Home Blog Page 2082

बाबा महाकाल की भस्म आरती में शामिल हुए सूर्यकुमार, कुलदीप और सुंदर: ऋषभ पंत के लिए की प्रार्थना, धोती पहन किया पंचामृत अभिषेक

भारतीय क्रिकेटर सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav), कुलदीप यादव (Kuldeep Yadav) और वाशिंगटन सुंदर (Washington Sundar) ने उज्जैन में सोमवार (23 जनवरी, 2023) को बाबा महाकाल का दर्शन किया और भस्म आरती में शामिल हुए। इन क्रिकेटरों ने अपने साथी क्रिकेटर ऋषभ पंत (Risabh Pant) के जल्द ठीक होने के लिए भगवान से प्रार्थना की। ऋषभ पंत दिल्ली से रुड़की अपने घर जाने के दौरान कार दुर्घटना में बुरी तरह घायल हो गए थे।

महाकाल के दर्शन के बाद दिग्गज क्रिकेटर और ‘360 डिग्री प्लेयर’ के रूप में पहचान बना चुके सूर्यकुमार यादव ने कहा, “हमने ऋषभ पंत के शीघ्र स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना की। उनकी टीम में वापसी हमारे लिए काफी महत्वपूर्ण है। हम पहले ही न्यूजीलैंड के खिलाफ श्रृंखला जीत चुके हैं, अब उनके खिलाफ हमारे अंतिम मैच की तैयारी कर रहे हैं”

तीनों क्रिकेटरों ने बाबा महाकाल की पूजा विधि का पालन किया। क्रिकेटरों ने सबसे पहले धोती-सोला पहना और महाकाल का पंचामृत अभिषेक किया। तीन क्रिकेटर आम भक्त की तरह ही भस्म आरती में शामिल हुए और नंदी हॉल में बैठे। इस दौरान कोई भी उन्हें पहचान नहीं सका। पूरी प्रक्रिया के दौरान उनके साथ उज्जैन के सांसद अनिल फिरोजिया भी रहे। 

आपको बता दें कि भारत और न्यूजीलैंड के बीच इंदौर में मंगलवार (24 जनवरी, 2023) को सीरीज का तीसरा और अंतिम अंतरराष्ट्रीय वनडे मैच खेला जाना है। भारतीय टीम पहले ही दो मुकाबले जीतकर सीरीज अपने नाम कर चुकी है। तीनों क्रिकेटर सोमवार (23 जनवरी, 2023) तड़के ही बाबा महाकाल का दर्शन करने उज्जैन पहुँचे थे।

उल्लेखनीय है कि भारतीय क्रिकेट टीम के बल्लेबाज और विकेटकीपर ऋषभ पंत 30 दिसंबर 2022 को कार दुर्घटना में बुरी तरह से घायल हो गए थे। वह कार से दिल्ली से अपने घर रुड़की जा रहे थे। इस दौरान नारसन बॉर्डर पर हम्मदपुर झाल के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई थी और फिर जलकर राख हो गई थी। हालाँकि अब पंत तेजी से रिकवर का रहे हैं और हाल ही में उन्होंने अपने फैंस को उनके स्वस्थ्य होने की प्रार्थना करने के लिए शुक्रिया भी अदा किया था।

चोरी की बाइक पर रोमांस, सड़क पर चुम्मा-चाटी के बाद हुआ गिरफ्तार: सड़क पर कार खड़ी कर रील बनाने वाली लड़की पर भी जुर्माना

लखनऊ के बाद अब छत्तीसगढ़ के दुर्ग में भी चलती बाइक पर एक प्रेमी जोड़े के रोमांस का वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में एक जोड़े को चलती चोरी की बाइक पर एक दूसरे की बाहों में बाहें डाले देखे जा सकते हैं। वीडियो का संज्ञान पुलिस ने लिया और केस दर्ज कर के दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में सड़क पर कार खड़ी कर के फ्लाइंग किस देने वाली लड़की पर पुलिस ने 17 हजार रुपए का जुर्माना ठोंका है।

पहला मामला छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले का है। वायरल हो रहे एक वीडियो में लड़की को बाइक की टंकी पर लड़के की तरफ मुँह कर के बैठे देखा जा सकता है। आसपास से गुजर रहे लोगों में से किसी ने इस वीडियो को बना कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। दुर्ग पुलिस के SP अभिषेक पल्लव के मुताबिक मामले का संज्ञान ले कर बाइक सवार दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। जाँच में यह भी सामने आया कि बाइक के पेपर नहीं है और गाडी चोरी की है।

पुलिस के अनुसार डेढ़ साल पहले डेढ़ लाख रुपए मूल्य की यह बाइक एक गाँव से चोरी हुई थी जिसे आरोपित ने महज 9 हजार रुपए में खरीद लिया था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक गाडी को जब्त कर लिया गया है। प्रेमी जोड़े पर लापरवाही से बाइक ड्राइविंग और अश्लीलता फैलाने का आरोप है। वहीं दुर्ग पुलिस का कहना है कि लापरवाही से गाड़ी चलाने और अश्लीलता फैलाने के आरोप में 2 युवक और 2 युवतियों को गिरफ्तार किया गया है।

महँगा पड़ा सड़क पर रील बनाना

एक अन्य मामले में उत्तर प्रदेश की गाजियाबाद पुलिस ने सड़क पर कार खड़ी कर के रील बनाने वाली एक युवती का 17 हजार रुपए का चालान किया है। यह रील साहिबाबाद थानाक्षेत्र में एलिवेटेड रोड पर बनाई गई थी। वीडियो में एक लाल रंग की स्विफ्ट कार दिखाई दे रही है जिसमें एक लड़की ‘कभी शरमाएगी, कभी घबराएगी, कभी तो आएगी’ गाने पर फ़्लाइंग किस देते हुए वीडियो बना रही है।

साहिबाबाद की ACP ने बताया कि ट्रैफिक पुलिस द्वारा कार का 17 हजार रुपए चालान करने के साथ महिला पर पुलिस की तरफ से तहरीर दे कर केस भी दर्ज किया जा रहा है।

गौरतलब है कि इसी माह 15 जनवरी को लखनऊ में एक चलती स्कूटी पर रोमांटिक अंदाज़ में एक प्रेमी जोड़े का वीडियो वायरल हुआ था। तब पुलिस ने स्कूटी को सीज कर दिया था और आरोपित पर केस भी दर्ज किया था। इसके अलावा मार्च 2021 में गाजियाबाद में ही 2 लड़कियों का बुलेट बाइक पर स्टंट करते वीडियो वायरल हुआ था। तब पुलिस ने बाइक का 11 हजार रुपए का ई चालान काटा था।

जमीन पर लोटती, सिर झटकती औरतें… कौशांबी में लगा था यीशु दरबार: हिंदुओं को ईसाई बनाने के आरोपों के बाद प्रशासन ने बंद करवाया

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में ईसाई धर्मान्तरण के अंतर्राष्ट्रीय रैकेट का पर्दाफाश होने के बाद अब उसके पड़ोसी जिले कौशांबी से धर्म परिवर्तन की कोशिश का नया मामला सामने आया है। यहाँ यीशु दरबार के आयोजन के दौरान हिन्दू संगठनों ने पहुँच कर हंगामा किया जिसके बाद हालात सँभालने के लिए पुलिस को आना पड़ा। हिन्दू संगठनों ने दरबार के आयोजकों पर ग्रामीणों को ईसाई बनाने की कोशिश का आरोप लगाया। प्रशासन ने आयोजन को बंद करवा दिया है और भविष्य में बिना अनुमति के ऐसे दरबार न लगाने की चेतावनी दी है। मामले में केस दर्ज कर जाँच की जा रही है। घटना रविवार (22 जनवरी 2023) की है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मामला पिपरी क्षेत्र के गाँव मोहम्मदपुर पुरैनी का है। यहाँ कुछ लोगों द्वारा दोपहर में यीशु दरबार का आयोजन किया गया था। बताया जा रहा है कि दरबार का आयोजन मसीही समुदाय के लोगों ने किया था। शाम लगभग 4 बजे इस आयोजन में हिन्दू महासभा के दर्जनों कार्यकर्ता पहुँच गए। दोनों तरफ से बहस होने लगी, जिसके बाद मौके पर पुलिस पहुँच गई। हिन्दू संगठनों ने आयोजनकर्ताओं पर अन्धविश्वास और धर्मान्तरण को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। स्थानीय SDM ने आयोजकों से कार्यक्रम बंद करने और बिना अनुमति दोबारा ऐसे आयोजन नहीं करने की चेतावनी दी।

इस आयोजन का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ महिलाएँ जमीन पर लोट रहीं हैं। कई अपने सिर को तेजी से झटक रहीं हैं, जिसमें लगभग सभी उम्र वर्ग की औरतें और लड़कियाँ शामिल दिख रहीं हैं। पीछे से लाउडस्पीकर में तेज आवाज में गाने बज रहे हैं। कुछ महिलाओं ने दुआ माँगने के अंदाज़ में हाथ भी जोड़ रखे हैं। इस वीडियो पर कौशाम्बी पुलिस का कहना है कि थाना पिपरी में केस दर्ज कर जरूरी कार्रवाई की जा रही है।

इस मामले में हिन्दू जागरण मंच के पदाधिकारी वेद प्रकाश पांडेय के मुताबिक मोहम्मदपुर में एक लम्बे समय से हिन्दुओं को भूत-प्रेत का डर और लालच दिखा कर ईसाई बनवाया जा रहा है। पांडेय के मुताबिक इस हरकत की शिकायत पुलिस से की गई है। हिन्दू जागरण मंच ने आरोपितों पर कार्रवाई न होने पर जिले में प्रदर्शन की भी चेतावनी दी है।

गौरतलब है कि कौशाम्बी जिले से सटे फतेहपुर में अभी हाल ही में पुलिस ने ईसाई धर्मान्तरण के अंतर्राष्ट्रीय नेटवर्क का खुलासा किया था। तब यहाँ एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी के बड़े अधिकारी भी विदेश से पैसा मँगा कर हिन्दुओं को ईसाई बनाने के काम में शामिल पाए गए थे।

‘महाभारत विकलांगों की कथा, द्रौपदी मनोरोगी’: PM मोदी ने देश को दिया NIMHR, आरोप- डिप्टी रजिस्ट्रार मोहम्मद अशफाक ने कर दिया मदरसे सा हाल

द्रौपदी का मानसिक स्तर ठीक नहीं रहा होगा, वरना भरे दरबार में वस्त्र खींचने का वह विरोध करती। वह चीरहरण के दृश्य में एक मनोरोगी की तरह दिखाई देती है।

राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य पुनर्वास संस्थान (NIMHR) के छात्रों को कक्षाओं में मा​नसिक स्वास्थ्य इसी तरह समझाया जाता है। यह दावा प्रधानमंत्री कार्यालय को भेजे गए एक पत्र में किया गया है। पत्र लिखने वालों ने खुद को संस्थान का छात्र और NIMHR के डिप्टी रजिस्ट्रार मोहम्मद अशफाक से प्रताड़ित बताया है। ऑपइंडिया से बातचीत में मोहम्मद अशफाक ने डिप्टी रजिस्ट्रार के पद पर होते हुए भी कक्षा लेने की बात मानी है। यह भी माना है कि उन्होंने महाभारत के किरदारों का उदाहरण दिया था। लेकिन उनका दावा है कि छात्र इसे जिस तरह से पेश कर रहे हैं, वह सही नहीं है।

क्या है NIMHR

राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य पुनर्वास संस्थान (NIMHR) अपनी तरह का देश का इकलौता संस्थान है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दृष्टि की उपज है। मध्य प्रदेश के सीहोर में 2019 में इसकी शुरुआत हुई। फिलहाल पुराने जिला पंचायत भवन से इसका संचालन हो रहा है। भोपाल-इंदौर हाइवे पर सीहोर जिले के सैकड़ाखेड़ा गाँव में करीब 25 एकड़ जमीन पर करीब 180 करोड़ रुपए की लागत से संस्थान का कैंपस तैयार हो रहा है। देश के इस पहले राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य पुनर्वास संस्थान में 9 विभाग होंगे। 12 पाठ्यक्रमों का संचालन होना है। फिलहाल 3 पाठ्यक्रम चल रहे हैं। ये हैं;

  • डिप्लोमा इन वोकेशनल रिहैबिलिटेशन इंटेलेक्चुअल डिसेबिलिटी (DVR-ID)
  • डिप्लोमा इन कम्युनिटी बेस्ड रिहैबिलिटेशन (DCBR)
  • सर्टिफिकेट कोर्स इन केयर गिविंग (CCCG)

DVR-ID एक साल, DCBR दो साल और CCCG दस महीने का पाठ्यक्रम है। प्रत्येक पाठ्यक्रम में 30-30 सीटें हैं। फिलहाल संस्थान में 100 से ज्यादा छात्र हैं। इनमें करीब 60 फीसदी छात्राएँ बताई जाती हैं।

अभी पुराने पंचायत भवन से संचालित हो रहा सी​होर का राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य पुनर्वास संस्थान (फोटो साभार: nimhr.ac.in)

NIMHR छात्रों के आरोप

राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य पुनर्वास संस्थान (NIMHR) के छात्रों के नाम से तीन पन्नों का एक पत्र 16 दिसंबर 2022 को प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) को भेजा गया है। केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री वीरेंद्र कुमार खटीक को भी यह पत्र भेजा गया है। यह पत्र ऑपइंडिया के पास भी उपलब्ध है। पत्र में NIMHR के डिप्टी रजिस्ट्रार मोहम्मद अशफाक पर संस्थान को मनमाने तरीके से संचालित करने, कक्षा लेने, ऐतिहासिक हिंदू चरित्रों की विकलांगता के संदर्भ में गलत व्याख्या करने, छात्रों को करियर बर्बाद करने की धमकी देने जैसे आरोप लगाए गए हैं।

पत्र में कहा गया है कि मोहम्मद अशफाक आसपास के इलाकों के अपने समुदाय के लोगों को संस्थान के नाम पर अनुचित लाभ दिलाने का वादा भी करते ​हैं। यह भी कहा गया है कि मोहम्मद अशफाक की नियुक्ति से पहले संस्थान का माहौल इस तरह का नहीं था। उन्होंने अपने कथित इस्लामी तौर-तरीकों से संस्थान का माहौल किसी ‘पागलखाने’ जैसा कर दिया है। पत्र में इसके कारण छात्रों के भारी ‘मानसिक दबाव’ में होने की बात कही गई है। वैसे इस पत्र पर किसी छात्र का नाम नहीं है। पत्र के अंत में कहा गया है, “तत्काल संस्थान पर ध्यान दीजिए वरना यह पूरी तरह जेहादी अड्डा बन जाएगा। वह (मोहम्मद अशफाक) हमारा भविष्य खराब करने की धमकी देता है, इसलिए यह पत्र आपको बिना साइन के भेज रहे हैं। आप इस राष्ट्रीय संपत्ति को जेहादी से बचा लीजिए।”

NIMHR डायरेक्टर पर भी सवाल

राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य पुनर्वास संस्थान (NIMHR) केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के अधीन आता है। मंत्रालय में संयुक्त सचिव (DEPwD) पद पर तैनात राजेश कुमार यादव के पास अभी संस्थान के निदेशक (Director) का दायित्व है। उन्हें यह​ जिम्मेदारी मई 2022 में दी गई थी। पत्र में आरोप लगाया गया है कि यादव आज तक इस संस्थान में झाँकने भी नहीं आए हैं। डिप्टी रजिस्ट्रार मोहम्मद अशफाक ने भी ऑपइंडिया को बताया, “डायरेक्टर राजेश यादव ने कभी संस्थान का दौरा नहीं किया है।” मोहम्मद अशफाक द्वारा अपने तरीके से संस्थान को हाँकने की एक बड़ी वजह यही बताई जा रही है।

ऑपइंडिया की पड़ताल में यह बात सामने आई है कि राजेश यादव से पहले NIMHR डायरेक्टर का दायित्व डा. प्रबोध सेठ के पास था। वे दौरे पर आते थे। संस्थान को लेकर स्थानीय प्रशासन के साथ भी उन्होंने बैठकें की थी। इन आरोपों को लेकर हमने राजेश यादव के आधिकारिक नंबर पर भी संपर्क किया। आरोपों को लेकर पूछे जाने पर उन्होंने फोन काट दिया। उसके बाद भी हमने कई बार उनको कॉल किया। लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका। हमने राजेश यादव को इन आरोपों को लेकर मेल भी किया है। उसका भी जवाब नहीं मिला है। जवाब मिलने पर हम इस खबर को अपडेट करेंगे।

NIMHR के डिप्टी रजिस्ट्रार मोहम्मद अशफाक का जवाब

राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य पुनर्वास संस्थान (NIMHR) के डिप्टी रजिस्ट्रार मोहम्मद अशफाक ने ऑपइंडिया से बातचीत में अपने खिलाफ प्रधानमंत्री कार्यालय को भेजे गए पत्र के बारे में जानकारी होने से अनभिज्ञता प्रकट की। उन्होंने कहा, “परीक्षा में शामिल होने के लिए 80 फीसदी अटेंडेंस चाहिए। कुछ छात्रों का अटेंडेंस 10 फीसदी भी नहीं है। मुझे लगता है कि ऐसे छात्रों ने ही शिकायत की होगी। यदि उन्होंने संस्थान में अर्जी दी होती तो इस पर चर्चा की जा सकती थी।”

बातचीत के दौरान मोहम्मद अशफाक उन छात्रों के बारे में जानने की दिलचस्पी दिखा रहे थे, जिन्होंने शिकायत भेजी है। उन्होंने जोर देते हुए कई बार कहा कि शिकायत उन छात्रों ने ही की होगी जिनका अटेंडेंस कम है और जिन्हें परीक्षा से रोका गया है। मनमाने तरीके से संस्थान को चलाने, आदेश निकालने और अपने समुदाय के लोगों को प्रश्रय देने के आरोपों पर उन्होंने कहा, “किसी सरकारी अधिकारी पर ऐसा आरोप लगना निराशाजनक है। सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के बगैर कोई कैसे आदेश निकाल सकता है।”

उन्होंने बताया कि मॉर्निंग में गेस्ट लेक्चर्स की क्लास होती है। इस दौरान उन्होंने छात्रों को पढ़ाया है। महाभारत का संदर्भ भी दिया है। डिप्टी रजिस्ट्रार ने बताया, “डिसेबिलिटी की कक्षा लेते हुए मैंने बताया था कि दिव्यांगता की जो हमारे यहाँ परिभाषा है, उसमें हमने नेत्रहीन धृतराष्ट्र को भी राजा के पद पर देखा। मैंने जो भी कहा था वो बड़े सम्मानीय शब्दों में कहा था। अब पता नहीं छात्रों ने उसे किस तरह से लिया। हमारे जो पूर्वज थे, उनका जो काल था, मुझे नहीं लगता उसके बारे में बताना उनकी कोई अवमानना है।”

कार्य पूरा होने के बाद कुछ इस तरह दिखेगा राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य पुनर्वास संस्थान (फोटो साभार: nimhr.ac.in)

NIMHR में अटेंडेंस का विवाद क्या है?

राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य पुनर्वास संस्थान (NIMHR) के कितने छात्रों को अटेंडेंस के कारण परीक्षा से रोका गया है, इसकी संख्या डिप्टी रजिस्ट्रार मोहम्मद अशफाक ने पूछे जाने पर भी ऑपइंडिया को नहीं बताया। अपनी पड़ताल में हमने पाया है कि ऐसे छात्रों की संख्या 11 है। DVR-ID के एक छात्र ने अपनी पहचान सार्वजनिक नहीं करने की शर्त पर ऑपइंडिया को बताया, “संस्थान मोहम्मद अशफाक के कब्जे में है। हमने कई बार उनसे मिलकर बात करने की कोशिश की। लेकिन वे मिलने से मना कर देते हैं। वे सार्वजनिक तौर पर छात्रों को जलील करते हैं। वे शिक्षक नहीं हैं। फिर भी क्लास लेते हैं। कक्षाओं में आकर बैठते हैं। छात्रों पर दबाव बनाते रहते हैं।” इस छात्र का दावा है कि वह उन छात्रों में नहीं है, जिनके अटेंडेंस कम हैं। उसने यह भी माना कि पत्र भेजने वाले छात्रों में वह शामिल है।

ऑपइंडिया के पास मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री के हेल्पलाइन पर भेजी गई एक शिकायत का विवरण भी उपलब्ध है। 25 दिसंबर 2022 को की गई इस शिकायत में शिकायतकर्ता का दावा है कि पूरी फीस जमा करवाने के बाद उसे परीक्षा से रोका गया है। उसने अटेंडेंस में धांधली के आरोप भी लगाए हैं। सीहोर जिला कलेक्टर को भेजी गई इसी तरह की शिकायत का विवरण भी हमारे पास है। हम शिकायतकर्ता छात्रों की पहचान का खुलासा उनके आग्रह के कारण नहीं कर रहे हैं।

क्या NIMHR में विवाद की जड़ में अटेंडेंस ही है?

राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य पुनर्वास संस्थान (NIMHR) के डिप्टी रजिस्ट्रार मोहम्मद अशफाक की माने तो पूरे विवाद के पीछे वे छात्र हैं, जिनका अटेंडेंस कम हैं। लेकिन, ऑपइंडिया के हाथ लगे कुछ दस्तावेजों से ऐसे लगता है कि आरोप हवा-हवाई नहीं हैं। मसलन, इस संस्थान को चलाने के लिए जो पदानुक्रम तय है, उसके अनुसार अकादमिक विभाग डिप्टी रजिस्ट्रार के अधीन नहीं आता। नीचे आप तय पदानुक्रम देख सकते हैं।

लेकिन नीचे आप 27 सितंबर 2022 को जारी वह सूचना देख सकते हैं, जिसमें अकादमिक सहित ​सभी विभागों को डिप्टी ​रजिस्ट्रार ने अपने अधीन बताया है।

नीचे आप वह आदेश भी देख सकते हैं, जिसमें एकेडिमक ऐंड रिसर्च वर्क कमिटी के चेयरपर्सन के तौर पर भी डिप्टी रजिस्ट्रार मोहम्मद अशफाक का नाम दर्ज है।

नीचे आप 21 दिसंबर 2022 को डिप्टी रजिस्ट्रार मोहम्मद अशफाक की ओर से निकाले गए एक आदेश को देख सकते हैं। दिसंबर में ही NIMHR से निकाले गए एक संविदाकर्मी ने ऑपइंडिया को बताया, “नियुक्ति के बाद से ही मोहम्मद अशफाक ने कर्मचारियों का शोषण करना शुरू कर दिया था और धीरे-धीरे हर विभाग पर कब्जा कर लिया। जिन लोगों ने उसके सामने घुटने नहीं टेके, उनको निकाल दिया गया। NIMHR में मैं दो साल से काम कर रहा था और एक दिन अचानक से उसने आने से मना कर दिया। मेरे छोटे-छोटे बच्चे हैं। मैं परिवार को कैसे पालूँगा।” इस पूर्व कर्मचारी का यह भी कहना है कि संस्थान के संसाधनों का इस्तेमाल मोहम्मद अशफाक निजी कार्यों के लिए भी करते हैं। उन जैसे कर्मचारियों का इस्तेमाल अपने घरेलू कार्यों के लिए भी करते थे। इस पूर्व कर्मचारी का यह भी आरोप है कि संस्थान में जो मानसिक रोगी परीक्षण के लिए आते हैं, उनकी भी कैमरों के जरिए डिप्टी रजिस्ट्रार निगरानी करते हैं। पीएमओ को छात्रों के नाम से जो शिकायत मिली है उसमें भी यह बात कही गई है।

डिप्टी रजिस्ट्रार मोहम्मद अशफाक ने ऑपइंडिया से बातचीत में सारे आरोपों को खारिज किया है। उन्होंने कहा, “मुझे ज्वाइन करते हुए छह महीने हुए हैं। जो कमियाँ थी उसे दूर करने का काम किया है। मेरी कोशिश है कि 31 जुलाई 2023 तक संस्थान का नया भवन तैयार करने की जो समय सीमा तय की गई है, उसमें यह काम पूरा कर लिया जाए। जो पाठ्यक्रम हमने शुरू करने की सोच रखी है, उनकी शुरुआत हो जाए।” उन्होंने हमसे बातचीत में जरूरत के हिसाब से संस्थान में शिक्षणेत्तर और गैर शिक्षणेत्तर कर्मचारी होने की बात भी कही है।

क्या उपेक्षा से मर जाएगा PM मोदी का ड्रीम संस्थान?

डिप्टी रजिस्ट्रार मोहम्मद अशफाक पर संस्थान को ‘मदरसे’ की तरह चलाने, आसपास के मुस्लिमों को संस्थान की तरफ से लाभ दिलाने का प्रलोभन देने, कट्टरपंथी संगठन के संपर्क में होने जैसे आरोप भी लगाए गए हैं, हम इसकी पुष्टि नहीं करते। इन आरोपों को लेकर हमने केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री वीरेंद्र कुमार खटीक से फोन पर संपर्क की कई बार कोशिश की। लेकिन असफल रहे। हमने उन्हें मेल भी भेजा है। जवाब मिलने पर रिपोर्ट को अपडेट करेंगे। लेकिन हमने अपनी पड़ताल में यह पाया है कि इस संस्थान को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच के अनुसार विकसित करने को लेकर जितना ध्यान दिए जाने की जरूरत है, उतनी नहीं दी जा रही। इसका एक कारण डायरेक्टर राजेश यादव की उदासीनता भी लगती है।

वैसे मोहम्मद अशफाक ने ऑपइंडिया से कहा, “माननीय प्रधानमंत्री चाहते हैं कि हम विश्वगुरु बनें। उनकी सोच के हिसाब से ही हम इसे विश्वस्तरीय संस्थान बनाने में लगे हैं। मानसिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में यह एक बहुत बड़ा संस्थान बने, अच्छा संस्थान बने, हम बस उसके लिए ही लगे हुए हैं।”

मोहम्मद अशफाक ने हमें यह भी बताया कि ग्वालियर के ‘सेंटर फॉर डिसेबिलिटी स्पोर्ट्स‘ के डिप्टी डायरेक्टर की जिम्मेदारी भी उनको दी गई है। ऐसे में यह जरूरी लगता है कि उन पर लगे आरोपों की जाँच होनी चाहिए। पीड़ित छात्रों की समस्याओं का निदान किया जाना चाहिए। क्योंकि ज्यादा दिन नहीं हुए हैं जब मध्य प्रदेश के इंदौर के एक सरकारी लॉ कॉलेज से पढ़ाई की आड़ में लव जिहाद और मजहबी कट्टरता को बढ़ावा देने, देश और सेना के खिलाफ दुष्प्रचार किए जाने का मामला सामने आया था।

‘जिस दिन गोहत्या बंद हो जाएगी, धरती की समस्याएँ खत्म हो जाएँगी’: गुजरात की कोर्ट ने मोहम्मद अमीन को सुनाई उम्रकैद, ₹5 लाख जुर्माना भी

गुजरात के तापी जिले की एक अदालत ने टिप्पणी करते हुए कहा कि अगर गोहत्या बंद हो जाए तो धरती की सारी दिक्क्तें दूर हो जाएँगी। गोतस्करी के एक आरोपित मोहम्मद अमीन को आजीवन कारावास की सजा देते कोर्ट ने गाय के गोबर और गोमूत्र को इंसानों के लिए बेहद लाभदायक बताया। तापी जिला न्यायालय के जज समीर विनोदचंद्रा व्यास के मुताबिक अगर गायें खत्म हो गईं तो प्रकृति का संतुलन ही बिगड़ जाएगा और मानव जीवन भी खतरे में आ जाएगा। 22 वर्षीय गोतस्कर मोहम्मद अमीन पर 5 लाख रुपए का जुर्माना भी लगाया गया है। यह आदेश 4 नवम्बर 2022 का है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मोहम्मद अनीस 27 अगस्त 2020 को 16 से ज्यादा गायों और बछड़ों से भरे एक ट्रक के साथ पकड़ा गया था। उस पर गुजरात पुलिस ने विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया था। इस मामले की सुनवाई तापी जिला अदालत में हुई। जज समीर विनोदचंद्रा व्यास ने आरोपित को आजीवन कारावास की सजा देने के साथ 5 लाख रुपए जुर्माने ठोंकते हुए गाय को महज जानवर ही नहीं बल्कि माँ होना बताया। उन्होंने कहा कि जिस दिन गाय के खून की एक भी बूँद धरती पर नहीं गिरेगी उस दिन दुनिया की तमाम तकलीफों का अंत हो जाएगा।

न्यायाधीश व्यास ने इसी केस की सुनवाई के दौरान आगे कहा कि गोहत्या की ही वजह से आज लोगों का स्वभाव गर्म हो रहा है और उनमें चिड़चिड़ापन बढ़ रहा है। न्यायाधीश के मुताबिक एक गाय 68 करोड़ पवित्र स्थानों और तैंतीस करोड़ देवताओं के जीवित ग्रह जैसी होती है। गोमूत्र को कई लाइलाज बीमारियों का इलाज बताते हुए जज से कहा कि गाय के गोबर का इस्तेमाल कर के बनाए गए घरों में परमाणु रेडिएशन का भी असर नहीं होता है। इसी टिप्पणी में आगे बताया गया है कि जहाँ गायें सुखी रहती है वहाँ के लोग भी न सिर्फ सुखी बल्कि सम्पन्न भी होते हैं।

मोहम्मद अमीन को सजा देने वाले 24 पन्ने के आदेश में न्यायाधीश ने बचाव पक्ष और अभियोजन पक्ष दोनों की दलीलों का जिक्र किया है। मोहम्मद अमीन पर गुजरात पशु संरक्षण (संशोधन) अधिनियम 2017, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960, गुजरात नियंत्रण पशु परिवहन आदेश 1975 और गुजरात आवश्यक वस्तु और पशु नियंत्रण अधिनियम 2015 और केंद्रीय मोटर वाहन (संशोधन) अधिनियम 2015 के संबंधित प्रावधानों के तहत FIR दर्ज हुई थी।

NATO मेंबरशिप की लड़ाई में कुरान जला: स्वीडन पर भड़का तुर्की, कहा-मुस्लिमों की भावना आहत हुई; अरब से लेकर पाकिस्तान तक विरोध

स्वीडन में एक दक्षिणपंथी नेता द्वारा कुरान जलाने की घटना सामने आने के बाद तुर्की में इसका विरोध हो रहा है। नाटो की सदस्यता से जुड़े विवाद के प्रदर्शन के दौरान एक रैसलम पलुदान नाम के राइट विंग कार्यकर्ता ने तुर्की की एंबेसी के सामने कुरान जलाई। घटना के बाद तुर्की ने कहा कि स्वीडन की सरकार का इस तरह इन प्रदर्शनों को होने देना पूरी तरह अस्वीकार्य है।

तुर्की के विदेश मंत्री ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि बार-बार चेतावनी देने में बाद भी यह इस्लाम विरोधी घटना घटी जिसके जरिए मुस्लिमों को और उनकी पवित्र भावनाओं को आहत किया गया। उनके मुताबिक अभिव्यक्ति की आजादी के नाम पर ऐसी हरकत बिलकुल अस्वीकार्य है। स्वीडन के विदेश मंत्री तोबियस बिलस्टॉर्म ने खुद घटना को भयावह करार दिया।

उन्होंने लिखा कि स्वीडन अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर बहुत आगे निकल आया, लेकिन इसका अर्थ यह नहीं है कि स्वीडिश सरकार या फिर हम ऐसे ख्यालातों का समर्थन करते हैं।

उल्लेखनीय है कि स्वीडन में कुरान जलाने की घटना के बाद पाकिस्तान, मलेशिया, सऊदी अरब, जॉर्डन समेत इस्लामी देशों ने भी घटना का विरोध किया है। पाकिस्तान ने कहा, “यह एक मूर्खतापूर्ण और उत्तेजक इस्लामोफोबिया कृत्य दुनिया भर के 1.5 अरब से अधिक मुसलमानों की धार्मिक संवेदनाओं को आहत करता है।”

पाकिस्तान के विदेश कार्यलय के मुताबिक, इस तरह की हरकतों को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के अधिकार में शामिल नहीं किया जा सकता। अभिव्यक्ति की आजादी में अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार से जुड़ी जिम्मेदारियाँ होती हैं, जिसके तहत घृणास्पद बयान और लोगों को हिंसा के लिए उकसाने वाले कृत्य शामिल नहीं होते।”

इसी तरह मलेशिया ने भी 22 जनवरी को प्रेस रिलीज जारी करते हुए घटना की निंदा की। वहीं तुर्की में भी स्वीडन के विरोध में स्वीडन के झंडे जलाए गए। सैंकड़ों लोग सड़कों पर आकर स्वीडन का विरोध कर रहे हैं। सरकार ने विरोध दर्ज कराते हुए स्वीडन के डिफेंस मंत्री की यात्रा को रद्द कर दिया है। उन्होंने इसे नस्लवादी कार्रवाई करार दिया है

बता दें कि ये पूरा मामला NATO सदस्यता से जुड़ा हुआ है। चूँकि तुर्की पहले से नाटो में शामिल है वहीं स्वीडन लगातार शामिल होने की कोशिश कर रहा है। मगर तुर्की लगातार इसमें अड़ंगा लगाता है। ऐसे में स्वीडन में दक्षिणपंथी समूह लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने तुर्की के दूतावास के सामने भी प्रदर्शन किया।

‘हिंदुस्तान मुर्दाबाद, भिंडरांवाले शहीद’: ऑस्ट्रेलिया में एक और हिंदू मंदिर पर खालिस्तानी हमला, 15 दिन में तीसरी घटना

ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में खालिस्तान समर्थकों ने एक और हिंदू मंदिर में हमला किया है। हमलावरों ने यहाँ के श्रीश्री राधा बल्लभ मंदिर में तोड़फोड़ कर भारत विरोधी और खालिस्तान के समर्थन में नारे लिखे हैं। हिंदू मंदिर में बीते 10 दिनों में यह तीसरा हमला है। इससे पहले हुए हमलों में भी खालिस्तान के समर्थन में नारे लिखे गए थे।

रिपोर्ट्स के अनुसार, ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में अल्बर्ट पार्क इलाके में स्थित श्रीश्री राधा बल्लभ मंदिर में रविवार (22 जनवरी 2023) की रात को हमला हुआ। इस मंदिर को इस्कॉन मंदिर भी कहा जाता है। हमले के बाद, मंदिर की दीवारों में ‘खालिस्तान जिंदाबाद’, ‘हिन्दुस्तान मुर्दाबाद’ के नारे लिखे गए हैं। इसके अलावा, खालिस्तानी आतंकी भिंडरवाले को शहीद बताते हुए भी नारा लिखा गया।

बता दें कि जरनैल सिंह भिंडरांवाले एक खूँखार खालिस्तानी आतंकी था। वह 20,000 से अधिक हिंदू और सिखों की हत्या के लिए जिम्मेदार था। हालाँकि, अलगाववादी खालिस्तानी भिंडरांवाले को संत बताकर उसका महिमामंडन करते रहते हैं।

बता दें कि इससे पहले गत सोमवार (16 जनवरी 2023) को मेलबर्न के कैरम डाउन्स में स्थित ऐतिहासिक श्री शिव विष्णु मंदिर (Shri Shiva Vishnu Temple) पर हमला किया था। तोड़फोड़ के दौरान मंदिर की दीवारों पर  ‘टारगेट मोदी (मोदी को बनाओ निशाना)’, ‘मोदी हिटलर’ और ‘हिंदुस्तान मुर्दाबाद’ के नारे लिखे गए थे।

वहीं, गत 12 जनवरी को भी मेलबर्न में ही BAPS स्वामीनारायण मंदिर में खालिस्तान समर्थकों ने तोड़-फोड़ की थी। इसके बाद मंदिर की दीवार ‘हिंदुस्तान मुर्दाबाद’, ‘मोदी हिटलर है’ और ‘भिंडरावाले जिंदाबाद’ जैसे नारे लिखे थे।

बता दें कि भारतीय विदेश मंत्रालय ने ऑस्ट्रेलिया में हिंदू मंदिरों पर हो रहे इन हमलों की कड़ी निंदा की थी। साथ ही, उन्होंने ऑस्ट्रेलिया सरकार से इस पर जल्द कार्रवाई करने का आग्रह किया था। साथ कहा था कि ऑस्ट्रेलियाई सरकार ने कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

यही नहीं, भारत में ऑस्ट्रेलियाई उच्चायुक्त बैरी ओ फैरेल ने भी इन घटनाओं पर दुख जताया था। उन्होंने ट्वीट कर कहा था, “भारत की तरह ही ऑस्ट्रेलिया भी एक गौरवशाली और बहुसांस्कृतिक देश है। मेलबर्न में दो हिंदू मंदिरों में हुई तोड़फोड़ से हम स्तब्ध हैं। ऑस्ट्रेलियाई अधिकारी जाँच कर रहे हैं। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के लिए हमारा मजबूत समर्थन है। लेकिन, इसमें घृणित भाषा और हिंसा को जगह नहीं है।”

‘मोदी हिटलर जैसे…कुछ ही समय बचा है’ : कर्नाटक के पूर्व CM सिद्धारमैया ने PM के लिए निकाले बिगड़े बोल, कहा- 100 बार भी कहें तो भी नहीं लौटेगी भाजपा

कभी माँस खा कर मंदिर जाने की वजह से विवादों में रहे कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और कॉन्ग्रेस नेता सिद्धारमैया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘एडोल्फ हिटलर’ कह कर सम्बोधित किया है। उन्होंने मोदी के शासन काल की तुलना मुसोलनी और फ्रांसिस्को फ्रेंकों के समय से की। भाजपा को भगवा पार्टी बताते हुए सिद्धारमैया ने कहा कि अब इस सरकार का शासन बस कुछ ही दिन बचा है। रविवार (22 जनवरी 2023) को दिए इस विवादित बयान पर भारतीय जनता पार्टी ने पलटवार भी किया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सिद्धारमैया ने उडुपी में एक समारोह के दौरान यह बातें कहीं। उन्होंने कहा कि अगर मोदी 100 बार भी कहें कि भाजपा सत्ता में वापस आ रही है तो भी ऐसा नहीं होने वाला। उन्होंने आगे कहा कि हिटलर भी कुछ दिनों तक धूमधाम से घूमता था इसी तरह से मोदी का भी अभी कुछ दिनों तक समय रहेगा। इसी बयान में सिद्धारमैया ने मुसोलिनी और फ्रेन्कों का भी नाम लिया और उनकी तुलना मोदी सरकार के शासन काल से की।

इस बयान से कुछ समय पहले ही सिद्धारमैया ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई पर भी आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। तब उन्होंने कहा था कि प्रधानमंत्री मोदी के आगे भाजपा नेता ‘पपीज’ की हैसियत रखते हैं और सब उनके आगे डर से काँपते हैं।

भाजपा आने किया पलटवार

सिद्धारमैया के इस बयान पर भाजपा ने पलट कर जवाब दिया है। मुख्यमंत्री बोम्मई ने कहा कि पूरा देश प्रधानमंत्री मोदी के व्यक्तित्व से परिचित है और ऐसे बयानों से उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ने वाला। मुख्यमंत्री ने गुजरात चुनावों में सिद्धारमैया की बयानबाजी की याद दिलाते हुए कहा कि उनके ऐसे ही बयान से गुजरात में भाजपा को फायदा हुआ था और वैसा ही यहाँ कर्नाटक में भी होगा।

वहीं केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि सिद्धारमैया ऐसे नेता है जो मल्लिकार्जुन खड़गे को अपना अध्यक्ष मानते ही नहीं। प्रह्लाद जोशी के मुताबिक पहले सिद्धारमैया को कॉन्ग्रेस पार्टी में अपने स्टैंड को क्लियर करना चाहिए। नरेंद्र मोदी को एक निर्वाचित नेता बताते हुए केंद्रीय मंत्री ने खड़गे को सिर्फ नाममात्र का पार्टी प्रमुख बताया।

गौरतलब है कि इसी साल कर्नाटक में विधानसभा चुनाव होने हैं जिसमें भाजपा और कॉन्ग्रेस के बीच सीधा मुकाबला बताया जा रहा है।

क्रिकेट के बाद हॉकी में भी न्यूजीलैंड ने तोड़ा भारत का सपना: वर्ल्ड कप से बाहर हुई भारतीय टीम, बराबरी के स्कोर के बाद पेनल्टी शूटआउट में मिली हार

भारतीय हॉकी टीम (Indian Hockey Team) को न्यूजीलैंड के साथ क्रॉसओवर मैच में हार का सामना करना पड़ा है। इसके साथ ही न्यूजीलैंड की टीम क्वार्टर फाइनल में पहुँच गई है और मेजबान भारतीय टीम का वर्ल्ड कप 2023 (Hockey World cup 2023) में सफ़र यहीं समाप्त हो गया है।

बेहद करीबी मुकाबले का फैसला पेनल्टी शूटआउट में हुआ, जहां भारत को 5-4 से हार मिली। यह पहली बार नहीं है जब न्यूजीलैंड ने भारतीय खेल प्रेमियों का दिल दुखाया है। कई महत्वपूर्ण मौकों पर भारतीय क्रिकेट टीम को भी न्यूजीलैंड के हाथों हार का सामना करना पड़ा है।

दोनों टीम के बीच मुकाबला खेल के फुल टाइम तक हुआ। दोनों टीमों ने जबर्दस्त खेल दिखाया और मुकाबला 3-3 के स्कोर पर बराबरी पर रुक गया। इसके बाद मैच का फैसला फैसला पेनेल्टी शूट आउट से होना था। पेनेल्टी शूट आउट में भी दोनों टीमों के बीच टक्कर देखने को मिली लेकिन बाज़ी न्यूजीलैंड ने मार ली और मुकाबले को 5-4 से अपने नाम कर लिया। इसी के साथ न्यूजीलैंड की टीम क्वार्टर फाइनल में पहुँच गई है और भारत का वर्ल्ड कप का सफर समाप्त हो चुका है।

वहीं मैच में मिली भारत की हार के बाद सोशल मीडिया पर भी लोग कमेंट करने लगे हैं। एक यूजर ने ट्वीट का कहा, “क्रिकेट हो या हॉकी, भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में न्यूजीलैंड के खिलाफ अहम मौके पर हार का सिलसिला लगातार बना हुआ है।”

उल्लेखनीय है कि न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम भी कई मौकों पर महत्वपूर्ण मैचों भारतीय क्रिकेट टीम को भी हरा चुकी है और भारतीय फैन्स का दिल तोड़ चुकी है। वनडे वर्ल्ड कप 2019 के सेमीफाइनल में कीवी टीम ने भारत को हराया था, वहीं वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में टीम इंडिया को न्यूजीलैंड ने हराया था। इसके आलावा T-20 मैचों में भी भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ न्यूजीलैंड का रिकॉर्ड शानदार रहा है।

मुस्लिम बनने से इनकार किया तो अपहरण कर के 3 दिनों तक रेप: पाकिस्तान में हिंदू महिला से दरिंदगी, पुलिस ने अब तक नहीं की कोई कार्रवाई

पाकिस्तान में एक विवाहित हिंदू महिला से रेप करने का मामला सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान के दक्षिणी सिंध प्रांत में एक हिंदू महिला को जबरन इस्लाम मजहब अपनाने के लिए कहा जा रहा था। महिला ने जब धर्म परिवर्तन से इनकार किया तो उसका अपहरण कर लिया गया और फिर तीन दिनों तक उसके साथ रेप किया गया।

वहीं महिला ने घटना के संबंध में सोशल मीडिया पर एक वीडियो अपलोड कर अपनी आपबीती बताई। महिला ने कहा कि उमरकोट जिले के समारो शहर में उसके साथ रेप किया गया। महिला ने आरोप लगाया कि इब्राहिम मंगरियो, पुन्हो मंगरियो और उसके साथी ने उसका अपहरण कर लिया। ये लोग उसपर इस्लाम धर्म अपनाने का दबाव बना रहे थे। बकौल महिला, जब उसने इस्लाम धर्म अपनाने से इनकार किया तो आरोपितों ने उसके साथ तीन दिन तक हैवानियत की और उसके साथ रेप किया।

वहीं भाजपा नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने पीड़िता लड़की के वीडियो को ट्वीट किया। उन्होंने ट्वीट के कैप्शन में लिखा, “समारो शहर में हिंदू लड़की के अपहरण के बाद उसका ज़बरन धर्म परिवर्तन किया गया। पाकिस्तान में अलपसंख्यकों पर ऐसे अत्याचार की घटनाएँ थमने का नाम नहीं ले रही, फिर भी पाकिस्तान सरकार चुप्पी साधे बैठी है।”

महिला ने वीडियो में यह भी कहा कि पुलिस ने अब तक आराेपितों के खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया है। वहीं एक स्थानीय हिंदू नेता ने बताया कि मीरपुखास पुलिस ने अब तक आरोपितों के खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं किया है। स्थानीय नेता ने बताया कि पीड़िता और उसका परिवार रविवार (22 जनवरी, 2023) तक पुलिस स्टेशन के बाहर ही बैठा था। पीड़ित महिला ने यह भी बताया कि वह किसी तरह से आराेेपितों के चंगुल से बचकर अपने घर आने में सफल रही और फिर परिजनों के साथ पुलिस स्टेशन पहुँची।