की रिपोर्ट के अनुसार ये बात एक पुलिस अधिकारी ने बताई है। रिपोर्ट में अधिकारी के हवाले से लिखा गया, “आफताब ने कहा कि श्रद्धा की हत्या के आरोप में अगर फाँसी भी हो जाए तो उसे इसका अफसोस नहीं होगा, क्योंकि जन्नत में जाने पर उसे हूर मिलेंगी।” उसने पूछताछ के दौरान पुलिस अधिकारी को बताया कि श्रद्धा के शव के 35 टुकड़े करके उसे ठिकाने का लगाने का भी जरा भी पछतावा नहीं है। आरोपित ने पुलिस से स्पष्ट कहा कि उसने श्रद्धा की हत्या कर उसके टुकड़े करने की मुंबई में ही ठान ली थी।

यही नहीं उसने आगे बताया कि श्रद्धा के साथ रिश्ते में होने के दौरान उसके 20 से अधिक हिंदू लड़कियों से संबंध रहे हैं। वह बंबल ऐप पर हिंदू लड़कियों को ढूँढकर अपने जाल में फँसाता था। इससे पहले दिल्ली पुलिस ने खुलासा किया था कि श्रद्धा की हत्या के बाद वह एक मनोविज्ञानी को अपने कमरे पर लाया था, वह भी हिंदू थी। उसने इस लड़की को श्रद्धा की अँगूठी गिफ्ट में देकर उसे अपने जाल में फँसाया था। पुलिस ने वह अँगूठी भी बरामद कर ली है।

पुलिस अधिकारी के मुताबिक, “पॉलीग्राफ टेस्ट में आफताब ने कुछ ऐसे सच बताए हैं, जो बेहद चौंकाने वाले हैं। हमारी टीम नार्को टेस्ट के बाद इन तथ्यों की पुष्टि करना चाहती है। पॉलीग्राफ टेस्ट में उसने जो बताया है, उससे जाँच में हमें काफी मदद मिल रही है। इसके जरिए पुलिस ने उसके घर से 5 चाकू बरामद किए गए थे। हमें उम्मीद है कि जल्द ही इस केस से जुड़े अन्य सबूत भी जुटा लिए जाएँगे।” वहीं, जाँच में यह बात भी सामने आई है कि जिस दिन श्रद्धा की हत्या हुई, उसी दिन आफताब ने उससे झगड़ा किया था और गाँजा भी पिया था।

नार्को टेस्ट

बता दें कि श्रद्धा हत्याकांड की बिखरी कड़ियों को जोड़ने में जुटी पुलिस को आफताब ने पॉलीग्राफ टेस्ट में भी काफी गुमराह करने की कोशिश की। उसने तीन बार हुए पॉलीग्राफ टेस्ट में कई सवालों के जवाब तो दिए, लेकिन कुछ को उसने आधा-अधूरा छोड़ दिया। बताया जा रहा है कि 5 दिसंबर 2022 को आफताब का नार्को टेस्ट हो सकता है। इस टेस्ट के लिए पुलिस अभी से अपने सवालों को तैयार कर रही है।

आफताब को ले जाती पुलिस वैन पर तलवार से हमला

गौरतलब है कि आफताब को सोमवार (28 नवंबर, 2022) को पॉलीग्राफ टेस्ट के लिए फोरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) लाया गया था। इस टेस्ट के बाद जब पुलिस उसे वैन में बैठाकर तिहाड़ जेल ले जा रही थी, तब वहाँ मौजूद लोगों ने पत्थरबाजी करते हुए तलवार से हमला किया। इस हमले का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में पुलिस वैन के पास खड़े लोग पहले तो तलवार लहराते हुए दिख रहे हैं, इसके बाद वैन पर तलवार से हमला भी कर रहे हैं।

‘Apple ने ट्विटर को दी ऐप स्टोर से हटाने की धमकी, विज्ञापन देना भी बंद कर दिया’: एलन मस्क ने पूछा- क्या फ्री स्पीच से नफरत है

ट्विटर के सीईओ एलन मस्क (Elon Musk) ने आरोप लगाया है कि एप्पल (Apple) ने बिना कारण बताए ट्विटर (Twitter) को अपने ऐप स्टोर से हटाने की धमकी दी है। दुनिया के सबसे अमीर शख्स ने सिलसिलेवार कई ट्वीट करके चौंकने वाले दावे किए हैं। उन्होंने कहा कि आईफोन निर्माता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विज्ञापन देना भी बंद कर दिया है।

अक्टूबर 2022 में 44 बिलियन डॉलर करीब (362461220000 रुपए) में ट्विटर को खरीदने वाले मस्क ने एक ट्वीट में कहा, “Apple ने ज्यादातर ट्विटर पर विज्ञापन देना बंद कर दिया है। क्या वे अमेरिका में बोलने की आजादी से नफरत करते हैं?” उन्होंने कहा, “फ्री स्पीच सप्रेसन पर ट्विटर फाइलें जल्द ही ट्विटर पर ही प्रकाशित होंगी। जनता जानना चाहती है कि वास्तव में क्या हुआ था।”

इसके बाद में उन्होंने एक अन्य ट्वीट में Apple के मुख्य कार्यकारी अधिकारी टिम कुक के ट्विटर अकाउंट को टैग करते हुए पूछा, “यहाँ क्या हो रहा है?” हालाँकि, Apple की ओर से कोई जवाब नहीं दिया गया।

ट्विटर और टेस्ला के मालिक ने कहा कि कंटेंट मॉडरेशन की डिमांड पर एप्पल ट्विटर पर दबाव डाल रहा था। Apple द्वारा की गई कार्रवाई आसामान्य नहीं है, क्योंकि बार-बार अन्य कंपनियों पर भी नियम थोपने की कोशिश की जा रही है। इसके तहत उसने गैब और पार्लर जैसे ऐप्स को हटा दिया है। पार्लर ऐप को Apple ने 2021 में अपनी सामग्री और कंटेंट मॉडरेशन को अपडेट करने के बाद बहाल किया गया था। उन्होंने फिर एक और ट्वीट किया, “Apple ने और किसे सेंसर किया है?”

मस्क ने एक ट्वीट में एप्पल ऐप स्टोर से दूसरे ऐप को डाउनलोड करने पर ली जाने वाली फीस को लेकर भी आलोचना की है। मस्क ने लिखा है कि क्या आप जानते हैं एप्पल अपने ऐप स्टोर के माध्यम से खरीदी जाने वाली हर चीज पर सीक्रेट रूप से 30 फीसदी टैक्स लगाता है।

गौरतलब है कि 27 अक्टूबर 2022 को ट्विटर को खरीदने के तुरंत बाद एलन मस्क ने कंपनी के CEO पराग अग्रवाल, CFO नेड सेगल और लीगल अफेयर-पॉलिसी हेड विजया गाड्डे को टर्मिनेट कर दिया था। इसके बाद उन्होंने कई और कर्मचारियों को भी कंपनी से बाहर का रास्ता दिखाया।

‘हाथ मा झाड़ू लीलू लीलू, AAP-मुस्लिम इलू-इलू’ : गुजरात में ‘मुस्लिम फाइटर्स क्लब’ ने दिया केजरीवाल को समर्थन, नमाज के बाद गूँजे अल्लाह-हू-अकबर के नारे

अहमदाबाद के जुहापुरा स्थित ‘मुस्लिम फाइटर्स क्लब’ ने गुजरात विधानसभा चुनाव (Gujarat Assembly Election) से एक सप्ताह पहले रविवार (27 नवंबर, 2022) को एक मीटिंग की। इस मीटिंग में करीब 3,000 मुस्लिम परिवारों ने अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा की कसम खाई। इस्लामिक आयतें पढ़ने वाले एक मौलाना की मौजूदगी में ‘नारा-ए-तकबीर-अल्लाहु अकबर’ के नारों के बीच ‘मुस्लिम फाइटर्स क्लब’ ने अरविंद केजरीवाल को अपना समर्थन दिया।

‘मुस्लिम फाइटर्स क्लब’ ने इस बैठक में केजरीवाल के पक्ष में नारे भी लगाए। इसमें से एक नारा, “हाथ मा झाड़ू लीलू लीलू, आप-मुस्लिम इलू-इलू” था। इस नारे में, हाथ में झाड़ू आम आदमी पार्टी के चुनाव चिन्ह के लिए उपयोग किया गया था। वहीं, आप और मुसलमानों के लिए इलू-इलू का मतलब ‘आई लव यू’ था। दरअसल, इलू का उपयोग ‘आई लव यू’ के लिए किया जाता है। वहीं, दूसरा नारा ‘वोट फॉर मैगी’ था। इस नारे में मैगी का मतलब मनीष सिसोदिया (म), अरविंद केजरीवाल (अ), गोपाल इटालिया (ग) और इसुदन गढ़वी (ई) है।

इस मीटिंग में इकट्ठा हुए मुस्लिम समुदाय ने कॉन्ग्रेस पर मुसलमानों का फायदा उठाने का आरोप लगाया। ‘मुस्लिम फाइटर्स क्लब’ चलाने वाले इमरानभाई ने कहा, “मुस्लिम समुदाय हमेशा नफरत का शिकार रहा है और सिर्फ केजरीवाल ही मुसलमानों के सच्चे हितैषी हैं। मैंने दिल्ली में अपने मुस्लिम भाइयों से बात की है और उन्होंने कहा है कि उनकी स्थिति में सुधार हुआ है। अरविंद केजरीवाल दुनिया के हर हिस्से के मुसलमानों का ख्याल रखते हैं।” उन्होंने यह भी कहा है केजरीवाल मुस्लिम शरणार्थियों का भी ख्याल रखते हैं। हालाँकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि मुस्लिम शरणार्थियों से उनका क्या आशय था।

गौरतलब है कि जनवरी 2020 में यह खबर सामने आई थी कि आम आदमी पार्टी के अमानतुल्लाह खान और अरविंद केजरीवाल की दिल्ली सरकार व्यवस्थित रूप से दिल्ली में अवैध रोहिंग्या मुसलमानों को बसा रही थी। इसके अलावा, रोहिंग्या उत्तर प्रदेश सरकार के सिंचाई विभाग की करीब 5.2 एकड़ जमीन पर भी बसे हुए हैं। इस जमीन का खसरा नंबर 612 है। इस जमीन पर रोहिंग्या और बांग्लादेशी मुस्लिम अवैध रूप से रह रहे हैं।

ऑपइंडिया ने एक रिपोर्ट में बताया था कि ओखला के गरीबों ने अमानतुल्लाह खान के निर्वाचन क्षेत्र में राशन वितरण में धार्मिक भेदभाव का आरोप लगाया था। स्थानीय लोगों का कहना था कि वह हिन्दू हैं और उन्होंने आम आदमी पार्टी को वोट नहीं दिया इसलिए उन्हें राशन नहीं दिया जा रहा।

इमरानभाई ने आगे कहा, “आज हम घोषणा करते हैं कि हमारे पास केवल एक नेता है, अरविंद केजरीवाल। वही हमें आगे ले जा सकते हैं। आज ‘मुस्लिम फाइटर्स क्लब’ में 3,000 परिवार हैं, कल 30,000 और फिर 3,00,000 होंगे। लेकिन हम घोषणा कर रहे हैं कि हम आखिरी साँस तक आम आदमी पार्टी को वोट देंगे।”

इस मीटिंग में 2002 की रेप पीड़िता बिलकिस बानो भी मौजूद थीं। बिलकिस ने कहा कि केजरीवाल एक शिक्षित नेता हैं और उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में अच्छा काम किया है। इसलिए, मुसलमानों को AAP को वोट देना चाहिए।

आप उम्मीदवार भोलूभाई पटेल के चचेरे भाई पराग पटेल भी इस मीटिंग के दौरान मौजूद थे। उन्होंने कहा, “मुस्लिम समुदाय को समर्थन देने के लिए धन्यवाद दिया। हम हिंदू-मुस्लिम भाई-भाई हैं और हमें हमेशा एक-दूसरे की जरूरत रहेगी।” इस मीटिंग के बाद, मंच पर मौजूद मौलाना ने इस्लामिक नमाज पढ़ी और अल्लाहु अकबर के नारे लगाए।

क्या है मुस्लिम फाइटर्स क्लब…

मुस्लिम फाइटर्स क्लब के इमरानभाई का दावा है कि यह लगभग 3,000 परिवारों का एक समूह है जो मुसलमानों के अधिकारों के लिए लड़ता है और शादियों और ऐसी अन्य स्थितियों में एक दूसरे की मदद करता है। क्लब लंबे समय से आम आदमी पार्टी का समर्थक रहा है लेकिन चुनाव से पहले वे खुलकर आप के समर्थन में आ गए हैं। उन्होंने दावा किया कि उनके क्लब के सदस्यों का गुजरात के 7-8 निर्वाचन क्षेत्रों पर प्रभाव है। उन्होंने गुजरात के सभी मुसलमानों से आप को वोट देने की अपील की है।

8 दिसंबर तक चुप रहो, वरना जेल में ही होगी हत्या… ‘सत्येंद्र जैन और मनीष सिसोदिया परिवार को दे रहे धमकियाँ’: महाठग के नए ‘लेटर बम’ से बढ़ी AAP की मुश्किलें

दिल्ली की जेल में बंद महाठग सुकेश चंद्रशेखर (Sukesh Chandrasekhar) का एक और पत्र चर्चा का विषय बन गया है। पत्र के मुताबिक, सुकेश ने एक बार फिर आप (AAP) नेता मनीष सिसोदिया (Manish Sisodia) और सत्येंद्र जैन (Satyendra Jain) पर आरोप लगाया है। इस चिट्ठी में दावा किया गया है कि उसके परिवार को मनीष सिसोदिया से जुड़े नंबर से धमकी मिली है।

उसने दिल्ली के उप-राज्यपाल विनय कुमार सक्सेना को चिट्ठी लिखी है। सुकेश ने दावा किया है कि मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन के मोबाइल नंबरों से उसके परिवार पर दबाव बनाया जा रहा है। इसके अलावा धमकी दी जा रही है।

चिट्ठी में कहा गया है कि इन लोगों ने अवैध तरीके से जेल रिकॉर्ड से उसके परिवार के नंबर निकाल लिए हैं। बकौल सुकेश, “जेल प्रशासन इनके कंट्रोल में आता है, इसलिए पॉवर का इस्तेमाल गलत तरीके से किया जा रहा है। ये मेरी और मेरे परिवार की सुरक्षा में एक बड़ी चूक है। सवाल तो ये उठता है कि जेल के अंदर सत्येंद्र जैन कैसे फोन इस्तेमाल कर रहे हैं। या फिर उनके इशारों पर कौन उनका फोन इस्तेमाल कर रहा है?” साथ ही उसने कहा कि उसे यह समझ नहीं आ रहा है कि मनीष सिसोदिया उससे क्यों जल्दबाजी में संपर्क करना चाहते हैं। उसका सवाल है कि वह लगातार अपने आधिकारिक नंबरों से क्यों कॉल कर रहे हैं।

सुकेश चंद्रशेखर ने दावा किया कि मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन के मोबाइल नंबरों से उसके परिवार पर दबाव बनाया जा रहा है। सुकेश चंद्रशेखर ने LG से शिकायत करते हुए कहा है कि उसे धमकियाँ मिल रही हैं कि अगर समझौता कर शिकायत वापस नहीं ली गई तो जेल में उसके जीवन को नरक बना दिया जाएगा।

सुकेश ने लिखा है कि 15 नवंबर, 2022 को LG द्वारा गठित कमेटी ने जेल का दौरा किया। उसके बाद 16 और 17 नवंबर, 2022 को उसके परिवार को एक अनजान नंबर से धमकी मिली। फोन पर JK उर्फ जय किशन नाम का शख्स था। चंद्रशेखर का दावा है कि वो जय किशन से सत्येंद्र जैन के साथ मिला था और वो यूएई में रहता है।

चिट्ठी में लगाए गए आरोपों के मुताबिक, जय किशन ने चंद्रशेखर के परिवार से कहा कि वो सत्येंद्र जैन के खिलाफ ना जाए, सहयोग करें। लिखा गया है कि ‘जैन साहब’ समझौते के लिए तैयार हैं, उसका डबल पैसा लौटा दिया जाएगा – बस 8 दिसंबर 2022 तक चुप रहें, नहीं तो जेल में टॉर्चर कर हत्या कर दी जाएगी। उल्लेखनीय है कि सुकेश इससे पहले भी अपने वकील के माध्यम से एलजी को पत्र लिखकर आप नेताओं पर सनसनीखेज आरोप लगाता रहा है।

एक सप्ताह से हैक पड़ा है AIIMS का सर्वर, क्रिप्टोकरेंसी में ₹200 करोड़ माँग रहे हैकर्स: मैन्युअली हो रहा सारा काम, 4 करोड़ मरीजों का डेटा भगवान भरोसे

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (दिल्ली एम्स) का सर्वर बुधवार (23 नवंबर, 2022) को हैक किया गया था। अब हैकर्स ने दिल्ली एम्स प्रबंधन से क्रिप्टोकरेंसी के रूप में 200 करोड़ रुपए की माँग की है। यह माँग सामने आने के बाद जाँच एजेंसियाँ अलर्ट मोड पर हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दिल्ली एम्स (Delhi AIIMS) का सर्वर हैक होने के बाद 3-4 करोड़ मरीजों का डेटा प्रभावित हो सकता है। सर्वर हैक होने के बाद से मरीजों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। यहाँ पूरा काम मैन्युअल तरीके से हो रहा है। भारतीय कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पांस टीम (ICERT), दिल्ली पुलिस और गृह मंत्रालय की टीम एम्स के सर्वर में हुए रैंसमवेयर अटैक की जाँच कर रहे हैं। बता दें कि इस मामले में दिल्ली पुलिस की इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशंस (आईएफएसओ) यूनिट ने शुक्रवार (25 नवंबर, 2022) को जबरन वसूली और साइबर आतंकवाद का मामला दर्ज किया है।

अधिकारियों का कहना है कि मामले की जाँच कर रही जाँच एजेंसियों के कहने पर अस्पतालों से जुड़े सभी कंप्यूटर पर इंटरनेट बंद कर दिया गया है। एम्स के सर्वर में कई वीआईपी मरीजों के डेटा भी मौजूद हैं। इसमें पूर्व प्रधानमंत्री, मंत्री, समेत कई बड़े अधिकारी भी शामिल हैं।

एम्स के सर्वर को हैकर्स की पहुँच से बाहर करने में जुटे राष्ट्रीय इन्फॉर्मेशन सेंटर (एनआईसी) के एक्सपर्ट्स ने फिलहाल ई-हॉस्पिटल डेटाबेस और एप्लिकेशन सर्वर को सफलतापूर्वक ठीक कर लिया है। ई-हॉस्पिटल सर्विसेज को फिर से शुरू करने के चार सर्वर बनाए गए थे। इन सर्वरों को स्कैन करके डेटाबेस और एप्लिकेशन के लिए तैयार किया गया है। एनआईसी की टीम एम्स के अन्य हॉस्पिटल सर्वर को भी ठीक करने में जुटी है। इसके लिए, सभी सर्वर स्कैन किए जा रहे हैं। ये सर्वर एम्स हॉस्पिटल में सेवाओं की बहाली के लिए बेहद आवश्यक हैं।

दिल्ली एम्स के सर्वर को ठीक करने में जुटे अधिकारियों का कहना है कि एम्स के नेटवर्क से वायरस को हटाने का काम चल रहा है। सर्वर और कंप्यूटर के लिए एंटी-वायरस इंस्टॉल किए गए हैं। यह एंटी-वायरस कुल 5000 कम्प्यूटर में से करीब 1200 कंप्यूटर पर इंस्टॉल किया जा चुका है।

बताया गया है कि नेटवर्क को ठीक करने का काम 5 और दिनों तक जारी रहने की संभावना है। इसके बाद, ई-अस्पताल सेवाओं को चरणबद्ध तरीके से शुरू किया जा सकता है। आपातकालीन, बाह्य रोगी, भर्ती रोगी, प्रयोगशाला जैसी सेवाओं सहित रोगी देखभाल सेवाओं का काम हाथ से किया जा रहा है।

रॉड-बोतल से प्रताड़ित किया, 80 थप्पड़ जड़े… असम में खौफनाक रैगिंग से प्रताड़ित होकर दूसरी मंजिल से कूदा छात्र, CM सरमा सख्त

रैगिंग की घटनाओं को लेकर शैक्षिक एजेंसियों ने काफी सख्त रूप अपनाया हुआ है। इसके बावजूद इस तरह की घटनाएँ सामने आ ही जाती हैं। ताजा मामला असम के डिब्रूगढ़ विश्विद्यालय (DU) का है। यहाँ एक छात्र को सीनियर छात्रों ने रैगिंग के नाम पर इतना परेशान किया कि उसने इमारत की दूसरी मंजिल से छलाँग लगा दी। छात्र की हालत नाज़ुक बनी हुई है।

हालाँकि, डिब्रूगढ़ विश्वविद्यालय ने मामले में बड़ी कार्रवाई की है। विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार कार्यालय ने जूनियर छात्रों की रैगिंग में कथित संलिप्तता के लिए आरोपी 21 छात्रों को निष्कासित कर दिया है। वहीं, पुलिस ने चार आरोपित छात्रों को हिरासत में लिया है और इनमें एक मुख्य आरोपित निरंजन ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया गया है।

रैगिंग की यह घटना रविवार (27 नवंबर, 2022) को हुई। घायल छात्र की पहचान आनंद सरमा के रूप में की गई है। विश्वविद्यालय के एम कॉम प्रथम सेमेस्टर के छात्र सरमा ने रैगिंग से बचने के लिए छात्रावास की दूसरी मंजिल से छलाँग लगा दी थी। विश्वविद्यालय के छात्रावास के कुछ छात्रों ने आनंद सरमा को कथित रूप से शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया था। प्रताड़ित किए जाने के डर से घबराकर आनंद ने रैगिंग से बचने के लिए छात्रावास की इमारत से छलांग लगा दी।

वहीं छात्र के घरवालों ने हॉस्‍टल के सीनियर्स पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका आरोप है क‍ि छात्र पिछले एक सप्ताह से रैगिंग का शिकार हो रहा था। शनिवार (27 नवंबर, 2022) की रात को भी उसके सीनियर्स ने रॉड और बोतलों से प्रताड़ित क‍िया। इसके अलावा उसे 80 बार थप्पड़ मारे थे। बावजूद इसके हॉस्टल वॉर्डन ने कार्रवाई नहीं की।

वहीं घटना पर प्रतिक्रिया जारी करते हुए असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने रविवार (27 नवंबर, 2022) को कहा कि कथित रैगिंग मामले के आरोपितों को पकड़ने की कोशिश की जा रही है। असम के मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि कड़ी निगरानी रखी जा रही है और जिला प्रशासन के साथ मिलकर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने छात्रों से ‘रैगिंग को ना’ कहने का भी आग्रह किया।

सीएम सरमा ने ट्वीट किया, “जिला प्रशासन के साथ करीबी निगरानी रखी जा रही है। आरोपितों को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं, और पीड़ित को चिकित्सा देखभाल प्रदान की जा रही है। छात्रों से अपील, रैगिंग को ना कहें।”

परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले में आईपीसी की धारा 120बी/341/395/307/143 के तहत एफआईआर दर्ज की है। शहर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि रैगिंग, लूट और हत्या के प्रयास में एक आरोपी निरंजन ठाकुर की गिरफ्तारी हुई है जबकि तीन अन्य को हिरासत में लिया गया है।

’70 टुकड़ों में काटने आए थे’: आफताब को ले जा रही पुलिस वैन पर तलवार से हमला, पॉलीग्राफी टेस्ट के बाद ले जाया जा रहा था तिहाड़

श्रद्धा मर्डर केस के आरोपित आफताब पर हमले की खबर सामने आई है। उस पर यह हमला एफएसएल लैब के बाहर किया गया है। हमलावरों ने पहले आफताब को ले जा रही वैन पर पहले पत्थरबाजी की, इसके बाद तलवार से भी हमला किया गया है। जवाबी कार्यवाही में पुलिस द्वारा फायरिंग करने की भी बात कही जा रही है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आफताब अमीन पूनावाला को सोमवार (28 नवंबर, 2022) को पॉलीग्राफ टेस्ट के लिए फोरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) लाया गया था। इस टेस्ट के बाद जब पुलिस उसे वैन में बैठाकर तिहाड़ जेल ले जा रही थी, तब वहाँ मौजूद लोगों ने पत्थरबाजी करते हुए तलवार से हमला किया है।

इस हमले का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में पुलिस वैन के पास खड़े लोग पहले तो तलवार लहराते हुए दिख रहे हैं, इसके बाद वैन पर तलवार से हमला भी कर रहे हैं। इनमें से एक व्यक्ति वैन के पिछले हिस्से के गेट को खोलकर उसमें घुसने की कोशिश करता है। तभी, एक अन्य हमलावर भी वैन के पिछले गेट में पहुँच जाता है। लेकिन, तभी वैन के अंदर से एक पुलिसकर्मी दिखाई देता है। पुलिसकर्मी को देखकर वह हमलावर रुक जाता है।

इसके बाद, अन्य पुलिसकर्मी बंदूक दिखाते हुए हमलावरों को पीछे हटने के कहता दिखाई देता है। हालाँकि, हमलावर पीछे हटने को तैयार नहीं दिखाई देते हैं। तब, उक्त पुलिसकर्मी हवाई फायर करने के बंदूक आसमान की ओर करता है। कहा जा रहा है कि पुलिसकर्मी ने हवाई फायर भी किए हैं। पुलिस वैन आफताब को लेकर जब आगे बढ़ रही होती है तब हमलावर वैन का पीछा करते हुए देखे जा सकते हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने मौके से एक कार बरामद की है। कहा जा रहा है कि आफताब पर हमला करने आए लोग इसी मारुती वैन में बैठ कर आए थे। इन लोगों ने आफताब की वैन को देखते ही हमला करना शुरू कर दिया था। पुलिस को कार में हथौड़े, विकेट, तलवार जैसे हथियार भी मिले हैं। फिलहाल इस मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को हिरासत में लिया है। इन दोनों से पूछताछ की जा रही है।

दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के अनुसार, आफताब पर हमला करने आए हमलावरों में से एक का कहना है कि वे लोग 15 लोग हैं, सभी गुरुग्राम से आए थे और सुबह 11 बजे से ही फोरेंसिक साइंस लैब (FSL) के बाहर बैठे हुए थे। हमलावर ने यह भी कहा, “हमारी बहन बेटी को जिसने 35 टुकड़ों में काटा, हम उस आफताब को 70 टुकड़ों में काटने आए थे।”

खलील की दुकान पर मोबाइल रिचार्ज कराने जाती थी हिन्दू महिला, आयशा नाम रख कर पढ़वाया नमाज और कुरान: यौन शोषण किया, महिला डॉक्टर जमीला भी घेरे में

कर्नाटक के मंगलुरु से जबरन धर्मांतरण (Religious Conversion) का मामला सामने आया है। यहाँ एक महिला डॉक्टर सहित तीन लोगों के खिलाफ हिंदू महिला का जबरन धर्म-परिवर्तन कराने की कोशिश करने के आरोप में रविवार (27 नवंबर, 2022) को एफआईआर दर्ज की गई।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पीड़िता शिवानी (22) की माँ की शिकायत के आधार पर खलील, डॉ जमीला और ऐमन के खिलाफ आईपीसी और कर्नाटक धार्मिक स्वतंत्रता अधिकार संरक्षण अध्यादेश, 2022 की धारा तीन और पाँच के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पीड़िता की माँ ने तीनों आरोपितों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से सख्त से सख्त कार्रवाई करने की माँग की है। शिवानी की माँ की शिकायत के अनुसार, पीड़िता एक फैंसी स्टोर में काम करती थी।

वह खलील की एक दुकान पर अपना मोबाइल फोन रिचार्ज करवाने जाती थी। 2021 में खलील ने उससे दोस्ती की और उसे बढ़िया वेतन के साथ एक अच्छी नौकरी दिलवाने का वादा किया।

यही नहीं वह शिवानी को अपने एक रिश्तेदार के घर ले गया, जहाँ उसका नाम बदलकर आयशा रख दिया गया। इसके बाद उस पर नमाज अदा करने के लिए दबाव बनाया और कुरान पढ़ने के लिए भी मजबूर किया गया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि खलील ने उसका यौन शोषण भी किया था। बाद में वह उसे नई नौकरी दिलाने के बहाने दूसरी जगह ले गया। शिकायतकर्ता के मुताबिक, आरोपित उसकी बेटी को नौकरी के सिलसिले में डॉक्टर जमीला के घर पर लेकर गया, जहाँ उसे बुर्का पहनने के लिए मजबूर किया गया।

बताया जा रहा है कि ऐमन नाम के एक व्यक्ति ने उससे इंस्टाग्राम पर संपर्क किया और उसे अपने साथ संबंध बनाने के लिए मजबूर किया। ​पीड़िता की माँ ने तीनों आरोपितों के खिलाफ उसकी बेटी का जबरन धर्मांतरण करने का आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई है। वहीं पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शिकायत के आधार पर तीन आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जाँच की जा रही है।

निकाह में नहीं चलेगा नृत्य-संगीत, पटाखे उड़ाने पर भी प्रतिबंध: झारखंड में मौलवियों का फतवा – नागिन डांस पर भी लगेगा जुर्माना

झारखंड के धनबाद जिले में मौलवियों ने निकाह को लेकर एक तालिबानी फरमान जारी किया है। यहाँ के एक प्रखंड में मौलवी ने डांस, म्यूजिक और आतिशबाजी को गैर-इस्लामी प्रथा करार दिया है। मौलवी का कहना है कि निकाह के दौरान अब डांस, म्यूजिक और आतिशबाजी नहीं होगी। इसके साथ ही नियम का उल्लंघन करने वालों को जुर्माना लगाने की चेतावनी भी दी है।

मौलवी ने कहा कि जो लोग इसका उल्लंघन करेंगे, उनकी पहचान कर जुर्माना लगाया जाएगा। एक रिपोर्ट के मुताबिक, ये मामला झारखंड के धनबाद जिले के निरसा प्रखंड का है। यहाँ स्थित सिबिलीबाड़ी जामा मस्जिद के प्रमुख इमाम मौलाना मसूद अख्तर ने यह फरमान जारी किया है।

उन्होंने सोमवार (28 नवंबर, 2022) को कहा “हमने सर्वसम्मति से फैसला किया कि निकाह इस्लाम मजहब के अनुसार संपन्न होगा। इसमें कोई डांस, डीजे संगीत और आतिशबाजी का प्रदर्शन नहीं होगा। इतना ही नहीं, आदेश का उल्लंघन करने वालों पर 5100 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा।” उन्होंने यह भी बताया कि ये पाबंदियाँ 2 दिसंबर 2022 से लागू होंगी।”

मौलाना ने कहा कि शादी रात 11 बजे से पहले करनी होगी, क्योंकि उसके बाद का समय शुभ नहीं माना जाता है। उन्होंने कहा कि अगर कोई रात 11 बजे के बाद निकाह करने की कोशिश करता है तो उस पर भी जुर्माना लगाया जाएगा। मौलाना का फरमान यहीं नहीं रुका। उन्होंने कहा कि इस फरमान का जो कोई भी उल्लंघन करेगा, उसे लिखित रूप से माफी भी माँगनी होगी। मौलवी ने साथ ही लोगों से अपील कर कहा कि इस नए नियम के बारे में अपने रिश्तेदारों और परिचितों को भी सूचित कर दें।

इस संबंध में निर्णय रविवार (27 नवंबर, 2022) को एक बैठक में लिया गया था। बैठक की अध्यक्षता करने वाले इमाम ने कहा कि इस्लाम में इस तरह की प्रथाओं की अनुमति नहीं है और इससे लोगों को भी परेशानी होती है।

1 ओवर में 7 छक्के जड़ कर ऋतुराज गायकवाड़ ने तोड़ डाले सारे रिकॉर्ड, ‘नरेंद्र मोदी स्टेडियम’ में गरजा मराठी बल्ला, 220 रनों की पारी में 16 बार गेंद को कराई हवाई यात्रा

महाराष्ट्र के कप्तान ऋतुराज गायकवाड (Ruturaj Gaikwad) ने सोमवार (28 नवंबर, 2022) को एक ओवर में सात छक्के जड़कर विश्व रिकॉर्ड बना दिया। ऋतुराज ने ‘नरेंद्र मोदी स्टेडियम’ में विजय हजारे ट्रॉफी (Vijay Hazare Trophy 2022) के क्वार्टर फाइनल में उत्तर प्रदेश के खिलाफ एकदिवसीय क्रिकेट मैच के दौरान 49वें ओवर में यह शानदार रिकॉर्ड बनाया। दरअसल, महाराष्ट्र की पारी के 49वें ओवर के लिए उत्तर प्रदेश के कप्तान करण शर्मा ने बाएँ हाथ के स्पिनर शिवा सिंह को बॉल डालने को कहा।

गेंदबाज शिवा सिंह के ओवर में एक नो बॉल भी पड़ी थी, जिस पर ऋतुराज ने छक्का जड़ा। इस तरह यह सात गेंद का ओवर हो गया। गायकवाड़ की पारी की मदद से महाराष्ट्र ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट पर 330 रन बनाए।

इससे पहले 2007 में टी-20 वर्ल्ड कप में युवराज सिंह ने इंग्लैंड के स्टुअर्ट ब्रॉड के एक ओवर में 6 छक्के उड़ाए थे, जबकि उनसे पहले भारत के पूर्व कोच रवि शास्त्री ने डोमेस्टिक क्रिकेट में यह कारनामा किया था। इनके बाद अब एक और भारतीय क्रिकेटर गायकवाड ने एक ओवर में 7 छक्के लगाते हुए इतिहास रच दिया।

सोशल मीडिया पर भी उनका सात छक्के लगाने वाला वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मैच में टॉस जीतकर उत्तर प्रदेश ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। महाराष्ट्र की शुरुआत अच्छी नहीं रही। उसे राहुल त्रिपाठी के रूप में पहला झटका लगा, जबकि इसके बाद बछाव को कार्तिक त्यागी ने चलता किया। ऐसे में उत्तर प्रदेश की टीम ने बवाने और काजी के विकेट भी जल्दी गिरा दिए, लेकिन ऋतुराज गायकवाड़ ने अंतिम ओवर में ताबड़तोड़ छक्कों की बरसात की।

बता दें कि लिस्ट ए क्रिकेट मैच की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकार्ड अभी तक भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा के नाम पर दर्ज था, लेकिन अपनी नाबाद 220 रन की पारी में 16 छक्के लगाकर रुतुराज गायकवाड ने रोहित शर्मा की बराबरी कर ली। लिस्ट ए क्रिकेट की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में ऋतुराज गायकवाड अब हिटमैन के साथ पहले नंबर पर आ गए हैं।