Home Blog Page 5803

रोजगार पर ज्ञान देने वाले ज्ञानी समुदाय के नाम

कुछ सेंसिबल लोगों को जब ‘रोजगार’ पर सरकार को अभी भी घेरते देखता हूँ तो मन बहुत करता है कि कुछ लिखूँ न लिखूँ, एक-दो लिंक ही दे दूँ कि आदमी पढ़ ले कि जिस 45 साल में सबसे ज्यादा दर पर हल्ला कर रहे हो, उसी मंत्रालय ने, उन्हीं अख़बारों ने, यह भी लिखा है कि निर्धारण के मानक बदल दिए गए हैं, इसलिए पिछले डेटा के आधार पर तुलना गलत है।

यही कारण है कि वो महान हस्तियाँ अब विडियो पर खुद स्वीकार रही हैं कि उनसे समझने में गलती हुई कि मोदी की योजनाओं का लाभ किसी को नहीं मिला। सत्य यह है कि रोजगार के जितने अवसर पिछले पाँच साल में बने, और लोगों को चाहे स्वरोज़गार से जीवनयापन का तरीका मिला हो, या फिर इन्फ़्रास्ट्रक्चर बनने के कारण, वो पहले नहीं हुआ

तुम ढोल पीटते रहो, रोते रहो कि नौकरी मतलब सरकारी नौकरी, एसी में बैठने वाली नौकरी। जबकि भारत जैसी जनसंख्या वाले देश में, जो समय-समय पर, वैश्विक प्रोसेस या तय तरीक़ों से अलग स्टेप को स्किप करते हुए, जम्प करते हुए, आगे बढ़ रहा है तो वो वहाँ सरकारी नौकरियों की कमी होती रहेगी। साथ ही, लगभग 90% लोग असंगठित क्षेत्रों में यहाँ रोजगार पाते हैं।

मतलब यह है कि आप माइक लेकर इस जनता के बीच जाइएगा तो आपको हमेशा बेरोज़गारी दिखेगी क्योंकि यहाँ नौकरी का मतलब सरकारी नौकरी है। उस सरकारी नौकरी में जाने का पहला कारण, बहुत बड़े प्रतिशत का, आराम करना और घूस लेने से लेकर ‘पावर मिलता है भैया’ होती है।

सारे ऐसा नहीं करते लेकिन सरकारी विभागों की इनएफिसिएंसी का ज़िम्मा तंत्र के साथ-साथ ‘अब तो लंच हो गया है’ वाले एटीट्यूड वालों को भी लेना होगा। आप खूब आदर्श व्यक्ति होंगे लेकिन आप बहुसंख्यक नहीं हैं।

सच्चाई यही है कि ट्रेडिशनल सरकारी नौकरियाँ कम होंगी क्योंकि नई तकनीक आ रही है। आप दिल्ली यूनिवर्सिटी में सिर्फ एडमिशन को ऑनलाइन कर पाए हैं और कर्मचारी यूनियन अभी भी दसियों फ़ॉर्म पेपर पर माँगता है क्योंकि वो वहाँ कम्प्यूटर नहीं चाहता, भले ही विद्यार्थी का खूब समय नष्ट हो। लेकिन ऐसे लोग एक दिन खत्म होंगे। नया विभाग बनेगा, नए अवसर पैदा होंगे।

ये एक नैसर्गिक चाल है। बाकी, अगर आप रोजगार के तमाम आँकड़ों को न मान कर ‘मैं जब मुखर्जीनगर पहुँचा तो वहाँ सारे युवा बेरोज़गार थे’ वाला लॉजिक लेकर चलिएगा तो मैं कहूँगा कि ‘मैं जब सायबर हब पहुँचा तो वहाँ सारे लोग लाखों की सैलरी पाने वाले थे, भारत बदल गया है, बेरोज़गारी शून्य प्रतिशत है’। जबकि, जितने गलत आप हैं, उतना नहीं तो थोड़ा कम गलत तो मैं भी हूँ।

फेसबुक पर मुद्दों की बात करना आपको बॉन्ड जरूर बना देगा, लेकिन आप सही नहीं हैं। एक पक्ष का डेटा लेना छोड़िए। आपके घर के आगे की सड़क टूटी है तो पूरे देश की सड़क टूटी है, ऐसा मत लिखिए। आप बेरोज़गार हैं, आप तबाह हैं, आप परेशान हैं नौकरी में तो उसके कई कारण हो सकते हैं। लेकिन, आपकी परेशानी पूरे युवा वर्ग की परेशानी नहीं है। खुद को यूनिवर्स मत समझिए, न ही उस व्यक्ति को जो हर शाम टीवी पर झूठ बोलता है और झूठ पकड़े जाने पर शेखर गुप्ता की तरह हिम्मत नहीं दिखाता कि सही बोल सके।

खैर, मुझे क्या। मैं इतनी नकारात्मकता लेकर नहीं चलता, न ही मुझे शौक है इस बात को भूलने का कि भारत में 130 करोड़ लोग हैं, आधे से ज़्यादा युवा और उनको जिस तरह की शिक्षा मिली है, जहाँ से भेड़चाल में वो सब कुछ बन गए, जिसमें उनकी रुचि नहीं थी, वो रोजगार के लिए सरकारी ऑफ़िस ढूँढ रहे हैं।

आप बेशक ढूँढते रहिए, अवसाद में चेहरा मलिन कर लीजिए लेकिन बता देता हूँ कि इस अर्थव्यवस्था में, इस जीडीपी के साथ, इस जनसंख्या के साथ, न तो आप बेहतर शिक्षा दे सकते हैं, न पोषण, न सबको सरकारी या संगठित क्षेत्रों में रोजगार। वो असंभव है इसलिए पीएचडी वाले चपरासी की नौकरी पाना चाहते हैं क्योंकि उनकी पीएचडी 5000 में ख़रीदी गई है, उन्होंने एमए कर लिया है लेकिन विषय का ज्ञान नहीं है, वो बीटेक हैं लेकिन वो नौकरी दिए जाने योग्य नहीं हैं।

अभी जो आँकड़े आए हैं उन तक पहुँचने के लिए मंत्रालय ने जो मानक तय किए थे, वो पिछली बार से बिलकुल अलग हैं। 2011-12 तक के सर्वेक्षणों में सैम्पल के रूप में लिए जाने वाले गाँवों/ब्लॉक्स में घरों के मासिक ख़र्च के आधार पर रोजगार और बेरोज़गारी के आँकड़े इकट्ठा किए जाते थे। इस बार मानक बदल कर लोगों की शिक्षा और आकांक्षाएँ हैं।

इसका मतलब है कि लोगों की शिक्षा का स्तर बढ़ा है और वो संगठित क्षेत्रों में, ज्यादा वेतन वाली नौकरियाँ करना चाहते हैं, न कि असंगठित क्षेत्रों में लेबर या वर्कफोर्स यानी कम पैसे वाली और एक तरह से मज़दूरी का काम। ये हमारे लिए सौभाग्य और दुर्भाग्य दोनों ही है। अच्छी बात यह है कि शिक्षा का स्तर बढ़ा है, लेकिन दुर्भाग्य यह कि जनसंख्या इतनी ज़्यादा होने के कारण हर व्यक्ति की आकांक्षाओं को पूरा नहीं किया जा सकता।

स्कूल, कॉलेज, हॉस्पिटल आदि बनाने की बातें होती हैं। मैनुफ़ैक्चरिंग पर ध्यान देने की बातें होती हैं, निवेश लाने की बातें होती हैं, लेकिन ये सारी बातें सिर्फ एक सरकार पर निर्भर नहीं। निवेश या विदेशी कम्पनियों की भागीदारी के लिए दूसरे देश और यहाँ की सरकारों द्वारा तय नियमों का पालन भी ज़रूरी है। ऐसा नहीं है कि उस पर काम नहीं हो रहा। काम हो रहा है लेकिन वैश्विक परिदृश्य में अमेरिका चीन से उलझा हुआ है, चीन भारत में सामान डम्प करता है, वर्ल्ड ट्रेड ऑर्गेनाइज़ेशन के नियमों से भारत के हाथ बँधे हुए हैं।

इन सारी दिक़्क़तों को दूर करने के लिए डिप्लोमैटिक स्तर पर बातचीत ज़रूरी है। उसके बाद, भारत के कॉलेजों से निकलने वाले ग्रेजुएट या नौकरी की तलाश करते लोगों की दक्षता पर हमेशा सवाल उठे हैं। कई बार, कई बड़ी कम्पनियों ने सीधे तौर पर कहा है कि भारतीय कॉलेजों के 70% इंजीनियर काम देने योग्य नहीं होते। ये एक सतत प्रयास से दूर होगा और उसमें समय जाएगा।

सरकार जो त्वरित प्रयास कर सकती थी, वो किया है। उसमें अगर सुधार की आवश्यकता है तो वो भी होंगे। आपके पास कुछ काम का आइडिया है तो आपको लोन लेने में आसानी होगी। लाखों लोगों ने मुद्रा लोन लिया है, और वो दूसरों को भी रोजगार दे रहे हैं। भले ही सरकार के मुँह से निकलने वाले इन आँकड़ों को आप नकारते रहें, लेकिन उससे सत्य बदल नहीं जाता। आप उसी सरकार के दूसरे आँकड़े पर हल्ला कर रहे हैं क्योंकि वो आपके विचारों के अनुकूल है।

हमारी समस्या यह है कि हम संदर्भ से परे, योग्यता की उपेक्षा करते हुए नौकरी तलाशते युवा वर्ग को एक ही खाँचे में रख देते हैं मानो पूरा युवा वर्ग एक तरह की दक्षता के साथ नौकरी ढूँढ रहा है। जबकि ऐसा नहीं है। इसमें एक बड़ा हिस्सा उन लोगों का है, जो हमारे दोस्त हैं, और हम जानते हैं कि उन्होंने आँख मूँद कर एक तरह की डिग्री ले ली। हम शायद जानते हैं कि उनके पास सिर्फ डिग्री ही है, योग्यता नहीं।

इसमें भी दोष सिस्टम का है, लेकिन उतना ही दोष आपका भी कि आपने गलत योग्यता पाने की कोशिश की, जबकि आपको पता होना चाहिए था कि इस डिग्री के साथ नौकरी मिलनी मुश्किल है। हर डिग्रीधारी न तो एक स्तर की योग्यता रखता है, न ही सारे नकारे होते हैं। एक ही क्लास के बच्चे को कैम्पस सलेक्शन से नौकरी मिलती है, बहुतों को नहीं। इन बातों को हम नकार देते हैं क्योंकि सरकारों को कोसने में आसानी हो जाती है।

इसलिए असंगठित क्षेत्र में एक लेबर फ़ोर्स की तरह काम करना भी रोजगार है। उससे भी घर चलता है, वो भी काम है। अपनी शिक्षा या डिग्री का दंभ मत पालिए, आप सक्षम हैं तो नौकरी है। नौकरी खत्म है तो आपको अपना स्किल सेट दोबारा डेवलप करना होगा। लोन लीजिए सरकार से, दूसरों को रोजगार दीजिए।

क्या ये इतना आसान है? जी नहीं, फेसबुक पर रोने और ज्ञान देने से बहुत कठिन है। आप बिना भविष्य को देखे इंजीनियरिंग क्यों पढ़ रहे हैं? आपको ये समझ में नहीं आता कि जितने लाख ये पढ़ाई कर रहे हैं उतनी नौकरियाँ नहीं हैं? आपने कुछ दूसरी चीज सोची कभी करने को?

क्या इस देश में 25 करोड़ लोगों को नौकरी मिल सकती है? नहीं। यह एक सत्य है। रोजगार मिल सकता है, पेट भरा जा सकता है। रोजगार के मौके मिल सकते हैं लेकिन यह कहना कि मेरे पास बीटेक या एमबीए की डिग्री है लेकिन रोजगार नहीं, वो तो पूरी तरह से सरकार पर आरोप फेंकने की बात है क्योंकि आपने रोजगार के बाज़ार को सही से नहीं पढ़ा। आप अपनी ज़िम्मेदारी लीजिए। सारी ज़िम्मेदारी सरकार की नहीं है। कुछ आपकी भी है।

सरकार जो कर सकती है, कर रही है, आगे भी करेगी। आप खुद पर थोड़ा ब्लेम लेना सीखिए। तंत्र अगर पचास सालों से बेकार बनाया गया है तो उसे ठीक होने में भी एक पीढ़ी निकल जाएगी। लेकिन आपको क्या, आप एक तरह की चीज पढ़िए, जनसंख्या को भूल जाइए और चिल्लाइए कि रोजगार नहीं हैं। आपका दुर्भाग्य कि आँकड़े आपकी भाषा नहीं बोलते।

फोन पर ‘हैलो’ नहीं, ‘जय बांग्ला/ जय हिंद’ बोलेंगे TMC कार्यकर्ता: ममता बनर्जी का फ़रमान

पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी और बीजेपी के बीच सियासी जंग थमने का नाम नहीं ले रही है। वैसे तो बंगाल में हो रही हिंसात्मक गतिविधियाँ आए दिन सुर्ख़ियों में नज़र आती रहती हैं, लेकिन ममता बनर्जी द्वारा एक फ़रमान जारी करने की ख़बर सामने आई है। इस आदेश के अनुसार अब TMC कार्यकर्ता फोन पर ‘हैलो’ की जगह ‘जय बांग्ला’ या ‘जय हिंद’ बोलेंगे। ऐसा प्रतीत होता है कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपने कार्यकर्ताओं को यह निर्देश ‘जय श्रीराम’ के नारे से तंग आकर दिया है।

इस वीडियो में आप देख सकते हैं कि एक जनसभा को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी कह रही हैं कि वो ‘जय बांग्ला’ एक बार नहीं, हज़ार बार भी नहीं बल्कि लाख बार बोलने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि ‘जय हिंद’ पर किसी समुदाय का एकाधिकार नहीं है क्योंकि यह स्लोगन नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने दिया था। अपने संबोधन में उन्होंने फोन पर और सड़क पर चलते-फिरते भी ‘जय हिंद’ बोलने की अपील की। कड़े शब्दों में ममता ने कहा, “बाहर से आए लोग हमारी संस्कृति को ख़त्म करने में लगे हैं, लेकिन हमारी संस्कृति इतनी सस्ती नहीं है।”

जनसभा को संबोधित करते समय ममता दीदी के मुँह से निकले शब्द काफ़ी तल्ख़ अंदाज़ में बाहर आ रहे थे। उनके इस ग़ुस्से को देखकर यही लग रहा था जैसे वो राज्य में ‘जय श्रीराम’ के नारे से बेहद आहत हों। ‘जय श्रीराम’ के नारे से तिलमिलाई ममता ने अपनी भड़ास निकालने के लिए ‘जय बांग्ला’ और ‘जय हिंद’ शब्दों का इस्तेमाल शायद एक विकल्प के रूप में चुना है। शब्दों को लेकर ममता बनर्जी की यह सोच उनकी कुंठित मानसिकता को उजागर करती है।

दरअसल, पिछले काफ़ी समय से ममता बनर्जी ‘जय श्रीराम’ के नारे को लेकर सुर्ख़ियों में छाई हुईं हैं। कोलकाता के मेदनीपुर और बैरकपुर में ममता बनर्जी के क़ाफ़िले के सामने जब कुछ लोगों ने ‘जय श्रीराम’ के नारे लगाए थे, तो ममता दीदी न सिर्फ़ उन पर भड़कीं थीं बल्कि वो उनके ख़िलाफ़ कड़ी क़ानूनी कार्रवाई कराने के निर्देश तक दे दिए थे।

गुरूवार (31 मई) को भी एक ऐसा मामला सामने आया था जब ममता बनर्जी अपने क़फ़िले के साथ जा रही थीं और उस समय जय श्रीराम का नारा लगाने वाले 10 लोगों के ख़िलाफ़ ज़मानती धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। ममता बनर्जी को ‘जय श्रीराम’ का नारा इतना नागवार लगता है कि वो तुरंत अपनी गाड़ी से उतरती हैं और नारा लगाने वालों को ख़ूब डाँटती-फटकारती हैं। कहने को तो ममता ने यह बात स्वीकारी थी कि वो बंगाली और बिहारी में कोई भेदभाव नहीं करतीं, लेकिन असलियत इससे परे है।

पश्चिम बंगाल में बीजेपी कार्यकर्ताओं की हत्या की ख़बर लगातार सामने आती रहती हैं। 30 मई को 52 वर्षीय बीजेपी कार्यकर्ता सुशील मंडल की हत्या सिर्फ़ इसलिए कर दी गई थी क्योंकि वो प्रधानमंत्री मोदी के शपथ ग्रहण के एक दिन पहले पार्टी के झंडे सजा रहे थे और ‘जय श्रीराम’ का नारा लगा रहे थे।

ED ने नारदा घोटाले में ममता के करीबी नेताओं के खिलाफ जारी किया नोटिस

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने नारदा घोटाला के मामले में कोलकाता के पूर्व महापौर और टीएमसी के नेता सोवन चट्टोपाध्याय की पत्नी रत्ना चट्टोपाध्याय, टीएमसी मंत्री साधना पांडे की बेटी श्रेया पांडे, अविजित गांगुली और मोलॉय भट्टाचार्य को नोटिस जारी किया है। इस घोटाले में और भी कई लोगों के नाम शामिल हैं। जिन नेताओं के खिलाफ ईडी द्वारा नोटिस जारी किया गया है, वो पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी की काफी करीबी माने जाते हैं।

ईडी रत्ना चट्टोपाध्याय से इससे पहले पूछताछ कर चुकी है। ईडी के एक अधिकारी ने बताया था कि पूछताछ के लिए दफ्तर आई थी, मगर जल्द ही वो अपने खराब स्वास्थ्य की बात कहकर निकल गई। हालाँकि, रत्ना ने कहा था कि उन्होंने अपनी तरफ से सारे सवालों के जवाब दे दिए हैं और अगर वो उनके जवाब से संतुष्ट नहीं होते हैं और फिर से पूछताछ के लिए बुलाएँगे, तो जाने के लिए तैयार है।

गौरतलब है कि, इससे पहले इस मामले में तृणमूल कॉन्ग्रस के 12 नेताओं के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज किया गया था। कोलकाता के एक न्यूज़ चैनल ने स्टिंग ऑपरेशन करते हुए पश्चिम बंगाल के सत्तारूढ़ दल तृणमूल कॉन्ग्रेस के कुछ नेताओं को रिश्वत लेते हुए कैमरे पर पकड़ा था। जिसकी जाँच चल रही है। कोर्ट ने इस मामले में पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी की भी आलोचना की थी।

नरगिस ने हिन्दू युवक से की थी शादी; भाइयों ने पहले कुल्हाड़ी से मारा, फिर सिर में दाग दी गोली

दूसरे समुदाय में प्रेम विवाह करने से नाराज युवती के घरवालों ने उसकी हत्या कर दी। जबकि हमले में महिला का पति गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात की सूचना पर हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक एसएसपी ने मौके पर पहुँच कर लोगों से पूछताछ की और हत्यारों की गिरफ्तारी के आदेश दिए हैं।

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में ऑनर किलिंग का एक मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि मृतक महिला और उसका पति दोनों अलग-अलग धर्म के थे। दोनों बृहस्पतिवार, मई 30, 2019 को पड़ोस के एक गाँव से घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में महिला के भाइयों ने उन पर गोली चला दी। इस घटना में महिला की मौत हो गई और उसका पति घायल हो गया। पुलिस ने इस सिलसिले में मृतक महिला के तीन भाइयों को गिरफ्तार किया है और महिला के पिता और अन्य तीन लोगों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है।

मृतक नरगिस के पिता कुतुबुद्दीन, माँ शबरी और उसके 6 भाइयों के नाम शामिल

नरगिस और उसका पति राम किशोर अपनी 4 महीने की बेटी के साथ परिजनों से मिलकर साहबगंज गाँव से लौट रहे थे। इस दौरान रास्ते में नरगिस के भाइयों ने उन्हें गोली मार दी। गोली सीधे नरगिस के सिर में जा लगी। इतना ही नहीं आरोपितों ने नरगिस पर कुल्हाड़ी से भी वार किया, जिससे उसके हाथ और चेहरे पर भी चोटें आईं। वहीं राम किशोर को गोली छूकर निकल गई, जिसके चलते वे भी घायल हो गए।

क्योलड़िया थाना क्षेत्र के एसएचओ ने बताया कि घायल राम किशोर की शिकायत पर 15 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इस शिकायत में करूआ साहबगंज के रहने वाले नरगिस के पिता कुतुबुद्दीन, माँ शबरी और उसके 6 भाइयों का नाम शामिल है। बाकी के आरोपित मृतक महिला के रिश्तेदार और पड़ोसी बताए जा रहे हैं। एसीपी संसार सिंह ने बताया कि शुक्रवार, मई 31, 2019 को पीड़िता के 3 भाइयों शमशेर, असगर और अकबर को बहुआ मार्केट के कुलरिया इलाके से गिरफ्तार किया गया है। साथ ही पुलिस ने उनके पास से पिस्टल और कुल्हाड़ी भी बरामद की है।

कुछ दिन पहले लौटे थे गाँव

कुतुबुद्दीन की बेटी नरगिस ने बीते वर्ष अप्रैल माह में गाँव के ही रहने वाले दूसरे समुदाय के राम किशोर पुत्र जानकी प्रसाद से प्रेम विवाह कर लिया था। जिसके बाद से ही दोनों रुद्रपुर में रहकर मेहनत मजदूरी से गुर बसर कर रहे थे। नरगिस ने धर्म परिवर्तन कर अपना नाम मोहिनी देवी रख लिया। इस बीच दोनों के एक बेटी हुई जिसका नाम उन्होंने ज्योति रखा था। इसी बात को लेकर महिला के मायके वाले खुन्नस रखने लगे और उसकी जान के दुश्मन हो गए। बीते दिनों ही दंपत्ति अपने गाँव में वापस लौट कर आए थे, जिसके बाद से ही नरगिस के घर वाले दोनों को मारने की फिराक में लगे हुए थे।

बृहस्पतिवार सुबह दंपति अपनी बेटी ज्योति को दवाई दिलाने बरखान गाँव ले जा रहे थे, इसी बीच नरगिस के मायके वालों ने अपने घर के पास दंपत्ति को घेर लिया। आरोपित भाई और अन्य लोगों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर बाँके से हमला कर दिया, जिसमें नरगिस की कनपटी पर गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसका पति बाँके से हमले और गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे नवाबगंज के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने नरगिस के पति राम किशोर की हालत बेहद नाजुक बताई है। घटना के बाद से ही आरोपित पक्ष गाँव से फरार हो गया।

Virginia (USA) में काला दिन: अंधाधुँध फायरिंग में गई 12 लोगों की जान

अमेरिका के वर्जिनिया शहर में शुक्रवार को एक आदमी ने सरकारी दफ्तर की बिल्डिंग में अधाधुँध फायरिंग की। इस फायरिंग में 12 लोगों की मौत होने की खबर है, जबकि 6 लोग घायल बताए जा रहे हैं। खबरों के मुताबिक पुलिस ने बताया है कि गोली चलाने वाला डेवेन क्रैडॉक नाम का व्यक्ति एक सरकारी कर्मचारी था, जो वर्जीनिया बीच के पब्लिक यूलिलिटिज डिपार्टमेंट में एक सर्टिफाइड प्रोफेशनल इंजीनियर के रूप में काम करता था।

यह घटना अमेरिकी समयानुसार शाम 4 बजे की है। वर्जिनिया के पुलिस चीफ जेम्स सर्वेरा ने बताया हमलावर बिल्डिंग में घुसा और अचानक अंधाधुँध गोलियाँ चलाने लगा। घायल होने वालों में एक पुलिसकर्मी भी है जो बुलेटप्रूफ जैकेट पहनने की वजह से बच गया लेकिन पुलिस के साथ हुई भिड़ंत के बाद हमलावर मारा गया है। घायल लोगों को अस्पताल भर्ती करवा दिया गया है।

फिलहाल गोलीबारी करने के पीछे के हमलावर का क्या मकसद था इसका पता नहीं चल पाया है। इस घटना के बाद वहाँ के स्थानीय लोगों में काफ़ी डर का माहौल है। बता दें कि शुक्रवार को हुई यह घटना इस साल की 150वीं ऐसी घटना है जिसमें चार से ज्यादा लोगों पर हमला हुआ या फिर उनकी मौत हुई। मेयर बॉबी दायर ने इस घटना के बारे में कहा है कि ये दिन वर्जिनिया बीच के इतिहास का सबसे काला/विनाशकारी दिन है।

ड्राइ डे के दिन मध्यम वर्गीय लोगों के साथ होता है भेदभाव, घटनी चाहिए संख्‍या: महाराष्ट्र सरकार

महाराष्‍ट्र में शराब कारोबारियों के साथ ही शराब पीने वालों के लिए भी राहत वाली खबर है। महाराष्‍ट्र सरकार ड्राइ डे की संख्‍या घटाने पर विचार कर रही है। दरअसल, शराब के कारोबार को आसान करने के लिए 30 जून 2018 को विभाग के प्रधान सचिव की अध्यक्षता में एक सात सदस्यीय समिति बनाई गई थी। इस समिति ने अब अपनी रिपोर्ट सरकार को दे दी है। समिति ने इस रिपोर्ट में 70 अलग-अलग बिंदुओं पर सरकार को अपनी सिफारिशें सौंपी हैं। इसमें ड्राइ डे पर कई सवाल भी उठाए गए हैं।

जानकारी के मुताबिक, समिति ने अपनी रिपोर्ट में ड्राइ-डे को प्रभावहीन माना है। समिति का मानना है कि ड्राइ-डे पर शराब पीने वाले अपने लिए किसी भी तरह से शराब की व्‍यवस्‍था कर लेते हैं। ऐसे में अवैध रूप से शराब की बिक्री का कारोबार पनपता है। वहीं, अवैध शराब बिकने से राज्‍य सरकार को राजस्‍व का नुकसान होता है। इसके साथ ही ड्राइ डे वाले दिन भी बड़े होटलों और क्‍लबों में शराब दी जाती है। ऐसे में तो यही सही होगा कि ड्राइ डे की संख्‍या घटा दी जाए।

महाराष्ट्र में साल भर में 9 दिन ड्राइ डे होते हैं, इस दौरान शराब की दुकानें और बार वगैरह बंद रहते हैं। इसके अलावा मतदान और मतगणना वाले दिन भी संबंधित क्षेत्र में ड्राइ डे घोषित कर दिया जाता है। इस ड्राइ डे को लेकर समिति का कहना है कि इस दिन शराब की दुकानें बंद रहने से मध्यम वर्ग के लोग इसके सेवन से वंचित रह जाते हैं, जबकि बड़े लोग तो इस दिस भी शराब का सेवन आसानी से करते हैं, क्योंकि ड्राइ डे वाले दिन भी बड़े-बड़े होटलों में शराब परोसी जाती है। ऐसे में लोगों के साथ भेद-भाव होता है। इसलिए इसकी संख्या कम कर देनी चाहिए। इसके साथ ही समिति ने मतदान व मतगणना वाले दिन उसकी अवधि खत्म हो जाने के बाद ड्राइ डे खत्म करने का सुझाव दिया है।

मीडिया के बेकार मुद्दों पर चर्चा से बेहतर है कि नई शिक्षा नीति पर अपनी बात सरकार तक पहुँचाइये

ऐसे मुद्दों को छोड़ दें तो बीस साल पुराने दौर में एक चीज़ और भी बदली हुई होती थी। किताबें अधिकांश खरीदी नहीं जाती थीं। आगे की कक्षा में पढ़ने वाले कक्षा पास करने पर अपने से छोटों को अपनी किताबें दे देते थे। हर साल नई किताबें खरीदने का बोझ शायद ही कभी, या बहुत कम छात्रों पर आता था। आज क्या किताबें इतनी बदल रही हैं कि हर साल हजारों रुपये की किताबें खरीदने की जरूरत पड़े?

सरकारी स्कूल जो मुफ्त में किताबें बांटते हैं, वो नई किताबें ही क्यों बाँट रहे हैं? बच्चों को अपने अग्रजों से किताबें मिल जाएँ तो एक तो उन्हें समय पर किताबें मिल जाएँगी, ऊपर से उनके खरीदने का खर्च, स्कूलों तक पहुँचाने की व्यवस्था में लगने वाला खर्च और समय सब बचाया जा सकता है। सरकारी प्रकाशन से आने वाली किताबों में शायद ही कोई अक्षर एक साल में बदल पाता है, इसलिए नई किताबें छापना जरूरी तो नहीं हो सकता।

दशकों पहले कभी यशपाल कमिटी ने शिक्षा सुधारों से सम्बंधित एक रिपोर्ट दी थी। उस समय शायद कोई अर्जुन सिंह मंत्री थे। इंट्रोडक्शन से लेकर अपेंडिक्स तक ये रिपोर्ट कुल 26 पन्ने की है। आमतौर पर समितियों की सिफारिश (अभी वाली नेशनल एजुकेशन पालिसी ड्राफ्ट भी) करीब पाँच सौ पन्ने का मोटा सा बंडल होता है जिसे कौन पढ़ता है, या नहीं पढ़ता, हमें मालूम नहीं। ऐसी सभी सिफारिशों से मेरी एक और आपत्ति ये भी होती है कि ये किस आधार पर बनी है ये पता नहीं होता। कभी-कभी कहा जाता है कि ये सर्वेक्षणों के आधार पर बनी हैं। ये वैसे सर्वेक्षण होते हैं जो अक्सर बताते हैं कि पाँचवीं-छठी कक्षा के बच्चों को दो का पहाड़ा नहीं आता।

क्यों नहीं आता? क्योंकि बिहार ही में बोली जाने वाली अनेक भाषाओँ में “पहाड़ा” अलग-अलग नामों से जाना जाता है। मैथिलि में इसे “खांत” कहते हैं तो मगही में “खोंढ़ा”। ऐसे क्षेत्रों में जब बच्चों से पूछा गया होगा कि पहाड़ा आता है? तो संभवतः उसे सवाल ही समझ में नहीं आया होगा। उसने ना में सर हिलाया होगा और वही लिख लिया गया। कोई खांत या खोंढ़ा पूछता तो शायद जवाब भी आता। हम आजादी के सत्तर सालों में बच्चों के लिए उनकी मातृभाषा में शिक्षा का इंतजाम भी नहीं कर पाए हैं। ऐसा तब है जब सभी वैज्ञानिक शोध बताते हैं कि मातृभाषा में मिलने वाली शिक्षा से बच्चे सबसे आसानी से सीखते हैं।

अब जब सरकार बन चुकी है तो ये नजर आता है कि शिक्षा नीतियों पर पहले दिन से ही बात शुरू हो चुकी है। एमएचआरडी ने एक ड्राफ्ट पालिसी तैयार कर रखी है और इस पर जनता से राय भी मांगी गई है। अपनी आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य के लिए जरूरी है कि हम मीडिया के उठाये टीआरपी बटोरू मुद्दों के बदले अपनी जरूरतों पर ध्यान केन्द्रित करना सीखें। विवाद खड़ा करने में उनकी रुचि पिछले पांच वर्षों में सभी लोग देख चुके हैं। बाकी जरूरी मुद्दों के बारे में पढ़कर-जानकर उनपर अपनी राय सरकार तक पहुंचानी है, या सोशल मीडिया के हर रोज बदलते मुद्दों में मनोरंजन ढूंढना है, ये तो खुद ही तय करना होगा। सोचिये, क्योंकि सोचने पर फ़िलहाल जीएसटी नहीं लगता! आप मानव संसाधन विकास मंत्रालय तक अपनी राय ईमेल ([email protected]) के ज़रिये पहुँचा सकते हैं।

अभी हम सरकार गिराने का प्रयास नहीं करेंगे, कॉन्ग्रेस वाले आपस में लड़ रहे हैं: येदियुरप्पा

कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष बीएस येदियुरप्पा की उम्मीदों पर मानो पानी फिर गया। दरअसल, उनकी दिली तमन्ना है कि वो कर्नाटक के मुख्यमंत्री बनें और इसलिए वो काफी समय से प्रयासरत हैं कि कर्नाटक में कॉन्ग्रेस-जेडीएस गठबंधन किसी तरह से टूट जाए। उनकी इस मंशा पर विराम लगाते हुए प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह ने उन्हें निर्देश दिया है कि वो वर्तमान राज्य सरकार को अस्थिर करने का प्रयास न करें।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह के बाद दिल्ली से रवाना होते समय शुक्रवार (31 मई) को येदियुरप्पा ने पत्रकारों से कहा, “पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने सख़्त निर्देश देते हुए कहा है कि गठबंधन सरकार को अस्थिर करने की कोशिश ना की जाए। यह फ़ैसला हो चुका है कि भाजपा गठबंधन सरकार को गिराने की कोशिश नहीं करेगी। मुझे पूरा विश्वास है कि सिद्धारमैया ख़ुद अपने कुछ विधायकों को मेरे पास भेज रहें हैं और वो राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश कर रहे हैं।”

इसके अलावा येदियुरप्पा ने यह भी कहा, “हम फिलहाल चुप रहेंगे। वे (कॉन्ग्रेस) आपस में लड़ सकते हैं और कुछ भी हो सकता है। हमें स्पष्ट रूप से सूचित किया गया है कि राज्य में सरकार को परेशान करने का प्रयास न करें।”

येदियुरप्पा ने इस बात का भी ज़िक्र किया कि फ़िलहाल पार्टी को सत्ता में आने की कोई जल्दी नहीं है क्योंकि राज्य इकाई के पास ज़िम्मेदार विपक्षी पार्टी होने के तौर पर काम करने की सभी क्षमताएँ मौजूद हैं। ख़बर के अनुसार, येदियुरप्पा ने मध्यावधि चुनाव की आशंका से पूरी तरह इनकार नहीं किया और कहा, “मैं इस समय मध्यावधि चुनाव को लेकर अटकलें नहीं लगाना चाहता।” येदियुरप्पा के इस बयान से ऐसा प्रतीत होता है कि केंद्रीय नेतृत्व कर्नाटक राज्य में सरकार बनाने को लेकर चिंतित नहीं है।

हाँ हमने झूठ बोला, मोदी की योजनाओं की सफलता की अनदेखी की: गुप्ता जी का छलका दर्द

मोदी सरकार की ऐतिहासिक जीत से पहले देश में मौजूद समुदाय विशेष के पत्रकार अपने लेखों के जरिए इस बात को साबित करने में जुटे थे कि मोदी सरकार की हर नीति, योजना और प्रयास आम लोगों के ख़िलाफ़ है। लेकिन, जब प्रचंड बहुमत के साथ मोदी सरकार सत्ता में वापस लौट आई है तो ‘द प्रिंट’ नामक पोर्टल के मालिक और एडिटर्स गिल्ड के चीफ़ शेखर गुप्ता ने एक चर्चा ‘How India Voted’ में स्वीकारा है कि चुनाव से पहले पत्रकारों ने मोदी सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की सफलता को नजरअंदाज किया था।

शेखर गुप्ता ने कहा, “मुझे ये बात बहुत इमानदारी से कहनी है कि हम पत्रकारों ने मोदी सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की अनदेखी करने का सोचा था और जब उनकी हकीकत (जिसमें लोगों को फायदा पहुँचा) हमारे सामने आती तो हम उसे नकारने की कोशिश करते।”

कॉन्ग्रेस की करारी हार के बारे में बात करते हुए गुप्ता जी ने ये तक कहा कि कॉन्ग्रेस पार्टी auto-immune disease (ऐसी बीमारी जिसके कारण पार्टी ने खुद ही को नुकसान पहुँचाया) से पीड़ित है। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार के इतने दिनों में उन्होंने कभी नहीं सुना कि कॉन्ग्रेस पार्टी ने अपनी सरकार के कार्यकाल में हुई किसी अच्छी चीज के बारे में बात की हो। वो हमेशा मोदी सरकार और मीडिया पर दोष देते रहे। गुप्ता जी कहते हैं कि देश में योजनाओं का झाँसा देकर हमेशा से वोट माँगा जाता रहा है इसलिए देश के मतदाता को कॉन्ग्रेस की योजनाओं पर भरोसा नहीं है।

इस चर्चा के दौरान एडिटर गिल्ड के चीफ ने स्वीकारा कि वो खुद भी मोदी सरकार की योजनाओं के ख़िलाफ़ सबूत ढूँढ रहे थे, लेकिन उन्हें कोई प्रमाण नहीं मिला। उन्होंने योजनाओं के तहत बाँटे गए गैस सिलिंडरों को देखने के लिए घरों के भीतर तक झाँका, लेकिन वहाँ सिलेंडर मौजूद होने के कारण, जो सोचा वो मुमकिन नहीं हो पाया।

अपनी बातचीत के दौरान निराश शेखर गुप्ता मानते हैं कि सरकार द्वारा चालू की गई जन-धन योजना, आधार और मुद्रा योजना ने लोगों को फायदा पहुँचाया है, जो लिबरलों के बर्दाश्त से बाहर हो गया था। वो कहते हैं कि उन्हें पहले खुद ही लगता था कि मुद्रा लोन योजना एक बकवास और फर्जी चीज है, लेकिन अब उनके पास वो वीडियो प्रमाण के रूप में हैं जो साबित करते हैं ये सब फर्जी नहीं है। अपनी बात में वो आजमगढ़ से 50 किलोमीटर दूर एक दलित व्यक्ति का जिक्र करते हैं जो बताता है कि उसे 50,000 रुपए का मुद्रा लोन मिला है, जिससे उसने चाय की दुकान की दुकान खोली और अब 1,300 वह हर महीने रुपए वापस करता हैं। और, जब वो पैसे वापस नहीं दे पाता तो बैंक मैनेजर किसी को उसके पास भेजता है।

चुनाव से पहले तक मोदी विरोध में सुर बुलंद करने वाले द प्रिंट के मालिक का कहना है कि उन्होंने बड़े आँकड़ों को जाँचा, जिसमें स्पष्ट था कि 4.81 करोड़ लोगों को मुद्रा लोन दिया जा चुका है जिसमें से 2.1 लाख का करोड़ चुका भी दिए गए हैं। इसलिए अब वो ईमानदारी से कहते हैं कि पत्रकारों ने मोदी सरकार द्वारा चालू की गई कल्याणकारी योजनाओं की अनदेखी की, और जब उन्हें योजनाओं के कारण प्रगति दिखी तो उन्होंने उसे भी नजरअंदाज करने की कोशिश ये कहकर की “उन्हें भले ही गैस सिलिंडर मिल गया, लेकिन वो अगला सिलेंडर खरीदने में सक्षम नहीं हैं, क्योंकि अगला सिलेंडर पूरी कीमत पर मिलेगा” जबकि ये तर्क बिल्कुल झूठ था। अगला सिलेंडर जिन्हें पूरे कीमत पर मिला, उनकी सब्सिडी कटकर उनके बैंक में आई।

मोदी सरकार की वापसी के बारे में बात करते हुए गुप्ता जी इस बातचीत में कहते हैं कि हकीकत ये है कि इससे पहले लोगों ने कभी किसी योजना को घर के भीतर तक पहुँचते हुए नहीं देखा था, और जिन चीज़ों की डिलीवरी देखी थी, उन्हें बिना घूस दिए नहीं देखी थी। वो मानते हैं कि ये देश में एक बहुत बड़ा बदलाव आया है। जिसे हो सकता है कुछ लोग पसंद न करें लेकिन समझदार लोग इससे बहुत कुछ सीख रहे हैं।

भारतीय वायुसेना ने खोला आकाश, एयरस्पेस से अस्थाई प्रतिबंध हटाए

भारत सरकार ने इंडियन एयरस्पेस में लगाए गए सभी अस्थाई प्रतिबंधों को हटा दिया है। भारतीय वायुसेना ने शुक्रवार (मई 31, 2019) को ट्वीट करते हुए इसकी जानकारी दी। उन्होंने लिखा, “27 फरवरी 2019 से इंडियन एयरफोर्स द्वारा भारतीय एयरस्पेस में सभी रूट्स पर लगाए गए अस्थाई प्रतिबंधों को हटा लिया गया है।”

पाकिस्तान के बालाकोट में 26 फरवरी को किए गए एयरस्ट्राइक के बाद 27 फरवरी को वायुसेना ने भारतीय एयरस्पेस के सभी रूटों पर प्रतिबंध लगा दिया था। जिसके बाद पाकिस्तान ने भी पूर्वी सीमा पर एयर स्पेस को प्रतिबंधित कर दिया है। पाक द्वारा प्रतिबंध लगाए जाने के बाद भारतीय विमानों को दक्षिण एशिया और पश्चिमी देशों के लिए ज्यादा दूरी तय करनी पड़ रही है, तो वहीं भारतीय प्रतिबंध की वजह से पाकिस्तान की बैंकॉक और कुआलालंपुर जाने वाली उड़ानों पर असर पड़ा।

अब भारत के द्वारा उठाया गया ये कदम पाकिस्तान के लिए संकेत है कि वह भी अपने एयर स्पेस पर लगे प्रतिबंध हटा ले। इसके अलावा अब विदेशी एयरलाइंस, पाकिस्तान द्वारा एयर स्पेस पर लगे प्रतिबंध को लेकर यूएन की एविएशन विंग ICAO और IATA का ग्लोबल एयरलाइन फोरम से संपर्क कर सकती हैं, ताकि पाकिस्तान पर प्रतिबंध हटाने के लिए दबाव बनाया जा सके। हालाँकि, पाकिस्तान पहले 30 मई को प्रतिबंध हटाने की बात कह रहा था, लेकिन फिर इसे 14 जून तक के लिए बढ़ा दिया।