Home Blog Page 1567

‘तुष्टिकरण के लिए किसी भी हद तक जा सकता है घमंडिया गठबंधन’: राजस्थान में गरजे अमित शाह, बालाजी के पुजारियों ने कहा – बकवास न करें उदयनिधि स्टालिन

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के बेटे और सरकार में मंत्री उदयनिधि स्टालिन द्वारा सनातन धर्म के खिलाफ दिए बयान की चारो-तरफ आलोचना हो रही है। वहीं रविवार (3 सितम्बर, 2023) को राजस्थान के डूंगरपुर में भाजपा की दूसरी परिवर्तन यात्रा को रवाना करने से पहले एक सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उदयनिधि के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इंडिया गठबंधन पर पलटवार करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री का बेटा सनातन धर्म का अपमान करने की बात करता है। ये लोग तुष्टिकरण की राजनीति करते हैं। 

अमित शाह ने कहा, “पिछले दो दिनों से इंडिया गठबंधन ‘सनातन धर्म’ का अपमान कर रहा है। डीएमके और कॉन्ग्रेस के नेता सिर्फ वोट बैंक की राजनीति के लिए ‘सनातन धर्म’ को खत्म करने की बात कर रहे हैं।”

अमित शाह ने इंडिया गठबंधन की नीति और नियति पर सवाल खड़े करते हुए कहा, “सत्ता आपको चाहिए मगर किस कीमत पर आपको सत्ता चाहिए दो दिन से आप सनातन धर्म का अपमान कर रहे हैं। वो कह रहे हैं सनातन धर्म को समाप्त कर देना चाहिए, उन्होंने जनता से पूछा क्या सनातन धर्म समाप्त होना चाहिए?” इस पर लोगों ने जोर से चिल्लाते हुए ना कहा।

वहीं अमित शाह ने इंडिया गठबंधन के तुष्टिकरण की नीति पर प्रहार करते हुए कहा, “इन्होने वोटबैंक की लालच में अल्संख्यकों का पहला अधिकार सिद्ध कर दिया। हालाँकि, यह पहली बार नहीं है जब उन्होंने हमारे ‘सनातन धर्म’ का अपमान किया है। इससे पहले मनमोहन सिंह ने भी कहा था कि बजट पर पहला हक अल्पसंख्यकों का है, लेकिन हम कहते हैं कि पहला हक गरीबों, आदिवासियों, दलितों और पिछड़ों का है।”     

अमित शाह ने कॉन्ग्रेस पर निशाना साधते हुए बोला, “आज कॉन्ग्रेस पार्टी कहती है कि मोदी जी जीतेंगे तो सनातन राज करेगा। कुछ दिनों पहले राहुल बाबा ने कहा था कि जो हिंदू संगठन है ये लश्कर-ए-तैयबा से भी ज्यादा खतरनाक हैं। राहुल खुद हिंदू संगठनों की तुलना लश्कर-ए-तैयबा से कर रहे हैं। इनके एक मंत्री ने हिन्दू टेरर शब्द दिया था।”

गृह मंत्री शाह ने जनता से उनकी राय जानने के पूछा, “राहुल बाबा हिन्दू के साथ टेरर शब्द जोड़ रहे हैं, क्या आप सहमत हैं, ये घमंडिया गठबंधन तुषिकरण की राजनीति के लिए किसी भी हद तक जा सकता है अब जिनके नेता ही ऐसे हों, जिनकी पार्टी ऐसी हो वो गहलोत जी क्या कर सकते हैं।”

अमित शाह ने आगे कहा कि जब परिवर्तन यात्रा समाप्त होगी, तब तक गहलोत सरकार की रवानगी तय हो चुकी होगी। वहीं कॉन्ग्रेस पर तुष्टीकरण का आरोप लगाते हुए कहा कि दंगा कराने वाली गहलोत सरकार को उखाड़ फेंकिए। गहलोत क्या करें, उनका नेतृत्व ही ऐसा है। कॉन्ग्रेस नेता सनातन धर्म को समाप्त करने की बात करते हैं। सनातन धर्म पर ये जितना बोलेंगे, उतना ही कम होते जाएँगे। जैसे 2014 और 2019 में कम हुए, 2024 में दूरबीन लेकर भी नहीं दिखाई देंगे।

वहीं परिवर्तन यात्रा की शुरुआत करते हुए कहा, “आज बेणेश्वर धाम की इस पावन धरा पर भाजपा की ‘परिवर्तन संकल्प यात्रा’ की शुरुआत होने जा रही है। डूंगरपुर की धरती हमेशा वीरों की धरती रही है। यहीं राजस्थान और गुजरात के आदिवासी भाईयों ने महाराणा प्रताप के साथ रहकर वर्षों तक युद्ध करके मुगलों की सेना के दाँत खट्टे किए थे।”

चिलकुर बालाजी मंदिर के मुख्य पुजारी ने भी जताया ऐतराज 

बता दें कि तमिलनाडु के मंत्री उदयनिधि स्टालिन की ‘सनातन धर्म को खत्म कर देना चाहिए’ वाली टिप्पणी पर चिलकुर बालाजी मंदिर के मुख्य पुजारी रंगराजन का भी बयान सामने आया है। ANI की रिपोर्ट में वे कहते हैं, “हमने तमिलनाडु के वर्तमान सीएम के बेटे उदयनिधि स्टालिन का बयान देखा है और कौन हैं वह, एक कैबिनेट मंत्री भी हैं। सबसे पहले, वह एक संवैधानिक पद पर हैं। उनसे बकवास या इस तरह की बातें नहीं की जानी चाहिए… .”

गौरतलब है कि तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के बेटे राज्य सरकार में मंत्री उदयनिधि स्टालिन ने सनातन धर्म को डेंगू-मलेरिया के मच्छर की तरह खत्म करने की अपील की थी। सनातन धर्म के अपमान और समाज में हिंसा फैलाने की अपील के बाद दिल्ली में उनके खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है। वहीं, कॉन्ग्रेस ने भी उदयनिधि स्टालिन की हाँ में हाँ मिलाते हुए सनातनियों को घृणा फैलाने वाला कहा है।

पिस्टल लेकर दौड़ा काजी अबुल कलाम, साथ में फायर भी झोंके: थाने में मुस्लिम भीड़ का हंगामा, कभी सरकारी कर्मचारी को धमकाया था

मध्य प्रदेश के देवास के एक काजी अबुल कलाम का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह हाथ में पिस्टल लेकर भाग रहा है। यह वीडियो दो दिन पहले हुए बवाल का बताया जा रहा है। दरअसल देवास के जूनियर काजी अबुल कलाम पर फरियादी अमन सोलंकी ने FIR दर्ज कराई थी। अमन सोलंकी ने कहा कि काजी पिस्टल लेकर उनके पीछे दौड़ा और दो फायर किए।

पुलिस के मुताबिक, 31 अगस्त 2023 दिन गुरुवार को दोपहर देवास की सिल्वर पार्क कॉलोनी में काजी का कुछ लड़कों से विवाद हुआ। इसके बाद वह पिस्टल लेकर एक लड़के के पीछे भागा। काजी ने आरोप लगाया कि उसकी बीवी के साथ अभद्रता की गई। सैकड़ों मुस्लिमों के साथ औद्योगिक क्षेत्र थाना जाकर काजी ने हंगामा किया और 8-10 अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज करवाया।

उधर, युवकों ने 1 सितंबर 2023 दिन शुक्रवार को काजी के खिलाफ भी जाकर मामला दर्ज कराया और कहा कि काजी ने उनके साथ बदसलूकी की। इसके साथ ही उनके पीछे काजी पिस्टल लेकर दौड़ा और उन पर दो फायर भी किए। इस दौरान हिंदू संगठन काजी पर हत्या का प्रयास के लिए IPC की धारा 307 लगाने की भी माँग करते रहे।

जब पुलिस ने धारा 307 नहीं लगाया तो लोगों ने इंदौर-भोपाल बाईपास को जाम कर दिया। इसी बीच विधायक गायत्री राजे पवार एसपी ऑफिस पहुँची और हिंदू संगठनों को समझाने का प्रयास किया तो वे वापस चले गए। अगले दिन शनिवार को एक बार फिर हिंदू संगठन चमुंडा कॉम्प्लेक्स के पास जमा हुए और काजी पर धारा 307 लगाने की माँग करने लगे।

इसी बीच, शनिवार को दोपहर फरियादी अमन सोलंकी ने कोर्ट में 164 के तहत बयान दर्ज कराया, जिसमें उन्होंने बताया कि काजी उनके पीछे पिस्टल लेकर दौड़ा और फायर दौड़ा। इस मामले में विवेचना में धारा 307 और आर्म्स एक्ट, एट्रोसिटी एक्ट की धाराएँ बढ़ाई गईं। तब जाकर मामला शांत हुआ।

तहसीलदार को धमकाते हुए कहा था- शहर का माहौल बिगड़ जाएगा

जनवरी 2021 में मदरसे का राजस्व शुल्क न जमा करने पर कुर्की करने पहुँची महिला तहसीलदार को काजी अबुल कलाम ने शहर का माहौल बिगाड़ने की धमकी दी थी। देवास के नुसरत नगर में स्थित मदरसे का राजस्व शुल्क 1.66 लाख रुपए जमा नहीं करने पर कार्रवाई के लिए पहुँचे अधिकारियों को काजी और मौलवियों ने दबंगई दिखाते हुए वापस लौटा दिया था।

इसका वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसमें मौलाना कहता है, “आपको समझना चाहिए कि यह एक धार्मिक जगह है।” वहीं, एक मुस्लिम युवक महिला तहसीलदार पर भड़कते हुए कहता है कि आप को नहीं मालूम कि यह धार्मिक जगह है। आप यहाँ अचानक आ गई। क्या आप माहौल खराब करना चाहती हैं। तो आप किस तरह से यहाँ आ गई। आपको यहाँ आने से पहले यहाँ के लोगों से बात करनी चाहिए थी।

रिपोर्ट के मुताबिक, देवास के नुसरत नगर में बने मदरसे का शैक्षणिक डायवर्सन करवाया गया था, लेकिन साल 2013-14 से इसका टैक्स जमा नहीं किया गया था। इस मामले को लेकर मदरसे को संचालित करने वाले मौलवी को लगभग चार-पाँच बार नोटिस भी दिया गया, लेकिन उस पर किसी भी नोटिस का कोई फर्क नहीं पड़ा था।

मदरसे के इस रवैए को देखते हुए शनिवार को तहसीलदार पूनम तोमर राजस्व अमले के साथ मदरसे को सील करने पहुँची थी। इस पर बौखलाए लोगों ने अधिकारियों से ही दबंगई दिखाते हुए उन्हें धमकाने लगे। कुर्की करने पहुँची टीम ने उनसे सांकेतिक रूप से एक ही कमरा सील करने की बात कही, लेकिन नाराज काजी अबुल कलाम ने कह दिया कि इससे शहर का माहौल बिगड़ने में देर नहीं लगेगी।

‘अगले 20 वर्षों में विकसित राष्ट्र होगा भारत’: G20 समिट से पहले PM मोदी का इंटरव्यू, बोले – आतंकवाद को जड़ से उखाड़ने और भ्रष्टाचार मिटाने के लिए प्रतिबद्ध

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने न्यूज एजेंसी PTI को दिए एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में जी-20 सम्मेलन, रूस यूक्रेन युद्ध, भारत में भ्रष्टाचार, जातिवाद और संप्रदायवाद पर चर्चा की है। पीएम मोदी ने कश्मीर, अरुणाचल में जी-20 बैठक पर पाकिस्तान और चीन की आपत्तियों को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि देश के हर हिस्से में बैठकें आयोजित करना स्वाभाविक है। जी-20 के शिखर सम्मेलन से पहले उनका ये इंटरव्यू दुनिया के लिए संदेश माना जा रहा है।

भारत का विश्व कल्याण का सिद्धांत बन सकता है मार्ग दर्शक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि लंबे समय तक भारत को एक अरब भूखे पेट वाले देश के रूप में देखा जाता था, अब यह एक अरब महत्वाकांक्षी मस्तिष्क और दो अरब कुशल हाथों वाला देश है। दुनिया का जीडीपी-केंद्रित दृष्टिकोण रहा है, अब मानव-केंद्रित दृष्टिकोण में बदल रहा है। भारत इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि सबका साथ, सबका विकास’ विश्व कल्याण के लिए भी एक मार्गदर्शक सिद्धांत हो सकता है।

इन विषयों पर की बात

मोदी ने कहा कि भारत 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बन जाएगा, और भ्रष्टाचार और जातिवाद का देश में कोई स्थान नहीं होगा। उन्होंने कहा कि भारत की जी20 अध्यक्षता से कई सकारात्मक प्रभाव पड़े हैं, और भारत ने वैश्विक मंच पर एक मजबूत नेतृत्व की भूमिका निभाई है। उन्होंने भारत-चीन संबंधों के बारे में कहा कि दोनों देशों को एक-दूसरे के साथ शांतिपूर्ण और सहयोगपूर्ण तरीके से रहना चाहिए।

पीएम मोदी ने इस खास साक्षात्कार में जी20 शिखर सम्मेलन, आतंकवाद, भ्रष्टाचार और अर्थव्यवस्था सहित कई मुद्दों पर अपनी बात रखी। इस दौरान उन्होंने चीन-पाक की उन आपत्तियों को खारिज कर दिया, जिसमें उन्होंने अरुणाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में जी-20 से जुड़ी बैठकों के आयोजन पर सवाल उठाए थे।

जी20 शिखर सम्मेलन

जी20 शिखर सम्मेलन के बारे में बात करते हुए, प्रधानमंत्री नरेंद्र ने कहा कि भारत इस साल होने वाले शिखर सम्मेलन में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि भारत जी20 के माध्यम से वैश्विक अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और जलवायु परिवर्तन से लड़ने के लिए काम करेगा। पीएम मोदी ने कहा कि भारत जी20 के माध्यम से आर्थिक सुधार, जलवायु परिवर्तन, आतंकवाद का मुकाबला, डिजिटलीकरण और स्वास्थ्य जैसे बेहद जरूरी मामलों पर काम कर रहा है।

पीएम मोदी ने यह भी कि भारत जी20 के माध्यम से वैश्विक समुदाय को एकजुट करने और एक बेहतर भविष्य का निर्माण करने के लिए काम करेगा।

आतंकवाद

आतंकवाद के बारे में बात करते हुए, प्रधानमंत्री ने कहा कि यह एक वैश्विक चुनौती है। उन्होंने कहा कि भारत आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में एक मजबूत सहयोगी है। पीएम ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत सरकार कुछ खास कदम उठा रही है, जिसमें आतंकवादियों के खिलाफ कार्रवाई, आतंकवादी संगठनों को वित्तपोषित करने वाले स्रोतों को खत्म करने और आतंकवाद के विचारों को फैलाने के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने जैसे कदम उठा रही है। पीएम मोदी ने कहा कि भारत आतंकवाद को जड़ से उखाड़ फेंकने के लिए प्रतिबद्ध है।

भ्रष्टाचार

भ्रष्टाचार के बारे में बात करते हुए, पीएम मोदी ने कहा कि यह भारत की एक बड़ी समस्या है। उन्होंने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए कड़े कदम उठा रही है। पीएम मोदी ने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए भ्रष्टाचार विरोधी कानूनों को सख्त करने, भ्रष्टाचारियों पर कड़ी कार्रवाई करने और भ्रष्टाचार को रोकने के लिए जागरूकता बढ़ाने जैसे कदम उठा रही है। पीएम मोदी ने कि सरकार भ्रष्टाचार को मिटाने के लिए दृढ़ संकल्पित है।

अर्थव्यवस्था

अर्थव्यवस्था के बारे में बात करते हुए, मोदी ने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत है, और भारत अगले 20 वर्षों में एक विकसित राष्ट्र बन जाएगा। मोदी ने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था पिछले कुछ वर्षों में तेजी से बढ़ी है। उन्होंने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था में सूचना प्रौद्योगिकी, विनिर्माण और सेवा क्षेत्र में अपार संभावनाएँ हैं। उन्होंने कहा कि भारत इसी तरह से चलता रहे, तो भारत अपनी मजबूत अर्थव्यवस्था के आधार पर अगले 20 वर्षों में एक विकसित राष्ट्र बन जाएगा।

‘तुमलोग तेली-कबाड़ी की जगह खान बन जाती हो, पठान लिखने से ऊँची जाति नहीं हो जाओगी’: छात्रा ने की आत्महत्या, इस्लामिया कॉलेज (सरकारी) के टीचरों ने किया प्रताड़ित

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में अपने ही मज़हब के लोगों द्वारा प्रताड़ना के कारण एक मुस्लिम छात्रा ने आत्महत्या कर ली है। आरोप है कि मृतका को मुस्लिम समाज की ‘नीची जाति’ में बता कर टीचरों ने ताना मारा। यह मामला अजीमुद्दीन अशरफ इस्लामिया इंटर कॉलेज का है, जो एक सरकारी शिक्षण संस्थान है। 14 वर्षीया मृतका के चरित्र पर भी आरोपितों द्वारा लांछन लगाने की कोशिश की गई। पुलिस ने मंगलवार (29 अगस्त, 2023) को अध्यपक तौहीद और महिला टीचर वस्फी खातून पर केस दर्ज कर के जाँच शुरू कर दी है।

यह मामला बाराबंकी के कोतवाली नगर थाना क्षेत्र का है। कस्बा त्रिलोकपुर बाराबंकी की मूल निवासिनी व मृतका सहित 2 बच्चियों की अम्मी नसरीन बानो ने इस मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज करवाई है। शिकायत के मुताबिक, विदेश में कमाई करने के दौरान उनके शौहर की 28 जून, 2018 को हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। घर में कमाई करने वाला कोई न होने के चलते पीड़िता का परिवार भुखमरी के कगार पर पहुँच गया। इन हालात में भी दोनों बेटियों को पढ़ाने का जज्बा पाले नसरीन ने साल 2022 सत्र में शहर के अजीमुद्दीन अशरफ इस्लामिया इंटर कॉलेज में उनके एडमिशन क्रमश कक्षा 9 व 6 में करवाए।

शिकायत में आगे बताया गया है कि 27 मई, 2023 में स्कूल की टीचर वस्फी खातून ने पीड़िता की बड़ी बेटी को कम फीस लाने के लिए पूरी क्लास के आगे बेइज्जत किया। इस दौरान खातून ने छात्रा के लिए ‘फटीचर’ जैसे शब्द का इस्तेमाल किया। जब पीड़िता ने घर में आकर ये सब बताया तो छात्रा की अम्मी ने स्कूल जा कर बेटी को परेशान न करने की गुजारिश की। 23 जुलाई, 2023 को एक बार फिर से वस्फी खातून ने उसी छात्रा के साथ पुरानी हरकत की, जिस पर छात्रा के चाचा ने स्कूल में जा कर मिन्नत की। आरोप है कि इस बात से चिढ़ कर टीचर खातून ने छात्रा को टारगेट ही बना डाला था।

शिकायतकर्ता ने अपनी शिकायत में बताया कि स्कूल में होने वाली प्रताड़ना की शिकायत उनकी बेटी लगातार घर पर कर रही थी। एक दिन वस्फी खातून ने कहा, “तुम देहाती लोग गाँव से आ कर तेली, कबाड़ी, जुलाहा की जगह खान पठान बन जाती हो। आधार कार्ड में खान डलवाने से ऊँची जाति की नहीं बन सकती। अगर खान होती तो टीसी में बानो क्यों दर्ज होता?” आरोप है कि इन बातों से छात्रा काफी आहत हुई। 4 अगस्त, 2023 को वस्फी खातून ने एक बार फिर किसी बात के लिए छात्र से पैसे माँगे, जिसे न दे पाने पर ताने सुनाए गए। इसी दिन छात्रा को होमवर्क के बहाने क्लास के बाहर खड़ा कर दिया गया।

मामले की FIR Copy का अंश

4 अगस्त को ही छात्रा ने घर लौटने के बाद पंखे में फाँसी का फंदा लगा कर आत्महत्या कर लिया। मृतका की मौत के बाद कई दिनों तक स्कूल का ही एक अन्य टीचर तौहीद छात्रा को बदनाम करता रहा। उसने मृतका के किसी अन्य छात्र से दोस्ती की अफवाह उड़ाई। इस अफवाह को उड़ाने में वस्फी खातून ने भी सहयोग किया। 12 अगस्त, 2023 को जब मृतका की माँ अपने कुछ रिश्तेदारों के साथ इन चारित्रिक आरोपों को बंद करने की माँग के साथ स्कूल गई तो एक बार फिर से टीचर वस्फी खातून ने लड़की को ‘नीची जाति’ का बोला।

पीड़िता ने टीचर तौहीद और वस्फी खातून के खिलाफ 17 अगस्त, 2023 को ही पुलिस में शिकायत दी थी। हालाँकि, आरोपितों पर फौरी तौर पर कोई एक्शन नहीं लिया गया। 29 अगस्त, 2023 को पुलिस ने वस्फी खातून और तौहीद पर IPC की धारा 306 के तहत केस दर्ज कर लिया है। मामले की जाँच की जा रही है। ऑपइंडिया ने मृतका के चाचा सदरुद्दीन से बात की। सदरुद्दीन ने हमें बताया कि आज कल के दौर में ऐसे कई मामले सामने आ रहे हैं जहाँ वस्फी खातून जैसी सोच के लोग जाति के नाम पर किसी को मरने तक प्रताड़ित करते हैं।

सदरुद्दीन ने यह भी बताया कि अभी तक दोनों आरोपितों में से किसी भी गिरफ्तारी नहीं हुई है।

सैमसन, चहल और आश्विन को जगह नहीं, KL राहुल को एंट्री… वर्ल्ड कप के लिए BCCI ने टीम फाइनल की, रोहित एन्ड कंपनी में ईशान किशन दूसरे विकेटकीपर

वनडे वर्ल्ड कप 2023 (ODI World Cup 2023) के लिए बीसीसीआई (BCCI) ने भारतीय क्रिकेट टीम के 15 खिलाड़ियों के नाम फाइनल कर लिए हैं। लंबे समय से चोट से जूझ रहे केएल राहुल को टीम में जगह मिली है। दूसरे विकेटकीपर के तौर पर ईशान किशन को शामिल किया गया है। संजू सैमसन, रविचंद्रन अश्विन और यजुवेंद्र चहल टीम में जगह नहीं बना पाए। BCCI की ओर से टीम का आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है।

‘इंडियन एक्सप्रेस’ की रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर श्रीलंका में हैं। बारिश के चलते एशिया कप में रद्द हुए भारत-पाक मैच के बाद अगरकर ने टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा और कोच राहुल द्रविड़ से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने वनडे वर्ल्ड कप के लिए टीम के खिलाड़ियों के नाम फाइनल किए।

BCCI ने एशिया कप के लिए 17 खिलाड़ियों का स्क्वाड फाइनल किया था। इसमें संजू सैमसन बैकअप के रूप में टीम का हिस्सा थे। लेकिन, वनडे विश्व कप 2023 के लिए उन्हें नहीं चुना गया है। इसके अलावा एशिया कप टीम में शामिल तिलक वर्मा और प्रसिद्ध कृष्णा भी वर्ल्ड कप टीम का हिस्सा नहीं हैं। प्रसिद्ध कृष्णा चोटिल होने से पहले वनडे टीम के प्रमुख तेज गेंदबाज में से एक थे। लेकिन उनके बाहर होने के बाद मोहम्मद सिराज ने अपनी जगह पक्की कर ली। ऐसे में प्रसिद्ध कृष्णा को भी वर्ल्ड कप की टीम में जगह नहीं मिल पाई।

खराब फॉर्म के बाद भी SKY को मौका

टीम इंडिया के मिडिल ऑर्डर के बल्लेबाज सूर्य कुमार यादव टी20 क्रिकेट में तो अपने प्रदर्शन का लोहा मनवा चुके हैं। लेकिन, वनडे क्रिकेट में अब भी उन्हें अपनी क्षमता का प्रदर्शन करना बाकी है। हालाँकि, इसके बाद भी सलेक्शन कमिटी ने उन पर विश्वास दिखाते हुए वर्ल्ड कप के लिए उन्हें टीम इंडिया में जगह दी है।

केएल राहुल का नाम भी हुआ फाइनल

केएल राहुल टीम इंडिया की सबसे मजबूत कड़ी में से एक रहे हैं। वह मिडिल ऑर्डर में बल्लेबाजी करने के साथ ही ओपनिंग भी करते हैं। एक विकेटकीपर के तौर पर भी वह काफी सफल रहे हैं। हालाँकि, चोट के चलते वह लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं। ऐसे में सलेक्शन कमेटी केएल की फिटनेस को लेकर चिंतित थी। लेकिन मेडिकल टीम ने उन्हें फिट बताया है। ऐसे में अब उन्हें टीम इंडिया में जगह दी गई है।

केएल राहुल फिलहाल बेंगलुरु स्थित नेशनल क्रिकेट एकेडमी (NCA) में हैं, जहाँ वह लगातार नेट प्रैक्टिस कर रहे हैं। एशिया कप के लिए भी उनका सिलेक्शन किया गया है। लेकिन, चोट के चलते उन्हें श्रीलंका नहीं भेजा गया था। हालाँकि, अब वह फिट हैं ऐसे में नेपाल के साथ होने वाले अगले मैच या फिर सुपर-4 के मैच में वह खिलते दिखाई दे सकते हैं।

गौरतलब है कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 के लिए सभी बोर्ड को अपनी टीम फाइनल करने के लिए 5 सितंबर तक का वक्त दिया है। ऐसे में माना जा रहा था कि केएल राहुल की चोट को देखते हुए बीसीसीआई 4 सितंबर को टीम इंडिया का ऐलान कर सकती है। लेकिन, अब केएल फिट हैं। ऐसे में 3 सितंबर को ही टीम इंडिया का ऐलान कर दिया गया।

ईशान किशन दूसरे विकेट कीपर

कार एक्सीडेंट का बाद ऋषभ पंत के बाहर होने, चोट के चलते केएल राहुल के न खेल पाने और संजू सैमसन के आउट ऑफ फॉर्म होने का सीधा फायदा ईशान किशन को मिला है। वह विकेटकीपिंग के साथ ही ओपनिंग और मिडिल आर्डर में बल्लेबाजी करने में माहिर हैं। इसके अलावा लेफ्ट हैंड-राइट हैंड कांबिनेशन में भी वह फिट बैठते हैं। ऐसे में सलेक्शन कमिटी ने फॉर्म में चल रहे ईशान किशन पर दाँव लगाते हुए टीम इंडिया में उन्हें जगह दी है।

चहल, अश्विन को नहीं मिली जगह

टीम इंडिया के सबसे सफल स्पिनर रविचंद्रन अश्विन और यजुवेंद्र चहल को वर्ल्ड कप 2023 के लिए टीम इंडिया में जगह नहीं मिल पाई है। इन दोनों खिलाड़ियों को एशिया कप में भी शामिल नहीं किया गया है। विश्व कप 2023 के लिए टीम इंडिया में स्पिनर के तौर पर रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल को जगह मिली है। वहीं तेज गेंदबाजी की अगुवाई जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, शार्दुल ठाकुर और मोहम्मद शमी करेंगे।

क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 के लिए BCCI की सलेक्शन कमिटी द्वारा फाइनल किए गए 15 खिलाड़ियों के नाम इस प्रकार हैं: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर, हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, शार्दुल ठाकुर, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, अक्षर पटेल, सूर्यकुमार यादव और मोहम्मद शमी।

डॉक्टर अलीमा अख्तर ने अपनाया हिंदू धर्म, मिल रही मौत की धमकियाँ: वीडियो बना लगाई गुहार, CM हिमंता ने पुलिस को दिया जाँच का आदेश

असम में अलीमा अख्तर नाम की एक महिला डॉक्टर का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पीड़िता ने खुद को डिब्रूगढ़ स्थित असम मेडिकल कॉलेज की स्टाफ बताया है। वीडियो में महिला ने अपने परिवार व अपनी जमात के लोगों द्वारा मौत की धमकी मिलने का आरोप लगाया है। धमकी की वजह पीड़िता ने हिन्दू धर्म स्वीकार करना बताया है।

महिला डॉक्टर अलीमा अख्तर पर एक मौलवी से निकाह का भी दबाव बनाया जा रहा है। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने इस वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस को जाँच और कार्रवाई के आदेश दिए हैं।

एक डिजिटल चैनल न्यूज़ लाइव ने 3 मिनट 7 सेकेंड के इस वीडियो को शनिवार (2 सितम्बर 2023) को शेयर किया है। अपने वीडियो को अपना बयान बताते हुए शुरुआत में अलीमा अख्तर ने सौभाग्य से अब तक खुद को जीवित बताया। अलीमा ने कहा कि उन्हें उनके ही परिवार से मौत की धमकी दी गई है। इस धमकी के पीछे अलीमा ने अपनी 2 ‘गलतियाँ’ बताईं। पहली गलती के तौर पर खुद के द्वारा हिन्दू धर्म स्वीकार करना और दूसरी में अधिक उम्र के मौलाना से निकाह न करने का फैसला बताया।

डॉक्टर अलीमा ने वीडियो में यह भी बताया कि मौलाना से निकाह की कोशिश के पीछे उनके घर वालों के द्वारा जन्नत का लालच है। लड़की का दावा है कि ये बात उन्हें पसंद नहीं आई और इसी वजह से उन्होंने खुद को अपने परिवार से दूर कर लिया है।

मौलाना से शादी को जबरन बताते हुए डॉक्टर अलीमा ने घर जाने से इनकार कर दिया। अलीमा ने खुद के अपहरण के आरोपों को भी झूठा बताते हुए खुद को एकदम सेफ कहा। घर से दूरी को पीड़िता ने अपनी शांति व पढ़ाई के लिए जरूरी बताया।

अलीमा ने बताया कि हर दिन उन्हें मौत की धमकी मिल रही है, जिससे वो अपने जीवन के अधिकार के तहत खुद को बचा रही हैं। उन्होंने अपने घरवालों को यह भी संदेश दिया कि उन्हें खोजने की कोई जरूरत नहीं है और आशा जताई कि उनका बयान उनकी सुरक्षा में काम आएगा।

वीडियो के अंत में लड़की ने खुद को डॉक्टर बताते हुए अपना अच्छा-बुरा समझने में सक्षम भी बताया। असम के मुख्यमंत्री हिमंता विस्वा सरमा ने 3 सितम्बर (रविवार) को वीडियो का संज्ञान लिया। साथ ही उन्होंने असम के DGP को जाँच और आवश्यक कार्रवाई का आदेश दिया।

परिजनों को DGP की नसीहत

महिला डॉक्टर तिनसुकिया जिले के देहात क्षेत्र स्थित हपजन स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात बताई जा रही है। इस मामले में लड़की के भाई वकील खान ने असम पुलिस को बताया कि उनकी बहन 17 अगस्त से घर से लापता है। वकील ने अपनी शिकायत ईमेल के जरिए करने की भी जानकारी दी है। वकील खान के इस ट्वीट पर DGP असम IPS जीपी सिंह ने उन्हें लड़की के वायरल वीडियो की जानकारी देते हुए उन्हें धमकी देने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।

हालाँकि DGP की चेतावनी के बावजूद खुद को लड़की का भाई बता रहे वकील खान ने कहा, “मैं उसके वीडियो स्टेटमेंट को नहीं मानता। इस मामले की पड़ताल कीजिए। SP तिनसुकिया ने मेरी बहन को खोजने का आश्वासन दिया था। पर वो अब तक उसकी तलाश नहीं कर पाए हैं।” ख़ास बात ये है कि वकील खान जिस ट्विटर आईडी से DGP असम से बात कर रहा है, वो पिछले महीने अगस्त 2023 में ही बनाया गया है।

वकील खान ने अपनी बहन के वीडियो को आधारहीन बताते हुए 10 अगस्त को किसी के द्वारा 9 लाख रुपए की माँग किए जाने की जानकारी दी है।

ट्यूशन टीचर मोहम्मद वसीम 2 महीने से कर रहा था समलैंगिक सेक्स, वीडियो से करता था ब्लैकमेल: 16 साल के स्टूडेंट ने तंग आकर गला काट दिया

दिल्ली में एक नाबालिग ने ट्यूशन टीचर की गला रेतकर हत्या कर दी है। इस मामले में नाबालिग को गिरफ्तार कर दिल्ली पुलिस ने मामले का खुलासा किया है। बुधवार (30 अगस्त 2023) को हुई इस हत्या को लेकर नाबालिग ने पुलिस को बताया कि मृतक वसीम वीडियो से ब्लैकमेल कर उसका यौन शोषण करता था। उससे तंग आकर उसने वसीम की हत्या कर दी।

दिल्ली के जामिया नगर थाना क्षेत्र के बटला हाउस इलाके में रहने वाले 28 वर्षीय मोहम्मद वसीम उर्फ अल्ताफ की हत्या की गई थी। 30 अगस्त 2023 को दोपहर लगभग 2:15 बजे दिल्ली पुलिस को इसके बारे में सूचना मिली। घटनास्थल पर पहुँच कर पुलिस ने देखा कि घर में एक युवक पड़ा था चारों तरफ खून फैला हुआ था। मृतक के गले पर जख्म के गहरे निशान थे।

इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर मामले में जाँच शुरू कर दी। जाँच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक की पहचान 28 वर्षीय मोहम्मद वसीम उर्फ अल्ताफ के रूप में हुई। वह प्राइवेट ट्यूशन पढ़ाने का काम करता था। 16 साल के आरोपित नाबालिग ने बताया कि वसीम होमोसेक्सुअल था।

वसीम के अब्बा मोहम्मद जमील पेशे से एक शिक्षक हैं। बाटला हाउस के खलीलुल्लाह मस्जिद के पास M-45 नाम के जिस फ्लैट में वसीम की लाश मिली थी, वह किसी को किराए पर दिया गया था, जो हाल-फिलहाल में ही खाली हुआ था। वसीम अपने अब्बू के साथ जाकिर नगर में मक्का पैलेस होटल के सामने रहता था।

पुलिस ने बताया कि जाँच के दौरान इस हत्याकांड के संबंध में सीसीटीवी के आधार पर एक नाबालिग की पहचान की गई। पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि मृतक वसीम समलैंगिक गतिविधियों में लिप्त था। उसने आरोपित नाबालिग से दो माह पहले संपर्क में आया था और तब से उसका यौन शोषण कर रहा था।

नाबालिग ने पुलिस को बताया कि मृतक ने उसका यौन शोषण करते हुए अश्लील वीडियो भी बना लिया था। इस वीडियो के आधार पर वह उसे ब्लैकमेल करता था और शारीरिक संबंध बनाने के लिए उस पर दबाव डालता था। नाबालिग ने बताया कि इससे वह तंग आ गया था।

इससे उबरने के लिए नाबालिग ने एक योजना बनाई। इसी बीच 30 अगस्त को वसीम ने एक बार फिर उससे संबंध बनाने के लिए फोन करके जबरन अपने घर बुलाया। घर पहुँचकर नाबालिग ने धारदार पेपर कटर से वसीम पर हमला कर दिया और वहाँ से फरार हो गया।

‘भ्रष्टाचारियों को उलटा लटका देंगे’: अमित शाह ने छत्तीसगढ़ में ईसाई धर्मांतरण के खिलाफ खोला मोर्चा, कॉन्ग्रेस सरकार के खिलाफ 69 आरोपों का ‘ब्लैक पेपर’

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार (2 सितंबर, 2023) को छत्तीसगढ़ में भूपेश बघेल सरकार के खिलाफ 69 आरोपों का एक ‘ब्लैक पेपर’ जारी किया और चेतावनी दी कि अगर उन्हें सरकार में वोट दिया जाता है तो भाजपा ‘भ्रष्टाचारियों को सीधा करने के लिए उन्हें उल्टा लटका देगी’। अमित शाह ने कांग्रेस सरकार को ‘स्कैम, स्कैंडल, अत्याचारों और वादाखिलाफी की सरकार’ कहा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में एंटी कन्वर्जन कानून लागू न होने से बड़े पैमाने पर धर्मांतरण हो रहा है।

2018 से भ्रष्टाचार में डूबी सरकार

अमित शाह ने कहा कि जब रमन सिंह के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार थी तो उसने अटल बिहारी वाजपेयी जी के सपनों को पूरा करने के लिए राज्य को विकास के ट्रैक पर रखा था। उन्होंने कहा कि जब से नरेंद्र मोदी 2014 में प्रधानमंत्री बने हैं, हमने राज्य को फलने-फूलने के लिए कई पहल की हैं, कई योजनाएँ बनाई और लागू की। उन्होंने कहा कि लेकिन 2018 में ऐसी सरकार बनी, जो बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का समर्थन करती थी। परिणामस्वरूप, हम छत्तीसगढ़ में विकास के मुद्दे पर बड़ा प्रश्नचिह्न देख रहे हैं।

एंटी कन्वर्जन कानून लागू न करने से बड़े पैमाने पर धर्मांतरण

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गोबर के घोटाले में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। उन्होंने कॉन्ग्रेस सरकार पर एंटी-कन्वर्जन कानून को लागू करने में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए कहा कि इससे बड़े पैमाने पर धर्मांतरण हुआ है। अमित शाह ने कहा, “छत्तीसगढ़ के लोगों को यह तय करना होगा कि वे हजारों करोड़ रुपए के भ्रष्टाचार में लिप्त बघेल के नेतृत्व वाली सरकार चाहते हैं या भाजपा सरकार, जो उन्हें विकास के पथ पर ले जा रही है; क्या वे उस सरकार को चाहते हैं जो आदिवासी अधिकारों की रक्षा करने के वादे के साथ सत्ता में आई थी लेकिन अब बघेल के शासन में धर्मांतरण की एक लहर फैल गई है।”

‘वादाखिलाफी करती रही भूपेश बघेल सरकार’

कॉन्ग्रेस सरकार के खिलाफ आरोपों का ‘ब्लैक पेपर‘ जारी करते हुए शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री लोगों से किए गए अपने वादों को याद नहीं करते हैं। उन्होंने 36 बड़े वादे किए और उनमें से 19 पूरे नहीं हुए। छोटी-छोटी बातों में से 316 पूरे नहीं हुए।

रायपुर में उन्होंने कहा, “छत्तीसगढ़ के लोगों ने हमेशा भाजपा को आशीर्वाद दिया है। उन्होंने राज्य में तीन बार हमारी सरकार बनाई। उन्होंने 2014 के चुनावों में 11 लोकसभा सीटों में से 10 और 2019 के चुनावों में 9 सीटें दीं। मैं विश्वास के साथ कह सकता हूँ कि 2023 में छत्तीसगढ़ में सरकार बनाने के बाद, लोग हमें 2024 में सभी 11 सीटों पर विजयी बनाएँगे।”

‘डबल इंजन सरकार में ही विकास’

अमित शाह ने कहा, “भ्रष्टाचार, वंशवाद, जातिवाद और दिल्ली दरबार के एटीएम की भूमिका निभाने में गहराई से उलझी सरकार छत्तीसगढ़ के विकास को सुनिश्चित नहीं कर सकती। केवल मोदी जी के नेतृत्व वाली डबल इंजन भाजपा सरकार ही विकास सुनिश्चित कर सकती है।”

इकारा की मस्जिद में पढ़ रहे थे नमाज, बंदूकधारियों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, 9 की मौत 

नाइजीरिया के कडुना राज्य के इकारा के एक मस्जिद में शुक्रवार (1 सितंबर) को उस समय अंधाधुंध फायरिंग की गई जब लोग जुमे की नमाज पढ़ रहे थे। इसे अज्ञात हथियारबंद लोगों द्वारा किया गया एक आतंकी हमला बताया जा रहा है। इस हमले में 9 नमाजियों के मारे जाने की है। पुलिस ने शनिवार (2 सितम्बर, 2023) को इस बात की पुष्टि की है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इकारा स्थानीय सरकार के प्रतिनिधि सदस्य अलहसन मुहम्मद ने प्रीमियम टाइम्स को इस हमले की पुष्टि करते हुए बताया कि आतंकी हमला शुक्रवार को इशा की नमाज (रात की नमाज) के बाद हुई। हमलावरों के पास मॉर्डन हथियार थे। वे लोग मोटरसाइकिल से आए थे और उन्होंने साया-साया समुदाय के लोगों पर उस समय हमला किया, जब वे नमाज पढ़ रहे थे, जिसमें 9 लोगों की मौत हो गई। इसमें से 7 की मौत मस्जिद के अंदर और दो लोगों की मस्जिद के बाहर हुई है। 

नमाज पढ़ने के दौरान किया हमला

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इस मामले में कई चश्मदीदों के बयान भी सामने आए हैं। मीडिया रिपोर्ट में हमलावरों द्वारा गोलीबारी करते समय वहाँ बाकी लोगों के साथ नमाज पढ़ रहे लोगों ने बताया कि हमलावर चेहरे ढके हुए थे और गोलीबारी शुरु करने से पहले ही मस्जिद परिसर के अंदर घुस गए थे। 

वहीं गाँव के एक निवासी, हारुना इस्माइल ने कहा, “हमले के दौरान घायल हुए दो अन्य लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 5 लोगों को नमाज पढ़ते समय मस्जिद के अंदर गोली मार दी गई और अन्य दो लोगों को बाहर गोली मार दी गई।” कहा जा रहा है कि बाद में दोनों घायलों की भी मौत हो गई इस प्रकार मरने वालों की संख्या 9 हो गई है। 

इस मामले में एक दूसरे चश्मदीद का कहना है, “जब यह घटना हुई, तो मैं मस्जिद में ही थी। इसी दौरान दो हमलावर आए, जिन्होंने अपना चेहरा ढक लिया और गोलीबारी शुरू करते हुए मस्जिद के पास पहुँच गए। उनमें से एक हमलावर ने सीटी बजाई और दूसरे ने कहा, “हम आ गए हैं।”

कई सालों से मचा रहे तबाही

गौरतलब है कि इस तरह का आतंकी हमला पहली बार नहीं है। भारी हथियारों से लैस अज्ञात लोगों के गिरोह ने पिछले तीन सालों से नाइजीरिया के उत्तर-पश्चिम में काफी कहर बरपाया है। उन्होंने अब तक हजारों लोगों का अपहरण, सैकड़ों लोगों की हत्या कर दी है। इन लोगों ने कुछ क्षेत्रों में सड़क मार्ग को भी यात्रा के लिए असुरक्षित बना दिया है। 

पहले फैली अफवाह, अब सच में नहीं रहे क्रिकेटर हीथ स्ट्रीक: कैंसर से पीड़ित थे जिम्बाब्वे के पूर्व कप्तान, पत्नी ने भावुक पोस्ट लिख की मौत की पुष्टि

जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज ऑलराउंडर हीथ स्ट्रीक (Heath Streak Passes Away) का निधन हो गया है। कैंसर से लंबे समय तक जूझने के बाद रविवार (3 सितंबर, 2023) को उनका निधन हो गया। उनकी पत्नी नडीन स्ट्रीक ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट लिख हीथ के निधन की जानकारी दी। इससे पहले 23 अगस्त को हीथ की मौत की खबर सामने आई थी। लेकिन वह अफवाह थी।

हीथ स्ट्रीक की पत्नी नडीन ने फेसबुक पर कुछ फोटोज शेयर करते भावुक पोस्ट की है। उन्होंने लिखा है, “आज सुबह, रविवार, 3 सितंबर, 2023 के शुरुआती घंटों में, मेरे जीवन के सबसे बड़ा प्यार और मेरे खूबसूरत बच्चों के पिता को घर से स्वर्ग की ओर ले जाया गया। वह अपने अंतिम दिन अपने परिवार और करीबियों के साथ बिताना चाहते थे। वह प्यार और शांति में डूबे हुए थे। पार्क से अकेले नहीं निकलते थे। हमारी आत्माएँ हमेशा-हमेशा के लिए एक हो गई हैं, स्ट्रीकी। जब तक मैं तुम्हें फिर से पा नहीं लेती।”

इस पोस्ट के साथ नडीन स्ट्रीक ने हीथ की कुछ फोटोज शेयर की हैं। इसमें वह अपने परिवार और करीबियों के साथ नजर आ रहे हैं। वहीं एक फोटो में हीथ स्ट्रीक बेड पर लेटे हुए बेहद कमजोर दिखाई दे रहे हैं।

गौरतलब है कि इससे पहले जिम्बाब्वे के पूर्व खिलाड़ी और हीथ स्ट्रीक के साथी रहे हेनरी ओलंगा ने 22 अगस्त, 2023 को एक ट्वीट किया था। इसमें उन्होंने हीथ स्ट्रीक के निधन के बारे में बताया था। साथ ही शोक भी जताया था। इस ट्वीट के सामने आने के बाद हीथ स्ट्रीक के निधन की खबर मीडिया में छा गईं थी।

लेकिन ,फिर एक दिन बाद ही यानी 23 अगस्त, 2023 को हेनरी ओलंगा ने एक और ट्वीट किया। इसमें एक मैसेज का स्क्रीनशॉट था। मैसेज हीथ स्ट्रीक (Heath Streak) की ओर से था। इसमें हीथ स्ट्रीक ने कहा था कि उनके रन आउट वाले ट्वीट को तुरंत रिवर्ट किया जाए, मतलब निधन वाले ट्वीट को बदला जाए या डिलीट किया जाए। इस ट्वीट के साथ हेनरी ओलंगा ने यह भी लिखा कि हीथ स्ट्रीक को थर्ड अंपायर ने वापस बुला लिया है, वो जीवित हैं।

तब हीथ के निधन की खबर अफवाह साबित हुई थी। लेकिन, 11 दिन बाद दिग्गज खिलाड़ी हीथ स्ट्रीक ने सच में इस दुनिया को अलविदा कह दिया।