Home Blog Page 3240

छठ पर्व पर 10 नवंबर को यूपी में रहेगा अवकाश: योगी सरकार ने जारी किया आदेश

उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने छठ पर्व पर अवकाश घोषित किया है। उत्तर प्रदेश सरकार ने आदेश जारी किया है कि जिन जिलों में छठ का पर्व बड़े स्तर पर मनाया जाता है, वहाँ के जिलाधिकारी 10 नवंबर को स्थानीय स्तर पर अवकाश घोषित कर सकते हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार (8 नवंबर) को अपने सरकारी आवास पर वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिए छठ पूजा व कार्तिक मास में होने वाले त्योहारों के प्रबंधन के बारे में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक की।

उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा जारी किया गया आदेश

उन्होंने कहा कि 10 नवंबर को छठ का पर्व है। छठ के अवसर पर पूर्वी उत्तर प्रदेश सहित गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, लखनऊ आदि महानगरों में नदियों, सरोवरों आदि पर भीड़भाड़ की संभावना रहती है। ऐसे में नदियों, तालाबों आदि के तटों पर साफ-सफाई तथा सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की जाए।

बता दें कि राज्य के डीजीपी मुकुल गोयल ने छठ पर्व से संबंधित आयोजन स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि आयोजन स्थलों पर सादे कपड़ों में महिला पुलिस कर्मियों की भी ड्यूटी लगाई जाए और कोविड प्रोटोकॉल का पालन किया जाए।

अगली T20 सीरीज में रोहित शर्मा को टीम इंडिया की कमान: विराट कोहली और मोहम्मद शमी को आराम, ये बने उप-कप्तान

न्यूजीलैंड के विरुद्ध होने वाली T20 सीरीज के लिए सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा को भारतीय क्रिकेट टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। वहीं मौजूदा कप्तान विराट कोहली को आराम दिया गया है। मंगलवार (9 नवंबर, 2021) को ‘भारतीय क्रिकेट कन्ट्रोल बोर्ड (BCCI)’ ने ये घोषणा की। साथ ही हार्दिक पंड्या को भी इस टीम में जगह नहीं मिली है। सीनियर लेग स्पिनर यजुवेंद्र चहल और तेज़ गेंदबाज मोहम्मद सिराज को टीम में वापस बुलाया गया है।

साथ ही IPL में शानदार प्रदर्शन करने वाले हर्षल पटेल और ऑलराउंडर वेंकटेश अय्यर को भी इस टीम में शामिल किया गया है। 17 नवंबर, 2021 से न्यूजीलैंड के विरुद्ध तीन T20 मैचों की श्रृंखला शुरू होगी। विराट कोहली ने पहले ही कह दिया था कि T20 टीम के कप्तान के रूप में मौजूदा विश्व कप उनका आखिरी होगा। भारत का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा और उसे पाकिस्तान और न्यूजीलैंड से हार का सामना करना पड़ा। अफगानिस्तान, स्कॉटलैंड और नामीबिया जैसी छोटी टीमों से जीत भले ही मिली, लेकिन टीम इंडिया सेमीफाइनल में जगह नहीं बना पाई।

BCCI ने जिस 16 सदस्यीय टीम का ऐलान किया है, वो इस प्रकार है – रोहित शर्मा (कप्तान), केेएल राहुल (उप-कप्तान), ऋतुराज गायकवाड़, श्रेयस अय्यर, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), वेंकटेश अय्यर, यजुवेंद्र चहल, रविचंद्रन आश्विन, अक्षर पटेल, आवेश खान, भुवनेश्वर कुमार, दीपक चाहर, हर्षल पटेल और मोहम्मद सिराज। हर्षल पटेल और वेंकटेश अय्यर ने अभी तक एक भी अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है।

न्यूजीलैंड के साथ 3 मैचों की श्रृंखला 17 नवंबर (बुधवार) को जयपुर में, 19 नवंबर (शुक्रवार) को राँची में और 21 नवंबर (रविवार) को कोलकाता में खेली जाएगी। टीम इंडिया में अब बहुत कुछ बदल जाएगा क्योंकि पिछले साढ़े 4 वर्षों से मुख्य कोच रहे रवि शास्त्री की जगह अब राहुल द्रविड़ ने ली है। इस सीरीज में मोहम्मद शमी और जसप्रीत बुमराह जैसे तेज़ गेंदबाजों को भी आराम दिया गया है। फ़िलहाल भारतीय टीम अपने प्रदर्शन को लेकर खासी आलोचना का शिकार हो रही है।

‘फौजी का बेटा हूँ, फौजियों के परिवारों का भाजपा से खास कनेक्शन’: CM धामी ने कहा – बदलेगा इतिहास, सत्ता में लौटेगी BJP

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पूरा विश्वास है कि भाजपा 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव में दोबारा सत्ता में लौटेगी। अब जब उत्तराखंड ने अपने गठन के 21 वर्ष पूरे कर लिए हैं, यहाँ अब तक कोई भी दल लगातार दूसरी बार सत्ता में नहीं लौटा है। पिछले कुछ महीने में यहाँ जनता ने 3 मुख्यमंत्रियों का चेहरा देख लिया है, जबकि भाजपा के पास पूर्ण बहुमत है। 4 वर्षों के कार्यकाल में त्रिवेंद्र सिंह रावत से संतों व जनता की नाराजगी के कारण तीर्थ सिंह रावत को मुख्यमंत्री बनाया गया था।

लेकिन, तीरथ सिंह रावत ये नाराजगी दूर नहीं कर पाए और उनके बयान विवादों का विषय बने सो अलग। उनसे 4 महीने में ही इस्तीफा ले लिया गया और युवा पुष्कर सिंह धामी को पहाड़ी प्रदेश की कमान मुश्किल समय में सौंपी गई। उत्तर प्रदेश से काट कर उत्तराखंड के गठन के 21 वर्ष पूरे होने के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘न्यूज़ 18’ को दिए गए इंटरव्यू में कहा है कि पिछले दो दशकों में राज्य में काफी विकास हुआ है और केंद्र में अटल बिहार वाजपेयी की सरकार के दौरान ‘प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना’ से गाँवों तक सड़कें पहुँचीं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उसी विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने याद दिलाया कि कैसे केदारनाथ के हालिया दौरे में पीएम मोदी ने कहा कि ये दौर उत्तराखंड का है। उन्होंने पहाड़ों तक रेल कनेक्टिविटी का जिक्र करते हुए कहा कि सीमावर्ती इलाकों पर खास ध्यान दिया जा रहा है उन्हें पूरा विश्वास है कि 25 वर्ष पूरा करने तक उत्तराखंड कई बड़े पड़ावों को पार करेगा। 21 वर्षों में 11 मुख्यमंत्री देखने और भाजपा द्वारा 3 मुख्यमंत्री बदलने पर सीएम धामी ने कहा कि इससे विकास कार्यों की प्रगति या निरंतरता पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है।

उन्होंने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है और वो विकास कार्यों को तेज़ करने की अपनी तरफ से सर्वश्रेष्ठ कोशिश कर रहे हैं। उनके लिए कम समय बचने पर सीएम धामी ने कहा कि चुनौती भी एक तरह का मौका ही होता है। उन्होंने कहा कि वो भले ही वनडे मैच के बचे हुए 10 ओवर ही खेल रहे हों, लेकिन वो लक्ष्य को प्राप्त करेंगे और चुनाव बाद सत्ता में वापसी करेंगे। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के मतदाता अंपायर की भाँति सब देख रहे हैं और वो उनके काम का विश्लेषण कर के नतीजा तय करेंगे।

उन्होंने विश्वास जताया कि न सिर्फ उत्तराखंड आगे बढ़ेगा, 2022 के विधानसभा चुनावों में भाजपा जीतेगी और सत्ता में लौटेगी। किसी भी सरकार के लगातार सत्ता में दोबारा न लौटने के उत्तराखंड के इतिहास को लेकर उन्होंने कहा कि हमलोग इस क्रम को तोड़ने में कामयाब होंगे और उत्तराखंड भाजपा को एक और मौका देकर एक नया इतिहास बनाएगा। हालिया उपचुनाव में पड़ोसी हिमाचल प्रदेश की चारों विधानसभा सीटें व एक लोकसभा सीट कॉन्ग्रेस के खाते में जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश और हरियाणा भी तो हमारे पड़ोसी हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, “किसान आंदोलन के बावजूद यूपी-हरियाणा में भाजपा ने अच्छा किया। मुझे विश्वास है कि हिमाचल प्रदेश की हार पर पार्टी का शीर्ष नेतृत्व ज़रूर मंथन कर रहा होगा। उत्तराखंड में कॉन्ग्रेस को हम एक राजनीतिक ताकत के रूप में नहीं देखते। वो द्वेषपूर्ण आंतरिक कलह से जूझ रहे हैं, जो आने वाले दिनों में और स्पष्ट दिखेगा। भाजपा में हम राज्य को आगे ले जाने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। मुझे हर तरफ से समर्थन मिल रहा हूँ। मुझे वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन प्राप्त हो रहा है।”

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री ने कहा कि वो वरिष्ठों और मार्गदर्शकों को पूरा सम्मान देते हैं। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नेता पार्टी के लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं और उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित शीर्ष आलाकमान का आशीर्वाद प्राप्त है। उन्होंने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसकी उन्हें समझ है। पिछले विधानसभा चुनाव में 57 सीटें जीतने वाली भाजपा के ‘अबकी बार, 60 पार’ के नारे पर उन्होंने कहा कि वो जहाँ भी जा रहे हैं, लोग उनका स्वागत आशा और ऊर्जा के साथ करते हैं।

उन्होंने कहा, “इस राज्य में फौजियों के परिवारों की संख्या ज्यादा है, वो सेवा में हों या सेवानिवृत्त हों। मैं भी एक फौजी का बेटा हूँ। फौजियों के परिवारों का भाजपा से एक अलग जुड़ाव है। फौजियों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कई योजनाएँ लॉन्च की हैं। केंद्र सरकार का समर्थन पूरा रहा है। लोग इसे जाते हैं, इसीलिए हम बड़े बहुमत के प्रति आशावान हैं। पार्टी टिकट को लेकर फ़िलहाल कोई सवाल नहीं है। ऐसे मामलों पर राष्ट्रीय नेतृत्व निर्णय लेता है। मैं फ़िलहाल राज्य के सभी विधानसभा क्षेत्रों का दौरा कर रहा हूँ।”

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘देवस्थानम एक्ट’ को लेकर कहा कि वरिष्ठ नेता मनोहर कांत ध्यानी के नेतृत्व में एक समिति बनाई गई है, जिसने अपनी अंतरिम रिपोर्ट सौंप दी है और अब अंतिम रिपोर्ट की प्रतीक्षा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सभी हितधारकों से विचार-विमर्श कर के ही अंतिम फैसला होगा। भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में बतौर सीएम पहली बार शामिल होने के अनुभव पर उन्होंने बताया कि उन्होंने यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ के प्रस्ताव का समर्थन किया और उत्तराखंड में केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की प्रगति के विषय में बात की।

‘एक और फ्री सुविधा के लिए बधाई लघुकाय-लंपट जी’: कुमार विश्वास ने छठ व्रतियों की तस्वीर शेयर कर केजरीवाल पर कसा तंज

दिल्ली में छठ पर्व की शुरुआत पर श्रद्धालुओं ने यमुना नदी के जहरीले झाग के बीच खड़े होकर पूजा अर्चना की। इसको लेकर मशहूर कवि कुमार विश्वास ने श्रद्धालुओं की तस्वीर को ट्वीट करते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर तंज कसा है। उन्होंने ट्वीट किया, ”भगीरथ जी स्वर्ग से गंगा, बादलों के जिस मार्ग से उतार कर लाए थे ‘लघुकाय-लंपट’ जी, यमुना जी को उसी रास्ते दिल्ली ले आएँ हैं और वो भी मुफ्त (और हाँ, इस बार वायु-प्रदूषण की जिम्मेदारी हरियाणा के किसानों पर रहेगी, पंजाब वालों पर नहीं, क्योंकि वहाँ कुछ महीनों में चुनाव हैं)।”

दरअसल, बीते कुछ दिनों से यमुना में सफेद-सफेद झाग बड़े पैमाने पर तैरते हुए देखे जा सकते हैं। आम आदमी पार्टी के पूर्व सदस्य रहे कुमार विश्वास ने दो दिन पहले यानी 7 नवंबर को समाचार एजेंसी एएनआई के एक ट्वीट को रिट्वीट करते हुए लिखा था, ”दिल्ली को एक और ‘फ्री’ सुविधा के लिए बधाई। अब तो यमुना में बादल भी उतार दिए, गली-गली मुफ्त का नरक कोविड के दौरान दिखा ही दिया था। टैक्सपेयर्स के पैसे पर TV में कालनेमि-लाइव देखा ही होगा। अब पंजाब में यही कौशल दिखाने का अवसर दें, स्वराज-शिरोमणि लघुकाय आत्ममुग्ध धूर्तेश्वर’ को।”

कुमार विश्वास का यह तंज केजरीवाल के उन कथित वादों को लेकर है, जो उन्होंने सरकार बनने पर यमुना की सफाई के लिए किए थे। केजरीवाल सरकार के इतने सालों से सत्ता में रहने के बाद भी यमुना नदी की हालत जस की तस है। हर साल छठ पर्व पर श्रद्धालुओं को झाग के बीच खड़े होकर पूजा करनी पड़ती है।

वहीं, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और दिल्ली जल बोर्ड के अध्यक्ष राघव चड्ढा ने एक बयान जारी कर बीते दिनों कहा था कि हरियाणा से काफी मात्रा में सीवेज और औद्योगिक कचरा छोड़े जाने के चलते दिल्ली के जल शोधन संयत्रों में उत्पादन प्रभावित हुआ है।

कंगना-रंगोली के खिलाफ कासिफ खान की याचिका मुंबई कोर्ट ने खारिज की, तबलीगी जमात पर ट्वीट से था नाराज

तबलीगी जमात मामले पर किए गए एक ट्वीट और उसका समर्थन करने के कारण कंगना रनौत और रंगोली चंदेल के ख़िलाफ़ मुंबई के कासिफ अली खान देशमुख नामक वकील ने एक केस किया हुआ था, अब इसी केस पर मुंबई की अंधेरी कोर्ट ने दोनों बहनों को राहत देते हुए कासिफ की याचिका को खारिज कर दिया है।

याचिकाकर्ता ने अपनी शिकायत में कहा था कि पिछले साल 15 अप्रैल को रंगोली ने अपने ट्विटर अकाउंट पर तबलीगी जमात के खिलाफ एक आपत्तिजनक बयान पोस्ट किया था। इसके तुरंत बाद, ट्विटर ने उनका सोशल मीडिया अकाउंट सस्पेंड कर दिया। कासिफ के मुताबिक चूँकि कंगना ने भी रंगोली के बयान का समर्थन दिया था तो इसलिए वह कहते हैं कि इन दोनों ने विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा दिया और असामंजस्य को पैदा किया। उनके अनुसार, दोनों आरोपितों ने मुस्लिम समुदाय की भावनाओं का अपमान किया था और उन्हें उकसाया था।

इस शिकायत के मिलने के बाद कोर्ट ने अंबोली थाने से आपराधिक प्रक्रिया संहिता की धारा 202 के तहत जाँच रिपोर्ट माँगी थी। रिपोर्ट मिलने के बाद मजिस्ट्रेट भागवत टी जीरापे (Bhagawat T Zirape) ने कहा कि आरोपितों के खिलाफ आईपीसी की धारा 153-ए, 153-बी, 295-ए और धारा 505 के तहत कार्रवाई के लिए केंद्र सरकार, राज्य सरकार या जिला मजिस्ट्रेट की मंजूरी मिलना जरूरी है। इसलिए वह बिन मंजूरी के केस को आगे नहीं बढ़ा सकते।

मजिस्ट्रेट ने सीपीसी की धारा 196 का हवाला देते हुए कहा कि वो बिन केंद्रीय सरकार, राज्य सरकार या डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट की मंजूरी के मामले पर संज्ञान नहीं ले सकते और शिकायत में ऐसी किसी अनुमति को जोड़ा नहीं गया है। कोर्ट ने कहा कि याचिकाकर्ता की शिकायत में कानूनी तौर पर दोष है। मंजूरी लिए बिना जारी किया गया आदेश टिकाऊ नहीं है। इसलिए उन्हें (कोर्ट को) इस केस को आगे बढ़ाने के पर्याप्त आधार नहीं मिले। वहीं कासिफ ने इंडिया टुडे से बात करते हुए कहा कि वो कलेक्टर से मंजूरी के लिए एप्लीकेशन दे रहे हैं। केस सिर्फ मंजूरी आदेश न होने के कारण डायरेक्ट नहीं खारिज हो सकता। 

क्या था रंगोली का ट्वीट:

बता दें कि पिछले साल मुरादाबाद में डॉक्टरों पर हुए हमले को लेकर रोष जताने के बाद ट्विटर ने रंगोली का अकॉउंट सस्पेंड किया था। जिस ट्वीट पर यह कार्रवाई हुई थी। वह था:-

“एक जमाती की कोरोना से मौत हो गई, जब पुलिस और डॉक्टर उसके परिवार को चेक करने गए तो उन्होंने उनपर (पुलिस और डॉक्टर) हमला किया और उन्हें मारा। धर्मनिरपेक्ष मीडिया और इन मुल्लाओं को एक पंक्ति में खड़ा कर गोली मार देनी चाहिए। इतिहास में वे हमें नाजी कह सकते हैं, किसे चिंता है, जिदंगी फेक इमेज से ज्यादा जरूरी है।“

जिस कर्नल काजी को 50 साल से तलाश रहा पाकिस्तान उन्हें पद्मश्री: जला दिया था घर, माँ-बहन को भी फौज ने किया था टारगेट

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने जिन शख्सियतों को पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया है, उनमें एक नाम कर्नल काजी सज्जाद अली जहीर का भी है। बांग्लादेश मुक्ति संग्राम के इस नायक को पाकिस्तान 50 साल से तलाश रहा है। 1971 की लड़ाई में वे जान बचाकर पाकिस्तान से भारत आने में कामयाब रहे थे। बताया जाता है कि उन्होंने पाकिस्तानी फौज के कई गोपनीय दस्तावेज भारत को सौंपे थे। पाकिस्तानी फौज ने उस समय उनके घर को जला दिया था। उनकी माँ-बहन तक को टारगेट किया गया था, लेकिन वे भी जान बचाने में सफल रहीं थीं।

कर्नल काजी सज्जाद अली जहीर को पद्मश्री से सम्मानित किया गया है। उनके अलावा दो और बांग्लादेशी नागरिक संजीदा खातून और मुअज्जम अली को भी इस बार पद्म पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। कर्नल जहीर ने बांग्लादेश मुक्ति वाहिनी को प्रशिक्षण भी दिया था। पाकिस्तान ने उनकी मौत का वारंट जारी किया था।

कर्नल जहीर 1969 के आखिर में पाकिस्तानी फौज में शामिल हुए थे। तब बांग्लादेश भी पाकिस्तान का ही हिस्सा हुआ करता था। लेकिन तब के पूर्वी पाकिस्तान और आज के बांग्लादेश में पाकिस्तानी फौजियों ने जो अत्याचार किए, उसने उनको हिलाकर रख दिया और उन्होंने अपनी ही फौज के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। उन्होंने पाकिस्तान से भागकर भारत में प्रवेश किया। कर्नल जहीर के भारत आने के बाद बांग्लादेश में उनके घर को पाकिस्तानी फौज ने आग लगा दी। उनकी माँ और बहन को भी फौज ने टारगेट किया, लेकिन वो दोनों भागकर सुरक्षित ठिकाने पर पहुँच गईं।

बांग्लादेश की आजादी के बाद उन्होंने शुद्धोई मुक्तिजोद्धो नाम से एक संगठन की स्थापना की। इस संगठन ने मुक्ति संग्राम का हिस्सा रहे बांग्लादेशी और भारतीय लोगों की पहचान की। ऐसे लोगों के योगदान को दस्तावेज तैयार कर समेटा। वे आज भी बांग्लादेश में कट्टरपंथ के खिलाफ मुहिम चला रहे है। उनका मानना है कि जब तक बांग्लादेशी कट्टरपंथ और देश विरोधी ताकतों से दूर हैं तभी तक उनका मुल्क सुरक्षित है। वे जोर देकर कहते हैं बांग्लादेश को सुरक्षित रखने के लिए पाकिस्तान मॉडल के पैरोकारों को दूर रखना ही होगा।

जब एक ट्रांसवुमन ने उतारी राष्ट्रपति की नजर: कभी भीख माँगने को थीं मजबूर, कई बार रेप हुआ… संघर्षों भरा रहा है सफर

इस बार पद्म पुरस्कार पाने वालों में एक नाम कर्नाटक की ट्रांसवुमन (Transwoman) कलाकार मजम्मा जोगाठी का भी है, जिन्होंने पद्मश्री प्राप्त करते समय राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को अपने अंदाज़ में नजर उतारी। उन्होंने पुरस्कार लेने से पहले अपनी साड़ी की आँचल को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के सिर पर रखा और फिर दोनों हाथों से भूमि को छुआ। वहाँ उपस्थित लोगों ने मुस्करा कर और तालियाँ बजा कर उनका स्वागत किया। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी उन्हें हाथ जोड़ कर नमस्कार किया।

ट्रांसवुमन मजम्मा जोगाठी (Matha B Manjamma Jogati) के बारे में बता दें कि वो जोगम्मा विरासत की देशी नृत्यांगना हैं। ‘कर्नाटक जनपद अकादमी’ के अध्यक्ष के पद पर पहुँचने वाली वो पहली ट्रांसवुमन हैं। अपने जावें में उन्होंने लोगों के घृणा का सामना करने से लेकर और फिर इस ऊँचाई तक का सफर काफी संघर्षों के बाद पूरा किया है। उनका मानना है कि मानव तो मानव होता है, कोई कम या अधिक मानव नहीं होता। कला के बारे में भी उनकी यही सोच है।

वो कहती हैं कि कई लोगों के लिए तो कला ही ज़िंदगी है। उन्होंने जाति, वंश, समुदाय और लिंग के बंधनों को तोड़ कर ये ऊँचाई हासिल की है। इसके साथ ही वो धर्म की मशाल को भी हमेशा जलाए रखती हैं। उनका जन्म ‘मंजुनाथ शेट्टी’ के रूप में हुआ था, लेकिन ‘महिला’ बनने के कारण उनके माता-पिता ने भी उन्हें घर से निकाल दिया था। वो गलियों पर कई वर्षों तक भटकती रहीं। कइयों ने उनका बलात्कार किया। भीख माँग कर गुजारा करना पड़ा और आत्महत्या तक के प्रयास किए।

अब वो एक सफल नृत्यांगना हैं। वो ‘येलम्मा’ की भक्ति हैं। उनकी प्रतिमा को सिर पर रख कर नृत्य करती हैं। ‘कर्नाटक जनपद अकादमी’ की स्थापना 1979 में हुई थी। 64 वर्षीय मजम्मा जोगाठी पहले इसकी सदस्य हुआ करती थीं। उन्होंने बताया कि जब वो पहली बार अकादमी की कुर्सी पर 2019 में बैठी थीं, तब उनके हाथ काँप रहे थे। उन्होंने सपने में भी इसके बारे में नहीं सोचा था। वो बचपन से ही महिला बनना चाहती थी और तौलिए को स्कर्ट जैसे पहन लेती थीं।

स्कूल में भी वो लड़कियों के साथ ही घूमने-फिरना और नृत्य करना पसंद करती थीं। उनके भाई ने समझा कि उनके अंदर कोई ‘देवी’ घुस गई है और उन्हें एक खंभे से बाँध कर पीटा गया। एक पुजारी ने बाद में कहा था कि उन पर ‘देवी शक्ति’ का आशीर्वाद है। उनके पिता ने कह दिया कि वो उनके लिए मर चुकी हैं। 1975 में उन्हें होस्पेट के नजदीक हुलीगेयममा मंदिर ले जाया गया, जहाँ उनका नया नामकरण हुआ। उनकी माँ उन्हें महिला के कपड़ों में देख कर रोते हुए कह रही थीं कि उन्होंने अपना बेटा खो दिया।

उनके माता-पिता उन्हें घर नहीं ले गए। वो भीख माँगने लगीं। कई दिन बीमारी के कारण अस्पताल में रहीं। एक बार 6 लोगों ने मिल कर उनके रुपए लूट लिए और उनका बलात्कार किया। आत्महत्या का विचार आया, लेकिन तभी उन्होंने एक पिता-पुत्र को सिर पर बर्तन रख कर नृत्य करते देखा। ये ‘जोगती नृत्य’ था। इसके बाद वो इसे सीखने लगीं और पारंगत हो गईं। थिएटरों में उन्हें प्रदर्शन के मौके मिले। 2010 में उन्हें ‘कर्नाटक राज्योत्सव अवॉर्ड’ मिला और हावेरी के ‘कर्नाटक फोक यूनिवर्सिटी’ के BA में उनकी जीवनी पढ़ाई जाती है।

BHU के उर्दू विभाग के पोस्टर पर महामना मालवीय की जगह अल्लामा इकबाल की तस्वीर, भड़के छात्र: डीन ने दिए जाँच के आदेश

काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (BHU) के उर्दू विभाग में उर्दू दिवस के अवसर पर 9 नवंबर, 2021 को आयोजित एकदिवसीय बेबिनार के लिए बनाए गए पोस्टर ने बखेड़ा खड़ा कर दिया है। परंपरा के अनुसार, बीएचयू के सभी कार्यक्रमों में संस्थापक भारत रत्न महामना मदन मोहन मालवीय की तस्वीर होती है और कोई भी समारोह उनके माल्यार्पण और कुलगीत के गायन से ही शुरू होता है। लेकिन कला संकाय के उर्दू विभाग के सेमिनार के पोस्टर पर महामना की तस्वीर के जगह पर पाकिस्तान के निर्माण में योगदान देने और कसीदे पढ़ने वाले अल्लामा इकबाल की तस्वीर लगा दी गई।

BHU के उर्दू विभाग द्वारा जारी पोस्टर

ऑपइंडिया से बात करते हुए कला संकाय के छात्रों ने बताया, “जैसे ही हमें जानकारी मिली हमने कला संकाय प्रमुख डीन प्रो. विजय बहादुर सिंह से मिलकर विरोध दर्ज कराया। उर्दू विभाग में उर्दू दिवस के आयोजन के आरंभ में बीएचयू का कुलगीत भी नहीं गाया गया। जबकि नियमानुसार हर कार्यक्रम के शुरुआत में विश्वविद्यालय के कुल गीत का गायन अनिवार्य है।”

महामना की तस्वीर हटाकर उर्दू विभाग के प्रोफेसरों द्वारा भारत-पाकिस्तान द्वि-राष्ट्र के समर्थक अल्लामा इकबाल की तस्वीर लगाने के रवैए को छात्रों ने बेहद ही दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। साथ ही छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से दोषी लोगों पर तुरंत कार्रवाई की माँग की है, नहीं तो आंदोलन का रास्ता अपनाने की बात कही है।

बता दें कि इस मामले पर नजर पड़ते ही सामाजिक विज्ञान संकाय के शोध छात्र पतंजलि पांडेय और गुंजेश गौतम झा, आशीर्वाद दुबे और शुभम मिश्रा समेत बड़ी संख्या में छात्रों ने कला संकाय में जुटकर विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों ने डीन प्रो. विजय बहादुर सिंह को शिकायत पत्र देते हुए तत्काल कार्रवाई की माँग की।

छात्रों द्वारा कला संकाय के डीन को दिया गया शिकायती पत्र

वहीं छात्रों के विरोध और आंदोलन पर जाने को मद्देनजर रखते हुए उर्दू विभाग के पोस्टर पर मालवीय जी की तस्वीर हटाकर अल्लामा इकबाल की तस्वीर लगाए जाने पर डीन प्रोफेसर विजय बहादुर ने माफी माँगी है। इसके साथ ही उन्होंने छात्रों से कहा है कि मामले की जाँच कराने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

डीन ने कला संकाय के हैंडल से ट्वीट भी किया, “BHU कला संकाय का उर्दू विभाग पोस्टर में दिए गए विवरण के अनुसार एक वेबिनार का आयोजन कर रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए पहले के पोस्टर में अनजाने में हुई गलती के लिए ईमानदारी से माफी।”

गौरतलब है कि मामले में छात्रों का विरोध प्रदर्शन देखते हुए बाद में पोस्टर की गलती को दुरुस्त कर लिया गया है। ऑपइंडिया ने उर्दू विभाग के HOD आफताब अहमद से भी उनका पक्ष जानना चाहा लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो पाया है।

पूर्व रॉ अधिकारी ने किया था पवार-दाऊद संबंधों का दावा, अब उसकी बहन से जुड़े नवाब मलिक के तार: जानिए कौन है सलीम पटेल

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उद्धव ठाकरे सरकार में मंत्री नवाब मलिक के आतंकी दाऊद इब्राहिम से लिंक का खुलासा किया है। अब खबर आई है कि NCP अध्यक्ष शरद पवार ने महाराष्ट्र के गृह मंत्री दिलीप वलसे पाटिल के आवास पर एक बड़ी बैठक में हिस्सा लिया है। इस बैठक में मुंबई के पुलिस कमिश्नर हेमंत नागराले और CP (लॉ एंड ऑर्डर) वी नांगरे पाटिल को भी तलब किया गया। इसमें आर्यन खान ड्रग्स मामले को लेकर चर्चा की गई। नवाब मलिक ने फिर से खुलासे की धमकी दी है।

देवेंद्र फडणवीस ने एक सलीम पटेल का जिक्र अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया, जिसे आतंकी दाऊद इब्राहिम का करीबी बताया जाता है। वो दाऊद की बहन हसीना पार्कर का ड्राइवर और बॉडीगार्ड हुआ करता था। 2007 में ये दोनों ही गिरफ्तार किए गए थे। जाँच में खुलासा हुआ था कि दाऊद इब्राहिम की सारी संपत्तियों को हसीना के नाम पर किया जा रहा है और इस पूरे मामले में ‘पॉवर ऑफ अटॉर्नी’ सलीम को बनाया जा रहा था। उसे ‘गोवा पटेल’ के नाम से अंडरवर्ल्ड में जाना जाता था।

जमीन के कब्जे की सारी वारदातों को वो अपने हाथ में लेता था और पूरा करता था। हैदराबाद बम ब्लास्ट मामले के अलावा रंगदारी और धोखाधड़ी के उस पर कई मामले दर्ज हैं। 2010 में तत्कालीन गृह मंत्री आरआर पाटिल के साथ सलीम पटेल की कुछ तस्वीरें भी सामने आई थीं। एक इफ्तार में दोनों बातचीत करते हुए दिखे थे। पाटिल को तब विपक्ष के आरोपों के बाद सफाई देनी पड़ी थी। ये पार्टी 11 सितंबर 2010 को राज्य अल्पसंख्यक आयोग के तत्कालीन अध्यक्ष नसीम कुरैशी के घर पर हुई थी।

इसी इफ्तार पार्टी में भाजपा के विधायक रहे प्रेम कुमार शर्मा की हत्या का आरोपित मोबिन कुरैशी भी उपस्थित था और उसने पाटिल को गुलदस्ता भेंट किया था। उस पर भी एक दर्जन मामले दर्ज हैं। वो पेशे से बिल्डर था और अवैध निर्माण के कई नोटिस उसे मिल चुके थे। दिवंगत आरआर पाटिल NCP और कॉन्ग्रेस में रहे थे। वो महाराष्ट्र के उप-मुख्यमंत्री भी थे। 26/11 हमले के बाद उन्हें इस्तीफा देना पड़ा था, लेकिन 2009 में उन्हें फिर गृह मंत्री बना दिया गया था।

अब नवाब मलिक ने अपने ऊपर लगे आरोपों पर कहा है कि देवेंद्र फडणवीस ने सब कुछ ‘राई का पहाड़’ बना कर पेश किया है और असली ‘हाइड्रोजन बम’ तो वो अब फोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि फडणवीस के सीएम कार्यकाल में मुंबई हॉस्टेज बनी हुई थी और दुबई में बैठ कर अंडरवर्ल्ड वाले उगाही करते थे। नवाब मलिक ने कहा कि जिस जमीन की बात हो रही, वहाँ उनका परिवार पहले किराएदार था और बाद में मालिकाना हक़ मिला। उन्होंने दावा किया कि वहाँ पहले से उनके गोदाम और दुकानें थीं।

बता दें कि रॉ के एक पूर्व अधिकारी ने NCP अध्यक्ष शरद पवार के सम्बन्ध में बड़ा खुलासा किया था। उन्होंने बताया था कि पवार और कॉन्ग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गॉंधी के बेहद करीबी माने जाने वाले पार्टी सांसद अहमद पटेल के दाऊद से करीबी संबंध थे। कॉन्ग्रेस और एनसीपी नेताओं से अपनी इसी करीबी का फायदा उठाकर अंडरवर्ल्ड डॉन देश से भाग निकलने में कामयाब रहा। उसे पकड़ कर लाने के खुफिया ऑपरेशन भी इसकी भेंट चढ़े। 1993 मुंबई ब्लास्ट के इस गुनहार को केंद्र सरकार ने हाल ही में यूएपीए कानून के तहत आतंकी घोषित किया है।

सूद ने एक साक्षात्कार में कहा था कि जब दाऊद और मुंबई धमाकों के अन्य आरोपी देश से भागे, तब पवार मुख्यमंत्री थे। उनके मुताबिक धमाकों के बाद दाऊद और उसके गुर्गों के खिलाफ कानून-प्रवर्तन एजेंसियों ने सख्ती नहीं की। इस सबसे संकेत मिलते हैं कि शरद पवार और दाऊद के बीच संबंध थे। उन्होंने कहा था, “यह जगजाहिर है कि शरद पवार के दाऊद इब्राहिम से संबंध थे।” सूद ने जोर देकर कहा था कि आतंकवाद के सरपरस्त मुल्क पाकिस्तान की तारीफ करने के पीछे पवार और दाऊद इब्राहिम के ही संबंध ही हैं। दाऊद के साथ उनका व्यापारिक संबंध भी रहा है।

इसी तरह शरद पवार के एक अन्य करीबी NCP नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रफुल्ल पटेल के इकबाल मिर्ची से संबंधों का खुलासा हुआ था। प्रवर्तन निदेशालय ने उन्हें अवैध वित्तीय लेनदेन के मामले में समन भेजा था। उन्होंने अंडरवर्ल्ड के अपराधी इक़बाल मिर्ची की पत्नी हाजरा मेनन के साथ डील की बात स्वीकारी थी। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने प्रफुल्ल पटेल और मिर्ची की डील को देशद्रोह करार दिया था। उन्होंने शरद पवार और राहुल गाँधी को भी इस मामले में ख़ुद को पाक-साफ़ साबित करने को कहा था। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने भी कहा था कि पटेल के दाऊद के साथ क्या सम्बन्ध हैं, वह जाहिर करें।

देवेंद्र फडणवीस ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में क्या आरोप लगाए

देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि उनके जो आरोप हैं, जो राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा एक गंभीर मुद्दा है। उन्होंने 1993 के मुंबई बम धमाकों का जिक्र करते हुए कहा कि उस घटना में सरदार शाह वली खान दोषी था और उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है। फ़िलहाल वो जेल में है। फड़नवीस ने बताया कि ये व्यक्ति आतंकी टाइगर मेनन को हथियारों का प्रशिक्षण देने में शामिल था। उसने स्टॉक एक्सचेंज और बीएमसी में बम कहाँ रखना है, इसकी रेकी की थी। सुप्रीम कोर्ट ने उसकी उम्रकैद की सज़ा बरक़रार रखी थी।

इसके बाद उन्होंने एक सलीम पटेल का नाम लिया, जो दाऊद की बहन हसीना पारकर का बॉडीगार्ड और ड्राइवर है। उसे 2007 में हसीना पारकर के साथ गिरफ्तार किया गया था। देवेंद्र फड़नवीस की में तो मुंबई पुलिस के रिकॉर्ड के मुताबिक, दाऊद के फरार होने के बाद संपत्ति हसीना के नाम जमा कराई जा रही थी और ये काम सलीम पटेल ने किया था। उसके नाम पर पावर ऑफ अटॉर्नी चलती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि सलीम पटेल जमीन पर कब्जे का काम करता था।

देवेंद्र फड़नवीस ने खुलासा किया, “सॉलिडस कंपनी ने 2007 में 2053 रुपए प्रति वर्ग फुट में जमीन खरीदी थी। तीन एकड़ जमीन अंडरवर्ल्ड के लोगों से महज 30 लाख रुपए में खरीदी गई थी, जिसमें से 20 लाख रुपए दिए गए। सलीम पटेल के खाते में 15 लाख रुपए गए तो 5 लाख शाह वली खान को मिला। जमीन की कम कीमत दिखाने के लिए किए बहुत सारे घोटाले हुए। लेन-देन 2003 में शुरू हुआ और 2005 में समाप्त हुआ। तब नवाब मलिक मंत्री थे।”

उन्होंने सॉलिडस नाम की एक कंपनी का जिक्र करते हुए कहा कि नवाब मलिक पहले इसके सदस्य थे और अब उन्होंने इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने दावा किया कि NCP नेता नवाब मलिक का परिवार अब भी इस कंपनी से जुड़ा हुआ है। देवेंद्र फड़नवीस ने सवाल दागा कि नवाब मलिक ने मुंबई के हमलावरों से जमीन क्यों खरीदी? इन अपराधियों ने तीन एकड़ जमीन नवाब मलिक को सिर्फ 30 लाख रुपये में क्यों दी? फड़नवीस ने कहा कि राज्य सरकार टाडा के आरोपितों की जमीन नियमानुसार जब्त करती है, क्या आपको यह जमीन इसलिए दी गई कि इसे जब्त न किया जाए?

‘सपा-कॉन्ग्रेस पर लोगों को विश्वास नहीं’: BSP अकेले लड़ेगी UP विधानसभा चुनाव, मायावती ने कहा- इस बार समझौता नहीं

बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने ऐलान कर दिया है कि वो साल 2022 में किसी भी दल के साथ समझौता नहीं करेंगी और अकेले चुनाव लड़ेंगी। उनका कहना है कि इस बार बसपा का गठबंधन जनता से होगा और प्रदेश में उनकी ही सरकार बनेगी।

मायावती ने कहा, “बीएसपी, किसी भी पार्टी के साथ कोई चुनावी समझौता नहीं करेगी। हम अपने दम पर लड़ेंगे। हमारा समझौता समाज के हर वर्ग की जनता से होगा ताकि उन्हें एकजुट लाएँ- यही गठबंधन पर्मानेंट है। हमारी इच्छा नहीं है कि हम किसी पार्टी के साथ गठबंधन करें।”

यूपी की पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि वह ताबड़तोड़ सरकारी योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण कर रही है। लेकिन ये योजनाएँ अभी आधी-अधूरी ही हैं और जनता इनके झांसे में नहीं आएगी। इसी तरह कॉन्ग्रेस व समाजवादी पार्टी को आड़े हाथों लेते हुए बसपा सुप्रीमो ने कहा, “कॉन्ग्रेस भी भाजपा की राह पर है इसलिए लगातार लोकलुभावन घोषणाएँ कर रही है। अगर उन्होंने सत्ता में रहते हुए 50 फीसदी भी अपने वादे पूरे किए होते तो आज केंद्र की सत्ता से बाहर न होते।” मायावती ने कहा कि जनता सपा के चुनावी वादों पर यकीन नहीं करेगी और उन्हें वोट नहीं देगी।

बता दें कि 2022 विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मायावती ने भले ही अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान किया है लेकिन अभी पिछले लोकसभा चुनावों में उन्होंने अखिलेश की सपा से समझौता कर पार्टी की किस्मत को आजमाया था। दोनों पार्टियों ने साल 2019 में 12 जनवरी को साथ आने का ऐलान किया था और भाजपा की प्रचंड जीत व अन्य पार्टियों की हार के बाद 23 जून को ये गठबंधन टूट गया था। मायावती ने तब कहा था कि लोकसभा चुनावों में सपा का व्यवहार ठीक नहीं था। अतः पार्टी के हित में बसपा आगे सभी चुनाव अकेले लड़ेगी।

मायावती ने ट्वीट कर कहा था, “बसपा ने प्रदेश में सपा सरकार के दौरान हुए दलित विरोधी फ़ैसलों को दरकिनार कर देशहित में पूरी तरह गठबंधन धर्म निभाया। चुनावों के बाद सपा का व्यवहार सोचने के लिए मजबूर करता है कि क्या ऐसा करके बीजेपी को आगे हरा पाना संभव होगा? जो संभव नहीं है। अतः पार्टी के हित में बसपा आगे होने वाले सभी छोड़े-बड़े चुनाव अकेले अपने बूते पर ही लड़ेगी।”

साल 2017 के विधानसभा चुनावों की बात करें उस दौरान सपा-कॉन्ग्रेस ने एक दूसरे के साथ गठबंधन किया था लेकिन उसके बाद भी 403 सीटों में से 324 पर बीजेपी गठबंधन, 54 पर एसपी-कॉन्ग्रेस गठबंधन, 19 पर बीएसपी और 6 सीटें अन्य के खाते में गई थीं।