Home Blog Page 5925

फैक्ट चेक: कॉन्ग्रेस सेवादल ने बेहूदी टिप्पणी के साथ फैलाया स्मृति ईरानी का झूठा बयान

कॉन्ग्रेस और उनके कार्यकर्ता सत्ता में आने के प्रयासों में किस तरह से झूठे प्रपंच और आरोप लगाकर अपने समर्थकों का विश्वास जीतने का प्रयास करते हैं, ये आए दिन देखने को मिल रहा है।

उत्तराखंड कॉन्ग्रेस सेवादल (Uttarakhand Pradesh Congress Sevadal, @SevadalUKP) नाम के ट्विटर यूजर ने केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के नाम से एक भद्दी टिप्पणी करते हुए एक झूठी खबर को पब्लिश किया। इस ट्वीट के अनुसार, भाजपा की केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा है कि यदि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हारे, तो वो आत्महत्या कर लेंगी। इसके साथ ही कॉन्ग्रेस सेवादल के इस आधिकारिक एकाउंट ने बेहद भद्दे शब्दों में लिखा है, “इतनी मोहब्बत, इस मोहब्बत को क्या नाम दूँ?”

यह टिप्पणी दर्शाती है कि कॉन्ग्रेस ने मोदी सरकार और इसके मंत्रीयों को अपमानित करने के लिए अपने कार्यकर्ताओं और ‘आधिकारिक’ संगठनों को किस प्रकार के निर्देश दिए हैं। कॉन्ग्रेस के पास ऐसे कई MEME बनाने वाली संस्था की तरह वेरिफाइड एकाउंट हैं जो झूठे बयान फैलाने के लिए तत्परता से मौजूद हैं। इस ट्वीट को बड़े स्तर पर रीट्वीट किया जा रहा है। स्मृति ईरानी ने इस प्रकार का कोई भी बयान कभी भी, किसी भी समाचार चैनल को नहीं दिया है।

ये ट्वीट दिखाता है कि कॉन्ग्रेसी न सिर्फ हारे हुए हैं, बल्कि गिरे हुए भी हैं, जो कि अब किसी भी हद तक जाकर नीचता पर उतर आए हैं। हालाँकि, ये रिपोर्ट लिखे जाने तक यूजर ने पकड़े जाने के डर से इस ट्वीट को डिलीट कर दिया है।

यदि देखा जाए तो कॉन्ग्रेस अपने शीर्ष से लेकर अंतिम कार्यकर्ता तक झूठ और अफवाह फैलाकर राजनीति और सत्ता में वापसी के सपने देख रही है। भाषा की मर्यादा की अपेक्षा करना इस राजनीतिक दल से बहुत बड़ी उम्मीद होती जा रही है। महिला सशक्तिकरण जैसे जुमलों को अपने मेनिफेस्टो में बेचने वाली कॉन्ग्रेस को अक्सर भाजपा में मौजूद महिलाओं पर भद्दे और अपमानजनक टिप्पणी करते देखा जाता है।

फैक्ट चेक: पुराना लेख चला कॉन्ग्रेस प्रवक्ता फैला रहे EVM के बारे में फेक न्यूज़

कॉन्ग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता और झारखण्ड में पार्टी के अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार ट्विटर पर EVM के विषय में फेक न्यूज़ फैलाते पकड़े गए हैं। 3 अप्रैल 2014 को टाइम्स ऑफ़ इंडिया में छपे EVM में खराबी के बारे को एक लेख को उन्होंने ऐसे शेयर किया जैसे वह वर्तमान लोकसभा चुनावों के दौरान अभी हो रही घटना हो।

पकड़े जाने पर गोलमोल जवाब

जब एक आम ट्विटर यूजर ने उन्हें उनके द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम के बारे में पूछा तो उन्होंने उल्टा उसे ही उसकी उपलब्धियों पर सवाल पूछना शुरू कर दिया। साथ ही यह दावा भी किया कि उन्होंने इस समय की ‘गड़बड़’ EVM के बारे में भी ट्वीट किया है।

पर जब हमने देखा तो उन्होंने अभी की ‘गड़बड़’ EVM के विषय में जो लेख शेयर किया है, वह लगभग ठीक सवाल पूछे जाने के समय का है। उनके पहले ट्वीट को पुराना बताया जाना और उनका आज की EVMs के बारे में ट्वीट दोनों ही सुबह 4.59 के हैं, जबकि उनका 2014 के चुनावों की EVM खराबी को चुपचाप आज के चुनाव जैसा दिखाने वाला पहला ट्वीट आधे घंटे पहले का है। उन्होंने ट्विटर यूजर को जवाब भी 5 मिनट बाद 5.04 पर दिया था।

ऐसे में या तो यह फ़िल्मी संयोग है कि एक यूजर ने उनके पहले ट्वीट का झूठ ठीक उसी समय पकड़ा जब उन्होंने दूसरा ट्वीट किया, या फिर दूसरा ट्वीट पहले की सच्चाई पकड़े जाने के बाद किया गया। हमें दूसरी सम्भावना के अधिक आसार लग रहे हैं!

जब सड़क पर गाय काटकर कॉन्ग्रेस ने मनाई थी बीफ पार्टी, हिन्दूओं की आस्था पर किया था सीधा हमला

कॉन्ग्रेस देश की सबसे पुरानी पार्टी होने के नाते देश, समाज और राजनीतिक समीकरणों को बहुत अच्छे से पहचानती है। कब, कहाँ और कैसे कोई हलचल पैदा कर के राजनीतिक लाभ उठाया जाए, ये इस बजुर्ग दल को खूब आता है। अवार्ड वापसी हो, लोकतंत्र की हत्या जैसे शब्दों को जनमानस के बीच स्थापित करना हो, या फिर समाज की संरचना में उथल-पुथल पैदा करनी हो, कॉन्ग्रेस इन सभी मामलों में हर पार्टी से मीलों आगे है।

लेकिन इन सब होशियारी के बीच ये दल अक्सर भूल जाता है कि समय और समाज अपनी आवश्यकताओं के अनुसार करवट लेता है। सत्ता और राजनीति के नशे में डूबी कॉन्ग्रेस से इस तरह की गलती हो जाना पिछले कुछ समय में बहुत ही स्वाभाविक प्रक्रिया हो गया है।

हमारे सेक्युलर देश में हिन्दुओं की आस्था के प्रतीकों, विशेषकर गाय को लेकर वामपंथियों से लेकर कॉन्ग्रेस, आतंकवादी संगठन और तमाम अन्य राजनीतिक दल हमेशा ही हमलावर रहे हैं। पुलवामा हमले में भी हमने देखा कि जिहादी फिदायीन हमलावर अहमद डार ने भी हमले से पहले गोमूत्र पीने वाले हिन्दुओं के प्रति घृणा व्यक्त की थी।

विगत वर्ष मई की ही बात है जब केरल के कन्नूर में कॉन्ग्रेस कार्यकर्ताओं ने हिन्दुओं की आस्था को ठेस पहुँचाने के उद्देश्य से आम सड़क पर ही गाय के बछड़े को काटकर ‘बीफ पार्टी’ का जश्न मनाया था। इस घटना के वीडियो बनाए गए, सोशल मीडिया पर लोगों को दिखाए गए और हिन्दुओं पर मानसिक बढ़त बनाने जैसी थीम रची गईं।

यह सब बहुत ही शानदार तरीके से और गौरव के साथ कॉन्ग्रेस कार्यकर्ताओं ने मीडिया में दिखाया। लेकिन तब शायद उन्हें आने वाले समय का आभास नहीं था। इस घटना को लगभग एक वर्ष होने वाला है और इस एक वर्ष के भीतर ही कॉन्ग्रेस के युवा अध्यक्ष राहुल गाँधी ने जनेऊ भी धारण किया, अमरनाथ यात्रा का भी फोटोशॉप किया, समय और परिस्थिति के अनुसार हिन्दू प्रतीकों के साथ खूब तस्वीरें खिंचवाते नजर आते हैं, उत्तर से लेकर दक्षिण भारत तक के मंदिर का भ्रमण और धोती पहनना सीखने तक के उपक्रम राहुल गाँधी को करने पड़े हैं।

लेकिन आज का वोटर बेहद जागरूक है। आज के वोटर के मस्तिष्क में यह बीजारोपण कर पाना कि इस देश में यदि राजीव गाँधी अपने कंधे पर ढोकर कम्प्यूटर ना लेकर आते तो हम आज कम्यूटर विहीन रहते, बहुत ही मुश्किल कार्य है। अब यह उतना आसान नहीं रह गया है जितना आजादी के बाद से ही कॉन्ग्रेस समझती आई है।

आज का वोटर जानता है कि दलित अगर आज भी दलित है तो उसके पीछे कॉन्ग्रेस की नीतियाँ ही जिम्मेदार हैं। वोटर जानता है कि जिन झुग्गी-झोंपड़ियों में वो आज जीवन बिताने के लिए मजबूर है, वो कॉन्ग्रेस का ही ‘आशीर्वाद’ और देन है। उसका दैनिक जीवन आज भी उसी स्तर का है, जो उनके 3 पीढ़ियों पहले के लोग जीने को मजबूर थे, शायद आजादी के बाद से ही।

नेहरू आए, लोकतंत्र और संस्थाओं का खुला मजाक बनाकर संविधान से हर संभव छेड़खानी कर के लोह महिला बनी इंदिरा गाँधी भी आई, बोफोर्स घोटाले के प्रमुख अभियुक्त भी आए और यहाँ तक कि अब इंदिरा गाँधी की तरह ही दिखने वाली एक और गाँधी भी अवतरित हो चुकी हैं, लेकिन उस वोटर का जन-जीवन आज भी वही है, जिसे कॉन्ग्रेस ने हमेशा वोट बैंक ही बने रहने पर मजबूर किया।         

इस ‘बीफ पार्टी प्रकरण’ के बाद कॉन्ग्रेस तुरंत घबराहट में भी नजर आई थी। हालाँकि, पहले कॉन्ग्रेस ने आरोपितों के कॉन्ग्रेस से जुड़े होने की बात को खारिज कर दिया था, लेकिन बाद में पता चला कि मामले का मुख्य आरोपित न सिर्फ कॉन्ग्रेस का कार्यकर्ता था, बल्कि वो कॉन्ग्रेस के टिकट पर विधानसभा चुनाव भी लड़ चुका था। यही नहीं, इस बीफ पार्टी के मुख्य अभियुक्त भी कॉन्ग्रेस अध्यक्ष राहुल गाँधी के करीबी निकल आए।

दिल्ली बीजेपी के प्रवक्ता तजिंदर पाल बग्गा ने चुनाव आयोग की वेबसाइट से प्राप्त जानकारी के बाद बताया था कि गोहत्या करने वाला कॉन्ग्रेसी कार्यकर्ता रिजील मुकुत्टी केरल विधानसभा का चुनाव लड़ चुका था। सड़क पर बीफ पार्टी मनाने वाला कॉन्ग्रेस नेता मुकुट्टी साल 2011 के केरल विधानसभा चुनाव में थालेसरी सीट से चुनाव लड़ चुका था।

कॉन्ग्रेस लोकसभा चुनाव के लिए सर से पाँव तक का जोर लगाती नजर आ रही है। इस बुजुर्ग दल पर अपनी इमेज से लेकर अपने एकमात्र प्रधानमन्त्री पद के उम्मीदवार यानी, अध्यक्ष राहुल गाँधी तक की इमेज का मेकओवर करने का बहुत बड़ा दबाव है।

विगत कुछ समय में देखा गया है कि ‘हिंदी’ और ‘हिंदुत्व’ को घृणा की दृष्टि से देखने वाले लोगों ने धर्म की शरण ली है। बॉलीवुड से लेकर राजनीतिक दल इस सनातन धर्म की छाया से जुड़ने का प्रयास करते नजर आने लगे हैं। यह बदलाव एक ढोंग ही सही, लेकिन देखने को मिला है। इसकी अच्छी बात यह है कि यह बिना किसी धमकी और प्रताड़ना के हुआ है।

लेकिन वोटर को समझना होगा कि वो महज एक वोट बैंक नहीं बल्कि समाज की बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। उसे समझना होगा कि एक चिरयुवा अध्यक्ष की धोती को ढोती हुई तस्वीर उसका हित नहीं बल्कि उसे सिर्फ गुमराह कर के अपना उल्लू सीधा करना चाहती है। वोटर का मुद्दा हमेशा विकास और उसके स्वयं के सामाजिक जीवन में बदलाव पर आधारित होना चाहिए, इसके लिए कम से कम 3 पीढ़ियों की तुलना अवश्य करनी चाहिए, यानी जब नेहरू थे, जब इंदिरा थी, जब राजीव थे और जब मोदी है।

मोदी कर रहे नेहरू का सबसे बड़ा मलाल मिटाने की कोशिश, विपक्ष लगा रहा अड़ंगा: पूर्व कॉन्ग्रेस नेता

पूर्व कॉन्ग्रेस नेता आरिफ मोहम्मद खान ने मोदी के तीन तलाक विरोधी प्रस्तावित कानून की तारीफ करते हुए उसे प्रथम प्रधानमंत्री और कॉन्ग्रेस नेता जवाहरलाल नेहरू के अधूरे सपने को पूरा करने वाला बताया है। उन्होंने यह भी कहा कि राज्यसभा में इस बिल का विरोध करने वाले राजनीतिक दल ऐसा ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के प्रभाव में आकर ऐसा कर रहे हैं।

शाहबानो मामले में दिया था इस्तीफा, मीनाक्षी लेखी ने बिल किया था समर्पित

आरिफ मोहम्मद खान ने कॉन्ग्रेस से तब इस्तीफा दे दिया था जब शाहबानो मामले में तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गाँधी ने उच्चतम न्यायालय का फैसला पलटते हुए समुदाय विशेष के पतियों को अपनी पत्नी को तलाक के समय गुजारा भत्ता देने से बचाने के लिए कानून लाए थे। उनके इस कदम की न केवल विपक्ष में इज्जत हुई थी बल्कि प्रगतिशील मुस्लिमों में कॉन्ग्रेस का चेहरा भी उजागर हुआ था। शायद इसीलिए जब तीन तलाक को आपराधिक कृत्य घोषित करने वाला प्रस्तावित कानून भाजपा ने 2017 में लोकसभा से पारित कराया था तो भाजपा नेत्री मीनाक्षी लेखी ने कानून को विपक्षी दल के नेता रहे आरिफ मोहम्मद खान को समर्पित किया था।

उन्होंने द गार्जियन की पत्रकार ताया ज़िन्किन को 1950 के दशक में दिए गए पंडित नेहरू के साक्षात्कार का जिक्र किया। उस समय जब नेहरू से पूछा गया कि उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि क्या है तो उन्होंने कहा, “अपनी हिन्दू बहनों को वे अधिकार दिला पाना जो उन्हें सदियों से नहीं मिले।” फिर उनसे उनका सबसे बड़ा मलाल जब पूछा गया तो उन्होंने कहा, “अपनी मुस्लिम बहनों के लिए यही न कर पाना।” आरिफ मोहम्मद खान ने यह विश्वास जताया कि नेहरू आज जहाँ कहीं होंगे, मोदी से अपना यह मलाल मिटाने के लिए बहुत खुश होंगे।

पोर्टल डेलीओ से बात करते हुए आरिफ मोहम्मद खान ने हालाँकि भाजपा के विपक्ष पर मुस्लिमों के तुष्टीकरण के आरोप पर तो टिप्पणी करने से इंकार कर दिया, पर उन्होंने इस फैसले की परस्पर तुलना शाहबानो मामले में राजीव गाँधी के उस फैसले से जरूर की जहाँ एक मुस्लिम औरत को महज ₹300 से वंचित रखने के लिए संसद ने कानून पलट दिया था।

उन्होंने इस ओर भी ध्यान दिलाया कि कैसे तीन तलाक के मसले पर जब केवल उच्चतम न्यायलय का निर्णय आया था तो मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड ने उसे ख़ारिज कर यह कहा था कि प्रथा बदस्तूर जारी रहेगी। तीन तलाक के मामले लगातार आते भी रहे। लेकिन जब से भाजपा ने कानून बनाकर तीन तलाक देने को आपराधिक कृत्य बनाया है, ऐसे मामले शून्य हो गए हैं।

अच्छे काम के लिए वोट माँगने में  बुराई क्या है?

इसी बातचीत में जब आरिफ मोहम्मद खान से यह पूछा गया कि क्या भाजपा यह सब मुस्लिम महिलाओं के वोटों के ‘लालच’ में कर रही है तो उन्होंने कहा कि सरकारों को बेशक अपने अच्छे और मानवतावादी कार्यों को सामने रखकर वोट माँगने ही चाहिए। उन्होंने यह भी जोड़ा कि मुस्लिम औरतें इस कुप्रथा को समाप्त करने के लिए नरेंद्र मोदी की शुक्रगुज़ार होंगी।

हिंदुस्तान में सेक्युलरिज्म की बात करने वाले पाकिस्तान में उसे कुफ्र बताते हैं  

आरिफ मोहम्मद खान ने भाजपा को ‘सांप्रदायिक’ और ओवैसी या मुस्लिम लीग जैसी पार्टियों को ‘सेक्युलर’ मानने से भी साफ इंकार कर दिया। उन्होंने उदाहरण दिया कि जमात-ए-इस्लामी का संविधान ही कहता है कि वह हिंदुस्तान में इस्लाम पर आधारित सरकार बनाना चाहते हैं। यही नहीं, जमात के लोग पाकिस्तान में सेक्युलरिज्म को कुफ़्र कहकर उसकी निंदा करते हैं और हिंदुस्तान में इसी सेक्युलरिज्म की हिमायत और माँग करते हैं। उन्होंने ऐसे दोहरे चरित्र वाली पार्टियों को चेतावनी देते हुए यह भी जोड़ा कि यह दोहरा चाल-चरित्र इन्टरनेट के दौर में नहीं चलेगा।  

मैंने गलती की होती तो मोदी मुझे कुतुब मीनार पर टाँग देते: आजम खान

उत्तर प्रदेश की रामपुर सीट से समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार आजम खान ने अपना वोट डालने के बाद एक बार फिर से अपने विवादित बोल जारी रखे। मंगलवार (अप्रैल 23, 2019) को रामपुर में अपना वोट डालने के बाद आजम खान ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा, “अगर मैंने सुई की नोंक के बराबर भी गलत काम किया होता तो मोदी जी ने 5 साल में मुझे कुतुबमीनार पर टाँग दिया होता।”

इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि वो चुनाव नहीं लड़ना चाहते थे, लेकिन उनके पास कोई दूसरा विकल्प नहीं था। इसलिए उन्हें चुनावी मैदान में उतरना पड़ा। हाल ही में आजम खान के बेटे अब्दुल्ला आजम ने भी जया प्रदा को लेकर विवादित बयान दिया था। अब्दुल्ला ने अपने विवादित बयान में जया प्रदा को ‘अनारकली’ बोल दिया था। चुनावी सभा के एक मंच पर आजम खान की मौजूदगी में अब्दुल्ला आजम खान ने कहा था कि ‘उन्हें अली भी चाहिए और बजरंग बली भी, लेकिन उन्हें अनारकली नहीं चाहिए।’

इससे पहले भी आजम खान जया प्रदा के बॉलीवुड से जुड़े होने की वजह से उन पर कई बार निशाना साधते आए हैं और उन्हें नाचने-गाने वाली भी बोल चुके हैं। बीते दिनों उन्होंने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रशासन उनके समर्थकों और परिचितों को परेशान कर रहा है। रामपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए आजम खान ने रोते हुए कहा था कि उनके साथ ऐसा सलूक हो रहा है, जैसे वो दुनिया का सबसे बड़े आतंकवादी और देशद्रोही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का वश चले तो वो उन्हें गोलियों से छलनी करवा दे। इसके साथ ही उन्होंने कहा था, “भाजपा ने जितना मुझे सताया है उतना किसी को नहीं सताया है। BJP भले मुझे बदनाम करे, लेकिन मैं धरती का सबसे अच्छा इन्सान हूँ।”

गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले आजम खान ने भाजपा प्रत्याशी जयाप्रदा के लिए आपत्तिजनक टिप्पणी की थी, जिसके बाद चुनाव आयोग ने कड़ा एक्शन लिया और आचार संहिता के उल्लंघन के मामले में बड़ा कदम उठाते हुए समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान के चुनाव प्रचार करने पर 72 घंटे के लिए प्रतिबंध लगा दिया था।

2 AAP विधायक केजरीवाल जी की तरफ बढ़े, एक ने ऐसा मुक्का मारा कि चश्मा गिर गया, कपिल मिश्रा का क्लेम

आम आदमी पार्टी (AAP) के बगावती विधायक कपिल मिश्रा ने दावा किया है कि कुछ दिन पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को AAP के कुछ अन्य विधायकों ने कथित रूप से पीट दिया था।

उन्होंने दावा किया कि केजरीवाल AAP विधायकों के साथ बैठक कर रहे थे और गरमागरम चर्चा के बीच ही AAP के कुछ विधायकों ने केजरीवाल के साथ मार पिटाई की। बताया जा रहा है कि केजरीवाल कथित रूप से घायल हो गए थे और इसलिए उन्होंने घर से बाहर कदम नहीं रखा। यहाँ तक की वह अपनी पार्टी के उम्मीदवारों के नामांकन दाखिल करने वाले कार्यक्रमों से भी दूर रहे। यह भी कहा जा रहा है कि केजरीवाल पिछले कुछ दिनों में दिल्ली विधानसभा क्षेत्रों के लिए नामांकन दाखिल करने वाले AAP उम्मीदवारों को अपनी बधाई या शुभकामनाएँ भी नहीं दी हैं।

मिश्रा ने एक लिंक साझा करते हुए ट्विटर पर लिखा, जिसमें बताया गया था कि कैसे और क्यों केजरीवाल को उनके ही सहयोगियों ने कथित तौर पर पीटा था। रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना शनिवार को हुई थी जब AAP के नेता AAP और कॉन्ग्रेस के गठबंधन और आम चुनावों पर चर्चा कर रहे थे। कहा जा रहा है, केजरीवाल ने टिकट वितरण के दौरान अपना आपा खो दिया। यहाँ तक कि गाली-गलौज पर उतारू हो गए और अपने ही कुछ विधायकों के साथ दुर्व्यवहार करना शुरू कर दिया। थोड़ी देर के बाद, उन्होंने भी जवाबी हमला करते हुए केजरीवाल की पिटाई कर दी।

रिपोर्ट के अनुसार, दो विधायक केजरीवाल की तरफ बढ़े और उनमें से एक ने उन्हें ऐसा मुक्का मारा कि वह थोड़ा अस्थिर हो गए और उनका चश्मा गिर गया। बताया गया है कि केजरीवाल अपने घुटने तोड़वा बैठे हैं और यहाँ तक कि ठीक से चल भी नहीं पा रहे थे। हालाँकि, तब तक अन्य विधायकों ने लड़ाई को सुलझाने के लिए बीच-बचाव किया और उन्हें शांत कराया। चूँकि, बैठक बंद दरवाजे पीछे हो रही थी, इसलिए केजरीवाल के सुरक्षा गार्ड भी कमरे में नहीं थे। अपने घुटने तोड़वा लेने के कारण केजरीवाल अब स्वास्थ लाभ ले रहे हैं और पिछले तीन दिनों से घर से बाहर नहीं निकले हैं। माना जा रहा है कि केजरीवाल भी फटे पड़े हैं क्योंकि न तो वह अपने विधायकों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई कर सकते हैं और न ही पुलिस को इसकी सूचना दे सकते हैं। फिर भी, अब तक केजरीवाल की पिटाई की कोई पुष्टि नहीं हुई है।

मिश्रा द्वारा साझा की गई रिपोर्ट के अनुसार, कुछ AAP नेताओं को छोड़कर, उनमें से अधिकांश केजरीवाल के उनके प्रति अपमानजनक व्यवहार से तंग आ चुके हैं। चाँदनी चौक से AAP विधायक अलका लांबा ने भी हाल ही में उल्लेख किया था कि कैसे केजरीवाल के साथ कुछ व्यवहार सम्बन्धी जटिलताएँ हैं, जहाँ वे बहुत आसानी से गुस्सा होकर गाली-गलौज पर उतर आते हैं। कहा तो यह भी जा रहा है कि केजरीवाल अपने विधायकों को नौकर की तरह समझते हैं।

केजरीवाल पर पक्षपात का भी आरोप है और वह अपने पसंद के विधायकों के साथ दुर्व्यवहार नहीं करते हैं। आरोप है कि दिल्ली के मुख्य सचिव अंशु प्रकाश के साथ मारपीट के समय उनके ये पसंदीदा विधायक ही थे। यह भी कहा जा रहा है कि AAP के कुछ विधायक केजरीवाल से असंतुष्ट हैं और उन पर पैसे के लिए दो राज्यसभा और तीन लोकसभा सीटें बेचने का आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि 2020 दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए ‘ट्रेडिंग’ शुरू हो चुकी है।

कपिल मिश्रा के साथ, एक और बागी AAP नेता कुमार विश्वास ने भी AAP विधायकों द्वारा केजरीवाल पर शारीरिक हमले की निंदा ट्विटर पर किया।

विश्वास ने अपने खास अंदाज में कहा, “विधायक जनता की भावनाओं का प्रतिनिधि होता है ! जनता की भावनाओं व इच्छाओं की सूचना मुख्यमंत्री तक पहुँचाना विधायक का नैतिक-धर्म है! किंतु सूचनाएँ मौखिक व लिखित रूप से दी जानी चाहिए! जनभावनाओं की शारीरिक अभिव्यक्ति उचित नहीं है।”

उत्सुकता वश जब लोगों ने विश्वास से सवाल किया कि क्या केजरीवाल के पीटे जाने की अफवाहें सच हैं? विश्वास ने जिसका एक गूढ़ उत्तर दिया “लगभग”

खैर, अभी तक ऑपइंडिया द्वारा यह सत्यापित नहीं हो पाया है कि केजरीवाल वास्तव में पिटे गए हैं या नहीं। ऐसी किसी हरक़त की तारीफ नहीं की जा सकती। यह कड़ी निंदा का विषय है। फिर भी, हम उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।

कॉमनवेल्थ गोल्ड मेडलिस्ट नरसिंह यादव ने ACP पद पर रहते हुए कॉन्ग्रेस का किया प्रचार, FIR दर्ज

महाराष्ट्र पुलिस ने आचार संहिता का उल्लंघन करने के मामले में पहलवान नरसिंह यादव के खिलाफ FIR दर्ज किया है। नरसिंह यादव पर आरोप है कि उन्होंने महाराष्ट्र में सहायक पुलिस आयुक्त के रूप में सेवारत होते हुए 21 अप्रैल को कॉन्ग्रेस पार्टी का प्रचार किया था। बता दें कि, नरसिंह यादव स्पोर्टस कोटे से एसीपी के पद पर कार्यरत हैं और आदर्श आचार संहिता के मुताबिक, कोई भी सरकारी कर्मचारी किसी पार्टी के पक्ष में चुनाव प्रचार नहीं कर सकता। ऐसा करने पर उस व्यक्ति को नोटिस जारी किया जाता है।

अतंरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके पहलवान नरसिंह यादव पर आरोप है कि वह उत्तर मुंबई से कॉन्ग्रेस उम्मीदवार संजय निरुपम के लिए चुनावी प्रचार किया है। नरसिंह राव ने उनके साथ रैली में हिस्सा लिया था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि चुनाव कर्मियों ने राज्य के निर्वाचन कार्यालय में इस संबंध में रिपोर्ट भेजी, इसके बाद अम्बोली पुलिस ने सोमवार को जनप्रतिनिधि अधिनियम के तहत यादव के खिलाफ एक मामला दर्ज किया और जल्द ही नरसिंह को नोटिस जारी कर जवाब-तलाब किया जाएगा और साथ ही नरसिंह यादव को विभागीय कार्रवाई का सामना भी करना पड़ सकता है।

जानकारी के मुताबिक, नरसिंह यादव ने सार्वजनिक रूप से सभा को संबोधित नहीं किया, वो बस संजय निरूपम के मंच पर मौजूद थे। कॉन्ग्रेस के एक कार्यकर्ता ने इस बारे में कहा है कि नरसिंह यादव केवल संजय निरुपम को समर्थन देने के लिए आए थे। यहाँ पर कॉन्ग्रेस के संजय निरूपम का मुकाबला शिवसेना के गजानन कीर्तिकर से है। बता दें कि, नरसिंह यादव कॉमनवेल्‍थ गेम्‍स के गोल्‍ड मेडलिस्‍ट हैं। उन्‍होंने 2010 के कॉमनवेल्‍थ गेम्‍स में गोल्ड मेडल जीता था। हालाँकि, बाद में 2016 के रियो ओलंपिक के समय उन्‍हें टीम में नहीं चुने जाने पर काफी विवाद हुआ था। उन पर चार साल का प्रतिबंध लगा दिया गया था। जिसकी वजह से वे रियो ओलंपिक में भाग नहीं ले सके थे।

पत्रकारिता के (अ)नैतिक प्रतिमान सिद्धार्थ वरदराजन से और उम्मीद भी क्या है

सिद्धार्थ वरदराजन इतने ‘बड़े’ पत्रकार हैं कि मैं यह नहीं मान सकता उन्हें ‘क्लीन चिट’, नैतिक जिम्मेदारी और आपराधिक जिम्मेदारी में अंतर पता न हो। ऐसे में जब वह बिलकिस बानो को मुआवजा देने के आदेश को मोदी से क्लीन चिट छिन जाना बताते हैं तो यह किसी नौसिखिये बीट-पत्रकार की ग़लतफ़हमी नहीं, वरिष्ठ प्रोपागैंडिस्ट की लोगों को भ्रमित करने की कुत्सित कोशिश होती है।

सरकार, जिम्मेदारी, आपराधिक कृत्य- सबकी महामिलावट

किसी भी समाज, देश, राज्य में कानून व्यवस्था बनाए रखना और लोगों की जान की हिफाजत करना राज्य प्रशासन की जिम्मेदारी होती ही है- इतनी ज्यादा कि कोई व्यक्ति खुद भी अपनी जान लेने की कोशिश करे तो उसे आत्म-हत्या कहा जाता है। ऐसे में अगर किसी महिला का बलात्कार हो जाता है, उसके परिवार वालों की हत्या हो जाती है, वह भी भीड़ के द्वारा, एक दंगे में, तो जाहिर सी बात है कि सरकारी मशीनरी का उसे मुआवजा देय होता ही है। यह मुआवजा राज्य (स्टेट) द्वारा लोगों की रक्षा में असफल रहने के एवज में, या फिर मानवीय-सामाजिक आधार पर उन्हें जिंदगी एक नए सिरे से शुरू करने के लिए, दिया जाता है।

पर इससे सिद्धार्थ वरदराजन ने यह कैसे जान लिया कि एक बलात्कार पीड़िता को मुआवजा देने का आदेश मोदी को व्यक्तिगत तौर पर गुजरात दंगों के लिए जिम्मेदार ठहराता है? मुआवजा तो गोधरा में ट्रेन में जलाए गए लोगों को भी दिया गया– उसी सरकारी कोष से जिससे बिलकिस बानो को दिया जाना है। तो क्या मोदी ही गोधरा काण्ड के लिए भी जिम्मेदार थे और 2002 के दंगों के लिए भी? अगर ऐसा है तो इससे ‘सेक्युलर’ भला क्या हो सकता है?

सिद्धार्थ वरदराजन जी, आप प्रोपागैंडिस्ट हैं

आज के समय में माना ‘निष्पक्ष’ पत्रकारिता मुश्किल है, पर सिद्धार्थ वरदराजन जैसे वरिष्ठ पत्रकार से यह तो उम्मीद की ही जा सकता है कि कम-से-कम तथ्य और अपनी राय को अलग-अलग तो रखें। अपनी राय को कम-से-कम तर्क पर आधारित करें, कुतर्क पर नहीं! लेकिन फिर ध्यान यह आता है कि ऐसी उम्मीदें सिद्धार्थ वरदराजन जैसे आग्रह को दुराग्रह बना चुके, अंधविरोध में लिप्त व्यक्ति से करना बेमानी है।

‘सेक्युलरिज्म’, मुस्लिम तुष्टिकरण और मोदी-विरोध के विचार को यह विचारधारा से होकर विचारधारा की जकड़न (ideological possession) तक ले जा चुके हैं, और हर खबर में इन्हें ‘एंगल’ ही यह दिखता है कि कैसे, कहाँ मोदी को गरियाने का बहाना मिल जाए। यही इनका पत्रकारिता का (अ)धर्म है, यही इनकी (अ)नैतिक जिम्मेदारी है। और यही पत्रकार से प्रोपागैंडिस्ट बनने की कुल दास्तान है।

नफ़रत, घृणा में नहाए और सत्ता के टुकड़ों से दूर ऐसे पत्रकार और कुछ कर भी नहीं सकते। सोचने की क्षमता तब क्षीण हो जाती है जब विचारधारा के लटकते गाजर की पत्तियाँ आँख ढक देती हैं।

बंगाल: कॉन्ग्रेस-TMC कार्यकर्ताओं के ख़ूनी झड़प में लाइन में खड़े मतदाता की मौत

कॉन्ग्रेस और तृणमूल समर्थकों की आपस में हुई लड़ाई हिंसक झड़प में तब्दील हो गई जिसके कारण लाइन में खड़े एक वोटर को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा। पश्चिम बंगाल में लोकसभा चुनाव रक्तरंजित होता जा रहा है और तृणमूल के गुंडों द्वारा लगातार की जा रही हिंसक झड़पों में निर्दोष लोग जान गँवा रहे हैं। उक्त घटना मुर्शिदाबाद के रानीनगर की है। यहाँ पोलिंग बूथ के पास तृणमूल व कॉन्ग्रेस कार्यकर्ताओं ने देसी बम का प्रयोग कर मतदाताओं को डराने का प्रयास किया। कॉन्ग्रेस उम्मीदवार अबू हीना ने दावा किया है कि जिस व्यक्ति की मौत हुई है वह कॉन्ग्रेस कार्यकर्ता है।

पश्चिम बंगाल के हिंसक चुनावी इतिहास को देखते हुए सुरक्षा के भारी इंतजाम किए गए थे। 7 बजे जब मतदान शुरू हुआ तब सब कुछ ठीक था लेकिन जैसे-जैसे समय बढ़ता गया, माहौल हिंसक होता चला गया। अचानक से बढ़ी इस हिंसा की एक झलक मुर्शिदाबाद के डोमकाल इलाक़े में हुई। यहाँ पर भी दो गुटों में भीषण झड़प हुई जिसमें कई आमजन घायल हो गए। यहाँ तृणमूल कॉन्ग्रेस के कार्यकर्ता भी घायल हुए। मालदा से भी हिंसा की ख़बरें आई हैं। मालदा स्थित छाँछल में बूथ संख्या 216 को उपद्रवियों द्वारा निशाना बनाया गया। यहाँ तृणमूल कॉन्ग्रेस के काउंसलर के पति की पिटाई की गई। तृणमूल ने इसके लिए कॉन्ग्रेस को ज़िम्मेदार ठहराया।

भाजपा ने भी बंगाल में तृणमूल कॉंग्रेस कार्यकर्ताओं और वामपंथी पार्टियों के समर्थकों से हो रही हिंसक झड़प को मुद्दा बनाया है। प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा अध्यक्ष शाह लगातार अपनी बंगाल की रैलियों में ममता बनर्जी के कार्यकाल को गुंडाराज बताते हुए तृणमूल कॉन्ग्रेस पर प्रदेश को पीछे ले जाने का आरोप लगाते रहे हैं। अभी हाल ही में एक चुनाव अधिकारी ने भी कहा था कि आज बंगाल में वैसे ही हालात हैं, जैसे दो दशक पहले बिहार में होते थे। बता दें कि लालू राज के दौरान बिहार में बूथ लूट, अपहरण और हत्याओं की घटनाएँ आम बात थी। चुनाव को प्रभावित करने के लिए बाहुबल का इस्तेमाल सामान्य हो चला था।

1 बजे दोपहर तक पश्चिम बंगाल में 51% मतदान होने की ख़बर है। आज तीसरे चरण का चुनाव चल रहा है जिसमे बिहार, यूपी, केरल, बंगाल, ओडिशा सहित कई राज्यों की 116 सीटों पर मतदान हो रहा है। अमित शाह, अभिजीत मुख़र्जी, वरुण गाँधी और महबूबा मुफ़्ती सहित कई दिग्गजों के किस्मत का फ़ैसला आज जनता कर देगी।

एन्टी नेशनल्स को चुन-चुनकर लाहौर छोड़ने के लिए बनेगा पृथक ‘तारा पाजी’ मंत्रालय

देशविरोधी बयान देने वालों को तुरंत पाकिस्तान भेज देने की चॉइस रखने वालों की माँग को देखते हुए मोदी सरकार ने इस कार्य को संस्थागत रूप देने का निर्णय ले लिया है। इसके लिए भाजपा सरकार पृथक ‘तारा पाजी मंत्रालय’ का गठन करेगी और उसके कैबिनेट मंत्री ‘तारा पाजी’ यानी, सनी देओल पहले से ही चुने जा चुके हैं।

सूत्रों का कहना है कि देश में बढ़ती हुई ‘एंटी नेशनल्स’ की संख्या को देखते हुए भाजपा ने तारा पाजी को राजनीति में लेकर आने का निर्णय लिया है। समर्थकों का तो यहाँ तक भी कहना है कि जिस तरह से ‘तारा पाजी’ ने गदर फिल्म में चारों ओर से दुश्मनों से घिरे होने के बावजूद भी हैंडपंप उखाड़ कर खलबली मचा दी थी, उन्हें भाजपा में जोड़ने में बहुत देर की गई है। राष्ट्रवादियों का कहना है कि मोदी जी ने जिस तरह से अपने कार्यकाल के दौरान सभी संस्थानों और छुपी हुई हस्तियों को पहचान दिलाई है, तारा पाजी के योगदान को पहचान देने का श्रेय भी उन्हें ही जाता है।

भाजपा ने आज तारा पाजी, यानी सनी देओल को पार्टी की सदस्यता दिलाकर युवाओं के अंदर जोश भरने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। मोदी लहर से कई साल पहले ही, वर्ष 2000 में गदर फिल्म के बाद ही जनता के बीच तारा पाजी की लहर जन्म ले चुकी थी, लेकिन उस समय से लेकर आज तक गोदी मीडिया ने ये लहर जनता से छुपाकर रखी। लेकिन, अमित ‘चाणक्य’ शाह ने इस दबी-कुचली लहर को समय पर पहचान दिलाकर जनता के सामने लेकर आने का एक और श्रेय आज नेहरू जी से छीन लिया है।

पाकिस्तान में बढ़ी हैण्डपम्पों की सुरक्षा

दूसरी ओर, सनी देओल के भाजपा जॉइन करने की खबर से पाकिस्तान में हलकान मच गया है। पाकिस्तान की सरकार ने उच्चस्तरीय आपात बैठक बुलाकर आवाम से टिंडे-टिमाटर और बकरी को छोड़कर अपने-अपने हैण्डपम्पों को सुरक्षित करने के फरमान जारी कर दिए हैं। गदर में हैण्डपम्प उखाड़ देने की घटना के चश्मदीद गवाह अब्दुल चश्मुद्दीन का कहना है कि वो आज भी उस कालजयी घटना को सपने में देखकर नींद से जाग जाते हैं। अब्दुल चश्मुद्दीन अमुक स्थान (सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय संधियों के कारण जानकारी गुप्त रखी गई है) के स्थानीय नागरिक हैं और भारत-पाक सीमा के पास ही पाकिस्तानी सैनिकों की बकरी चुराने वालों की जानकारी रखने के लिए प्रशासन द्वारा नियुक्त किए गए हैं।

इस्लामाबाद के सभी सार्वजनिक हैण्डपम्पों पर सरकार ने ताला लटका दिया है और आवाम से ‘भगवान’ पर भरोसा रखने की अपील की है। हालाँकि, कॉन्सपिरेसी थ्योरी ‘एक्टिविस्ट’ और विशेषज्ञ ध्रुव लाठी का कहना है कि पाकिस्तान के हैण्डपम्पों की तालाबंदी इसलिए की जा रही है क्योंकि हैण्डपम्पों से लोग निकाल पानी रहे हैं, लेकिन आ मोदी रहा है।

पाकिस्तान के नागरिक आज भी नहीं भूले हैं वो दिल दहला देने वाला मंजर

राम मंदिर मुद्दे पर भाजपा की ‘तारीख पे तारीख’ नीति से मिलेगा छुटकारा

राम कार्य में सुप्रीम कोर्ट के निर्णय में हो रही देरी को देखते हुए भाजपा ने सनी देओल को पार्टी में लाकर मास्टर स्ट्रोक खेला है। सनी देओल के भगवाकरण द्वारा भाजपा ने विपक्ष की जुबान बंद कर दी है। सूत्रों का कहना है कि सनी देओल लाल किले की प्राचीर से बस 3 बार राम मंदिर की तारीख पूछेंगे और अगर उन्हें जवाब में फिरसे ‘अगली तारीख’ सुनने को मिली, तो वो एक-एक ईंट अपने कंधे पर और खूंखार दरिंदे ‘कात्या’ के सात के सात भाइयों का समर्थन लेकर राम मंदिर निर्माण की जिम्मेदारी खुद ले लेंगे।

अक्सर हर दूसरी फिल्म में इन्साफ की लड़ाई को कोर्ट में हार जाने वाले सनी देओल का कहना है कि हर बार रह जाती है तो बस तारीख, लेकिन उन्हें इन्साफ नहीं मिल पाता है मीलॉर्ड! इसलिए राम मंदिर मुद्दे को अब कोई भी राजनीतिक दल हल्के में लेने से पहले 7 बार जरूर सोचेगा।

कट्टर हिन्दू शेर ‘तारा पाजी’का प्रतीकात्मक चित्र

ढाई किलो का हाथ vs कॉन्ग्रेस का हाथ

बहुत कम लोग ये बात जानते हैं कि सनी देओल जब किसी पर अपना ढाई किलो का हाथ उठाते हैं, तो वो उठता नहीं बल्कि डेरेक्ट ‘उठ जाता’ है। कॉन्ग्रेस मुक्त भारत के अपने फासीवादी अभियान को नई दिशा देने के लिए मोदी सरकार ने सनी देओल को पार्टी में शामिल कर कॉन्ग्रेस के ताबूत में आखिरी कील ठोकने का काम किया है। एक आदमी, जिसके पास ढाई किलो का हाथ है और एक राजनीतिक दल, जिसके पास सिर्फ हाथ ही हाथ है, इस जंग में मामला इकतरफा होना अब तय माना जा रहा है। अनपेड ट्रॉल्स का तो यह भी कहना है कि मोदी जी ने गाँधी के साथ अब कॉन्ग्रेस से उनका ‘हाथ’ भी छीन लिया है।

देशद्रोहियों के लिए बरनॉल दागते हुए तारा पाजी। (साभार- @Atheist_Krishna)

ऑप इंडिया तीखी मिर्ची सेल के सूत्रों का यह भी कहना है कि 62 वर्ष के तारा पाजी को बॉलीवुड ने VRS देने से मना कर दिया था। और वहाँ भी बार-बार तारीख दे रहे थे। दामिनी जैसी फिल्म में वकालत सीख चुके तारा पाजी ने जब जाना कि 62 में जज भी रिटायर हो जाते हैं तो इन्होंने क्षुब्ध होकर खुद ही लॉयर से लॉ-मेकर बनने का निर्णय लिया और इसके लिए किसी तारीख का इंतजार नहीं किया।

कॉन्ग्रेस से भी आया था निमंत्रण

मीडिया में एक ऐसा प्रकरण सामने आया है, जिसे कॉन्ग्रेस ने अन्य कई दस्तावेजों की तरह छुपाकर रखा था। इसके अनुसार, भाजपा जॉइन करने से पहले तारा पाजी को कॉन्ग्रेस हेडक्वार्टर से भी निमंत्रण आया था। वहाँ सोनिया गाँधी ने उन्हें याद दिलाई की नेहरू जी के भगीरथ प्रयासों से ही तारा पाजी की पत्नी और बच्चा वीजा लेकर भारत वापस आ पाए थे। इसी बात का वास्ता देकर सोनिया गाँधी ने सनी देओल से कहा कि आपका ढाई किलो का हाथ कॉन्ग्रेस के साथ होना चाहिए। लेकिन जब सनी पाजी ने मना कर दिया तो जाते-जाते सोनिया ने उनसे कहा कि कम से कम एक आखिरी बात उन्हें माननी होगी और राहुल गाँधी जिंदाबाद कहना होगा, ताकि वो टिकटॉक पर ये वीडियो पोस्ट कर सकें।

इस पर तारा पाजी ने कहा, “राहुल गाँधी जिंदाबाद।” इसके बाद मैडम सोनिया ने स्थिति का लाभ उठाने की कोशिश की और कहा की तारा ‘मोडी मोरडाबाद’ कहे। इस पर गुस्से से तारा पाजी ने ढाई किलो का हाथ सोनिया के सामने पटकते हुए कहा, “मैडम जी, आपका राहुल गाँधी नकारा होकर भी ज़िंदाबाद रहे, मैं वो टिकटॉक पर भी बोल दूँगा लेकिन ये जान लीजिए कि मोदी ज़िंदाबाद था, ज़िंदाबाद है, और ज़िंदाबाद रहेगा।”

इतिहास के पन्नों में कैद बस यही वो पल था, जब तारा पाजी ने कॉन्ग्रेस मुक्त भारत अभियान से जुड़ने का निर्णय लिया था। जानकारों का मानना है कि टिकटॉक को बैन करने के प्रयास भी राजमाता सोनिया के टिकटॉक पर होने की जानकारी होने के बाद ही सत्तारूढ़ सरकार ने तेज किए।