Home Blog Page 1596

‘वर्षों की मनोकामना पूरी हुई, मंदिर बन जाएगा तो फिर आऊँगा’: अयोध्या में रजनीकांत ने किया रामलला का दर्शन, स्वागत में IG-कमिश्नर से लेकर ट्रस्ट के सदस्य और हिन्दू पदाधिकारी तक रहे मौजूद

सुपरस्टार रजनीकांत ने रविवार (20 जुलाई, 2023) को अयोध्या पहुँच कर रामलला के दर्शन किए और निर्माणाधीन राम मंदिर के कार्य को भी देखा-जाना। इस दौरान बड़ी संख्या में हिन्दू संगठनों के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। रामलला विराजमान के दर्शन के साथ-साथ उन्होंने भव्य राम मंदिर के निर्माण कार्य का अवलोकन किया। इससे पहले ‘संकटमोचन सेना’ के कार्यवाहक राष्ट्रीय अध्यक्ष वरिष्ठ पुजारी हेमंत दास ने उन्हें हनुमानगढ़ी मंदिर में ले जाकर दर्शन कराया। वहाँ बड़ी संख्या में लोग उनके स्वागत में जुटे थे।

राम मंदिर में ‘श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण ट्रस्ट समिति’ के सदस्य विमलेंद्र मोहन मिश्र, डॉ अनिल मिश्र, कमिश्नर गौरव दयाल, IG प्रवीण कुमार, ‘विश्व हिन्दू परिषद’ के प्रवक्ता शरद शर्मा, नगर आयुक्त विशाल सिंह, पुलिस अधीक्षक (सुरक्षा) पंकज पांडेय, राम मंदिर के निर्माण की जिम्मेदारी संभाल रही टाटा कंसल्टेंसी के मैनेजर विनोद शुक्ला और रामशंकर ने उनका स्वागत किया। रजनीकांत ने कहा कि वर्षों से उनका अयोध्या आने का मन था और आज रामलला के दर्शन की उनकी मनोकामना पूरी हुई है।

उन्होंने कहा कि ईश्वर की इच्छा हुई तो राम मंदिर के निर्माण के बाद उन्हें यहाँ फिर से आने का मौका मिलेगा। इस दौरान उन्होंने राम मंदिर का प्रारूप भेंट किया गया और अंगवस्त्र पहना कर सम्मानित किया गया। इसके बाद वो फिर लखनऊ के लिए रवाना हो गए। बता दें कि लखनऊ में उन्होंने उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के साथ अपनी फिल्म ‘जेलर’ की स्पेशल स्क्रीनिंग में भी हिस्सा लिया था। फिल्म 10 दिनों में बॉक्स ऑफिस पर 514 करोड़ रुपए की कमाई कर चुकी है। सिर्फ तमिलनाडु में इसने 180 करोड़ रुपए बटोर लिए हैं।

सुपरस्टार रजनीकांत के अयोध्या में दर्शन-पूजन को भारत के उत्तरी और दक्षिणी हिस्सों के मेल के रूप में भी देखा जा सकता है, इससे ये साफ़ होता है कि सनातन धर्म इस भूमि को जोड़ता है। रामलला भारत के अलग-अलग हिस्सों के बीच एकता का एक सेतु बन रहे हैं, ये बड़ी अच्छी बात है। 48 वर्षों से तमिल फिल्म इंडस्ट्री पर राज कर रहे रजनीकांत तेलुगू, कन्नड़ और मलयालम दर्शकों में भी लोकप्रिय हैं। श्रीराम ने रामेश्वरम में ही शिव की पूजा की थी और वहाँ मंदिर भी है। तमिल में ‘कम्बन रामायण’ खासा लोकप्रिय है।

अब दक्षिण कोरिया से भारत पहुँची लड़की, गुरुद्वारे में सुखजीत से रचाई शादी: सीमा हैदर-अंजू के बाद अब मीडिया में किम की चर्चा, भा रहे भारत के गाँव

पाकिस्तान से भारत आई सीमा हैदर और भारत से पाकिस्तान गई अंजू की ‘लव स्टोरी’ के बीच, अब कोरियाई लड़की भारत की बहू बनी है। उत्तर प्रदेश के शाहजहाँपुर के रहने वाले सुखजीत सिंह काम की तलाश में दक्षिण कोरिया गए थे। वहाँ उनकी मुलाकात किम बोह नी से हुई। दोनों के बीच प्यार हो गया। इसके बाद अब भारत आकर 18 अगस्त को शादी कर ली।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मामला शाहजहाँपुर के पुवायाँ क्षेत्र के उदना का है। यहाँ रहने वाले सुखजीत सिंह 6 साल पहले काम की तलाश में दक्षिण कोरिया गए थे। जहाँ उन्हें एक कॉफी शॉप पर नौकरी मिली। इसके करीब 2 साल बाद उसी कॉफी शाॅप पर किम बोह नी भी नौकरी करने आईं। एक साथ नौकरी करने के दौरान दोनों के बीच बात शुरू हुई। इसके बाद बात आगे बढ़ी और दोनों में प्यार हो गया।

इस बीच दोनों दक्षिण कोरिया में ही लिव इन रिलेशनशिप में रहने लगे। दोनों के घरवालों को उनके रिश्ते के बारे में बता दिया था। उन्हें भी सुखजीत और किम के रिश्ते से कोई दिक्कत नहीं थी। चार महीने पहले सुखजीत छुट्टी लेकर भारत लौट आए थे। इस दौरान किम अकेली रह गई थी। उसे सुखजीत की कमी खल रही थी। ऐसे में उसने भारत का टूरिस्ट वीजा हासिल किया और 2 महीने पहले वह भी भारत आ गई।

सुखजीत के परिवार ने किम का जोरदार स्वागत किया। दो माह तक भारत में रहने के बाद किम ने सुखजीत के परिवार को भी अच्छी तरह से समझ लिया। इसके बाद अब 18 अगस्त को पुवायाँ के गुरुद्वारा नानक बाग में दोनों ने सिख रीति-रिवाज से शादी कर ली। किम बोह नी को 5 साल का वीजा मिला है। हालाँकि वह 1 महीने और भारत में रुकने के बाद दक्षिण कोरिया लौट जाएगी। इसके बाद किम वापस आएगी। फिर किम और सुखजीत दोनों दक्षिण कोरिया में ही बस जाएँगे।

किम को भारत के गाँव खासतौर से खेत बहुत पसंद आ रहे हैं। वह मांसाहारी है। लेकिन उसको यहाँ के नूडल्स और चावल बहुत भा रहे हैं। इसके अलावा उसे पंजाबी गाने और यहाँ का कल्चर भी पसंद आ रहा है। किम बोह नी को हिंदी नहीं आती। लेकिन वह इशारों में बात करके सुखजीत के परिवार से बात करती है। सुखजीत भी कभी ट्रांसलेटर बन कर परिवार वालों और किम की बातचीत कराते हैं।

बता दें कि पाकिस्तान के कराची में रहने वाली सीमा हैदर की मुलाकात पबजी गेम खेलते हुए नोएडा में रहने वाले सचिन से हुई थी। इसके बाद सचिन के प्यार में 4 बच्चों की अम्मी सीना कराची स्थित अपना घर बेचकर अपने बच्चों समेत भारत आकर सचिन के साथ रह रही थी। चूँकि उसने नेपाल बॉर्डर से अवैध रूप से भारतीय सीमा में प्रवेश किया था। इसलिए पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था। फिलहाल यूपी एटीएस समेत अन्य जाँच एजेंसियाँ उसके खिलाफ जाँच कर रहीं हैं।

वहीं, राजस्थान के भिवाड़ी जिले की रहने वाली अंजू थॉमस की मुलाकात फेसबुक के जरिए पाकिस्तान के दीर बाला जिले के नसरुल्लाह से हुई थी। उसने पाकिस्तान जाने के लिए पासपोर्ट और वीजा बनवाया था। इसके बाद सीमा पार कर नसरुल्लाह से मिलने पाकिस्तान पहुँच गई। पाकिस्तानी मीडिया का दावा है कि अंजू ने नसरुल्लाह से निकाह कर लिया है। उसका निकाह नामा व कई तस्वीरें भी सामने आईं थीं।

‘जो हिन्दू धर्म छोड़ कर गए हैं वो वापस आएँ’: ‘अली मौला’ भूल मोरारी बापू ने कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी में लगाई ‘घर वापसी’ की दहाड़, पूछा – राम नाम लेने में शर्म कैसी?

देश के प्रसिद्ध कथावाचक मुरारी बापू आजकल इंग्लैंड के कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय में रामकथा कह रहे हैं। इस दौरान उन्होंने कहा कि हिंदू धर्म के अनुयायियों को आत्मविश्वास के साथ खुद को हिंदू कहना चाहिए और राम का नाम लेना चाहिए। एक वायरल वीडियो में उन्होंने हिंदू धर्म छोड़कर गए लोगों को घरवापसी करने के लिए कहा। इसको लेकर महामंडलेश्वर चिदंबरानंद सरस्वती ने उन पर तंज कसा है।

रामकथा के लिए विख्यात मुरारी बापू ने कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी में कहा, “पूरे विश्व में जहाँ भी हिंदू हैं उन्हें राम का नाम लेने में और खुद को हिंदू कहने में झिझक क्यों है?” इसके लिए उन्होंने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक के उस बयान का भी हवाला दिया, जिसमें उन्होंने खुद को हिंदू कहा था।

मुरारी बापू ने ब्रिटिश प्रधानमंत्री का हवाला देते हुए कहा “हमें गौरव है, हम सनातन धर्म से हैं। और क्यों नहीं! ऋषि जी, जो वर्तमान ब्रिटिश प्रधानमंत्री हैं, ने कहा कि वह यहाँ एक हिंदू के रूप में आए हैं। आप सभी (हिंदू पहचान को लेकर) इतने शर्मिंदा क्यों हैं? गाँधी जी ने और स्वामी विवेकानन्द जी ने भी कहा कि वे हिंदू हैं।”

राजा रामचंद्र की महिमा का बखान करते हुए मुरारी बापू ने कहा, “हमारे राम सीमाओं से परे हैं। उनकी दिव्यता की कोई सीमा नहीं है।” उन्होंने आगे कहा, “हिंदू होना खुले दिमाग और व्यापक स्वीकृति का पर्याय है। हिंदू धर्म और सनातन धर्म के सिद्धांत विशाल आकाश से भी अधिक व्यापक हैं।” इस दौरान उन्होंने ‘जय सियाराम’ का नारा भी लगवाया।

मुरारी बापू का बयान मीडिया में आने के बाद महानिर्वाणी अखाड़ा के महामण्डलेश्वर स्वामी चिदम्बरानन्द सरस्वती ने उन पर तंज कसा। मुरारी बापू का वीडियो शेयर करते हुए कहा कि एक विरोध में कितना बदलाव हो गया। वीडियो में मोरारी बापू कहते हैं, “अपना सनातन हिंदू धर्म छोड़कर कहीं और गए हों तो लौट आओ। व्यासपीठ अपने घर आपको बुला रही है।”

इसको लेकर चिदंबरानंद ने X पर पोस्ट में लिखा, “जो व्यासपीठ पहले अली मौला गा रही थी, अब वही व्यासपीठ अपना सनातन हिन्दू धर्म छोड़कर दूसरी जगह चले जाने वालों को वापस बुला रही है। जो पूछते थे कि अली मौला गाने वाले मुरारी बापू का विरोध करके क्या मिला, उन्हें देखना चाहिए कि एक विरोध से कितना बदलाव हो गया।”

बताते चलें कि मुरारी बापू अपने अली मौला के कारण सोशल मीडिया पर काफी चर्चित रहे थे। मुरारी बापू ने व्‍यासपीठ में कहा था, “त्रिपुंडधारियों और बाबाओं को उमर खैय्याम और रूमी पढ़ना चाहिए, तब पता लगेगा बंदगी क्या है!” इसके बाद उन्हें संत समाज का गुस्‍सा झेलना पड़ा था। विवाद में आने के बाद उन्होंने स्वयं का बचाव करते हुए दूसरे धर्माचार्यों पर ताने मारने और उन्हें अज्ञानी कहने लगे थे।

हालाँकि, अली मौला की बात करने वाले मोरारी बापू अकेले व्यक्ति नहीं हैं जो व्यासपीठ पर बैठते हैं। कथावाचन और भजन गाने वाले कई कथावाचक और कथावाचिकाओं से यूट्यूब भरे हुए हैं, जो उर्दू के शब्दों के साथ शायरी और कौव्वाली के अंदाज में भजन गाते हैं। इनमें एक एक चित्रलेखा शर्मा भी हैं, जो देवी चित्रलेखा के नाम से प्रसिद्ध हैं।

राष्ट्रपति के हस्ताक्षर नहीं और बन गया कानून! कंगाल पाकिस्तान में राष्ट्रपति के कर्मचारी ही नहीं सुन रहे उनकी बात, ट्वीट कर रोया दुखड़ा: कहा – ऊपरवाला सब जानता है

पाकिस्तान में संविधान को ताक पर रखकर बिना राष्ट्रपति के हस्ताक्षर के ही कानून बना दिया गया है। इस पर वहाँ के राष्ट्रपति आरिफ अल्वी खुद हैरान हैं। राष्ट्रपति आरिफ अल्वी ने रविवार (20 अगस्त, 2023) को दिए बयान में कहा कि उन्होंने ‘ऑफिसियल सीक्रेट एक्ट’ और ‘पाकिस्तान आर्मी एक्ट’ में संशोधन करने वाले विधेयकों पर हस्ताक्षर नहीं किए क्योंकि वह इन कानूनों से असहमत थे। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके कर्मचारियों ने उनकी इच्छा और आदेश का उल्लंघन करते हुए अलग ही इतिहास बना दिया। 

राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर किए गए अपने पोस्ट में अपने कर्मचारियों से बिलों को अप्रभावी’ बनाने के लिए निर्धारित समय के भीतर बिना हस्ताक्षर किए वापस करने को कहा। जबकि कर्मचारियों ने उनकी बात ही नहीं मानी और इसके साथ ही पाकिस्तान में अराजकता का एक नया दौर आता दिखने लगा है। 

राष्ट्रपति ने अपने ट्वीट में लिखा, “मैंने उनसे कई बार पुष्टि की कि क्या उन्हें बिल वापस कर दिया गया है और आश्वस्त किया गया था कि वे वापस आ गए हैं। हालाँकि, मुझे आज पता चला कि मेरे कर्मचारियों ने मेरी इच्छा और आदेश की अवहेलना की है। अल्लाह सब कुछ जानता है, वह इंशाअल्लाह माफ कर देगा। लेकिन मैं उन लोगों से माफी माँगता हूँ जो इस कानून से प्रभावित होंगे।”

हालाँकि, अभी तक राष्ट्रपति भवन ने कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। लेकिन, पाकिस्तानी मीडिया पोर्टल ‘डॉन’ की एक रिपोर्ट के अनुसार, यह बात बाहर आ गई थी कि अल्वी ने शनिवार (19 अगस्त, 2023) को ‘ऑफिसियल सीक्रेट (संशोधन) विधेयक, 2023 और पाकिस्तान सेना (संशोधन) विधेयक, 2023 पर अपनी सहमति दे दी थी, जिससे प्रस्तावित बिल अधिनियम (ACT) बन गए। 

रिपोर्ट के अनुसार, कुछ सप्ताह पहले ही विपक्षी सांसदों की आलोचना के बीच दोनों विधेयकों को सीनेट और नेशनल असेंबली ने मंजूरी दे दी थी और उन्हें मंजूरी के लिए राष्ट्रपति के पास भेजा गया था। गौरतलब है कि राष्ट्रपति का यह बयान पीटीआई के उपाध्यक्ष शाह महमूद कुरेशी और पूर्व विदेश मंत्री और पीटीआई अध्यक्ष इमरान खान के खिलाफ ‘ऑफिसियल सीक्रेट एक्ट’ के तहत 15 अगस्त को दर्ज की गई पहली FIR के एक दिन बाद आया है।

इमरान खान पर यह मामला तब दर्ज किया गया था जब एक अमेरिकी समाचार आउटलेट ‘द इंटरसेप्ट’ ने हाल ही में उस राजनयिक केबल को प्रकाशित किया था जो कथित तौर पर इमरान के ऑफिस से गायब हो गई थी। बता दें कि पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को तोशाखाना मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया था जिसे उन्होंने अमेरिकी साजिश बताया था। 

रिपोर्ट के अनुसार, पिछले सप्ताह राष्ट्रपति ने एक दर्जन से अधिक विधेयकों को संसद में पुनर्विचार के लिए लौटा दिया था। वहीं इस मामले में पाकिस्तान के कानून कानून मंत्रालय का कहना है कि राष्ट्रपति के पास दो ही विकल्प होते हैं या तो सहमति दें या अपने कमेंट के साथ बिल लौटा दें। इसके अलावा उन्हें रोककर रखने का कोई तीसरा प्रावधान ही नहीं है।

हालाँकि, पाकिस्तान में जहाँ एक ओर नेशनल असेम्बली भंग है ऐसे में राष्ट्रपति के पास विशेष शक्तियों के होते हुए भी उनके ऑफिस की अधिकारी उनकी ही नहीं सुन रहे। वहीं कई कानूनविद राष्ट्रपति को ही अपने अधिकारों का दुरुपयोग करने वाले के रूप में देख रहे हैं। इस पर वहाँ के कानून के जानकारों ने भी आश्चर्य व्यक्त किया है।

राजनेताओं और पत्रकारों ने अल्वी के दावों पर अविश्वसनीयता और निराशा के साथ प्रतिक्रिया व्यक्त की। वहीं पीटीआई नेता फारुख हबीब ने इस घटनाक्रम को ‘बेहद चौंकाने वाला’ और ‘पूरे सिस्टम के पतन’ के समान बताया।

उन्होंने कहा, “देश के वकील समुदाय को अब संविधान की सर्वोच्चता के लिए खड़ा होना चाहिए।”

पूर्व वित्त मंत्री इशाक डार ने कहा कि राष्ट्रपति की टिप्पणी अविश्वसनीय’ थी और उन्हें ‘अपने कार्यालय को प्रभावी ढंग से निभाने में विफल रहने’ के कारण इस्तीफा दे देना चाहिए।

‘मेरे पति को टार्गेट किया जा रहा, वो जैसे भी हैं मेरे हैं’: अब दुःखी हुई ‘लप्पू सा सचिन’ कहने वाली सीमा हैदर की पड़ोसन, कहा – कच्छा-बनियान में भी काम करते हैं…

सीमा हैदर की ‘पड़ोसन’ मिथिलेश भाटी ने सचिन को लप्पू और झींगुर कहा था। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था। इसके बाद सीमा हैदर के वकील ने भिथिलेश भाटी को नोटिस भेजा है। वहीं, मिथिलेश के पति का भी वीडियो सामने आया। इसको लेकर मीडिया पर तरह-तरह के मीम बन रहे थे। इस पर मिथिलेश का कहना है कि उनके पति को लेकर जो कुछ हो रहा है उससे वह दुःखी है।

दरअसल, सीमा हैदर और सचिन मीणा की पड़ोसन मिथिलेश भाटी के कई वीडियो वायरल हुए थे। इनमें उन्होंने लप्पू सा सचिन, झींगुर सा लड़का, टायर से हवा निकल गई, उसे बोलना नहीं आता समेत तमाम तरह की बातें कहीं थीं। वीडियो वायरल होने के बाद मीडिया ने मिथिलेश भाटी के पति का इंटरव्यू लिया था। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ।

वीडियो में मिथिलेश के पति सुरेश खेत में पेड़ों के नीचे सोते नजर दिए थे। साथ ही उन्होंने बताया था कि वह खेती करते हैं। यही नहीं सुरेश भाटी ने मिथिलेश के बयान का समर्थन करने की जगह कहा था कि उसकी अपनी सोच है। वह क्या कह सकते हैं। यह वीडियो सामने आने के बाद नेटिजेन्स सोशल मीडिया पर मिथिलेश भाटी और उनके पति दोनों को ट्रोल कर रहे थे।

एक यूजर ने लिखा, “मिथिलेश भाटी और गीता भाटी को कोई बता दो, सचिन में कुछ ऐसा है जो पाकिस्तान से एक लड़की चली आई, और तुम्हारे पति तुम्हारे साइड में भी नही खड़े। मैं सचिन को प्रताड़ित करने के पक्ष में नही हूँ।”

एक अन्य यूजर ने लिखा, “लप्पू सा सचिन बोलने वाली चप्पू सी मिथिलेश भाटी के बाबा दादा जैसे टॉम क्रूज पति। देखते जाईए, मसाला ही मसाला है।”

एक यूजर ने लिखा, “यह है वायरल मिथिलेश भाटी और उसके पति का फोटो है जिनका नाम सुरेश भाटी है। अब आप अपनी प्रतिक्रिया दे सकते हैं।”

एक यूजर ने लिखा, “ये हैं लप्पू सा सचिन, झींगुर सा लड़का बोलना वा पे आवे ना बोलने वाली मिथिलेश भाटी के पति। मैंने सुना है मिथिलेशजी ने भी लव मैरिज किया था क्या देखा था ये भी बता देती तो ज्यादा बेहतर होता।”

एक अन्य यूजर ने लिखा, “इतने दिन से सोच रहे थे कि उसका पति पता नही कैसा होगा लेकिन लप्पू सी आंटी का खुद का पति झींगुर सा निकला।”

सोशल मीडिया पर इस तरह की बातें और मीम सामने आने के बाद मिथिलेश भाटी ने कहा है कि उनके पति को लेकर जो कुछ भी कहा जा रहा है वह सही नहीं है। ‘टाइम्स नाउ’ से बात करते हुए मिथिलेश ने कहा है, “जो मेरे पति के साथ किया जा रहा है उसका थोड़ा दुःख है। कुछ लोग उनको टारगेट कर रहे हैं। वो आदमी खेतों में काम करने वाला नॉर्मल है। कच्छा बनियान में भी करेगा। कच्छा कमीज में भी करेगा। शेरवानी, कोट पैंट पहनकर कोई नहीं करता। मेरे हसबैंड पढ़े लिखे नहीं हैं ज्यादा। मेरे से भी कम पढ़े लिखे हैं। लेकिन पूरा सपोर्ट करते हैं।”

वहीं, TV9 से बात करते हुए मिथिलेश ने कहा है, “मैंने तो उसे लप्पू भर कहा है। मेरे पति को तो न जाने क्या-क्या लिखकर वीडियो वायरल किया जा रहा है। मेरा पति जैसा भी है मेरा है। चाहे वह 100 साल का हो या 2 साल का हो। मेरा पति सीमा हैदर को भगा के नहीं ला रहा। मैं किसी के साथ नहीं जा रही। हम मियाँ-बीवी हैं दोनों। मेरे पति को टॉर्चर किया जा रहा है।”

मिथिलेश भाटी के इस बयान के बाद सीमा हैदर का बयान भी सामने आया। सीमा ने सचिन को लेकर कहा था, “मेरा पति मेरे सिर का ताज है। किसी को भी कुछ कहने का अधिकार नहीं है।” यही नहीं, सीमा हैदर के वकील एपी सिंह ने मिथिलेश भाटी को कानूनी नोटिस भेजा था। मीडिया से बातचीत में एपी सिंह ने कहा कि मिथिलेश भाटी को लीगल नोटिस भेजना इसलिए जरूरी था, क्योंकि इससे सचिन के मनोबल पर असर पड़ रहा है। उसकी छवि धूमिल हो रही है। इस वीडियो में वह जिस तरह के शब्दों का इस्तेमाल कर रही है, वह बेहद आपत्तिजनक है। लप्पू और झींगुर कहना बॉडी शेमिंग जैसा है।

मिथिलेश भाटी ने कहा था लप्पू-झींगुर

मिथिलेश भाटी एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें वह कह रहीं थी, “लप्पू सा सचिन है। झींगुर सा लड़का है। क्या है सचिन में? बोलना उसको आवे न, बोल वो पाता नहीं है, इससे प्यार करेगी सीमा? हाथ फिराती रहे बस बैठी-बैठी, ये प्यार है? पाँचवीं पास खुद को बता रही है और फर्राटेदार इंग्लिश बोले है, कम्प्यूटर चला रही है। चार-चार पासपोर्ट लेकर आई है।”

कहीं पंचायत दफ्तर में घुस हथियारबंद अपराधियों ने माँगी रंगदारी, कहीं रेस्टॉरेंट में फायरिंग: शिक्षक-थानेदार-पत्रकार-ठेकेदार की हत्या ही नहीं, बिहार में हो रहा और भी बहुत कुछ

बिहार के अपराधियों में कानून का डर खत्म हो गया है। जहानाबाद में बाढ़ू यादव के नाम के बदमाश ने पंचायत भवन कार्यालय में घुसकर सर्वे अमीन पर रिवॉल्वर तानी और उसकी पिटाई कर दी। वहीं, मुजफ्फरपुर के खचाखच भरे एक रेस्टोरेंट में बदमाशों ने कई राउंड फायरिंग की। दोनों घटनाओं का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसके अलावा, बेगूसराय में एक रिटायर्ड टीचर की हत्या कर दी गई है।

पहला मामला जहानाबाद प्रखंड क्षेत्र के कंसुआ पंचायत का है। यहाँ पंचायत भवन कार्यालय में 19 अगस्त 2023 दिन शनिवार को विशेष सर्वेक्षण शिविर का आयोजन हो रहा था। इसी दौरान हथियारबंद 10-12 अपराधियों ने कार्यालय में घुसकर सर्वे अमीन बाल मुकुंद से रंगदारी माँगी। जब उन्होंने विरोध किया तो मारपीट कर उन्हें जख्मी कर दिया।

घटना के दौरान एक बदमाश उन पर पिस्टल ताने रहा, ताकि अमीन वहाँ से भाग ना सकें। अपराधियों ने अमीन का मोबाइल फोन भी छीन लिया। अपराधियों ने धमकाते हुए कहा कि उनके क्षेत्र में काम करना है तो उन्हें रंगदारी देनी होगी। अगर अपराधियों से बिना पूछे काम किया तो अमीन को अपनी जान से हाथ धोना पड़ेगा।

घटनास्थल पर मौजूद पूर्व शिविर प्रभारी गौरव मौर्य ने इस दौरान बीच-बचाव करने की कोशिश की तो अपराधियों ने उनके साथ भी मारपीट की। इस दौरान जमकर हंगामा मचाया। शोर सुन सभी कर्मचारी जुटने लगे तो अपराधी पिस्तौल लहराते और धमकाते हुए भाग निकले। इस दौरान एक कर्मचारी ने घटना का वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

अमीन बाल मुकुंद ने इस संबंध में थाने में FIR दर्ज कराई है। अपनी FIR में अमीन ने खैरुचक मठिया गाँव निवासी बाढ़ू यादव उर्फ ओम प्रकाश कुमार सहित 10 -12 लोगों को आरोपित किया है। पुलिस ने इलाज के लिए बाल मुकुंद और गौरव मौर्य को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया है।

अमीन ने कहा कि इससे पहले भी बाढ़ू यादव ने अपनी जमीन के सर्वे को लेकर उनके साथ कई बार गाली-गलौच और हाथापाई कर चुका है। हालाँकि, मामले नहीं बढ़ाने की बात सोचकर इसकी पुलिस से शिकायत नहीं की थी। उन्होंने कहा कि शिकायत नहीं करे के कारण ही उसका मनोबल बढ़ता गया।

मुजफ्फरपुर के रेस्टोरेंट में फायरिंग

दूसरी घटना मुजफ्फरपुर के सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले फरदो पुल के पास एनएच 102 के पास की है। यहाँ एक रेस्टोरेंट में शनिवार (19 अगस्त) की रात बाइक से आए चार बदमाशों ने 10 से ज्यादा राउंड फायर किए। रेस्टोरेंट में 5 साल की बच्ची की बर्थडे पार्टी चल रही थी। इस दौरान 50 से अधिक लोग खाना खा रहे थे। इस गोली-बारी में लोग बाल-बाल बचे।

गोलीबारी के दौरान कुछ लोग बाहर की ओर भाग गए और कुछ लोगों ने टेबल के नीचे छिपकर अपनी जान बचाई। रेस्टोरेंट के शीशे पर 8 गोलियों के निशान मिले हैं। पुलिस आरोपितों की पहचान करने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। घटना का वीडियो भी सामने आया है।

इस मामले में एसपी सिटी ने कहा, “प्रारंभिक रूप से ऐसा लग रहा है कि डराने के लिए इस घटना को अंजाम दिया गया है। घटना इससे बड़ी भी हो सकती थी। गोलीबारी के पीछे व्यक्तिगत और व्यापारिक विवाद की बात सामने आ रही है। जल्दी ही घटना में शामिल बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।”

बेगूसराय में टीचर की हत्या

बेगूसराय में बाइक सवार अपराधियों ने रिटायर्ड टीचर जवाहर राय की गोली मारकर हत्या कर दी। बताया जा रहा कि यह हत्या आपसी रंजिश में की गई है। कहा जा रहा है कि वे अपने बेटे की हत्या की मुख्य गवाह थे। इसी कारण उनकी हत्या की गई है।

इससे पहले फरवरी 2021 में मृतक जवाहर राय के बेटे की अपराधियों ने हत्या कर दी थी। इसमें घटना के जवाहर राय चश्मदीद गवाह थे। माना जा रहा है कि इसी कारण उनकी हत्या की गई है। इस घटना की पुलिस जाँच कर रही है।

अपराध से थर्रा रहा है बिहार

पिछले 145 घंटे में बिहार के कई जगहों पर अपराधियों ने गोलीबारी की है। 14 अगस्त 2023 को समस्तीपुर में एक थाना प्रभारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इसके बाद 18 अगस्त 2023 को अररिया में एक स्थानीय पत्रकार की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इसके बाद 20 अगस्त को बेगूसराय में रिटायर्ड टीचर की हत्या कर दी गई।

इन सबके बावजूद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बिहार में ‘मंगलराज’ मान रहे हैं। उनका कहना है कि राज्य में सब कुछ ठीक है। बिहार में बढ़ रही हिंसक घटनाओं पर जब पत्रकारों ने उनसे सवाल किया तो सीएम नीतीश ने कहा, “अपराध कहाँ है? आँकड़े देखिए।” वहीं, डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने कहा कि सबसे ज्यादा अपराध तो दिल्ली में है।

‘कई वर्षों की इच्छा आज पूरी हुई, मैं भाग्यशाली हूँ’: अयोध्या पहुँचे सुपरस्टार रजनीकांत ने हनुमानगढ़ी में किया दर्शन, पत्नी संग की हनुमान जी की पूजा-अर्चना

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात और उनके पैर छूकर आशीर्वाद लेने के बाद फिल्म अभिनेता रजनीकांत रविवार (20 अगस्त, 2023) को अयोध्या पहुँचे। जहाँ उन्होंने सबसे पहले हनुमानगढ़ी में भगवान हनुमान के मंदिर में दर्शन-पूजन किया। फिर यहीं से वह रामलला के दरबार में हाजिरी लगाने के लिए चले गए। उनके साथ उनकी पत्नी भी मौजूद हैं।

एक बार फिर ‘जेलर’ फिल्म से तहलका मचाने वाले रजनीकांत ने सबसे पहले अयोध्या पहुँचकर हनुमानगढ़ी मंदिर में माथा टेका और भगवान हनुमान का आशीर्वाद लिया। गर्भगृह से रजनीकांत का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें उन्हें मंदिर में हाथ जोड़े देखा जा सकता है। वीडियो में उन्हें तिलक लगवाते और भगवान हनुमान के आशीर्वाद स्वरूप गुलाब की माला पहने भी देखा जा सकता है।

वहीं हनुमान गढ़ी में दर्शन के बाद रजनीकांत ने खुद को बहुत भाग्यशाली बताया है। उन्होंने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा, “बहुत भाग्यशाली हूँ मैं, कई सालों से इच्छा थी आज पूरा हो गया।”

बता दें कि सुपरस्टार रजनीकांत के अयोध्या आगमन पर मीडिया को दिए बयान में राम जन्मभूमि के मुख्य पुजारी सत्येंद्र दास ने खुशी जाहिर की थी। उन्होंने कहा कि हम सभी बहुत खुश हैं कि रजनीकांत अयोध्या आ रहे हैं।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, रजनीकांत के अयोध्या आगमन को लेकर आचार्य सत्येंद्र दास ने कहा, “इससे उत्तर और दक्षिण के संबंध जुड़ेंगे। वे (रजनीकांत) रामलला का दर्शन करेंगे। रामलला के दर्शन में जो व्यवस्था है, वह मंदिर ट्रस्ट की ओर से की जा रही है। उनके लिए माला और रामनामी प्रसाद आदि दिए जाने की तैयारी है। तिलक-चंदन भी रजनीकांत को भेंट किया जाएगा।” 

वहीं आचार्य सत्येंद्र दास ने यह भी कहा, “मैं समझता हूँ ऐसी हस्ती के आगमन से केवल रामलाल का दर्शन मात्र नहीं होगा और देश के अन्य लोगों के साथ उनका संबंध जुड़ेगा। पूरे देश में यह सूचना जाएगी के एक महान हस्ती ने रामलला का दर्शन किया है। उनके आने से बहुत प्रसन्नता है। बहुत आनंद है कि वह रामलाल का दर्शन करने आ रहे हैं।”

चन्द्रमा से टकरा कर क्रैश हुआ ‘लूना 25’, 47 साल बाद रूस के ‘मिशन चाँद’ को झटका: जानिए ‘चंद्रयान 3’ की लैंडिंग की तारीख़ और समय

रूस का अंतरिक्ष यान लूना-25 तकनीकी खराबी के बाद चंद्रमा की सतह से टकराया गया। इससे रूस का चंद्र मिशन फेल हो गया। रूस ने 47 साल बाद 11 अगस्त, 2023 को लूना-25 लॉन्च किया था। इसके 21 अगस्त को चंद्रमा की सतह पर उतरने की उम्मीद थी। लेकिन इससे पहले ही यह अनियंत्रित होकर चंद्रमा से टकरा गया।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रूसी अंतरिक्ष एजेंसी रोस्कोसमोस ने कहा है कि उसका लूना-25 अंतरिक्ष यान अनियंत्रित कक्षा में घूमने के बाद चंद्रमा से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। शनिवार दोपहर अचानक ही उसका संपर्क लूना-25 से टूट गया था। 19-20 अगस्त को संपर्क करने की पूरी कोशिश की हुई। लेकिन, सफलता नहीं मिली। वैज्ञानिक जाँच कर इस मून मिशन के फेल होने के कारणों का पता लगाएँगे।

गौरतलब है कि रूसी अंतरिक्ष एजेंसी ने कहा था कि लूना-25 सोमवार (21 अगस्त, 2023) को चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव में सॉफ्ट लैंडिंग करेगा। इस अंतरिक्ष यान का मुख्य उद्देश्य चंद्रमा की सतह पर पानी की तलाश करना था। पानी की तलाश पूरी होने के बाद रूस का अगला लक्ष्य 2040 तक चंद्रमा में एक बेस स्टेशन स्थापित करना था। हालाँकि, लूना-25 दुर्घटना का शिकार हो गया। 1600 करोड़ की लागत से तैयार हुआ यह चंद्र मिशन फेल होना रूस के लिए बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

लूना-25 का दुर्घटनाग्रस्त होना रूसी अंतरिक्ष एजेंसी के लिए बहुत बड़ी असफलता है। हालाँकि, किसी भी अंतरिक्ष एजेंसी के लिए चंद्रमा की सतह पर उतरना आसान बात नहीं है। लेकिन इससे पहले रूस ने साल 2011 में मंगल ग्रह के चंद्रमा के लिए भी फोबोस-ग्रंट-मिशन लॉन्च किया था। लेकिन यह पृथ्वी की कक्षा से भी बाहर नहीं निकल पाया था। परिणामस्वरूप, लॉन्चिंग के करीब 2 महीने बाद यह पृथ्वी पर वापस आकर प्रशांत महासागर में आ गिरा था।

ज्ञात हो कि रूस की तरह ही भारतीय अंतरिक्ष एजेंसी ISRO ने भी अपना चंद्रयान-3 चंद्रमा में भेजा है। इस यान को भी लूना-25 की तरह ही चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सॉफ्ट लैंडिंग करना है। इसरो ने ताजा जानकारी देते हुए कहा है कि चंद्रयान-3, 23 अगस्त, 2023 की शाम 6 बजकर 4 मिनट पर चंद्रमा में लैंडिंग करेगा। इस लैंडिंग को ISRO की वेबसाइट, फेसबुक, यूट्यूब और डीडी नेशनल में लाइव देखा जा सकता है।

मॉर्निंग वॉक पर गए रिटायर्ड शिक्षक का मर्डर, ठेकेदार को गोलियों से भून डाला: बिहार में थम नहीं रहा हत्याओं का दौर, पत्रकार को घर में घुस कर मार डाला था

बिहार में एक के बाद एक हत्याओं से कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे हैं। दो दिन पहले ही जहाँ गोली मारकर एक पत्रकार की हत्या कर दी गई थी, वहीं शनिवार (19 अगस्त, 2023) को डबल मर्डर का मामला सामने आया है। एक तरफ बेगूसराय में बेखौफ बदमाशों ने एक रिटायर शिक्षक की मॉर्निंग वॉक के दौरान गोली मारकर बीच सड़क पर हत्या कर दी। वहीं दूसरी वारदात पूर्वी चंपारण में हुई जहाँ बाइक सवार अपराधियों ने एक ठेकेदार को गोली मारकर हत्या  कर दी।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, जहाँ पहली हत्या बेगूसराय के बछवारा थाना क्षेत्र के फतेहा रेलवे स्टेशन के समीप की है। वहीं दूसरी हत्या पूर्वी चंपारण में चकिया थाना से महज 100 मीटर की दूरी पर गोली मारकर की गई। डबल मर्डर की इन घटनाओं को देखकर लगता है कि बिहार एक बार फिर जंगलराज की तरफ बढ़ रहा। क्योंकि दो दिन पहले ही अररिया में भी बदमाशों ने दैनिक जागरण के एक पत्रकार विमल यादव की गोली मारकर हत्या कर दी थी। जिसे लेकर नीतीश कुमार सरकार विपक्ष के निशाने पर आ गई है। वहीं अब पूर्वी चम्पारण और बेगूसराय की घटना ने ‘सुशासन बाबू’ के लॉ एंड ऑर्डर पर सवाल खड़े कर दिए।

बेगूसराय में मॉर्निंग वॉक पर गए रिटायर शिक्षक को मारी गोली

बेगूसराय के फतेहा गाँव निवासी 75 वर्षीय रिटायर्ड शिक्षक जवाहर राय (जवाहर चौधरी) को बाइक सवार अपराधियों ने शनिवार को गोली मारकर हत्या कर दी। बताया जाता है कि शिक्षक की हत्या तब की गई जब वह शनिवार की सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। वहीं हत्या को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे भी हुए हैं। कहा जा रहा है शिक्षक की हत्या इसलिए की गई क्योंकि इससे पहले फरवरी 2021 में उनके 35 वर्षीय बेटे नीरज की भी जमीनी विवाद में हत्या की गई थी। इसमें वह चश्मदीद गवाह थे।

वहीं इस मामले में गाँव वालों का कहना है कि तीन नकाबपोश बदमाशों ने रिटायर्ड शिक्षक को गोली मारी, फिर भाग गए। जिससे उनकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई। हालाँकि, घटना की सूचना पर मिलने पर पहुँची बछवाड़ा थाना की पुलिस मामले की जाँच में जुट गई है।

बता दें कि जवाहर चौधरी के बेटे नीरज चौधरी की हत्या में पुलिस की जाँच के बाद उनके भाई कमल चौधरी और अन्य प्राथमिकी अभियुक्त बनाए गए थे। कमल चौधरी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भी भेजा गया था। वहीं करीब दो महीने पहले ही पुलिस ने नीरज की हत्या के मामले में मृतक जवाहर चौधरी के बड़े पुत्र पंकज कुमार चौधरी को भी गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। 

बेगूसराय में पिछले एक सप्ताह में आधा दर्जन आपराधिक घटनाएँ 

बेगूसराय में पिछले एक सप्ताह में ही करीब आधा दर्जन अपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया गया। जहाँ शनिवार की रात को पार्किंग विवाद में तीन लोगों को गोली मार दी गई थी जिसमें से एक की मौत हो गई थी। इस मामले में मृतक की पहचान विकास यादव के रूप में की गई है। वहीं हत्या के आरोपितों में से एक की पहचान विभा देवी के रूप में हुई, पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, मृतक के चाचा बैजू यादव और एक आरोपित चमरू यादव के बीच गाड़ी पार्किंग को लेकर बहस हो गई थी। इसी बहस के बीच चमरू यादव की पत्नी विभा देवी ने अपने तीन बेटों के साथ कथित तौर पर मृतक के परिवार पर गोलियाँ चला दीं। इसमें विकास यादव की मौत हो गई, जबकि उसके चाचा बैजू यादव और चचेरा भाई संजीव यादव घायल हो गए।

वहीं एक और मामला तीन दिन पहले का है जहाँ बछवारा थाना क्षेत्र में एक उप-मुखिया की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। 

पूर्वी चंपारण में ठेकेदार की गोली मारकर हत्या

दूसरा मामला पूर्वी चंपारण का बताया जा रहा है। जहाँ बेखौफ बदमाशों ने शनिवार (19 अगस्त, 2023) सुबह 8 बजे एक ठेकेदार की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना चकिया थाना से महज 100 मीटर की दूरी पर घटित हुई है। इस मामले में बताया जा रहा है कि घटना के बाद बेखौफ अपराधी ने हथियार लहराते मुजफ्फरपुर की ओर भाग निकले हैं। ठेकेदार की पहचान राजीव कुमार के रूप में हुई है। उनकी हत्या तब की गई जब वह सब्जी खरीदने बाजार गए थे।

बिहार में लगातार एक के बाद एक मर्डर से अफरातफरी का माहौल है। एक तरफ जहाँ पुलिस प्रशासन दोनों मामलों की जाँच में जुटी है। वहीं डबल मर्डर से लोगों में गुस्सा भी बढ़ता जा रहा। यहाँ जिस तरह से बेगूसराय में सेवानिवृत्त शिक्षक की हत्या की गई है ठीक वैसे ही शुक्रवार (18 अगस्त, 2023) को अररिया में पत्रकार विमल यादव की हत्या की गई थी। 

बिहार के अररिया में भी हुई थी पत्रकार की हत्या 

गौरतलब है कि बिहार के अररिया में भी दिन-दहाड़े एक पत्रकार की शुक्रवार (18 अगस्त 2023) की सुबह 4 बदमाशों ने उनके घर में घुसकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मृतक की पहचान विमल कुमार यादव के रूप में हुई। वह दैनिक जागरण में पत्रकार थे। 

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह मामला जिले के रानीगंज थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह विमल कुमार यादव अपने घर में सो रहे थे। इसी दौरान 4 आरोपित घर में घुस आए। इसके बाद उन्हें जगाकर उनके सीने में ताबड़तोड़ गोलियाँ बरसा दीं। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। गोली लगने के बाद उनकी पत्नी ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया। पुलिस मामले की जाँच कर रही है।

दोस्त की नाबालिग बेटी का कई बार बलात्कार, पत्नी से खिलवाई गर्भपात की गोली: दिल्ली सरकार के महिला एवं विकास विभाग के सीनियर अधिकारी की करतूत

दिल्ली सरकार के महिला एवं बाल विकास विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी पर अपने दोस्त की 16 साल (कुछ रिपोर्ट में 14 साल की) नाबालिग बेटी का रेप करने का आरोप लगा है। आरोप है कि यह अधिकारी लड़की का कई महीनों से बलात्कार कर रहा है। इस दौरान वह गर्भवती भी हो गई। पुलिस ने POCSO के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

नाबालिग लड़की उत्तरी दिल्ली के एक स्कूल में 12वीं कक्षा में पढ़ती है। आरोपित अधिकारी भी अपनी पत्नी और बेटे के साथ उत्तरी दिल्ली में ही रहता है। लड़की ने पुलिस को बताया कि अधिकारी ने साल 2020 और 2021 के बीच उसके साथ कई बार बलात्कार किया। जब वह गर्भवती हुई तो अधिकारी की पत्नी ने उसे गोलियाँ खिलाकर उसका गर्भपात करा दिया।

पुलिस के मुताबिक, लड़की के परिवार और आरोपित अधिकारी की करीब तीन साल पहले चर्च में मुलाकात हुई थी। इसके बाद कथित रूप से दोनों परिवारों में दोस्ती हो गई। साल 2020 में जब लड़की के पिता की मौत हो गई तो अधिकारी ने माँ से लड़की को अपने घर ले जाने और उसकी देखभाल करने की पेशकश की। इस पर उसकी माँ सहमत हो गई।

इंडियन एक्सप्रेस ने एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के हवाले से अपनी रिपोर्ट में कहा है, “लड़की के साथ महीनों तक बलात्कार किया गया और 2021 में वह गर्भवती हो गई। जब आरोपित को पता चला तो उसने अपनी पत्नी को बताया। इसके बाद पत्नी ने गर्भपात की गोलियाँ मँगवाईं और उसे खिलाकर बच्ची का गर्भ गिरा दिया।”

पुलिस अधिकारी के अनुसार, “लड़की के परिवार ने बताया कि बाद में वह बीमार पड़ गई और उसकी माँ उसे वापस अपने साथ ले गई। माँ उसे दिखाने के लिए डॉक्टरों के पास ले गई। डॉक्टरों ने पाया कि अधिकारी और उसके परिवार द्वारा महीनों तक बच्चे के साथ दुर्व्यवहार किया गया था।”

रिपोर्ट के मुताबिक, 15 जनवरी को पीड़िता की माँ उसे घर ले आई थी। इसके बाद भी आरोपित लगातार उससे संपर्क करने की कोशिश करता रहा था। चर्च जाने के दौरान अधिकारी ने कई बार उसका बलात्कार किया। इसके बाद इस साल जुलाई में पीड़िता ने चर्च जाना छोड़ दिया। दो साल बाद लड़की की माँ को इसके बारे में पता चला तो उसने पुलिस और बाल कल्याण अधिकारियों को बताया।

अधिकारी ने आगे बताया, “हमने लड़की का बयान दर्ज कर लिया है। उसने बलात्कार और दुर्व्यवहार की कई घटनाओं के बारे में बताया है। अधिकारी की सहायता करने और गर्भावस्था को समाप्त करने के मामले में पत्नी को भी आरोपित बनाया गया है। बच्ची का अस्पताल में इलाज चल रहा है। उसकी काउंसलिंग भी चल रही है।”

अधिकारी और उनकी पत्नी पर IPC की धारा 376(2F) (अभिभावक होने के नाते महिला से बलात्कार करना), 506 (आपराधिक धमकी), 509 (महिला की गरिमा का अपमान करने का इरादा), 323 (चोट पहुँचाना), 313 (महिला की सहमति के बिना गर्भपात करना), 120B (आपराधिक साजिश) और POCSO अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।