Home Blog Page 2485

राजस्थान के सरकारी स्कूल में स्वतंत्रता दिवस पर अफीम का नशा, बच्चों के सामने ही परोसी गईः Video वायरल

राजस्थान में आजादी के 75वें वर्षगाँठ के मौके पर भले ही ड्राई डे की गई थी, लेकिन इसके बावजूद यहाँ पर जमकर अफीम परोसी गई। हद तो तब हो गई जब राजस्थान के एक सरकारी स्कूल में नशा करने के लिए बैठे करीब एक दर्जन लोग करीब 1 से 2 घंटे तक अफीम का नशा करते दिखे। स्कूल में बैठकर अफीम सेवन करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जिसके बाद स्कूल प्रशासन पर कई गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। वायरल वीडियो में स्कूल कैंपस में एक-दो छात्र भी दिखाई दे रहे हैं।

बता दें कि पूरा घटनाक्रम बाड़मेर जिले के गुड़ामालानी उपखंड स्थित रावली नाड़ी स्कूल का है। स्कूल में सुबह स्वतंत्रता दिवस के प्रोग्राम का आयोजन हुआ। जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। करीब 12:00 बजे प्रोग्राम पूरा हो चुका था। इसके बाद करीब एक दर्जन ग्रामीण और जनप्रतिनिधि स्कूल के बरामदे में ही दरी बिछाकर बैठ गए। इसके बाद वह अफीम बाँटने लगे और स्कूल में ही नशा करने लगे। इस दौरान स्कूल में कुछ बच्चे भी नजर आए। बताया जा रहा है कि वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन और शिक्षा विभाग हरकत में आ गया है। 

हालाँकि, अभी तक कोई भी कार्रवाई नहीं हुई है शिक्षा विभाग की माने तो मामले में बच्चों के बयान होने के बाद ही पूरे मामले का पता चल पाएगा। वहीं घटना के बाद कुछ स्थानीय ग्रामीणों ने कहा कि ग्रामीणों की ओर से स्कूल में दी जाने वाली सहयोग राशि से डोडा-पोस्त (अफीम) लाया गया था। जिसे स्कूल में ही परोसा गया। हालाँकि, अभी तक इस बात की पुष्टि शिक्षा विभाग की तरफ से नहीं की गई है। शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अभी जाँच कर रहे हैं और इसके बाद ही सच्चाई का पता चल पाएगा।

सीबीईईओ ओमप्रकाश विश्नोई ने घटना को लेकर बताया कि अफीम पीने का वीडियो संज्ञान में आया है। उन्होंने मंगलवार (16 अगस्त 2022) को छात्र, शिक्षक और अभिभावकों से बयान लेने के बाद रिपोर्ट बनाकर गुड़ामालानी एसडीएम को सौंपने की बात कही।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इस पूरी घटना की 4 वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। जिनमें किसी में नशा करने की तो किसी में ब्याज पर पैसे की बात भी कही जा रही है। एक वीडियो में एक सरकारी शिक्षक भी दिखाई दे रहा है, जो रजिस्टर में वहाँ पर बैठे लोगों के हस्ताक्षर करवा रहा है।

अपने ‘अर्जुन’ के सामने और बौने हुए तेजप्रताप यादव, इस बार वन-पर्यावरण का देखेंगे ‘हेल्थ’: नीतीश कुमार की नई कैबिनेट में कई दागी, गृह CM के ही पास

बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंत्रिमंडल विस्तार किया है। इससे पहले नीतीश कुमार के साथ-साथ उप-मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने ही सिर्फ शपथ ली थी। अब तेजस्वी यादव के भाई तेज प्रताप समेत 31 नए मंत्रियों ने शपथ ली है, जिनमें कई विवादित चेहरे भी हैं। भाजपा से अलग होने के बाद नीतीश कुमार की जदयू ने राजद से गठबंधन किया था। भाजपा ने नीतीश कुमार पर पलटी मारने और जनादेश के साथ धोखा करने का आरोप लगाया है।

मंत्रिमंडल विस्तार में सामाजिक समीकरणों को ही आधार बनाया गया है। यादव समाज के सबसे ज्यादा 8 नेताओं को मंत्री बनाया गया है, जबकि 5 मुस्लिमों को भी जगह मिली है। हालाँकि, सवर्ण कोटे से पिछली बार 11 मंत्री थे जो घट कर 6 हो गए हैं। 5 दलित चेहरों को मंत्रिमंडल में जगह दी गई है। जदयू के उपेंद्र कुशवाहा और राजद के भाई वीरेंद्र मंत्री न बनाए जाने से नाराज हैं। वामपंथी दलों ने सरकार में शामिल होने से इनकार कर दिया।

इसके बाद विभाग का बँटवारा हुआ। जहाँ गृह विभाग हमेशा की तरह नीतीश कुमार ही रखेंगे, भाजपा कोटे के अधिकतर विभाग राजद को दिए गए। बेलागंज के विधायक सुरेंद्र यादव को भी मंत्रिमंडल में जगह मिली है, जिन पर 1991 लोकसभा चुनाव के दौरान विधायक जयकुमार पलित को पीटने के आरोप लगे थे। उन्होंने संसद में तत्कालीन उप-प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी के हाथ से महिला आरक्षण बिल लेकर फाड़ दिया था।

हत्या के प्रयास, आपराधिक साजिश और दंगे जैसे 3 दर्जन से अधिक मामलों में आरोपित रहे सुरेंद्र यादव 7 बार विधानसभा और 1 बार लोकसभा का चुनाव जीता है। उन्हें सहकारिता मंत्रालय दिया गया है। तेज प्रताप यादव को पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय दिया गया है। पिछली राजद-जदयू सरकार में तेज प्रताप के पास स्वास्थ्य और कंस्ट्रक्शन विभाग था। जिस तेजस्वी यादव को उन्होंने अपना ‘अर्जुन’ बताया था, उन्हें स्वास्थ्य, नगर विकास एवं आवास, पथ निर्माण और ग्रामीण कार्य विभाग मिला है।

सरकार में नंबर-3 की भूमिका में एक तरह से विजय कुमार चौधरी होंगे, जिन्हें वित्त और वाणिज्य कर के अलावा संसदीय कार्य मंत्री बनाया गया है। इस तरह देखा जा सकता है कि नीतीश कुमार के नए मंत्रिमंडल में न सिर्फ कई दागी हैं, बल्कि तेज प्रताप यादव का कद भी उनके भाई के सामने कम कर दिया गया है।

बिजेंद्र प्रसाद यादव को ऊर्जा के साथ-साथ योजना एवं विकास मंत्रालय मिला है। दोनों ही जदयू के नेता हैं। अशोक चौधरी को भवन निर्माण विभाग मिला है। संजय कुमार झा को जल संसाधन के साथ-साथ सूचना एवं जन-संपर्क विभाग भी दिया गया है। चंद्र शेखर शिक्षा मंत्री बने हैं। राजद प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के बेटे सुधाकर सिंह को कृषि मंत्रालय मिला है। अधिकतर मलाईदार विभाग जदयू ने अपने पास ही रखा है। राजद कोटे से मंत्रियों की संख्या अधिक है।

जदयू के जमाँ खान को भी मंत्री बनाते हुए अल्पसंख्यक कल्याण विभाग दिया गया है। वो नीतीश कुमार के प्रिय माने जाते हैं और उन पर 3 आपराधिक मामले दर्ज हैं। 11 मामले तो डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव पर भी दर्ज हैं। दरभंगा के बहादुरपुर से विधायक मदन साहनी जदयू कोटे से मंत्री बने हैं, जिन्हें समाज कल्याण विभाग दिया गया है। उन पर 2 आपराधिक मामले चल रहे हैं। जमुई से बिहार के एकलौते निर्दलीय विधायक सुमित सिंह पर धोखाधड़ी और जालसाजी का मामला चल रहा है।

तमिल डायरेक्टर विग्नेश शिवन और अभिनेत्री नयनतारा ने स्पेन में लहराया तिरंगा, कहा- दुनिया में सबसे स्वतंत्र, सुरक्षित, लोकतांत्रिक, खुशहाल घर हमारा देश

साउथ अभिनेत्री नयनतारा (Nayanthara) के पति और तमिल फिल्मों के डायरेक्टर विग्नेश शिवन (Vignesh Shivan) ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो और कुछ तस्वीरें शेयर की हैं। यह वीडियो स्पेन का है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में विग्नेश शिवन अपनी पत्नी नयनतारा के साथ स्पेन में तिरंगा फहराते हुए दिखाई दे रहे हैं।

उन्होंने वीडियो के साथ कैप्शन लिखा, “आजादी के 75 साल। दुनिया भर के सभी भारतीयों और मेरे भाइयों व बहनों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ। आइए इस दिन को बहुत गर्व और खुशी के साथ मनाएँ। एक भारतीय नागरिक होने के नाते हम सभी को धन्य महसूस करना चाहिए। दुनिया में सबसे स्वतंत्र, सबसे सुरक्षित, लोकतांत्रिक, खुशहाल घर हमारा देश है।”

‘तिरंगा हमारा अभिमान’ अभियान से जुड़कर विग्नेश और नयनतारा ने स्पेन में तिरंगा झंडा लहराकर आजादी का अमृत महोत्सव मनाया है। तस्वीरों में दोनों ने हाथों में तिरंगा पकड़ा हुआ है। वीडियो के बैकग्राउंड में वंदेमातरम गीत बज रहा है। नयनतारा और विग्नेश शिवन की पोस्ट को लाखों लाइक्स मिल चुके हैं। लोग विदेश में तिरंगे का मान बढ़ाने के लिए उनकी खूब तारीफ कर रहे हैं।

इसके बाद विग्नेश शिवन और नयनतारा ने अपनी रोमांटिक फोटो भी इंस्टाग्राम पर शेयर की। फैंस को इनके बीच की केमिस्ट्री काफी पसंद आ रही है। लोग जमकर कमेंट्स कर रहे हैं।

गौरतलब है कि साउथ इंडियन फिल्मों की ‘लेडी सुपरस्टार’ नयनतारा ने इस साल जून में अपने ब्वॉयफ्रेंड विग्नेश शिवन के साथ शादी की थी। शादी के बाद वो आंध्र प्रदेश में तिरुपति मंदिर (Tirupati Temple) में भगवान बालाजी का आशीर्वाद लेने के लिए पहुँचे थे। इस दौरान नयनतारा को माडा में चप्पल पहनकर पति के साथ टहलते देखा गया, जिससे विवाद खड़ा हो गया था। सोशल मीडिया पर नयनतारा की तस्वीरें वायरल होने के बाद उनकी जमकर आलोचना की गई थी। जिसके बाद उनके पति विग्नेश शिवन ने माफी माँगी थी।

12 यात्रियों को लेकर हैदराबाद से उड़ा चार्टर प्लेन कराची के जिन्ना हवाई अड्डे पर हुआ लैंड, स्वतंत्रता दिवस के दिन की घटना से गहराया संशय

भारत से 12 यात्रियों को लेकर जा रहा एक चार्टर प्लेन सोमवार 15 अगस्त को पाकिस्तान में लैंड हुआ। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार ये विमान सोमवार को पाकिस्तान के कराची शहर स्थित जिन्ना अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरा। विमान ने हैदराबाद के राजीव गाँधी अतंरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी। स्थानीय समय के अनुसार विमान 12.10 बजे कराची हवाई अड्डे पर लैंड हुआ।

पाकिस्तान के नागर विमानन प्राधिकरण (CAA) के प्रवक्ता ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने कहा है कि इस अंतरराष्ट्रीय चार्टर प्लेन ने भारत के हैदराबाद से उड़ान भरी थी। इसके अलावा विमान का पाकिस्तान से कोई संबंध नहीं है। कराची में उतरने के कुछ समय बाद ही ये विमान सभी 12 यात्रियों के साथ फिर से रवाना हो गया। हालाँकि, अभी तक ये पता नहीं चल सका है कि आखिर विमान किस कारण कराची हवाई अड्डे पर उतरा था। हालाँकि, इससे संशय गहरा गया है और विमान के लैंडिंग के कारणों की जाँच की जा रही है।

इससे पहले जुलाई में भी दो विमान तकनीकी कारणों के चलते पाकिस्तान में उतरे थे। 5 जुलाई को स्पाइजेट की दिल्ली-दुबई उड़ान के फ्यूल इंडिकेटर में खराबी आ गई थी, जिसके कारण उसे कराची के लिए डायवर्ट कर दिया गया। वहीं 17 जुलाई को इंडिगो की शाहजाह-हैदराबाद फ्लाइट के इंजन में खराबी पाई गई थी जिसके कारण एहतियात के तौर पर इसे भी कराची के लिए डायवर्ट किया गया था।

जुलाई में जो प्लेन पाकिस्तान में लैंड हुए थे उसके पीछे तकनीकी वजह थी, लेकिन 15 अगस्त, भारत के स्वतंत्रता दिवस के दिन हैदराबाद से उड़ान भरने वाले इस चार्टर प्लेन ने कराची में क्यों लैंडिंग की इसकी वजह अभी तक साफ नहीं हो पाई है।

सलमान रुश्दी की आवाज लौटी, वेंटिलेटर भी हटाः बोली पूर्व पत्नी- अब राहत की साँस ले पा रही हूँ, न्यूयॉर्क में चाकू से गोद दिए गए थे

न्यूयॉर्क में एक कार्यक्रम के दौरान कट्टरपंथी हमले का शिकार हुए सलमान रुश्दी की हालत में अब सुधार हो रहा है। ये जानकारी उनकी पूर्व पत्नी पद्मलक्ष्मी के हवाले से आई है। पद्मलक्ष्मी 2004 से 2007 कर रुश्दी की पत्नी रही हैं।

पद्मलक्ष्मी ने ट्वीट करके बताया, “शुक्रवार (12 अगस्त 2022) वाले बुरे सपने के बाद सलमान रुश्दी अब ठीक हो रहे हैं। चिंतित और निशब्द मैं, अब राहत की साँस ले सकती हूँ। उम्मीद है कि अब वो जल्द ठीक हो जाएँगे।”

रुश्दी के 42 वर्षीय बेटे जफर रुश्दी ने भी अपने पिता की हालत पर बताया, “मेरे पिता की हालत गंभीर बनी हुई है, जिनका सभी तरह से इलाज चल रहा है। हम राहत महसूस कर रहे हैं कि कल उन्हें वेंटिलेटर और अतिरिक्त ऑक्सीजन से हटा लिया गया और वह बोलने में भी सक्षम थे।”

वहीं रुश्दी के एजेंट एंड्रयू विली ने भी कहा है कि 75 साल के रुश्दी को गंभीर चोटों के कारण अस्पताल भर्ती कराया गया था, लेकिन अब उनकी हालत सुधर रही हैं। उन्हें वेंटीलेटर से हटा दिया गया है। विली ने कहा है कि रुश्दी की हालत सही दिशा में सुधर रही है, लेकिन उनके ठीक होने में अभी काफी समय है।

बता दें कि इससे पहले रुश्दी को लेकर विली ने ही जानकारी दी थी कि हमले के कारण लेखक का लीवर बुरी तरह डैमेज हुआ है और उनकी कई नसें ब्लॉक हैं जिसकी वजह से शायद उनकी एक आँख चली जाए। हालाँकि अब उन्होंने कहा है कि रुश्दी की सेहत में सुधार हो रहा है। वह हल्का-हल्का बोलना शुरू कर चुके हैं।

सलमान रुश्दी पर हमला, कट्टरपंथियों ने मनाया जश्न

उल्लेखनीय है कि शुक्रवार (12 अगस्त, 2022) को ‘द सैटेनिक वर्सेज’ के लेखक उपन्यासकार सलमान रुश्दी को न्यूयॉर्क में भाषण देने से पहले पर चाकू से हमला किया गया था। उन्हें 1980 के दशक में ही ईरान से जान से मारने की धमकी मिल रही थी। वह तब से खुद को बचाते हुए विदेश में रह रहे थे। लेकिन, 12 अगस्त उन पर हमला हुआ और हमलावर ने कम से कम 12-15 उन्हें चाकू मारा।

लीवर और गर्दन पर वार होने के बाद वह मंच पर बेसुध गिर गए। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया और दूसरी ओर हमलावर को गिरफ्तार किया गया। इस हमले की जहाँ विश्व भर में निंदा हुई थी। वहीं कट्टरपंथी जश्न मनाते दिखे थे। राणा अयूब ने पहले रुश्दी की सलामती का ट्वीट किया था लेकिन बाद में उन्हें उसे डिलीट करना पड़ा था।

जिसके घर से पकड़े गए 4 आतंकी, बग्गा ने उसे बताया अरविंद केजरीवाल का करीबी: दिल्ली में 15 अगस्त को बड़े हमले की थी तैयारी, कनाडा से जुड़े हैं तार

दिल्ली में पाकिस्तानी ख़ुफ़िया एजेंसी ISI आतंकी गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। रविवार (14 अगस्त, 2022) को स्वतंत्रता दिवस से 1 दिन पहले पंजाब पुलिस ने दिल्ली से ISI के 4 आतंकियों को गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई में दिल्ली पुलिस ने भी उसका सहयोग किया। दिल्ली भाजपा के प्रवक्ता तजिंदर पाल सिंह बग्गा ने आरोप लगाया है कि ये गिरफ़्तारी दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के करीबी विपिन जाखड़ के घर से हुई है।

पुलिस ने कनाडा में रहने वाले गैंगस्टर अर्श डल्ला और ऑस्ट्रेलिया के गुरजंट सिंह से जुड़े चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पंजाब के पुलिस महानिदेशक (DGP) ने जानकारी दी है कि इस कार्रवाई में 3 हथगोले, 1 आईईडी, दो 9 मिमी पिस्तौल और 40 जिंदा कारतूस भी बरामद हुए हैं। आरोपितों से पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जा रही है। मूल रूप से पंजाब के मोगा का अर्शदीप सिंह कनाडा में रहता है। अप्रैल 2022 में भी उसके दो साथी दबोचे गए थे।

BJYM के नेशनल सेक्रेटरी तजिंदर पाल सिंह बग्गा ने इस कार्रवाई पर ट्वीट करते हुए कहा, “दिल्ली में 15 अगस्त को बम ब्लास्ट की साज़िश रचने वाले गिरफ़्तार आतंकवादी अरविंद केजरीवाल के करीबी विपिन के घर में छुपे हुए थे। केजरीवाल का आतंकी प्यार का बड़ा खुलासा।” पंजाब मूल के कई अपराधी कनाडा और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों में रह कर अपना नेटवर्क चला रहे हैं। पकिस्तान से उन्हें सहयोग मिलता है और खालिस्तानी एजेंडे को आगे बढ़ाने में ये देश विरोधी काम करते हैं।

गोयला डेरी इलाके से ये गिरफ़्तारी हुई। ये स्वतंत्रता दिवस पर दिल्ली में किसी आतंकी हमले को अंजाम देने की फिराक में थे। द्वारका जिले के छावला थाना क्षेत्र के इलाके में छिपे इन आतंकियों की पंजाब पुलिस को मोगा की एक घटना के सम्बन्ध में तलाश थी। इनमें से दो आरोपित वॉन्टेड की सूची में थे। विपिन जाखड़ कारोबारी है, जो इन आतंकियों को लॉजिस्टिक्स सपोर्ट मुहैया करा रहा था। साथ ही वो इन आतंकियों के आवागमन औरठिकाने बदलने में भी मदद कर रहा था।

करनी प्रफुल्ल पटेल की, भोग रहा फुटबॉलः अब भारत में नहीं होगा अंडर-17 महिला विश्व कप, FIFA ने AIFF को किया सस्पेंड

विश्‍व फुटबॉल की सर्वोच्‍च संस्‍था फीफा (FIFA) ने सोमवार (15 अगस्त 2022) को अखिल भारतीय फुटबॉल संघ (AIFF) को निलंबित कर दिया। फीफा के मुताबिक एआईएफएफ ने फीफा के नियमों का गंभीर उल्‍लंघन किया है। यह फैसला फीफा के नियमों के उल्लंघन और तीसरी पार्टियों के अनुचित प्रभाव के कारण लिया गया। इसके अलावा भारत से अक्टूबर में होने वाले फीफा अंडर-17 महिला वर्ल्ड कप 2022 की मेजबानी भी छीन ली गई है। फीफा के नियमों के मुताबिक, सदस्य संघों को अपने-अपने देशों में कानूनी और राजनीतिक हस्तक्षेप से मुक्त होना चाहिए।

कब हटेगा निलंबन?

फीफा ने कहा है कि AIFF कार्यकारी समिति की शक्तियों को ग्रहण करने के लिए प्रशासकों की एक समिति गठित करने के आदेश के निरस्त होने और AIFF प्रशासन द्वारा दैनिक मामलों पर पूर्ण नियंत्रण हासिल करने के बाद निलंबन हटा लिया जाएगा।

बैन के पीछे NCP नेता प्रफुल्ल पटेल!

भारतीय फुटबॉल संघ का निलंबन पूर्व केंद्रीय मंत्री और शरद पवार की पार्टी एनसीपी के नेता प्रफुल्ल पटेल के कारण हुआ है। दरअसल, यूपीए सरकार में मंत्री रहे प्रफुल्ल पटेल 13 साल तक भारतीय फुटबॉल संघ के अध्यक्ष थे। देश का स्पोर्ट्स कोड कहता है कि कोई भी व्यक्ति 3 बार से ज्यादा अध्यक्ष नहीं रह सकता। हालाँकि, सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद उन्हें यह पद छोड़ना पड़ा।

पटेल 2009 से भारतीय फुटबॉल संघ के अध्यक्ष रहे। 2020 में पटेल का तीसरा कार्यकाल भी खत्म हो गया था। 2020 में चुनाव होना था लेकिन पटेल ने अध्यक्ष पद छोड़ा ही नही। 2022 की मई में शिकायत के बाद सुप्रीम कोर्ट ने पटेल को अध्यक्ष पद से हटने का आदेश दिया। पटेल ने एक याचिका दायर करके माँग की थी कि जब तक नए अध्यक्ष को नहीं चुना जाता, तब तक उनकी एग्जिक्यूटिव काउंसिल का समय बढ़ा दिया जाए, लेकिन कोर्ट ने उनकी माँग को ठुकराते हुए, प्रशासनिक काम काज देखने के लिए एक कमेटी ऑफ एडमिनिस्ट्रेटर्स (COA) का गठन कर दिया।

हालाँकि, पद से हटते ही प्रफुल्ल पटेल ने गंदी राजनीति शुरू कर दी। राज्य संघों के साथ मिलकर चुनाव नहीं होने दिया। इधर पटेल चुनाव में अड़ंगा लगाते रहे। दूसरी ओर FIFA में अपनी जुगाड़ से AIFF को बैन करने की कोशिशों में भी लगे रहे। फीफा से लगातार धमकी दिलवाते थे। प्रफुल्ल पटेल ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश का उल्लंघन करते हुए एआईएफएफ और राज्य संघों के 35 सदस्यों की 6 अगस्त को एक बैठक आयोजित किया था। आखिरकार सोमवार देर रात रात फीफा ने इंडियन फुटबॉल एसोसिएशन को बैन कर दिया।

दरअसल, चुनाव न होने के चलते भारतीय फुटबॉल को सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित कमेटी ऑफ एडमिनिस्ट्रेटर्स (COA) चला रही है। मगर नियम कहता है कि किसी भी देश में अगर फुटबॉल को चलाने वाली प्रॉपर संस्था या ऑर्गनाइजिंग बॉडी नहीं हो तो उसकी मान्यता खतरे में पड़ सकती है। इसका मतलब ये है कि अब अक्टूबर में होने वाले महिला अंडर-17 विश्व कप की मेजबानी भारत से छीन गई। 

बैन करने की वजह

पहली वजह AIFF की स्वायत्ता पर सवाल है। फीफा के अनुसार किसी भी देश में फुटबॉल को देखने वाली बॉडी पूरी तरह से स्वतंत्र होनी चाहिए। उसमें सरकार या किसी अन्य एजेंसी का दबान नहीं होना चाहिए। दूसरी वजह यह है कि फीफा के अनुसार समय पर चुनाव होने चाहिए, लेकिन AIFF में 2020 के बाद से चुनाव नहीं हुए हैं। इसके अलावा फीफा सुप्रीम कोर्ट की कमेटी ऑफ एडमिनिस्ट्रेटर्स को बाहरी दखलअंदाजी यानी तीसरा पक्ष मानती है। इन्हीं सब वजहों से फीफा ने AIFF को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

छेत्री ने कहा था- फीफा की चेतावनी पर ध्यान न दें

गौरतलब है कि हाल ही भारतीय कप्तान सुनील छेत्री ने सस्पेंशन को लेकर बयान दिया था। उन्होंने अपने साथी खिलाड़ियों से फीफा की चेतावनी को गंभीरता से नहीं लेने की बात कही थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक छेत्री ने खिलाड़ियों से सिर्फ अपने खेल पर ध्यान देने की बात कही थी।

‘मैंने कुछ गलत नहीं किया’ : लाल किला हिंसा के वक्त मौजूदगी को पंजाब के मंत्री ने बताया जायज, कहा- किसान का बेटा बनकर गया था

साल 2021 में गणतंत्र दिवस के मौके पर लाल किले पर जब हिंसा हुई थी, उस समय प्रदर्शनकारियों के साथ वहाँ आम आदमी पार्टी नेता व वर्तमान में पंजाब के ट्रांस्पोर्ट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लड़ भी मौजूद थे।

ये खुलासा पिछले दिनों एक वीडियो से हुआ था। इस वीडियो को देखने के बाद कॉन्ग्रेस ने माँग की थी कि भुल्लड़ को पद से हटाया जाए। वहीं AAP नेता भुल्लड़ ने अब इस संबंध में सफाई देकर कहा है कि वह किसान आंदोलन के वक्त वहाँ एक किसान के बेटे की हैसियत से गए थे।

उन्होंने कहा, “देखों मैं किसान का बेटा हूँ। किसान आंदोलन के समय हर किसान और उसका बेटा दिल्ली गया था। मैंने कुछ गलत नहीं किया है।”

बता दें कि कॉन्ग्रेस के नेता सुखपाल खैहरा द्वारा भुल्लड़ की वीडियो साझा किए जाने पर भुल्लड़ ने सुखपाल पर भी निशाना साधा और कहा कि अब वो सफाई दें कि क्या वो अपने पिता की तरह खालिस्तानी समर्थक हैं क्या?

उन्होंने कहा, “सुखपाल खैहरा के पिता खालिस्तान माँग चुके हैं। उन्हें अपने पिता के बारे में लोगों को बताना चाहिए। पहले आप सफाई दो।”

बता दें कि कुछ दिन पहले ही सुखपाल खैहरा ने लाल किले पर बनाई गई दीप सिद्धू की वीडियो को शेयर किया था। इस वीडियो में लालजीत सिंह साफ दिख रहे थे। ऐसे में खैहरा ने पूछा था,

“अरविंद केजरीवाल, भगवंत मान कृपया बताएँ कि क्या आपने परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लड़ लाल किले पर केसरी निशान साहिब को फैलाने के दौरान दीप सिद्धू के साथ ही थे? अगर हाँ, तो मुख्यमंत्री उन्हें कैसे देश विरोधी कहेंगे और अपने मंत्रिमंडल में रखेंगे?”

याद दिला दें कि साल 2021 में दीप सिद्धू जैसे कई खालिस्तानी समर्थक, अपने झंडे के साथ लाल किले पहुँचे थे और वहाँ उन्होंने जमकर उत्पात मचाया था। वहीं 100 से ज्यादा पुलिसकर्मी भी घायल हुए थे। घटना के बाद कॉन्ग्रेस और भाजपा दोनों ही ने भुल्लड़ की मौजूदगी पर सवाल उठाए थे। भाजपा की माँग यह भी थी कि जो हिंसा केस में एफआईआर हुई है उनमें लालजीत सिंह भुल्लड़ का नाम भी शामिल किया जाए।

कर्नाटक के शिवमोगा में लगे वीर सावरकर के पोस्टर तो काटा बवाल, प्रेम सिंह को चाकू घोंपा: धारा 144 लागू, अब्दुल, नदीम और जबीउल्लाह गिरफ्तार

कर्नाटक के शिवमोगा में वीर सावरकर के पोस्टर लगाए जाने के कारण हुए बवाल के बाद वहाँ के गाँधी बाजार में एक हिंदू व्यक्ति को चाकू घोंपे जाने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित की पहचान प्रेम सिंह के तौर पर हुई। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

तीन गिरफ्तार

डोडापेटे पुलिस ने इस संबंध में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। एक की पहचान 25 साल के नदीम के तौर पर हुई है और दूसरे की पहचान अब्दुल रहमान के तौर पर हुई हैं।

वहीं तीसरा आरोपित, सोमवार की देर शाम थिरतथल्ली रोड पर गिरफ्तार किया गया। मुख्य आरोपित को पकड़ने के दौरान पुलिस को गोली चलानी पड़ी, जो कि उसके पैर में लगी। उसका नाम जबीउल्लाह बताया गया है। उसने पकड़े जाने के बाद पुलिस पर हमला किया था, इसी वजह से पुलिस को जवाबी कार्रवाई में बंदूक चलानी पड़ी।

15 अगस्त को हुआ हमला

कथिततौर पर प्रेम सिंह एक कपड़े के स्टोर में काम करते थे। घर आते समय 15 अगस्त को उनके ऊपर हमला हुआ। स्थानीय अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। पुलिस कह रही है कि अभी हमले का कारण साफ नहीं है।

हालाँकि कर्नाटक के गृहमंत्री अरागा ज्ञानेंद्र ने चाकू घोंपने की घटना को वीर सावरकर के पोस्टर से जोड़कर बताया है। उन्होंने इंडिया टुडे से बातचीत में कहा,

“जैसा कि मुझे बताया गया है कि शिवमोगा में एक चाकू घोंपने का मामला प्रकाश में आया है। ऐसा लग रहा है कि ये वीर सावरकर की फोटो से जुड़ा है। अभी पूरी डिटेल्स आना बाकी हैं।”

इस बीच शिवमोगा जिला कलेक्टर आर सेल्वमणि ने मंगलवार को शहर और भद्रावती नगर सीमा में स्कूल और कॉलेज बंद रखने का आदेश दिया है। उनके आदेशानुसार 18 अगस्त तक ये रोक इलाके में रहेगी। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

शिवमोगा में झड़प, धारा 144 लागू

बता दें कि कर्नाटक के शिवमोगा में सोमवार (15 अगस्त, 2022) को अमीर अहमद सर्कल पर हिंदूवादी संगठनों ने वीर सावरकर की तस्वीर लगाई थी। जिसके कुछ देर बाद वहाँ टीपू सुलतान सेना का झंडा लेकर दूसरे समुदाय के युवक पहुँच गए और तस्वीर हटाने की कोशिश करने लगे।

देखते ही देखते दोनों समुदाय में बहस शुरू हो गई। स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज भी किया। अमीर अहमद सर्कल में दोनों गुटों के बीच हुई झड़प को देखते हुए शिवमोगा पुलिस ने धारा 144 लागू कर दी है।

सावरकर के बैनर हटाए गए

एक अन्य घटना में, मेंगलुरु के सुरतकल (Surathkal) चौराहे का नाम सावरकर के नाम पर रखने वाले एक बैनर को हटा दिया गया है। सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया (SDPI) के कार्यकर्ताओं ने इस बैनर पर आपत्ति जताई थी। SDPI की सुरतकल इकाई ने बैनर पर आपत्ति जताई और इसे पुलिस के संज्ञान में लेकर आई। निगम आयुक्त अक्षय श्रीधर ने बैनर को हटाने के आदेश दिए थे, जिसके बाद इसे हटा दिया गया।

सपा नेता इसरार अहमद पर योगी सरकार का शिकंजा, 35 लाख की संपत्ति कुर्क: TET परीक्षा के फरार नकल माफियाओं पर हुआ एक्शन

शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) में नकल कराने वाले गैंग के फरार मेंबरों पर योगी सरकार ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इस मामले में खुलासे के बाद पहले तो यूपी पुलिस ने सपा नेता इसरार अहमद सहित चारो फरार आरोपितों पर 10-10 हजार का इनाम घोेषित किया था। वहीं इसके बाद भी जब आरोपितों ने सरेंडर नहीं किया तो अब पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर कुर्की की कार्रवाई शुरू कर दी ,

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, आजमगढ़ जनपद के रानी की सराय थाने की पुलिस ने शनिवार को सपा नेता व पूर्व ब्लाक प्रमुख इसरार अहमद के घर पहुंचकर 35 लाख रुपए की चल संपत्ति कुर्क की। वहीं अब इस मामले में बाकि फरार आरोपितों पर भी कुर्की की तलवार लटक रही है।

बता दें कि इस मामले की विवेचना सीओ लालगंज मनोज रघुवंशी कर रहे थे। जाँच के दौरान इस मामले में सपा के पूर्व ब्लाक प्रमुख इसरार अहमद सहित आठ लोगों का नाम सामने आया था। जिसमें से पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया था लेकिन इसरार सहित चार आरोपित फरार बताए जा रहे थे। पुलिस ने पिछले दिनों चारो फरार आरोपितों पर 10-10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। लेकिन इसके बाद भी आरोपित कोर्ट में सरेंडर नहीं किए तो पुलिस ने धारा 82 के तहत इनके घर नोटिस चस्पा किया। जिस पर अब एक्शन शुरू हो गया है।

गौरतलब है कि जनवरी, 2022 में माह में हुए शिक्षक पात्रता परीक्षा में नक़ल कराने का खुलासा पुलिस ने किया था। इस मामले में पुलिस ने लगभग 51 लाख रुपए के चेक व कैश की बरामदगी दिखाने के साथ ही 22 लोगों को गिरफ्तार किया था। रिपोर्ट के अनुसार, नकल माफियाओं के गैंग में डीआईओएस कार्यालय के एक लिपिक की भी संलिप्तता सामने आई थी। इस मामले में डीआईओएस के खिलाफ भी शासन स्तर पर कार्रवाई की गई थी।