Home Blog Page 2389

छात्र-छात्राओं को तिलक लगाए देख कर भड़का शिक्षक मोहम्मद कासिफ, बंद करवाया मंदिर: पुजारी का दर्द – 50 सालों में पहली बार 3 दिन बंद रहा मंदिर

उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर के एक इंटर कॉलेज का एक मुस्लिम शिक्षक चंदन-टीका लगाने वाले छात्र और छात्राओं पर भड़क उठा। इस शिक्षक ने टीका लगाकर आने वाले छात्र-छात्राओं को न सिर्फ फटकार लगाई, बल्कि मंदिर को बंद करवा दिया। मंदिर के पुजारी ने बताया कि 50 वर्षों में पहली बार 3 दिनों तक मंदिर बंद रहा है।

आज तक’ की रिपोर्ट के अनुसार, पुजारी ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि पिछले गुरुवार (8 सितंबर, 2022) को स्कूल के प्रिंसिपल धर्मजीत सिंह किसी कारण अनुपस्थित थे। उनकी अनुपस्थिति में एक अन्य शिक्षक मोहम्मद कासिफ स्कूल के इंचार्ज था। वो निरीक्षण करते हुए मंदिर की ओर आया और उसने एक छात्रा के चंदन लगाने पर घोर आपत्ति जताई। यह मामला मिर्जापुर जिले के लालगंज में बापू उपरौध इंटर कालेज का बताया जा रहा है।

मंदिर के पुजारी रामजी मिश्रा के मुताबिक, मोहम्मद कासिफ ने उन्हें इस दौरान धमकाया भी था। पुजारी ने इस घटना की जानकारी स्थानीय लोगों को दी। इसके बाद विश्व हिंदू परिषद को भी इसकी खबर लग गई और संगठन ने घटनास्थल पर पहुँच कर विरोध किया। शिक्षक पर यह भी आरोप है कि वो हिंदुओं से नफरत करता है।

‘दैनिक भास्कर’ की रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि छात्र और छात्राएँ नित्य ही इसी प्रकार चंदन का टीका लगाकर क्लास में जाते थे। पुजारी को मंदिर बंद करने को लेकर धमकाते हुए मोहम्मद कासिफ ने उनसे कहा, “जिस दिन मैं कॉलेज का प्रभारी रहता हूँ, उस दिन मंदिर का गेट बंद रखा कीजिए। शाम 4 बजे के बाद ही गेट खोला करिए।” इसके बाद मंदिर को बंद किया गया।

घटना के 3 दिन बीत जाने के बाद जब प्रधानाचार्य डॉ धर्मजीत सिंह सोमवार (12 सितंबर, 2022) को इंटर्न कॉलेज पहुँचे तो उन्होंने मंदिर को पहली बार बंद पाया। जब पुजारी से इसके बारे में उन्होंने बात की तो पुजारी ने सारी सच्चाई उन्हें बताई। इस बीच बुधवार (14 सितंबर, 2022) को विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी और कुछ कार्यकर्ता भी मंदिर पहुँच गए। उन्होंने शिक्षक पर कार्रवाई की माँग भी की।

विहिप कार्यकर्ताओं के मुताबिक, मुस्लिम शिक्षक मोहम्मद कासिफ ने उनसे भी अभद्रता की। विहिप के अलावा स्थानीय लोगों का भी यही आरोप है कि अब तक इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई। इस मामले में प्रधानाचार्य डॉ धर्मजीत सिंह ने कहा, “मैं उस दिन मौजूद नहीं था। मामले की जाँच करा कर दोषी अध्यापक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।”

इन सब आरोपों के बीच आरोपी मुस्लिम टीचर का भी बयान सामने आया है। मोहम्मद कासिफ ने इस मामले में पुजारी की बातों को झूठा बताया है। कासिफ़ ने कहा, “मैं 2005 से इस विद्यालय में पढ़ा रहा हूँ। मैंने कभी पुजारी को ऐसा करने से नहीं रोका। मैंने उस दिन छात्रों से बस क्लास में जाने के लिए कहा था, जिसका पुजारी ने गलत अर्थ निकाला है।”

नवरात्रि में ‘सेक्स तंत्र कैंप’, ₹15000 में पूरी ट्रेनिंग: विवादित विज्ञापन देख पुणे में लोग भड़के, केस दर्ज होने के बाद प्रोग्राम रद्द

महाराष्ट्र के पुणे में नवरात्रि के दौरान ‘सेक्स तंत्र’ कैंप के आयोजन को लेकर बवाल मचा हुआ था। जिसके बाद इस आयोजन को रद्द कर दिया गया है। साथ ही पुणे पुलिस ने उस शख्स के खिलाफ FIR दर्ज की है जिस पर सोशल मीडिया पर ‘सेक्स तंत्र’ के आयोजन को लेकर विवादित विज्ञापन शेयर करने का आरोप है।

ऑपइंडिया के पास उपलब्ध विवादित विज्ञापन में लिखा था कि नवरात्रि में स्पेशल ‘सेक्स तंत्र’ कैंप का आयोजन किया जा रहा है। इस कैंप में 3 दिन और 2 रात का ‘सेक्स तंत्र’ कोर्स कराया जाएगा जो ‘सत्यम शिवम सुंदरम फाउंडेशन’ की ओर से पुणे में हो रहा है।

विज्ञापन के अनुसार, ‘सत्यम शिवम सुंदरम फाउंडेशन’ ने इस कैंप में युवाओं की सेक्स ट्रेनिंग के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन भी शुरू किया था। जिसमें, रेसिडेंशियल कैंप के लिए 15,000 रुपए फीस निर्धारित की गई थी। यह आयोजन 1-3 अक्टूबर के बीच आयोजित होना था। इस स्पेशल कैंप में अलग-अलग सेक्स टेक्निक्स की ट्रेनिंग दी जानी थी। यह विज्ञापन सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा था।

रिपोर्ट्स के अनुसार, इस विज्ञापन के सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद और पुणे में मचे बवाल के बीच पुणे पुलिस की सोशल यूनिट ने इस मामले की जाँच की थी। जाँच के दौरान, सामने आया कि प्रयागराज निवासी रवि सिंह ने ‘सेक्स तंत्र’ का पोस्टर सोशल मीडिया पर शेयर किया था।

इसके बाद, पुलिस ने आरोपित रवि सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस की पूछताछ में आरोपित रवि सिंह ने इस विज्ञापन को सोशल मीडिया में शेयर करने की बात स्वीकार कर ली है। आरोपित ने कहा है कि उसने सत्यम शिवम सुंदरम फाउंडेशन की ओर से इसे शेयर किया था। यह फाउंडेशन उत्तर प्रदेश में रजिस्टर्ड है। फिलहाल, आरोपित रवि सिंह के खिलाफ आईपीसी की धारा 292 और आईटी एक्ट के सेक्शन 67 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुणे पुलिस के सामाजिक सुरक्षा प्रकोष्ठ के सीनियर इंस्पेक्टर विजय कुंभार ने कहा है, “इस बारे में जानकारी मिलने के बाद, पुलिस ने इसके आयोजकों से संपर्क किया था। जहाँ, पता चला कि आयोजक उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। जब आयोजक को बताया गया कि वे इस तरह के कैंप का आयोजन नहीं कर सकते, तो आयोजकों ने कहा कि वह इसे रद्द कर देंगे।”

लड़की निकला पति, शादी के 8 साल बाद हुआ खुलासा तो पत्नी ने दर्ज कराई FIR: अप्राकृतिक सेक्स का भी आरोप

गुजरात के वडोदरा से अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहाँ की रहने वाली एक 40 वर्षीय महिला ने अपने पति के खिलाफ थाने में धोखाधड़ी के मामले में शिकायत दर्ज करवाई है। महिला ने बताया की उसका पति शादी से पहले एक महिला था और उसे इस बात का पता शादी के 8 सालों के बाद लगा है।

बताया जा रहा है कि शहर के गोत्री पुलिस थाने में इस महिला ने अपने पति के खिलाफ FIR भी दर्ज कराई है। महिला का नाम शीतल बताया जा रहा है और उसके पति का नाम विजय वर्धन है। महिला ने उसके पति पर चीटिंग के साथ-साथ अप्राकृतिक सेक्स का भी आरोप लगाया। शिकायतकर्ता की माने तो उसका पति विजय वर्धन पहले महिला था और उसका नाम विजयता था।

पीड़ित महिला ने पुलिस को जानकारी दी कि तकरीबन नौ साल पहले एक मेट्रोमोनियल वेबसाइट के माध्यम से विजय वर्धन नामक व्यक्ति से उसकी मुलाकात हुई। शीतल की पहले भी एक शादी हो चुकी थी और उसके पहले पति की एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। उस वक्त उसकी एक 14 वर्षीय बेटी भी थी।

ऑनलाइन संपर्क में आने के बाद शीतल और विजय वर्धन ने एक दूसरे को कुछ समय तक डेट किया और फिर साल 2014 में शादी कर ली। शीतल ने बताया कि शादी के बाद दोनों कश्मीर हनीमून मनाने भी गए थे। इसके साथ-साथ शीतल ने यह भी दावा किया कि उसके पति ने उसके साथ कभी शारीरिक संबंध नहीं बनाया।

शीतल के अनुसार, वह जब भी उसके करीब जाने की कोशिश करती तो वो उससे दूर भागता और रोज नए-नए बहाने भी बनाता। जब शीतल ने दबाव बनाया तो उसने नया बहाना बनाया कि कुछ साल पहले जब वह रूस में रहता था तो उसका एक्सिडेंट हुआ था और उस एक्सिडेंट के बाद वह शारीरिक संबंध बनाने की क्षमता खो चुका है।

इस दौरान पीड़िता को इस बात के लिए उसके पति ने मना लिया कि एक मामूली सर्जरी के बाद वह पूरी तरह ठीक हो जाएगा। एक रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपित ने एक दिन खुद ही पत्नी को बता दिया कि वो पहले एक लड़की था और उसने सेक्स चेंज ऑपरेशन करवाया था। इसके साथ-साथ उसने शीतल को ये बात छिपाए रखने के लिए धमकी भी दी थी। आरोपित दिल्ली में रहता है। वरोदडा पुलिस ने उसे समन किया है।

‘तेजस्वी यादव ने अधिकारियों को धमकी दी, रद्द हो जमानत’: IRCTC घोटाले के आरोपित बिहार के उप-मुख्यमंत्री के खिलाफ CBI पहुँची कोर्ट

IRCTC घोटाले को लेकर केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) के अधिकारियों को धमकाने के मामले में बिहार के उप-मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। इस मामले में CBI ने तेजस्वी की जमानत को रद्द करने की माँग करते हुए शनिवार (17 सितंबर 2022) को दिल्ली की एक विशेष अदालत में अर्जी दायर की है। 

CBI द्वारा दायर अर्जी पर दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट विशेष कोर्ट की जज गीतांजलि गोयल ने तेजस्वी यादव को नोटिस जारी कर जवाब माँगा है। सीबीआई ने अदालत मे दी गई अर्जी में कहा है कि तेजस्वी यादव ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सीबीआई के अधिकारियों को धमकी दी थी। इसलिए उन्हें दी गई जमानत को निरस्त की जाए।

बता दें कि इस घोटाले में लालू यादव, राबरी देवी और तेजस्वी यादव सहित कई लोग आरोपित हैं। वहीं, इस घोटाले में अदालत ने अगस्त 2018 में तेजस्वी यादव और उनकी माँ तथा बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को जमानत दी थी।

उधर, प्रवर्तन निदेशालय (Enforcement Directorate – ED) ने भी इस मामले में चार्टशीट दाखिल की थी। इस चार्टशीट में तेजस्वी यादव सहित अन्य लोगों पर धन शोधन (Money Laundering) का आरोप लगाया गया है।

यह घोटाला IRTC होटल के रख-रखाव के अनुबंध से संबंधित है। इस मामले में सीबीआई ने 12 लोगों और दो कंपनियों को आरोपित बनाया है। साल 2006 में राँची और ओडिशा के पुरी में IRCTC के दो होटलों के ठेके एक निजी फर्म को दिए गए थे। इस ठेके को देने में कई तरह की अनियमिताएँ की गई थीं।

ठेका देने के बदले में फर्म के संचालक से बिहार की राजधानी पटना के एक प्रमुख स्थान पर तीन एकड़ का भूखंड रिश्वत के रूप में लिया गया था। जिस समय इस घोटाले को अंजाम दिया गया था, उस समय केंद्र में रेल मंत्री तेजस्वी के पिता लालू प्रसाद यादव थे।

बता दें कि रेलवे में भर्ती से एक अन्य घोटाले में CBI ने 24 अगस्त 2022 को पटना में लालू यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के पाँच नेताओं के घर छापेमारी की थी। नौकरी के बदले जमीन के इस घोटाले में राजद नेता अशफाक करीम, सुनील सिंह, सुबोध राय और फैयाज अहमद के आवास पर रेड मारी गई थी।

इससे पहले CBI ने 27 जुलाई 2022 को लालू प्रसाद यादव के पूर्व OSD भोला यादव को गिरफ्तार किया था। यह गिरफ्तारी रेलवे में नौकरी के बदले जमीन घोटाले को लेकर हुई थी। भोला यादव इस मामले में आरोपित था। वह 2004 से 2009 तक लालू यादव के ओएसडी रहे। लालू यादव उस वक्त केंद्रीय रेल मंत्री थे। उसी समय रेलवे भर्ती घोटाला हुआ था। आरोप है कि भोला यादव ही घोटाले का कथित सरगना है। भोला राजद से विधायक और विधान पार्षद भी रह चुका है।

झारखंड में गर्भवती दलित महिला को ट्रैक्टर से रौंद कर मार डाला, ‘महिंद्रा’ के रिकवरी एजेंटों पर आरोप: पिता हैं दिव्यांग किसान

विपक्ष लगातार आरोप लगा रहा है कि झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार अपराध रोकने में नाकाम रही है। बीते कुछ महीनों में राज्य के दलितों और जनजातीय समाज के साथ हो रहे अपराधों में बढ़ोतरी की बात भी कही जा रही है। अब हजारीबाग जिले में दलित गर्भवती महिला को ट्रैक्टर से रौंद कर हत्या करने का मामला सामने आया है। आरोपित फाइनेंस कंपनी ‘महिंद्रा फाइनेंस’ के कर्मचारी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने 4 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

रिपोर्ट्स के अनुसार, हजारीबाग के सिजुआ गाँव के निवासी दिव्यांग किसान मिथिलेश प्रसाद मेहता ने साल 2018 में ‘महिंद्रा फाइनेंस’ से ट्रैक्टर फाइनेंस कराया था। इस ट्रैक्टर का लोन करीब 1 लाख 20 हजार रुपए बचा था। इसी बकाया लोन को वसूलने के लिए ‘महिंद्रा फाइनेंस’ के कर्मचारी मृतक के पिता के पास आए थे। परिजनों के अनुसार, बकाया राशि का भुगतान कर दिया गया था। लेकिन, फाइनेंस कंपनी के लोग अतिरिक्त 12 हजार रुपए की माँग कर रहे थे।

इसी के चलते गुरुवार (15 सितंबर, 2022) को कर्मचारी एक बार फिर आए और दोपहर करीब 11:30 बजे गुपचुप तरीके से ट्रैक्टर ले जाने लगे। लगभग 11:30 बजे ट्रैक्टर को जबरदस्ती ले जाने लगे। इस बात की जानकारी मिलते ही मिथिलेश मेहता ने अपनी बेटी मोनिका कुमारी को साथ लिया और मोटरसाइकिल पर बैठा कर उनका पीछा किया।

इसके बाद इचाक थाना क्षेत्र के बरियठ गाँव के पास उन्हें फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी ट्रैक्टर ले जाते दिखाई दिए। वहाँ उन्होंने, ट्रैक्टर छोड़ने के लिए कहा और उसके सामने खड़े हो गए। चूँकि मोनिका ग्रेजुएट थीं, इसलिए उन्होंने फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी से उनकी आईडी माँगी। इस दौरान फाइनेंस कंपनी के मैनेजर ने बैगनआर कार संख्या ‘जेएच 02 बीडी 5605’ कार से उतर कर ड्राइवर से ट्रैक्टर आगे बढ़ाने का इशारा किया। इसी बीच ट्रेक्टर का पहिया युवती के कमर पर चढ़ गया, जिससे मोनिका घायल हो गईं।

मोनिका मेहता के घायल होने के बाद उसे आनन-फानन में हजारीबाग के हॉस्पिटल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उसे राँची के रिम्स हॉस्पिटल के लिए रेफर कर दिया। रिम्स ले जाते समय ही घायल दलित युवती मोनिका ने दम तोड़ दिया। मोनिका 3 महीने की गर्भवती थी।

दलित गर्भवती युवती की हत्या के इस मामले में एसपी मनोज रतन चौथे का कहना है कि महिंद्रा फाइनेंस के रोशन सिंह समेत चार कर्मचारियों पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है। सभी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि लगातार इस बात की सूचना मिल रही है कि फाइनेंस कंपनियों के एजेंट पैसे की वसूली के लिए अवैध और जोर-जबरदस्ती करते हैं। एसपी का कहना है कि फाइनेंस कंपनियों को स्पष्ट हिदायत दी गई है कि वे नियमानुसार अपनी कार्रवाई करें, क्योंकि नियम के खिलाफ जाकर कार्रवाई करने पर उन्हें अंजाम भुगतना होगा।

‘मासूम छात्रों को भड़का कर यूनिवर्सिटी का माहौल बिगाड़ा’ : जामिया में बैन हुई दंगा आरोपित सफूरा जरगर की एंट्री, M.Phil का एडमिशन पहले ही कैंसिल

दिल्ली में हुए हिंदू विरोधी दंगों की आरोपित व साजिशकर्ता सफूरा जरगर को जामिया मिलिया इस्लामिया ने एंट्री देने से मना कर दिया गया। इससे पहले जरगर का जामिया में एम फिल में एडमिशन कैंसिल किया गया था।

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, जरगर द्वारा किए गए प्रदर्शन और मार्च के कारण उन्हें यूनिवर्सिटी ने बैन किया है। आदेश में कहा गया,

“यह पाया गया है कि सफूरा जरगर कैंपस में अप्रासंगिक और आपत्तिजक मुद्दों पर बाहरी लोगों के साथ मिलकर शैक्षणिक संस्थान के शांतिपूर्ण माहौल को बिगाड़ने के लिए प्रदर्शन, आंदोलन और मार्च कर रही हैं। वह मासूम छात्रों को भड़का रही हैं, कुछ अन्य छात्रों के साथ मिलकर पॉलिटिकल एजेंडे के लिए यूनिवर्सिटी प्लेटफॉर्म का प्रयोग कर रही हैं, संस्थान के कामकाज में बाधा उत्पन्न कर रही हैं। इसलिए, इन सबके मद्देनजर संबंधित अधिकारी, कैंपस में शांतिपूर्ण माहौल बनाने के लिए तुरंत प्रभाव से पूर्व छात्रा सफूरा जरगर को कैंपस से बैन किया जाता है।”

इस नोटिस में ये सफूरा के बारे में लिखा है कि वो सीएए-एनआरसी के विरोध में दिल्ली में जो दंगे हुए उसकी आरोपित हैं। उनके ऊपर UAPA लगा हुआ है। कोर्ट ने उन्हें मानवीय आधार पर बेल दी थी। यूनिवर्सिटी ने उनका नाम एम फिल प्रोग्राम से कैंसिल कर दिया था।

बता दें कि सफूरा के एडमिशन कैंसिल की बात बीते दिनों सामने आई थी। जिसे लेकर प्रदर्शन भी हुए। ये प्रदर्शन जामिया के छात्रों ने प्रदर्शन किए थे और नारों में ‘RSS की कब्र खुदेगी, जामिया की धरती पर’ और ‘ABVP की कब्र खुदेगी, जामिया की धरती पर’ जैसे भड़काऊ नारे भी लगाए गए थे। ये सब तब किया गया था जब थीसिस जमा न करने के कारण उनके एडमिशन कैंसिल हुआ।

सफूरा ने इस मुद्दे को सोशल मीडिया पर खींचा। दावा किया कि उनसे शिक्षा का अधिकार छीना जा रहा है। उन्होंने शिक्षकों पर धोखेबाजी और बेईमानी का आरोप लगाया था। साथ ही अपने समर्थन में कार्यकर्ताओं से जामिया को पत्र भी लिखवाया था।

बंगाल में बच्चे भी नहीं सुरक्षित, स्कूल में पढ़ाई के दौरान ही हुआ बम ब्लास्ट: धमाके से उड़ गई छत, पढ़ते हैं 1300 छात्र-छात्राएँ

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (CM Mamata Banerjee) के नेतृत्व वाली तृणमूल कॉन्ग्रेस के शासनकाल (TMC Government) में पश्चिम बंगाल में बमबाजी आम बात हो गई है। उत्तर 24 परगना जिले के टीटागढ़ के एक स्कूल में कक्षा के दौरान बम विस्फोट हो गया। इससे पूरे स्कूल दहशत फैल गई है।

घटना शनिवार (17 सितंबर 2022) की सुबह करीब 11 बजे साउथ स्टेशन पर स्थित फ्री इंडिया हाईस्कूल की है। जिस समय स्कूल में विस्फोट हुआ, उस समय स्कूल में सेकेंड पीरियड चल रहा था। विस्फोट में स्कूल की छत का एक हिस्सा उड़ गया। इसके बाद स्कूल में भगदड़ मच गई।

जैसे ही विस्फोट हुआ स्कूल के शिक्षक छत की ओर भागे। उन्होंने देखा कि हर तरफ बम के टुकड़े फैले हुए हैं। इस घटना के बाद छात्र और अभिभावक दहशत में हैं। हालाँकि, घनी आबादी में स्थित होने के बावजूद गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

स्कूल के शिक्षक खालिद तैयब ने बताया, “धमाका बहुत जोरदार था। उस वक्त हम स्टाफ रूम में बैठे थे। पहले तो हमें लगा कि बाहर कोई बम मारा है। इसके बाद बाहर निकल कर देखा तो स्कूल से धुँआ निकल रहा है। उसके बाद हम छत पर आए तो देखा कि चारों ओर बम के छींटे बिखरे हुए थे। अगर टिफिन के दौरान विस्फोट होता तो बड़ा हादसा हो सकता था।”

स्कूल में बम कैसे विस्फोट हुआ, इसको लेकर सवाल उठ रहे हैं। अभी तक ये पता नहीं चल रहा है कि किसी ने बाहर से स्कूल पर बम फेंका था या यहाँ पर बम रखा गया था। इस एंगल पर भी जाँच हो रही है कि कहीं स्कूल में तो बम बनाने का काम तो नहीं हो रहा था।

बता दें कि स्कूल में करीब 1300 छात्र-छात्राएँ और शिक्षक हैं। विस्फोट के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। टीटागढ़ पुलिस स्टेशन और डीसी सेंट्रल की पुलिस टीम मौके पर मौजूद है। पुलिस स्कूल के शिक्षकों से बातचीत कर रही हैं और मामले की छानबीन कर रही है।

टीटागढ़ नगरपालिका के उपाध्यक्ष जलील अख्तर ने कहा, “स्कूल में जाकर देखा तो सीढ़ियों पर बम फटा हुआ था। ऐसा लग रहा है कि बम को पास की इमारत से फेंका गया था।” बता दें कि टीटागढ़ में इससे पहले भी इस तरह की घटनाएँ हो चुकी है, लेकिन किसी स्कूल में बम विस्फोट की यह पहली घटना है।

AAP विधायक अमानतुल्लाह खान का बिजनेस पार्टनर हामिद अली भी गिरफ्तार, उसके घर से भी मिले थे हथियार और कैश: कागजात की चल रही जाँच

आम आदमी पार्टी (AAP) की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रहीं हैं। एक ओर जहाँ शराब घोटाले में दिल्ली के उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया पर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है। वहीं, दूसरी ओर दिल्ली वक्फ बोर्ड में नियुक्ति को लेकर हुई अनियमितताओं के चलते शुक्रवार (16 सितंबर) की रात AAP विधायक अमानतुल्लाह खान को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद, अब शनिवार (17 सितंबर) की सुबह अमानतुल्लाह खान के बिजनेस पार्टनर हामिद अली की भी गिरफ्तारी हुई है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित हामिद अली AAP विधायक अमानतुल्लाह खान का बिजनेस पार्टनर है। उसे साउथ ईस्ट दिल्ली पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार किया है। इससे पहले, शुक्रवार (16 सितंबर) को एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने अमानतुल्लाह खान के घर समेत कई ठिकानों पर छापेमारी की थी। इसमें हामिद अली का घर भी शामिल था।

इस छापेमारी के दौरान हामिद अली के घर से बिना लाइसेंस की एक पिस्टल कुछ कारतूस और 12 लाख रुपए नकद बरामद हुए थे। छापेमारी में मिले अवैध हथियार रखने के मामले में दिल्ली पुलिस ने आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत हामिल अली को गिरफ्तार किया है।

इस छापेमारी के बाद, एसीबी चीफ मधुर वर्मा ने कहा था, “पहली बिना लाइसेंस वाली पिस्तौल खान के दोस्त हामिद अली के घर से बरामद की गई थी। अली विधायक के लिए बैगमैन का काम करता है और उसके पैसे को संभालता है। हमने दूसरी पिस्टल कुशर इमाम सिद्दीकी उर्फ ​​लड्डन के पास से बरामद की है। हमने उनके घरों से ₹24 लाख नकद (₹12 लाख प्रत्येक के पास से) बरामद किए हैं। इसके अलावा हमने संपत्ति के कागजात और विधायक से संबंधित व्यावसायिक लेनदेन का विवरण बरामद किया है। हम दस्तावेजों की जाँच कर रहे हैं।”

बता दें, इससे पहले पुलिस ने शुक्रवार रात को ही अमानतुल्लाह खान को गिरफ्तार किया था। अमानतुल्लाह पर ‘वक्फ बोर्ड’ के बैंक खातों में वित्तीय गड़बड़ी, वक्फ बोर्ड की संपत्तियों में किराएदारी का निर्माण, वाहनों की खरीद में भ्रष्टाचार और दिल्ली वक्फ बोर्ड में सेवा नियमों में उल्लंघन करते हुए 33 लोगों की अवैध नियुक्ति के आरोप हैं। इन्हीं आरोपों के चलते एसीबी ने जनवरी 2020 में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया था।

‘8 करोड़ बहनों को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ा’: जन्मदिन पर महिलाओं के बीच पहुँचे PM मोदी, कहा – माँ के पास नहीं जा पाया, लाखों माताएँ दे रहीं आशीर्वाद

मध्य प्रदेश के ‘कुनो नेशनल पार्क’ में नामीबिया से आए चीतों को छोड़ने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शिवपुर में स्वयंसेवी महिलाओं के एक सम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि अपने जन्मदिवस पर आम तौर पर उनका प्रयास रहता है कि वो अपनी माँ के पास जाएँ, उनके चरण छूकर आशीर्वाद लें, लेकिन आज वो माँ के पास नहीं जा सके। प्रधानमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश के आदिवासी अंचल की, अन्य समाज की, गाँव-गाँव में मेहनत करने वाली लाखों माताएँ उन्हें यहाँ आशीर्वाद दे रही हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि विश्वकर्मा जयंती पर स्वयं सहायता समूहों का इतना बड़ा सम्मेलन, अपने आप में बहुत विशेष है। उन्होंने देशवासियों को त्योहार की शुभकामनाएँ दी। उन्होंने इस बार पर ख़ुशी जताई कि भारत की धरती पर अब 75 साल बाद चीता फिर से लौट आया है और उन्हें ‘कुनो नेशनल पार्क’ में चीतों को छोड़ने का सौभाग्य मिला। उन्होंने कहा कि अफ्रीका से हमारे मेहमान आए हैं, इन मेहमानों के सम्मान में हम सभी इनका स्वागत करें।

पीएम मोदी ने कहा कि पिछली शताब्दी के भारत और इस शताब्दी के ‘नए भारत’ में एक बहुत बड़ा अंतर हमारी नारी शक्ति के प्रतिनिधित्व के रूप में आया है और आज के नए भारत में पंचायत भवन से लेकर राष्ट्रपति भवन तक नारीशक्ति का परचम लहरा रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि आज मध्य प्रदेश में स्वयं सहायता समूह द्वारा राज्य में 10 लाख पौधों का रोपण भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण की रक्षा के लिए आप सभी का यह संगठित प्रयास, भारत के पर्यावरण के प्रति प्रेम, पौधे में भी परमात्मा देखने वाला हमारा देश आपके प्रयासों से भारत को एक नई ऊर्जा मिलने वाली है।

प्रधानमंत्री ने कहा, जिस भी सेक्टर में महिलाओं का प्रतिनिधित्व बढ़ा है, उस क्षेत्र में, उस कार्य में सफलता अपने आप तय हो जाती है। स्वच्छ भारत अभियान की सफलता इसका बेहतरीन उदाहरण है, जिसको महिलाओं ने नेतृत्व दिया है। पिछले 8 वर्षों में ‘स्वयं सहायता समूहों’ को सशक्त बनाने में हमने हर प्रकार से मदद की है। आज पूरे देश में 8 करोड़ से अधिक बहनें इस अभियान से जुड़ चुकी हैं। एक प्रकार से 8 करोड़ परिवार इस काम में जुड़े हुए हैं। हमारा लक्ष्य है कि हर ग्रामीण परिवार से कम से कम एक महिला, बहन, बेटी हो या माँ हो इस अभियान से जुड़े। यहाँ मध्य प्रदेश की भी 40 लाख से अधिक बहनें स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी हैं।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्य प्रदेश के शिवपुर में कहा कि गाँव की अर्थव्यवस्था में, महिला उद्यमियों को आगे बढ़ाने के लिए, उनके लिए नई संभावनाएँ बनाने के लिए हमारी सरकार निरंतर काम कर रही है। पीएम ने जानकारी दी कि सरकार ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट’ के माध्यम से हम हर जिले के लोकल उत्पादों को बड़े बाजारों तक पहुँचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने याद दिलाया कि सितंबर का ये महीना देश में ‘पोषण माह’ के रूप में मनाया जा रहा है।

पीएम मोदी ने बताया कि भारत की कोशिशों से संयुक्त राष्ट्र ने वर्ष 2023 को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मोटे अनाज के वर्ष के रूप में मनाने की घोषणा की है। पीएम मोदी ने ध्यान दिलाया कि कैसे 2014 के बाद से ही देश, महिलाओं की गरिमा बढ़ाने, महिलाओं के सामने आने वाली चुनौतियों के समाधान में जुटा हुआ है। उन्होंने जानकारी दी कि देश में 11 करोड़ से ज्यादा शौचालय बनाकर, 9 करोड़ से ज्यादा उज्ज्वला के गैस कनेक्शन देकर और करोड़ों परिवारों में नल से जल देकर, महिलाओं जीवन आसान बनाया गया है।

उन्होंने कहा, “कल आप स्वयं सहायता समूह होंगे, लेकिन आज आप राष्ट्र सहायता समूह बन चुके हैं। राष्ट्र की सहायता कर रहे हैं। महिला स्वयं सहायता समूह की यही ताकत आज विकिसत भारत, आत्मनिर्भर भारत बनाने में बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारी सरकार ने देश की 2 करोड़ से ज्यादा महिलाओं को अपने घर की मालकिन बनाया है। मुद्रा योजना के तहत भी अभी तक देशभर में 19 लाख करोड़ रुपये का बिना गारंटी का ऋण छोटे-छोटे व्यापार, कारोबार के लिए दिया जा चुका है।”

प्रधानमंत्री ने कहा कि महिलाओं का आर्थिक सशक्तिकरण उन्हें समाज में भी उतना ही सशक्त करता है। हमारी सरकार ने बेटियों के लिए बंद दरवाजे को खोल दिया है। उन्होंने बताया कि कैसे बेटियाँ भी अब सैनिक स्कूलों में भी दाखिला ले रही हैं, पुलिस कमांडो भी बन रही हैं और फौज में भी भर्ती हो रही हैं।

राजस्थान में तोड़ी गई मंदिर के पास बनी दीवार; विरोध करने वाले हिंदू हिरासत में, पुलिस ने नकारा: मीडिया रिपोर्ट

राजस्थान के राजसमंद के रेलमगरा थाना इलाके में प्रशासन द्वारा एक मंदिर के नजदीक बनी दीवार गिराने की खबर सामने आई है। जी न्यूज पर प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार इस घटना के कारण देर रात तक हिंदू संगठन के लोग वहाँ जमा रहे और दीवार तोड़े जाने का विरोध किया। कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने की बात भी सामने आई, लेकिन पुलिस से पूछे जाने पर उन्होंने इससे मना कर दिया।

पूरी घटना एसके माइन्स के पास दरीबा पुलिस थाने की है। वहाँ मंदिर के नजदीक एक दीवार बनी हुई थी। प्रशासन ने इस दीवार को गिराया। इस दौरान पुलिस प्रशासन के अधिकारी भी वहाँ मौजूद रहे। स्थानीयों ने बताया कि हिंदू प्रदर्शनकारियों द्वारा जैसे ही घटना के खिलाफ प्रदर्शन शुरू हुआ उसके बाद पुलिस ने उन्हें पकड़ किया और काफी विरोध के बाद उन्हें छोड़ा।

हालाँकि, रिपोर्ट में नाथद्वारा डिप्टी छगन पुरोहित का भी बयान है। जो बताते हैं कि पुलिस ने किसी को हिरासत में नहीं लिया।

प्रशासन की कार्रवाई पर छगन पुरोहित ने कहा कि मंदिर के पास दुकानें बनाने के चलते कुछ लोगों ने बाउंड्री को आगे बढ़ा दिया था, जिसे लोकल प्रशासन द्वारा हटवाया गया। अभी माहौल शांत हैं। पुलिस ने किसी को भी हिरासत में नहीं लिया है। सुरक्षा लिहाज से सिर्फ अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।