Home Blog Page 3697

दुनिया के सबसे बड़े परिवार के मुखिया का निधन, करीब 200 सदस्यों के परिवार में 38 पत्नियाँ और 89 बच्चे

मिजोरम निवासी 38 पत्नियों और 89 बच्चों के साथ दुनिया के सबसे बड़े परिवार के रूप में विख्यात मुखिया जिओना चाना का 76 साल की उम्र में निधन हो गया है। उनके निधन की सूचना सीएम जोरमथांगा ने सोशल मीडिया पर दी। मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया, “मिजोरम और बकटावंग तलंगनुम में उनका गाँव उनके परिवार के कारण राज्य में एक प्रमुख पर्यटक आकर्षण बन गया था।”

रिपोर्ट के अनुसार, पेशे से बढ़ई जिओना चाना का परिवार 100 कमरों वाले चार मंजिला मकान में रहता है। यह फैमिली जिस घर में रहती है, उसका नाम छौन थर रन (न्यू जेनरेशन होम) है। यह आत्मनिर्भर है। अधिकांश सदस्य किसी ना किसी व्यापार में लगे हुए हैं।

उनके परिवार में करीब 200 लोग हैं। जिओना चाना का परिवार 14 बहुओं और 33 पोते-पोतियों और एक नन्हा प्रपौत्र के साथ बड़े प्यार से रहते थे। इस परिवार के बारे में बताया जाता है कि चाना की सबसे बड़ी पत्नी घर के सभी सदस्यों के काम का बँटवारा करती हैं। वह सभी के काम पर नजर भी रखती हैं।

बता दें कि चाना का जन्म 21 जुलाई 1945 को हुआ था। वह चाना पावल नाम के समुदाय के प्रमुख थे। इसे उनके पिता ने स्थापित किया था। इस संप्रदाय में कई शादियों की परंपरा है। चाना की इतनी पत्नियों की यही वजह है। इस परिवार का नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में शामिल है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस परिवार को एक दिन के राशन में 45 किलो चावल, 25 किलो दाल, 20 किलो फल, 30 से 40 मुर्गे और 50 अंडों की जरूरत पड़ती है।

माता वैष्णो देवी की भूमि पर तिरुपति बालाजी के दर्शन: LG मनोज सिन्हा ने किया 62 एकड़ में बनने वाले मंदिर का भूमिपूजन

उत्तर भारत के हिन्दू अब जम्मू-कश्मीर में भगवान वेंकटेश्वर के दर्शन कर पाएँगे। जम्मू के मजीन में रविवार (13 जून) को उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) द्वारा बनाए जाने वाले भगवान वेंकटेश्वर के भव्य मंदिर का भूमि पूजन किया और मंदिर निर्माण की आधारशिला रखी।

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के कार्यालय के ट्विटर एकाउंट से ट्वीट करके इसकी जानकारी दी गई। टीटीडी द्वारा बनाए जाने वाले भगवान वेंकटेश्वर के इस भव्य मंदिर के भूमि पूजन में उपराज्यपाल सिन्हा के अलावा केन्द्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह एवं जी. किशन रेड्डी, टीटीडी अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

उपराज्यपाल सिन्हा ने इस मौके पर जम्मू-कश्मीर और उत्तर भारत के निवासियों की वर्षों पुरानी इच्छा की पूर्ति करने के लिए टीटीडी बोर्ड और केंद्र सरकार को धन्यवाद कहा। उपराज्यपाल सिन्हा ने कहा कि माता वैष्णो देवी की इस पवित्र भूमि पर भगवान बालाजी के मंदिर के निर्माण का भूमिपूजन पूरे जम्मू-कश्मीर के लिए गर्व का विषय है। उपराज्यपाल सिन्हा ने यह भी जानकारी दी कि लगभग 62 एकड़ में बनने वाले इस मंदिर का निर्माण दो चरणों में होगा और लगभग 18 महीनों में पूरा हो जाएगा।

आपको बता दें कि भगवान वेंकटेश्वर के मंदिर के निर्माण के लिए तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (TTD) को जमीन देने के प्रस्ताव पर इसी साल अप्रैल में प्रशासनिक परिषद ने मुहर लगाई थी। परिषद की श्रीनगर में हुई बैठक में टीटीडी को मंदिर एवं अन्य सुविधाओं के निर्माण के लिए 496 कनाल 17 मरले (लगभग 62 एकड़ अथवा ढाई लाख वर्ग मीटर) जमीन देने का फैसला हुआ था। जम्मू में यह जमीन 40 साल के लीज पर दी गई है।

इस भूमि पर टीटीडी मंदिर के अलावा वेद पाठशाला, आध्यात्म केंद्र और आवास जैसी अन्य सुविधाओं का निर्माण करेगा। निकट भविष्य में स्वास्थ्य एवं शिक्षा सुविधाओं के निर्माण का लक्ष्य रखा गया है। इसका उद्देश्य जम्मू में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देना है। जम्मू और कटरा के बीच बनने वाला यह मंदिर तिरुपति वेंकटेश्वर मंदिर की प्रतिकृति होगा।

जम्मू-कश्मीर के अलावा टीटीडी ने भगवान वेंकटेश्वर का भव्य मंदिर वाराणसी और मुंबई में भी बनाने की योजना बना रखी है। चेन्नई, विशाखापत्तनम और भुवनेश्वर में मंदिरों का निर्माण जारी है। टीटीडी हैदराबाद, कुरुक्षेत्र और कन्याकुमारी में पहले ही श्री वेंकटेश्वर स्वामी का मंदिर बना चुका है और ये आस्था के बड़े केंद्र बनकर उभरे हैं।

5000 पाकिस्तानी हिन्दू शरणार्थियों को इंदौर में लगेगी Covid-19 वैक्सीन: CM शिवराज सिंह ने दी अनुमति

मध्य प्रदेश के इंदौर में रहने वाले लगभग 5,000 पाकिस्तानी हिन्दू शरणार्थियों को कोरोना वायरस का टीका लगाया जाएगा। ये हिन्दू शरणार्थी कई दिनों से इसके लिए माँग कर रहे थे। संबंधित अधिकारी ने रविवार (13 जून) को यह जानकारी दी कि मध्य प्रदेश सरकार ने इसके लिए अनुमति प्रदान कर दी है।

इंदौर के जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. प्रवीण जड़िया ने बताया कि पाकिस्तानी हिन्दू सिंधी समुदाय के लगभग 5,000 लोग इंदौर में रहते हैं। ये सभी अधिकतर शहर के सिंधी कालोनी एरिया में रह रहे हैं। डॉ. जड़िया ने बताया कि शरणार्थी हिंदुओं के प्रतिनिधि लगातार समुदाय के लोगों के टीकाकरण की माँग कर रहे थे जिस पर मध्य प्रदेश सरकार ने संज्ञान लेते हुए इन सभी शरणार्थियों के टीकाकरण को मंजूरी दे दी। डॉ. जड़िया ने बताया कि सरकार से मंजूरी मिलने के बाद पाकिस्तान के ये शरणार्थी हिन्दू इंदौर के टीकाकरण केंद्रों में Covid-19 का टीका लगवा सकते हैं।

डॉ. जड़िया ने बताया कि इंदौर में टीकाकरण कार्यक्रम तेजी से चल रहा है और प्रशासन मानवीय आधार पर भी शहर में मौजूद सभी वयस्कों के टीकाकरण का कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले महीने ही एक विदेशी नागरिक को इंदौर में टीका लगाया गया जो इंदौर किसी आवश्यक कार्य से आया था।

कुछ दिनों पहले राजस्थान से हिन्दू प्रवासियों को टीकाकरण में आ रही समस्याओं की खबर आई थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, राजस्थान के जोधपुर जिले में करीब 24 से ज्यादा झुग्गियों में 90 फीसदी पाकिस्तानी हिन्दू प्रवासी रहते हैं। बताया गया था कि इन हिन्दू प्रवासियों की न तो इनकी Covid-19  की जाँच हुई है और न ही उन्हें किसी तरह का इलाज मुहैया कराया गया।

हालाँकि, इन बस्तियों में पहले से ही कई लोग कोरोना की चपेट में आ चुके थे। जोधपुर में रहने वाले 5 प्रवासियों की कथित तौर पर कोरोना से मौत भी हो गई थी। इन सबके बावजूद इनको Covid-19 की वैक्सीन नहीं लगाई जा सकी क्योंकि इन लोगों के पास आधार कार्ड व अन्य कोई पहचान पत्र नहीं है।

चीन और अमेरिका ने ठुकराई इमरान खान की ‘मैंगो डिप्लोमेसी’, वापस लौटाए तोहफे में मिले पाकिस्तानी आम

क्या आपको पता है कि हमारे पड़ोसी देश पाकिस्तान की हालत कुछ हद तक सुधर रही है। कभी गधे बेचने वाला हमारा पड़ोसी मुल्क आज ‘आम’ तोहफे में दे रहा है, हालाँकि ये अलग बात है कि अमेरिका और चीन समेत कई देशों ने पाकिस्तान के इन तोहफों को ठुकरा दिया। पाकिस्तान ने इसे ‘मैंगो डिप्लोमेसी’ नाम दिया है।  

बीते बुधवार (09 जून) को पाकिस्तान के फॉरेन ऑफिस (एफओ) 32 देशों की सरकारों और राष्ट्राध्यक्षों को ‘चौंसा’ आम की पेटियाँ भेजी गईं। आम की इन पेटियों को अमेरिका, चीन, रूस, कनाडा, फ्रांस जैसे विकसित देशों के अलावा नेपाल, तुर्की, श्रीलंका, ईरान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश जैसे कुल 32 देशों को भेजा गया।

हालाँकि, अमेरिका और चीन ने कोरोना वायरस क्वारंटीन नियमों का हवाला देते हुए पाकिस्तान के द्वारा भेजी गईं आम की इन पेटियों को स्वीकार करने से इनकार कर दिया। अमेरिका और चीन के अलावा कनाडा, नेपाल, मिस्र और श्रीलंका ने भी पाकिस्तान के द्वारा मैंगो डिप्लोमेसी के तहत भेजे गए आम के तोहफे को स्वीकार करने में असमर्थता जताई है।

न्यूज एजेंसी एएनआई के द्वारा सूत्रों के हवाले से यह खबर भी दी गई कि पाकिस्तान के एफओ ने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों को भी चौंसा आम की पेटियाँ भेजी थी लेकिन अभी तक पाकिस्तान की इस मैंगो डिप्लोमेसी पर उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। न्यूज इंटरनेशनल की खबर में बताया गया है कि विभिन्न देशों को यह आम पाकिस्तान के राष्ट्रपति डॉ. आरिफ अल्वी की ओर से भेजे गए हैं। बाकी देशों का तो ठीक है लेकिन पाकिस्तान के परम मित्र चीन ने उसके तोहफे को नकार दिया, यह पाकिस्तान के लिए ठीक खबर नहीं है।

इस्लामिक कट्टरपंथियों और भारत के खिलाफ अपने पैंतरों से चर्चा में रहने वाला पाकिस्तान कभी-कभार ऐसी ही कुछ वजहों से भी चर्चा में बना रहता है। 2019 में यह खबर आई थी कि देश की आर्थिक किल्लतों के चलते पाकिस्तान के सियासतदानों ने चीन को गधे बेचने के फैसला किया था। पाकिस्तान में गधों की तीसरी सबसे बड़ी आबादी है और पाकिस्तान इन गधों को बेचकर करोड़ों रुपए कमाना चाहता था।

कीचड़ में लोटने वाला सूअर मीका सिंह, हवस का पुजारी… 17 साल की लड़की को भेजा गंदे मैसेज और अश्लील फोटो: KRK

फिल्म क्रिटिक कमाल आर खान और सिंगर मीका सिंह के बीच विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। हाल ही (11 जून 2021) में मी​का सिं​ह ने यूट्यूब पर ‘केआरके कुत्ता’ नाम का नया गाना रिलीज किया। ऐसे में केआरके भी पीछे कहाँ रहने वाले थे। उन्होंने भी मी​का सिंह को जवाब देने के लिए यूट्यूब पर अपना एक वीडियो बना डाला। फिल्म क्रिटिक ने इस वीडियो का टाइटल ‘मीका सिंह हवस का पुजारी’ रखा है।

वीडियो में केआरके मीका सिंह को गालियाँ दे रहे हैं और उन्हें बार-बार सूअर कह रहे हैं। उन्होंने कहा, ”दोस्तों आज का ये वीडियो में एक सूअर के बारे में बना रहा हूँ। इस वीडियो में बहुत ही जबरदस्त #@# होने वाली है। इसलिए आप सभी हेडफोन लगा लें।”

उन्होंने कहा कि अब आप कहेंगे कि ये सूअर कौन है। वीडियो में मीका के साथ एक सूअर का फोटो दिखाकर केआरके ने आगे कहा, “देखो ये हूबहू इसके जैसा दिखता है। इस सूअर ने मेरा चेहरा, कई सारी फोटो पर लगाकर एक वीडियो बनाया है, जो कि बहुत ही गंदा और घटिया है। वो वीडियो उतना ही घटिया है, जितना इस अनपढ़ गवार की शक्ल है।”

केआरके ने कहा, “अगर मैं चाहूँ तो इसका चेहरा लगाकर एक पूरी पोर्न फिल्म बना सकता हूँ, लेकिन मैं ऐसा नहीं करूँगा, क्योंकि यह एक सूअर है। इसको कीचड़ में लोटने की आदत है। ये मुझे भी उस कीचड़ में लेकर जाना चाहता है, लेकिन मैं नहीं जाऊँगा। इस सूअर ने पिछले 15 दिनों में कई बयान दिए हैं। इसने कहा कि केआरके मेरे जैसे बलवान से नहीं टकराता, वो बहुत कमजोर लोगों को टारगेट बनाता है जैसे अनुराग कश्यप और करण जौहर। तो बेटा सूअर जैसी शक्ल वाले मीका सिंह, ये याद रख अनुराग कश्यप वेस्टर्न यूपी का लौंडा है, उसके सामने ऐसी बात कभी बोल भी मत देना। अगर तूने उनके सामने ऐसी बात कभी बोली तो इतने झापड़ खींचेगा, इतने झापड़ खीचेगा कि तूझे अगले 15 दिन तक बेटा होश नहीं आएगा।”

कमाल आर खान ने फिर करण जौहर की बात की। उन्होंने कहा, “बेटा तेरी औकात ही नहीं है उसके बारे में बात करने की, क्योंकि वो तेरे जैसे गधे सिंगर को अपने ऑफिस में एंट्री भी नहीं देता है। करण जौहर का जो ड्राइवर है ना बेटा, उसकी इज्जत भी तेरे से सौ गुना ज्यादा है, क्योंकि वो तेरी तरह कभी जेल नहीं गया ना सूअर जैसी शक्ल वाले।”

केआरके ने आगे कहा, “इसने कहा कि दिल्ली में इसने मेरी एक प्रोपर्टी खरीदी है और उस प्रोपर्टी का इसने मेरे ऊपर एक केस डाला है। उस केस कि वजह से मैं पिछले डेढ़ साल से इंडिया नहीं आया हूँ। पहले तो इस सूअर जैसी शक्ल वाले की औकात नहीं है कि वो मेरी प्रोपर्टी खरीदे, लेकिन चलो मैंने इसकी बात मान ली इसने मेरी प्रोपर्टी खरीदी और इसने मेरे ऊपर केस डाला, जिसकी वजह से मैं डेढ़ साल त​क इंडिया नहीं आया। फिर अगले ही दिन ये एक बंगले के सामने जाकर खड़ा हो गया, जो इसके घर के बराबर में है और मीडिया से कहने लगा कि देखो ये पड़ोसी बता रहे हैं कि केआरके दो दिन से गायब है। मेरे डर से यहाँ से भागा हुआ है, आ ही नहीं रहा है।”

सूअर अनपढ़ गँवार, कभी स्कूल गया नहीं

KRK ने कहा कि मीका सूअर है, अनपढ़ गँवार है, कभी स्कूल गया नहीं। मीका को कैसे याद रहेगा कि इसने एक दिन पहले क्या कहा था और दूसरे दिन क्या बकवास कर रहा है। कमाल आर खान ने पत्रकारों को भी लेपटते हुए कहा, “कुछ लुक्खा, भिखारी पत्रकार हैं, जो इसके साथ घूमते हैं और 500 रुपए में इसकी न्यूज बना देते हैं। हालाँकि, हकीयत ये है कि उस रोड पर मेरे 5 बंगले हैं। दो साल पहले इसने ही अपने एक पंजाबी सिंगर दोस्त को मुझसे वो बंगला बिकवाया था। उसकी चाबी भी शायद इसके ही पास रहती है, लेकिन ये कह रहा है कि मैं इसकी वजह से भाग गया। कितना बड़ा फर्जी है, ये इससे आप अंदाजा लगा सकते हो।”

अपने साथ मारपीट को लेकर KRK ने कहा, “इसने अपने ##### पत्रकार दोस्तों को एक और बयान दिया कि मैं केआरके की बर्थडे पार्टी में गया था और विवेक ओबरॉय के सामने ही मैंने केआरके को बहुत बुरा भला कहा था। मैंने तो इसे इनवाइट भी नहीं किया था। ये भीख माँग कर मेरी पार्टी में आया था। इसने कहा कि केआरके को थप्पड़ मारा। इसकी औकात नहीं है मेरे सामने बैठने की… सूअर जैसी शक्ल वाले गधे सिंगर तू दुआ करना कि मेरे सामने कभी नहीं आए।”

फिल्म क्रिटिक KRK यही नहीं रुके। उन्होंने कहा कि मीका खुद को बहुत बड़ा डॉन समझता है, लेकिन पुलिस ने इसके दोनों भाइयों शमशेर और दिलेर मेहंदी को हिरासत में लेकर अच्छी खातिरदारी की थी। KRK के अनुसार मीका भाग रहा था पुलिस से बचने के लिए। बाद में इसे भी अबू धाबी से गिरफ्तार किया गया था। ये कितनी घटिया फैमिली से है, जहाँ हर कोई जेल जा चुका है।

मीका के सिंगिंग टैलेंट पर बात करते हुए KRK ने कहा, “2004 में ये गिटार लेकर घूमता था। मेरे ऑफिस आया था। कह रहा था मैं सिंगर हूँ, मेरा दुबई में शो करवा दो। मैंने कहा कि गाकर सुनाओ, तब इसने सावन में लग गई आग गाना सुनाया। मैंने इससे कहा तू गधे की तरह हिनहिना रहा है। तू सिंगर नहीं है और भगा दिया।”

कमाल आर खान ने कहा, ”इस सूअर जैसी शक्ल वाले लुक्खे ने कहा कि मैं औरतों की इज्जत नहीं करता। सूअर जैसी शक्ल वाले तू मुझे बता ही दे कि मैंने कब किसी औरत के साथ किसी रेस्टोरेंट में, कहीं किसी रोड पर मारपीट की, घर पर मारपीट की, जिसकी वजह से पुलिस मुझे उठाकर ले गई।”

राखी सावंत को सूअर की तरह KISS किया

फिल्म क्रिटिक KRK ने औरतों की इज्जत वाली बात पर कहा, “सूअर जैसी शक्ल वाले दुनिया को ज्ञान देने से पहले तू अपने गिरबान में झाँक कर देख ले। तू कितना औरतें की इज्जत करता है, उसका सबूत मेरे पास है। 2006 में राखी सावंत को सूअर के जैसे चूसा। सूअर की तरह Kiss किया। इस तरह किसी लड़की को जबरदस्ती Kiss करना किसी रेप से कम नहीं है। इसके बाद अबू धाबी की पुलिस ने इसे गिरफ्तार किया, क्योंकि ये ब्राजील की 17 साल की लड़की को गंदे मैसेज और अश्लील फोटो भेजता था।”

इसने पहले मीका सिंह ने कहा था केआरके उनका बेटा है, फिर कहा कि केआरके कुत्ते का बच्चा है। बता दें कि मीका सिंह के गाना रिलीज करने पर केआरके काफी भड़क गए थे। उन्होंने शनिवार (12 जून 2021) को ट्वीट किया, ”मैंने वीडियो से जवाब देने की बजाए मीका, विंदू, तोशी साबरी और ईटाइम के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर करने का फैसला किया है। जल्द ही आप सभी से कोर्ट में मुलाकात होगी।”

‘न्याय द जस्टिस’ का ट्रेलर देख भड़के सुशांत के फैंस, IMDB पर 1.0 स्टार रेटिंग देकर जताई नाराजगी

अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत एक साल बीत जाने के बाद आज भी एक अनसुलझी गुत्थी ही बनी हुई है। इसी दौरान सुशांत की जिंदगी पर आधारित एक फिल्म का ट्रेलर लॉन्च हुआ था। हालाँकि ‘न्याय द जस्टिस’ नाम की इस फिल्म के ट्रेलर को देखने के बाद उनके फैन नाराज हैं और ट्रेलर की आलोचना कर रहे हैं। फैंस ने आईएमडीबी पर फिल्म के ट्रेलर को सिर्फ 1.0 स्टार रेटिंग दिया है।

ट्रेलर की शुरुआत में ही एक खबर चलाई जाती है जिसमें बताया जाता है कि महेंद्र सिंह नाम के अभिनेता ने आत्महत्या कर ली है। आत्महत्या करने वाले अभिनेता के पिता (आसरानी) कहते हैं कि उनका बेटा पॉजिटिव थिंकिंग वाला व्यक्ति था और वह आत्महत्या कर ही नहीं सकता है। अभिनेता के पिता एक उर्वशी नाम की अभिनेत्री पर आरोप लगाते हुए दिखाई देते हैं।

ट्रेलर के थंबनेल में लिखा हुआ है कि यह एक सच्ची घटना पर आधारित है और पूरा ट्रेलर ठीक वैसे ही चलता है जैसा सुशांत की मौत के बाद पिछला एक साल गुजरा। ट्रेलर में अभिनेता को लिव इन रिलेशनशिप में दिखाया जाता है और कुछ अंतरंग सीन भी दिखाई दे रहे हैं। साथ ही ट्रेलर में अभिनेता की मौत के बाद शुरू हुई जाँच और जाँच अधिकारियों के दृश्य भी हैं। ट्रेलर में अभिनेता के द्वारा ड्रग्स लेने और डिप्रेशन में जाने की बात भी की जा रही है। ट्रेलर को देखने के बाद ऐसा लगता है जैसे यह पिछले एक साल के दौरान मीडिया में सुशांत की मौत के बारे में जो भी कहा गया, लिखा गया और सुना गया उसी को फिल्म के माध्यम से पर्दे पर उतारने की एक कोशिश है।  

हालाँकि ‘न्याय : द जस्टिस’ के ट्रेलर से सुशांत सिंह राजपूत के फैन नाखुश दिखाई दिए। फिल्म रेटिंग प्लेटफॉर्म आईएमडीबी पर 1,188 लोगों ने फिल्म के ट्रेलर को मात्र 1.0 स्टार दिए। फिल्म की पटकथा को दिलीप गुलाटी ने लिखा है और निर्देशन भी उन्होंने ही किया है।

आईएमडीबी पर दर्शकों द्वारा ट्रेलर को दिया गया 1.0 स्टार (फोटो : आईएमडीबी)

इससे पहले सुशांत के पिता केके सिंह ने सुशांत के जीवन पर आधारित बताई जा रही फिल्मों पर रोक लगाने के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया था। उन्होंने इन फिल्मों को निजता का उल्लंघन और सुशांत की मौत के मामले की जाँच प्रभावित होने का हवाला दिया था। लेकिन दिल्ली हाई कोर्ट के जस्टिस संजीव नरूला ने बुधवार (9 जून 2021) को उनकी अपील खारिज कर दी। उन्होंने कहा कि ‘न्याय: द जस्टिस’ सुशांत से समानता नहीं दिखाती और यह उनकी बॉयोपिक नहीं है

ज्ञात हो कि सुशांत सिंह राजपूत 14 जून 2020 को मुंबई में अपने घर में मृत मिले थे। सीबीआई उनकी मौत की जाँच कर रही है। वहीं, एनसीबी इस मामले में कई बॉलीवुड सितारों से पूछताछ भी कर चुकी है। हालाँकि इस मामले में ड्रग्स का एंगल भी खुल कर सामने आया और सुशांत की गर्लफ्रैंड रही रिया चक्रवर्ती से भी पूछताछ की गई।

दिल्ली में गहराया जल संकट, पानी के लिए टैंकरों पर चढ़े लोग: केजरीवाल सरकार ने लोगों को उनके हाल पर छोड़ा

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एक बार फिर से पानी का संकट गहरा गया है। पानी के लिए लोगों को खासी मारामारी करनी पड़ रही है। इस बीच चाणक्यपुरी इलाके के विवेकानंद कैंप में पानी के लिए आए वाटर टैंकर पर चढ़कर स्थानीय लोगों को पानी निकालते देखा गया है।

समाचार एजेंसी एएनआई द्वारा शेयर किए गए वीडियो में महिलाओं का एक जत्था पानी रखने के बर्तनों के साथ फुटपाथ पर पानी के टैंकर का इंतजार कर रहा होता है। नई दिल्ली नगर निगम (एनडीएमसी) का पानी का टैंकर जैसे ही विवेकानंद कैंप में दाखिल होता है तो अपनी सुरक्षा की परवाह किए बगैर कुछ लोग उस पर चढ़ जाते हैं। इसके बाद पानी भरने के लिए उसमें पाइप डाल देते हैं।

दिल्ली में जल संकट के कारण पैदा हुई विकट स्थिति में पानी के टैंकर के आसपास लोगों की खासी भीड़ जमा हो गई। इस दौरान कोरोना महामारी के बावजूद लोगों को बिना मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग का उल्लंघन करते देखा गया।

पानी के लिए घंटों इंतजार

इस क्षेत्र में पानी के कथित संकट के कारण लोगों ने पानी के टैंकरों के इंतजार में लंबी लाइन लगा लिया। विवेकानंद कैम्प के बाद यही हाल चाणक्यपुरी इलाके के संजय कैंप में भी देखने को मिला। स्थानीय निवासियों को पानी के लिए 5-5 घंटे तक का लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। बावजूद इसके इलाके की 15,000 की आबादी की प्यास बुझाने के लिए केवल 4-5 पानी के टैंकर ही आते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि वाटर टैंकर दिन में दो बार आता है, लेकिन इसका कोई एक निश्चित समय नहीं होता है। ऐसे में उन्हें घंटों टैंकरों का इंतजार करना पड़ता है।

स्थानीय लोगों ने अपनी व्यथा बताते हुए कहा कि अगर वो घर के अंदर रहेंगे तो उन्हें पता ही नहीं चलेगा कि टैंकर कब आया। खास बात यह है कि 5 मिनट भी लेट होने का मतलब है कि उन्हें पानी नहीं मिलेगा। इससे बचने के लिए वे बाहर टैंकर आने तक इंतजार करते रहते हैं।

राष्ट्रीय राजधानी में गर्मी बढ़ने के साथ ही दिल्ली सरकार ने लोगों को उनके हाल पर छोड़ दिया है। इस बीच अब गहराते जल संकट को लेकर भाजपा और आम आदमी पार्टी (आप) के बीच वाकयुद्ध शुरू हो गया है।

इससे पहले 5 जून 2021 को दिल्ली जल बोर्ड ने जानकारी दी थी कि इंद्रपुरी, मायापुरी, टोडापुर गाँव, नरैना गाँव, नरैना विहार, कृषि कुंज, मानसरोवर गार्डन, राजौरी गार्डन, सुभाष नगर, रमेश नगर, हरि नगर, कीर्ति नगर, एचएमपी कॉलोनी समेत इलाके और पंजाबी बाग को मेंटनेन्स के कार्यों के चलते पानी की किल्लत से दो चार होना पड़ सकता है। इसीलिए लोगों से पानी बचाने के लिए कहा गया था।

राजस्थान में कौन बनेगा मंत्री: 9 कुर्सी पर 35 दावेदार, पायलट खेमा को अकेले चाहिए 6-7, विधायकों की फोन टैपिंग इसी कारण?

राजस्थान की गहलोत सरकार एक बार फिर से फोन टैपिंग मामले में घिरती नजर आ रही है। इस बार सरकार पर आरोप लग रहे हैं कि वह अपने ही पार्टी के विधायकों के फोन टैप करा रही है। बीजेपी प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह ने रविवार (13 जून 2021) को कहा, ”सीएम गहलोत के नेतृत्व में राजस्थान में चल रही जासूसी की साजिश इससे पहले भी हो चुकी है। उन्होंने विधानसभा में स्वीकार किया कि वास्तव में फोन टैपिंग हुई थी। राजस्थान बेहद बुरे दौर से गुजर रहा है… यह कॉन्ग्रेस में चल रहे अंतर्कलह व असंतोष को दिखाता है।”

वहीं, शनिवार (12 जून 2021) को पायलट खेमे के एक विधायक वेद प्रकाश सोलंकी ने भी गहलोत सरकार पर फोन टैपिंग का आरोप लगाया था। सोलंकी ने कहा था कि राजस्थान में विधायकों की फोन टैपिंग कराई जा रही है। हालाँकि, उनकी फोन टैपिंग हो रही है या नहीं, इस बारे में उन्होंने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है।

कॉन्ग्रेस विधायक वेद प्रकाश सोलंकी ने कहा था, “मुझे नहीं पता कि मेरा फोन टैप हो रहा है या नहीं, लेकिन कुछ विधायकों ने कहा कि उनके फोन टैप किए जा रहे हैं। 2-3 विधायकों ने शुक्रवार (11 जून 2021) को सीएम को इसकी जानकारी दी। इस संबंध में मेरी सचिन पायलट से कोई बातचीत नहीं हुई।”

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए विधानसभा में कॉन्ग्रेस के मुख्य सचेतक महेश जोशी ने कहा, ”ये निराधार आरोप हैं। एक विधायक जैसे जिम्मेदार व्यक्ति को सबूतों के आधार पर चीजों की पुष्टि करने के बाद ही सार्वजनिक बयान देना चाहिए।”

इस मामले को लेकर राजस्थान बीजेपी प्रमुख सतीश पूनिया ने कहा था, “एक साल पहले भी ऐसा ही हाल था। आज फिर से कॉन्ग्रेस के एक विधायक कह रहे हैं कि उनके फोन टेप हो रहे हैं, जासूसी हो रही है। कॉन्ग्रेस बताए कि ये विधायक कौन हैं? कॉन्ग्रेस पार्टी सो जा नहीं तो गब्बर आ जाएगा कि तर्ज पर अपने ही विधायकों को डरा रही है।”

न्यूज़ 18 हिंदी के अनुसार, “बीजेपी नेता अरुण चतुर्वेदी ने कहा कि गहलोत सरकार ने पहले केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के कई नेताओं के फोन टेप कराए। अब कॉन्ग्रेस विधायकों के फोन टेप से साफ हो गया कि अशोक गहलोत सरकार बचाने के लिए विधायकों की जासूसी करवा रहे हैं और उन पर निगरानी रख रहे हैं।”

बता दें कि फोन टैपिंग को लेकर गहलोत सरकार की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। यह मामला ऐसे वक्त में सामने आया है, जब सचिन पायलट दो दिनों से दिल्ली में अपनी माँगों को लेकर डेरा डाले बैठे हैं, लेकिन अभी तक उनकी आलाकमान से मुलाकात नहीं हुई है।

राजस्थान में अशोक गहलोत के मंत्रिमंडल में 9 पद खाली हैं। सचिन पायलट का खेमा अकेले इनमें से 6-7 मंत्रीपद चाहता है। जबकि मीडिया रिपोर्ट की मानें तो राजस्थान में CM गहलोत की कैबिनेट के लिए लगभग 35 नाम चर्चा में हैं। इनमें से वो 10 निर्दलीय विधायक भी हैं, जो अशोक गहलोत सरकार को समर्थन दे रहे हैं। बीएसपी वाले वो 6 MLA भी हैं, जो अब कॉन्ग्रेसी हो चुके हैं। पायलट खेमे से अलग खुद कॉन्ग्रेस के लगभग 10 वरिष्ठ विधायक भी इस ताक में लगे हैं।

सचिन पायलट मामले को सुलझाने के लिए अब खुद सोनिया गाँधी अपने स्तर पर चीजों को देख रही हैं। इसके अलावा कयास यह भी है कि प्रियंका गाँधी वाड्रा से भी सचिन पायलट मुलाकात करेंगे।

सचिन पायलट ने 18 विधायकों के साथ पिछले साल जुलाई में भी बगावत का मन बनाया था, लेकिन उन्होंने कुछ समय बाद गहलोत सरकार में वापसी कर ली थी। हालाँकि, इस बार पायलट अपने तेवरों से उड़ान भरने को तैयार दिख रहे हैं। 10 महीने पहले उनसे किए वादे पूरे करने की माँग को लेकर पायलट सरकार पर लगातार दबाव बना रहे हैं।

अयोध्या को बनाएँगे धार्मिक, वैदिक और सोलर शहर- प्राचीन विरासत के साथ आधुनिकता का संगम: CM योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यह घोषणा की है कि राज्य सरकार अयोध्या को एक धार्मिक, वैदिक और सोलर सिटी के रूप में विकसित करेगी। ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व रखने वाली अयोध्या एक वैश्विक पर्यटन स्थल बनने के साथ एक समावेशी शहर के रूप में विकसित होगी।

शनिवार (12 जून) को मुख्यमंत्री निवास में अयोध्या के लिए विजन डॉक्यूमेंट के प्रेजेंटेशन के दौरान यह निर्णय लिया गया। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या में जल स्रोतों के संरक्षण, इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम, पशु संरक्षण, आउटर रिंग रोड का निर्माण, सोलर प्रोजेक्ट, वृक्षारोपण और रोजगार के नए अवसर उत्पन्न करने के प्रोजेक्ट पर प्राथमिकता से काम शुरू किया जाएगा। सनातन संस्कृति पर आधारित यह शहर प्राचीन सभ्यता, विरासत और परंपरा पर आधारित यह शहर आधुनिक समावेशी सुविधाओं के साथ सामंजस्य में विकसित होगा।

रामजन्मभूमि सिटी प्लान :

सीएम आदित्यनाथ ने शहर में यूटिलिटी पासेज बनाने का आदेश दिया है ताकि बार-बार अंडरग्राउंड केबल और पाइपलाइन के लिए सड़कों को न खोदना पड़े। उन्होंने यह भी आदेशित किया है कि शहर में हेरिटेज लाइटिंग की जाए। साथ ही पंच कोसी, चौदह कोसी और चौरासी कोसी परिक्रमा मार्ग का विकास उनके धार्मिक महत्व को ध्यान में रखते हुए किया जाए। पर्यटन विभाग को ऐतिहासिक और धार्मिक स्थानों की पहचान करने और उनका विकास करने के लिए भी आदेशित किया जा चुका है।

सीएम आदित्यनाथ द्वारा अधिकारियों को यह कहा गया है कि राम मंदिर रोड के चौड़ीकरण के लिए जमीन अधिग्रहण करने से पहले दुकानदारों और स्थानीय निवासियों की अनुमति ली जाए और उनके लिए उचित प्रबंध किया जाए। अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय के विषय में सीएम योगी आदित्यनाथ का मानना है कि संग्रहालय इस प्रकार बनाया जाना चाहिए कि उसमें आधुनिकता के साथ ऐतिहासिक गर्व का संयोजन हो। साथ उन्होंने गेस्ट हाउस और विभिन्न अन्य संस्थानों के निर्माण के लिए जमीन अधिग्रहण का भी आदेश दिया है। इसके अलावा सरयू नदी और उसके घाटों के सौंदर्यीकरण की योजना पर भी गंभीरता से विचार किया जा रहा है।

श्रीराम मंदिर की नींव का कार्य अक्टूबर तक में होगा पूर्ण :

राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने यह घोषणा की है कि राम मंदिर के निर्माण के लिए पत्थरों को जोड़ने का कार्य इसी साल दिसंबर से शुरू हो जाएगा। हाल ही में प्राप्त सूचनाओं के आधार पर मंदिर की 50 फुट गहरी, 400 फुट लंबी और 300 फुट चौड़ी नींव की भराई का कार्य चल रहा है जो कि इस साल अक्टूबर तक पूरा हो जाएगा। इसके बाद दूसरे चरण का निर्माण कार्य शुरू होगा जिसमें मंदिर निर्माण के लिए पत्थरों को आपस में जोड़ने का कार्य शामिल है।

राम मंदिर ट्रस्ट के ट्रस्टी अनिल मिश्रा ने कहा कि दिसंबर में मंदिर के आधार निर्माण का कार्य शुरू होगा। जिसके लिए मिर्जापुर के गुलाबी पत्थरों का ऑर्डर दे दिया गया है और उन्हें तराशने का काम भी जल्दी ही शुरू कर दिया जाएगा।

शिवसेना MLA दिलीप लांडे की गुंडागर्दी: नाले के पास बिठा ठेकेदार को कचरे से नहलाया, जो किया उसे सही भी ठहरा रहे

मॉनसून मुंबई में दस्तक दे चुका है। पहली बारिश ने ही ठाकरे सरकार की व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी है। जगह-जगह जल जमाव की समस्या देखने को मिल रही है। इस बीच मुंबई के चांदीवली से शिवसेना विधायक दिलीप लांडे द्वारा एक ठेकेदार को सजा देने का वीडियो सामने आया है।

वायरल हो चुके इस वीडियो में देखा जा सकता है कि विधायक दिलीप लांडे ने कुर्ला में नाले के पास एक ठेकेदार को कचरे के ढेर में बैठा दिया और उसके ऊपर कचरा डलवा दिया। वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि शिवसेना विधायक लांडे और उनके समर्थक एक ठेकेदार को पानी से भरी सड़क पर बैठने के लिए मजबूर करते हैं। फिर श्रमिकों को उस पर कचरा डालने के लिए कहते हैं।

इस तरह की कार्रवाई किए जाने का कारण पूछे जाने पर विधायक ने कहा, “कचरे को साफ कराने का काम ठेकेदार का था, जो उसने नहीं किया। इससे भारी जल जमाव के कारण स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। मैंने जो किया, वो इसलिए किया क्योंकि ठेकेदार ने अपना काम नहीं किया।”

शिवसेना विधायक दिलीप लांडे ने आगे कहा कि वो पिछले 15 दिनों से ठेकेदार को फोन कर सड़क साफ करवाने का अनुरोध कर रहे थे। लेकिन ठेकेदार ने ऐसा कभी नहीं किया। विधायक के अनुसार जब शिवसेना के लोग खुद साफ-सफाई करने लगे, तब इसका पता चलते ही ठेकेदार वहाँ दौड़ पड़ा।

किसी नागरिक को जबरन सड़क पर बिठा कर उसके ऊपर कचरा डलवाने जैसा गैर-कानूनी काम के लिए विधायक दिलीप लांडे अपनी सफाई में जो भी कहें लेकिन उनकी इस हरकत की लोग जमकर आलोचना कर रहे हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई में पिछले तीन दिनों से मूसलाधार बारिश हो रही है, जिससे शहर के कई इलाकों में जलजमाव हो गया है। मॉनसून के पहले 11 दिनों में 565.2 मिमी बारिश हुई है, जो 505 मिमी की मासिक औसत बारिश से काफी ज्यादा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने मंगलवार तक बारिश जारी रहने की उम्मीद जताई है।