Home Blog Page 5466

IAF ने जारी किया बालाकोट एयर स्ट्राइक का प्रमोशनल वीडियो: पाकिस्तान में ऐसे तबाह हुए थे आतंकी ठिकाने

भारतीय वायु सेना ने बालाकोट एयर स्ट्राइक का प्रमोशनल वीडियो जारी कर दिया है। इसमें भारत ने आतंकी संगठन जैश के ठिकानों को बमबारी से तबाह कर दिया था। पुलवामा में सीआरपीएफ के काफ़िले पर आतंकी हमले के जवाब में भारतीय वायु सेना ने पाकिस्तान के बालाकोट स्थित जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया था। शुक्रवार (4 अक्टूबर) को भारतीय वायुसेना के नए प्रमुख राकेश कुमार सिंह भदौरिया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बालाकोट एयर स्ट्राइक का एक प्रमोशनल वीडियो जारी किया। इस वीडियो में बालाकोट एयर स्ट्राइक के सीन हैं।

बता दें कि भारतीय वायु सेना ने पाकिस्तान स्थित बालाकोट में जैश के आतंकी ठिकानोंं को तबाह करने संबंधी ‘मिशन’ को महज़ 90 सेकंड के अंदर अंजाम दिया था। इस ऑपरेशन को जिस सीक्रेसी के तहत अंजाम दिया गया उसका अंदाज़ा तो इस बात से ही लगाया जा सकता है कि इसे अंजाम देने वाले पायलट्स के परिवारों को इसके बारे में कुछ भी नहीं मालूम था।

प्रेस कॉन्फ्रेन्स में एयर चीफ़ मार्शल भदौरिया ने कहा कि पिछले एक साल में भारतीय वायु सेना ने कई बड़ी उपलब्धियाँ हासिल की हैं। उन्होंने बालाकोट में आतंकी ठिकानों पर की गई कार्रवाइयों को बड़ी उपलब्धि बताया। इसके अलावा उन्होंने कहा कि अगर भविष्य में पाकिस्तान की तरफ से कोई भी आतंकी गतिविधि को अंजाम दिया गया तो सरकार की योजना के अनुसार उसका उचित जवाब दिया जाएगा।

एक सवाल चीफ़ मार्शल से पूछा गया कि क्या पाकिस्तान, भारत के पायलट्स का कम्यूनिकेशन जाम करने में फिर से सफल हो पाएगा, जैसा कि विंग कमांडर अभिनंदन वर्धमान के मामले में हुआ था? इस पर उन्होंने जवाब दिया कि सेफ रेडियो कम्यूनिकेशन को सुनिश्चित करने के लिए उचित ठोस क़दम उठाए जा चुके हैं, इसलिए अब पाकिस्तान हमारे बीच की किसी बात को नहीं सुन पाएगा।

मीडिया से बातचीत के दौरान चीफ़ मार्शल भदौरिया ने कहा कि राफेल और S-400 का इंतज़ार है, इनके आने के बाद वायु सेना की ताक़त में कई गुना इज़ाफ़ा होगा। उन्होंने 27 फरवरी को बड़गाम में MI-17 चॉपर क्रैश की घटना का ज़िक्र करते हुए कहा, “कोर्ट ऑफ़ इन्क्वॉरी पूरी हो चुकी है। हमारी ही मिसाइल से हमारा चॉपर क्रैश हुआ, यह हमारी ही ग़लती थी। हम दो अधिकारियों के ख़िलाफ़ कार्रवाई करेंगे। हम स्वीकार करते हैं कि यह हमारी बड़ी चूक थी और आश्वासन देते हैं कि ऐसी ग़लती भविष्य में फिर से नहीं होगी।”

कॉन्ग्रेस कार्यकर्ता नवरात्रि के दौरान सोनिया गाँधी की करते हैं पूजा, मानते हैं ‘देवी’: कामना उनके प्रधानमंत्री बनने की

मध्य प्रदेश कॉन्ग्रेस कार्यकर्ता डॉक्टर टीके नवरात्रि के दौरान ‘देवी’ के रूप में सोनिया गाँधी की पूजा-अर्चना करते हैं, क्योंकि उन्हें कॉन्ग्रेस अध्यक्ष पर उतना ही विश्वास है जितना भगवान में है। इतना ही नहीं उन्होंने यह तक क़सम खाई हुई है सोनिया गाँधी जब तक भारत का प्रधानमंत्री नहीं बन जाती तब तक वो अपना सिर मुंडवाए रखेंगे।

मध्य प्रदेश के दतिया में, डॉ टीके नवरात्रि के दौरान सोनिया गाँधी की पूजा करते हैं क्योंकि उनका मानना है कि वह देवी का अवतार हैं। वो उनसे प्रार्थना करते हैं और नवरात्रि के पूरे नौ दिनों तक सोनिया गाँधी के लिए व्रत रखते हैं। यहाँ तक कि वह सोनिया गाँधी से प्रार्थना करने के लिए नवरात्रि का उपवास भी रखते हैं।

ख़बर के अनुसार, वह पिछले 20 सालों से सोनिया गाँधी की पूजा कर रहे हैं। डॉ टीके का कहना है कि वो सिर्फ़ इतना चाहते हैं कि सोनिया गाँधी देश की प्रधानमंत्री बनें और बुराई को नष्ट करें। वह प्रतिदिन स्नान करने के बाद सोनिया गाँधी से प्रार्थना करते हैं।

दतिया के उनाव गाँव जो कि पूरे देश में भगवान भास्कर के लिए विख्यात है, यहाँ निजी चिकित्सक का काम कर रहे कॉन्ग्रेस नेता डॉ टीके कॉन्ग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष को माँ दुर्गा का दर्जा देते हैं, और उसी भाव से उनकी तस्वीर के आगे दिया जलाकर, फूल-पत्तियों से उनकी अराधना करते हैं, निश्चित तौर पर यह बात हैरान कर देने वाली है।

नवरात्रि जैसे पावन अवसर पर देश-विदेश में लोग आदिशक्ति की पूजा-अर्चना करते हैं। पश्चिम बंगाल में तो लोग जगह-जगह विशेष पूजा का आयोजन भी करते हैं। ऐसे में मूलत: पश्चिम बंगाल के डॉ टीके का इस तरह का व्यवहार बेहद आश्चर्यजनक तो लगता ही है, साथ में उनकी चाटूकारिता को भी उजागर करता है।

पाकिस्तान में तख्तापलट की आशंका, इमरान खान को सत्ता से हटाने के लिए ‘आजादी मार्च’ का ऐलान

पाकिस्तान में इमरान सरकार पर मुसीबतों के बादल मंडरा रहे हैं। पद संभालने के बाद से ही ‘सेलेक्टेड पीएम’ का तंज झेल रहे है इमरान खान के खिलाफ पाकिस्तान की अन्य पार्टियाँ एकजुट हो चुकी हैं। पाकिस्तान की मुख्य दक्षिणपंथी पार्टी ‘अक्षम’ सरकार गिराने की तैयारी में है और इस बार उनका साथ देने के लिए विपक्ष ने भी हामी भर दी है।

पार्टी ने देश में उपजे आर्थिक संकट के लिए इमरान सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। पार्टी का आरोप है कि खान आर्थिक संकट से गुजर रहे देश को समस्याओं से बाहर निकाल पाने में असफल हैं। पार्टी ने इमरान खान को प्रधानमंत्री पद से हटाने के लिए आजादी मार्च निकालने की घोषणा की है। जमियत अलेमा-ए-इस्लाम-फज्ल (जेयूआई-एफ) के प्रमुख मौलाना फज्लुर रहमान ने गुरुवार (अक्टूबर 3, 2019) को इसकी घोषणा करते हुए कहा कि 27 अक्टूबर से आजादी मार्च निकाली जाएगी।

बता दें कि दो दिन पहले ही शीर्ष विपक्षी पार्टियों पीएमएल-एन (PML-N) और पीपीपी (PPP) ने सरकार के खिलाफ किसी भी एकल संघर्ष का विरोध किया था। साथ ही प्रधानमंत्री इमरान खान को सत्ता से बाहर करने और आम सहमति विकसित करने के लिए सभी दलों की बैठक बुलाने का फैसला किया था। फज्लुर रहमान ने कहा था कि विपक्षी पार्टियों ने 25 जुलाई का चुनाव खारिज कर दिया था और फिर से चुनाव कराने की माँग की थी।

एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में फजलुर रहमान ने कहा, “यह सरकार फर्जी चुनावों का परिणाम है। हम डी-चौक पर इकट्ठा होंगे। हम वे लोग नहीं हैं, जिन्हें आसानी से तितर-बितर किया जा सकता है।” उन्होंने आगे कहा, “सभी विपक्षी पार्टियाँ इस बात पर सहमत हैं कि नए सिरे से चुनाव कराए जाएँ ताकि पता चल सके कि किसे वास्तविक जनादेश हासिल है।” उन्होंने अकेले आगे बढ़ने की बात को खारिज करते हुए कहा कि उनकी पार्टी अन्य सभी पार्टियों के साथ संपर्क में है और उनके साथ सलाह मशविरा करके ही फैसले ले रही है।

राहुल टाइगर रिजर्व में नाईट ट्रैफिक प्रतिबंध के ख़िलाफ़, मंत्री ने कहा- उन्हें माफ़ियाओं के हितों की अधिक चिंता

कर्नाटक राज्य के बांदीपुर टाइगर रिजर्व से गुज़रने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर रात के यातायात प्रतिबंध के ख़िलाफ़ कॉन्ग्रेस नेता राहुल गाँधी के रुख़ पर सवाल उठाते हुए, कर्नाटक के पर्यटन मंत्री सीटी रवि ने गुरुवार (3 अक्टूबर) को आरोप लगाया कि उन्हें जंगली जानवरों के जीवन की सुरक्षा की तुलना में विभिन्न माफ़ियाओं के हितों की चिंता अधिक है।

पर्यटन मंत्री ट्वीट किया, “कॉन्ग्रेस सांसद राहुल गाँधी चाहते हैं कि राष्ट्रीय राजमार्ग बांदीपुर वन से गुज़रने वाले वाहनों को रात के समय भी वाहनों के आवागमन के लिए खोला जाए। इससे स्पष्ट है कि जंगली जानवरों की सुरक्षा और जीवन की तुलना में कॉन्ग्रेस के लिए विभिन्न माफ़ियाओं के हित अधिक महत्वपूर्ण हैं।” 

पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि राहुल गाँधी इस मुद्दे पर यहाँ ‘राजनीति खेल रहे थे‘ और इस संबंध में उन्होंने एक अदालत के आदेश का उल्लेख भी किया। वन्य जीवन की रक्षा करना राज्य सरकार की ज़िम्मेदारी होती है।

बुधवार (2 अक्टूबर) को, मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने कहा था, “रात में वाहनों को अनुमति नहीं देने के संबंध में अदालत का आदेश है। मैं अदालत के आदेश का उल्लंघन नहीं कर सकता। राहुल गाँधी को इसके बारे में पता होना चाहिए।”

वन्यजीवों के प्रति डर को कम करने के लिए बाघ रिजर्व के माध्यम से यातायात की आवाजाही पर रात 9 बजे से सुबह 6 बजे तक रोक लगाई गई है।

राहुल गाँधी, जो केरल में वायनाड लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं, उन्होंने हाल ही में नई दिल्ली में मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन से मुलाक़ात की थी और उन्हें रात्रि यातायात प्रतिबंध होने के कारण वायनाड के लोगों की कठिनाइयों से अवगत कराया था।

उन्होंने वायनाड के लोगों के साथ एकजुटता व्यक्त की है जो इस मुद्दे पर पिछले कई दिनों से विरोध कर रहे हैं। ऐसी उम्मीद जताई जा रही है कि राहुल गाँधी के शुक्रवार (4 अक्टूबर) को वायनाड में प्रदर्शनकारियों के साथ शामिल हो सकते हैं।

रामचंद्र गुहा, मणिरत्नम, अपर्णा सेन, अनुराग कश्यप समेत 50 वामपंथियों पर FIR दर्ज, राजद्रोह सहित कई धाराएँ लगी

देश में बढ़ रहे मॉब लिंचिंग के मामलों पर चिंता जाहिर करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खुला खत लिखने वाले रामचंद्र गुहा, मणि रत्नम और अपर्णा सेन समेत 50 नामी-गिरामी हस्तियों के खिलाफ बिहार में गुरूवार (अक्टूबर 4, 2019) को प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि यह एफआईआर बिहार के मुजफ्फरपुर में दर्ज की गई है।

बता दें कि स्थानीय वकील सुधीर कुमार ओझा की ओर से दो महीने पहले दायर की गई एक याचिका पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) सूर्य कांत तिवारी के आदेश के बाद यह प्राथमिकी दर्ज हुई है। ओझा ने कहा कि सीजेएम ने 20 अगस्त को उनकी याचिका स्वीकार कर ली थी। इसके बाद गुरूवार को सदर पुलिस स्टेशन में प्राथमिकी दर्ज हुई। 

ओझा का आरोप है कि इन हस्तियों ने देश और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की छवि को कथित तौर पर धूमिल किया। पुलिस ने बताया कि प्राथमिकी भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज की गई है। इसमें राजद्रोह, उपद्रव करने, शांति भंग करने के इरादे से धार्मिक भावनाओं को आहत करने से संबंधित धाराएँ लगाई गईं हैं। 

पत्र लिखने वालों में इतिहासकार रामचंद्र गुहा, फिल्म निर्देशक मणिरत्नम, फिल्म निर्देशक अनुराग कश्यप, फिल्म निर्देशक श्याम बेनेगल, अभिनेता सौमित्र चटर्जी, अभिनेत्री अपर्णा सेन, कोंकणा सेन शर्मा और गायिका सुधा मुद्गल आदि शामिल हैं। इस पत्र में लिखा गया था कि ‘जय श्री राम’ एक भड़काऊ नारा बन गया है और इसके नाम पर मॉब लिंचिंग की कई घटनाएँ हो रही हैं, जो कि कानून व्यवस्था के लिए समस्या बन गया है।

अर्बन नक्सल गौतम नवलखा की याचिका पर सुनवाई से SC के जस्टिस भट्ट ने भी ख़ुद को किया अलग

जस्टिस रवींद्र भट्ट भीमा-कोरेगाँव हिंसा के आरोपित गौतम नवलखा की याचिका पर सुनवाई से ख़ुद को अलग करने वाले सुप्रीम कोर्ट (SC) के पाँचवे जज बन गए हैं। गुरुवार (3 अक्टूबर) को तीन जजों की बेंच को नवलखा की याचिका पर सुनवाई करनी थी, लेकिन जैसे ही यह मामला सुनवाई के लिए बेंच के सामने आया, जस्टिस रवींद्र भट्ट ने ख़ुद को अलग करने की घोषणा कर दी।

ख़बर के अनुसार, गौतम नवलखा ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल कर बॉम्बे हाईकोर्ट के आदेश पर ख़ुद के ख़िलाफ़ दर्ज FIR को निरस्त करने की माँग की थी। दरअसल, पुणे पुलिस ने पिछले साल नक्सलियों से सम्पर्क और भीमा-कोरेगाँव और एल्गार परिषद् के मामलों में नवलखा के ख़िलाफ़ FIR दर्ज की थी, जिसे उसने हाईकोर्ट में चुनौती देते हुए रद्द करने की माँग की थी। 13 सितंबर 2019 को बॉम्बे हाईकोर्ट ने नवलखा की याचिका ख़ारिज कर दी थी, इसके बाद नवलखा ने 30 सितंबर 2019 को सुप्रीम कोर्ट का रुख़ किया।

इस मामले में नवलखा के अलावा वरवरा राव, अरुण फरेरा, वर्णन गोन्साल्विज और सुधा भारद्वाज भी आरोपित हैं। पुणे पुलिस ने 31 दिसंबर, 2017 को एल्गार परिषद के बाद एक दिसंबर को भीमा-कोरेगाँव में हुई कथित हिंसा के मामले में जनवरी, 2018 को FIR दर्ज की थी।

इससे पहले, चीफ़ जस्टिस ऑफ़ इंडिया रंजन गोगोई और फिर जस्टिस एनवी रमण की अध्यक्षता वाली पीठ के सदस्य जस्टिस बीआर गवई ने नवलखा की याचिका पर सुनवाई से ख़ुद को अलग कर लिया था। पीठ को जब नवलखा के वकील ने यह बताया कि बॉम्बे हाईकोर्ट द्वारा उन्हें दिए गए तीन सप्ताह के संरक्षण की अवधि शुक्रवार (4 अक्टूबर) को समाप्त हो रही है तो पीठ ने कहा कि इस मामले में शुक्रवार को नई पीठ विचार करेगी। इस मामले में महाराष्ट्र सरकार ने कैविएट दाखिल कर रखी है ताकि उसका पक्ष सुने बगैर कोई आदेश पारित न किया जाए।

दरअसल, हितों के टकराव की स्थिति में या फिर वैसे मामले में जब जज बतौर वकील उस पार्टी की तरफ से कोर्ट में पेश हुए हों और बाद में जज बन गए हों, तो वो ऐसा करते हैं। इसके कई उदाहरण देखने को मिल चुके हैं। हाल ही में, जस्टिस यू यू ललित ने अयोध्या राम जन्मभूमि विवाद मामले की सुनवाई से खुद को अलग कर लिया था क्योंकि वह बाबरी मस्जिद का ढाँचा गिराने के आरोपित की तरफ से बतौर वकील कोर्ट में पेश हुए थे।

पाकिस्तानी सेना ने की 370 पर LOC तक मार्च की अपील: भारतीय सेना हाई अलर्ट, देगी मुँहतोड़ जवाब

जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 निष्क्रिय हुए लगभग 60 दिन हो चुके हैं मगर पाकिस्तान लगातार इस मुद्दे पर अपनी खिसियाहट सीमा और अंतर्राष्ट्रीय पटल पर निकाल रहा है। पाकिस्तान की ओर से इस साल जहाँ 2000 से अधिक बार सीजफायर उल्लंघन किया गया है, वहीं लगातार भारतीय सीमा में घुसपैठ के लिए आतंकी एलओसी पर फिराक में बैठे हैं। एक बार फिर शुक्रवार (अक्टूबर 4, 2019) को अनुच्छेद 370 को लेकर प्रदर्शन के लिए लोगों को तैयार कर रहा है। इस बार पाकिस्तान एलओसी तक कश्मीरी लोगों से मार्च करने की अपील की है। 

जानकारी के मुताबिक पाकिस्तान ने अनुच्छेद 370 पर कश्मीर में अशांति फैलाने के मकसद से यह तैयारी की है। इसके लिए पूरे गुलाम कश्मीर में पोस्टर लगाए गए हैं। इन पोस्टरों पर नारा लिखा है, ‘एलओसी तोड़ दो, बिखरा कश्मीर जोड़ दो।’ गुलाम कश्मीर के लोगों को आगे कर सीमा पर बड़े पैमाने पर हिंसा की रची गई साजिश को देखते हुए भारत ने सीमा पर सुरक्षा के काफी पुख्ता प्रबंध किए हैं। भारतीय सेना भी हर स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार है। भारतीय सेना ने पाकिस्तानी सेना द्वारा प्रचारित किए जा रहे इस मार्च को असफल करने के लिए कमर कस ली है।

गौरतलब है कि अनुच्छेद 370 के निरस्त होने के बाद से पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस मुद्दे को उठा रहा है, लेकिन हर जगह से उसके हाथ असफलता लग रही है। इसके साथ पाकिस्तान सीमा पर भारत में अशांति पैदा करने के लिए घुसपैठ कराने की कोशिश में लगा हुआ है। लेकिन यहाँ भी भारत के सुरक्षाबल पटखनी दे रहे हैं।

उन्नाव रेप मामला: कुलदीप सिंह सेंगर के बाद 3 और लोग दुष्कर्म के आरोपित, CBI ने दाखिल की चार्जशीट

उन्नाव रेप केस मामले में आरोपित विधायक कुलदीप सिंह सेंगर की मुश्किलें बढ़ना तय मानी जा रही है। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने गैंगरेप के एक दूसरे मामले में एक और चार्जशीट दाखिल की है। इस चार्जशीट में कुलदीप सिंह सेंगर की क़रीबी शशि सिंह के बेटे शुभम सिंह का भी नाम शामिल है। 

CBI ने पीड़िता से गैंगरेप मामले में तीस हज़ारी कोर्ट में एक और चार्जशीट दाखिल की है। यह चार्जशीट 11 जून 2017 को हुए गैंगरेप की घटना की जाँच को लेकर दाखिल की गई है। उस समय पीड़िता नाबालिग थी। CBI ने दाखिल की गई चार्जशीट में नरेश तिवारी, ब्रजेश यादव और शुभम सिंह का नाम बतौर आरोपित शामिल किया है। बता दें कि फ़िलहाल, ये तीनों आरोपित ज़मानत पर बाहर हैं। 

चार्जशीट के मुताबिक़, तीनों आरोपितों ने 4 जून की घटना के एक सप्ताह बाद कथित रूप से पीड़िता का अपहरण और सामूहिक बलात्कार किया था। तीस हज़ारी कोर्ट 10 अक्टूबर को इस मामले की सुनवाई करेगा। इससे पहले जाँच एजेंसी ने अतिरिक्त दस्तावेज़ दाखिल करने और अभियोजन पक्ष के समर्थन में बयान देने वाले गवाहों की सूची जमा करने के लिए समय माँगा था।

मीडिया में आई ख़बर के अनुसार, शुभम सिंह की माँ शशि सिंह कथित तौर पर पीड़िता को बहला-फुसलाकर 4 जून को विधायक के आवास पर ले गई थी।

ख़बर के अनुसार, दिल्ली की अदालत ने गुरुवार (3 अक्टूबर) को उन्नाव दुष्कर्म कांड की पीड़िता के पिता की न्यायिक हिरासत में हुई कथित हत्या मामले में उसकी माँ का बयान दर्ज किया। इस मामले से जुड़े वकील ने बताया कि ज़िला न्यायाधीश धर्मेश शर्मा के सामने दुष्कर्म पीड़िता की माँ और बहन ने बंद कमरे में अपने बयान दर्ज कराए। उन्होंने बताया कि शुक्रवार (4 अक्टूबर) को भी आगे की कार्यवाही जारी रहेगी। वकील ने बताया कि अदालत के समक्ष बयान दर्ज कराते समय दुष्कर्म पीड़िता की माँ मृत पति के कपड़ों को देखकर भावुक हो गईं और रो पड़ीं जिसे देखते हुए अदालत ने शांत होने के लिए उन्हें कुछ समय दिया।

ग़ौरतलब है कि 4 जून 2017 को आरोपित कुलदीप सिंह सेंगर पर एक नाबालिग ने रेप का आरोप लगाया था और 11 जून को पीड़िता अचानक गायब हो गई। पुलिस ने नाबालिग को 20 जून को ओरैया से बरामद किया और अगले दिन उसे उन्नाव लाया गया। इस मामले की पूरी A से Z तक की कहानी जानने के लिए यहाँ क्लिक करें।

बहन राहिल ने की थी सपा के पूर्व मंत्री से लव मैरिज, भाई राहत ने बेरहमी से गला रेतकर मार डाला, फरार

यूपी के मेरठ में आन की खातिर एक भाई ने अपनी बहन की गला रेतकर हत्या कर दी। बहन का कसूर यह था कि उसने सपा सरकार में हस्तशिल्प एवं हथकरघा विकास निगम के उपाध्यक्ष रह चुके फारुख हसन से परिवार के विरोध के बावजूद कोर्ट मैरिज कर ली थी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित फरार हो गया।

घटना लिसाड़ीगेट थाना क्षेत्र के श्यामनगर की है। लिसाड़ीगेट के श्यामनगर गली नंबर छह निवासी मोहम्मद सईद अहमद की बेटी राहिल जहां (25) पेशे से नर्स थी। 7 साल पहले उसकी शादी अलीगढ़ में खुर्शीद नाम के शख्स से हुई थी। शादी के 5 साल बाद ही पति से विवाद हो गया था। जिसके बाद राहिल जहां ने पति से तलाक लेकर अपने दो बच्चों सहित मेरठ मे अपने मायके में रहने लगी थी। यहाँ उसने लिसाड़ी रोड पर एक क्लीनिक भी खोल लिया था। इसी बीच राहिल की मुलाकात सपा नेता फारुक हसन से हुई और दोनों के बीच प्यार हो गया। 

इसके बाद फारूक हसन ने राहिल जहां से कोर्ट मैरेज कर ली और मेरठ में ही किराए पर मकान लेकर रहने लगे। बता दें कि फारूक की ये तीसरी शादी थी। चार दिन पहले राहिल जहां का भाई राहत उसके घर पहुँचा और परिवार वालों की नाराजगी दूर कराने के लिए उसे मायके ले आया। राहत ने बुधवार (अक्टूबर 2, 2019) रात में राहिल को लस्सी में नशे की गोली मिलाकर पिला दी और फिर राहिल के हाथ पैर बाँधकर गुरुवार (अक्टूबर 3, 2019) सुबह तीन बजे धारदार हथियार से बहन राहिल का गला रेत डाला।

बहन का गला रेतने के बाद आरोपित भाई राहत उसकी मौत का इंतजार करता रहा। गला रेतने के बाद लहूलुहान बहन तड़पती रही, लेकिन भाई को जरा भी तरस नहीं आया। बहन की आखिरी साँस टूटने तक वह वहीं बैठा रहा। जब उसे बहन की मौत का यकीन हो गया तब वह कमरे से बाहर निकला। आँगन में चारपाई पर सो रही माँ को बताया कि बहन की तबीयत खराब हो गई है। माँ जैसे ही कमरे में गई तो राहत भाग निकला।

मृतका की माँ ने राहत के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया है। एसएसपी अजय साहनी का कहना है कि राहत की गिरफ्तारी को पुलिस की दो टीम लगाई हैं। फारुक हसन से पूछताछ के लिए भी एक टीम सरूरपुर भेजी गई थी। वह भी फरार है।

दिल्ली सहित कई शहरों को दहलाने की फ़िराक में जैश आतंकी, सेब के बाग में ऐसे बनाई गई तबाही की योजना

जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा ख़त्म होने के बाद से ही पाकिस्तान बुरी तरह से बौखलाया हुआ है। इसी के मद्देनज़र वो भारत में किसी आतंकी गतिविधि को अंजाम देने की फ़िराक में है। नवभारत टाइम्स ने बेहद विश्वसनीय सूत्रों का हवाला देकर अपनी ख़बर में लिखा है कि क़रीब एक दर्जन आतंकी राजधानी दिल्ली में मौजूद हैं। पाक अधिकृत कश्मीर (PoK) में बैठे आतंकी सरगनाओं ने जैश के तीन-चार प्रशिक्षित ग्रुप को बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए ‘करो या मरो’ का टास्क देकर दिल्ली, कश्मीर और पंजाब भेजा है।

ख़बर के अनुसार, ख़ुफ़िया एजेंसियों ने आतंकवादियों की बातचीत के जो कोड इंटरसेप्ट किए हैं, उनमें ‘दिवाली के पटाखे’, ‘कश्मीरी सेबों की दिल्ली में सप्लाई’ जैसी बातें शामिल थीं। गृह मंत्रालय में उच्च पदस्थ सूत्रों ने कहा कि दिल्ली और मुंबई में सभी प्रमुख एयरपोर्ट, बंदरगाह, प्रमुख प्रतिष्ठानों एवं सरकारी कार्यालयों पर सुरक्षा सख़्त कर दी गई है। ख़बर है कि पंजाब में सितंबर के महीने में ड्रोन के ज़रिए हथियार गिराए जाने के बाद पंजाब और जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा एजेंसियों को पहले ही सतर्क किया जा चुका है।

दिल्ली में आतंकी गतिविधि को अंजाम देने के लिए गुप्त योजना पाँच दिन पहले क़रीब 900 किलोमीटर दूर कश्मीर में सेब के बाग में तैयार हुई। इसका खाका आतंकी संगठन जैश के जम्मू-कश्मीर कमांडर अबु उस्मान ने तैयार किया और इस गुप्त योजना को नाम दिया ‘डी’। कश्मीर के बांदीपुरा ज़िले में सेब के बाग में पाँच दिन पहले पाकिस्तान के प्रशिक्षित आतंकवादियों की सीक्रेट मीटिंग हुई। 

इस मीटिंग में अबु उस्मान ने दावा किया कि हमारे भाई इन जगहों पर पहले ही पहुँच चुके हैं। इस मीटिंग में एक पाकिस्तानी और दो कश्मीरी आतंकी मौजूद थे। अबु उस्मान के पास एक स्नाइपर राइफल थी, जबकि बाकी तीन आतंकियों के पास एके-47, पिस्टल और हैंड ग्रेनेड मौजूद थे। इस इनपुट को जम्मू-कश्मीर पुलिस, सीआरपीएफ, बीएसएफ और दिल्ली पुलिस के साथ शेयर किया गया है।

अलर्ट मिलने के बाद सुरक्षा बढ़ाने के आदेश जारी किए गए हैं और खुफ़िया जानकारी जुटाने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। अलर्ट मिलने के बाद स्पेशल सेल ने दिल्ली में कई इलाक़ों में सर्च अभियान चलाया था। सभी ज़िला डीसीपी, एसपी, एसएचओ को आगाह किया गया। इसके अलावा, उत्तर भारत के सभी एयरपोर्ट पर हाईअलर्ट कर दिया गया है। 

ग़ौरतलब है कि दिल्ली में जैश के 4 आतंकी मौजूद होने की ख़बर सामने आई थी। ख़ुफ़िया एजेंसी ने ख़ुद इसके बारे ख़ुलासा किया था। यह भी पता चला था कि इन आतंकवादियों के पास आधुनिक हथियार हैं और ये किसी बड़े हमले को अंजाम देने की फ़िराक में हैं।