Home Blog Page 2510

पश्चिम बंगाल में 10 काँवड़ियों की मौत, 19 घायल: कूच बिहार में जिस पिकअप वैन पर सवार थे शिवभक्त उसमें दौड़ा करंट

पश्चिम बंगाल के कूच बिहार से दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। रविवार (31 जुलाई 2022) देर रात करंट लगने से 10 काँवड़ियों की मौत हो गई। 19 घायल हैं। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। हालत नाजुक होने के चलते उन्हें जलपाईगुड़ी रेफर कर दिया गया है। मृतकों का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

पुलिस ने बताया कि घायलों को पहले चंगरबंधा के अस्पताल लाया गया। वहाँ पर मौजूद चिकित्सा अधिकारी ने 16 व्यक्तियों को बेहतर इलाज के लिए जलपाईगुड़ी जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उन्हें मामूली चोटें आई हैं, लेकिन अच्छी तरह से जाँच की जरूरत है।

जानकारी के मुताबिक काँवड़ियों का एक जत्था जलपेश जा रहा था। सभी शिवभक्त पिकअप वैन में सवार थे। पिकअप में डीजे भी लगा था। इसी दौरान वाहन में करंट फैल गया, जिससे 10 काँवड़ियों की मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि यह घटना वाहन में डीजे सिस्टम के जनरेटर की वायरिंग के कारण हुई होगी। इसी से पूरे वाहन में करंट फैला होगा।

घटना मेखलीगंज थाना क्षेत्र के धरला ब्रिज पर हुई। माताभंगा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित वर्मा ने बताया, “आधी रात के करीब मेखलीगंज थाने के धरला ब्रिज पर एक घटना हुई, जहाँ जलपेश जा रहे काँवड़ियों को ले जा रही एक पिकअप वैन में करंट लग गया। शुरुआती जाँच से पता चलता है कि यह घटना जेनरेटर (DJ सिस्टम) की वायरिंग के कारण हुई होगी, जो वाहन के पिछले हिस्से में लगाया गया था।” उन्होंने बताया कि सभी यात्री सीतलकुची थाना क्षेत्र के रहने वाले थे और उनके परिजनों को इस दुखद घटना की सूचना दे दी गई है।

वर्मा ने बताया कि वाहन को जब्त कर लिया गया है। ड्राइवर फरार है। उसकी तलाश की जा रही है। वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। पुलिस राहत और किसी भी आवश्यक सहायता के लिए कोऑर्डिनेट कर रही है। मामले में जाँच जारी है।

11 साल के थे अचिंता जब पिता की हो गई मौत, भाई ने की मजदूरी-माँ ने सिलाईः पहली बार में ही कॉमनवेल्थ में जीता गोल्ड

20 साल के अचिंता शुली पहली बार किसी कॉमनवेल्थ गेम्स का हिस्सा बने हैं। पहले ही प्रयास में उन्होंने स्वर्ण पदक हासिल किया है। बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में शुली ने वेटलिफ्टिंग में गोल्ड जीता है। उनसे पहले वेटलिफ्टिंग में ही मीराबाई चानू और जेरेमी लालरिनुंगा ने भी स्वर्ण पदक जीता था।

रिपोर्ट्स के मुताबिक अचिंता ने 31 जुलाई 2022 कॉमनवेल्थ खेलों का रिकॉर्ड बनाते हुए कुल 313 किलोग्राम वजन उठाया। उन्होंने स्नैच राउंड में 143 और क्लीन एंड जर्क में 170 किलोग्राम वजन उठाकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वेटलिफ्टिंग में यह भारत का छठा पदक है। 3 स्वर्ण के अलावा संकेत और बिंदिया रजत व गुरुराज कांस्य पदक जीत चुके हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अचिंता शुली को इस उपलब्धि पर बधाई दी है। उन्होने लिखा, “इस उपबल्धि के लिए अचिंता ने बहुत मेहनत की है। उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ।” कॉमनवेल्थ के लिए भारतीय दल में शामिल खिलाड़ियों से प्रधानमंत्री ने बात भी की थी। उसके अंश भी पीएम मोदी ने शेयर किए हैं। तब अचिंता ने अपनी माँ और भाई से मिले सहयोग का जिक्र किया था।

रिपोर्ट के मुताबिक अचिंता हावड़ा के धूलागढ़ के निवासी हैं। उनके पिता की मृत्यु 2013 में हो गई थी। इसके बाद घर चलाने के लिए उनके भाई ने मजदूरी और माँ ने सिलाई की ताकि अचिंता अपने लक्ष्य को पूरा कर सकें। अचिंता के मुताबिक, “मैं एक लक्ष्य पर केंद्रित था। मेरे घर की माली हालत ठीक नहीं थी। लेकिन मैं कुछ अलग करना चाहता था।”

अचिंता ने अपने कैरियर की शुरुआत 2013 में गुवाहाटी में हुए राष्ट्रीय आयोजन से की थी। इसके बाद 2018 में वो खेलो इंडिया में यूथ गेम्स में स्वर्ण पदक विजेता बने। साल 2019 में कॉमनवेल्थ वेटलिफ्टिंग चैम्पियनशिप के जूनियर और सीनियर कैटेगरी में उन्होंने सामोआ में पदक जीते। 2021 में ताशकंद में हुए जूनियर वर्ल्ड चैम्पियनशिप में उन्होंने 73 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक जीता था। साल 2021 में ही ताशकंद के ही राष्ट्रमंडल चैम्पयनशिप में भी वो विजेता घोषित हुए थे।

₹1034 करोड़ के घोटाला में ED ने संजय राउत को किया गिरफ्तार

मुंबई के पात्रा चॉल घोटाले मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने रविवार देर रात शिवसेना सांसद संजय राउत को गिरफ्तार कर लिया। जाँच एजेंसी अधिकारियों ने बताया कि राउत से ईडी कार्यालय में लगभग 6 घंटे से अधिक समय तक पूछताछ हुई, इसके बाद उन्हें रात करीब 12:05 पर गिरफ्तार किया गया। आज जाँच एजेंसी उन्हें पीएमएलए अदालत में पेश करेगी और आगे की पूछताछ जारी रखने के लिए उनकी हिरासत माँगेगी।

बता दें कि 1034 करोड़ रुपए के पात्रा चॉल घोटाला मामले में संजय राउत ईडी के दो बार बुलाने के बावजूद पेश नहीं हुए थे। इसी के बाद ईडी ने 31 जुलाई को शिवसेना सांसद के भांडुप स्थित घर पर सुबह 7 बजे छापा मारा और वहाँ से 11.50 लाख रुपए जब्त किए। इतना ही नहीं, लगभग 9 घंटे की पूछताछ के बाद ईडी ने राउत को अपनी हिरासत में ले लिया था और वह अपनी माँ से तिलक लगवाकर, हाथ में भगवा लेकर घर से बाहर निकलते दिखे थे।

हालाँकि, जब उनके वकील से इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि वो हिरासत में नहीं लिए गए हैं, सिर्फ पूछताछ के लिए उन्हें ले जाया गया है। मगर, चंद घंटों बाद खबर आई कि संजय राउत को ईडी गिरफ्तार कर चुकी है। 

जानकारी के मुताबिक, राउत ने ईडी ऑफिस पहुँचने के बाद एक बार मीडिया से बात की थी। इस बातचीत में उन्होंने कहा था, “महाराष्ट्र कमज़ोर हो रहा है, जाओ पेड़े बाँटो। बेशर्मों, बाँटो पेड़े, वे महाराष्ट्र पर हमले करने आ रहे हैं। शिवसेना को खत्म करने आ रहे हैं।”

वहीं उनके भाई सुनील राउत ने कहा कि ईडी संजय राउत से डरती है, इसलिए गिरफ्तार कर लिया है। सुनील ने कहा कि फर्जी दस्तावेज के सहारे संजय राउत को पात्रा चॉल से जोड़ने की कोशिश हो रही है। यह गिरफ्तारी सिर्फ उनकी आवाज को दबाने के लिए की गई है। जो भी पैसा घर से मिला है, वो शिवसैनिकों के अयोध्या दौरे का था।

ईडी की संजय राउत पर कार्रवाई

उल्लेखनीय है कि ईडी की कार्रवाई में अब तक संजय राउत की अलीबाग की जमीन और मुंबई में दादर वाला फ्लैट जब्त किया जा चुका है। 5 अप्रैल 2022 को ED ने संजय राऊत और उनकी पत्नी वर्षा राऊत से जुड़ी 11 करोड़ रुपए से अधिक की सम्पति कुर्क की थी। ED ने उन्हें 28 जून को पेश होकर जवाब देने के लिए कहा गया था, पर वो उपस्थित नहीं हुए। तब उन्होंने खुद को गिरफ्तार करने की चुनौती भी दी थी। राऊत को सबसे हालिया समन 27 जुलाई को भेजा गया था। इसके अलावा उनके ऊपर हाल में वकोला थाने में एफआईआर भी हुई है। आरोप है कि उन्होंने केस की गवाब स्वप्ना पाटकर को धमकाया।

विधायकों को धमकी का पाकिस्तान कनेक्शन! हरियाणा पुलिस ने 6 को दबोचा, 73 ATM जब्त, 50+ बैंक खातों के जरिए रंगदारी वाला फ्रॉड

पंजाब के पूर्व उप मुख्यमंत्री के बाद हरियाणा के भी विधायकों को वसूली और हत्या की धमकी दिए जाने का मामला प्रकाश में आया है। इस मामले में शिकायत के बाद एसटीएफ ने एक्शन लेते हुए मामले में 6 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही एसटीएफ ने विधायकों को धमकियाँ दिए जाने के पीछे पाकिस्तान का हाथ होने की बात बताई है।

अपनी कार्रवाई के दौरान जाँच एजेंसी देश के कई हिस्सों में ताबड़तोड़ छापेमारी की। मामले की जाँच कर रहे अधिकारियों का कहना है कि गोल्डी बराड़ गैंग के गैंगस्टरों द्वारा व्हाट्सएप कॉल के जरिए विधायकों से पैसे की माँग की और नहीं देने पर हत्या की धमकियाँ दी गईं। रिपोर्ट के मुताबिक, अब तक हरियाणा के 4 विधायकों और एक विधायक के बेटे को 24 से 28 जून के दौरान फोन पर फिरौती के लिए धमकियाँ दी गई थीं। इसी तरह की धमकियाँ के पंजाब के दो विधायकों को भी दी गई हैं। पीड़ित विधायकों से एक लाख रुपए से लेकर एक करोड़ रुपए तक की फिरौती माँगी गई थी।

पाकिस्तान से जुड़ रहे तार

इस घटना को लेकर हरियाणा एसटीएफ के एसपी सुमित कुमार ने पाकिस्तानी कनेक्शन की जानकारी दी है। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, पाकिस्तान में बैठै शातिर अपराधी वर्चुअल प्राइवेट नंबर (VPN) के जरिए दुबई के नंबरों का इस्तेमाल कर लगातार विधायकों को धमका रहे हैं। इन जालसाजों के कनेक्शन का पर्दाफास करते हुए 6 बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है।

मामले में मुंबई से दुलेश आलम और बदरे आलम को गिरफ्तार किया गया है और वहीं 4 अन्य आरोपित अमित यादव, सनोज, सादिक और कैश आलम को बिहार के मुजफ्फरपुर से गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल इन सभी को 8 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। खास बात ये है कि हाल के दिनों में चर्चा में आए कुख्यात गैंगस्टरों लॉरेंस बिश्नोई और नीरज बवाना जैसों के नाम का सहारा लेकर ये धमकियाँ दी जा रही हैं। बताया जाता है कि फिरौती के पैसों में से अपना हिस्सा निकालने के बाद ये सभी अमित यादव और दुलेश आलम के बताए खातों में बाकी रकम को भेज दिया जाता था।

इनके पास से एजेंसी को 34 मोबाइल, 57 सिम, 24 फर्जी अकाउंट्स की पासबुक, 73 एटीएम और 50 से भी अधिक ऐसे अकाउंट्स का पता चला है, जिन्हें फ्रॉड के बाद बंद कर दिया गया था। इस बीच 6 आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने पुलिस टीम को बधाई दी है।

पाकिस्तान के सांसदों को संसद भवन में परोसा गया कॉकरोच वाला खाना: शिकायत के बाद 2 कैफेटेरिया बंद, अधिकारियों को रसोई में कीड़े-मकोड़े रेंगते मिले

पाकिस्तान के संसद भवन में सांसदों को परोसे जाने वाले खाने से कॉकरोच मिलने की खबर है। पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट बताती हैं कि इस्लामाबाद जिला प्रशासन ने शिकायत मिलने के बाद संसद भवन की रसोई वाली बिल्डिंग में छापा मारा और रसोइयों की जर्जर हालात देखते हुए दो कैफेटेरिया को बंद कर दिया।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, गंदे खाने की शिकायत और खाने में कॉकरोच मिलने की बात खुद सांसदों ने कही थी। उन्होंने बताया था कि वह लोग कैफेटेरिया की गंदी हालात देखकर वहाँ से खाना मँगाना बंद कर चुके हैं। वहीं निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने भी ये देखा कि खाने-पीने की जगह कीड़े-मकौड़े रेंग रहे थे। कैफेटेरिया की घटिया हालत देख फौरन इन्हें सील किया गया।

पाकिस्तानी मीडिया अनुसार, कैफेटेरिया में भोजन करते वक्त कुछ सांसदों को अपने खाने में कॉकरोच दिखा था, जिसके बाद उन्होंने इस्लामाबाद जिला प्रशासन को इसकी शिकायत दी। प्रशासन ने कई शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए और रसोई की खामियों को देखने के लिए छापा मारा। यहाँ उन्हें पूरी रसोई की हालत गंदी मिली। साथ ही खाने वाली जगह पर कीड़े-मकौड़े रेंगते दिखे। प्रशासन ने यह देखने के बाद कैफेटेरिया पर ताला लगवाया और ये भी कहा कि ये ताला उनके अगले आदेश तक लगा रहेगा।

बता दें कि पाकिस्तान के संसद भवन में कॉकरोच मिलना कोई अजूबा नहीं है। साल 2014 में संसद भवन के एक कैफेटेरिया में रखी केचप बॉटल से कॉकरोच निकला था। 2019 में भी कई सांसद, कैफेटेरिया में उन्हें परोसे जाने वाले खाने की गुणवत्ता के खिलाफ आवाज उठाते दिखे थे।

‘प्रधानमंत्री के आवास में घुस जाएँगे लोग’: ओवैसी ने दिखाया श्रीलंका वाला डर, NSA अजीत डोभाल को भी कहा भला-बुरा

AIMIM के मुखिया असदुद्दीन ओवैसी ने भारत में श्रीलंका वाले हालात का डर दिखाते हुए कहा है कि लोग पीएम मोदी के घर में भी घुस सकते हैं। राजस्थान की राजधानी जयपुर में आयोजित एक टॉक शो में शामिल हुए हैदराबाद के सांसद ने कहा कि देश के मौजूदा हालात को देख कर लगता है कि श्रीलंका की तर्ज पर यहाँ भी लोग प्रधानमंत्री आवास में घुस जाएँगे। उन्होंने दावा किया कि भारत में हिन्दू-मुस्लिम राजनीति हो रही है, जिसमें नुकसान मुस्लिमों का हो रहा है।

असदुद्दीन ओवैसी ने दावा किया कि आजकल राजनीतिक पार्टियाँ अप्रासंगिक हो रही हैं। उन्होंने दिल्ली की सीमाओं पर हुए किसान आंदोलन, CAA विरोधी दंगों, दिल्ली में वकीलों के प्रदर्शन और ‘अग्निपथ योजना’ के खिलाफ उपद्रव – इन सबको जनता का आंदोलन बताते हुए कहा कि नेताओं के बिना ही लोग सड़क पर उतर रहे हैं। ओवैसी ने राजनीतिक पार्टियों को इस पर गंभीरता से सोचने की सलाह देते हुए बदलाव की बात कही।

इस दौरान उन्होंने ‘राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहलकर (NSA)’ अजीत डोभाल का भी नाम लेकर उन पर निशाना साधा। ओवैसी ने कहा कि डोभाल को बताना चाहिए कि कट्टरता कौन फैला रहा है और कट्टर कौन है। बता दें कि NSA डोभाल ने हाल ही में एक कार्यक्रम में बयान दिया था कि कुछ लोग धर्म एवं विचारधारा के नाम पर कटुता फैला रहे हैं। ओवैसी ने राजस्थान के अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों में पूरी ताकत से लड़ने का ऐलान किया।

उन्होंने कहा कि AIMIM चुनाव नहीं लड़ती है फिर भी कॉन्ग्रेस हार जाती है। उन्होंने कहा कि राजस्थान किसी एक पार्टी का नहीं है और उनका भी उतना ही है, जितना दूसरे दलों का। ओवैसी इससे पहले भारत में एक समुदाय विशेष के खिलाफ नफरत होने का दावा कर चुके हैं। उन्होंने RSS पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें इंद्रेश कुमार से सर्टिफिकेट नहीं चाहिए, उन्हें ये बताना चाहिए कि संघ की शाखाओं में किसके नाम पर और क्या शपथ ली जाती है।

जो बनने वाले हैं ब्रिटेन के राजा, उन्होंने आतंकी लादेन के परिवार से लिया था ₹9.64 करोड़ का डोनेशन, खुलासे से सकते में UK का राजपरिवार

ब्रिटेन की गद्दी के उत्तराधिकारी प्रिंस चार्ल्स की चैरिटी ने आतंकी ओसामा बिन लादेन के परिवार से 10 लाख पाउंड्स (9.64 करोड़ रुपए) का दान लिया था। इस खुलासे के बाद यूनाइटेड किंगडम के राजपरिवार की मुश्किलें बढ़ गई हैं। ‘प्रिंस ऑफ वेल्स’ के संगठन ने 2013 में ये दान ओसामा बिन लादेन के भाइयों बकर और शफीक बिन लादेन से लिए थे। आतंकी संगठन अलकायदा का संस्थापक लादेन ने अमेरिका में 9/11 के हमले को अंजाम दिया था।

ये खुलासा इसीलिए भी ब्रिटेन के राजपरिवार को मुश्किलों में डालने वाला है, क्योंकि हाल ही में एक और बड़ा खुलासा हुआ था कि प्रिंस चार्ल्स ने क़तर के एक कारोबारी से 2011-15 के बीच 3.10 मिलियन डॉलर (24.55 करोड़ रुपए) लिए थे। कई बार तो रुपए व्यक्तिगत रूप से सूटकेस और शॉपिंग बैग्स तक में लिए गए। बता दें कि ओसामा बिन लादेन का परिवार सऊदी अरब के सबसे अमीर परिवारों में से एक है और वहाँ के राजपरिवार के साथ उनके अच्छे सम्बन्ध हैं।

हालाँकि, मीडिया रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि ओसामा बिन लादेन के दोनों सौतेले भाइयों बकर और शफीक का आतंकवाद से कोई सम्बन्ध साबित नहीं हुआ है। 1994 में सऊदी अरब ने ओसामा बिन लादेन की नागरिकता रद्द कर दी थी, जिसके बाद उसके परिवार ने खुद को उससे कर लेने का दावा किया था। बकिंघम पैलेस के अधिकारियों का कहना है कि दान लिया गया था, लेकिन प्रिंस चार्ल्स ने इसमें कोई भूमिका नहीं निभाई थी।

बताया जा रहा है कि चैरिटी के ट्रस्टियों ने ये फैसला लिया था। जबकि ‘द संडे टाइम्स’ का खुलासा कहता है कि 30 अक्टूबर, 2013 को प्रिंस चार्ल्स ने क्लारन्स हाउस में बकर बिन लादेन के साथ एक बैठक की थी, जिसके बाद ये डील हुई। ओसामा बिन लादेन को मारे गए तब तक 2 साल हो चुके थे। सलाहकारों की आपत्ति के बावजूद ब्रिटेन की गद्दी के उत्तराधिकारी ने ये रुपए स्वीकार किए। इस चैरिटी संगठन की स्थापना 1979 में हुई थी।

हिंदी में बात करने वालों से नफरत करते थे करण जौहर, उनके लिए ये भाषा ‘डाउन मार्किट’: खुद हिंदी फिल्मों से करते हैं कमाई

बॉलीवुड फिल्म निर्माता करण जौहर राष्ट्रभाषा हिन्दी को छोटा बताने और उसका अपमान करने को लेकर चर्चा में हैं। दावा किया जा रहा है कि करण जौहर हिन्दी और इसे बोलने वालों को नापसंद करते हैं। मामला फिल्म निर्माता की ऑटोबायोग्राफी ‘एन अनसूटेबल बॉय’ से जुड़ा है। 2017 में ये किताब जारी हुई थी, जिसमें उन्होंने हिन्दी को डाउन मार्केट और अनुकूल करार दिया था। लेकिन अब उनके इस बयान को लेकर खूब आलोचना की जा रही है।

रिपोर्ट के मुताबिक, इसमें एक जगह करण जौहर ने आदित्य चोपड़ा को लेकर बड़ा खुलासा किया है। इसमें करण जौहर खुलासा करते हुए कहते हैं कि वो बचपन में आदित्य चोपड़ा से केवल इसलिए नफरत करते थे, क्योंकि वो अक्सर हिन्दी में बातें करते थे। इसको लेकर उन्होंने हीरू जौहर को बताया था।

करण जौहर खुलासा करते हैं, “हाँ, मैं बचपन से स्टार किड्स के बीच रहा। अभिषेक बच्चन, हृतिक रौशन, श्वेता बच्चन, जोया अख्तर और फरहान अख्तर को जानता था। मैं हमेशा लड़कियों श्वेता और जोया के करीब रहा, क्योंकि लड़के बहुत ही तेज तर्रार थे खास तौर पर अभिषेक बच्चन और फरहान अख्तर। सच तो ये है कि मैं उनके साथ कभी भी मेलजोल नहीं बढ़ा पाया। वहीं आदी (आदित्य चोपड़ा) और उसके समूह के लड़के हमेशा हिंदी में ही बातें किया करते थे, जिस कारण से मैं उन्हें झेल नहीं पा रहा था।”

जबकि करण जौहर खुद अपनी सभी फिल्में हिन्दी में रिलीज करते हैं। अपनी आत्मकथा में करण जौहर ने खुलासा किया था कि वो अक्सर अपनी माँ के पास जाकर कहता था कि मम्मी वे लोग केवल हिन्दी में ही बातें करते हैं, मुझे उनके घर मत भेजो। वो बताते हैं कि उन्होंने अपनी माँ से कहा था कि वो इन बच्चों से बात नहीं करेंगे। उन्हें हिन्दी में बात करना ‘डाउन मार्किट लगता था।

गौरतलब है कि इसे दोहरा रवैया ही कहा जाएगा कि हिन्दी और हिन्दी बोलने वालों सो नापसंद करने वाले करण जौहर अगली फिल्म लाइगर हिन्दी में ही रिलीज होने जा रही है।

तमिलनाडु : ISIS के साथ मिल आतंकी साजिश रचने वाला इंजीनियरिंग छात्र मीर अली गिरफ्तार, गैर-मुस्लिमों को डराने के लिए करने वाला था VIP की हत्या

तमिलनाडु में 22 साल के मैकेनिकल इंजीनियरिंग के एक छात्र को पुलिस ने इस्लामिक स्टेट से संबंध रखने के आरोप में गिरफ्तार किया है। लड़के की पहचान मीर अनस अली के तौर पर हुई है। आरोप है कि वह आईएसआईएस से मिलकर आतंकी हमले की योजना बना रहा था। वह टेलीग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से नियमित तौर पर आईएस से संपर्क में था।

जानकारी के मुताबिक, मीर अनस अली, अंबुर जिले के मसुदी गली का रहने वाला है और तमिलानाडु के रानीपेट जिले के एक निजी कॉलेज से मैकेनिकल की पढ़ाई कर रहा है। खुफिया एजेंसी से मिली सूचना के बाद उसे शनिवार को सुबह 4 बजे गिरफ्तार किया गया। इसके बाद पुलिस उसे शहर से 35 किलोमीटर दूर अनाईकट थाने ले गई।

बता दें कि मीर अली की ऑनलाइन गतिविधियों के चलते वह केंद्रीय खुफिया ब्यूरो की रडार पर आया था। उसके पकड़े जाने के बाद पुलिस सूत्रों ने बताया कि वह राज्य के गैर-मुस्लिम समुदायों के बीच डर पैदा करने के लिए एक वीआईपी व्यक्ति की हत्या करने की साजिश रच रहा था। पुलिस ने उसे पकड़ने के बाद उसके खिलाफ आईपीसी की धारा 121, 122, 125 और यूएपीए की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर की। वहीं मजिस्ट्रेट अदालत ने उसे वेल्लोर की सेंट्रल जेल में रिमांड पर भेजा।

अंबुर पुलिस के सूत्रों ने बताया कि खुफिया एजेंसियों से टिप मिलने के बाद कई महीनों से अनस की मूवमेंट पर नजर रखी जा रही थी और पर्याप्त सबूतों के मिलने के बाद ही उसको गिरफ्तार किया गया। ये गिरफ्तारी इंटेलिजेंस ब्यूरो, स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट, क्यू ब्रांच और एसबी-सीआईडी के सहयोग से हुई। घंटों की पूछताछ के बाद अली गिरफ्तार किया गया और अंबुर पुलिस को इन्हें सौंपा गया।

देवबंद में फारुख गिरफ्तार

गौरतलब है कि तमिलनाडु के अलावा उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के देवबंद में भी रविवार को एक संदिग्ध की गिरफ्तारी हुई। उसकी पहचान कर्नाटक निवासी फारुख के तौर पर की गई। एनआईए की जाँच में फारुख के संबंध आईएस से मिले। कथिततौर पर वह एक मदरसा छात्र है। उसके बारे में एनआईए को गोपनीय सूचना मिली थी। साथ ही ये भी पता चला था कि संदिग्ध छात्र सीरिया में हुए बम धमाकों से जुड़ा था। अब एटीएस उससे आगे की पूछताछ कर रही है।

‘लाल सिंह चड्ढा’ के बॉयकॉट के लिए लोगों ने कसी कमर, सोशल मीडिया में हुआ ट्रेंड: करीना ने कहा था – दिक्कत है तो फिल्म मत देखो

बॉलीवुड एक्टर आमिर खान की आगामी फिल्म लाल सिंह चड्ढा ट्विटर पर ट्रेंड कर रही है। ट्विटर पर लोग लगातार लाल सिंह चड्ढा को ट्रोल कर रहे हैं और फिल्म को बॉयकॉट करने की माँग कर रहे हैं। ये दूसरी बार है जब नेटिज़न्स #BoycottLaalSinghChaddha को ट्रेंड करा रहे हैं।

इसी क्रम में ग्यान गंगा नाम के यूजर ने नेपोजिज्म पर करीना कपूर खान के उस बयान को हाईलाइट किया, जिसमें वामपंथी पत्रकार बरखा दत्त के साथ बातचीत करते हुए बॉलीवुड में भाई-भतीजावाद के लिए दर्शकों को जिम्मेदार ठहराया था और कहा था कि अगर किसी को उनकी फिल्मों से दिक्कत है तो वो न देखें। यूजर ने कहा, “उर्दूवुड में भाई-भतीजावाद मौजूद है, हमें ऐसे उर्दूवुड सितारों की कोई भी फिल्म नहीं देखनी चाहिए।”

रामचरन नाम के यूजर ने बॉलीवुड और दक्षिण भारतीय फिल्मों की तुलना की। यूजर ने तुलना करते हुए कहा कि बॉलीवुड हमेशा से हिन्दुओं की भावनाओं को आहत करता रहा है, जबकि साउथ इंडिया की फिल्में हिन्दुत्व से कभी भी समझौता नहीं करती। इसके साथ ही यूजर ने आमिर खान और साउथ एक्टर अल्लू अर्जुन की वीडियो क्लिप भी शेयर की, जिसमें से एक में अल्लू अर्जुन शिवलिंग का दूध से अभिषेक करते दिखते हैं, वहीं दूसरी ओर आमिर खान फिल्म पीके में हिन्दू देवी देवताओं का अपमान करते दिखते हैं।

इसी तरह से करुणा त्यागी नाम की यूजर ने भी लाल सिंह चड्ढा और बॉलीवुड दोनों को बॉयकॉट करने की माँग करते हुए एक्टर अनुपम खेर का एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वो फिल्म रॉकेट्री को देखने की अपील कर रहे थे। यूजर ने ट्वीट किया, “कैसे गंदी राजनीति एक वैज्ञानिक के पूरे जीवन को तबाह कर देती है ये जानने के लिए अगर आप वास्तव में फिल्म देखने जाना चाहते हैं तो #RocketryTheNambiEffect को देखें। लाल सिंह चड्ढा जैसी बकवास फिल्म के लिए अपने पैसे को बर्बाद न करें।”

‘कट्टर हिन्दू’ नाम के एक अन्य यूजर ने आमिर खान की तुर्की के राष्ट्रपति एर्दोगन की बीवी से मुलाकात की तस्वीर शेयर की। यूजर ने लिखा, “खान गैंग के सदस्य आमिर खान ने 15 अगस्त को इस्तांबुल में ह्यूबर मेंशन में राष्ट्रपति निवास पर तुर्की की प्रथम महिला एमिन एर्दोगन से मुलाकात की। तुर्की पाकिस्तान का दोस्त है और कश्मीर पर लगातार भारत के खिलाफ बोल रहा है।”

गौरतलब है कि आमिर खान की आगामी फिल्म लाल सिंह चड्ढा अगले महीने 11 अगस्त को बॉक्स ऑफिस पर रिलीज होने जा रही है, जिसमें आमिर खान के अलावा करीना कपूर खान मुख्य भूमिका में हैं।