Home Blog Page 2201

सीटें कम हुईं, लेकिन पिछले MCD चुनाव के मुकाबले 3% बढ़ गया BJP का वोट शेयर: देखें 2017, 2020 और 2022 चुनावों में कैसे बदले आँकड़े

साल 2022 के दिल्ली MCD चुनाव में आम आदमी पार्टी (AAP) ने बहुमत के आँकड़े को पार कर भाजपा (BJP) को सत्ता से बेदखल कर दिया है। भाजपा की सीटें भी कम हुई हैं, लेकिन अगर वोट प्रतिशत की बात करें तो इसमें बहुत बड़ा बदलाव नहीं दिख रहा है।

साल 2022 के MCD चुनावों में आम आदमी पार्टी को 42.10 प्रतिशत वोट मिले हैं। वहीं भाजपा को 39.07 प्रतिशत और कॉन्ग्रेस को 11.65 प्रतिशत वोट मिले हैं। बहुजन समाज पार्टी से 2 प्रतिशत अधिक निर्दलीय उम्मीदवारों को वोट मिले हैं। निर्दलीय उम्मीदवारों को 3.46 प्रतिशत वोट मिले हैं।

AAP ने 42.10 प्रतिशत वोटों के साथ MCD में 15 सालों से काबिज भाजपा को हटा दिया है। हालाँकि, उसे विधानसभा के मुकाबले वोटों के गिरे प्रतिशत उसे चिंतित कर रहा है। पिछले विधानसभा चुनावों में AAP को 53.57 प्रतिशत वोट मिले थे। ऐसे में लगभग 11 प्रतिशत वोटों का उसे नुकसान हुआ है। यह AAP के लिए खुशी के साथ-साथ सतर्कता की घंटी भी है।

साल 2020 में हुए दिल्ली विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी को 53.57 प्रतिशत वोट मिले थे। भाजपा को 38.51 प्रतिशत वोट मिले थे, जबकि कॉन्ग्रेस को 4.26 प्रतिशत वोट हासिल हुए थे। इस तरह भाजपा को इस बार के MCD चुनाव में पिछले विधानसभा चुनावों के मुकाबले थोड़ा अधिक ही वोट मिला है।

हालाँकि, सबसे अधिक फायदा कॉन्ग्रेस को नजर आ रहा है। पिछले विधानसभा चुनाव में कॉन्ग्रेस को सिर्फ 4.26 प्रतिशत वोट मिले थे, जबकि इस बार के MCD चुनाव में उसे 11.65 प्रतिशत वोट मिले हैं। इसका मतलब यह हुआ कि AAP से जो 11 प्रतिशत वोट छिटका है, उसका बहुत बड़ा हिस्सा कॉन्ग्रेस में शिफ्ट हुआ है। यानी इस बार कॉन्ग्रेस को वोट में लगभग 8 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

MCD चुनावों में AAP को कई ऐसे इलाकों में हार का मुँह देखना पड़ा है, जहाँ मुस्लिम वोट बड़ी संख्या निर्णायक स्थिति में हैं। इसका सीधा अर्थ यही लगाया जा रहा है कि पिछले विधानसभा चुनावों में AAP का वोटर रहा मुस्लिमों का एक बड़ा वर्ग MCD में कॉन्ग्रेस के पक्ष में मतदान किया है।

अगल पिछले MCD चुनाव की बात करें तो भी तस्वीर कुछ अलग है। साल 2017 में हुए MCD चुनाव की अपेक्षा इस बार के MCD चुनाव में AAP का वोट प्रतिशत लगभग 17 प्रतिशत बढ़ा है। पिछले एमसीडी चुनावों में आम आदमी पार्टी को लगभग 26 प्रतिशत वोट मिले थे।

इस बार के एमसीडी चुनावों में भाजपा का वोट शेयर लगभग 3 प्रतिशत बढ़ा है। पिछले MCD चुनाव में भाजपा को लगभग 36 प्रतिशत वोट मिले थे। वहीं, कॉन्ग्रेस को पिछले MCD चुनाव की अपेक्षा 9 प्रतिशत वोट का नुकसान हुआ है। पिछले एमसीडी चुनाव में कॉन्ग्रेस को लगभग 21 प्रतिशत वोट मिले थे।

साल 2017 में MCD तीन हिस्सों में थी। इसमें कुल वार्ड की संख्या 272 थी। इनमें से बीजेपी ने 181, आम आदमी पार्टी ने 49 और कॉन्ग्रेस ने 31 सीटों पर जीत हासिल की थी। इस बार भाजपा 104 सीटें मिली है, जबकि AAP को 134 सीटें मिली हैं। वहीं कॉन्ग्रेस को 9 और अन्य को 3 सीटें मिली हैं। हालाँकि, स्टोरी लिखे जाने तक मतगणना का अंतिम चरण पूरा नहीं हुआ है और इसमें कुछ बदलाव संभव हैं।

दिल्ली में अब गौतम गंभीर बनाम अरविंद केजरीवाल? पूर्व क्रिकेटर के क्षेत्र में 61% सीटों पर BJP का कब्ज़ा, लोग बोले – बड़ी जिम्मेदारी सौंपे पार्टी नेतृत्व

दिल्ली में एमसीडी चुनावों में आम आदमी पार्टी काफी आगे निकल चुकी है। रुझानों में वह दिल्ली नगर निगम में बहुमत के आँकड़े को भी पार कर चुकी है। भाजपा एमसीडी की सत्ता से लगभग बेदखल हो चुकी है। इन सब के बीच पूर्वी दिल्ली की 36 वार्डों में चुनाव परिणाम इसके उलट हैं। यह इलाका भाजपा सांसद और पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर का संसदीय क्षेत्र है। नए परिसीमन के बाद पूर्वी दिल्ली में एमसीडी के कुल 36 वार्ड के लिए चुनाव कराए गए हैं। इसमें भाजपा 22 और आम आदमी पार्टी को 11 सीटें मिली हैं। 3 सीटों पर कॉन्ग्रेस के उम्मीदवार जीते हैं।

पूर्वी दिल्ली में भाजपा के अच्छे प्रदर्शन की खबर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भाजपा के सांसद और पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर ट्रेंड करने लगे। लोग उन्हें दिल्ली बीजेपी की कमान दिए जाने की माँग कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी को रोकने की ताकत सिर्फ गौतम गंभीर में है। इतना ही नहीं, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर पर लोग गौतम गंभीर के क्षेत्र में किए गए कामों को गिनवा रहे हैं।

ट्विटर पर पत्रकार आशीष कुमार सिंह लिखते हैं कि बीजेपी ने गौतम गंभीर के निर्वाचन क्षेत्र में उम्दा प्रदर्शन किया है, ऐसे में भाजपा नेतृत्व को गौतम गंभीर को बड़ी जिम्मेदारी दिए जाने पर विचार करना चाहिए। अक्षित सिंह नाम के यूजर लिखते हैं कि दिल्ली में ‘आप’ को हराने में गौतम गंभीर ही भाजपा की मदद कर सकते हैं।

समीत ठक्कर नाम के यूजर ने लिखा है, “गौतम गंभीर दिल्ली में सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाले भाजपा सांसद हैं।”

कुल मिलाकर नतीजों को देखें तो भाजपा ने गौतम गंभीर के अलावा मनोज तिवारी और डॉ हर्षवर्धन के इलाके में अच्छा प्रदर्शन किया है। मनोज तिवारी के इलाके में बीजेपी ने 18, आम आदमी पार्टी ने 17 और कॉन्ग्रेस ने 04 सीटें हासिल कीं। डॉ. हर्षवर्धन के इलाके में भी भाजपा आगे रही । यहाँ से भाजपा को 16 सीटों पर और आम आदमी पार्टी को 14 सीटों पर जीत मिली। बीजेपी मीनाक्षी लेखी, परवेश वर्मा और रमेश बिधूड़ी के इलाकों में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई है।

मीनाक्षी लेखी के इलाके की 25 सीटों में बीजेपी सिर्फ 5 पर आगे है जबकि आम आदमी पार्टी 20 सीटों पर आगे है। परवेश वर्मा के इलाके की 38 में से 14 बीजेपी के खाते में गई जबकि आम आदमी पार्टी को यहाँ 24 सीटें प्राप्त हुईं। रमेश बिधूड़ी के इलाके में 13 पर भाजपा को जीत मिल रही है जबकि 23 पर आम आदमी पार्टी जीत रही है वहीं 1 सीट अन्य के खाते में जा रही है।

नीचे से चेक कर, नीचे से… MCD चुनावों में कॉन्ग्रेस को ‘मोरल विक्ट्री’, लोग बोले – न हार का गम-न जीत की चिंता, दार्शनिक हो गई है राहुल गाँधी की कॉन्ग्रेस

दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) चुनाव की मतगणना जारी है। इस बार मुख्य मुकाबला भाजपा (BJP) और आम आदमी पार्टी (AAP) के बीच माना जा रहा था। रुझानों में आम आदमी पार्टी बहुमत के आँकड़े को पार कर चुकी है। 15 सालों से दिल्ली नगर निगम पर राज करने वाली भाजपा दूसरे नंबर पर खिसक गई है। वहीं, कॉन्ग्रेस का बुरा हाल है। इसको लेकर बुधवार (7 दिसंबर 2022) को सोशल मीडिया पर नेटिजन्स ने कॉन्ग्रेस, राहुल गाँधी और ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का जमकर मजाक उड़ाया। लोगों का कहना है कि एमसीडी चुनाव में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का असर साफ देखा जा सकता है।

ललित भंडारी नाम के एक ट्विटर यूजर ने कॉन्ग्रेस का मीम शेयर किया है। इसमें दिखाया गया है कि कैसे दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) चुनाव के परिणाम घोषित होने से पहले, रुझानों में अपनी पार्टी की हालत देखकर एक कॉन्ग्रेस उम्मीदवार हताश है। लोग कह रहे हैं कि कॉन्ग्रेस पार्टी को इस चुनाव में ‘मोरल विक्ट्री’ मिली है।

माधव शर्मा लिखते हैं कि एमसीडी चुनाव में राहुल गाँधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का असर साफ देखा जा सकता है। बहुत बढ़िया। पत्रकार अभिषेक उपाध्याय ने लिखा, “न जीत की चिंता, न हार का गम। राहुल गांधी की अगुवाई में दार्शनिक हो चुकी है कॉन्ग्रेस!”

माधव शर्मा के ट्वीट पर प्रतिक्रिया देते हुए जितेंद्र वशानी नाम के यूजर ने लिखा, “उसकी वजह से कॉन्ग्रेस मुक्त भारत हो रहा है। इसी तरह से उन्होंने ‘भारत जोड़ो आंदोलन’ को आगे बढ़ाने की योजना बनाई है। कितना विजनरी है ये बंदा.. पप्पू पास हो गया।”

पीयूष मिश्रा नामक यूजर ने ‘3 इडियट्स’ फिल्म का एक सीन शेयर करते हुए लिखा, “कॉन्ग्रेस उम्मीदवार दिल्ली नगर निगम चुनाव के परिणाम देखता हुआ।” इस सीन में सबसे आगे अभिनेता शमरन जोशी हैं और पीछे आर माधवन। इस सीन के नीचे लिखा है, “नीचे से चेक कर.. नीचे से।”

वहीं इस दौरान एक यूजर ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के उस दावे का भी मजाक उड़ाया, जिसमें उन्होंने लिखकर दिया था कि BJP को 20 से भी कम सीटें मिलेंगी।

दरअसल, ABP न्यूज चैनल के एक शो के दौरान सीएम केजरीवाल ने MCD में भाजपा को कितनी सीटें मिलेंगी इसको एक कागज पर लिखते हुए कहा था, “MCD के चुनाव में BJP की 250 में से 20 से भी कम सीट आएँगी। मैं कोई हवा में बात नहीं कर रहा हूँ।” लेकिन रुझान सामने आने के बाद उनके दावे की हवा निकल ​गई।

MCD चुनाव: केजरीवाल के लिए जो ‘कट्टर ईमानदार’ उस सत्येंद्र जैन के इलाके में AAP की दुर्दशा, मनीष सिसोदिया-गोपाल राय के इलाकों में भी झाडू साफ

दिल्ली MCD चुनाव के नतीजों (Delhi MCD Election Result) में कई उलट-फेर नजर आ रहे हैं। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दावा किया था कि भाजपा को 250 में से 20 से भी कम सीटें मिलेंगी। वहीं, मतणना के रुझान बता रहे हैं कि आम आदमी पार्टी (AAP) के दिग्गजों वाले क्षेत्र में भी भाजपा कमल खिलाने में सफल रही है।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (CM arvind Kejriwal), उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया (DCM Manish Sisodia) और मंत्री सत्येंद्र जैन (Satyendra Jain) के विधानसभा क्षेत्रों में कहीं AAP का प्रदर्शन ठीक-ठाक रहा तो कहीं गड़बड़ रहा।

अरविंद केजरीवाल ने वार्ड नंबर 74 चाँदनी चौक में वोट डाला था। यहाँ से आम आदमी पार्टी ने पुनरदीप सिंह साहनी को मैदान में उतारा था। वहीं, भाजपा ने रविंद्र सिंह और कॉन्ग्रेस ने राहुल शर्मा को प्रत्याशी बनाया था यहाँ अभी आप के उम्मीदवार पुनरदीप सिंह नेे जीत हासिल की है। इससे पहले यह सीट भाजपा के पास थी।

उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की विधानसभा पटपड़गंज में 4 वार्ड आते हैं। इनमें से सभी चार सीटों पर भाजपा ने जीत हासिल की है। पटपड़गंज से बीजेपी की रेनू चौधरी, विनोद नगर से बीजेपी के रविंद्र सिंह नेगी जीते, पांडव नगर से बीजेपी के यशपाल सिंह और मंडावली से बीजेपी की शशि चाँदना जीते हैं।

मनीष सिसोदिया ने दिल्ली एमसीडी के वार्ड नंबर 203 लक्ष्मी नगर में वोट डाला था। यहां पर आप ने मीनाक्षी शर्मा, बीजेपी ने अलका राघव और कॉन्ग्रेस ने सुनीता धवन को चुनावी मैदान में उतारा था। यहाँ से भाजपा की अलका राघव ने जीत हासिल की है।

मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद AAP नेता और अरविंद केजरीवाल सरकार मंत्री सत्‍येंद्र जैन के विधानसभा क्षेत्र शकूर बस्ती में 3 वार्ड हैं। इन सभी तीनों वार्डों में बीजेपी ने जीत हासिल की है।

दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) चुनाव में केजरीवाल सरकार के मंत्री गोपाल राय (Gopal Rai) के विधानसभा क्षेत्र के चार वार्डों में से दो पर भाजपा और एक पर कॉन्ग्रेस की जीती है। आम आदमी पार्टी को सिर्फ एक सीट से संतोष करना पड़ा है।

हालाँकि, दिल्ली MCD चुनावों में आम आदमी पार्टी ने जीत हासिल की है। उसे 42 प्रतिशत वोट मिले हैं। वहीं, भाजपा दूसरे नंबर पर खिसक गई है और उसे 39 प्रतिशत वोट मिले हैं। इस चुनाव में कॉन्ग्रेस को सिर्फ 12 प्रतिशत मिले हैं।

MCD चुनाव में हार गए भाजपा के चारों पसमांदा उम्मीदवार, अमानतुल्लाह खान के वार्ड और शाहीन बाग़ में भी AAP की हार: कॉन्ग्रेस की 8 में से 5 सीटें मुस्लिम बहुल इलाकों में

एमसीडी चुनाव के नतीजों में आम आदमी पार्टी इतिहास रचती दिख रही है। कड़े मुकाबले में आम आदमी पार्टी एमसीडी की सत्ता हासिल कर रही है। दिल्ली में मुस्लिमों की आबादी 13 प्रतिशत है और कई सीटों पर मुस्लिम जीत-हार का फैसला करने की ताकत रखते हैं। ऐसे में सभी सियासी पार्टियों ने मुस्लिम उम्मीदवारों पर दाँव लगाया। कॉन्ग्रेस ने सबसे अधिक 24 उम्मीदवारों को टिकट देकर मैदान में उतारा तो वहीं, आम आदमी पार्टी ने 7 और बीजेपी ने 4 मुस्लिम चेहरों पर भरोसा दिखाया।

सवाल यह है कि मुस्लिमों ने दिल्ली के चुनावों में किस पार्टी का साथ दिया? एमसीडी चुनाव के परिणामों पर अगर नजर डालें तो स्पष्ट है कि मुस्लिमों का आम आदमी पार्टी से मोह भंग हुआ है। शाहीन बाग जैसे मुस्लिम बहुल इलाके में आम आदमी पार्टी को नाकामी हाथ लगी है। अबुल फजल एन्क्लेव (शाहीन बाग) से कॉन्ग्रेस की अरीबा खान ने जीत दर्ज की है। उन्होंने आम आदमी पार्टी के मौजूदा उम्मीदवार वाजिद खान को हरा दिया है। जाकिर नगर वार्ड से कॉन्ग्रेस की नाजिया दानिश ने आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार सलमा खान को शिकस्त दे दिया।

भाजपा ने इन दोनों सीटों पर हिंदू उम्मीदवार खड़े किए थे। सीलमपुर वार्ड नंबर 225 जो आम आदमी पार्टी का गढ़ माना जाता है, वहाँ से निर्दलीय उम्मीदवार शकिला बेगम ने जीत हासिल की है। इस सीट पर आम आदमी पार्टी ने नसीम बानो को टिकट दिया था। आपको बता दें सीलमपुर (वार्ड नंबर 225) ही दिल्ली के दंगों की शुरुआत का पहला प्वाइंट था।

एमसीडी चुनाव में भाजपा ने पसमांदा कार्ड खेलते हुए 4 पसमांदा मुस्लिमों को उम्मीदवार बनाया था। एमसीडी चुनाव में बीजेपी का कोई भी मुस्लिम उम्मीदवार जीतता नजर नहीं आ रहा। बीजेपी ने चांदनी महल वार्ड नंबर 76 से पसमांदा मुस्लिम इरफान मलिक को टिकट दिया था। इस सीट पर आम आदमी पार्टी उम्मीदवार आले मोहम्मद इकबाल जीत रहे हैं। भाजपा ने सीलमपुर विधानसभा क्षेत्र के चौहान बांगर वार्ड संख्या 227 से सबा गाजी को मैदान में उतारा था। उन्हें कॉन्ग्रेस की शगुफ्ता चौधरी ने पराजित कर दिया।

आम आदमी पार्टी ने यहाँ से आसमा रहमान को टिकट दिया था। बीजेपी ने बल्लीमारान विधानसभा सीट के तहत आने वाले कुरैश नगर वार्ड से पसमांदा मुस्लिम शमीना राजा पर भरोसा दिखाया था। लेकिन इस सीट पर आखिरी इनपुट मिलने तक आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार शमीम बानो आगे चल रही थीं। मुस्तफाबाद वार्ड संख्या 243 से भी बीजेपी उम्मीदवार शबनम मलिक पीछे चल रही हैं। इस सीट पर कॉन्ग्रेस की उम्मीदवार सबीला बेगम आगे चल रही हैं। आम आदमी पार्टी ने यहाँ नसरीन अख्तर पर भरोसा जताया था।

कुल मिला कर देखें तो 21 मुस्लिम बहुल इलाकों में से 11 पर AAP, 5 पर कॉन्ग्रेस और 3 पर भाजपा को जीत मिली है।

‘अपने हॉस्टल के बच्चा लोगों के लिए भी खाना ले जाना…’: शादी असली पर Video फिक्स, अतुल-अलोक ने बाराती में बिन बुलाए खाने पर दिया बड़ा संदेश

हाल ही में एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें दुल्हे की तरह दिख रहे शख्स से एक युवक कहता है कि वह हॉस्टल में रहता है। बिन बुलाया मेहमान है। खाने आ गया है। जवाब में दुल्हा उससे कहता है कि हॉस्टल के अपने दोस्तों के लिए भी खाना लेते जाना। अब यह बात सामने आई है कि यह वीडियो असली शादी का ही था, लेकिन इसमें दिखे दोनों शख्स एक्टिंग कर रहे थे।

समाज को संदेश देने के लिए अतुल और आलोक ने इस वीडियो को शूट किया था। जब यह वीडियो वायरल हुआ था उसी समय बारात में बिन बुलाए खाने पहुँचे लोगों के साथ अमानवीय बर्ताव के कुछ मामले सामने आए थे। बारात में बिन बुलाए खाने पहुँचे लोगों के साथ सहृदयता का संदेश देने वाले इस एक्टिंग वीडियो को 2 दिसंबर 2022 को जन अधिकार पार्टी के अध्यक्ष पप्पू यादव ने शेयर किया था। उन्होंने लिखा, “यह हमारा बिहार, इस पर हमें गर्व है। बिन बुलाए विवाह में एक प्लेट खाने पर यहाँ बर्तन नहीं धुलवाते।” अकेले उन्ही के ट्वीट पर इस वीडियो को अब तक 1.2 मिलियन लोग देख चुके हैं। वीडियो के कमेंट में लोगों ने दूल्हे की काफी तारीफ की।

वीडियो में एक लड़का दूल्हे के पास बैठ कर बात करता दिखा था। वह​ दूल्हे से कहता है कि भैया आपकी शादी में हम यहाँ आए है। मुझे पता नहीं आपका नाम क्या है और आपका घर कहाँ है। मैं हॉस्टल में रहता हूँ। आज खाना बनाए नहीं थे। हमें भूख लगा था। हम आपकी शादी में आ गए खाने। आपको कोई दिक्कत तो नहीं है। जवाब में दुल्हा कहता है, “कोई दिक्कत नहीं। आप खुद खाइए। अपने होस्टल के बच्चा लोगों के लिए भी खाना ले जाना।”

मिल रही जानकारी के मुताबिक यह वीडियो प्लांड था। पहले से तैयारी कर 2 कलाकारों द्वारा बनाया गया है। वीडियो में जो दुल्हा दिखता है उसका नाम अतुल रजक है और उनसे बात करने वाला युवक आलोक यादव है। दोनों ही भागलपुर के छात्र हैं। अतुल रंगमंच कलाकार हैं। आलोक भागलपुर कला केंद्र में पढ़ाई करते हैं। बताया जा रहा है कि वीडियो बनाने के समय अतुल रजक की वास्तव में शादी हो रही थी। इस दौरान आलोक यादव ने उनसे ऐसा वीडियो मिलकर बनाने की सहमति ली जिस से समाज को एक अच्छा संदेश जाए। वीडियो बनाने के बाद अतुल और आलोक ने इसे अपने-अपने सोशल मीडिया हैंडलों पर डाला। कुछ ही देर में यह वीडियो वायरल हो गया।

गौरतलब है कि अतुल और अलोक का वीडियो वायरल होने से पहले मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल की शादी का एक वीडियो वायरल हो हुआ था। इस वीडियो में लड़की के घर वाले बिना बुलाए बारात में आकर खाना खाने वाले MBA छात्र से प्लेट धुलवाते नजर आए थे। लोगों ने इस हरकत को बेहद गलत बताते हुए आरोपितों पर कार्रवाई की माँग की थी।

एक तू ही धनवान है गोरी… फार्महाउस में जिस अधनंगे AAP उम्मीदवार का वीडियो हुआ था वायरल, वो हार गया: दिखा था आधी रात में स्विमिंग पुल का नज़ारा

दिल्ली में चल रहे MCD चुनावों में वोटों की गिनती जारी है। कुछ सीटों पर रुझान और कइयों पर परिणाम आने शुरू हो गए हैं। ताजा जानकारी के मुताबिक, वसंत कुंज से भाजपा प्रत्याशी ने बाजी मार ली है। यहाँ भाजपा उम्मीदवार जगमोहन मेहलावत ने आम आदमी पार्टी (AAP) कैंडिडेट अमरजीत छिल्लर को हरा दिया है। कुछ ही समय पहले आप कैंडिडेट का बिना शर्ट के वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जगमोहन मेहलावत के समर्थकों ने जीत का जश्न भी मनाना शुरू कर दिया है। कुछ समय पहले आप प्रत्याशी अमरजीत का बिना शर्ट वीडियो वायरल हुआ था। दिल्ली भाजपा के ट्विटर हैंडल से 3 दिसम्बर 2022 (शनिवार) को इस 25 सेकेण्ड के वीडियो को शेयर करते हुए उन पर शराब के नशे में होने का आरोप लगाया है। उस वीडियो में कुछ ने लोग भी दिख रहे थे जो बिना रिजल्ट आए ही अमरजीत को विजेता घोषित कर रहे थे।

वीडियो में छिल्लर के साथ कुछ अन्य लोग भी दिखाई दे रहे थे। उसमें से कुछ लोगों ने छिल्लर की तरह शर्ट नहीं पहनी थी। यह वीडियो रात में बनाया गया है जिसमे अमरजीत 360 डिग्री घुमा कर बना रहे हैं। इस वीडियो में छिल्लर को ‘एक तू ही धनवान है गोरी, बाकी सब कंगाल’ वाला गाना गाते सुना जा सकता है। पीछे की तरफ स्विमिंग पुल दिखाई दे रहा। पीछे खड़े लोगों ने छिल्लर से पार्षद बनने का टाइम पूछा तो जवाब मिला, “बहुत जल्द’। आप प्रत्याशी के हाथ में एक फाइबर का ग्लास भी नजर आ रहा है जिसमें कुछ तरल पदार्थ है। भाजपा के मुताबिक, ये दारू का ग्लास है।

यास्मीन खान ने अभिनेत्री को वेब सीरीज शूट करने के नाम पर बुलाया, पहुँची तो कहा – अब नंगी हो जाओ: एक्ट्रेस की शिकायत पर 3 पर FIR, 1 गिरफ्तार

मुंबई में वेब सीरीज के नाम पर पोर्न फिल्म की शूटिंग करने का मामला सामने आया है। यहाँ की चारकोप पुलिस (Charkop Police) ने वेब सीरीज के नाम पर अश्लील फिल्में बनाने और उन्हें अलग-अलग साइटों पर अपलोड करने वाले एक रैकेट का पर्दाफाश किया है। दरअसल इस रैकेट का शिकार बनी एक अभिनेत्री ने इस बारे में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद यह मामला सामने आया।

29 साल की एक्ट्रेस की शिकायत के बाद चारकोप पुलिस ने गुरुवार (1 दिसंबर, 2022) को यास्मीन खान (Yasmeen Khan), अनिरुद्ध प्रसाद जंगडे, अमित पासवान और आदित्य के खिलाफ आइपीसी व आइटी एक्ट की अलग-अलग धाराओं में केस दर्ज किया था। मामले में अनिरुद्ध प्रसाद जंगडे को गिरफ्तार कर लिया गया है। यास्मीन डेढ़ साल पहले भी मुंबई में इसी तरह के मामले में गिरफ्तार हुई थी। पुलिस मामले में दुष्कर्म की धाराएँ भी जोड़ने की तैयारी कर रही है।

आरोप है कि यास्मीन खान समेत अन्य आरोपितों ने पीड़ित एक्ट्रेस को विदेशों में रिलीज होने वाली वेब सीरीज के नाम पर शूट के लिए बुलाया था। जब वह फ्लैट में पहुँची तो उसे पहले न्यूड होने को कहा गया। जब एक्ट्रेस ने पूरी तरह से न्यूड होने से इनकार किया तो निर्देशक ने उसे कॉन्ट्रैक्ट के नियम तोड़ने पर 15 लाख रुपए वसूलने की धमकी दी। इसके बाद डर कर एक्ट्रेस ने पोर्न फिल्म की शूटिंग कंप्लीट की।

मॉडल की शिकायत के मुताबिक, पीड़ित एक्ट्रेस को काम की जरूरत थी और उसने राहुल पांडेय नाम के शख्स से संपर्क किया तो उसने बताया कि उसे वेब सीरीज में काम करना होगा जिसमें कुछ बोल्ड सीन भी होंगे। चूँकि वेब सीरीज भारत में रिलीज होनी थी इसलिए पीड़िता ने पहले मना कर दिया।

राहुल पांडेय ने पीड़ित एक्ट्रेस से दोबारा संपर्क किया और कहा कि वह मोबाइल एप के लिए एक वेब सीरीज बना रहा है जो विदेश में रिलीज होगी और उसमें भी कुछ बोल्ड सीन होंगे। इसके बाद पीड़िता तैयार हो गई। बाद में उसे अनिरुद्ध से मिलने को कहा गया, जो पीड़िता को मलाड वेस्ट में भाबरेकर नगर में स्थित एक फ्लैट में ले गया। वहाँ एक महिला मेकअप आर्टिस्ट, यास्मीन, अनिरुद्ध और आदित्य मौजूद थे। वहाँ यास्मीन ने खुद को कैमरापर्सन, अनिरुद्ध और आदित्य को एक्टर बताया और डरा-धमकाकर फिल्म की शूटिंग पूरी की।

फिल्म रिलीज होने के बाद जब एक्ट्रेस की पहचान वाले एक शख्स ने जब उससे इस बारे में पूछा तो एक्ट्रेस ने यास्मीन से फिल्म डिलीट करने को कहा। यास्मीन ने ऐसा करने के लिए पैसों की माँग की। इसके बाद एक्ट्रेस ने पुलिस शिकायत दर्ज करवाई। मुंबई पुलिस के जोन 11 के डीसीपी अजय कुमार बंसल ने बताया कि यह घटना 5-6 महीने पुरानी है और महिला ने पहली बार शिकायत भांडुप पुलिस स्टेशन में की थी। इसके बाद मामले को चारकोप पुलिस स्टेशन ट्रांसफ़र कर दिया गया, जहाँ चार आरोपितों के ख़िलाफ़ संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई।

केजरीवाल का दावा MCD चुनावों में फुस्स, लिखकर दिया- BJP को 20 से भी कम सीटें मिलेंगी: 100+ दिख रही, AAP आगे

दिल्ली में हुए नगर निगम चुनावों (MCD) के शुरुआती रुझान आने शुरू हो गए हैं। इसमें दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (CM Arvind Kejriwal) की आम आदमी पार्टी (AAP) आगे चलती दिख रही है, लेकिन साथ में उनके दावों की पोल भी खोल रही है। सीएम केजरीवाल ने दावा किया था कि MCD के चुनाव में भाजपा को 20 से भी कम सीटें आएँगी।

राजनीति में इस तरह के दावे तो किए जाते हैं, लेकिन सत्ताधारी पार्टी के खिलाफ इस तरह के दावे सिर्फ आम आदमी पार्टी ही करती है। MCD में भाजपा की बहुमत है वाली सरकार है। ऐसे में सिर्फ 20 सीटें देकर सीएम केजरीवाल दरअसल हवा हवाई बातें ही कर रहे थे।

ABP न्यूज चैनल के एक शो के दौरान सीएम केजरीवाल ने बहुत विश्वास के साथ लिखकर दिया था कि MCD में भाजपा को कितनी सीटें मिलेंगी। उन्होंने एक कागज पर लिखने हुए कहा था, “MCD के चुनाव में BJP की 250 में से 20 से भी कम सीट आएँगी। ये मैं कोई हवा में बात नहीं कर रहा हूँ।”

सीएम केजरीवाल ने सिर्फ MCD चुनाव ही नहीं, गुजरात चुनाव को लेकर भी लिखकर दिया था कि ये दोनों चुनाव भाजपा हार रही है। उन्होंने दावा किया था कि भाजपा को लेकर दिल्ली और गुजरात में जबरदस्त गुस्सा है। हालाँकि, गुजरात के दावे का पता 8 नवंबर 2022 को चलेगा, लेकिन MCD को लेकर उनका किया गया दावा फुस्स होता नजर आ रहा है।

MCD चुनावों की जारी मतगणना में सीएम केजरीवाल द्वारा लिखकर किए गए दावे पूरी तरह बेकार साबित हो चुके हैं। शुरुआती रुझान में भाजपा और आम आदमी पार्टी के बीच काँटे की टक्कर दिख रही है। इसमें भाजपा को अभी तक 104 सीटें मिलती दिख रही हैं, जिनमें वह 82 पर जीत हासिल कर चुकी है और 22 सीटों पर वह आगे है।

वहीं, आम आदमी पार्टी 99 सीटों पर जीत हासिल कर चुकी है और 33 सीटों पर आगे चल रही है। इस तरह वह कुल 133 सीटों पर आगे दिख रही है। अगर कॉन्ग्रेस की बात करें तो वह 5 सीटें जीत चुकी है और 6 सीटों पर आगे चल रही है।

ये सारे आँकड़े स्टोरी लिखे जाने तक के हैं। इस तरह भाजपा और AAP में अभी तक स्पष्ट बहुमत किसी को नहीं मिला है, लेकिन रुझानों में AAP को जीत मिलती दिख रही है। बता दें कि MCD में बहुमत के लिए 126 के आँकड़ा पार करना जरूरी है।

जिस नीलम देवी को शकील ने मार डाला, उनकी बेटी पूछ रही- स्कूल कैसे जाऊँगी, वो मुझे भी मार डालेगा: पुलिस की कर्ज वाली थ्योरी को भी नकारा

बिहार के भागलपुर में जिस नीलम देवी को कान, नाक और स्तन काट शकील मियां ने मार डाला था, उनकी बेटी दहशत में है। उसे अपनी हत्या की आशंका है। वह पूछ रही है कि स्कूल कैसे जाएगी। पीड़ित परिवार ने हत्यारों के लिए फाँसी की माँग की है। इस मामले में 6 दिसंबर 2022 को शकील सहित कुल 5 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।

दैनिक जागरण के मुताबिक मृतका के घर पर पुलिस का पहरा बिठा दिया गया है। सुरक्षा के बावजूद नीलम की बेटी ने खुद को डरा हुआ बताते हुए अपनी हत्या की शंका जताई है। मृतका की बेटी ने बताया कि जिस झाड़ीदार रास्ते से वह स्कूल जाती है, वहाँ शकील के कई रिश्तेदारों के घर हैं।

पुलिस के दावे झूठे

पुलिस ने अपने बयान में मृतका नीलम द्वारा शकील से अपनी बेटी की शादी के लिए कर्ज लेने की जानकारी दी है। एक अन्य रिपोर्ट के मुताबिक खुद नीलम की बेटी ने इसका खंडन करते हुए बताया है कि वह अविवाहित है और उसकी शादी की फिलहाल कहीं बात नहीं चल रही है। नीलम की बेटी ने पुलिस से ही सवाल किया कि वो कर्ज के समझौते के कागज क्यों नहीं दिखाती। इस दौरान उन्होंने पुलिस पर मामले को दबाने का आरोप लगते हुए फ़ास्ट ट्रैक कोर्ट में ट्रायल चलते हुए शकील को 1 माह में फाँसी पर चढ़ाने की माँग की है।

दुकान पर बेवजह बैठा रहता था शकील

मृतका नीलम के बेटे चंदन ने बताया कि उनका परिवार शकील से पहले से परिचित था, क्योंकि शकील उनकी माँ की दुकान पर आ कर बेवजह घंटों तक बैठा रहता था। चंदन ने आगे बताया कि 1 साल पहले शकील को उसके पिता अशोक यादव ने चले जाने को कहा था तब से वो नहीं आया था। मृतका के भाई कैलाश यादव ने शकील को आपराधिक छवि वाला बताते हुए कहा कि वो पहले से कई महिलाओं से छेड़खानी करता रहा है। कैलाश ने मृतका के परिजनों के लिए सुरक्षा की माँग भी की।

प्रयास न्यूज़ नाम के एक यूट्यूब चैनल पर घटना के चश्मदीदों ने शकील की करतूत की जानकारी दी। मृतका के भाई कैलाश ने बताया कि पहला वार नीलम पर पीछे से किया गया था और अगला वार सिर पर हुआ था। इसके बाद पीड़िता के स्तनों और हाथों को भी काट दिया गया था। घटनास्थल पर फूटी हुई चूड़ियाँ भी दिख रहीं थी। फल, चादर और चप्पल वहीं छूट गए थे। महिला की चीख पर सबसे पहले आस-पास के भट्ठे पर काम करने वाले दौड़े थे।