Home Blog Page 3131

लड़कियों की शादी की न्यूनतम उम्र 21 साल: कॉन्ग्रेस को भी नहीं कबूल, बताया- राजनीति से प्रेरित; कट्टरपंथी और मुल्ले-मौलवी भी कर रहे विरोध

लड़कियों की शादी की न्यूनतम आयु 18 से बढ़ाकर 21 वर्ष करने के लिए मोदी कैबिनेट ने जो प्रस्ताव पारित किया है, उससे कॉन्ग्रेस को समस्या है इसलिए अब वो इसका विरोध करेंगे। पार्टी को लगता है कि इस फैसले के पीछे की मंशा बेहद संदिग्ध और राजनीति से प्रेरित है।

इकोनॉमिक टाइम्स से बात करते हुए एआईसीसी के महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने कहा, मोदी सरकार का प्रस्ताव और जल्दबाजी में न्यूनतम आयु बढ़ाकर 21 करने का प्लान बहुत ज्यादा संदिग्ध और राजनीति से प्रेरित है। सरकार के इस प्रस्ताव का पहले से ही विभिन्न महिला प्रतिनिधियों और संगठनों ने भी कड़ी आलोचना की है। उन्होंने इसे अवैज्ञानिक और अवास्तविक बताते हुए खारिज कर दिया है।”

कॉन्ग्रेस नेता कहते हैं, “युवा महिलाएँ खासकर ग्रामीण इलाकों में अपने शैक्षिक और आर्थिक उत्थान के लिए कदम चाहती हैं। जाहिर तौर पर, सरकार ने इस प्रस्ताव को लाने से पहले विभिन्न हितधारकों के साथ उचित चर्चा नहीं की। इसलिए, कॉन्ग्रेस पार्टी, सरकार द्वारा इस तरह के विधेयक को आगे बढ़ाने के किसी भी प्रयास के खिलाफ है।”

वेणुगोपाल ने कहा, “अगर मोदी सरकार हकीकत में गंभीर है और महिला सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है, तो इसके बजाय, लंबे समय से लंबित महिला आरक्षण विधेयक को तुरंत लाया जाना चाहिए। लोकसभा और राज्य विधानसभाओं की सीटों में महिलाओं के लिए दो-तिहाई सीटों पर आरक्षण दे।”

वेणुगोपाल ने कहा कि सरकार को महिला प्रतिनिधियों और संगठनों सहित विभिन्न हितधारकों के साथ महिलाओं के लिए विवाह की न्यूनतम आयु बढ़ाने के अपने प्रस्ताव पर व्यापक चर्चा शुरू करनी चाहिए। राजनीतिक मंशा पर बात करते हुए वह बोले कि ये प्रस्ताव सिर्फ किसानों के मुद्दों, लखीमपुर की घटनाओं, केंद्रीय मंत्री अजय से ध्यान हटाने के लिए लाया गया है।

बता दें कि कॉन्ग्रेस के अलावा समाजवादी पार्टी, वामपंथी दल, आईयूएमएल, एआईएमआईएम भी वो नाम हैं जो प्रस्ताव के विरोध में उतरी हुई हैं। कुछ मुस्लिम संगठन आरोप लगा रहे हैं कि ये प्रस्ताव लाकर सरकार ने पर्सनल लॉ में घुसपैठ की कोशिश की है।

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने लड़कियों की शादी की उम्र 18 से बढ़ाकर 21 साल करने का अहम फैसला लिया था और इस संबंध में प्रस्ताव पारित किया था। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 अगस्त 2020 को लाल किले की प्राचीर से अपने स्वतंत्रता दिवस भाषण के दौरान लड़कियों की शादी की उम्र को 18 वर्ष से बढ़ाकर 21 वर्ष किए जाने संबंधी प्रस्ताव का ऐलान किया था। PM ने इसके पीछे की वजह बताते हुए कहा था, ”सरकार बेटियों और बहनों के स्वास्थ्य को लेकर हमेशा से चिंतित रही है। बेटियों को कुपोषण से बचाने के लिए जरूरी है कि उनकी शादी सही उम्र में हो।”

गोल्डन टेंपल में बेअदबी की जाँच के लिए SIT का गठन, पंजाब सरकार ने दो दिन में माँगी रिपोर्ट: युवक की पीट-पीटकर कर दी गई थी हत्या

अमृतसर के स्वर्ण मंदिर के कथित बेअदबी मामले की जाँच के लिए पंजाब सरकार ने विशेष जाँच दल (SIT) का गठन किया है। यह घटना 18 दिसंबर को हुई थी। आरोपित की दरबार साहिब परिसर में ही हत्या कर दी गई थी। राज्य सरकार ने रविवार (19 दिसंबर 2021) को एसआईटी का गठन किया। घटनाक्रम से परिचित लोगों ने बताया कि एसआईटी की अगुवाई अमृतसर पुलिस के डिप्टी कमिश्नर (कानून और व्यवस्था) करेंगे। एसआईटी दो दिनों में घटना पर अपनी रिपोर्ट देगी

उप मुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा ने रविवार को बताया कि मृतक की पहचान नहीं हो पाई। उसके पास से कोई दस्तावेज नहीं मिले हैं। रंधावा के पास ही गृह मंत्रालय भी है। उन्होंने इस मामले को लेकर पुलिस के वरीय अधिकारियों के साथ बैठक भी की। एक बैठक श्री गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के साथ भी हुई।

रविवार को पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने भी ‘दरबार साहिब’ का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने राज्य में हाल ही में सामने आई कथित बेअदबी की घटनाओं के पीछे ‘एजेंसियों का हाथ’ बताते हुए कहा था कि 2022 विधानसभा चुनाव से पहले राज्य में कॉन्ग्रेस के पक्ष में आँधी चल रही है, ऐसे में घबराहट में आकर माहौल खराब करने का प्रयास किया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि शनिवार को स्वर्ण मंदिर में उस समय अफरातफरी मच गई जब 20-22 साल का शख्स सच्चखंड के अंदर माथा टेकने वाले स्थान पर लगी रेलिंग को फाँद कर श्री गुरु ग्रंथ साहिब के नजदीक पहुँच गया था जिसे सेवकों ने तुरंत पकड़ लिया। सेवक व्यक्ति को पकड़ कर पुलिस के हवाले करने के लिए ले जा रहे थे तभी लोगों की भीड़ ने कथित तौर पर उस पर हमला कर दरबार साहिब परिसर में ही उसकी हत्या कर दी। 

इसी तरह की एक घटना कपूरथला से भी सामने आई थी। लेकिन एसएसपी हरकमलप्रीत सिंह खख ने मामले में बताया था कि कपूरथला के निजामपुर गुरुद्वारा (Kapurthala Nizampur Gurudwara) में भीड़ ने जिस युवक का मार डाला, वो चोरी करने आया था न कि बेअदबी करने। उनके मुताबिक आरोपित युवक (जिसे भीड़ ने मार डाला) ने जो जैकेट पहनी थी, वो गुरुद्वारा के सेवादारों की थी। एसएसपी ने मौके पर पहुँचकर गुरुद्वारा में रखे श्री गुरु ग्रंथ साहिब से छेड़छाड़ नहीं होने का भी जायजा लिया।

घरों में नौकरानी बनकर जाती बीवी, माल की खबर लगते ही साथियों संग शौहर करता चोरी: बांग्लादेशी शहादत खान निकला सरगना

दिल्ली पुलिस ने एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। इसका सरगना बांग्लादेशी नागरिक शहादत खान है। मीडियो रिपोर्टों के अनुसार शहादत अपनी बीवी को कोठियों में नौकरानी बनाकर भेजता था। फिर सारी सूचनाएँ जुटाकर वहाँ वारदात को अंजाम देता था। यह भी पता चला है कि शहादत हवाई जहाज से यात्रा कर एक राज्य से दूसरे राज्य जाता था।

दिल्ली पुलिस ने उसे बंगलुरू जा रही फ्लाइट को रुकवाकर ही गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया है कि उसके चार सहयोगी भी गिरफ्तार किए गए हैं। इनकी पहचान दिल्ली के रहने वाले सुभान उर्फ सोनू, शाहीन, जावेद अली और विजय कुमार के तौर पर की गई है। इनके पास से बड़ी मात्रा में सोना, चाँदी, नगद रुपए, घड़ियाँ और मोबाइल बरामद हुए हैं। बताया जा रहा है कि जावेद और विजय चोरी का माल खरीदते थे।

शहादत दिल्ली की सीमापुरी की झुग्गियों में रहता था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक शहादत और शाहीन अपनी बीवी को बड़े घरों में नौकरानी बनाकर भेजते था। वहाँ पर ये घर की आर्थिक हालत का जायज़ा ले लेतीं थीं। पैसा और सामान कहाँ रखा है इसकी पूरी रेकी की जाती थी। इनके द्वारा दी जानकारी के आधार पर गैंग के बाकी सदस्य टारगेट सेट करते थे। अधिकतर बंद पड़े घरों को ही निशाना बनाया जाता था। वारदात का समय रात में रखा जाता था। यदि किसी घर में सदस्य मौजूद रहते और उनकी नींद खुल जाती तो ये उन्हें बंधक बना लेते थे। फ़िलहाल शहादत की बीवी सलमा और शाहीन की बीवी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

पुलिस के मुताबिक 17 नवम्बर को दिल्ली के जगतपुरी क्षेत्र में रहने वाले अशोक कुमार ने घर में चोरी की शिकायत की थी। उनके घर से बाहर रहने के दौरान 5 लाख रुपए नकद और ज्वैलरी पर हाथ साफ़ कर दिया गया था। इसी केस में 9 दिसम्बर को सुभान को शाहदरा से पकड़ गया था। उसके पास से चोरी का सामान भी मिल गया। पूछताछ में उसने शहादत, अरशद और शाहीन के नाम बताए। शहादत को जब सुभान की गिरफ्तारी की जानकारी हुई तो उसने बेंगलुरु की फ्लाइट बुक करवा ली। लेकिन शाहदरा पुलिस की स्पेशल टीम ने IGI एयरपोर्ट से संपर्क कर उसे उड़ान भरने से पहले ही दबोच लिया।

दिल्ली पुलिस द्वारा जारी प्रेसनोट के मुताबिक यह गैंग घरों में सेंधमारी करता था। मुख्य आरोपित शहादत खान को दिल्ली एयरपोर्ट से पकड़ा गया है। पकड़े गए आरोपितों के खिलाफ दिल्ली के अलग-अलग थानों में 41 मुकदमे दर्ज हैं। ऑपइंडिया ने इस मामले में DCP शाहदरा से बात की। उन्होंने बताया कि मामले की जाँच अभी जारी है। शहादत और शाहीन की बीवी घरों में मेड का काम किया करती थी। पतियों के अपराध में इनकी भूमिका की जानकारी जुटाई जा रही है। इस केस में अभी कुछ और आरोपित फरार चल रहे हैं। उनकी भी तलाश की जा रही है। आगे की कार्रवाई जाँच से सामने आए तथ्यों के आधार पर होगी।

गौरतलब है कि अप्रैल 2013 में दिल्ली से सटे गाजियाबाद में भी बांग्लादेशी डकैतों ने लिंक रोड क्षेत्र में एक घर में डाका डाला था। कलाम नाम के आरोपित के इस गैंग की रेकी भी नौकरानी ने ही की थी। साथ ही इसी साल 16 सितम्बर को कानपुर के गोविंदपुरम के एक घर में पड़ी 16 लाख रुपए की डकैती में भी रेकी नौकरानी द्वारा ही की गई थी। अक्टूबर 2019 में दिल्ली पुलिस ने महमूद नाम के अपराधी का गैंग पकड़ा था। ये गैंग भी नौकरानियों से रेकी करवा कर घरों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया करते थे।

‘अयोध्या-काशी के बाद अब मथुरा में बने श्रीकृष्ण का भव्य मंदिर’: हेमा मालिनी बोलीं- मौजूदा मंदिर को नया रूप दिया जा सकता है

मथुरा से भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने रविवार (19 दिसंबर, 2021) को उम्मीद जताई कि अयोध्या और काशी के बाद शायद अब अगला भव्य मंदिर मथुरा में बने। इंदौर में बातचीत के दौरान काशी का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि राम जन्मभूमि और काशी के कायाकल्प के बाद मथुरा में मंदिर को इसी भव्य ढंग से सजाया जा सकता है।

हेमा मालिनी ने कहा, “कृष्ण प्रेम और स्नेह के प्रतीक हैं। उनका जो जन्मस्थल है उसकी सांसद होने की वजह से, मैं कहूँगी कि एक भव्य मंदिर होना चाहिए। जो है वैसे तो, लेकिन उसे और भी सुंदर बना सकते हैं। जैसे काशी में मोदी जी ने काशी विश्वनाथ मंदिर के सामने इतना सुंदर कॉरिडोर बनाया है, उसका विकास किया है, जहाँ आप मंदिर से सीधा गंगा तक देख सकते हैं।”

उन्होंने कहा कि मथुरा में एक मंदिर पहले से ही है और मोदी जी द्वारा विकसित काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की तरह इसे नया रूप दिया जा सकता है। यह परिवर्तन बहुत कठिन था। पिछले कई सालों में किसी ने सोचा भी नहीं था कि ऐसा करना चाहिए। ये उनकी (मोदी की) दूरदर्शिता को दर्शाता है। मथुरा में भी ऐसा ही होगा।

हिंदू मान्यताओं के अनुसार, मथुरा को भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि कहते हैं। ऐसे में समय-समय पर यहाँ भव्य मंदिर बनाने की माँग उठती रहती है। कुछ दिन पहले केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री संजीव बाल्यान ने कहा था कि अयोध्या में राम जन्मभूमि पर एक भव्य मंदिर का निर्माण किया जा रहा है, कृष्णा की जन्मभूमि मथुरा में भी ‘कुछ बड़ा और भव्य’ बनाया जाना चाहिए। राम की भूमि में तो भव्य मंदिर बन गया है, पर कृष्णा की भूमि में कुछ बड़ा होना चाहिए। उनके अलावा यूपी कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण सिंह ने भी कहा था कि साइट पर एक कृष्ण मंदिर बनाया जाना चाहिए।

‘सत्ता में आएँगे तो अधिकारियों से निपटेंगे’: छापे से भड़के अखिलेश यादव, फोन टैपिंग के आरोप पर बोले CM योगी- ऐसा काम वही करते हैं

अपने सहयोगियों पर इनकम टैक्स के छापों से भड़के समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) पर उनका फोन टैप कराने का आरोप लगाया है। इसके बाद सीएम योगी ने पलटवार करते हुए कहा कि उनकी (अखिलेश यादव) की तरफ से यह कृत्य किए जाते होंगे, इसलिए उन्हें ऐसा लग रहा है। वहीं, अखिलेश यादव ने सत्ता में आने पर अधिकारियों से निपटने की धमकी दी है।

मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने कहा कि इनकम के छापे एक रुटीन प्रक्रिया के हिस्सा होते हैं, इसमें सरकार को कोई हस्तक्षेप नहीं होता। ऐसा पहली बार नहीं हो रहा है, कॉन्ग्रेस के समय में भी ऐसा होता था। उन्होंने कहा कि आखिर इनकी आय से अधिक संपत्ति का मामला है। सीएम योगी ने आगे कहा, “पाँच साल के कार्यकाल में संपत्ति 200 गुना ज्यादा बढ़ जाए, ये क्या है? और आप इसे स्वीकार नहीं कर रहे हैं।” उन्होंने कहा कि अखिलेश की बौखलाहट ‘चोर की दाढ़ी में तिनका’ वाली बात है।

दरअसल, सहयोगियों के ठिकानों पर छापेमारी के बाद अखिलेश यादव ने रविवार (19 दिसंबर) को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सीएम योगी पर फोन टैपिंग का आरोप लगाया। अखिलेश यादव ने कहा, ”हमारे सभी फोन टैप किए जा रहे हैं और उसे सुना जा रहा है। हमारे जितने भी फोन हैं, समाजवादी पार्टी कार्यालय के या हमारे संबंधी के या जितने भी लोग हैं, उनके मोबाइल को सुना जा रहा है।”

इतना ही नहीं अखिलेश ने यहाँ तक आरोप लगा दिया कि उनके कार्यालय के सभी लैंडलाइन नंबर भी टैप किए जा रहे हैं। उन्होंने पत्रकारों से कहा, ”आप लोग भी सावधान रहें। अगर हमसे फोन पर बात करते हैं तो जरूर सावधान रहें।” उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री खुद शाम को फोन की रिकॉर्डिंग सुनते हैं।

अखिलेश यादव ने आगे कहा, “अभी तो आयकर विभाग आया है। आगे प्रवर्तन निदेशालय (ED) आएगा, सीबीआई (CBI) आएगी।” सपा प्रमुख ने कहा कि इस साल के शुरुआत में हुए पश्चिम बंगाल चुनावों के दौरान इसी तरह के हथकंडे अपनाए थे और परिणाम सभी के सामने हैं।

अखिलेश ने धमकी देने वाले अंदाज में कहा कि वह उन अधिकारियों से परिचित हैं, जो इस तरह की ‘गंदी चाल चल रहे हैं’ और वे सत्ता में आएँगे तो इन अधिकारियों से उचित तरीके से निपटेंगे। उन्होंने कहा कि आईएएस (IAS) का मतलब ‘इन्विज़िबल आफ्टर सरकार’ होता है और यही सरकार के इशारे पर काम कर रहे हैं।

दरअसल, लखनऊ में अखिलेश यादव के करीबियों पर आय से अधिक संपत्ति के मामले में शनिवार को शुरू हुई छापेमारी रविवार को भी जारी है। इनमें अखिलेश सरकार सरकार में OSD रहे जैनेंद्र उर्फ नीटू यादव, अखिलेश यादव के नजदीकी कारोबारी राहुल भसीन और मैनपुरी में मनोज यादव के नाम शामिल हैं। लखनऊ में नीटू यादव के आवास पर और मऊ में राजीव राय के घर में लगभग 15 घंटे बाद छापेमारी खत्म हुई।

कॉन्ग्रेस पार्टी ने मुंबई में आयोजित करवाया हिंदू देवी-देवताओं का मजाक बनाने वाले मुनव्वर फारुकी का कॉमेडी शो, ‘फ्री स्पीच’ का बहाना

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में मुंबई में कॉन्ग्रेस पार्टी की मदद से हिन्दू देवी-देवताओं का मजाक बनाने वाले मुनव्वर फारुकी का शो आयोजित हुआ। राज्य की सत्ताधारी ‘महा विकास अघाड़ी (MVA)’ गठबंधन में शामिल कॉन्ग्रेस का कहना है कि उसने ‘फ्री स्पीच’ के लिए ऐसा किया है। मुंबई में मुनव्वर फारुकी के शो का आयोजन कॉन्ग्रेस पार्टी की यूनिट AIPC ने कराया। ये परफॉरमेंस शनिवार (18 दिसम्बर, 2021) को हुआ। ‘ऑल इंडिया प्रोफेशनल्स कॉन्ग्रेस ‘ ने ट्विटर पर इसकी जानकारी दी।

पार्टी ने लिखा, “हमने मुंबई में मुनव्वर फारुकी के शो का आयोजन करवाया। कलाकारों को ‘क्रिएटिव फ्रीडम’ मिलन चाहिए, जब तक वो संविधान के हिसाब से चलें और सभी समुदायों का सम्मान करें। हम किसी के कंटेन्ट को लेकर उनसे असहमत हो सकते हैं, लेकिन किसी अन्य व्यक्ति पर अपने विचार थोपना असंवैधानिक है।” मुंबई के ‘वाईबी चव्हाण सेंटर’ में ये आयोजन हुआ। AIPC महाराष्ट्र के अध्यक्ष अधिवक्ता मॅथ्यू अँटनी और उपाध्यक्ष सुमेध गाइकवाड़ भी वहाँ उपस्थित थे।

अब कोलकाता में परफॉर्म करेंगे कॉमेडियन मुनव्वर फारुकी

हिन्दू देवी-देवताओं का मजाक बनाने वाले कॉमेडियन मुनव्वर फारुकी ने पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में नए शो की घोषणा की है। हिन्दू देवी-देवताओं का मजाक उड़ाने वाले स्टैंडअप कॉमेडियन को पिछले महीने बेंगलुरु में शो कैंसल करना पड़ा था। हिन्दू संगठनों के विरोध के कारण उन्हें पिछले कुछ शो को कैंसल करना पड़ा था। हालाँकि, अब जनवरी 2021 में कोलकाता में उनका शो प्रस्तावित है। तेलंगाना सरकार में मंत्री KTR ने उन्हें हैदराबाद में भी शो करने के लिए आमंत्रित किया है।

मुनव्वर फारुकी ने शनिवार (18 दिसंबर, 2021) को सोशल मीडिया के जरिए ये घोषणा की। ‘धंधो (Dhandho)’ नाम के इस 2 घंटे के शो के लिए टिकट भी बुक होने शुरू हो गए हैं। ये शो 16 जनवरी, 2021 को होगा। ऑनलाइन टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म ‘BookMyShow’ के अनुसार, टिकट के दाम 799 रुपए रखे गए हैं और ये जल्दी-जल्दी बिक रही है। इससे पहले बेंगलुरु में 600 टिकट बिकने के बावजूद 29 वर्षीय कॉमेडियन को अपना शो कैंसल करना पड़ा था।

मुनव्वर फारुकी ने दावा किया है कि उनके 12 शो कैंसल करने पड़े हैं। उन्होंने कॉमेडी शोज न करने की भी एक तरह से घोषणा कर दी थी। उन्होंने लिखा था, “मेरा नाम मुनव्वर फारुकी है। और अब समय हो गया है, आप सब एक अच्छे ऑडिएंस थे। गुड बाय। अब मेरा हो गया।” इसके बाद बहुतों ने अंदाज़ा लगाया था कि मुनव्वर फारुकी ने कॉमेडी करियर को अलविदा कह दिया है। इंदौर में उनके खिलाफ एक FIR भी दर्ज की गई थी और हिन्दू भावनाओं को ठेस पहुँचाने के आरोप लगे थे।

इससे पहले तेलंगाना (Telangana) के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव के बेटे और राज्य के नगर प्रशासन और शहरी विकास मंत्री केटी रामाराव (KT Rama Rao) ने विवादास्पद एवं कथित स्टैंडअप कॉमेडियन मुनव्वर फारूकी और कुणाल कामरा के बेंगलुरु में शो रद्द होने बाद उन्हें हैदराबाद आकर शो करने का निमंत्रण दिया। रामाराव (केटीआर) ने कहा, “हम हैदराबाद में अभी कॉमेडियन्स का स्वागत करते हैं। वे यहाँ आकर परफॉर्मेंस दे सकते हैं। शो कर सकते हैं। राज्य सरकार बहुत सहिष्णु (very tolerant) है।”

‘बेअदबी की घटना से दुःखी हूँ, इसकी जितनी निंदा की जाए कम’: स्वर्ण मंदिर पहुँचे CM चन्नी, कहा – बेअदबी के दोषियों को बख्शेंगे नहीं

अमृतसर के स्वर्ण मंदिर में गुरु ग्रन्थ साहिब की बेअदबी के आरोप में उत्तर प्रदेश के युवक की मॉब लिंचिंग की घटना के एक दिन बाद रविवार (19 दिसंबर, 2021) को पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने ‘दरबार साहिब’ का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने राज्य में हाल ही में सामने आई कथित बेअदबी की घटनाओं के पीछे ‘एजेंसियों का हाथ’ बताते हुए कहा कि 2022 विधानसभा चुनाव से पहले राज्य में कॉन्ग्रेस के पक्ष में आँधी चल रही है, ऐसे में घबराहट में आकर माहौल खराब करने का प्रयास किया जा रहा है।

ये ‘एजेंसियाँ’ कहाँ की हैं और कैसी हैं, इस सम्बन्ध में वो कुछ स्पष्ट नहीं बता पाए। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में जब पंजाब का माहौल खराब करने की कोशिश की जा रही है, हमें संयम से काम लेकर धार्मिक स्थलों कि निगरानी करनी चाहिए। पट्टी में श्री गुरु तेग बहादुर जी स्टेट ला यूनिवर्सिटी में एक कार्यक्रम के बाद ‘श्री हरमंदिर साहिब’ पहुँचे पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि सभी धर्मों के धार्मिक केंद्रों का सम्मान किया जाए और अपील है कि उनकी रक्षा के साथ-साथ धार्मिक सद्भाव बनाए रखा जाए।

कॉन्ग्रेस पार्टी के चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा, “हमारी एजेंसियाँ मामले की जाँच कर रही हैं। हो सकता है कि विधानसभा चुनाव से पहले कुछ बुरे तत्व ऐसा कर रहे हों। बेअदबी की घटनाओं के पीछे पिछली शिअद सरकार का हाथ है। बेअदबी की घटना से मेरा मन दुःखी है। इसकी जितनी भी निंदा की जाए, वो कम है। इस घटना में जो भी दोषी होगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा। इस साजिश का पूरी तरह पर्दाफाश किया जाएगा। उच्च-स्तरीय जाँच की योजना बनाई जा रही है।”

इस मौके पर पंजाब के उप-मुख्यमंत्री और गृह मंत्रालय का जिम्मा संभाल रहे सुखजिंदर सिंह रंधावा भी मौजूद थे। एक अन्य रैली में उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवल पर आरोप लगाया कि वो अंग्रेजों की तरह पंजाब को लूटना चाहते हैं। उन्होंने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह पर लोगों को ड्रोन का डर दिखाने का आरोप भी लगाया। साथ ही आरोप लगाया कि उन्होंने भाजपा के साथ मिल कर पंजबकियों को धोखा दिया है। उन्होंने ये आरोप दोहराया कि भाजपा के कारण 700 किसानों की जानें गई हैं।

बता दें कि अमृतसर में सिख भीड़ द्वारा युवक की हत्या के बाद पंजाब के कपूरथला में भी ऐसी ही घटना हुई, जहाँ एक युवक पर ‘निशान साहिब’ के अपमान का आरोप लगा कर पीट-पीट कर मार डाला गया। पुलिस का कहना है कि वो बेअदबी नहीं, चोरी के लिए गया था। दोनों घटनाओं के बाद सिंघु बॉर्डर पर दलित लखबीर सिंह की हत्या की यादें भी ताज़ा हो गईं, जो ‘किसान आंदोलन’ के दौरान हुआ था। दलित लखबीर पर भी बेअदबी के ही आरोप लगे गए थे।

पाकिस्तान में मिला 2300 साल पुराना मंदिर, यूनान के राजा मिनांदर के काल की खरोष्ठी में लिखी सामग्री सहित कई अनमोल कृतियाँ भी मिलीं

पाकिस्तान में खुदाई के दौरान 2,300 साल पुराने एक दुर्लभ बौद्ध मंदिर (Buddha Temple in Pakistan) की खोज की गई है। खुदाई के दौरान मंदिर के अलावा 2,700 से अधिक कलाकृतियाँ भी मिली हैं। पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी इलाके स्वात प्रांत में पाकिस्तान और इटली के पुरातत्वविदों के एक संयुक्त दल ने इन कृतियों को खोजा है। कहा जा रहा है कि यह मंदिर पाकिस्तान में बौद्ध काल का सबसे प्राचीन मंदिर है।

यह मंदिर खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के स्वात जिले में बारीकोट तहसील के बाजीरा शहर में मिला है। इस संबंध में एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ”पाकिस्तान और इतालवी पुरातत्वविदों ने उत्तर पश्चिमी पाकिस्तान में एक ऐतिहासिक स्थल पर संयुक्त रूप से खुदाई के दौरान बौद्ध काल के 2,300 साल पुराने एक मंदिर की खोज की है। इसके साथ ही अन्य बेशकीमती कलाकृतियाँ भी बरामद की गई हैं। स्वात जिले में मिला यह मंदिर पाकिस्तान के तक्षशिला में मिले मंदिरों से भी पुराना है।”
  
मंदिर के अलावा पुरातत्वविदों को मिले 2,700 बौद्धकालीन कलाकृतियों में सिक्के, अंगूठियाँ, बर्तन और यूनान के राजा मिनांदर के काल की खरोष्ठी भाषा में लिखी सामग्री भी शामिल हैं। इटली के विशेषज्ञों कहना है कि स्वात जिले के ऐतिहासिक बाजीरा शहर में खुदाई के दौरान और भी पुरातात्विक स्थल मिल सकते हैं।

संग्रहालय एवं पुरातत्व विभाग के निदेशक डॉ अब्दुस समद ने बताया कि स्वात के बारीकोट का बजीरा शहर तक्षशिला से भी पुराना है। यहाँ इटली के प्रमुख विश्वविद्यालयों और खैबर पख्तूनख्वा पुरातत्व विभागों के पीएचडी छात्र बजीरा शहर में ऐतिहासिक स्थलों की खुदाई में लगे हुए हैं।

डॉ समद ने खुलासा किया कि खैबर पख्तूनख्वा सरकार ने चौदह पुरातात्विक स्थलों को खरीदा है और वहाँ खुदाई का काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि हाल ही में बज़ीरा शहर में कलाकृतियों की खोज ने साबित कर दिया कि स्वात छह से सात धर्मों के लिए पवित्र स्थान रहा है।

इस दौरान पाकिस्तान में इटली के राजदूत आंद्रे फेरारिस ने कहा कि पाकिस्तान में पुरातात्विक स्थल दुनिया के विभिन्न धर्मों के लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि खैबर पख्तूनख्वा पुरातत्व विभाग के सहयोग से इतालवी पुरातत्व मिशन पिछले सत्तर वर्षों से पाकिस्तान में पुरातात्विक स्थलों की रक्षा और खुदाई कर रहा है।

इससे पहले साल 2020 में पाकिस्तान के स्वात जिले में ही खुदाई के दौरान पुरातत्वविदों को विष्णु मंदिर के अवशेष मिले थे। इस मंदिर के अवशेषों से पता चला कि यहाँ कम-से-कम 1,000 साल पुराना हिंदू मंदिर था। इस मंदिर की खोज भी पाकिस्तान और इटली के पुरातत्वविदों के संयुक्त दल ने ही की थी। इस मंदिर का अवशेष बारीकोट घुंडई के पहाड़ियों के बीच खुदाई के मिला था।

उस समय खैबर पख्तूनख्वा के पुरातत्व विभाग के अधिकारी फजले खलीक ने बताया था कि यह मंदिर भगवान विष्णु का है। उन्होंने दावा किया कि इस मंदिर को हिंदू साम्राज्य के काल में बनाया गया था। वहीं, इसी साल जुलाई के महीने में इसी इलाके में भगवान बुद्ध की एक प्रतिमा मिली थी, जिसे कामगारों ने टुकड़े-टुकड़े कर दिया था।

इसी साल अप्रैल में श्रीलंका के वरिष्ठ बौद्ध भिक्षुओं का एक 14-सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल पाकिस्तान में स्थित विभिन्न बौद्ध विरासत स्थलों की धार्मिक तीर्थयात्रा पर पहुँचा था। इस दौरान बौद्ध भिक्षुओं ने लाहौर संग्रहालय में रखे गांधार सभ्यता के कुछ बेहतरीन और दुर्लभ बौद्ध अवशेषों को देखा, जिनमें 4,000 वर्ष पुराने ‘उपवास बुद्ध’ और ‘सीकरी स्तूप’ भी शामिल थे।

पाकिस्तान के स्वात के ही जहानाबाद में चट्टानों पर उकेरी गई भगवान बुद्ध की प्रतिमा की तस्वीर को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने 17 अक्टूबर 2021 को अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से साझा किया था। इसके साथ ही उन्होंने लिखा था, “लगभग 2,000 साल पुराने बुद्ध की सबसे बड़ी नक्काशी में से एक, स्वात के जहानाबाद में स्थित है।”

हालाँकि, इस तस्वीर को ट्वीट कर इमरान खान ट्रोल हो गए थे। भारत के एक यूजर ने इमरान खान के इस ट्वीट का जवाब देते हुए कहा था, “सब अब तोड़ मत देना। यह आखिरकार आपके इतिहास का हिस्सा है।” वहीं, एक अन्य सोशल मीडिया यूजर ने लिखा था, “अगर यह मूर्ति होती तो अब तक टूट गई होती। चट्टानी आकृति है न, इसलिए उसे तोड़ने के लिए विस्‍फोटक लगाने होंगे, जिसके लिए पैसे नहीं हैं और इसे जुटाने के लिए इमरान खान ट्वीट कर रहे हैं।”

गौरतलब है कि इमरान खान तालिबान का समर्थन करने के जाने जाते हैं। यह वही तालिबान है, जिसने अफगानिस्तान के बामियान में विश्व प्रसिद्ध भगवान बुद्ध की चट्टानी प्रतिमा को विस्फोटक लगाकर उड़ा दिया था। बलुआ पत्थर से बनी यह प्रतिमा कभी विश्व की सबसे ऊँची भगवान प्रतिमा हुआ करती थी।

NCP नेता के बेटे की शादी में सलमान खान और शिल्पा शेट्टी ने किया डांस, 35 चार्टर्ड फ्लाइट्स से बुलाए गए अतिथि: जयपुर में कार्यक्रम

NCP नेता प्रफुल्ल पटेल के बेटे की शादी में सलमान खान, अनिल कपूर और शिल्पा शेट्टी ‘जुम्मे की रात’ गाने पर जम कर नाचते हुए नजर आए। बता दें कि प्रफुल्ल पटेल NCP के मुखिया शरद पवार के करीबी हैं और मनमोहन सिंह की सरकार में केंद्रीय उड्डयन मंत्री भी रह चुके हैं। राज्यसभा सांसद के बेटे की शादी की पार्टी में बॉलीवुड की हस्तियों के डांस का वीडियो भी वायरल हो रहा है। शनिवार (18 दिसंबर, 2021) को राजस्थान की राजधानी जयपुर में ये कार्यक्रम हुआ।

सोशल मीडिया पर इस कार्यक्रम का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें सलमान खान नाले रंग की सूट पहने हुए दिख रहे हैं। प्रफुल्ल पटेल के बेटे प्रज्या पटेल की शादी हो रही है और ये वीडियो उनकी ‘संगीत’ के कार्यक्रम का था। प्रफुल्ल पटेल अभिनेता सलमान खान के फैन हैं और उन्होंने उन्हें रिसेप्शन में आने के लिए आमंत्रित किया था, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया। वो पटेल परिवार के करीबी भी हैं। शिरीष पंगलिया की बेटी से प्रज्या पटेल की शादी हो रही है, जो मूल रूप से राजस्थान के हैं लेकिन परिवार मुंबई में रहता है।

वो पेशे से कारोबारी हैं। शादी का कार्यक्रम काफी भव्य किया गया, जिसमें कई बड़ी हस्तियों ने हिस्सा लिया। शिवसेना के प्रवक्ता संजय राउत से लेकर ‘वेदांत रिसोर्सेज लिमिटेड’ के संस्थापक अनिल अग्रवाल भी अपनी पत्नी के साथ इस कार्यक्रम का हिस्सा बने। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रवि शास्त्री, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, ‘टाटा मेमोरियल हॉस्पिटल’ के वरिष्ठ डॉक्टर और पद्मश्री सम्मानित आरके देशपांडे, ‘हिंदुजा ग्रुप’ के मालिक श्रीचंद हिंदुजा और उनके भाई गोपीनाथ हिंदुजा भी अपने-अपने परिवारों के साथ जयपुर पहुँचे।

35 चार्टर्ड फ्लाइट्स से अतिथियों को बुलाया गया। जिन अन्य बड़े नामों ने इस कार्यक्रम में शिरकत की, वो हैं – कारोबारी सज्जन जिंदल, महाराष्ट्र के मंत्री एकनाथ शिंदे, ‘अडानी ग्रुप’ के मुखिया गौतम अडानी, NCP संस्थापक शरद पवार, हरियाणा के मुख्यमंत्री रहे भूपिंदर सिंह हुड्डा, अनिल अम्बानी की पत्नी टीना अम्बानी, अभिनेत्री जया बच्चन, प्रफुल्ल पटेल के भाई अमरीश, शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले, ‘भारती एयरटेल ग्रुप’ के चेयरमैन सुनील भारती, जम्मू कश्मीर के पूर्व सीएम और ‘नेशनल कॉन्फ्रेंस’ के अध्यक्ष फारुख अब्दुल्लाह, डॉक्टर केतन देसाई और भाजपा नेता राजीव प्रताप रूडी।

‘अल्लाह के नाम पर कर लो बाबा’: सारा ने कबूला कि ‘नमस्कार दर्शकों’ वीडियो के लिए अक्षय कुमार के आगे गिड़गिड़ाना पड़ा

बॉलीवुड अभिनेत्री सारा अली खान इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘अतरंगी रे’ के प्रमोशन को लेकर खासा चर्चा में हैं। इसी बीच सारा का इंस्टाग्राम का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। सारा अपने इंस्टाग्राम पर ‘नमस्ते दर्शकों’ की सीरीज को लेकर सुर्खियों में रहती हैं। इस सीरीज में वह जहाँ घूमने जाती हैं, उस जगह के बारे में वह दर्शकों को बताती हैं। अपनी एक सीरीज के लिए ‘सिम्बा’ एक्ट्रेस ने अक्षय कुमार के साथ भी वीडियो बनाया है, लेकिन इस वीडियो के लिए उन्हें अक्षय के आगे काफी गिड़गिड़ाना पड़ा था।

अक्षय कुमार से जुड़ी इस बात का खुलासा खुद सारा अली खान ने आरजे सिद्धार्थ कन्नन को दिए इंटरव्यू में किया है। ‘केदारनाथ’ फिल्म की एक्ट्रेस ने बताया कि अक्षय कुमार ने उनकी ‘नमस्ते दर्शकों’ सीरीज में आने से साफ इनकार कर दिया था, लेकिन उन्हें मनाने में वह कामयाब रही। सारा ने बताया, ”मैंने उनसे बोला सर प्लीज कर लो, प्लीज कर लो, अल्लाह के नाम पर कर लो बाबा, अल्लाह के नाम पे कर लो। तो उन्होंने कर लिया।”

‘अतरंगी रे’ में सारा अली खान और अक्षय कुमार ने पहली बार एक साथ काम किया है। वहीं, ‘सूर्यवंशी’ स्टार ने सारा के पिता सैफ अली खान के साथ टशन, ये दिल्लगी, कीमत, मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी, आरजू, तू चोर मैं सिपाही सहित कई फिल्मों में काम किया है।

बता दें कि सारा, अक्षय कुमार और धनुष की फिल्म ‘अतरंगी रे‘ 24 दिसंबर को डिज्नी हॉटस्टार पर रिलीज होगी। आनंद एल राय के निर्देशन में बनने वाली इस फिल्म के गाने, ट्रेलर और प्रोमो को खासा पसंद किया जा रहा है।

sara-ali-khan-akshay-kumar-namaskar-darshako-video-atrangi-re