Home Blog Page 1599

जिस खिलाड़ी ने अपने एक गोल से टीम को बनाया वर्ल्ड चैंपियन, स्टेडियम में दोस्त की माँ को दी श्रद्धांजलि… उसे अपने ही पिता के निधन की नहीं थी जानकारी

फीफा को विमेंस फुटबॉल का नया चैंपियन मिला है। फाइनल में स्पेन ने इंग्लैंड को 1-0 से हराकर फीफा का खिताब अपने नाम किया। मैच का एकमात्र गोल स्पेन की ओल्गा कार्मोना ने किया। गोल करने के बाद उन्होंने अपनी जर्सी उठाकर जश्न मनाया। जर्सी के नीचे ‘MERCHI’ लिखा हुआ था। इसके जरिए उन्होंने अपने दोस्त की माँ को श्रद्धांजलि दी, जिनकी कुछ दिनों पहले ही मृत्यु हुई थी। एक तरफ वो दोस्त के लिए मार्मिक संदेश दे रही थीं, दूसरी ओर उन्हें पता भी नहीं था कि मैच से पहले उनके पिता की भी मृत्यु हो गई है। उनके परिवार ने यह बात उनसे छुपाए रखी।

वीमेंस फीफा वर्ल्ड कप के फाइनल मैच में स्पेन इंग्लैंड पर पूरी तरह से हावी नजर आया। मैच के पहले हाफ के 29वें मिनट में ओल्गा कार्मोना के गोल ने स्पेन को बढ़त दिला दी थी। ओल्गा कार्मोना ने गोल करने के बाद जश्न मनाते हुए अपनी जर्सी उठाई। इसकी फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। इसको लेकर लोग कई प्रकार की बातें कर रहे थे। हालाँकि कोई भी यह समझ नहीं पा रहा था कि इसका मतलब क्या है?

शुरुआत में यह माना जा रहा था कि ओल्गा ने स्पेन के कोच जॉर्ज विल्डा के सपोर्ट में जर्सी उठाई है। हालाँकि कुछ लोगों का मानना था कि वर्ल्ड कप से बाहर किए गए 12 खिलाड़ियों के समर्थन में ओल्गा ने यह किया। बता दें कि साल 2022 में विल्डा के खिलाफ स्पेन के 15 खिलाड़ियों ने मोर्चा खोल दिया था। इसमें वर्ल्ड कप में शामिल 3 खिलाड़ी भी थे।

इसके बाद जब ओल्गा कार्मोना की फोटोज सामने आईं तो लोगों का कन्फ्यूजन और बढ़ गया। दरअसल, उनकी जर्सी के नीचे ब्लैक कलर से ‘MERCHI’ लिखा हुआ था। हालाँकि मैच के बाद यानि पोस्ट मैच प्रजेंटेशन में ओल्गा ने कहा “सबसे पहले, मैं कहना चाहती हूँ कि यह जीत, यह उपलब्धि मेरे सबसे अच्छे दोस्तों में से एक की माँ को समर्पित है। उनका हाल ही में निधन हो गया था। मैंने उनकी नाम लिखी जर्सी के साथ जश्न मनाया। मैं इसे अपने पूरे प्यार के साथ पूरे परिवार को समर्पित करती हूँ।”

स्पेन को पहली बार वर्ल्ड कप विजेता बनाने वाली ओल्गा कार्मोना जीत के बाद काफी खुश थीं। उन्होंने ट्रॉफी और मेडल को चूमकर जश्न भी मनाया। हालाँकि बाद में उन्हें बताया गया कि उनके पिता का भी निधन हो गया है। रेलेवो की रिपोर्ट के अनुसार, फाइनल मैच शुरू होने से पहले ही कार्मोना के पिता का निधन हो गया था। वह फाइनल में अच्छे से खेलती रहें, इसलिए उनके परिवार ने उनसे यह खबर छिपाए रखी।

पिता के निधन की खबर मिलने के बाद ओल्गा कार्मोना ने एक्स (ट्विटर) पर लिखा, “मैच शुरू होने से पहले मेरे स्टार मेरे साथ थे। मैं जानती हूँ कि आपने मुझे कुछ अनोखा हासिल करने की ताकत दी है। मुझे पता है कि आज रात भी आप मुझे देख रहे हैं और आपको मुझ पर गर्व हो रहा होगा। शांति से आराम करिए पापा।”

नूहं दंगों में जिस साइबर क्राइम थाने को जलाया, उसके 2 आरोपित जाबिर और इरशाद गिरफ्तार: छिपे थे अरावली की पहाड़ियों में

नूहं में 31 जुलाई 2023 को निकली ब्रजमंडल शोभयात्रा के दौरान हिंसा, आगजनी और तोड़फोड़ करने वाले आरोपितों पर हरियाणा सरकार लगातार कार्रवाई कर रही है। एसटीएफ और क्राइम ब्रांच तथा अन्य पुलिस टीमों का लगातार सर्च आपरेशन जारी है। रविवार (20 अगस्त, 2023) को पुलिस द्वारा 5 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें से दो आरोपित जाबिर और इरशाद हैं। 

दैनिक जागरण की रिपोर्ट के अनुसार, नूहं हिंसा के दोनों आरोपित राजस्थान के अलवर जिला के गाँव चूहड़पुर के निवासी बताए जा रहे हैं। इन दोनों को रविवार की रात में गाँव से सटी अरावली पहाड़ी से गिफ्तार किया गया है। इन दोनों आरोपितों का नाम खेड़ला चौक पर हुई हिंसा के साथ-साथ साइबर क्राइम थाने में तोड़फोड़ करने तथा पुलिस के वाहनों को आग लगाने के मामले में सामने आया है।

रिपोर्ट के अनुसार पुलिस रिमांड पर लेकर इन दोनों से कड़ाई से पूछताछ करेगी। पुलिस को उम्मीद है कि हिंसा से जुड़े सुनियोजित साजिश में अन्य दंगाइयों के बारे में पता लगाया जा सकेगा। 

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, जाबिर और इरशाद के अलावा तीन अन्य आरोपितों को भी पुलिस ने गिरफ्तार करने का दावा किया है, लेकिन उनके नाम अभी तक सामने नहीं आए हैं। कहा जा रहा है कि तीनों को अलग-अलग थाने की टीमों ने गिरफ्तार किया है। 

गौरतलब है कि मेवात के नूहं में 31 जुलाई को जलाभिषेक यात्रा में शामिल हिंदुओं पर ही मुस्लिमों की भीड़ ने हमला कर दिया था। इस दौरान नल्हड़ के शिव मंदिर में श्रद्धालु घंटों बंधक की तरह फँसे रहे। पहाड़ियों से दंगाई इस मंदिर को भी निशाना बना रहे थे।

अब तक नूहं हिंसा से जुड़े 264 लोगों की गिरफ्तारी की गई है। हरियाणा पुलिस और STF की टीमें लगातार आरोपितों पर कार्रवाई करते हुए सर्च अभियान चला रही है। नूहं दंगों के बाद से हरियाणा पुलिस लगातार पब्लिक और पत्रकारों से भी सहयोग माँग रही है ताकि हिंसा के सभी आरोपितों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

इस मामले में एसपी नरेंद्र बिजारणिया ने कहा, “सर्च ऑपरेशन के दौरान किसी भी निर्दोष व्यक्ति को डरने की जरूरत नहीं है। उपद्रवी चाहे कोई भी हो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”

3 लाख लोग, एल्विश यादव संग CM मनोहर लाल खट्टर और गुरुग्राम में ‘हैंग हुआ सिस्टम’: बिग बॉस OTT विजेता के साथ मुख्यमंत्री का कदमताल, हरियाणा टैलेंट हंट का ऐलान

बिग बॉस ओटीटी 2 (Bigg Boss OTT 2) के विनर एल्विश यादव (Elvish Yadav) लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। रविवार (20 अगस्त, 2023) को हरियाणा के गुरुग्राम में एल्विश का सम्मान समारोह आयोजित हुआ। इस दौरान मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने एल्विश यादव को सम्मानित किया। खबर है कि इस कार्यक्रम में 3 लाख से अधिक लोग जुटे थे।

दरअसल, एल्विश यादव ने सोशल मीडिया के जरिए पहले ही ऐलान किया था कि 20 अगस्त को अभिनंदन समारोह आयोजित होना है। ऐसे में एल्विश के फैंस बड़ी संख्या में गुरुग्राम स्थित देवीलाल स्टेडियम में पहुँचे थे। पूरा स्टेडियम ‘एल्विश आर्मी’ से खचाखच भरा नजर आया। जहाँ हर तरफ एल्विश-एल्विश के नारे गूँज रहे थे। इस कार्यक्रम के दौरान मंच पर हरियाणा के सीएम मनोहर खट्टर के अलावा एल्विश यादव के माता-पिता भी नजर आए। साथ ही मॉडल और बॉडी बिल्डर प्रिंस नरूला भी मौजूद रहे।

एल्विश यादव के इस ‘अभिनंदन समारोह’ के कई वीडियो सामने आए हैं। इनमें से एक वीडियो में सीएम मनोहर लाल खट्टर और एल्विश यादव मंच पर साथ चलते नजर आ रहे हैं। इसके बाद खट्टर एल्विश यादव का हाथ ऊपर उठाकर उनके फैंस को यह बताते नजर आ रहे हैं कि बिग बॉस ओटीटी 2 का विजेता सबके सामने है।

इस कार्यक्रम में सीएम खट्टर ने ऐलान किया है कि 1 नवंबर को हरियाणा दिवस के अवसर पर प्रदेश सरकार स्टेट लेवल टैलेंट हंट का कार्यक्रम आयोजित करेगी। खट्टर ने कहा है कि इस कार्यक्रम के तहत राज्य की युवा प्रतिभाओं का सम्मान किया जाएगा। इसमें खासतौर से एल्विश यादव का सम्मान होगा।

वहीं एल्विश यादव की माँ सुषमा यादव का भी वीडियो सामने आया। एल्विश की माँ ने ‘एल्विश आर्मी’ को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा है, “आप सभी बच्चों को बहुत-बहुत धन्यवाद। यदि आप लोगों का साथ नहीं होता तो यह चीज कभी पूरी नहीं हो पाती। अगर आप लोग नहीं होते तो यह काम पूरा नहीं हो पाता। आप सभी का बहुत-बहुत शुक्रिया।”

बता दें कि एल्विश यादव मशहूर यूट्यूबर हैं। यूटयूब से लोगों के बीच मशहूर होने के बाद बिग बॉस ओटीटी 2 पर उन्हें वाइल्ड कार्ड एंट्री मिली थी। इसके बाद वह और भी अधिक चर्चा में आ गए थे। वास्तव में बिग बॉस में जाने के कुछ ही दिनों बाद उनके विनर बनने की चर्चा तेज हो गई थी। इसके बाद ऑन लाइन हुई वोटिंग में भी एल्विश के फैंस ने उन्हें जमकर वोट देते हुए विनर बनाया था। बिग बॉस ओटीटी 2 जीतने पर एल्विश को ₹25 लाख का इनाम मिला।

सब्जी की दुकान पर डिजिटल पेमेंट कर UPI के मुरीद हुए जर्मनी के मंत्री, खरीदी मिर्च: कहा – डिजिटल इंफ़्रास्ट्रक्चर भारत की सफलता की एक कहानी

जर्मनी के मंत्री वोल्कर विसिंग प्रधानमंत्री मोदी की महत्वाकांक्षी योजना ‘डिजिटल इंडिया’ से प्रभावित नजर आए। वह एक छोटी सी दुकान पर डिजिटल पेमेंट देखकर दंग रह गए। जर्मनी के दूतावास ने भी भारत में बढ़ते डिजिटलीकरण की तारीफ की। साथ ही इसे देश की सफलता की कहानी करार दिया।

दरअसल, जर्मनी के डिजिटल और परिवहन मंत्री वोल्कर विसिंग जी-20 सम्मेलन में भाग लेने भारत पहुँचे हैं। इस दौरान उन्होंने दिल्ली में एक सब्जी की दुकान पर मिर्च खरीदी। इसका भुगतान करने के लिए उन्होंने यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस यानि UPI का उपयोग किया। इसके कुछ वीडियो और फोटो भी सामने आए हैं। वीडियो में विसिंग को यूपीआई के जरिए पेमेंट करते देखा जा सकता है।

इस दौरान वोल्कर विसिंग काफी खुश नजर आए। भारत में बढ़ते UPI के उपयोग और विसिंग के अनुभव को लेकर जर्मनी के दूतावास ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, “भारत की सफलता की कई कहानी है। इनमें से एक डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर भी है। UPI हर किसी को सेकंडों में लेनदेन करने में सक्षम बनाता है। लाखों भारतीय इसका इस्तेमाल करते हैं। जर्मनी के डिजिटल और परिवहन मंत्री ने खुद यूपीआई से पेमेंट कर इसकी सरलता का अनुभव किया। वह इसके मुरीद हो गए।”

बता दें कि वोल्कर विसिंग जी-20 में डिजिटल मंत्रियों की बैठक में शामिल होने 18 अगस्त को बेंगलुरु पहुँचे थे। उन्होंने 19 अगस्त को भारत के सूचना और प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव समेत अन्य देशों के मंत्रियों के साथ बैठक की थी।

गौरतलब है कि UPI अब सिर्फ भारत ही नहीं बल्कि दुनिया भर के कई देशों में तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। साथ ही कई देश इसका उपयोग भी कर रहे हैं। यूपीआई को लेकर भारत ने  श्रीलंका, संयुक्त अरब अमीरात, सिंगापुर के साथ साझेदारी की है। वहीं जब प्रधानमंत्री मोदी फ्रांस दौरे पर थे तब उन्होंने कहा था कि UPI से पेमेंट को लेकर दोनों देशों के बीच साझेदारी हुई है।

‘वर्षों की मनोकामना पूरी हुई, मंदिर बन जाएगा तो फिर आऊँगा’: अयोध्या में रजनीकांत ने किया रामलला का दर्शन, स्वागत में IG-कमिश्नर से लेकर ट्रस्ट के सदस्य और हिन्दू पदाधिकारी तक रहे मौजूद

सुपरस्टार रजनीकांत ने रविवार (20 जुलाई, 2023) को अयोध्या पहुँच कर रामलला के दर्शन किए और निर्माणाधीन राम मंदिर के कार्य को भी देखा-जाना। इस दौरान बड़ी संख्या में हिन्दू संगठनों के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। रामलला विराजमान के दर्शन के साथ-साथ उन्होंने भव्य राम मंदिर के निर्माण कार्य का अवलोकन किया। इससे पहले ‘संकटमोचन सेना’ के कार्यवाहक राष्ट्रीय अध्यक्ष वरिष्ठ पुजारी हेमंत दास ने उन्हें हनुमानगढ़ी मंदिर में ले जाकर दर्शन कराया। वहाँ बड़ी संख्या में लोग उनके स्वागत में जुटे थे।

राम मंदिर में ‘श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण ट्रस्ट समिति’ के सदस्य विमलेंद्र मोहन मिश्र, डॉ अनिल मिश्र, कमिश्नर गौरव दयाल, IG प्रवीण कुमार, ‘विश्व हिन्दू परिषद’ के प्रवक्ता शरद शर्मा, नगर आयुक्त विशाल सिंह, पुलिस अधीक्षक (सुरक्षा) पंकज पांडेय, राम मंदिर के निर्माण की जिम्मेदारी संभाल रही टाटा कंसल्टेंसी के मैनेजर विनोद शुक्ला और रामशंकर ने उनका स्वागत किया। रजनीकांत ने कहा कि वर्षों से उनका अयोध्या आने का मन था और आज रामलला के दर्शन की उनकी मनोकामना पूरी हुई है।

उन्होंने कहा कि ईश्वर की इच्छा हुई तो राम मंदिर के निर्माण के बाद उन्हें यहाँ फिर से आने का मौका मिलेगा। इस दौरान उन्होंने राम मंदिर का प्रारूप भेंट किया गया और अंगवस्त्र पहना कर सम्मानित किया गया। इसके बाद वो फिर लखनऊ के लिए रवाना हो गए। बता दें कि लखनऊ में उन्होंने उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के साथ अपनी फिल्म ‘जेलर’ की स्पेशल स्क्रीनिंग में भी हिस्सा लिया था। फिल्म 10 दिनों में बॉक्स ऑफिस पर 514 करोड़ रुपए की कमाई कर चुकी है। सिर्फ तमिलनाडु में इसने 180 करोड़ रुपए बटोर लिए हैं।

सुपरस्टार रजनीकांत के अयोध्या में दर्शन-पूजन को भारत के उत्तरी और दक्षिणी हिस्सों के मेल के रूप में भी देखा जा सकता है, इससे ये साफ़ होता है कि सनातन धर्म इस भूमि को जोड़ता है। रामलला भारत के अलग-अलग हिस्सों के बीच एकता का एक सेतु बन रहे हैं, ये बड़ी अच्छी बात है। 48 वर्षों से तमिल फिल्म इंडस्ट्री पर राज कर रहे रजनीकांत तेलुगू, कन्नड़ और मलयालम दर्शकों में भी लोकप्रिय हैं। श्रीराम ने रामेश्वरम में ही शिव की पूजा की थी और वहाँ मंदिर भी है। तमिल में ‘कम्बन रामायण’ खासा लोकप्रिय है।

अब दक्षिण कोरिया से भारत पहुँची लड़की, गुरुद्वारे में सुखजीत से रचाई शादी: सीमा हैदर-अंजू के बाद अब मीडिया में किम की चर्चा, भा रहे भारत के गाँव

पाकिस्तान से भारत आई सीमा हैदर और भारत से पाकिस्तान गई अंजू की ‘लव स्टोरी’ के बीच, अब कोरियाई लड़की भारत की बहू बनी है। उत्तर प्रदेश के शाहजहाँपुर के रहने वाले सुखजीत सिंह काम की तलाश में दक्षिण कोरिया गए थे। वहाँ उनकी मुलाकात किम बोह नी से हुई। दोनों के बीच प्यार हो गया। इसके बाद अब भारत आकर 18 अगस्त को शादी कर ली।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मामला शाहजहाँपुर के पुवायाँ क्षेत्र के उदना का है। यहाँ रहने वाले सुखजीत सिंह 6 साल पहले काम की तलाश में दक्षिण कोरिया गए थे। जहाँ उन्हें एक कॉफी शॉप पर नौकरी मिली। इसके करीब 2 साल बाद उसी कॉफी शाॅप पर किम बोह नी भी नौकरी करने आईं। एक साथ नौकरी करने के दौरान दोनों के बीच बात शुरू हुई। इसके बाद बात आगे बढ़ी और दोनों में प्यार हो गया।

इस बीच दोनों दक्षिण कोरिया में ही लिव इन रिलेशनशिप में रहने लगे। दोनों के घरवालों को उनके रिश्ते के बारे में बता दिया था। उन्हें भी सुखजीत और किम के रिश्ते से कोई दिक्कत नहीं थी। चार महीने पहले सुखजीत छुट्टी लेकर भारत लौट आए थे। इस दौरान किम अकेली रह गई थी। उसे सुखजीत की कमी खल रही थी। ऐसे में उसने भारत का टूरिस्ट वीजा हासिल किया और 2 महीने पहले वह भी भारत आ गई।

सुखजीत के परिवार ने किम का जोरदार स्वागत किया। दो माह तक भारत में रहने के बाद किम ने सुखजीत के परिवार को भी अच्छी तरह से समझ लिया। इसके बाद अब 18 अगस्त को पुवायाँ के गुरुद्वारा नानक बाग में दोनों ने सिख रीति-रिवाज से शादी कर ली। किम बोह नी को 5 साल का वीजा मिला है। हालाँकि वह 1 महीने और भारत में रुकने के बाद दक्षिण कोरिया लौट जाएगी। इसके बाद किम वापस आएगी। फिर किम और सुखजीत दोनों दक्षिण कोरिया में ही बस जाएँगे।

किम को भारत के गाँव खासतौर से खेत बहुत पसंद आ रहे हैं। वह मांसाहारी है। लेकिन उसको यहाँ के नूडल्स और चावल बहुत भा रहे हैं। इसके अलावा उसे पंजाबी गाने और यहाँ का कल्चर भी पसंद आ रहा है। किम बोह नी को हिंदी नहीं आती। लेकिन वह इशारों में बात करके सुखजीत के परिवार से बात करती है। सुखजीत भी कभी ट्रांसलेटर बन कर परिवार वालों और किम की बातचीत कराते हैं।

बता दें कि पाकिस्तान के कराची में रहने वाली सीमा हैदर की मुलाकात पबजी गेम खेलते हुए नोएडा में रहने वाले सचिन से हुई थी। इसके बाद सचिन के प्यार में 4 बच्चों की अम्मी सीना कराची स्थित अपना घर बेचकर अपने बच्चों समेत भारत आकर सचिन के साथ रह रही थी। चूँकि उसने नेपाल बॉर्डर से अवैध रूप से भारतीय सीमा में प्रवेश किया था। इसलिए पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था। फिलहाल यूपी एटीएस समेत अन्य जाँच एजेंसियाँ उसके खिलाफ जाँच कर रहीं हैं।

वहीं, राजस्थान के भिवाड़ी जिले की रहने वाली अंजू थॉमस की मुलाकात फेसबुक के जरिए पाकिस्तान के दीर बाला जिले के नसरुल्लाह से हुई थी। उसने पाकिस्तान जाने के लिए पासपोर्ट और वीजा बनवाया था। इसके बाद सीमा पार कर नसरुल्लाह से मिलने पाकिस्तान पहुँच गई। पाकिस्तानी मीडिया का दावा है कि अंजू ने नसरुल्लाह से निकाह कर लिया है। उसका निकाह नामा व कई तस्वीरें भी सामने आईं थीं।

‘जो हिन्दू धर्म छोड़ कर गए हैं वो वापस आएँ’: ‘अली मौला’ भूल मोरारी बापू ने कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी में लगाई ‘घर वापसी’ की दहाड़, पूछा – राम नाम लेने में शर्म कैसी?

देश के प्रसिद्ध कथावाचक मुरारी बापू आजकल इंग्लैंड के कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय में रामकथा कह रहे हैं। इस दौरान उन्होंने कहा कि हिंदू धर्म के अनुयायियों को आत्मविश्वास के साथ खुद को हिंदू कहना चाहिए और राम का नाम लेना चाहिए। एक वायरल वीडियो में उन्होंने हिंदू धर्म छोड़कर गए लोगों को घरवापसी करने के लिए कहा। इसको लेकर महामंडलेश्वर चिदंबरानंद सरस्वती ने उन पर तंज कसा है।

रामकथा के लिए विख्यात मुरारी बापू ने कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी में कहा, “पूरे विश्व में जहाँ भी हिंदू हैं उन्हें राम का नाम लेने में और खुद को हिंदू कहने में झिझक क्यों है?” इसके लिए उन्होंने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक के उस बयान का भी हवाला दिया, जिसमें उन्होंने खुद को हिंदू कहा था।

मुरारी बापू ने ब्रिटिश प्रधानमंत्री का हवाला देते हुए कहा “हमें गौरव है, हम सनातन धर्म से हैं। और क्यों नहीं! ऋषि जी, जो वर्तमान ब्रिटिश प्रधानमंत्री हैं, ने कहा कि वह यहाँ एक हिंदू के रूप में आए हैं। आप सभी (हिंदू पहचान को लेकर) इतने शर्मिंदा क्यों हैं? गाँधी जी ने और स्वामी विवेकानन्द जी ने भी कहा कि वे हिंदू हैं।”

राजा रामचंद्र की महिमा का बखान करते हुए मुरारी बापू ने कहा, “हमारे राम सीमाओं से परे हैं। उनकी दिव्यता की कोई सीमा नहीं है।” उन्होंने आगे कहा, “हिंदू होना खुले दिमाग और व्यापक स्वीकृति का पर्याय है। हिंदू धर्म और सनातन धर्म के सिद्धांत विशाल आकाश से भी अधिक व्यापक हैं।” इस दौरान उन्होंने ‘जय सियाराम’ का नारा भी लगवाया।

मुरारी बापू का बयान मीडिया में आने के बाद महानिर्वाणी अखाड़ा के महामण्डलेश्वर स्वामी चिदम्बरानन्द सरस्वती ने उन पर तंज कसा। मुरारी बापू का वीडियो शेयर करते हुए कहा कि एक विरोध में कितना बदलाव हो गया। वीडियो में मोरारी बापू कहते हैं, “अपना सनातन हिंदू धर्म छोड़कर कहीं और गए हों तो लौट आओ। व्यासपीठ अपने घर आपको बुला रही है।”

इसको लेकर चिदंबरानंद ने X पर पोस्ट में लिखा, “जो व्यासपीठ पहले अली मौला गा रही थी, अब वही व्यासपीठ अपना सनातन हिन्दू धर्म छोड़कर दूसरी जगह चले जाने वालों को वापस बुला रही है। जो पूछते थे कि अली मौला गाने वाले मुरारी बापू का विरोध करके क्या मिला, उन्हें देखना चाहिए कि एक विरोध से कितना बदलाव हो गया।”

बताते चलें कि मुरारी बापू अपने अली मौला के कारण सोशल मीडिया पर काफी चर्चित रहे थे। मुरारी बापू ने व्‍यासपीठ में कहा था, “त्रिपुंडधारियों और बाबाओं को उमर खैय्याम और रूमी पढ़ना चाहिए, तब पता लगेगा बंदगी क्या है!” इसके बाद उन्हें संत समाज का गुस्‍सा झेलना पड़ा था। विवाद में आने के बाद उन्होंने स्वयं का बचाव करते हुए दूसरे धर्माचार्यों पर ताने मारने और उन्हें अज्ञानी कहने लगे थे।

हालाँकि, अली मौला की बात करने वाले मोरारी बापू अकेले व्यक्ति नहीं हैं जो व्यासपीठ पर बैठते हैं। कथावाचन और भजन गाने वाले कई कथावाचक और कथावाचिकाओं से यूट्यूब भरे हुए हैं, जो उर्दू के शब्दों के साथ शायरी और कौव्वाली के अंदाज में भजन गाते हैं। इनमें एक एक चित्रलेखा शर्मा भी हैं, जो देवी चित्रलेखा के नाम से प्रसिद्ध हैं।

राष्ट्रपति के हस्ताक्षर नहीं और बन गया कानून! कंगाल पाकिस्तान में राष्ट्रपति के कर्मचारी ही नहीं सुन रहे उनकी बात, ट्वीट कर रोया दुखड़ा: कहा – ऊपरवाला सब जानता है

पाकिस्तान में संविधान को ताक पर रखकर बिना राष्ट्रपति के हस्ताक्षर के ही कानून बना दिया गया है। इस पर वहाँ के राष्ट्रपति आरिफ अल्वी खुद हैरान हैं। राष्ट्रपति आरिफ अल्वी ने रविवार (20 अगस्त, 2023) को दिए बयान में कहा कि उन्होंने ‘ऑफिसियल सीक्रेट एक्ट’ और ‘पाकिस्तान आर्मी एक्ट’ में संशोधन करने वाले विधेयकों पर हस्ताक्षर नहीं किए क्योंकि वह इन कानूनों से असहमत थे। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके कर्मचारियों ने उनकी इच्छा और आदेश का उल्लंघन करते हुए अलग ही इतिहास बना दिया। 

राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर किए गए अपने पोस्ट में अपने कर्मचारियों से बिलों को अप्रभावी’ बनाने के लिए निर्धारित समय के भीतर बिना हस्ताक्षर किए वापस करने को कहा। जबकि कर्मचारियों ने उनकी बात ही नहीं मानी और इसके साथ ही पाकिस्तान में अराजकता का एक नया दौर आता दिखने लगा है। 

राष्ट्रपति ने अपने ट्वीट में लिखा, “मैंने उनसे कई बार पुष्टि की कि क्या उन्हें बिल वापस कर दिया गया है और आश्वस्त किया गया था कि वे वापस आ गए हैं। हालाँकि, मुझे आज पता चला कि मेरे कर्मचारियों ने मेरी इच्छा और आदेश की अवहेलना की है। अल्लाह सब कुछ जानता है, वह इंशाअल्लाह माफ कर देगा। लेकिन मैं उन लोगों से माफी माँगता हूँ जो इस कानून से प्रभावित होंगे।”

हालाँकि, अभी तक राष्ट्रपति भवन ने कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। लेकिन, पाकिस्तानी मीडिया पोर्टल ‘डॉन’ की एक रिपोर्ट के अनुसार, यह बात बाहर आ गई थी कि अल्वी ने शनिवार (19 अगस्त, 2023) को ‘ऑफिसियल सीक्रेट (संशोधन) विधेयक, 2023 और पाकिस्तान सेना (संशोधन) विधेयक, 2023 पर अपनी सहमति दे दी थी, जिससे प्रस्तावित बिल अधिनियम (ACT) बन गए। 

रिपोर्ट के अनुसार, कुछ सप्ताह पहले ही विपक्षी सांसदों की आलोचना के बीच दोनों विधेयकों को सीनेट और नेशनल असेंबली ने मंजूरी दे दी थी और उन्हें मंजूरी के लिए राष्ट्रपति के पास भेजा गया था। गौरतलब है कि राष्ट्रपति का यह बयान पीटीआई के उपाध्यक्ष शाह महमूद कुरेशी और पूर्व विदेश मंत्री और पीटीआई अध्यक्ष इमरान खान के खिलाफ ‘ऑफिसियल सीक्रेट एक्ट’ के तहत 15 अगस्त को दर्ज की गई पहली FIR के एक दिन बाद आया है।

इमरान खान पर यह मामला तब दर्ज किया गया था जब एक अमेरिकी समाचार आउटलेट ‘द इंटरसेप्ट’ ने हाल ही में उस राजनयिक केबल को प्रकाशित किया था जो कथित तौर पर इमरान के ऑफिस से गायब हो गई थी। बता दें कि पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को तोशाखाना मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया था जिसे उन्होंने अमेरिकी साजिश बताया था। 

रिपोर्ट के अनुसार, पिछले सप्ताह राष्ट्रपति ने एक दर्जन से अधिक विधेयकों को संसद में पुनर्विचार के लिए लौटा दिया था। वहीं इस मामले में पाकिस्तान के कानून कानून मंत्रालय का कहना है कि राष्ट्रपति के पास दो ही विकल्प होते हैं या तो सहमति दें या अपने कमेंट के साथ बिल लौटा दें। इसके अलावा उन्हें रोककर रखने का कोई तीसरा प्रावधान ही नहीं है।

हालाँकि, पाकिस्तान में जहाँ एक ओर नेशनल असेम्बली भंग है ऐसे में राष्ट्रपति के पास विशेष शक्तियों के होते हुए भी उनके ऑफिस की अधिकारी उनकी ही नहीं सुन रहे। वहीं कई कानूनविद राष्ट्रपति को ही अपने अधिकारों का दुरुपयोग करने वाले के रूप में देख रहे हैं। इस पर वहाँ के कानून के जानकारों ने भी आश्चर्य व्यक्त किया है।

राजनेताओं और पत्रकारों ने अल्वी के दावों पर अविश्वसनीयता और निराशा के साथ प्रतिक्रिया व्यक्त की। वहीं पीटीआई नेता फारुख हबीब ने इस घटनाक्रम को ‘बेहद चौंकाने वाला’ और ‘पूरे सिस्टम के पतन’ के समान बताया।

उन्होंने कहा, “देश के वकील समुदाय को अब संविधान की सर्वोच्चता के लिए खड़ा होना चाहिए।”

पूर्व वित्त मंत्री इशाक डार ने कहा कि राष्ट्रपति की टिप्पणी अविश्वसनीय’ थी और उन्हें ‘अपने कार्यालय को प्रभावी ढंग से निभाने में विफल रहने’ के कारण इस्तीफा दे देना चाहिए।

‘मेरे पति को टार्गेट किया जा रहा, वो जैसे भी हैं मेरे हैं’: अब दुःखी हुई ‘लप्पू सा सचिन’ कहने वाली सीमा हैदर की पड़ोसन, कहा – कच्छा-बनियान में भी काम करते हैं…

सीमा हैदर की ‘पड़ोसन’ मिथिलेश भाटी ने सचिन को लप्पू और झींगुर कहा था। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था। इसके बाद सीमा हैदर के वकील ने भिथिलेश भाटी को नोटिस भेजा है। वहीं, मिथिलेश के पति का भी वीडियो सामने आया। इसको लेकर मीडिया पर तरह-तरह के मीम बन रहे थे। इस पर मिथिलेश का कहना है कि उनके पति को लेकर जो कुछ हो रहा है उससे वह दुःखी है।

दरअसल, सीमा हैदर और सचिन मीणा की पड़ोसन मिथिलेश भाटी के कई वीडियो वायरल हुए थे। इनमें उन्होंने लप्पू सा सचिन, झींगुर सा लड़का, टायर से हवा निकल गई, उसे बोलना नहीं आता समेत तमाम तरह की बातें कहीं थीं। वीडियो वायरल होने के बाद मीडिया ने मिथिलेश भाटी के पति का इंटरव्यू लिया था। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ।

वीडियो में मिथिलेश के पति सुरेश खेत में पेड़ों के नीचे सोते नजर दिए थे। साथ ही उन्होंने बताया था कि वह खेती करते हैं। यही नहीं सुरेश भाटी ने मिथिलेश के बयान का समर्थन करने की जगह कहा था कि उसकी अपनी सोच है। वह क्या कह सकते हैं। यह वीडियो सामने आने के बाद नेटिजेन्स सोशल मीडिया पर मिथिलेश भाटी और उनके पति दोनों को ट्रोल कर रहे थे।

एक यूजर ने लिखा, “मिथिलेश भाटी और गीता भाटी को कोई बता दो, सचिन में कुछ ऐसा है जो पाकिस्तान से एक लड़की चली आई, और तुम्हारे पति तुम्हारे साइड में भी नही खड़े। मैं सचिन को प्रताड़ित करने के पक्ष में नही हूँ।”

एक अन्य यूजर ने लिखा, “लप्पू सा सचिन बोलने वाली चप्पू सी मिथिलेश भाटी के बाबा दादा जैसे टॉम क्रूज पति। देखते जाईए, मसाला ही मसाला है।”

एक यूजर ने लिखा, “यह है वायरल मिथिलेश भाटी और उसके पति का फोटो है जिनका नाम सुरेश भाटी है। अब आप अपनी प्रतिक्रिया दे सकते हैं।”

एक यूजर ने लिखा, “ये हैं लप्पू सा सचिन, झींगुर सा लड़का बोलना वा पे आवे ना बोलने वाली मिथिलेश भाटी के पति। मैंने सुना है मिथिलेशजी ने भी लव मैरिज किया था क्या देखा था ये भी बता देती तो ज्यादा बेहतर होता।”

एक अन्य यूजर ने लिखा, “इतने दिन से सोच रहे थे कि उसका पति पता नही कैसा होगा लेकिन लप्पू सी आंटी का खुद का पति झींगुर सा निकला।”

सोशल मीडिया पर इस तरह की बातें और मीम सामने आने के बाद मिथिलेश भाटी ने कहा है कि उनके पति को लेकर जो कुछ भी कहा जा रहा है वह सही नहीं है। ‘टाइम्स नाउ’ से बात करते हुए मिथिलेश ने कहा है, “जो मेरे पति के साथ किया जा रहा है उसका थोड़ा दुःख है। कुछ लोग उनको टारगेट कर रहे हैं। वो आदमी खेतों में काम करने वाला नॉर्मल है। कच्छा बनियान में भी करेगा। कच्छा कमीज में भी करेगा। शेरवानी, कोट पैंट पहनकर कोई नहीं करता। मेरे हसबैंड पढ़े लिखे नहीं हैं ज्यादा। मेरे से भी कम पढ़े लिखे हैं। लेकिन पूरा सपोर्ट करते हैं।”

वहीं, TV9 से बात करते हुए मिथिलेश ने कहा है, “मैंने तो उसे लप्पू भर कहा है। मेरे पति को तो न जाने क्या-क्या लिखकर वीडियो वायरल किया जा रहा है। मेरा पति जैसा भी है मेरा है। चाहे वह 100 साल का हो या 2 साल का हो। मेरा पति सीमा हैदर को भगा के नहीं ला रहा। मैं किसी के साथ नहीं जा रही। हम मियाँ-बीवी हैं दोनों। मेरे पति को टॉर्चर किया जा रहा है।”

मिथिलेश भाटी के इस बयान के बाद सीमा हैदर का बयान भी सामने आया। सीमा ने सचिन को लेकर कहा था, “मेरा पति मेरे सिर का ताज है। किसी को भी कुछ कहने का अधिकार नहीं है।” यही नहीं, सीमा हैदर के वकील एपी सिंह ने मिथिलेश भाटी को कानूनी नोटिस भेजा था। मीडिया से बातचीत में एपी सिंह ने कहा कि मिथिलेश भाटी को लीगल नोटिस भेजना इसलिए जरूरी था, क्योंकि इससे सचिन के मनोबल पर असर पड़ रहा है। उसकी छवि धूमिल हो रही है। इस वीडियो में वह जिस तरह के शब्दों का इस्तेमाल कर रही है, वह बेहद आपत्तिजनक है। लप्पू और झींगुर कहना बॉडी शेमिंग जैसा है।

मिथिलेश भाटी ने कहा था लप्पू-झींगुर

मिथिलेश भाटी एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें वह कह रहीं थी, “लप्पू सा सचिन है। झींगुर सा लड़का है। क्या है सचिन में? बोलना उसको आवे न, बोल वो पाता नहीं है, इससे प्यार करेगी सीमा? हाथ फिराती रहे बस बैठी-बैठी, ये प्यार है? पाँचवीं पास खुद को बता रही है और फर्राटेदार इंग्लिश बोले है, कम्प्यूटर चला रही है। चार-चार पासपोर्ट लेकर आई है।”

कहीं पंचायत दफ्तर में घुस हथियारबंद अपराधियों ने माँगी रंगदारी, कहीं रेस्टॉरेंट में फायरिंग: शिक्षक-थानेदार-पत्रकार-ठेकेदार की हत्या ही नहीं, बिहार में हो रहा और भी बहुत कुछ

बिहार के अपराधियों में कानून का डर खत्म हो गया है। जहानाबाद में बाढ़ू यादव के नाम के बदमाश ने पंचायत भवन कार्यालय में घुसकर सर्वे अमीन पर रिवॉल्वर तानी और उसकी पिटाई कर दी। वहीं, मुजफ्फरपुर के खचाखच भरे एक रेस्टोरेंट में बदमाशों ने कई राउंड फायरिंग की। दोनों घटनाओं का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसके अलावा, बेगूसराय में एक रिटायर्ड टीचर की हत्या कर दी गई है।

पहला मामला जहानाबाद प्रखंड क्षेत्र के कंसुआ पंचायत का है। यहाँ पंचायत भवन कार्यालय में 19 अगस्त 2023 दिन शनिवार को विशेष सर्वेक्षण शिविर का आयोजन हो रहा था। इसी दौरान हथियारबंद 10-12 अपराधियों ने कार्यालय में घुसकर सर्वे अमीन बाल मुकुंद से रंगदारी माँगी। जब उन्होंने विरोध किया तो मारपीट कर उन्हें जख्मी कर दिया।

घटना के दौरान एक बदमाश उन पर पिस्टल ताने रहा, ताकि अमीन वहाँ से भाग ना सकें। अपराधियों ने अमीन का मोबाइल फोन भी छीन लिया। अपराधियों ने धमकाते हुए कहा कि उनके क्षेत्र में काम करना है तो उन्हें रंगदारी देनी होगी। अगर अपराधियों से बिना पूछे काम किया तो अमीन को अपनी जान से हाथ धोना पड़ेगा।

घटनास्थल पर मौजूद पूर्व शिविर प्रभारी गौरव मौर्य ने इस दौरान बीच-बचाव करने की कोशिश की तो अपराधियों ने उनके साथ भी मारपीट की। इस दौरान जमकर हंगामा मचाया। शोर सुन सभी कर्मचारी जुटने लगे तो अपराधी पिस्तौल लहराते और धमकाते हुए भाग निकले। इस दौरान एक कर्मचारी ने घटना का वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

अमीन बाल मुकुंद ने इस संबंध में थाने में FIR दर्ज कराई है। अपनी FIR में अमीन ने खैरुचक मठिया गाँव निवासी बाढ़ू यादव उर्फ ओम प्रकाश कुमार सहित 10 -12 लोगों को आरोपित किया है। पुलिस ने इलाज के लिए बाल मुकुंद और गौरव मौर्य को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया है।

अमीन ने कहा कि इससे पहले भी बाढ़ू यादव ने अपनी जमीन के सर्वे को लेकर उनके साथ कई बार गाली-गलौच और हाथापाई कर चुका है। हालाँकि, मामले नहीं बढ़ाने की बात सोचकर इसकी पुलिस से शिकायत नहीं की थी। उन्होंने कहा कि शिकायत नहीं करे के कारण ही उसका मनोबल बढ़ता गया।

मुजफ्फरपुर के रेस्टोरेंट में फायरिंग

दूसरी घटना मुजफ्फरपुर के सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले फरदो पुल के पास एनएच 102 के पास की है। यहाँ एक रेस्टोरेंट में शनिवार (19 अगस्त) की रात बाइक से आए चार बदमाशों ने 10 से ज्यादा राउंड फायर किए। रेस्टोरेंट में 5 साल की बच्ची की बर्थडे पार्टी चल रही थी। इस दौरान 50 से अधिक लोग खाना खा रहे थे। इस गोली-बारी में लोग बाल-बाल बचे।

गोलीबारी के दौरान कुछ लोग बाहर की ओर भाग गए और कुछ लोगों ने टेबल के नीचे छिपकर अपनी जान बचाई। रेस्टोरेंट के शीशे पर 8 गोलियों के निशान मिले हैं। पुलिस आरोपितों की पहचान करने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। घटना का वीडियो भी सामने आया है।

इस मामले में एसपी सिटी ने कहा, “प्रारंभिक रूप से ऐसा लग रहा है कि डराने के लिए इस घटना को अंजाम दिया गया है। घटना इससे बड़ी भी हो सकती थी। गोलीबारी के पीछे व्यक्तिगत और व्यापारिक विवाद की बात सामने आ रही है। जल्दी ही घटना में शामिल बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।”

बेगूसराय में टीचर की हत्या

बेगूसराय में बाइक सवार अपराधियों ने रिटायर्ड टीचर जवाहर राय की गोली मारकर हत्या कर दी। बताया जा रहा कि यह हत्या आपसी रंजिश में की गई है। कहा जा रहा है कि वे अपने बेटे की हत्या की मुख्य गवाह थे। इसी कारण उनकी हत्या की गई है।

इससे पहले फरवरी 2021 में मृतक जवाहर राय के बेटे की अपराधियों ने हत्या कर दी थी। इसमें घटना के जवाहर राय चश्मदीद गवाह थे। माना जा रहा है कि इसी कारण उनकी हत्या की गई है। इस घटना की पुलिस जाँच कर रही है।

अपराध से थर्रा रहा है बिहार

पिछले 145 घंटे में बिहार के कई जगहों पर अपराधियों ने गोलीबारी की है। 14 अगस्त 2023 को समस्तीपुर में एक थाना प्रभारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इसके बाद 18 अगस्त 2023 को अररिया में एक स्थानीय पत्रकार की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इसके बाद 20 अगस्त को बेगूसराय में रिटायर्ड टीचर की हत्या कर दी गई।

इन सबके बावजूद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बिहार में ‘मंगलराज’ मान रहे हैं। उनका कहना है कि राज्य में सब कुछ ठीक है। बिहार में बढ़ रही हिंसक घटनाओं पर जब पत्रकारों ने उनसे सवाल किया तो सीएम नीतीश ने कहा, “अपराध कहाँ है? आँकड़े देखिए।” वहीं, डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने कहा कि सबसे ज्यादा अपराध तो दिल्ली में है।