Home Blog Page 2091

73 जीत, 1.30 लाख बूथ… जून 2024 तक BJP अध्यक्ष बने रहेंगे नड्डा, आडवाणी-शाह क्लब में हुए शामिल: लोकसभा चुनावों से पहले 9 राज्यों में परीक्षा

2024 के लोकसभा चुनाव तक जगत प्रकाश नड्डा यानी जेपी नड्डा (JP Nadda) बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने रहेंगे। दिल्ली में पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के अंतिम दिन 17 जनवरी 2023 को उनको कार्यकाल विस्तार देने का फैसला किया गया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इसकी घोषणा की। उन्होंने बताया कि पार्टी ने सर्वसम्मति से नड्डा को जून 2024 तक भाजपा अध्यक्ष बनाए रखने का फैसला किया है।

बीजेपी राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक सोमवार को शुरू हुई थी। दो दिन चली बैठक के दौरान इस साल 9 राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों और अगले साल होने वाले आम चुनाव पर चर्चा हुई। दूसरे दिन नड्डा के कार्यकाल विस्तार का प्रस्ताव रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रखा। इसे सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। इसका ऐलान करते हुए शाह ने उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नड्डा के नेतृत्व में पार्टी 2019 से भी बड़ी जीत 2024 में हासिल करने में कामयाब रहेगी।

शाह ने कहा है, “नड्‌डा जी के नेतृत्व में पार्टी ने 120 चुनाव लड़े इसमें से 73 में जीत मिली। 1.30 लाख बूथों पर पार्टी को मजबूत करने का अभियान चलाया गया। मैं नड्‌डा जी को बहुत बधाई देता हूँ। उनके नेतृत्व में पार्टी ने अपनी पैठ बढ़ाई और यश भी बढ़ाया। 2024 के लोकसभा चुनाव में पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और नड्‌डा जी के संगठनात्मक नेतृत्व में लड़ेगी।”

उन्होंने कहा है, “देश के सभी राजनीतिक दलों में सबसे ज्यादा लोकतांत्रिक तरीके से चलने वाला दल भाजपा है। जनसंघ की स्थापना से लेकर आज तक भाजपा में बूथ से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष तक के चुनाव हमेशा समय पर पार्टी संविधान के अनुकूल होते रहे हैं।”

गौरतलब है कि जेपी नड्डा का कार्यकाल शुक्रवार (20 जनवरी 2023) को समाप्त हो रहा था। अब वे जून 2024 तक भाजपा के अध्यक्ष रहेंगे। नड्डा से पहले केवल दो नेता ही लगातार दो बार भाजपा के अध्यक्ष बने हैं। लालकृष्ण आडवाणी और अमित शाह का नाम इसमें शामिल है। राजनाथ सिंह भी दो बार भाजपा के अध्यक्ष रह चुके हैं। लेकिन, वे लगातार 2 बार अध्यक्ष नहीं बने थे।

एक्टिंग के लिए ₹10 करोड़, फिर भी ₹21960 टैक्स बकाया: ऐश्वर्या राय बच्चन के घर भेजा गया नोटिस, नासिक के जमीन से जुड़ा है मामला

बॉलीवुड अभिनेत्री ऐश्वर्या राय बच्चन (Aishwarya Rai Bachchan) टैक्स नहीं भरने के कारण सुर्खियों में हैं। नासिक के तहसीलदार ने एक्ट्रेस को उनकी जमीन का बकाया टैक्स नहीं भरने की वजह से नोटिस भेजा है। यह टैक्स एक साल का है, जो 21,960 रुपए बताया जा रहा है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बच्चन परिवार की बहू की नासिक में सिन्नर के थानगाँव के पास अदवाड़ी के पहाड़ी इलाके में करीब 1 हेक्टेयर जमीन है। इस जमीन पर उन्हें एक साल का 21,960 रुपए टैक्स भरना बाकी है। एक्ट्रेस ने अभी तक यह टैक्स जमा नहीं किया है, जिसको लेकर उन्हें 9 जनवरी 2023 को नोटिस जारी किया गया था। हालाँकि, अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है कि ऐश्वर्या को यह नोटिस मिला है या नहीं। ऐश्वर्या के अलावा 1200 अन्य संपत्ति मालिकों को भी नोटिस भेजा गया है। कहा जा रहा है कि इन लोगों ने भी अपनी जमीन का टैक्स जमा नहीं किया है।

महाराष्ट्र के राजस्व विभाग ने वित्त वर्ष के अंत तक, वसूली के लक्ष्य को पूरा करने के लिए यह कार्रवाई की है। लेकिन अभी तक इस मामले में ऐश्वर्या राय की कोई भी प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। बताया जा रहा है कि अभिनेत्री ने पवन ऊर्जा उत्पादन करने वाली कंपनी सुजलॉन में भी इन्वेस्ट किया है।

वर्क फ्रंट की बात करें तो इस साल ऐश्वर्या राय तमिल फिल्म ‘पोन्नियन सेल्वन पार्ट 2’ में नजर आएँगी। इसका फर्स्ट पार्ट 30 सितंबर, 2022 को रिलीज हुआ था। इस फिल्म से उन्होंने (ऐश्वर्या राय) लंबे समय बाद बड़े पर्दे पर वापसी की थी। कहा गया था कि मणिरत्नम की इस फिल्म में काम करने के लिए उन्होंने करीब 10 करोड़ रुपए चार्ज किया था।

बता दें कि इससे पहले पनामा पेपर्स मामले को लेकर भी ऐश्वर्या राय काफी विवादों में रह चुकी हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने ऐश्वर्या राय बच्चन से 2021 में इस मामले में लंबी पूछताछ की थी। उन पर विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) के उल्लंघन का आरोप है। ED के अधिकारी देश की कई बड़ी हस्तियों को पनामा पेपर्स मामले की जाँच में शामिल कर चुके हैं।

400-500 इस्लामी कट्टरपंथियों ने हिंदू परिवारों पर किया हमला, 8 दुकानें-4 घर क्षतिग्रस्त: भारत रह रहे युवक के पोस्ट पर बांग्लादेश में भड़की हिंसा, रिश्तेदारों पर हमला

बांग्लादेश में इस्लामवादियों द्वारा एक हिंदू परिवार के घर में तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है। घटना रविवार (15 जनवरी) की शाम की है। यहाँ मुस्लिमों की भीड़ ने बांग्लादेश के ढाका डिवीजन में गोपालगंज जिले के कोटालीपारा उपजिला के उत्तर कांडी गाँव में एक हिंदू परिवार के घर पर हमला कर घर को क्षतिग्रस्त कर दिया

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हिंसक भीड़ ने एक हिंदू युवक पर फेसबुक पोस्ट में ईशनिंदा करने और स्थानीय मुसलमानों की धार्मिक भावनाओं को ‘आहत’ करने का आरोप लगाया। इसके तुरंत बाद इस्लामवादियों ने हिंदू लड़के के रिश्तेदार के घर पर हमला कर दिया और संपत्ति को क्षतिग्रस्त कर दिया। ढाका ट्रिब्यून के मुताबिक, टार्गेट हमले में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

द डेली स्टार की एक रिपोर्ट के अनुसार, हिंदू समुदाय से संबंधित कुल 8 दुकानों और 4 घरों पर हमला किया गया। स्थिति को शांत करने के लिए, उत्तर कांडी गाँव में पुलिस की एक बड़ी टुकड़ी को तैनात किया गया है। जिस हिंदू लड़के पर कट्टरपंथी इस्लामवादियों ने ईशनिंदा का आरोप लगाया गया है, वह कथित तौर पर पिछले 7 वर्षों से भारत में रह रहा है। इसके अलावा, उसकी माँ और बहन सहित उसके परिवार के अन्य सदस्य भी करीब 3 महीने पहले भारत आ गए थे।

उसके पिता ने कथित तौर पर लगभग एक सप्ताह पहले अपना घर और संपत्ति बेच दी थी और भारत भी आ गए थे। हिंदू लड़के के एक चचेरे भाई ने इस्लामवादियों द्वारा किए गए हमले को याद करते हुए कहा, ”रविवार को, हमने लगभग 400-500 लोगों को हमारे घर में आते और हमारे घर में तोड़फोड़ करते देखा।”

उन्होंने कहा कि उत्तर कांडी गाँव में हिंदू परिवार अब डर के माहौल में जी रहे हैं। कोटालीपारा पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी (ओसी) मोहम्मद जिल्लुर रहमान के अनुसार, इलाके में कानून व्यवस्था की स्थिति नियंत्रण में है। उन्होंने बताया, ”अतिरिक्त पुलिस तैनात की गई है। मामले को लेकर हमें कोई शिकायत नहीं मिली है। यदि कोई शिकायत दर्ज की जाती है, तो जाँच के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”

इस बीच, स्थानीय उलेमा परिषद के एक सचिव ने इस घटना के खिलाफ अपनी बात राखी और उपद्रवियों के खिलाफ कार्रवाई की माँग की है।

BJP से ठाना रार, फिर भी वरुण पर नहीं उमड़ा कॉन्ग्रेस का प्यार: बोले राहुल गाँधी- गले लगा सकता हूँ, लेकिन उनकी विचारधारा स्वीकार नहीं

काफी दिनों से चर्चा चल रही थी कि बीजेपी सांसद वरुण गाँधी कॉन्ग्रेस में जा सकते हैं। लेकिन, राहुल गाँधी ने एक ही झटके में ऐसी सारी चर्चाओं पर विराम लगा दिया है। उन्होंने कहा है कि उनकी और वरुण की विचारधारा अलग है। उन्हें कॉन्ग्रेस में दिक्कत होगी।

राहुल गाँधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ अभी पंजाब में है। होशियारपुर में मंगलवार 17 जनवरी 2023 को उनसे पत्रकारों ने वरुण गाँधी की कॉन्ग्रेस में एंट्री को लेकर सवाल पूछा। इसका जवाब देते हुए राहुल ने कहा कि उनकी और वरुण गाँधी की विचारधारा अलग है। चाहे उनका गला कट जाए वह आरएसएस कार्यालय नहीं जाएँगे। उन्होंने कहा है कि वे वरुण गाँधी को प्यार करते हैं। लेकिन उनकी विचारधारा को स्वीकार नहीं कर सकते।

कॉन्ग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गाँधी ने कहा, “वरुण गाँधी बीजेपी में हैं। इसलिए, यदि वो उनके साथ भारत जोड़ो यात्रा में चलेंगे तो उन्हें दिक्कत हो सकती है। मेरी विचारधारा, उनकी विचारधारा से मेल नहीं खाती। मैं कभी आरएसएस के ऑफिस में नहीं जा सकता। उसके लिए आपको पहले मेरा गला काटना पड़ेगा।”

राहुल गाँधी ने यह भी कहा है, “मेरा जो परिवार है उसकी एक अलग विचारधारा है। वरुण ने दूसरी विचारधारा को अपनाया। जिसे मैं कभी स्वीकार नहीं कर सकता। मैं जरूर वरुण से प्यार से मिल सकता हूँ, उन्हें गले लगा सकता हूँ। लेकिन मैं उस विचारधारा को कभी भी स्वीकार नहीं कर सकता।”

दरअसल, भाजपा सांसद वरुण गाँधी बीते कुछ समय से अपनी ही पार्टी की नीतियों का खुलकर विरोध कर रहे थे। किसान आंदोलन से लेकर अब तक कई बार वह कॉन्ग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के सुर में सुर मिलाते नजर आए हैं। दिसंबर 2022 में वरुण गाँधी का एक वीडियो भी वायरल हुआ था। इसमें उन्होंने कहा था, “न तो मैं नेहरू जी के खिलाफ हूँ और ना ही कॉन्ग्रेस के खिलाफ हूँ। हमारी राजनीति देश को आगे बढ़ाने के लिए होनी चाहिए ना कि गृह युद्ध पैदा करने के लिए। आज जो लोग केवल धर्म और जाति के नाम पर वोट माँग रहे हैं। हमें उनसे ये पूछना चाहिए कि रोजगार, शिक्षा, चिकित्सा का क्या हाल है।”

इस वीडियो के सामने आने के बाद ऐसे कयास लगाए जा रहे थे कि वह भाजपा का दामन छोड़ कॉन्ग्रेस में जा सकते हैं। लेकिन राहुल गाँधी के ताजा बयान से ऐसी कोई भी संभावना अब दूर की कौड़ी लगती है।

AAP और BJP के बराबर-बराबर पार्षद, फिर भी 1 वोट से चंडीगढ़ नगर निगम में मेयर और डिप्टी मेयर की कुर्सी पर खिला कमल

बीजेपी (BJP) ने 1 वोट से आम आदमी पार्टी (AAP) को हराकर चंडीगढ़ मेयर का चुनाव जीत लिया है। मंगलवार (17 जनवरी 2023) को हुए चंडीगढ़ मेयर चुनाव में बीजेपी के अनूप गुप्ता को 15 वोट मिले, जबकि ‘आप’ के जसबीर सिंह लाडी को 14 वोट मिले हैं। इसी तरह डिप्टी मेयर के पद पर भी भाजपा को 1 वोट से जीत हासिल हुई है। भाजपा के कंवरजीत राणा को 15 वोट और ‘आप’ की उम्मीदवार तरुणा मेहता को 14 वोट मिले।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, चंडीगढ़ मेयर चुनाव में कुल 29 वोट पड़े हैं। यहाँ बीजेपी और ‘आप’ पार्टी के पास 14-14 पार्षद हैं, लेकिन भाजपा के पक्ष में चंडीगढ़ की सांसद किरण खेर का भी एक वोट गया। वहीं, कॉन्ग्रेस के 6 और शिरोमणि अकाली दल के 1 पार्षद ने इस चुनाव से दूरी बना ली थी। पिछली बार मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर तीनों पदों पर बीजेपी पार्टी ने ही कब्जा किया था।

मेयर पद जीतने के बाद अनूप गुप्ता ने कहा, “मैं अपनी पार्टी लीडरशिप को धन्यवाद देता हूँ, जिसने मुझ पर अपना भरोसा जताया। मैं सदन को उसी गरिमा के साथ चलाऊँगा जैसे सरबजीत कौर ने चलाया था।”

बता दें कि चंडीगढ़ में हुए मेयर चुनाव में बड़े पैमाने पर पुलिस तैनात की गई थी। मेयर चुनाव जीतने वाले बीजेपी उम्मीदवार अनूप गुप्ता 38 साल के हैं। वह पेशे से कारोबारी हैं। उनका मेयर बनना इसलिए अहम बताया जा रहा है, क्योंकि उन्होंने बीते साल भी चुनाव जीता था। उस वक्त उन्हें डिप्टी मेयर चुना गया था। उन्हें बीजेपी सांसद किरण खेर और कई दिग्गज नेताओं का करीबी भी माना जाता है। इस चुनाव में आम आदमी पार्टी की हार और बीजेपी की जीत के पीछे एक बड़ी वजह कॉन्ग्रेस के 6 और अकाली दल के 1 पार्षद का दूरी बनाना माना जा रहा है। इसकी वजह से बीजेपी की जीत की राह आसान हो गई।

न खाता था, न पीता था… सिर्फ सुशांत की फोटो के पास घूमता था कुत्ता: SSR के जाने के बाद बीमार हुए ‘फज’ ने तोड़ा दम, बहन बोली- जल्द मिलेंगे

सुशांत सिंह राजपूत (Sushant Singh Rajput) की मौत के तीन साल बाद उनके पालतू डॉगी फज (Fudge) ने भी इस दुनिया को अलविदा कह दिया है। सुशांत की बहन प्रियंका सिंह ने अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल पर मंगलवार (17 जनवरी 2023) को फज की फोटो शेयर कर उसके निधन की जानकारी दी। फोटो में सुशांत सिंह राजपूत और उनकी बहन फज के साथ नजर आ रहे हैं।

एक्टर की बहन प्रियंका ने फज की मौत पर शोक जताते हुए फोटो के साथ कैप्शन में लिखा है, “इतना लंबा समय फज! अब आप अपने दिवंगत दोस्त (सुशांत सिंह राजपूत ) के पास स्वर्ग पहुँच गए हैं। उम्मीद है कि जल्द मिलेंगे, लेकिन तब तक…. बहुत दिल टूट गया है।” प्रियंका सिंह द्वारा शेयर की गई फोटो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस एक्टर के सच्चे दोस्त फज को श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

फज वही है, जो सुशांत की मौत के बाद कई महीनों तक उनकी फोटो के पास घूमता रहता था और उन्हें याद करता था। उनकी याद में वह ठीक से खाता-पीता भी नहीं रहा था और बीमार हो गया था। सोशल मीडिया पर इसके कई वीडियो वायरल हुए थे। ऐसे में सुशांत के बाद अब फज के इस दुनिया से चले जाने से एक बार फिर से एक्टर का परिवार और उनके फैंस बेहद दुखी हैं।

मधुमिता राय लिखती हैं, “दी… कृपया मजबूत बने रहें… समझ में नहीं आ रहा कि मैं क्या कहूँ। यह बहुत ही दिल टूटने वाली खबर है। लेकिन एक और खुशी की बात यह वह अपने दोस्त के पास हमेशा के लिए चला गया। ओम शांति।”

यूजर्स सोशल मीडिया पर सुशांत और उनके डॉगी की तस्वीर शेयर कर #RIPFUDGE लिख रहे हैं।

आशुतोष मिश्रा लिखते हैं, “सब कुछ दिव्य अनुभूति है। फज अब सुशांत के पास चला गया है। सब कुछ एक सपने जैसा।”

गौरतलब है कि सुशांत सिंह राजपूत ने टीवी शो ‘पवित्र रिश्ता’ से अपने करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने अपने करियर में ‘धोनी अनटोल्ड स्टोरी’, ‘काई पो चे’, ‘छिछोरे’ के अलावा कई हिट फिल्में दी थीं। 14 जून 2020 को सुशांत की मौत की खबर सुनने के बाद उनके परिवार, दोस्त और फैंस पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा था। सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में बिहार में मुजफ्फरपुर की अदालत ने करण जौहर और एकता कपूर समेत 7 फिल्मी हस्तियों को नोटिस जारी किया था। जिला एवं सत्र न्यायाधीश राकेश मालवीय की अदालत ने आदेश जारी किया था कि ये सभी अक्टूबर 21, 2020 तक हाजिर हों, या फिर अपने वकीलों के माध्यम से उपस्थिति दर्ज कराएँ। 7 अक्टूबर को अभिनेता सलमान खान ने अपने वकील के माध्यम से अदालत में उपस्थिति दर्ज कराई थी। लेकिन, बाकी सातों हस्तियॉं गैर-हाजिर थीं।

पठान बेगम, दरगाह के पास घर, टारगेट पर नेता-कारोबारी: पहली बीवी को बचाने के लिए दाऊद इब्राहिम ने किया दूसरा निकाह, भांजे ने NIA को बताए सारे राज

भगोड़ा आतंकी दाऊद इब्राहिम (Dawood Ibrahim) पाकिस्तान में ही है। उसका घर कराची के एक दरगाह के पास है। उसने एक पाकिस्तानी पठान महिला से दूसरी निकाह भी कर ली है। उसके टारगेट पर देश के बड़े नेता और कारोबारी हैं। ये खुलासे दाऊद की बहन हसीना पारकर के बेटे अलीशाह ने की है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार अलीशाह ने राष्ट्रीय जाँच एजेंसी (NIA) को सितंबर 2022 में पूछताछ के दौरान ये जानकारियाँ दी थी।

रिपोर्ट के अनुसार अलीशाह से मिली जानकारियों के आधार पर NIA ने कई जगहों पर रेड डाल डी गैंग के नेटवर्क से जुड़े कई लोगों को गिरफ्तार किया था। एजेंसी ने कोर्ट में चार्जशीट भी दाखिल की थी। अलीशाह ने बताया है कि उसका मामा पाकिस्तान का दामाद बन चुका है। उसने पाकिस्तान के एक पठान परिवार की महिला से दूसरा निकाह कर रखा है। ऐसा अपनी पहली बीवी महजबीन को जाँच एजेंसियों की नजर से बचाने के लिए किया है। लेकिन, महजबीन को उसने तलाक नहीं दिया है।

दाऊद के भांजे अलीशाह ने बताया है कि वह जुलाई 2022 में महजबीन से दुबई में मिला था। उसी समय महजबीन ने उसे दाऊद की दूसरी शादी के बारे में बताया था। अलीशाह ने यह भी कहा है कि त्यौहारों या अन्य खास मौकों पर व्हाट्सएप कॉल के जरिए महजबीन भारत में रह रहे रिश्तेदारों से बात करती है। दाऊद इब्राहिम के ठिकाने को लेकर अलीशाह ने दावा किया है कि दाऊद पाकिस्तान के कराची में ही है। फिलहाल दाऊद इब्राहिम, हाजी अनीस उर्फ ​​अनीस इब्राहिम शेख और मुमताज रहीम फाकी व अपने परिवार के साथ कराची के अब्दुल्ला गाजी बाबा दरगाह के पीछे डिफेंस कॉलोनी में रह रहा है।

यही नहीं अलीशाह ने जाँच एजेंसी को बताया है कि दाऊद इब्राहिम देश के प्रमुख राजनेताओं और व्यापारियों को निशाना बनाने के लिए एक खास टीम तैयार कर रहा है। इस टीम के जरिए ही वह देश के बड़े शहरों में हिंसा भड़काने और आतंक फैलाने की योजना बना रहा है। जाँच एजेंसी दाऊद के भांजे के बयानों की पुष्टि में जुटी है।

‘तुम्हारे भगवान भिखारी…तुम्हें क्या देंगे जब खुद भीख माँगते हैं’: महाराष्ट्र के आलंदी में हिंदुओं को ईसाई बनाने का प्रयास, 14 पर मुकदमा दर्ज

महाराष्ट्र के पुणे जिले से जबरन धर्मांतरण का मामला सामने आया है। यहाँ आलंदी क्षेत्र के मरकल गाँव में पैसे का लालच देकर कुछ लोगों को ईसाई बनाने की कोशिश की जा रही थी। इस सिलसिले में आलंदी पुलिस स्टेशन में 14 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है। आरोपितों में तीन महिलाएँ और एक नाबालिग भी शामिल है। आरोपितों पर दो समुदायों के बीच नफरत फ़ैलाने का भी आरोप लगाया गया है।

ऑपइंडिया को मिली एफआईआर के मुताबिक, इस सिलसिले में रविवार (15 जनवरी) को मरकल के रहने वाले हिंदू व्यक्ति प्रसाद सालुंखे ने आलंदी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। अपनी शिकायत में उन्होंने प्रदीप वाघमारे, प्रशांत वाघमारे, रौनक शिंदे, अशोक पंधारे, तेजस चांदने, मुकेश विश्वकर्मा, लक्ष्मण नायडू, एम बी यून, जे यून और इशाल साल्वे का नाम दिया। इनमें तीन महिलाएँ और एक 17 साल के लड़के का भी नाम है।

सालुंखे ने कहा कि उन्हें और उनके परिवार को ईसाई बनाने के लिए इन लोगों ने बहुत प्रताड़ित किया। उन्होंने बताया कि 15 जनवरी को दो लोग- प्रदीप वाघमारे और प्रशांत वाघमारे उनके इलाके में आए और पूछा कि क्या वो ईसाई धर्म के बारे में जानते हैं। इसके बाद उन्होंने लोगों को पैसों का लालच दिया, बिजनेस चलाने में मदद करने का वादा किया और फिर सालुंखे के परिवार को ईसाई बनने को बोला।

ऑपइंडिया को मिली एफआईआर

शिकायतकर्ता कहता है, “बाद में उन्होंने (आरोपितों) हिंदू देवी-देवताओं की तस्वीर हमारे घर में देखी और देखते ही उन्हें गाली देने लगे। उन लोगों ने कहा कि हमें चर्च जाना चाहिए, यीशु को पूजना चाहिए। मैंने उन्हें कहा कि हम हिंदू हैं, सिर्फ शिव चरित्र परायण पढ़ते हैं। इस पर उन्होंने कहा हिंदू ग्रंथ पढ़ने का कोई फायदा नहीं है। हिंदुओं के भगवानों को पूजने से कुछ नहीं होगा।”

सालुंखे द्वारा दी गई कंप्लेन के अनुसार, इन लोगों ने हिंदू भगवानों को भिखारी भी कहा। शिकायत में लिखा है, “उन्होंने (आरोपितों ने) वासुदेव अवतार को दिन में सड़क पर देखा और पूछा कि ये कौन हैं। हमने बताया कि ये हमारे भगवान हैं जो हिंदू स्थानीयों से भिक्षा लेते हैं। इस पर उन्होंने कहा कि ‘तुम्हारा भगवान तुम्हें क्या बचाएगा जब वो खुद भीख माँगता है’ मैं ये अपमान बर्दाश्त नहीं कर पाया। मैंने अपने दो दोस्तों को बुलया। उन लोगों ने बताया कि उनके साथ भी ऐसा ही हुआ है, उनके सामने भी हिंदू भगवानों को उलटा-सीधा बोला गया है। हमने मिलकर पुलिस को बुलाया और शिकायत दी। 14 आरोपित चिह्नित किए गए जो हिंदुओं को पैसे का लालच देकर उन्हें ईसाई बनने के लिए कह रहे थे।।”

ऑपइंडिया को प्राप्त हुई एफआईआर

पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 153 (ए), 298, 34 के तहत मामला दर्ज किया है। वहीं एक पुलिस अधिकारी का कहना है कि आरोपित गाँव में धर्मप्रसार के लिए आए थे। मामले में अभी तक कोई गिफ्तारी नहीं हुई है। अधिकारी ने कहा कि आरोपितों के खिलाफ नोटिस जारी कर दिया गया है।

धर्मांतरण कराने वालों के हौसले इतने बुलंद हैं कि घटना के एक दिन पहले शनिवार (14 जनवरी 2023) को धर्मांतरण की बढ़ती घटनाओं के विरोध में यहाँ हिन्दू संगठनों ने जुलूस निकाला था। बावजूद इसके एक दिन बाद ही अवैध धर्मांतरण की गतिविधि शुरू कर दी गई। इससे पहले आलंदी इलाके में ही लाल अंगूर के रस को यीशु का खून बताकर पिलाने और धर्मांतरण करने की कोशिश का मामला सामने आया था।

नारा लगाते-लगाते बीजेपी नेता को हार्ट अटैक, मौत की खबर सुन रो पड़े केंद्रीय मंत्री: बिहार में आक्रोश मार्च के दौरान अचानक लड़खड़ा कर गिर पड़े थे

बिहार में बीजेपी के एक नेता की मौत हार्ट अटैक से हो गई। बक्सर में आयोजित आक्रोश मार्च के दौरान इस नेता को दिल का दौरा पड़ा। इस नेता की पहचान परशुराम चतुर्वेदी के तौर पर हुई है। वे 2020 के विधानसभा चुनावों में बक्सर से बीजेपी के प्रत्याशी रहे थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही बीजेपी सांसद और केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे पटना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में रोने लगे।

रिपोर्टों के अनुसार बक्सर में बीजेपी की ओर से सोमवार (17 जनवरी, 2023) को आक्रोश मार्च निकाला गया था। इसमें शामिल लोग नारेबाजी करते हुए भगत सिंह चौक पर पहुँचे। इसी दौरान चतुर्वेदी अचेत होकर गिर पड़े। उन्हें सदर अस्पताल ले जाया गया जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने उनके मौत की वजह हार्ट अटैक बताई। उनके नाक और मुँह से खून निकलने की बात भी कही जा रही है।

अचानक लड़खड़ा कर गिरने से पहले चतुर्वेदी नारेबाजी करते और मीडिया से बात करते देखे गए थे। यह मार्च बक्सर के चौसा में पावर प्लांट का विरोध कर रहे किसानों पर केस दर्ज करने और उनसे मारपीट के विरोध में निकाला गया था। जब चतुर्वेदी की मौत की खबर आई तब बक्सर से सांसद अश्विनी चौबे पटना में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते थे। निधन का समाचार मिलते ही वे भावुक हो गए और फफक-फफक कर रोने लगे। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल है।

बक्सर के चौसा में 10 जनवरी 2023 की रात में मुआवजे को लेकर धरना दे रहे किसानों के घरों में घुस कर पुलिस पर मारपीट करने का आरोप है। बेरहमी से लाठियाँ बरसाते बिहार पुलिस के जवानों के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी हुए थे। 11 जनवरी, 2023 को पुलिस की इसी बर्बरता के बाद शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन कर रहे किसान उग्र हो उठे थे। पुलिस की प्रताड़ना से नाराज किसान सड़क पर उतर आए थे। चौबे भी किसानों के समर्थन में बक्सर में धरने पर बैठे थे।

कतर से पैसा, पाकिस्तान से हथियार… दिल्ली पुलिस को 4 और आतंकियों की तलाश: 14 दिन की रिमांड में हिंदू को काटने वाले दोनों आतंकी

दिल्ली के भलस्वा डेयरी क्षेत्र से दो आतंकियों की गिरफ्तारी के बाद दिल्ली पुलिस को चार और संदिग्धों की तलाश है। न्यूज एजेंसी एएनआई ने पुलिस सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी है। बताया है कि ये लोग सिग्नल ऐप पर पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में थे। ड्रॉप-डेड के जरिए पाकिस्तान से हथियार हासिल किए थे। हथियार उत्तराखंड के किसी अज्ञात जगह पर हासिल करने की बात कही जा रही है। इसकी पुष्टि की जा रही है।

भलस्वा डेयरी क्षेत्र से आतंकी जगजीत उर्फ याकूब और नौशाद को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने 12 जनवरी 2023 को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने इन्हें 14 दिन की रिमांड पर ले रखा है। पकड़े गए आतंकियों को खाड़ी देश क़तर और बिहार से 6 लाख रुपए फंडिंग की भी जानकारी सामने आ रही है। इस पैसे में से जगजीत को 2 लाख रुपए मिले थे। नौशाद और जगजीत को उसके जिहादी सोच वाले लोगों को भर्ती करने और पंजाब के हिंदुवादी नेताओं को निशाना बनाने का टारगेट दिया गया था।

जगजीत और नौशाद ने एक हिंदू की गला रेतकर हत्या कर दी थी। उसके शव के टुकड़े किए थे और इसका वीडियो पाकिस्तानी आकाओं को भेजा था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मृतक हिंदू के परिजनों का DNA सैम्पल लिया जा रहा है। मारे गए व्यक्ति का नाम राजकुमार बताया गया है। राजकुमार का पहले गला घोंटा गया था फिर सिर धड़ से अलग करते हुए शरीर के 8 टुकड़े किए गए। बताया जा रहा है कि अपनी क्षमता साबित करने को दोनों आतंकियों ने राजकुमार की हत्या की थी।

एक अन्य रिपोर्ट के मुताबिक नौशाद और जगजीत को पाकिस्तान ने ड्रॉप-डेड के माध्यम से हथियार भेजे। इस तरीके में किसी सुदूर और सुनसान इलाके में हथियारों को गिरा दिया जाता है। उस स्थान की जानकारी केवल हथियार पाने वाले को होती है। वह सही समय देख कर हथियार उठा लेता है। इन्हें उत्तराखंड के किसी स्थान से हथियार मिलने की जानकारी सामने आ रही है। इस मॉड्यूल में कुल 8 आतंकी बताए जा रहे हैं। इनमें से 4 के अभी भी देश में मौजूद होने की बात कही जा रही। इनकी तलाश जारी है।