Home Blog Page 1619

रजनीकांत की ‘जेलर’ का खुमार, फर्स्ट डे-फर्स्ट शो देखने जापान से चेन्नई आ गया जोड़ा: दो साल बाद ‘थलाइवा’ की पर्दे पर वापसी, जश्न में फैंस

सुपरस्टार रजनीकांत के पूरी दुनिया में प्रशंसक मौजूद हैं। ‘थलाइवा’ का स्टारडम तब और ज़्यादा नजर आता है, जब उनकी कोई फिल्म आती है। उनकी बहुप्रतीक्षित तमिल फिल्म जेलर गुरुवार (10 अगस्त 2023) को रिलीज हुई। इसके साथ ही अभिनेता ने दो साल बाद पर्दे पर वापसी की है। भारतीय सुपरस्टार रजनीकांत का जापान में भी तगड़ा फैन फॉलोइंग हैं। जापान के रजनीकांत फैन क्लब के लीडर यासुदा हिदेतोशी ने अपनी पत्नी के साथ ‘जेलर’ का फर्स्ट डे, फर्स्ट शो देखने के लिए जापान से चेन्नई तक की यात्रा की।

सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में जापानी जोड़े को मैचिंग टी-शर्ट में देखा जा सकता है, जिस पर रजनीकांत और तमन्ना भाटिया की तस्वीर छपी हुई है। समाचार एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए, यसुदा ने खुलासा किया कि वे करीब 20 वर्षों से सुपरस्टार के डाई-हार्ड फैन हैं।

जापानी प्रशंसक ‘जेलर’ और रजनीकांत के पुरानी फिल्मों के डॉयलॉग बोलते नजर आए। जापानी फैन ने कहा, “जेलर देखने के लिए हम जापान से चेन्नई आएँ हैं। रजनीकांत की जो शुरुआती फिल्में मैंने देखी थी वह मुथु (1995) और बाशा (1995) थीं।” हालाँकि, यह पहली बार नहीं है कि यसुदा हिदेतोशी ने चेन्नई की यात्रा की है। इससे पहले वह रजनीकांत अभिनीत फिल्म ‘दरबार’ और ‘कबाली’ देखने के लिए भी चेन्नई आ चुके हैं।

बॉक्स ऑफिस के निर्विवाद किंग माने जाने वाले रजनीकांत का अभिनय करियर पाँच दशकों से अधिक लंबा है। जेलर से पहले उनकी आखिरी रिलीज फिल्म ‘अन्नात्थे’ था। सुपरस्टार के अलावा, जेलर के कलाकारों में राम्या कृष्णन, जैकी श्रॉफ, वसंत रवि, योगी बाबू और रेडिंग किंग्सले भी शामिल हैं। फिल्म में तमन्ना भाटिया द्वारा प्रस्तुत गाना कावला पहले ही इंटरनेट पर धूम मचा चुका है।

जैसे ही जेलर आज सिनेमाघरों में आई, सोशल मीडिया पर कई वीडियो सामने आए हैं जिसमें रजनीकांत के प्रशंसक जश्न मनाते नज़र आ रहे हैं।

तमिलनाडु में कई जगहों पर प्रशंसकों ने रजनीकांत अभिनीत फिल्म के पोस्टर पर फूलों की वर्षा कर मंगल कामना की। 

एक अन्य वीडियो में प्रशंसकों को बेंगलुरु में एक थिएटर के बाहर जमा होकर आतिशबाजी करते देखा गया।

कथित तौर पर ‘जेलर’ के क्रेज को देखते हुए चेन्नई और बेंगलुरु में कई कार्यालयों में फिल्म के दिन छुट्टी की घोषणा की गई है। यहाँ तक कि मुफ्त टिकट भी दिए गए हैं। छुट्टी का नोटिस सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है।

समलैंगिकता और नैतिकता के बोझ तले दबी ‘बार्बी’, कुवैत में बैन: हॉलीवुड फिल्म पर लेबनान भी लगा चुका है प्रतिबंध, फिर भी दुनिया भर में कर रही कमाई

ग्रेटा गेरविग की फिल्म ‘बार्बी’ को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। अब कुवैत ने इस फिल्म पर बैन लगा दिया है। सार्वजनिक नैतिकता और सामाजिक परंपराओं की रक्षा की दुहाई देते हुए प्रतिबंध लगाया गया है।

द हॉलीवुड रिपोर्टर के मुताबिक कुवैत फिल्म सेंसरशिप समिति के अध्यक्ष लफी अल-सुबाई ने कहा है कि यह फिल्म अस्वीकार्य व्यवहार को प्रोत्साहित करती है और समाज के मूल्यों को विकृत करती है। मार्गोट रॉबी और रयान गोसलिंग की मुख्य भूमिका वाली यह फिल्म 21 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। उसके बाद से ही मुस्लिम देशों में इस फिल्म को लेकर खासा बवाल मचा हुआ है।

इससे पहले लेबनान ने इस फिल्म को प्रतिबंधित कर दिया था। द गार्जियन की रिपोर्ट के मुताबिक, लेबनान के संस्कृति मंत्री मोहम्मद मोर्तदा ने 9 अगस्त 2023 को ‘बार्बी’ पर प्रतिबंध लगाते हुए कहा कि यह समलैंगिकता को बढ़ावा देती है और मजहबी मूल्यों का खंडन करती है। मुर्तदा ने कहा है कि फिल्म परिवार की अहमियत को कम करके बताती है। लेबनान की आबादी में 61 फीसदी आबादी मुस्लिम, जबकि 33.7 फीसदी ईसाई हैं।

वैसे लेबनान 2017 में समलैंगिक ‘प्राइड वीक’ आयोजित करने वाला पहला अरब देश बना था। उसे आम तौर पर रूढ़िवादी मध्य पूर्व में एलजीबीटीक्यू समुदाय के लिए स्वर्ग के तौर पर देखा जाता है। लेकिन हाल ही में एलजीबीटी समुदाय के खिलाफ कई सख्त कदम उठाए गए हैं।

लेबनान से पहले पाकिस्तान में भी फिल्म ‘बार्बी’ का विरोध हुआ था। बाद में कुछ संवादों को सेंसर कर फिल्म पर से अस्थायी ‘प्रतिबंध’ हटा दिया गया था। वियतनाम भी इस फिल्म को प्रतिबंधित कर चुका है। लेबनान और कुवैत में भले बार्बी पर प्रतिबंध लगा दिया गया है, लेकिन मध्य पूर्व के दो सबसे बड़े बाजारों, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात में यह फिल्म रिलीज के लिए तैयार है। मिले-जुले रिव्यूज के बावजूद, यह फिल्म 2023 की अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में से एक बनकर उभरी है। बॉक्स ऑफिस पर 1 बिलियन अमेरिकी डॉलर से अधिक की कमाई करने वाली यह किसी महिला के निर्देशन में बनने वाली पहली फिल्म है।

‘दूर युद्ध से भागते, नाम रखा रणवीर’: विपक्ष के नए नामकरण पर PM मोदी ने कसा तंज, कहा- UPA का क्रियाकर्म कर खंडहर पर लगा रहे प्लास्टर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान लोकसभा में कॉन्ग्रेस और उसकी सहयोगी दलों को जमकर लताड़ लगाई। इस दौरान उन्होंने राहुल गाँधी पर भी निशाना साधा और कहा कि कॉन्ग्रेस को परिवारवाद और दरबारवाद पसंद है।

पीएम मोदी ने कहा कि कॉन्ग्रेस की महफिल में जो दरबारी हाजिर नहीं होता था, उसे कुछ नहीं मिलता था। उन्होंने कहा कि कॉन्ग्रेस ने परिवारवाद के कारण बीआर अंबेडकर, जगजीवन राम, चौधरी चरण सिंह, चंद्रशेखर जैसे लोगों को प्रताड़ित किया। कॉन्ग्रेस ने परिवार से बाहर वाले प्रधानमंत्रियों की तस्वीर सदन तक में नहीं लगाई थी।

इस दौरान पीएम मोदी ने कॉन्ग्रेस के नेतृत्व वाली I.N.D.I.A पर निशाना साधा। पीएम मोदी ने कहा, “कॉन्ग्रेस की मुसीबत ऐसी है कि खुद को जिंदा रखने के लिए NDA का सहारा लेना पड़ा। आदत के मुताबिक घमंड का जो I है, वह इनको छोड़ता नहीं है। इन्होंने NDA के साथ दो I जोड़ दिए। पहला I 26 दलों का घमंड, दूसरा I एक परिवार का घमंड। NDA भी चुरा लिया, खुद बचने के लिए और इंडिया के भी टुकड़े (I.N.D.I.A.) कर दिए।”

पीएम मोदी ने कहा, “मैं विपक्ष के साथियों के प्रति संवेदना व्यक्त करना चाहता हूँ। आपने अभी बेंगलुरु में करीब दो दशक पुराने UPA का क्रियाक्रम, अंतिम संस्कार कर दिया है। लेकिन, एक तरफ ये क्रियाकर्म कर रहे थे तो दूसरी तरफ जश्न भी मना रहे थे। यह खंडहर पर नया प्लास्टर लगाने जैसा था।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे कहा, “वर्षों से एक ही फेल प्रोडक्ट बार-बार लॉन्च करते हैं। उसकी हर बार लॉन्चिंग फेल हो जाती है। इसका परिणाम यह होता है कि उसका मतदाताओं के प्रति उसकी नफरत भी आसमान छूने लगती है।” उन्होंने आगे कहा, “जिन लोगों को सिर्फ नाम का सहारा है, उनके लिए कुछ पंक्तियाँ है-  दूर युद्ध से भागते नाम रखा रणवीर, भाग्यचंद की आज तक, सोई है तकदीर।”

पीएम मोदी ने कहा, “नाम को लेकर उनका एक चश्मा आज का नहीं है। ये दशकों पुराना चश्मा है। इन्हें लगता है कि नाम बदलकर देश पर राज कर लेंगे। गरीब को चारों तरफ नाम तो नजर आता है, लेकिन उनका काम नहीं नजर आता।”

कॉन्ग्रेस पर हमला करते हुए पीएम ने कहा, “अस्पतालों में नाम उनके हैं, लेकिन इलाज नहीं। शैक्षणिक संस्थानों, पार्कों, गरीब कल्याण से लेकर खेल पुरस्कार, एयरपोर्ट में उनका नाम… अपने नाम से योजनाएX चलाईं और फिर उन योजनाओं पर हजारों करोड़ के भ्रष्टाचार किए।”

CM की बेटी के ‘करप्शन’ से केरल का सियासी पारा चढ़ा, वीणा विजयन पर बिना काम के 3 साल तक पैसे लेने का आरोप

मुख्यमंत्री पिनरई विजयन की बेटी वीणा पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों ने केरल का राजनीतिक तापमान चढ़ दिया है। बीजेपी ने कॉन्ग्रेस पर इस मामले में खामोशी अख्तियार करने का आरोप लगाया है। कहा है कि सीपीएम के साथ छिपे हुए समझौते के कारण कॉन्ग्रेस ने इस मामले को विधानसभा में नहीं उठाने का फैसला किया है। वीणा पर बिना काम के एक प्राइवेट कंपनी से तीन साल तक पैसे लेने का आरोप है।

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार आयकर जाँच से यह बात सामने आई है कि विजयन और उनकी कंपनी को हर महीने कुल 8 लाख रुपए बिना काम के मिलते रहे। इस तरह से 3 साल तक वीणा और उनकी कंपनी एक्जॉलॉजिक सॉल्यूशंस को कुल 1.72 करोड़ रुपए मिले हैं। बीजेपी ने इस घोटाला करार दिया है।

क्या है मामला?

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड नाम की कंपनी से वीणा विजयन और उनकी कंपनी को तीन सालों में हर महीने 8 लाख रुपए दिए गए। तीन सालों में 1.72 करोड़ रुपए वीणा और उनकी कंपनी को मिले। इस मामले में आयकर विभाग के अंतरिम सेटलमेंट बोर्ड की बेंच ने कहा है कि वीणा और उनकी कंपनी ने आईटी, सॉफ्टवेयर और मार्केटिंग सेवाएँ प्रदान करने के लिए सीएमआरएल के साथ समझौता किया था, जिसके लिए ये पैसा दिया गया। लेकिन कोई काम नहीं कराया गया। काम न होने के बावजूद इनकम टैक्स विभाग की जाँच में ये पाया गया है कि हर महीने वीणा और उनकी कंपनी को पैसे भेजे जाते रहे।

साल 2019 में हुई थी छापेमारी

रिपोर्ट्स के मुताबिक, साल 2019 में इनकम टैक्स विभाग ने कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड के दफ्तर, फैक्ट्री के साथ ही एमडी और वरिष्ठ अधिकारियों के घरों पर छापेमारी की थी। इस दौरान कंपनी की ओर से 2013-14 से लेकर 2019-20 तक टैक्स चोरी की जानकारी मिली। इसी दौरान इस लेनदेन का पता चला था।

भाजपा ने बोला हमला

शुरुआत में कॉन्ग्रेस विधायक मैथ्यू कुझालनदान ने इस मामले को उठाया था। जवाब में सत्ताधारी दल ने कहा कि इसका मुख्यमंत्री से कोई लेना देना नहीं है। लेकिन बाद में कॉन्ग्रेस ने इस मामले को विधानसभा में उठाने से मना कर दिया।

कॉन्ग्रेस को घेरते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री वी मुरलीधरन ने कहा है कि केरल के मुख्यमंत्री की बेटी के खिलाफ एक कंपनी से रिश्वत लेने का आरोप सामने आए 24 घंटे से अधिक समय हो गया है। केरल विधानसभा का सत्र चल रहा है। लेकिन कॉन्ग्रेस ने इसे विधानसभा में नहीं उठाने का फैसला किया है। यह दोनों दलों के बीच छिपे हुए समझौते को दिखाता है। उन्होंने कहा, “केरल में कॉन्ग्रेस और सीपीएम को एक-दूसरे के खिलाफ लड़कर लोगों को बेवकूफ बनाने का बंद करना चाहिए। ये लोगों के सामने बोलते हैं कि हम सरकार के खिलाफ हैं और कम्युनिस्ट सरकार को एक्सपोज करेंगे। लेकिन ये सब एक साथ हैं।”

‘जब 2028 में ये अविश्वास प्रस्ताव लाएँगे, तब भारत तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था होगी’: लोकसभा में बोले PM मोदी, कहा- ये जिसका बुरा चाहेंगे, उसका भला होगा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान कॉन्ग्रेस पर खूब निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कॉन्ग्रेस जिसका बुरा चाहती है, वह उसका भला हो जाता है। पीएम मोदी ने बिना नाम लिए कहा कि कॉन्ग्रेस को यह सिक्रेट वरदान मिला हुआ है।

पीएम मोदी ने कहा, “विपक्ष के लोगों को सिक्रेट वरदान मिला है। ये लोग जिसका बुरा चाहेंगे, उसका भला ही होगा। इसके मैं तीन उदाहरण दूँगा।” पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा सरकार ने युवाओं को घोटाला रहित सरकार दी है। भाजपा सरकार ने भारत की बिगड़ी हुई साख को सुधारा और फिर से इसे नई ऊँचाइयों पर पहुँचाया।”

पीएम मोदी ने कहा कि पहला उदाहरण कॉन्ग्रेस की ये है कि इन लोगों ने बैंकों का बुरा चाहा। इन लोगों ने बैंकों के NPA को बढ़ा दिया। उसके बाद सरकार ने एकीकरण करना शुरू किया तो ये कॉन्ग्रेस ने इस पर सवाल उठाया। पीएम मोदी ने कहा कि तो पब्लिक सेक्टर के बैंकों का नेट प्रॉफिट दोगुना हो गया।

HAL का उदाहरण देेते हुए पीएम ने कहा, “HAL को लेकर भी इन लोगों ने सवाल खड़ा किया था। कहने लगे HAL डूब रहा है। कर्मचारी सड़क पर आ गए। इन लोगों ने उसके कर्मचारियों को भड़काकर वीडियो बनाया। आज HAL बुलंदियों को छू रहा है। इसने अब तक का सबसे अधिक रेवेेन्यू बटोरा है। कर्मचारी भी खुश हैं।”

इसी तरह पीएम मोदी ने LIC का भी उदाहरण भी दिया। पीएम मोदी ने कहा, “LIC बर्बाद हो गई, गरीबों के पैसे डूब गए। उनके दरबारियों ने जितने कागज दिए, वे सबको पढ़ते रहे।” प्रधानमंत्री ने कहा कि आज LIC देश की सबसे बड़ी कंपनियों में से एक है।

उन्होंने कहा, “जिन लोगों को शेयर मार्केट में रूचि होगी वे कहते हैं कि ये जिन सरकारी कंपनियों को ये गाली दें, उस पर दाँव लगा दो, वह उसका अच्छी हो जाएगी। ये जिन संस्थाओं की मृत्यु की घोषणा करते हैं, उसका भाग्य चमक जाता है। जिस तरह ये लोकतंत्र और देश को कोसते हैं उससे ये दोनों मजबूत होंगे।”

पीएम मोदी ने कहा कि विरोधी दलों को देश को लेकर कोई चिंता नहीं रही। पीएम ने कहा, “आज देश विश्व की पाँचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। जब 2028 में ये लोग अविश्वास प्रस्ताव लाएँगे, तब भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था होगा।”

उन्होंने आगे कहा, “ये कोशिश कर रहे हैं कि इसमें किसी तरह दाग लग जाए, लेकिन दुनिया को भारत पर विश्वास बढ़ता जा रहा है। विपक्ष ने अविश्वास प्रस्ताव की आड़ में जनता के विश्वास को तोड़ने की विफल कोशिश की है। विपक्ष इस वक्त भारत से जुड़ी कोई अच्छी बात सुन नहीं सकता।”

‘अविश्वास प्रस्ताव हमारे लिए शुभ, 2024 में होगी भव्य विजय’: लोकसभा में PM मोदी ने विपक्ष को ‘नो बॉल’ पर घेरा, कहा- सत्ता की भूख उनके दिमाग पर सवार

अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार 10 अगस्त 2023 को लोकसभा में कहा। उन्होंने कहा कि अविश्वास प्रस्ताव NDA का फ्लोर टेस्ट नहीं, बल्कि यह विरोधी दल का फ्लोर टेस्ट है। पीएम मोदी ने कहा कि यह उन्होंने साल 2018 में भी कही थी।

पीएम मोदी ने कहा कि साल 2018 में विरोधी दल उतनी लोग भी जुटा नहीं पाया, जितनी उनकी संख्या था। उन्होंने कहा कि विरोधी दलों को देश की नहीं, बल्कि सत्ता की चिंता है। हर बार आपने देश को निराशा के सिवाय कुछ नहीं दिया। वे अपने कट्टर भ्रष्ट साथियों की शर्तों पर अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा की।

पीएम मोदी ने आगे कहा, “विपक्ष के कुछ दलों के आचरण ने सिद्ध कर दिया है कि उनके लिए देश से बड़ा दल है। आपको गरीब की भूख की नहीं, सत्ता की भूख आपके दिमाग पर सवार है। आपको देश के युवाओं के भविष्य की नहीं, अपने राजनीतिक भविष्य की चिंता है।”

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “विपक्ष का अविश्वास प्रस्ताव हमारे लिए शुभ होता है। देश की जनता ने हमारी सरकार के प्रति बार-बार विश्वास जताया है। कहते हैं कि भगवान बहुत दयालु है। वह किसी ना किसी माध्यम से इच्छाओं की पूर्ति करता है। मैं भगवान का आशीर्वाद मानता हूँ कि ईश्वर ने विपक्ष को अविश्वास प्रस्ताव लाने का सुझाव दिया। 2018 में भी ये ईश्वर का आदेश था कि विपक्ष ऐसा प्रस्ताव लेकर आए थे।”

पीएम मोदी ने विपक्ष पर तंज कसते बोले कि मोदी बोले कि फील्डिंग विपक्ष ने लगाई, चौके-छक्के यहीं से (सरकार की तरफ से) लग। विपक्ष अविश्वास प्रस्ताव पर नो बॉल… नो बॉल… कर रहा है, जबकि सरकार की तरफ से सेंचुरी लगाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि साल 2024 में भी भाजपा की जीत होगी।

उन्होंने कहा, “मैं विपक्ष से कहना चाहूँगा कि थोड़ी मेहनत करके आएँ। आपसे 2018 में कहा था कि मेहनत करके आने, लेकिन पाँच साल में भी कुछ नहीं बदला।” इस दौरान पीएम मोदी ने कॉन्ग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी पर भी तंस कसा। उन्होंने कहा कि गुड़ का गोबर कैसे करना है, इसमें वो माहिर हैं।

‘हमारी बहन-बेटियाँ गाड़ी में कचरा नहीं डालेंगी… उनका पेट दिखता है’: मौलाना ने सफाईकर्मियों को ‘गंदी नजर वाला’ बताया, Video वायरल होने के बाद FIR

इंदौर के एक मौलाना का सोशल मीडिया में वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें वह सफाई कर्मियों को नीच, गंदी नजर वाला बता रहा है। मौलाना की पहचान शादाब खान उर्फ हाफिज के तौर पर हुई है। वीडियो वायरल होने के बाद गुरुवार (10 अगस्त 2023) को सफाई कर्मियों ने इंदौर के चंदन नगर में काम रोक दिया। थाने में हंगामा किया। इसके बाद मौलाना पर एफआईआर दर्ज की गई। वाल्मीकि समाज ने मौलाना के बयान को पूरे समाज का अपमान बताया है।

क्या है मौलाना शादाब के वीडियो में?

मौलाना शादाब वायरल वीडियो में कह रहा है, “अब चंदन नगर में तमाशा नहीं होने देकेंगे। न हम अपनी बहन-बेटी, बच्चियों को सुबह कचरा डालने देंगे। उससे कहेंगे कि हम पैसा भरते हैं और कचरे का टैक्स भरते हैं। तो तेरे मुँह पर और महीने के 60 रुपए मारेंगे, 2 रुपए रोज, लेकिन कचरे की डलिया तू उठाकर डालेगा। हमारी बहन-बेटियाँ गाड़ी में कचरा नहीं डालेंगी।”

वह आगे बोलता है, “मैंने देखा है कि भाभी, माँ या जवान बेटियाँ गाड़ी में कचरा डालती हैं तो उनकी कमीज ऊपर हो जाती है और उनका पेट नजर आता है। ये गंदी नीच नजर वाले उनको घूर कर देखते हैं। सोचिए हमारी बहू, बेटी, माँ का नाखून भी कोई गैर व्यक्ति देखें तो…।”

वीडियो वायरल होने के बाद मौलाना शादाब ने माफी माँगी है। माफी माँगते हुए एक वीडियो मैसेज में कहा कि वायरल वीडियो पिछले साल की है। मैं महिलाओं को समझा रहा था कि वे कचरा खुद से गाड़ी में न डाले। इस दौरान ये शब्द मैंने जानबूझकर नहीं कहे थे। इससे सफाई कर्मियों को जो दुख हुआ है, उसके लिए मैं शर्मिंदा हूँ। वहीं वाल्मीकि समाज के लोग कार्य बहिष्कार की बात कहते हुए उसकी गिरफ्तारी की माँग कर रहे हैं। इस मामले में सफाई कर्मचारी संघ के उपाध्यक्ष सुभाष धौलपुरी की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।

‘मेरा मुँह मत खुलवाना’: PM मोदी के सामने ही ज्योतिरादित्य सिंधिया ने राहुल गाँधी को लताड़ा, कहा- कॉन्ग्रेस को देश की चिंता नहीं

मोदी सरकार के खिलाफ विपक्ष द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान 10 अगस्त 2023 दिन गुुरुवार को भी सदन में जोरदार हंगामा हुआ। इस दौरान केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब दिया। हालाँकि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी सदन में पहुँच गए हैं। उधर ज्योतिरादित्य ने राहुल गाँधी पर जमकर हमला बोला।

निर्मला सीतारमण ने इस दौरान मोदी सरकार की उपलब्ध के बारे में सदन को बताया। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा, “यूपीए में बैंकों में जो रायता फैलाया है, उसे हम साफ कर रहे हैं।” उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार में बैंकों की हालत खराब थी और फँसे हुए कर्ज की वसूली के लिए कोई कदम नहीं उठाए जा रहे थे। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में बैंक अच्छा परफॉर्म कर रहे हैं।

वहीं, प्रधानमंत्री के लोकसभा में पहुँचने पर कॉन्ग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि यह अविश्वास प्रस्ताव की ताकत है कि विपक्ष प्रधानमंत्री मोदी को सदन तक खींच लाया। मणिपुर हिंसा की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा, “मोदी 100 बार देश के पीएम बनें, हमें कोई लेना देना नहीं। हमें देश के लोगों से लेना देना है।” उन्होंने पीएम से मणिपुर पर मन की बात कहने की माँग की।

अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि जहाँ का राजा अंधा होता है, वहाँ द्रौपदी का चीरहरण होता है। इस पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने आपत्ति जताई। उन्होंने कहा, “आप पीएम के बारे में इस तरह से सदन में नहीं बोल सकते हैं।” चौधरी ने कहा कि मणिपुर से दो सांसद हैं और उन्हें बोलने का मौका नहीं दिया जा सकता। 

इस पर इस केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कॉन्ग्रेस पर जमकर निशाना साधा। सिंधिया ने अधीर रंजन चौधरी पर वार करते कहा, “जब आपकी सरकार (1993) केंद्र और राज्य में थी, तब मणिपुर के सांसद ने रोते-रोते संसद में कहा था कि राज्य सरकार कुछ नहीं कर सकती। उसके पास फंड नहीं है। उसके पास हथियार खरीदने के भी पैसे नहीं हैं।”

सिंधिया आगे कहा, “मुझे मुजफ्फर वारसी का शेर याद आता है- ‘औरों के खयालात की लेते हैं तलाशी, अपने गिरेबान में झाँका नहीं जाता’। उन्होंने कहा कि कॉन्ग्रेस को न देश की चिंता है, न राष्ट्रपति पद की चिंता है। इन्हें सिर्फ अपनी हैसियत की चिंता है।

इस दौरान सिंधिया में राहुल गाँधी पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल ने कहा कि पीएम मोदी के लिए मणिपुर भारत का हिस्सा नहीं है, जबकि पीएम मोदी ने नॉर्थ ईस्ट को विश्व के साथ जोड़ा। उनका नॉर्थ ईस्ट के साथ दिल का रिश्ता है। उन्होंने नॉर्थ ईस्ट से दुश्मनों को खदेड़कर बाहर किया हो।

ज्योतिरादित्य सिंधिया जब सदन में बोल रहे थे तब पीछे से आवाज आई कि वे दो सालों में ही बदल गए। इस पर सिंधिया ने कहा, “आपने ही चेंज कराया मुझे। कान खोलकर सुन लो, अब मेरा मुँह मत खुलवाना।” बता दें कि ज्योतिरादित्य सिंधिया पहले कॉन्ग्रेस में थे और दो साल पहले वह भाजपा में शामिल हुए थे।

देश छोड़ा, पति-बच्चों को छोड़ा, मुस्लिम बन किया निकाह… पर अब भारत आना चाहती है अंजू, कहा- मैं बहुत दुखी हूँ, गलती हो गई

राजस्थान के भिवाड़ी में बच्चों और पति को छोड़कर अंजू फेसबुक फ्रेंड नसरुल्लाह से मिलने पाकिस्तान चली गई। फिर वह जल्द भारत लौटने की बात कहती रही। लेकिन खबरें उसके धर्म परिवर्तन कर इस्लाम कबूलने और निकाह करने की आई। अब अंजू का कहना है कि वह भारत वापस आना चाहती है। वह खुद को दुखी भी बता रही है।

बीबीसी पाकिस्तान से बातचीत में अंजू ने कहा है कि वह इस समय पाकिस्तान में खुश है। लोग उसका बहुत ख्याल रख रहे हैं। उसके साथ कई पॉजिटिव चीजें हुई है। लेकिन उसका मन एक बार भारत जाने और बच्चों से मिलने का है। वह अपने बच्चों के लिए फिक्रमंद और परेशान है। अंजू ने कहा, “मैं जाना (भारत) चाहती हूँ और एक बार बच्चों से मिलना चाहती हूँ। मैं उन्हें दिन-रात याद कर रही हूँ। मैं अपने बच्चों से मिलना चाहती हूँ और फिर उसके बाद आगे का फैसला उसी वक्त करना चाहती हूँ।”

उसने बताया कि वह पाकिस्तान किसी और योजना के साथ आई थी। लेकिन जो सोचा था, उसकी जगह यहाँ कुछ और हो गया। अंजू ने बताया, “कुछ न कुछ हमसे भी मिस्टेक हो गई, क्योंकि यहाँ जो कुछ हुआ है, उसकी वजह से वहाँ (भारत में) मेरी फैमिली को बहुत जलील किया गया है। यह सब मेरी वजह से हुआ है, जिसके वजह से बहुत दुखी हूँ। और दूसरी बात कि बच्चों के मन में भी क्या इमेज बनी होगी मेरे लिए।”

उसने कहा, “मैं वहाँ (भारत) जाकर सबका सामना करना चाहती हैं। सब बताना चाहती हूँ। मैं मीडिया को भी जवाब देना चाहती हूँ। मेरे पास उनके सभी सवालों के जवाब हैं। मैं उन्हें बताऊँगी कि मेरे साथ कोई जबरदस्ती नहीं की गई है। मुझे बहुत अच्छे से रखा गया। यह सब कुछ मेरा अपना फैसला था। बस मैं मीडिया के प्रेशर से जल्दी वापस नहीं आ पाई हूँ।”

गौरतलब है कि 2020 में फेसबुक के जरिए अंजू की दोस्ती पाकिस्तान के ख़ैबर पख्तूनख्वा प्रांत के दीर बाला जिले में रहने वाले नसरुल्लाह से हुई थी। 21 जुलाई 2023 को जयपुर जाने की बात कह अंजू भिवाड़ी के अपने घर से निकली। लेकिन बाघा बॉर्डर पार कर पाकिस्तान पहुँच गई। उसके पास पासपोर्ट और पाकिस्तान जाने के लिए वीजा था, इसलिए उसे बॉर्डर पार करने में कोई समस्या नहीं हुई। उसने पासपोर्ट 2020 में बनवाया था। शुरुआत में अंजू ने दावा किया कि कि वह एक शादी में शामिल होने के लिए पाकिस्तान आई है और नसरुल्लाह के घर पर रुकी है। लेकिन बाद में उसके मुस्लिम बनने, नसरुल्लाह से निकाह करने की रिपोर्टें आई।

मेवात की पहाड़ियों में एनकाउंटर, 2 दंगाई गिरफ्तार-1 को लगी गोली: पाकिस्तान सोशल मीडिया ग्रुप की भी जाँच, नूहं में हिंदुओं पर इस्लामी भीड़ ने किया था हमला

हरियाणा के मेवात में हिंदुओं की शोभायात्रा पर हमले (Nuh, Mewat Violence) के मामले में पुलिस ने दो आरोपितों का एनकाउंटर किया है। दोनों आरोपित राजस्थान की तरफ से नूहं आ रहे थे। इस दौरान पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी।

अरावली की पहाड़ियों में हुई इस मुठभेड़ में हिंदुओं का खून बहाने वाले एक संदिग्ध को गोली लगी है। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। घायल आरोपित को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है। इनके नाम मुनसैद और सैकूल बताए जा रहे हैं। इस बीच, पुलिस हिंसा से जुड़े 12 फेसबुक ग्रुपों की पड़ताल कर रही है, जिनके तार पाकिस्तान से जुड़े हैं।

तावडू़ की पहाड़ियों में हुआ एनकाउंटर

पुलिस को मुखबिरों ने सूचना दी थी कि नूहं में हिंदुओं पर हुए हमले के दो आरोपित राजस्थान से नूहं लौट रहे हैं। वो तावड़ू की पहाड़ियों के रास्ते आ रहे हैं। पुलिस ने उनकी घेरेबंदी की थी। जैसे ही दोनों आरोपित पहाड़ियों में पहुँचे, पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया। पुलिस का इशारा पाकर रुकने के बजाय दोनों आरोपितों ने तमंचे से पुलिस पर फायर झोंक दिया।

इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। इसमें एक आरोपित के पैर में गोली लगी और वह गिर गया। इसके बाद पुलिस ने मुनसैद और सैकूल को गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों के पास से कट्टा, कारतूस और बाइक बरामद किए हैं। यह एनकाउंटर लगभग एक घंटे तक चला। इस दौरान 4-5 राउंड फायर हुए।

पहाड़ियों में छिपे हैं दंगाई, पुलिस कर रही है छापेमारी

हिंदुओं की जलाभिषेक यात्रा पर हुए हमले के आरोपित पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए फरार हैं। इनमें से कई लोग अरावली की पहाड़ियों में छिपे हुए हैं। पुलिस इस इलाके में लगातार छापेमारी कर रही है। इसके लिए एजेंसियाँ ड्रोन की भी मदद ले रही हैं। पुलिस पहाड़ियों में छिपे 8 लोगों को अब तक गिरफ्तार कर चुकी है।

बता दें कि 31 जुलाई 2023 को शोभा यात्रा के दौरान नूहं में हिंदुओं पर हमला हुआ था। इसके बाद यह हिंसा आसपास के कई जिलों में हिंसा फैल गई थी। नूहं में अब धारा 144 लागू है और इंटरनेट पर बैन है। नूहं हिंसा में 6 लोगों की जान चली गई थी। वहीं, पुलिस ने अब तक 188 लोगों को गिरफ्तार किया है।

पाकिस्तान से जुड़े सोशल मीडिया ग्रुपों पर नजर

इस बीच पुलिस ने ऐसे 12 सोशल मीडिया ग्रुपों की जाँच शुरू की है, जो पाकिस्तान से संचालित किए जा रहे हैं। इन ग्रुपों में राजस्थान और हरियाणा के लोग बड़ी संख्या में जुड़े हैं। इन सोशल मीडिया ग्रुपों के माध्यम से हिंसा को और अधिक फैलाई गई थीं। ऐसे ग्रुप फेसबुक, ट्विटर के साथ टेलीग्राम और वॉट्सऐप पर भी चल रहे हैं।