Home Blog Page 3257

विराट कोहली ने दिवाली की दी बधाई, ‘पर्सनल टिप्स’ देने से की तौबा: ‘ज्ञान’ बघारने पर यूजर्स ने लगाई थी लताड़

दिवाली के मौके पर तमाम सेलेब्स फैंस को बधाई दे रहे हैं। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली ने भी सोशल मीडिया के जरिए फैंस को बधाई दी है। विराट ने अपने ट्वीट में लिखा है, “दीपों का पर्व आपके जीवन को खुशियों और उत्साहों से रोशन करे। दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएँ।” विराट इस समय यूएई में टीम इंडिया के अभियान की अगुवाई कर रहे हैं। लगातार दो हार के बाद दिवाली से पहले भारत ने अफगानिस्तान के खिलाफ वर्ल्ड कप में अपनी पहली जीत दर्ज की थी।

विराट के ट्वीट पर लोगों ने भी प्रतिक्रिया देते हुए उन्हें शुभकामनाएँ दी है।

कुछ ने पटाखे के साथ दिवाली की शुभकामना का जवाब दिया।

आपको याद दिला दें कि विराट ने हाल ही में अपने ट्विटर अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें उन्होंने दिवाली मनाने के ‘सही’ तरीके को लेकर बात कही थी। जवाब में यूजर्स ने कहा था कि ये हिन्दू त्योहार है और इसे हिन्दू रीति-रिवाज से ही मनाया जाना चाहिए, न कि कसी सेलब्स के टिप्स से। लोगों ने नाराज़गी जाहिर करते हुए कहा था कि दीवाली के दौरान हिन्दू विधि-विधान से पूजा-पाठ करना चाहिए, क्योंकि ये एक हिंदू त्योहार है।

कोहली ने अपने ट्विटर अकाउंट पर वीडियो पोस्ट कर कहा था, “पूरी दुनिया में हमारे लिए ये एक मुश्किल साल रहा था, भारत में कोरोना की दूसरी लहर के दौरान लोगों ने संकट भरा वक्त झेला। अब जब हम दिवाली के लिए तैयारी कर रहे हैं, मैं आप सभी के साथ सही तरह से दिवाली मनाने के टिप्स साझा करूँगा।”

इसके बाद ‘कह के पहनो’ नाम के ट्विटर हैंडल ने लिखा था, “विराट, क्या आप अपनी पत्नी अनुष्का शर्मा से एक किताब लिखवा कर प्रकाशित करवा सकते हैं, जिसमें हिन्दुओं के लिए दिशानिर्देश हो कि वो दीवाली, होली, दशहरा, जन्माष्टमी, शिवरात्रि, दुर्गा पूजा और गणेश चतुर्थी जैसे त्योहार कैसे मनाएँ। मेरा मतलब है कि कौन-कौन सी चीजें महत्वपूर्ण हैं और किस-किस गैर-ज़रूरी चीज को हमें नज़रअंदाज़ करना है।”

अरुण पुदुर नामक के ट्विटर यूजर ने लिखा, “ये सब करने के लिए विराट कोहली को ‘Pinterest’ रुपए दे रहा है। अगर आपको लगता है कि विराट कोहली जैसे सेलेब्स या कोई अमेरिकी ब्रांड सचमुच दीवाली की चिंता करता है तो आप गलत हैं। पैसा ही इनका मालिक है। मंदिर जाइए। कुछ सीखना है तो अपने दादा-दादी या नाना-नानी से पूछिए। इन लोगों की बातों में बार-बार मत आइए।”

कुछ लोगों ने लिखा कि आप अपने काम से काम रखें, वरना हम भी आपको वर्ल्डकप जीतने के लिए टिप्स दे सकते हैं। जबकि कुछ लोगों ने लिखा कि आपका संदेश बहुत अच्छा है, आप ईद, क्रिसमस और अन्य त्योहारों पर भी ऐसे ही टिप्स देने चाहिए।

दिल्ली के रघुबीर नगर में हुए गैंगवार में एक शख्स की हत्या, कई घायल, वीडियो वायरल

देश की राजधानी दिल्ली से गैंगवार की घटना सामने आई है। सोमवार (1 नवंबर 2021) को दो समूहों के बीच हुए गैंगवार में एक की मौत हो गई और कई घायल हो गए। घटना पश्चिमी दिल्ली के ख्याला इलाके के रघुबीर नगर में रात के वक्त हुई।

बुधवार (3 नवंबर 2021) को अकाली दल के नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने घटना की जानकारी दी। उन्होंने ट्वीट किया, “ख्याला में कथित गैंगवार की चौंकाने वाली तस्वीरें! ग्रंथी जरनैल सिंह जी के पुत्र को बेरहमी से पीटा गया और मार डाला गया।” उन्होंने आगे कहा, “मैंने सख्त कार्रवाई करने के लिए डीसीपी दिल्ली से बात की। उन्होंने मुझे बताया कि हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। अब तक 2 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और मामले में धारा 302 के तहत कार्रवाई की जाएगी।” सिरसा ने एक वीडियो भी साझा किया था, जिसमें दो लोगों को ग्रंथी के बेटे को डंडों से पीटते हुए देखा जा सकता है।

पीड़ित की पहचान जसकरन के तौर पर हुई है, जो एक आपराधिक मामले में शामिल था। वहीं उसे पीटने वाले दो आरोपितों के नाम रमेश और सादिक (उर्फ अज्जू) हैं। सोमवार (1 नवंबर) की रात करीब 9:13 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को रघुबीर नगर में फायरिंग और गैंगवार की जानकारी मिली थी। मामले की शुरुआती जाँच में पुलिस को पता चला है कि जसकरन, हीरा एवं फिरोज के गैंग और फतेह, सचिन मनचंदा (बंटी) के गिरोह के बीच हाथापाई हुई थी। तीनों ने बंटी पर फायरिंग की, जिससे उसकी जाँघ में गोली लग गई थी।

वहीं, फतेह के पेट में भी गोली लगी थी। हालाँकि, फतेह और बंटी के बाकी साथी जसकरन के गिरोह पर काबू पाने में कामयाब रहे। फिरोज के पेट में गोली लगी, जबकि जसकरन को सादिक और रमेश ने जमकर पीटा। बाद में ग्रंथी के बेटे को अस्पताल ले जाया गया, जहाँ मंगलवार (2 नवंबर) को उसकी मौत हो गई। वहीं, हीरा घटना के बाद से फरार है, जबकि फिरोज का इलाज चल रहा है। गैंगवार वाली जगह से पुलिस को तमंचा व कारतूस मिला है।

गौरतलब है कि इमरान हैदर नाम के एक सोशल मीडिया यूजर ने पहले इस घटना को साम्प्रदायिक रंग देने की कोशिश की थी। देश में सिख और मुस्लिम जैसे धार्मिक अल्पसंख्यकों के असुरक्षित होने का दावा किया। हैदर ने ट्वीट किया, “अल्पसंख्यकों का जीना दुश्वार है, यह मुसलमानों और सिखों पर फिर वार है, आवाज उठाओ। यह अत्याचार है।” इसके बाद कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा, “बेहतर होगा कि इसमें आप साम्प्रदायिक तत्व न लाएँ। ध्यान दें कि जिसने इस आदमी पर हमला किया उसका नाम अतीक है और वह एक मुस्लिम है!”

ख्याला क्षेत्र में अराजकता व हिंसा

नई दिल्ली में ख्याला वही जगह है, जिसका संबंध हिंदू व्यक्ति अंकित सक्सेना के हाईप्रोफाइल मर्डर केस से है। यहीं पर एक मुस्लिम युवती से प्यार करने के कारण अंकित सक्सेना की लड़की के परिवारवालों ने हत्या कर दी थी। उल्लेखनीय है कि 1 फरवरी 2018 को अंकित की प्रेमिका शहजादी के परिवार वालों ने चाकू से उसका सिर काट दिया था।

चश्मदीदों ने बताया था कि शहजादी की माँ ने हेलमेट पहना था और वह अपना स्कूटर लेकर ट्रैफिक चौराहे पर ले गई। उसे पता था कि अंकित वहाँ पहले से ही मौजूद है। वहाँ पहुँचते ही उसने अपने स्कूटर से अंकित की गाड़ी को टक्कर मार दी, ताकि अंकित उसकी मदद करने के लिए मजबूर हो जाए। हेलमेट पहने होने के कारण अंकित उसे पहचान नहीं पाया और मदद के लिए आगे बढ़ा।

इसके बाद महिला और अंकित का आमना-सामना हुआ। इस बीच महिला का परिवार भी वहाँ पहुँच गया। उन लोगों ने अंकित को गाली देते हुए आरोप लगाया कि उसने शहजादी को घर से भागने के लिए कहा था। इसी दौरान जैसे ही अंकित उसकी माँ को उठाने के लिए झुका तो लड़की के चाचा और भाई ने उसके बाल पकड़कर उसे खींच लिया। उन दोनों ने पीछे से अंकित का हाथ जकड़ लिया और लड़की के पिता ने अपने कसाई चाकू से उसका गला काट दिया था।

दीप्ति से शादी के बाद धर्म बदल ईसाई नहीं बन रहा था दलित कृष्णा, घर बुला साले दानिश ने पीटा

केरल में ईसाई लड़की से शादी करने के दो दिन बाद दलित युवक को उसके साले ने धर्मपरिवर्तन न करने पर बुरी तरह पीट डाला। अब केस पुलिस में है। मामला SC/ST एक्ट के तहत दर्ज किया गया है। आरोपित के विरुद्ध शिकायत उसकी बहन व पीड़ित की पत्नी ने ही की है।

द न्यूज मिनट की रिपोर्ट के अनुसार, दलित मिथुन कृष्णा और दीप्ति ने 29 अक्टूबर को शादी की थी। 2 दिन बाद यानी 31 अक्टूबर को कृष्णा के साथ यह मारपीट की घटना हुई और पूरा मामला सीसीटीवी विजुअल्स में कैद होने से टीवी चैनलों पर भी दिखाया गया। पीड़ित की पत्नी का कहना है कि उसके भाई दानिश ने शादी के बाद उसे और उसके पति, दोनों को घर पर बुलाया था और उनसे धर्म परिवर्तन को कह रहा था। जब कृष्णा नहीं मानें तो उन्हें मारा गया। दानिश पेशे से डॉक्टर है।

पुलिस का कहना है कि वो आरोपित को ढूँढने का प्रयास कर रहे हैं। चिरायिनकीझु थाने के पुलिस अधिकारी ने कहा कि जब शिकायत हुई तो पता चला कि शुरुआत में लड़के वालों की तरफ से किसी ने लड़की की माँ को कुछ गलत कहा था, इसके बाद घर पर ये घटना घटी जबकि लड़की का खुद अपने परिवार वालों के ख़िलाफ़ कहना है कि उसके परिजनों ने उसके पति को मारा क्योंकि वो ईसाई धर्म स्वीकारने को नहीं तैयार था।

पुलिस ने बताया कि दलित युवक और ईसाई युवती ने 29 अक्टूबर को मंदिर में शादी की थी। लड़की के पिता ने तब उसके गुमशुदा होने का मामला दर्ज करवाया था,  लेकिन बाद में जोड़ा थाने आया और वहाँ लड़की के पिता ने कहा कि वो उनके साथ चले और वो वादा करते हैं कि उसकी शादी अच्छे से करवा देंगे। लेकिन बावजूद इसके लड़की घर छोड़ चली गई।

लड़की के पिता और भाई अगले दिन उसके पति के घरवालों से मिले और चर्च में जाकर वहाँ शादी कराने की बात की। इसके बाद वह दोनों लड़की के घर गए जहाँ मारपीट की घटना हुई और मामला पुलिस तक आया। दीप्ति ने बताया कि उसके भाई ने उन्हें घर आकर माँ से मिलने को कहा, लेकिन जब वो गए तो वहाँ मौजूद लोगों ने कृष्णा पर हमला कर दिया। दीप्ति ने बीच-बचाव किया तो उन्हें भी चोटें आईं और कृष्णा बुरी तरह घायल हुए। अब सिर में चोट लगने के कारण वह तिरुवनंरपुरम के राजकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में है।

टिकटॉक पर ‘आतंक’ परोस फेमस हुआ फैजू, अब मुंबई की सोसायटी में BMW से ठोका: रैश ड्राइविंग में गिरफ्तार

टिकटॉक पर उन्माद फैलाकर मशहूर हुए सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर फैजल शेख उर्फ फैजू को बुधवार (3 नवंबर 2021) को रैश ड्राइविंग के मामले में मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार किया है। फैजल बीएमडब्ल्यू कार से कहीं जा रहे थे और उसी दौरान उनकी कार कंट्रोल से बाहर हो गई और कार मुंबई की ओशिवारा सोसायटी के गेट से टकरा गई। अच्छी बात यह रही कि इसमें कोई हताहत नहीं हुआ। शेख के खिलाफ आईपीसी की धारा 279 और 336 के तहत केस दर्ज किया गया है।

रिपोर्ट के मुताबिक, घटना मंगलवार रात करीब 11 बजे की है। फैजल शेख को ओशिवारा थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। ओशिवारा सोसायटी में ही स्टॉल लगाने वाले एक चश्मदीद अब्दुल शेख ने बताया कि वारदात वाले दिन वह अपने भाई के साथ वहीं पर सामान पैक कर रहे थे। चश्मदीद ने बताया कि इसी दौरान उन्हें बाहर से जोर की आवाज आई। आवाज सुनकर सभी बाहर की ओर दौड़े तो देखा कि एक बीएमडब्ल्यू कार बिल्डिंग के गेट से टकराई हुई थी।

अब्दुल शेख ने बताया कि टक्कर इतनी तेज थी कि उससे बिल्डिंग का गेट टूट गया। टक्कर के बाद जैसे ही कार रुकी तो काला चश्मा लगाए एक व्यक्ति बाहर आया और वहाँ से फरार हो गया।

इसके बाद वहाँ मौजूद लोगों ने इसकी शिकायत पुलिस से की। लोगों ने आरोपी से नुकसान की भरपाई की माँग भी की। गौरतलब है कि फैजल शेख उर्फ फैजू टिकटॉक से ही फेमस हुए थे। इसके बाद वो धीरे-धीरे इंटरनेट पर छा गए। फैजल शेख के इंस्टाग्राम पर 24.4 मिलियन फॉलोअर्स हैं। ट्विटर पर उसके 50,000 से अधिक फॉलोवर्स हैं। इसके अलावा उसने कई म्यूजिक वीडियोज में भी काम किया है।

आतंक को परोसने वाला फैजल शेख कंटेंट की आड़ में फूहड़ता और उन्माद फैलाने का काम करता रहा है। इसके बावजूद ओटीटी प्लेटफॉर्म (OTT Platform) ऑल्ट बालाजी द्वारा एक टीवी सीरीज़ में इसे साइन किया गया। इसका नाम है बैंग बैंग (Bang Baang)। 30 अगस्त 2020 को इस टीवी सीरीज़ का ट्रेलर/टीज़र जारी किया गया था। उसे अभी तक लगभग 7.6 लाख लोग देख चुके हैं लेकिन देखने वाले उसे पसंद करें ऐसा ज़रूरी नहीं। 

गुरुग्राम में जहाँ हर जुमे खुले में नमाज, वहीं होगी गोवर्धन पूजा: 5000 लोग होंगे शामिल, यति नरसिंहानंद और कपिल मिश्रा को भी निमंत्रण

संयुक्त हिंदू संघर्ष समिति के सदस्यों ने गुरुग्राम के सेक्टर-12ए में उसी जगह पर गोवर्धन पूजा का आयोजन किया है, जहाँ पर हर शुक्रवार खुले में नमाज पढ़ी जा रही थी। बता दें कि समिति में 22 संगठन शामिल हैं। इस पूजा में भाजपा नेता कपिल मिश्रा और डासना देवी मंदिर के मुख्य पुजारी यति नरसिंहानंद सरस्वती को भी आमंत्रित किया गया है। कपिल मिश्रा इस पूजा में शामिल होंगे, जबकि नरसिंहानंद सरस्वती ने कहा कि वह निजी व्यस्तता के चलते इस कार्यक्रम में नहीं पहुँच पाएँगे। 

इंडियन एक्सप्रेस से बात करते हुए उन्होंने कहा, “मैं नमाज के मुद्दे से अवगत हूँ। मुझे गोवर्धन पूजा के लिए आने के लिए आमंत्रित किया गया था, लेकिन मैं इसमें शामिल नहीं हो सकता क्योंकि मैं उस दिन व्यस्त हूँ। अगर मुझे कुछ समय पहले निमंत्रण मिला होता तो मैं इसमें शामिल हो जाता।”

वहीं कपिल मिश्रा ने कहा है, “समिति के सदस्यों ने गोवर्धन पूजा में शामिल होने के लिए संपर्क किया है। मैं शिरकत करूँगा। यह नागरिकों के मुफ्त सड़कों के अधिकार के लिए एक आंदोलन है और उनकी माँगे जायज हैं। हर सप्ताह सड़क जाम करने का अधिकार किसी को नहीं है। मैं इस आंदोलन का समर्थन करता हूँ। गुरुग्राम के प्रदर्शनकारी नागरिक अन्य लोगों को रास्ता दिखा रहे हैं, जो सड़कों को अवरुद्ध करने से परेशान हैं, लेकिन उनमें इतना साहस नहीं है कि वे बाहर आएँ और अपने अधिकारों की माँग करें।”

संयुक्त हिंदू संघर्ष समिति ने सभी सार्वजनिक और खुले स्थानों पर नमाज का विरोध करते हुए कहा कि वो 5 नवंबर को सुबह 11 बजे सेक्टर 12ए के उसी पार्क में गोवर्धन पूजा करेगी। इस पूजा में 5000 से ज़्यादा लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। संयुक्त हिंदू संघर्ष समिति के प्रदेश अध्यक्ष महावीर भारद्वाज ने कहा, “हम पूजा का आयोजन कर रहे हैं, जिसमें 5000 से अधिक लोगों के इकट्ठा होने की उम्मीद है। प्रार्थना के बाद स्थल पर ढोल और नगाड़े बजाए जाएँगे और प्रसाद का वितरण किया जाएगा। यह शहर के अन्य स्थलों पर भी किया जाएगा या नहीं, इस पर निर्णय बाद में लिया जाएगा। हम सभी सार्वजनिक स्थानों पर नमाज का विरोध करने के लिए अपना आंदोलन जारी रखेंगे।”

बता दें कि गुरुग्राम के प्रशासन ने 8 सार्वजनिक जगहों पर नमाज की अनुमति वाला आदेश मंगलवार (2 नवंबर, 2021) को वापस लेने की घोषणा की। जनता के विरोध प्रदर्शन के बाद फैसला। स्थानीय लोग और कई हिंदू संगठनों ने इसके विरुद्ध आवाज़ उठाई थी, क्योंकि आमजनों को इससे परेशानी हो रही थी और घंटों ट्रैफिक जाम भी लग रहा था। कई अन्य इलाकों में भी स्थानीय लोगों ने आपत्ति दर्ज कराई है। गुरुग्राम प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि उन जगहों पर भी यही कार्यवाही होगी।

उल्लेखनीय है कि पुलिस ने कुल 37 जगहों पर नमाज़ पढ़ने की इजाज़त दी थी। इसके विरोध में हिंदू महिलाओं के साथ बड़ी संख्या में लोग लगातार पाँच सप्ताह तक भजन-कीर्तन और नारेबाजी करते हुए सड़क पर निकल आए थे। विरोध करने की कड़ी में गुरुग्राम के सेक्टर-12-ए इलाके में पहुँचे हिंदू संगठनों के प्रतिनिधियों को गुरुग्राम पुलिस ने हिरासत में भी लिया था। 

बालाकोट एयरस्ट्राइक के हीरो अभिनंदन वर्धमान का प्रमोशन, भारतीय वायुसेना में बने ग्रुप कैप्टन

भारतीय वायुसेना के विंग कमांडर अभिनंदन वर्धमान का प्रमोशन हो गया है। उन्हें अब ग्रुप कैप्टन बनाया गया है। उनका प्रमोशन बोर्ड के मानदंडों के अनुसार किया गया है। ग्रुप कैप्टन का पद सेना के कर्नल के पद के बराबर होता है। पाकिस्तानी फाइटर जेट एफ-16 को हवाई झड़प में मार गिराने वाले अभिनंदन को शौर्य चक्र से नवाजा जा चुका है। अभिनंदन ने बालाकोट एयरस्ट्राइक के बाद पाकिस्तान की नापाक हरकत का मुँहतोड़ जवाब देते हुए अमेरिकी एफ-16 को मार गिराया था। 

गौरतलब है कि 14 फरवरी 2019 को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में भारतीय सेना के काफिले पर हमला हो गया था। इस हमले में 40 जवान वीरगति को प्राप्त हो गए थे। पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मुहम्मद ने इस हमले की जिम्मेदारी ली थी। इसके बाद भारत वायुसेना ने पाकिस्तान में घुसकर बालाकोट में जैश ए मोहम्मद के आतंकी ठिकानों पर हवाई हमला किया था। दोनोंं देशों में तनाव बढ़ गया था। युद्ध जैसे माहौल हो गए थे। 

तब अभिनंदन श्रीनगर स्थित 51 स्क्वाड्रन का हिस्सा थे और 27 फरवरी 2019 को पाकिस्तान द्वारा जम्मू-कश्मीर में सैन्य ठिकानों को निशाना बानने की कोशिश में हवाई हमले को विफल करने के लिए उड़ान भरी थी। अभिनंदन समेत भारतीय वायुसेना के पाँच जांबाज पायलटों ने मिग-21 से एफ-16 विमानों को खदेड़ दिया था।

अभिनंदन मिग-21 लड़ाकू विमान से एफ -16 को मार गिराने के बाद पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में प्रवेश कर गए थे। इसके बाद उनका विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जहाँ उन्हें पाकिस्तानी सेना ने हिरासत में ले लिया था। मामले में भारत के लगातार दबाव बानने और अंतरराष्ट्रीय हस्तक्षेप के कारण पाकिस्तानी सेना को झुकना पड़ा और उन्हें छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा था। दो दिन बाद वह वाघा-अटारी बार्डर के माध्यम से 1 मार्च को भारत लौटे थे। 

उसी साल सरकार ने उन्हें युद्धकाल का तीसरा सर्वोच्च वीरता पुरस्कार ‘वीर चक्र’ प्रदान किया था। बालाकोट में एयर स्ट्राइक करके भारत ने वहाँ आतंकी संगठन जैश ए मुहम्मद के आतंकी शिविर को निशाना बनाया था।

सैनिकों के साथ PM मोदी ने मनाई दिवाली: कहा- आप माँ भारती के कवच, बताया देश में ही अब बन रहे अत्याधुनिक हथियार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस बार फिर अपनी दिवाली सीमा पर तैनात जवानों के साथ मनाई। वह ग्लासगो से भारत लौटने के बाद आज राजौरी के नौशेरा पहुँचे। वहाँ उन्होंने जवानों का मनोबल बढ़ाया और सेना को ही अपना परिवार बताया। सेना का आभार जताते हुए उन्होंने कहा कि जवान सीमा पर तैनात हैं इसलिए देश चैन की नींद सोता है। उन्हीं के कारण शांति है और सुरक्षा है। सेना के जवान माँ भारती का सुरक्षा कवच हैं। आज एक दिया जवानों की वीरता और शौर्य के लिए जलाया जाएगा।

प्रधानमंत्री ने जवानों के सामने उनके ही गौरवशाली इतिहास को याद किया और याद दिलाया कि जब दुश्मनों ने नौशेरा की जमीन पर कदम रखा तो कैसे उन्हें मुँहतोड़ जवाब देकर खदेड़ा गया। पीएम मोदी ने सैनिकों को बताया कि अब देश आत्मनिर्भरता की ओर आगे बढ़ते हुए यहीं अत्याधुनिक हथियार तैयार कर रहा है। उन्होंने सेना में महिलाओं की भागीदारी पर भी खुशी जताई।

उन्होंने गर्व से कहा कि भारत हजार साल पहले भी अमर था और हजार साल बाद तक अमर ही रहने वाला है। उन्होंने नौशेरा में जवानों से कहा कि इस ब्रिगेड ने सर्जिकल स्ट्राइक के दौरान जो किरदार निभाया, उसने पूरे देश को गौरवान्वित किया।

पीएम ने बताया कि रक्षा बजट का करीब 65% खर्च देश के अंदर ही खरीद पर खर्च हो रहा है। आज देश के अंदर अर्जुन टैंक बन रहे हैं, तेजस जैसे एयरक्राफ्ट भी देश के अंदर बन रहे हैं। विजयदशमी के दिन 7 ‘डिफेंस कंपनियों’ को राष्ट्र को समर्पित किया गया है।

उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने शांति भंग करने की काफी कोशिशें की गई लेकिन जवानों ने तब भी मुँहतोड़ जवाब दिया। नौशेरा में सैनिकों से मुलाकात के दौरान पीएम ने उन्हें मिठाई खिलाते हुए दिवाली की शुभकामनाएँ भी दीं और साथ ही साथ जोर जोर से भारत माता की जय के नारे भी लगे।

राजौरी क्यों है खास

बता दें कि पिछली कई बार की तरह इस बार भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीमा पर जवानों के साथ दिवाली मनाने का फैसला किया। लेकिन इस बार जगह राजौरी जिले का नौशेरा सेक्टर है जहाँ 1947 में पाकिस्तान की आड़ पाकर कबायलियों ने दिवाली के दिन ही सैंकड़ों (लगभग 30,000) लोगों (अधिकांश हिंदुओं और सिखों) को अपना निशाना बनाया था। मगर, तब वहाँ के स्थानीय लोगों और सेना ने इस हमले का बड़े साहस के साथ सामना किया और अंतत: 12 अप्रैल 1948 को ये क्षेत्र कबायलियों के कब्जे से वापस ले लिया गया। अब हर साल दिवाली पर उन सभी बलिदानियों को श्रद्धांजलि दी जाती है जिन्होंने उस लड़ाई में डटकर साहस का परिचय दिया। पीएम खुद 3 साल में दूसरी बार दिवाली पर राजौरी आए और सैनिकों के साथ दिवाली बनाई।

साल 2014 में पीएम मोदी ने लद्दाख में विश्व के सबसे ऊँचे युद्ध क्षेत्र सियाचिन में दिवाली मनाई थी। इसके बाद उन्होंने 2017 में बांदीपोरा में दिवाली मनाई थी। 2019 में वह राजौरी गए और 2020 में वो राजस्थान के जैसलमेर गए। अब इस बार उनका राजौरी जाना वो भी ऐसे समय में जब पाकिस्तानी लगातार हमले कर रहे हैं और सुरक्षाबल उन्हें करारा जवाब देकर आतंकियों को ढेर कर रहे हैं, तो माना जा रहा है कि इस दौरे से पाकिस्तान को कड़ा संदेश मिलेगा कि भारत किसी भी हमले के लिए पूरी तरह तैयार है और सरकार का उन्हें पूरा समर्थन है।

‘कृपानिधान रघुकुल नंदन सम्पूर्ण विश्व का कल्याण करें’: अयोध्या की ये तस्वीरें और Video आपने देखी क्या

अयोध्या में इस बार भव्य दीपोत्सव मनाया गया। 12 लाख दीयों से प्रभु श्रीराम की नगरी जगमग हुई। राम की पैड़ी पर 9 लाख और अयोध्या के बाकी हिस्सों में 3 लाख दीये जलाए गए। एक साथ इतनी बड़ी संख्या में दीप जलने का यह वर्ल्ड रिकॉर्ड है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार (4 नवंबर 2021) की सुबह रामलला की पूजा अर्चना की। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, “आज ‘श्री अयोध्या जी’ में दीपावली के पावन पर्व के पुनीत अवसर पर प्रभु श्री रामलला जी के दिव्य दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हुआ। कृपानिधान रघुकुल नंदन सम्पूर्ण विश्व का कल्याण करें। सभी पर अपना आशीर्वाद बनाए रखें। जय श्री राम!”

गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड्स की ओर से घोषणा के साथ ही समूची राम की पैड़ी उल्लास की लहर पर सवार हो उठी। जब आतिशबाजी का दौर शुरू हुआ तो सरयू तट आह्लाद में डूब गया। 

मौजूद स्वयंसेवक खुशी से झूम उठे। जय श्रीराम के उद्घोष संग उनका उल्लास हिलोरें मार रहा था।

रिकॉर्ड बनने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को गिनीज बुक की टीम ने प्रोविजनल प्रमाण-पत्र प्रदान किया।

यूपी के पर्यटन विभाग और डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय ने संयुक्त रूप से गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है।

दोनों ने मिलकर अयोध्या दीपोत्सव 2021 में सबसे ज्यादा दीये प्रज्वलित किए। आयोजन को देखने के लिए गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की टीम अयोध्या पहुँची थी।

बता दें कि अयोध्या में 32 टीमों ने मिलकर 12 लाख दीये जलाए। इसमें करीब 36 हजार लीटर सरसों के तेल का इस्तेमाल किया गया। दीयों की निगती गिनीज वर्ल्ड टीम की तरफ से की गई थी।

वर्ल्ड रिकॉर्ड टीम ने मंच पर कहा था कि 9 लाख से ज्यादा दीयों की गिनती पूरी की जा चुकी है। यह एक वर्ल्ड रिकॉर्ड है। इसके साथ ही बाकी बचे दीयों की भी निगती टीम की तरफ से की गई।

दीपोत्सव के मौके पर राम की पैड़ी के 32 घाटों पर 9 लाख और अयोध्या के दूसरे हिस्सों में 3 लाख दीये प्रज्वलित किए।

वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने के लिए एक मिट्टी के दीपक का करीब 5 मिनट जलना जरूरी माना जाता है। इसी तरह से पूरे अयोध्या में 12 लाख दीयों की जगमगाहट देखने को मिली। इस दौरान गिनीट वर्ल्ड रिकॉर्ड टीम ने इस अयोध्या के शानदार रिकॉर्ड के लिए सीएम योगी को बधाई दी।

बता दें कि यूपी में जब पहली बार 2017 सीएम योगी की सरकार बनी थी। उस दौरान दीपोत्सव कार्यक्रम की शुरुआत में 1 लाख 80 हजार दीये जलाए गए थे।

साल 2018 में 3 लाख 1 हजार 152 दीये प्रज्वलित किए गए थे। 2019 में 5 लाख 50 हजार और 2020 में 5 लाख 51 हजार दीयों से अयोध्या को रोशन किया गया था। इस साल का नजारा कुछ अलग ही है।

इस साल पाँचवें भव्य दीपोत्सव में 12 लाख दीये जलाकर अयोध्या ने वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। अयोध्या में पाँचवें दीपोत्सव समारोह के दौरान यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, केंद्रीय पर्यटन मंत्री जी किशन रेड्डी समेत तमाम विदेसी मेहमान भी शामिल हुए। सभी ने राम नगरी में हुए कार्यक्रमों का लुत्फ उठाया।

हर महीने ₹8700 करोड़ का नुकसान, फिर भी पेट्रोल-डीजल पर मोदी सरकार ने दी राहत: जानें एनडीए शासित राज्यों में कितना सस्ता

दीवाली के मौके पर मोदी सरकार ने आम जनता को तोहफा दिया है। केंद्र सरकार ने बुधवार (3 नवंबर 2021) को पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी में 5 रुपए और डीजल पर 10 रुपए की कटौती करने का ऐलान किया है यानी आज सुबह से आपको पेट्रोल और डीजल पहले के मुकाबले सस्ता मिलेगा।

अभी तक केंद्र सरकार पेट्रोल पर 32.90 रुपए प्रति लीटर और डीजल पर 31 रुपए प्रति लीटर एक्साइज ड्यूटी लेती थी। लेकिन अब यह कीमत पेट्रोल पर 27.90 रुपए और डीजल पर 21.80 रुपए रह जाएगी।

यहाँ बता दें कि केंद्र सरकार द्वारा एक्साइज ड्यूटी में कटौती के बाद राज्यों से पेट्रोल डीजल पर वैट घटाने की अपील की थी, जिसके बाद 10 एनडीए शासित राज्यों में इस बाबत घोषणाएँ हुईं। खुद राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने ट्वीट कर केंद्र सरकार के फैसले का स्वागत किया और अपने-अपने राज्यों में पेट्रोल-डीजल के दाम में की जाने वाली कटौती की घोषणा की।

केंद्र सरकार के ऐलान के बाद उत्तर प्रदेश और हरियाणा में पेट्रोल-डीजल 12 रुपए प्रति लीटर कम करने का ऐलान हुआ है।

इसी तरह गोवा के मुख्यमंत्री डॉ प्रमोद सावंत ने कहा, “गोवा सरकार पेट्रोल पर 7 रुपए और डीजल पर 7 रुपए की अतिरिक्त कटौती करेगी, जिससे डीजल की कीमत में 17 रुपए प्रति लीटर और पेट्रोल की कीमत में 12 रुपए प्रति लीटर की कमी आएगी।”

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा, “पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क कम करने के केंद्र सरकार के फैसले को जानकर खुशी हुई। माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्णय के अनुरूप, मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि असम सरकार भी पेट्रोल और डीजल पर वैट में तत्काल प्रभाव से 7 रुपए की कटौती करेगी।”

कर्नाटक में भी राज्य सरकार ने पेट्रोल-डीजल पर 7 रुपए प्रति लीटर की कटौती का ऐलान किया है।

बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा, “बिहार में राज्य वैट में पेट्रोल पर 1.30 रुपए और डीजल पर 1.90 रुपए और उत्पाद शुल्क पर 5 रुपए और 10 रुपए की कटौती होगी। प्रभावी रूप से पेट्रोल 6.30 रुपए और डीजल 11.90 रुपए सस्ता होगा।”

त्रिपुरा के सीएम बिपलब कुमार देब ने भी ऐलान किया कि वह पेट्रोल डीजल पर 7 रुपए घटाएँगे। उन्होंने कहा कि केंद्र और सरकार की घोषणा के बाद त्रिपुरा में पेट्रोल और डीजल 12 रुपए और 17 रुपए  कम होगा।

मणिपुर के सीएम एन बिरेन सिंह ने भी केंद्र सरकार के फैसले का स्वागत किया और बताया कि वो पेट्रोल और डीजल पर 7रुपए वैट की कटौती करेंगे।

गुजरात में भी 7 रुपए प्रति लीटर पेट्रोल और डीजल का दाम घटाने का ऐलान हुआ है। वहीं उत्तराखंड ने भी पेट्रोल को 2 रुपए प्रति लीटर की अतिरिक्त राहत देने का निर्णय लिया है।

केंद्र सरकार के ऐलान के बाद किस राज्य में कितनी कटौती

-असम, गुजरात, कर्नाटक, गोवा, मणिपुर, त्रिपुरा में 7-7 रुपए पेट्रोल डीजल पर घटाए गए हैं। इस फैसले के बाद पेट्रोल पर 12 और डीजल पर 17 रुपए कम होंगे।
-यूपी में पेट्रोल-7 रुपए, डीजल-2 रुपए घटे हैं। केंद्र सरकार के ऐलान के साथ ही यहाँ दोनों ईंधन की कीमत 12-12 रुपए घटेगी। हरियाणा में भी 12 रुपए कम होंगे।
-बिहार में 1.30 रुपए पेट्रोल व 1.90 रुपए डीजल पर कम होंगे।
-उत्तराखंड में 02 रुपए पेट्रोल पर कम हुए हैं।

बता दें कि केंद्र सरकार ने पिछले साल लॉकडाउन के कारण हुए नुकसान की पूर्ति पेट्रोल-डीजल से करने का प्रयास किया था। इसकी वजह से मार्च से मई-2020 के बीच केंद्र सरकार ने पेट्रोल पर 13 रुपए और डीजल पर 16 रुपए एक्साइज ड्यूटी बढ़ाई थी। इससे पेट्रोल पर एक्साइज करीब 65% बढ़कर 19.98 रुपए से 32.98 रुपए हो गया था, वहीं डीजल करीब 79% बढ़कर 15.83 रुपए से 28.35 रुपए प्रति लीटर हो गया था। 

सरकार ने इस फैसले के साथ ही इस साल अप्रैल से सितंबर तक पेट्रोल-डीजल की एक्साइज ड्यूटी से 1.71 लाख करोड़ रुपए कमाए, जो कोविड काल से पहले इन्हीं महीनों की कमाई से 70% ज्यादा है। अब पीटीआई की रिपोर्ट इस साल अप्रैल से अक्टूबर तक पेट्रोल-डीजल की खपत के डेटा के आधार पर अनुमान लगाते हुए बताती है कि केंद्र सरकार को एक्साइज कटौती से हर महीने 8700 करोड़ रुपए प्रति महीने का नुकसान होगा। वहीं कुछ रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस फाइनेंशियल ईयर के बाकी महीनों में यह नुकसान करीब 43,500 करोड़ रुपए का बैठेगा।

‘पूरा देश आपके और आर्यन के साथ’: वो चिट्ठी जो राहुल गाँधी ने लिखी, जब जेल में था शाहरुख खान का बेटा

क्रूज ड्रग्‍स मामले में आर्यन खान की गिरफ्तारी के दौरान बॉलीवुड स्‍टार शाहरुख खान को काफी लोगों का समर्थन मिला। इसमें फिल्‍म जगत से लेकर बड़े राजनेता भी शामिल हैं। अब यह बात सामने आई है कि आर्यन खान को लेकर बीते दिनों कॉन्ग्रेस के पूर्व अध्‍यक्ष राहुल गाँधी ने भी शाहरुख खान को चिट्ठी लिखी थी। रिपोर्ट के अनुसार पत्र में राहुल ने शाहरुख को लिखा था कि पूरा देश उनके और आर्यन के साथ है। राहुल गाँधी ने लिखा था, “देश आपके साथ है।”

बता दें कि आर्यन खान के मुंबई के आर्थर रोड जेल भेजे जाने के छह दिन बाद 14 अक्‍टूबर को राहुल गाँधी ने शाहरुख खान को यह खत लिखा था। उस समय कोर्ट ने आर्यन को जमानत देने से इनकार कर दिया था। राहुल गाँधी ने शाहरुख और गौरी को लिखा था कि सच को ज्यादा दिनों तक बंधक नहीं रखा जा सकता है। राहुल ने पत्र में लिखा कि ऐसी स्थिति में किसी प्रियजन को देखना आसान नहीं है। 

उन्होंने लिखा, “कोई भी बच्चा इस तरह का व्यवहार को डिजर्व नहीं करता है। मैंने लोगों के लिए आपके द्वारा किए गए अच्छे कामों को देखा है। मुझे यकीन है कि उनका आशीर्वाद और सद्भावना आपके साथ रहेगी। मैं जानता हूँ कि आप दयालु हैं और आपने समुदाय में सद्भावना पैदा की है। इसलिए मुझे आपके परिवार के लिए व्यापक समर्थन दिखाई दे रहा है।” उन्होंने यह भी कामना की थी कि परिवार जल्द ही साथ हो।

इस पत्र के बारे में कॉन्ग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा है कि अगर ऐसा कोई पत्र लिखा गया है तो वह सार्वजनिक नहीं किया जा सकता है क्योंकि यह राहुल गाँधी और शाहरुख खान के बीच का व्यक्तिगत मसला है।

बता दें कि 2 अक्टूबर को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने क्रूज पर छापा मारा था। इस मामले में संदिग्ध के तौर पर आर्यन खान, उनके दोस्त अरबाज और मुनमुन को पकड़ा गया था, जिसके बाद कोर्ट ने दो बार आर्यन खान की जमानत याचिका खारिज की थी। 28 अक्टूबर को आर्यन खान को हाई कोर्ट से जमानत मिली थी। 30 अक्टूबर को वे जेल से बाहर आए थे।