Home Blog Page 2588

दिल्ली की अदालत ने AltNews के जुबैर की जमानत याचिका पर सुनवाई 14 जुलाई तक रोकी, सीतापुर FIR पर 7 सितंबर को सुनवाई करेगा SC

AltNews के सह संस्थापक मोहम्मद जुबैर (Muhammad Zubair) की जमानत याचिका पर मंगलवार (12 जुलाई 2022) को सुनवाई करते हुए दिल्ली की एक अदालत ने इसे 14 जुलाई (गुरुवार) तक के लिए स्थगित कर दिया है। उधर, सुप्रीम कोर्ट ने सीतापुर पुलिस द्वारा दायर FIR को रद्द करने वाली याचिका पर अंतिम के लिए सुप्रीम कोर्ट ने 7 सितंबर 2022 की तारीख तय की है।

सोमवार (11 जुलाई 2022) को सुप्रीम कोर्ट की जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ और एएस बोपन्ना की पीठ ने कहा कि उसके द्वारा जुबैर को दिया गया अंतरिम प्रोटेक्शन अगले आदेश तक जारी रहेगा। बता दें कि जुबैर पर अपने ट्वीट के माध्यम से दूसरे वर्ग का अपमान करने और दो समुदायों के बीच नफरत फैलाने का आरोप है।

अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश देवेंद्र कुमार जांगला (Devendra Kumar Jangla) ने यह निर्णय दिया। दरअसल, कोर्ट ने इस तथ्य को ध्यान में रखा कि मोहम्मद जुबैर पर एक अन्य मामले में सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) में सुनवाई चल रही है।

मोहम्मद जुबैर की ओर से पेश अधिवक्ता वृंदा ग्रोवर ने एक बार फिर अपनी दलील दी कि जिस ट्वीट पर कार्रवाई की गई है, वह 1983 की फिल्म ‘किसी से ना कहना’ की है। इस फिल्म को सभी लोगों ने देखा है।

ग्रोवर ने आगे कहा, “एक गुमनाम ट्विटर हैंडल दिल्ली पुलिस को टैग करता है और कहता है कि उसने (मोहम्मद जुबैर) ने मेरी भावनाओं को ठेस पहुँचाई है। इसकी टाइमिंग को देखिए … अज्ञात हैंडल से ट्वीट आने के कुछ घंटे बाद प्राथमिकी दर्ज की गई है।”

उन्होंने कहा कि इस फिल्म के बनने के 37 साल तक कोई झगड़ा या फसाद नहीं हुआ। बार एंड बेंच के अनुसार, ग्रोवर ने कहा कि यह गुमनाम ट्विटर प्रोफाइल साल 2021 में बनाया गया है और इसका सिर्फ एक फॉलोअर है। उन्होंने कहा कि कोई भी एल्गोरिदम इस हैंडल को जुबैर के ट्वीट तक नहीं जा सकती। नाम ट्विटर हैंडल का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा,

इस पर लोक अभियोजक अतुल श्रीवास्तव ने अदालत में तर्क दिया कि वह भोपाल में हैं, इसलिए जवाब दाखिल करने के लिए उन्हें समय दिया जाए, क्योंकि सुप्रीम कोर्ट जुबैर से संबंधित एक अलग मामले की सुनवाई कर रहा था। इसके बाद कोर्ट ने मामले की सुनवाई 14 जुलाई तक के लिए स्थगित कर दी।

बता दें जुबैर पर भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 153 ए (धार्मिक समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देना) और 295 (किसी भी वर्ग के धर्म का अपमान करने के इरादे से पूजा स्थल को नुकसान पहुँचाना या अपवित्र करना) के तहत मामला दर्ज किया गया था। बाद में इसमें विदेशी योगदान (विनियमन) अधिनियम, 2010 की धारा 35 और IPC की धारा 201 (सबूत नष्ट करना) और 120 बी (आपराधिक साजिश) भी जोड़े गए।

जुबैर के खिलाफ हनुमान भक्त नाम के एक ट्विटर हैंडल ने शिकायत की थी और आरोप लगाया था कि जुबैर ने हिंदू भगवान के नाम पर तस्वीर ट्वीट कर उसकी धार्मिक भावनाओं का अपमान किया है। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने 27 जून को उसे गिरफ्तार कर लिया।

जुबैर को 28 जून को चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया और उसे 4 दिनों के लिए और पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। इसके बाद उसे 2 जुलाई को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

इसके बाद मोहम्मद जुबैर ने कोर्ट में जमानत के लिए याचिका दाखिल की है। वहीं, इस मामले में उत्तर प्रदेश पुलिस ने जुबैर के खिलाफ दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की है। इनमें से एक सीतापुर और एक लखीमपुर खीरी में दर्ज की गई है।

केरल में RSS कार्यालय पर फेंका बम, BJP नेता ने पुलिस पर लगाया मिलीभगत का आरोप

केरल के कन्नूर जिले में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के ऑफिस पर बम से हमला किया गया। हमला कन्नूर जिले के पय्यानूर में हुआ। पय्यानूर पुलिस के मुताबिक घटना मंगलवार (12 जुलाई 2022) की सुबह हुई। बताया गया है कि हमले में ऑफिस की खिड़की के शीशे टूट गए। बम दस्ते ने हमले के बाद आरएसएस कार्यालय की जाँच की।

बम फेंके जाने के बाद RSS ऑफिस की कुछ तस्वीरें भी सामने आई हैं। इन तस्वीरों में देखा जा सकता है कि कुर्सियाँ उल्टी पड़ी हुई हैं और खिड़कियों के शीशे टूटे हैं। हालाँकि किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। हैरानी की बात यह है कि जिस जगह पर यह ऑफिस स्थित है, उसके पास में ही पुलिस स्टेशन भी है। इसके बावजूद बम फेंकने की इस घटना को अंजाम दिया गया।

इस घटना पर भाजपा नेता टॉम वडक्कन ने रिपब्लिक टीवी से बात करते हुए कहा कि यह बेहद चौंकाने और हैरान करने वाला है। कानून व्यवस्था इतनी गिर गई है कि सामाजिक संगठनों के ऑफिसों पर अब बम फेंके जा रहे हैं। यह कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आरएसएस के दफ्तरों और कार्यकर्ताओं पर इस तरह के हमले पहले भी हो चुके हैं। ऐसी कानून-व्यवस्था से जल्द से जल्द निपटना होगा। पुलिस और प्रशासन इसके लिए जवाबदेह है। केरल की जनता इस घटना को ऐसे ही नहीं जाने देगी।

वडक्कन ने कहा कि पुलिस की मिलीभगत बहुत खतरनाक है। ऐसे उदाहरण हैं जहाँ पुलिस स्टेशन 100 मीटर दूर है और फिर भी कुछ नहीं होता है। कार्यालयों को खास तौर पर कन्नूर जैसे संवेदनशील जिले में सुरक्षा दिया जाना चाहिए। लेकिन ऐसा नहीं किया गया है। ऐसे में यह न सिर्फ लापरवाही, बल्कि मिलीभगत भी है। उन्होंने कहा, “मुझे यह कहते हुए खेद हो रहा है, मगर राज्य में किसी भी राजनीतिक कार्यालय को नुकसान के लिए राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराया जाएगा।”

उल्लेखनीय है कि 9 जुलाई को आरएसएस ने राजस्थान के उदयपुर में हुई कन्हैया लाल की बर्बर हत्या की निंदा की थी और मुस्लिम समुदाय से एसी घटनाओं के खिलाफ आगे आने की अपील की थी। आरएसएस के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा था कि ऐसी घटनाएँ समाज या देश के हित में नहीं हैं। उन्होंने कहा, “हमारे अपने देश में लोकतंत्र है। अगर किसी को कुछ पसंद नहीं है, तो उस पर प्रतिक्रिया देना लोकतांत्रिक का एक तरीका है।”

उन्होंने कहा था, “हिंदू समाज शांतिपूर्ण और संवैधानिक तरीके से अपनी प्रतिक्रिया दे रहा है। मुस्लिम समाज से भी ऐसी घटना पर रोक लगाने की उम्मीद की जाती है। कुछ बुद्धिजीवियों ने इसका विरोध किया है, लेकिन मुस्लिम समाज को भी आगे आना चाहिए और इसका कड़ा विरोध करना चाहिए। ऐसी घटनाएँ न तो समाज के हित में है और न ही देश के हित में। इसे पूरी तरह से खारिज करने की आवश्यकता है।”

अशोक के ‘धर्म स्तंभ’ से ‘धर्म’ को क्यों अलग करना चाह रहे लिबरल: पूजा से दिक्कत, लेकिन सड़क पर नमाज और लाउडस्पीकर पर चूँ तक नहीं

दिल्ली में नया संसद भवन बन रहा है। इसके शीर्ष पर 6.5 मीटर ऊँचा और 9500 किलोग्राम वजन वाला अशोक स्तंभ स्थापित किया गया है। ये हमारा राजकीय प्रतीक भी है। सारनाथ में सम्राट अशोक ने जो स्तंभ बनवाया था, ये प्रतीक वहीं से लिया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जब विधिवत पूजा-अर्चना कर के इसका अनावरण किया तो लिबरलों को मिर्ची लग गई। हाँ, पूजा की जगह अगर नमाज पढ़ी गई होती तो शायद ये अभी ख़ुशी से झूम रहे होते।

सबसे पहले आपको अपने राजकीय प्रतीक के बारे में बता देते हैं। आप इससे अनजान नहीं है, क्योंकि आपने एक-दूसरे की ओर पीठ किए चार सिंहों वाले इस प्रतीक को कई बार देखा है। इसके नीचे घंटे के आकार के पदम के ऊपर एक चित्र वल्लरी में हाथी, चौकड़ी भरता हुआ एक घोड़ा, एक साँड और सिंह की उभरी हुई मूर्तियाँ होती हैं, जिसके बीच-बीच में चक्र बने हुए हैं। एक ही पत्थर से तराश कर इसे बनाया गया था और इसके ऊपर ‘धर्मचक्र’ रखा होता है।

26 जनवरी, 1950 को हमारे संविधान निर्माताओं ने इसे हमारे राजकीय प्रतीक के रूप में मान्यता दी। इसके नीचे देवनागरी लिपि में ‘सत्यमेव जयते’ भी लिखा होता है, जिसका अर्थ है – सत्य की ही जीत होती है। 268 ईसापूर्व से लेकर 232 ईसापूर्व तक अखंड भारत पर 36 वर्ष शासन करने वाले महान सम्राट अशोक को भला कौन नहीं जानता। हालाँकि, मुगलों और फर्ज शाह तुगलक ने इन स्तंभों के साथ बड़ी छेड़छाड़ की और इन्हें इधर-उधर कर दिया।

खुद सम्राट अशोक ने इन स्तंभों को ‘धम्म (धर्म) स्तंभ’ नाम दिया था, ऐसे में क्या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पूजा-अर्चना कर के धर्म के अनुसार इसका अनावरण करने से लिबरल गिरोह को क्यों परेशानी हो रही है? सोचिए, 2272 वर्ष पुराने अपने इतिहास को भारत जागृत कर रहा है और सहेज रहा है तो इससे भी कई लोगों को दिक्कत है। यहीं से भारत के राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे का चक्र भी लिया गया है। सारनाथ में जब सम्राट अशोक गए थे, तब उनके स्वागत के लिए इसे बनाया गया था।

सबसे पहले बात करते हैं AIMIM के मुखिया और हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी की, जो पीएम मोदी और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पूजा करते देख कर भड़क गए। उन्होंने कहा कि संविधान संसद, सरकार और न्यायपालिका की शक्तियों को विभाजित करता है, ऐसे में सरकार के मुखिया के रूप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नए संसद भवन के शीर्ष पर राजकीय प्रतीक का अनावरण नहीं करना चाहिए था। उन्होंने दावा किया कि लोकसभा के स्पीकर लोकसभा का प्रतनिधित्व करते हैं, वो सरकार के अधीन नहीं हैं।

उन्होंने पीएम मोदी पर सभी संवैधानिक मान्यताओं की धज्जियाँ उड़ाने के आरोप मढ़ दिए। इस पर रिप्लाई देते हुए प्रोपेगंडा पोर्टल ‘द वायर’ के फ़ाउंडिंग एडिटर सिद्धार्थ वरदराजन ने जोड़ा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपने घर में प्रार्थना करनी चाहिए और अगर वो खुले में प्रार्थना करना चाहते हैं तो ये भारतीय संघ का कोई आधिकारिक कार्यक्रम नहीं होना चाहिए। उन्होंने उन्हें ‘बार-बार ऐसा अपराध करने वाला’ बता दिया और कहा कि ये स्पष्ट रूप से गलत है।

गजब की मिर्ची लगी है! जिस देश में लाखों मुस्लिम जुमे के दिन सड़क जाम कर के और सार्वजनिक स्थलों पर नमाज पढ़ते हों और जिस व्यक्ति ने उस पर चूँ तक न किया हो, वो भारतीय संस्कृति व रीति-रिवाज के हिसाब से हुए अनावरण का विरोध कर रहा है। घंटों ट्रैफिक जाम जब लगता है नमाज के कारण और लोगों को परेशानी होती है, तब तो ये चूँ नहीं करते? क्या सिद्धार्थ वरदराजन ने आज तक कहा कभी कि मस्जिदों को माइक से दिन में 5 बार अजान नहीं करनी चाहिए, अंदर ही चुपचाप करनी चाहिए?

ये देव-पुराणों और उपनिषदों की धरती है। रामायण-महाभारत की धरती है। ऐसे में इन प्राचीन ग्रंथों के हिसाब से यहाँ कार्य नहीं होगा तो भला कहाँ होगा? वेदों के देश में वैदिक नहीं तो क्या अरब के रीति-रिवाज चलेंगे? सनातन की धरती पर क्या शरिया के हिसाब से चीजें होंगी? सिद्धार्थ वरदराजन अमेरिकी नागरिक हैं, ऐसे में उन्हें पता होगा कि USA के राष्ट्रपति भी बाइबिल पर हाथ रख कर शपथ लेते हैं। अमेरिका एक ईसाई बहुल देश है, वहाँ तो क्रिश्चियनिटी का जन्म भी नहीं हुआ था। जबकि सनातन भारत में ही प्रकट हुआ और यही फला-फूला।

क्या इस लिबरल गिरोह को पता भी है कि इस अशोक स्तंभ को स्थापित करने में कितनी मेहनत लगी है? जिन कर्मचारियों और कामगारों की बदौलत ये संभव हुआ, अनावरण कार्यक्रम में उन्हें भी आमंत्रित किया गया था और पीएम मोदी ने उनसे बातचीत भी की। 8 चरणों में इसका कार्य पूरा हुआ है, जिसमें मिट्टी का मॉडल बनाने से लेकर कम्प्यूटर ग्राफिक्स तैयार करना और कांस्य की इस आकृति को पॉलिश करना शामिल है। इसे सहारा देने के लिए 6500 किलोग्राम की स्टील की संरचना इसके आसपास बनाई गई है।

भला वामपंथी दलों को पूजा-पाठ से दिक्कत न हो, ऐसा कैसे हो सकता है? CPI(M) ने तुरंत बयान जारी कर दिया कि ‘धार्मिक कार्यक्रमों’ को राजकीय प्रतीक के अनावरण से नहीं जोड़ा जाना चाहिए। पार्टी ने दावा किया कि ये सबका प्रतीक है, न कि किसी खास धार्मिक विचार को मानने वालों का। साथ ही राष्ट्रीय समारोहों से ‘धर्म’ को अलग रखने की बात की। कितना अजीब है न? इसे स्थापित करवाने वाले सम्राट अशोक ने भले ही इसे ‘धर्म स्तंभ’ कहा हो, आज वामपंथी इसमें से ‘धर्म’ हटाने की वकालत कर रहे हैं।

वहीं ‘कामगार एवं कर्मचारी कॉन्ग्रेस’ के अध्यख डॉ उदित राज भी पूरी तरह भड़क गए और पूछ दिया कि क्या राजकीय प्रतीक भाजपा का है? उन्होंने कहा कि हिन्दू रीति-रिवाज से सब कुछ हुआ, जबकि भारत एक ‘सेक्युलर’ राष्ट्र है। उन्होंने पूछा कि अन्य राजनीतिक दलों को क्यों नहीं आमंत्रित किया गया? जो अभी से ही भारतीय संस्कृति का अपमान कर रहे हैं और राजकीय प्रतीक को भला-बुरा कह रहे हैं, उन्हें भला इस कार्यक्रम में क्यों बुलाया जाए?

AAP नेता संजय सिंह से लेकर समाजवादी पार्टी के IP सिंह तक, सबने राजकीय प्रतीक का अपमान किया। क्या इन नेताओं ने कभी राष्ट्रपति भवन में इफ्तार पार्टियों पर आवाज़ उठाई? टोपी पहन-पहन कर इफ्तार पार्टियाँ करने वाले ये नेता आज कह रहे हैं कि पीएम मोदी पूजा न करें। डॉ एपीजे अब्दुल कलाम और रामनाथ कोविंद ने राष्ट्रपति रहते परिसर में होने वाली इन इफ्तार पार्टियों पर ब्रेक लगाया। करदाताओ के पैसे से इफ्तार हो सकता है, लेकिन भारत में भारतीय संस्कृति नहीं चलेगी, लिबरल गिरोह का यही मानना है।

वैसे भारतीय संस्कृति के विरोध में खुद को दलितों का चिंतक बताने वाले सामने न आएँ तो विरोध अधूरा है। प्रोफेसर दिलीप मंडल ने ब्राह्मणों को भला-बुरा कहते हुए इसे ‘पाखंड’ बता दिया। तो फिर क्या सम्राट अशोक द्वारा हजारों स्तूपों और विहारों का निर्माण करवाना भी ‘पाखंड’ था? बौद्ध धर्म की झूठी कसम खाने वाले इन फर्जी दलित चिंतक ने डर जताया कि बौद्ध धर्म को हड़पा जा रहा है। विश्व के सबसे लोकप्रिय बौद्ध धर्मगुरु दलाई लामा पीएम मोदी की प्रशंसा करते हैं, फर्जी दलित चिंतक विरोध।

मथुरा में बिहारी जी के प्राचीन मंदिर पर कब्जा कर बनाई मजार, दस्तावेजों में हेरफेर कर सपा नेता ने जमीन करवाया कब्रिस्तान के नाम

उत्तर प्रदेश के मथुरा के कोसी कला थाना क्षेत्र में बिहारी जी के एक प्राचीन मंदिर पर कब्जा कर मजार बनाने का मामला सामने आया है। जमीन हथियाने की साजिश में सपा का नेता भी शामिल है। उसने ही ग्राम प्रधान रहते मंदिर की जमीन दस्तावेजों में हेरफेर कर कब्रिस्तान के नाम पर करवाया था।

मामला सामने आने के बाद 23 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। बिहारी जी महाराज सेवा ट्रस्ट की भूमि के दस्तावेजों में हेराफेरी को लेकर तत्कालीन तहसीलदार, लेखपाल, राजस्व निरीक्षक और ग्राम प्रधान समेत सपा नेता को भी आरोपित बनाया गया है। दस्तावेजों में हेराफेरी 2004 में की गई। उसके बाद जमीन पर कब्जा करने के लिए करीब 15 साल तक इंतजार किया गया। इसके खिलाफ ग्रामीण राम अवतार सिंह ने तहरीर दी थी। अब जाँच से यह बात सामने आई है कि मंदिर की जमीन को फर्जीवाड़े से कब्रिस्तान के नाम किया गया था।

क्या है मामला

आरोप है कि शाहपुर गाँव में 2004 में तत्कालीन ग्राम प्रधान और सपा नेता भोला खाँ पठान ने लेखपाल के साथ मिलकर बिहारी जी महाराज सेवा ट्रस्ट की भूमि के कागजातों में हेराफेरी करते हुए इसे कब्रिस्तान भूमि के तौर पर दर्ज करवा दिया। इसके लिए उसने अपने लेटरपैड पर ग्रामीणों का फर्जी हस्ताक्षर भी करवाया था। यह बात करीब 15 साल बाद तब सामने आई, जब मुस्लिम पक्ष जमीन पर कब्जा करने पहुँचा।

जानकारी के मुताबिक देखभाल के अभाव में खंडहर हो चुके बिहारी जी मंदिर परिसर में 15 मार्च 2020 की रात ईदू, नासिर पठान, हनीफ खाँ, शहीद, अशफाक, रिजवान, सलीम, राजू, जमाल, अख्तार, सुलेमान, अजीज, शकील, इंसाद, जाहिरा, मुस्ताक, जमील, शाहिद समेत 30 लोगों ने मंदिर के सिंहासन को तोड़कर उसे मजार में तब्दील कर इबादत करना शुरू दिया। साथ ही यहाँ पूर्व में ही बने कुएँ को भी तहस-नहस कर दिया गया था। जब ग्रामीणों ने इसका विरोध किया तो आरोपितों ने इसे कब्रिस्तान की जमीन बताया। प्रशासनिक अफसरों को दो सितंबर 2004 में बदले गए खसरा संख्या के संबंधित कागजात दिखाकर गुमराह कर दिया गया। आरोप है कि कागजों में खसरा नंबर 108 को 1081 कर दिया गया। 

सपा नेता समेत 23 पर FIR

राम अवतार सिंह की तहरीर पर मामले की जाँच शुरू की गई तो दस्तावेजों में हेराफेरी सामने आई। पुलिस की जाँच के बाद यह साजिश सामने आई कि लखनऊ तक भेजी गई फाइल में कब्रिस्तान के लिए प्रस्तावित जमीन का खसरा 108 दिखाया गया, जबकि तहसील में इसे 1081 कर दिया गया। दैनिक जागरण की रिपोर्ट के मुताबिक एसपी (ग्रमीण) श्रीश चंद ने जाँच में खसरे के नंबर में फर्जीवाड़ा पाया। 

राम अवतार सिंह का कहना है कि दिसंबर 2004 में प्रशासन ने अपर वक्फ आयुक्त से भी इस संबंध में सूचना माँगी थी। उन्होंने भी बताया कि यह जमीन वक्फ कार्यालय में रजिस्टर्ड नहीं है। राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्म रक्षा संघ सौरभ गौड़ ने भी बताया कि वक्फ बोर्ड कमेटी ने लिखकर दिया है कि यह जमीन कब्रिस्तान की नहीं है। उनके यहाँ यह दर्ज नहीं है। जाँच में भी पूरी तरह से यह जगह बिहारी जी के मंदिर की निकली।

उन्होंने कहा, “हम लोग चाहते हैं कि जल्द से जल्द वह जगह हिंदू समाज को सौंपी जाए और मजार हटाया जाए, जिससे हम वहाँ पर भव्य और दिव्य बिहारी जी का मंदिर का निर्माण कर सकें। आज की तारीख में वह मजार एक कलंक के रूप में बिहारी जी के मंदिर के ऊपर बनाई हुई है।”

वहीं एसपी ग्रामीण श्रीश चंद ने बताया कि तत्कालीन सपा अध्यक्ष भोला खाँ पठान, रामवीर प्रधान, लेखपाल, राजस्व निरीक्षक, तहसीलदार, शौकत, अहमद, युसूफ, अजीज, लुकमान, नवाब कुरैशी, नासिर पठान, अशरफ एहसान, हनीफ, इमरान, इरशाद, जफर, शमशाद, सलीम, शकील, असगर, नवाब खान समेत 23 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज किया गया है। आरोपितों को जल्द पकड़ा जाएगा। DM नवनीत चहल ने भी रिपोर्ट दर्ज होने की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि जल्द ही आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। 

टोल प्लाजा पर भिड़े ‘द ग्रेट खली’, ID माँगने पर मारा थप्पड़, ​​​​​​टोलकर्मियों ने घेर कर किया राड़ा, कहा- ‘बन्दर: वीडियो वायरल

सोशल मीडिया पर सोमवार (11 जुलाई, 2022) की देर शाम से एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें मशहूर डब्ल्यूडब्ल्यूई (World Wrestling Entertainment) रेसलर दलीप राणा उर्फ ‘द ग्रेट खली’ टोल प्लाजा पर कर्मचारियों से बहस करते हुए दिखाई दे रहे हैं। उन पर पंजाब के फिल्लौर के पास लाडो टोल प्लाजा के कर्मी को थप्पड़ मारने का आरोप लगा है। हालाँकि, वायरल वीडियो में खली थप्पड़ मारते नजर नहीं आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि वह जालंधर से करनाल जा रहे थे, तभी यह विवाद हुआ।

वहीं खली ने भी टोल कर्मियों पर उनसे बदसलूकी करने का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि टोल कर्मी उनके साथ गाड़ी में बैठ कर फोटो खिंचवाना चाहते थे, जब उन्होंने इनकार किया तो टोल कर्मी उनके साथ बतमीजी पर उतर आए। जबकि टोल कर्मियों का आरोप है कि उन्होंने जब खली से उनका पहचान पत्र माँगा तो उन्होंने टोल कर्मी को थप्पड़ मार दिया। जिसके बाद टोलकर्मियों ने खली की कार घेर ली। उन्होंने कहा कि खली ने गलत किया।

बता दें कि वीडियो में खली और टोलकर्मी उलझते हुए साफ दिख रहे हैं। खली एक टोल कर्मी को बाजू से खींच कर हटाते हुए भी दिख रहे है। खली यह भी कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि उनके पास ID (पहचान पत्र) नहीं है। वहीं वीडियो में एक टोलकर्मी उन्हें बंदर भी कहता हुआ सुनाई दे रहा है।

हालाँकि, वीडियो वायरल होने के बाद इस मामले पर खली का कहना है कि सारा विवाद फोटो खिंचवाने को लेकर हुआ। खली ने बताया की टोल कर्मी फोटो खिंचवाने के लिए उनकी गाड़ी के अंदर ही घुस रहा था। जब उन्होंने उसे इस बात के लिए मना किया तो वो उनसे उलझने लगा। खली का आरोप है कि इसी बीच दूसरे टोल कर्मी भी आ गए और उन्हें ब्लैकमेल करने लगे।

जब खली और टोलकर्मियों के बीच मामला उलझता गया तो टोल कर्मियों ने फोन कर पुलिस को बुला लिया। पुलिस के सामने टोल कर्मियों ने दावा किया कि खली ने एक कर्मी को थप्पड़ मारा है और यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो हो गई है। हालाँकि, मौके पर पहुँची पंजाब पुलिस अधिकारी ने दोनों पक्षों को समझाते हुए खली को टोल प्लाजा से रवाना सुरक्षित रवाना कर दिया।

इस्लामी कॉलेज के कैंपस में यौन हिंसा, खुलासा करने वाले मैगजीन को बंद करवाया: इंडोनेशिया में छात्रों-पत्रकारों ने खोला मोर्चा

विश्व की सबसे बड़ी मुस्लिम आबादी वाले मुल्क इंडोनेशिया (Indonesia) के एक इस्लामी कॉलेज ने परिसर में हुई यौन शोषण (Sexual Assault) की घटना के आरोपितों पर कार्रवाई करने के बजाए इसे सामने लाने वाले मैगजीन पर ही प्रतिबंध लगा दिया है।

इस घटना की अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संस्था ह्यूमन राइट वॉच (Human Right Watch) ने निंदा की है। वहीं, इस घटना के बाद इंडोनेशिया के कई इलाकों में इस निर्णय के खिलाफ छात्रों और पत्रकारों द्वारा विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है।

इंडोनेशिया के मालुकु प्रांत में एंबोन में सरकारी इस्लामिक संस्थान ‘इंस्टीट्यूट अगामा इस्लाम नेगेरी (IAIN)’ में विद्यार्थियों द्वारा निकाली जाने वाली पत्रिका लिंटास मैगजीन (Lintas Magazine) ने परिसर में यौन उत्पीड़न की घटनाओं का कवरेज किया था। आरोपितों के खिलाफ जाँच करने के बजाय कॉलेज ने इसे बंद करने का आदेश कर दिया।

ह्यूमन राइट वॉच के अनुसार, इस साल 14 मार्च को लिंटास पत्रिका ने साल 2015 से 2021 के बीच इस्लामी कॉलेज कैंपस में हुई यौन हिंसा की दर्जनों घटनाओं की रिपोर्टिंग की थी। जब मैगजीन का यह अंक सामने आया तो हंगामा हो गया।

लिंटास ने परिसर में यौन हिंसा की घटनाओं की शिकार 27 छात्राओं और 5 छात्रों की 32 को कवर किया। मैगजीन ने स्टोरी के लिए पाँच साल तक किए अपने शोध में हिंसा के शिकार छात्र-छात्राओं के अलावा कैंपस के अधिकारियों का साक्षात्कार लिया। जिन अधिकारियों की साक्षात्कार लिया गया उनमें ज़ैनल आबिदीन रहावरिन भी शामिल थे।

रिपोर्ट के मुताबिक, पत्रिका ने शोध में यौन हिंसा के 14 कथित आरोपितों की है। इन लोगों ने पीड़ितों के साथ फील्ड रिसर्च ट्रीप के दौरान, कैंपस, लेक्चरर ऑफिस और घरों में यौन हिंसा को अंजाम दिया। इनमें से पाँच पीड़ितों ने बताया कि उनके एक व्याख्याता रिश्तेदार ने ही उनका शोषण किया।

घटना सामने आने के बाद यह व्याख्याता लिंटास के न्यूज़रूम में गया और दो स्टाफ पर हमला किया। हमले में रिपोर्टर एम नूरदीन कैसुपी और डिजाइनर मुहम्मद पेब्रिएंटो घायल हो गए। इसके बाद रहावरिन ने छात्र पत्रिका को बंद करने, न्यूज़रूम को सील करने और सभी उपकरणों को जब्त करने का आदेश दिया।

उन्होंने इसके पत्रकारों और संपादकों पर कॉलेज को बदनाम करने का आरोप लगाते हुए नौ पत्रकारों के खिलाफ पुलिस में शिकायत की। इतना ही नहीं, लिंटास पत्रिका के मुख्य संपादक योलांदा अग्ने पर सभी पीड़ितों और आरोपितों के नामों का खुलासा करने का दबाव डाला गया।

बता दें कि इंडोनेशिया के धार्मिक मामलों के मंत्रालय ने साल 2019 में कानून बनाया था कि परिसर में यौन हिंसा की घटना को लेकर सभी इस्लामी स्कूलों और विश्वविद्यालयों को एक टास्क फोर्स का गठन करना अनिवार्य है। हालाँकि, IAIN ने अब तक ऐसा नहीं किया है।

रिपोर्ट के अनुसार, कॉलेज द्वारा पत्रिका को बंद करने का आदेश देने के बाद लगभग दो हजार पत्रकारों ने इसका विरोध शुरू कर दिया है। इन पत्रकारों को इंडोनेशिया के एलायंस ऑफ इंडिपेंडेंट जर्नलिस्ट्स और अंबोन के स्थानीय समूह का भी साथ मिला है। इसके साथ ही छात्र संगठनों भी पत्रिका के समर्थन में सामने आए हैं।

‘सलमान भाई का इंतजार है’: Shaadi.com वाले अनुपम मित्तल के ऑफर पर ‘छोटी आँखों’ वाले मंत्री जी का ‘बिंदास’ जवाब

नागालैंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष व प्रदेश मंत्री तेमजेन इमना आलोंग के हिंदी में दिए गए भाषण वायरल होने के बाद लोगों ने उनके साथ उनकी पत्नी पर भी जानकारी जुटाने के लिए गूगल सर्च करना शुरू कर दिया था। इस बात की जानकारी अलोंग ने ट्वीट के जरिए दी थी और बताया था कि कैसे वो भी अभी अपनी पत्नी की खोज में है।

अलोंग के इसी ट्वीट पर शादी डॉट कॉम वाले अनुपम मित्तल ने रिप्लाई किया है। अनुपम मित्तल ने तेमजेन के ट्वीट पर अपने शादी डॉट कॉम को टैग करते हुए लिखा, “कुछ करना पड़ेगा।”

अनुपम का ट्वीट देख तेमजेन ने दोबारा रिप्लाई दिया और कहा, “भाई फिलहाल हम बिंदास हैं। सलमान भाई की शादी का इंतजार कर रहे हैं।” दोनों हस्तियों के ये ट्वीट देखने के बाद ट्विटर यूजर्स भी इन कमेंट पर मजे ले रहे हैं और साथ ही अलोंग के ह्यूमर की तारीफ कर रहे हैं।

बता दें कि शादी डॉट कॉम एक साइट है जहाँ पर शादी योग्य लड़का और लड़की अपनी प्रोफाइल बनाते हैं। इसके बाद उनकी प्रोफाइल और सर्च के हिसाब से उन्हें दूसरे व्यक्ति को सजेस्ट किया जाता है। इस साइट के मालिक अनुपम मित्तल हैं जिन्होंने 1997 में इसे शुरू किया था। उनका मकसद था कि लोग इंटरनेट के माध्यम से अपने पार्टनर को चुनने में सक्षम हों। पहले इस प्लेटफॉर्म का नाम सगाई डॉट कॉम था। हालाँकि अब ये शादी डॉट कॉम हो चुका है। भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश में इस साइट का ज्यादा प्रयोग होता है।

यही वजह है कि तेमजेन ने जब कहा कि वो पत्नी की खोज में हैं तो अनुपम ने कहा कि लगता है शादी डॉट कॉम को कुछ करना पड़ेगा। हालाँकि सलमान खान वाला रिप्लाई पाकर उन्होंने कहा, “सलमान के लिए तो बहुत लंबा इंतजार हो सकता है। लेकिन आपका शादी डॉट कॉम और मुझे इंतजार रहेगा।”

इसके अलावा शादी डॉट कॉम ने भी अलोंग को रिप्लाई दिया है। इसमें लिखा है, “हम आपका इंतजार कर रहे हैं सर। आ जाओ।”

कोचिंग जा रही छात्रा पर दानिश खान ने चाकू से किए ताबड़तोड़ वार, 31 टाँके लगे: पीड़ित मॉं बोलीं- 2 साल से कर रहा था परेशान

उत्तर प्रदेश के झाँसी में एक छात्रा पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया गया। घटना सोमवार (11 जुलाई 2022) की है। हमले का आरोपित दानिश खान कथित तौर पर छात्रा को दो साल से परेशान कर रहा था।

12वीं में पढ़ने वाली छात्रा पर तब हमला किया गया, जब वह मिशन चौराहे से गुजर रही थी। उसे सिविल अस्पताल में ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखकर लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। छात्रा के चेहरे पर 31 टाँके लगने की बात मीडिया रिपोर्टों में कही गई है। पुलिस आरोपित युवक की तलाश में जुटी है।

पीड़ित छात्रा रोजाना की तरह वह सोमवार शाम मिशन कम्पाउंड के पास इंग्लिश की कोचिंग करने जा रही थी। रास्ते में दानिश खान खड़ा था। उसने उसकी गर्दन और चेहरे पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। एक लड़की ने बीच-बचाव कर छात्रा को बचाया। दानिश हमला करके फरार हो गया। लहूलुहान हालत में छात्रा किसी तरह कोचिंग पहुँची, जहाँ से टीचर उसको अस्पताल ले गए। उसके बाद परिजनों को सूचना दी गई। 

जानकारी के मुताबिक दानिश और पीड़ित छात्रा के बीच दो साल पहले नंबर का आदान-प्रदान हुआ था। इसके बाद दानिश लगातार उसे ब्लैकमेल और परेशान कर रहा था। यह बातें तब सामने आई जब छात्रा के घर से रुपए और सोने के आभूषण गायब होने लगे। जब छात्रा की माँ ने तांत्रिक के पास जाने की बात कही तो उसने घर से पैसे व जेवर दानिश खान को देने के बारे में बताया। लड़की ने बताया कि दानिश उसे आए दिन डराता धमकाता है और पैसों की माँग करता है। इसकी जानकारी होने पर छात्रा माँ दानिश के घर गई। उस समय दानिश की माँ ने कबूल किया था कि दोनों के बीच दोस्ती है। इसके बाद दानिश और उसके परिवार के लोगों ने माफी माँग ली थी। छात्रा के परिजनों को कि मामला शांत हो गया है। इसलिए उस समय उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को नहीं दी।

पीड़ित छात्र की माँ का कहना है कि दानिश उनकी बेटी को पिछले दो साल से परेशान कर रहा था। उन्होंने कहा, “तीन महीना पहले हम उसके घर पर उसे समझाने के लिए गए थे। तब उसने माफी माँग लिया था और कहा था कि आज के बाद हम उसे परेशान नहीं करेंगे, बात नहीं करेंगे। उसकी मम्मी भी पैर पड़ रही थी। उसके बाद आज (11 जुलाई 2022) ये घटना हुई। उसने चाकू मार दिया।” उन्होंने बताया कि उनकी बेटी को बहुत ज्यादा चोट लगी है। पीछे गला पूरा कटा हुआ है। दो लंबे-लंबे निशान लगे हैं।

क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि घटना की सूचना मिलने पर जाँच की गई तो पता चला कि पीड़ित छात्रा और आरोपित युवक की कॉलेज से टेलीफोन पर बातचीत होती थी। उन्होंने बताया कि नंदिनी को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। फिलहाल वह खतरे से बाहर है। डॉक्टर ने कहा कि जल्द ही डिस्चार्ज कर दिया जाएगा। इधर दानिश की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है। गिरफ्तारी के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी। वहीं कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक तुलसीराम पांडेय का कहना है कि दानिश की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें बनाई गई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

अपडेट: ताज़ा जानकारी यह है कि झाँसी पुलिस ने इस मामले में 7 आरोपितों को धर-दबोचा है। एक आधिकारिक बयान में यूपी पुलिस ने बताया कि नवाबाद थाना स्थित हाइड्रिल कॉलोनी की लड़की अंग्रेजी की कोचिंग पढ़ने जाती है और उसकी जान-पहचान करारी थाना क्षेत्र के सीपरी बाजार के रहने वाले युवक से हुई। पुलिस ने बताया कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर मन-मुटाव हो गया था, जिसके बाद कोतवाली थानांतर्गत सूद कॉलोनी में पढ़ने जा रही लड़की पर उसने ब्लेड से हमला कर दिया।

पुलिस ने जानकारी दी है कि लड़की को उसने झाँसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहाँ चिकित्सकों ने बताया कि उसकी स्थिति खतरे से बाहर है। सातों हिरासत में लिए गए आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।

पाकिस्तान की लेडी ‘चांद नवाब’ : ईद की रिपोर्टिंग में खलल डाल रहे लड़के को जड़ा तमांचा, Video वायरल

ईद के मौके पर पाकिस्तान की एक महिला रिपोर्टर मायरा हाशमी का एक लड़के को थप्पड़ जड़ने का वीडियो वायरल हुआ है। ये वीडियो रिपोर्टिंग के दौरान का है जिसे सोशल मीडिया पर पाकिस्तान की मशहूर पत्रकार नायला इनायत समेत कई लोगों ने डाला है।

वीडियो में देख सकते हैं कि मायरा आराम से अपनी रिपोर्टिंग कर रही होती हैं लेकिन आसपास के सभी लोग उन्हें घेरकर देखते रहते हैं। चेहरे पर बिन कोई शिकन लाए पहले वो अपना काम पूरा करती हैं उसके बाद माइक नीचे करके उस लड़के को झापड़ मारती हैं जो कैमरे के सामने आ रहा होता है।

पूरी घटना कैमरा ऑन रहने के कारण वीडियो में कैद हो गई। अब लोग इसे सोशल मीडिया पर साझा कर रहे हैं और इस तरह आसपास की भीड़ से तंग होकर अपना रिएक्शन देने वाली रिपोर्टर को पाकिस्तान के मशहूर पत्रकार चांद नवाब का लेडी वर्जन और चांद नवाब की बेटी कहा जा रहा है।

कुछ लोग इस वीडियो को देख हँस रहे हैं। लेकिन कुछ ऐसे भी हैं जो सवाल कर रहे हैं कि आखिर क्यों लड़के को थप्पड़ मारा गया, अगर वो पलट कर ऐसे ही कर देता तो क्या इज्जत रह जाती रिपोर्टर की।

कुछ महिलाएँ भी हैं जो रिपोर्टर के पक्ष में अंदाजा लगा रही हैं कि शायद लड़के ने कोई बदसलूकी की हो, इस वजह से रिपोर्टर बर्दाश्त न कर पाई हो। इसी तरह एक यूजर ने बताया कि लड़का मायरा को काफी देर से तंग कर रहा था। 2-3 बार मना करने के बाद भी जब वो नहीं माना तो ये घटना हुआ।

बता दें कि रविवार को बकरीद विश्व भर में मनाई गई थी। ऐसे में ये वीडियो भी उसी दिन की कही जा रही है। ट्विटर पर शेयर होती वीडियो को लाखों व्यूज मिल रहे हैं। इस बीच मायरा ने भी इसे अपने अकॉउंट से शेयर कर सफाई दी है। उर्दू में किए गए ट्वीट के गूगल अनुवाद से समझ आता है कि मायरा जिस समय एक परिवार का इंटरव्यू ले रही थीं, उस दौरान ये लड़का उस परिवार को तंग कर रहा था इसलिए जब अगली बार इस लड़के ने ऐसा किया तो उन्होंने बर्दाश्त नहीं किया।

12 जुलाई का वो पन्ना जिसे नेहरू के ‘टाइपिस्ट इतिहासकारों’ ने छिपाया: जब मूसलाधार बारिश के बीच RSS के संस्थापक सरसंघचालक हेडगेवार का स्वागत कर रहे थे मोतीलाल

भारत अपने स्वाधीनता का 75वाँ अमृत महोत्सव मना रहा है और देश अपने अमर नायकों के बलिदान, कृतित्व और संघर्ष को याद कर रहा है। भारत के स्वाधीनता आंदोलनों को लेकर अनेक अध्याय एवं ऐतिहासिक तिथियाँ स्वर्णिम अक्षरों से लिखी गई हैं। भारतीय इतिहास के शिलालेख पर लिखी हुई ऐसी ही एक तिथि है 12 जुलाई 1922।

इस लेख में हम स्वाधीनता आंदोलन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के आद्य सरसंघचालक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार के महत्वपूर्ण योगदान के बारे चर्चा कर रहे हैं। 1921 में महात्मा गाँधी की अगुवाई में चले असहयोग आंदोलन में डॉ. हेडगवार ने अपनी महती भूमिका निभाई थी। जब वे जेल से छूटकर बाहर आए तब पंडित मोतीलाल नेहरू, विट्ठलभाई पटेल, हकीम अजमल खाँ, डॉ. अंसारी, श्री राजगोपालाचारी, श्री कस्तूरी रंग अयंगर आदि नेताओं ने उनका स्वागत किया। अनेक स्थानों पर मित्रों ने निमंत्रण देकर डॉक्टर हेडगेवार को बुलाया तथा उनकी शोभा-यात्रा निकालकर सत्कार-समारोहों का आयोजन किया।

अंग्रेजों द्वारा तुर्कस्तिान में खिलाफत को निरस्त करने से आहत मुस्लिम मन को अंग्रेजों के खिलाफ स्वतंत्रता आन्दोलन के साथ जोड़ने के उद्देश्य से महात्मा गाँधी ने खिलाफत का समर्थन किया। इस पर कॉन्ग्रेस के अनेक नेता और राष्ट्रवादी मुस्लिमों को भी आपत्ति थी। इसलिए, तिलकवादियों का गढ़ होने के कारण नागपुर में असहयोग आन्दोलन बहुत प्रभावी नहीं रहा। लेकिन डॉ. हेडगेवार, डॉ. चोलकर, समिमुल्ला खान समेत कई देशभक्तों ने यह परिवेश बदल दिया। उन्होंने खिलाफत को राष्ट्रीय आन्दोलन से जोड़ने पर आपत्ति होते हुए भी उसे सार्वजनिक नहीं किया। इसी आधार पर साम्राज्यवाद का विरोध करने के लिए डॉ. हेडगेवार ने तन-मन-धन से आन्दोलन में हिस्सा लिया।

आद्य सरसंघचालक जब कारागृह से बाहर आए तो मूसलाधार वर्षा हो रही थी। उस अवस्था में भी डॉ. मुंजे, डॉ. परांजपे, डॉ. ना.भा. खरे तथा अनेक मित्र बाहर उनकी प्रतीक्षा कर रहे थे। उनके द्वारा अर्पित पृष्पहारों को सहर्ष स्वीकार करते हुए हेडगेवार सबके साथ घर को चले। रास्ते में स्थान-स्थान पर रोककर उनका स्वागत किया गया। उस समय के पत्र ‘महाराष्ट्र’ ने भी उसी दिन ‘छपते-छपते’ में हेडगेवार स्वागत का अवसर हाथ से नहीं जाने दिया। इस पत्र ने लिखा, “डॉ. हेडगेवार की देशभक्ति, देश के प्रति समर्पण और निःस्वार्थवृत्ति के सम्बन्ध में किसी के भी मन में शंका नहीं थी; परन्तु ये सब गुण स्वार्थत्याग की भट्टी में से निखरकर बाहर निकल रहे हैं। उनके इन गुणों का इसके आगे राष्ट्रकार्य के लिए सौगुना उपयोग हो यही हमारी कामना है।”

उसी दिन सायंकाल चिटणीस पार्क में ‘स्वागत-सभा’ की घोषणा की गई। इस समय पं. मोतीलाल नेहरू, श्री विट्ठलभाई पटेल, हकीम अजमल खाँ, डॉ. अंसारी, श्री राजगोपालाचारी, श्री कस्तूरी रंग अयंगर आदि नेता कांग्रेस कार्य-समिति की बैठक के लिए नागपुर आए हुए थे। वे सब स्वागत-सभा में उपस्थित रहेंगे, इसकी घोषणा भी की गई। लेकिन शाम तक लगातार बारिश होने के चलते ठीक समय पर ‘व्यंकटेश नाट्यगृह’ में सभा करनी पड़ी। नाट्यगृह नागरिकों से खचाखच भर गया था। डॉ. ना.भा. खरे ने अध्यक्ष-स्थान ग्रहण किया। हेडगेवार के स्वागत का प्रस्ताव रखा गया, जो तालियों की गड़गड़ाहट के बीच स्वीकृत हुआ।

इसके बाद पं. मोतीलाल नेहरू तथा हकीम अजमल खां के भाषण हुए। तदुपरान्त डॉक्टर हेडगेवार बोलने को खड़े हुए। उनका छोटा-सा किन्तु अत्यंत मार्मिक भाषण हुआ। उन्होंने कहा, “1 वर्ष सरकार का मेहमान बनकर रह आने से मेरी योग्यता पहले से बढ़ी नहीं है और यदि बढ़ी है तो उसके लिए हमें सरकार का आभार ही मानना चाहिए। देश के सम्मुख ध्येय सबसे उत्तम एवं श्रेष्ठ ही रखना चाहिए। मार्ग कौन सा हो, इस विषय में इतिहासवेत्ता श्रोताओं को कुछ भी कहना उनका अपमान करना ही होगा। स्वतंत्रता के लिए संघर्ष करते हुए मृत्यु भी आई तो उसकी चिंता नही करनी चाहिए। यह संघर्ष उच्च ध्येय पर दृष्टि तथा दिमाग ठण्डा रखकर ही चलाना चाहिए।”

नागपुर के बाद यवतमाल, वणी, आर्वी, वाढोणा, मोहोपा आदि अनेक स्थानों पर मित्रों ने निमंत्रण देकर डॉक्टर हेडगेवार को बुलाया तथा उनकी शोभा-यात्रा निकालकर सत्कार-समारोहों का आयोजन किया। स्थान-स्थान पर उनकी आरती की गई तथा उन्हें खादी का वेष भेंट किया गया। यवतमाल का समारोह लोकनायक बापूजी अणे की अध्यक्षता बड़ा समारोह हुआ।

दुनिया की दृष्टि से तो हेडगेवार साहब जेल से मुक्त हो गए थे; परन्तु उनका मस्तिष्क इसी धुन में लगा था कि इस विषम परिस्थिति में से कौन-सा मार्ग निकाला जाए जिससे हमारा देश स्वाधीन हो सके। उन्हें परतंत्र भारत की चिन्ताओं ने घेर रखा था। ऊपर से पुष्पमालाओं से लदे होने के बाद भी उनकी गर्दन चिन्ता के भार से दबी हुई थी। डॉ. हेडगेवार के स्वागत में ऐसे अनेक दृश्य देखे गए। इतिहास के स्वर्णिम अध्यायों में लिखे गए हैं। लेकिन वापमंथी लेखकों और पंडित नेहरू के टाइपिस्ट इतिहासकारों ने इस सत्य को छिपाने की भरसक कोशिश की। वे पंडित मोतीलाल नेहरू के उस स्वागत को भी भूल गए, जिसमें उन्होंने स्वयं डॉ. हेडगेवार का स्वागत किया था। स्वाधीनता संग्राम में अपना अनुपम योगदान देने वाले माँ भारती के अनन्य उपासक डॉ. साहब को कोटि-कोटि नमन।