Home Blog Page 2980

शौहर ने सिगरेट से झुलसाया, देवर ने की अश्लील हरकत: बुलंदशहर में रिजवाना को मोबाइल पर अनस से मिला तीन तलाक, FIR दर्ज

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से तीन तलाक का मामला प्रकाश में आया है। रिजवाना नाम की पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उसका शौहर उसे सिगरेट से झुलसाता था और उससे मारपीट करता था। कुछ दिन पहले उसके शौहर ने जब उसे तीन तलाक दिया तो उसके ससुराल वालों ने भी उसे घर से निकाल दिया। अब इसी बाबत महिला ने शिकायत थाने में दी है।

नगर के मोहल्ला पट्टी हरनाम सिंह की रिजवाना ने बताया कि उसका निकाह सिंभावली थाना क्षेत्र के गाँव वैट के रहने वाले अनस से हुआ था। निकाह के समय उसके घर वालों ने औकात के अनुसार दहेज दिया। मगर ससुराल के लोगों को तसल्ली नहीं हुई। उन्होंने फिर से 10 लाख रुपए की नकदी और बड़ी कार की माँग करना शुरू कर दिया। माँग पूरी न होने पर उससे मारपीट होती और कई बार तो उसके शरीर व विभिन्न अंगों को सिगरेट से जलाया भी जाता था। कई बार उसका देवर भी उससे अश्लील हरकत करता था।

जब रिजवाना के साथ होती इन ज्यादतियों के बारे में घरवालों को पता चला तो उन्होंने ससुराल वालों को समझाया लेकिन फिर भी रिजवाना को प्रताड़ित करना किसी ने नहीं छोड़ा। बहुत तंग आकर वह एक दिन घर लौट गई। जिसके कुछ दिन बाद उसके शौहर ने उसे मोबाइल पर तलाक दे दिया और ससुराल वालों ने भी रिश्ता तोड़ लिया। पुलिस में इस मामले की शिकायत होने के बाद सीओ स्याना अलका सिंह ने बताया कि उन्होंने तहरीर के आधार पर आरोपित शौहर अनस, ससुर आस मोहम्मद, मोनिस, दानिश, आयशा, आसमा को एफआईआर में नामजद किया है। जल्द ही इन आरोपितों की गिरफ्तारी की जाएगी।

पहले बेरहमी से पीटा, फिर तीन तलाक

गौरतलब है कि एक ओर उत्तर प्रदेश में तीन तलाक से पहले महिला को सिगरेट से झुलसाने का मामला आया है। वहीं मध्यप्रदेश में भी मंडलेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम नांद्रा के आशिक से छह साल पहले निकाह करने वाली रेशमा को बेहरमी से पीटकर तीन तलाक देकर घर निकाले जाने का मामला आया है। रेशमा ने बताया कि आशिक किसी अन्य महिला से अवैध संबंधों के चलते उससे घर पर मारपीट करता था। अब तीन तलाक मिलने पर महिला ने अपने शौहर, सास, ससुर, जेठानी, ननद, मौसी सब पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं।

पाकिस्तान का राजकोषीय घाटा ₹19514 करोड़ के पार, मुल्क के इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा घाटा: तेल के दाम भी बढ़े

पाकिस्तान वर्तमान दौर में जबरदस्त राजकोषीय घाटे से गुजर रहा है। यह घाटा पिछले 13 वर्षों में सबसे ज्यादा है। जनवरी 2022 में यह घाटा लगभग 2.6 बिलियन डॉलर (19,514 करोड़ रुपए) दर्ज किया गया है। आयात शुल्कों में तेजी आने के चलते अंतरराष्ट्रीय बाजार में उत्पाद मूल्यों में बढ़ोतरी दर्ज होने इस घाटे की सबसे बड़ी वजह बताई जा रही है।

‘स्टेट बैंक ऑफ पाकिस्तान’ ने 24 फरवरी, 2022 (गुरुवार) को आँकड़े जारी करते हुए बताया, “दिसंबर 2021 में यह घाटा 190 करोड़ डॉलर था। जनवरी 2022 में यह घाटा बढ़ कर 260 करोड़ डॉलर हो गया।” इस से पहले साल 2008 में यह घाटा निम्नतम स्तर पर था।

पाकिस्तान के Geo News के मुताबिक पाकिस्तान कुवैत निवेश कम्पनी के रिसर्च प्रमुख सैमुल्लाह तारिक ने घाटे को अप्रत्याशित बताया है। वहीं आरिफ हबीब लिमिटेड के रिसर्च हेड ताहिर अब्बास ने इसको पाकिस्तान के इतिहास में अब तब का सबसे बड़ा राजकोषीय घाटा बताया है।

इस घाटे के चलते पाकिस्तान में तेलों के दाम भी बढ़े हैं। इसको ले कर पाकिस्तान के ग्लोबल विलेज स्पेस TV के CEO ने भी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने संदेह जाहिर किया है कि क्या पाकिस्तान साल 2002 के IMF (International Monetary Fund) प्रोग्राम में हिस्सा ले पाएगा ? हर मोर्चे पर असफल पाकिस्तान के लिए अब आर्थिक मोर्चे को संभालना बड़ी चुनौती होगी।

‘यूक्रेन के आसमान की रक्षा कर रहा है कीव का भूत, मार गिराए रूस के 6 फाइटर प्लेन’: ‘यूरोपीय इक्के’ का FACT CHECK

रूस और यूक्रेन (Russia-Ukraine War) के बीच जारी जंग में रूसी सैनिक एक-एक कर लगातार यूक्रेन के शहरों पर कब्जे करते जा रहे हैं। वो देश की राजधानी कीव में घुस चुके हैं। दोनों देशों के बीच चल रहे युद्ध का आज तीसरा दिन है। इस बीच सोशल मीडिया से लेकर कई न्यूज चैनलों में यूक्रेन के आसमान को रूस से बचाने की कोशिश करते एक रहस्यमय मिग-29 फाइटर प्लेन के देखे जाने का दावा किया जा रहा है। वहाँ के लोग इसे ‘कीव का भूत’ करार दे रहे हैं।

सोशल मीडिया पर नेटिजन्स यूक्रेनी पायलट की क्लिप को शेयर कर रहे हैं, जिसे कथित तौर पर ‘घोस्ट ऑफ़ कीव’ बताया जा रहा है, जिसने कथित तौर पर डॉग फाइट में रूस के 6 फाइटर प्लेन को मार गिराया। कई ट्विटर यूजर इस कथित भूत को द्वितीय विश्व युद्ध के बाद पहला ‘यूरोपीय इक्का’ करार दे रहे हैं।

एरियल वार टेक्नोलॉजी में ऐसे पायलट को इक्का कहा जाता है, जिसने युद्ध के दौरान पाँच या अधिक विमानों को मार गिराया है।

ट्विटर यूजर Visegrad 24 ने मिग-29 फाइटर जेट का एक वीडियो शेयर किया, जिसने कथित रूसी प्लेन का पीछा किया था। यूजर ने कहा कि कई सारे रिपोर्ट में कहा जा रहा है कि यूक्रेन के एक पायलट ने शुक्रवार को छह रूसी विमानों को मार गिराया था, जिससे वह 21वीं सदी का पहला लड़ाकू बन गया है। पायलट को अब ‘घोस्ट ऑफ कीव’ कहा जा रहा है।

एक अन्य वायरल पोस्ट में दावा किया गया कि ‘घोस्ट ऑफ़ कीव’ ने अब तक रूसी वायु सेना के दो Su-35, एक Su-27, एक MiG-29 और दो Su-25s को ढेर कर दिया है।

यूक्रेन की आम जनता ही नहीं, बल्कि वहाँ के पूर्व राष्ट्रपति पेट्रो पोरोशेंको ने भी एक इमेज शेयर कर इस पायलट को ‘घोस्ट ऑफ कीव’ करार दिया। कथित भूत की जय-जयकार करने के लिए कई सारे असत्यापित वीडियो पोस्ट किए जा रहे हैं।

पोरोशेंको ने ट्वीट किया, “ये कोई और नहीं, बल्कि कीव का भूत है। वह दुश्मनों को आतंक और यूक्रेनियन को गर्व महसूस करा रहा है। रूसी पायलटों पर उसने 6 जीत दर्ज की है! ऐसे शक्तिशाली रक्षकों के साथ, यूक्रेन निश्चित रूप से जीतेगा!”

हालाँकि अभी तक उस संदिग्ध पायलट की पहचान नहीं हो सकी है। माना जा रहा है कि पोरोशेंकों ने लोगों के मनोबल को बढ़ाने के लिए यह बयान दिया है।

फ़ैक्ट-चेकर्स ‘घोस्ट ऑफ़ कीव’ के अस्तित्व को नकार रहे

इस बीच कुछ फ़ैक्ट-चेकर्स ने भी वायरल हो रहे वीडियो का विश्लेषण करने के बाद दावा किया है कि ‘घोस्ट ऑफ़ कीव’ का दावा करने वाले कुछ फुटेज पायरेटेड हैं।

इसी क्रम में एक यूक्रेनियन यूजर ने वीडियो शेय़र कर दावा किया कि ‘घोस्ट ऑफ कीव’ ने रूसी Su-35 फाइटर प्लेन को मार गिराया। यूजर ने दो फाइटर प्लेन के बीच डॉगफाइट वाला वीडियो शेयर किया।

लेकिन फैक्ट चेक वेबसाइट स्नोप्स ने इसको लेकर खुलासा किया कि उक्त वीडियो एक फ्री-टू-प्ले कॉम्बैट-सिमुलेशन वीडियो गेम है।

इसे सबसे पहले YouTube यूजर Comrade_Corb ने पोस्ट किया, जिससे ये स्पष्ट होता है कि ये असली नहीं है।

खुद यूट्यूबर कॉमरेड_कॉर्ब ने कहा है, “यह फुटेज डीसीएस से है, लेकिन फिर भी ‘द घोस्ट ऑफ कीव’ के सम्मान में बनाया गया है। अगर ये असली है तो भगवान उसे अमर करें और अगर यह गलत था तो मैं उसके जैसे और लोगों के लिए प्रार्थना करता हूँ।”

बहरहाल भले ही ‘कीव के भूत’ के अस्तित्व को लेकर कोई सबूत नहीं हों, लेकिन इससे यूक्रेनियों की रूस से लड़ने को लेकर उम्मीदें जरूर जिंदा हैं।

राजस्थान के कोटा में घर से 200 मीटर की दूरी पर BJP नेता की हत्या: 2 बेटियों का कौन रखेगा ख्याल, चिंता में दोस्त-परिवार

राजस्थान के कोटा जिले से भाजपा के कार्यकर्ता की उनके घर से मात्र 200 मीटर की दूरी पर बदमाशों ने बेरहमी से पीट-पीट कर हत्या कर दी। मृतक विकी आर्य बीजेपी का कार्यकर्ता होने के साथ-साथ युवा मोर्चा से भी जुड़े हुए थे। वो काफी मिलनसार और दूसरों का ख्याल रखने वाले था, लेकिन उनकी हत्या के बाद अब उनकी दो बेटियों का ही ख्याल रखने वाला कोई नहीं रहा।

रिपोर्ट के मुताबिक, यह वारदात कैथोनीपूल इलाके के साबरमती कॉलनी में घटी। बताया जाता है कि मृतक विकी आर्य की आरोपितों से पुरानी रंजिश थी। इसके चलते शुक्रवार (25 फरवरी 2022) की रात को 6 बदमाशों ने उनकी हत्या कर दी। मृतक विकी आर्य भाजपा के शहर महामंत्री थे।

डीएसपी अमर सिंह का कहना है कि विकी आर्य घटना वाले दिन अपनी बाइक लेकर घर से निकले थे। वो जगत मंदिर के पीछे वाली गली से निकल ही रहे थे कि वहाँ पर पहले से ही कुछ हमलावर घात लगाए बैठे थे और उनके वहाँ पहुँचते ही वो सामने आ गए। हाथों में सरिया और लोहे के पाइप लिए हमलावरों को देख विकी ने डर कर अपनी गाड़ी वहीं खड़ी कर दी और पैदल ही अपने घर की ओर भागे।

भागने के दौरान वो अपने घर से करीब 200 मीटर की दूरी पर ही रहे होंगे जब आरोपितों ने उन्हें पकड़ लिया और घेर कर ताबड़तोड़ हमले किए। उन्हें अधमरा करने के बाद आरोपित वहाँ से फरार हो गए। इस बीच हमले की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुँचे उनके घरवाले उन्हें एमबीएस अस्पताल ले गए, जहाँ उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

रिश्तेदारों और पड़ोसियों ने ही मारा

पुलिस का कहना है कि विकी आर्य की हत्या उनके ही रिश्तेदारों और पड़ोसियों ने की है। दरअसल, उनका आरोपितों के साथ पिछले साल दिसंबर 2021 में झगड़ा हुआ था। इसके बाद से ही आरोपित बदला लेने की ताक में थे। उस झगड़े में हालाँकि डायरेक्टली विकी का हाथ नहीं था।

एएसपी प्रवीण जैन के मुताबिक, मामले में दो आरोपित राज और निखिल को नामजद कर गिरफ्तार किया गया है। इन दोनों ने हत्या की बात कबूल कर ली है। दो अन्य नामजद आरोपित बनवारी और अर्जुन की तलाश की जा रही है।

विक्की के दोस्तों का कहना है कि वो बहुत ही मिलनसार और सभी का ध्यान रखने वाले व्यक्ति थे। उनकी दो बेटियाँ हैं। उनकी मौत के बाद परिवार उजड़ गया।

नाबालिग बेटी का पहले किया जबरन धर्मांतरण, फिर 5 माह तक शोषण: ईसाई मिशनरी के खिलाफ एक माँ का आरोप, HC ने जारी किया नोटिस

नाबालिग हिंदू लड़की को ईसाई धर्म में जबरन परिवर्तित कराने के मामले में उसकी माँ द्वारा दायर की गई याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट ने नोटिस जारी किया है। माँ का आरोप है कि इवेंजेलिकल फेलोशिप ऑफ इंडिया कमीशन ऑन रिलीफ एंड प्रयास (Evangelical Fellowship of India Commission on Relief and Prayas ) नामक ईसाई मिशनरी के सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उनकी बच्ची को ईसाई धर्म में परिवर्तित करने के लिए प्रेरित किया और उसके जरिए एक फर्जी का यौन शोषण मामला दर्ज करवाया।

माँ का कहना है कि उनकी बच्ची की जानकारी के बिना ही हिंदू से ईसाई बनाने का काम किया गया। उन्होंने कहा ईसाई बनाने के बाद एनजीओ ने 5 माह से ज्यादा उनकी बच्ची का  शोषण। ये सब तब हुआ जब बच्ची चाइल्ड केयर इंस्टिट्यूशन में थी जिसे ग्लोबल फैमिली चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित किया जाता है।  

अधिवक्ता दिब्यांशु पांडे के माध्यम से दायर एक याचिका में, पीड़िता की माँ ने आरोप लगाया कि उनकी नाबालिग बेटी को उपरोक्त गैर सरकारी संगठनों के सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा ‘फँसा’ लिया गया था, जिन्होंने उससे झूठी एफआईआर करवाई थी। इसी एफआईआर के चलते उसे ‘पाँच’ दिन बाद चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के समक्ष पेश किया गया, जो कि किशोर न्याय (बच्चों की देखभाल और संरक्षण) मॉडल नियम, 2016 के नियम 81 (1) का सीधा उल्लंघन है।

अब माँ की नाराजगी सीडब्ल्यूसी की ढिलाई पर है जिसके कारण चाइल्ड केयर इंस्टिट्यूशन में कई एनजीओ ने उसको प्रताड़ित किया और उसे ईसाई धर्म में परिवर्तित होने के लिए प्रेरित किया। उनका आरोप है कि किशोर न्याय (बच्चों की देखभाल और संरक्षण) अधिनियम, 2015 के परिणामस्वरूप याचिकाकर्ता और उसकी बेटी को न्याय से वंचित किया गया है। साथ ही साथ भारतीय संविधान द्वारा प्रदान किए गए मौलिक अधिकारों का भी उल्लंघन हुआ है।

गौरतलब है कि पिछले कुछ सालों में ईसाई मिशनरी लगातार धर्मांतरण का रैकेट चलाने के लिए कारण सुर्खियों में रहती हैं। वह जरूरतमंदों को खाना, पीना, आर्थिक सहायता, स्वास्थ्य सुविधा का लाचल देकर ईसाई धर्म में आकर्षित करते हैं। पिछले साल मध्य प्रदेश के रायसेन में एक गर्ल्स हॉस्टल में चल रहे धर्मांतरण रैकेट का खुलासा हुआ था। इसके अलावा पिछले वर्ष ही ऑपइंडिया ने आपको बताया था कि कैसे ईसाई मिशनरियों ने कोविड का फायदा उठाकर लाख से ज्यादा लोगों को ईसाई बनाया।

‘थाला अजीत’ के सामने फीका पड़ा भंसाली-आलिया का ग्लैमर, एक दिन में ₹60 करोड़ कमा कर रचा इतिहास: ‘गंगूबाई’ पिछड़ी

बॉक्स ऑफिस पर जहाँ तमिल सुपरस्टार अजीत कुमार की फिल्म ‘वलिमै’ धूम मचा रही है, वहीं आलिया भट्ट की ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ काफी पीछे छूट गई है। मूवी ट्रेड एनालिस्ट मनोबाला विजयन द्वारा दिए गए आँकड़ों के अनुसार, ‘थाला अजीत’ कहे जाने वाले सुपरस्टार की फिल्म ने पहले ही दिन दुनिया भर में 60 करोड़ रुपए का कारोबार किया। फिल्म के अकेले तमिलनाडु में 36.17 करोड़ रुपए कमाए। आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में इसकी कमाई 1.80 करोड़ रुपए रही।

कर्नाटक में अजीत कुमार की ‘वलिमै’ ने 3.72 करोड़ रुपए का बिजनेस किया। केरल में इसने 1.55 करोड़ रुपए कमाए। भारत के अन्य हिस्सों में उसने 1.04 करोड़ रुपए कमाए हैं। वहीं विदेशों में भी इस फिल्म का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन शानदार रहा है। ओवरसीज में फिल्म ने 15.20 करोड़ रुपए कमाए हैं। इस तरह से फिल्म ने पहले दिन कुल 59.48 करोड़ रुपए का कारोबार किया। तमिलनाडु में दूसरे दिन भी फिल्म ने 24.62 करोड़ रुपए कमाए।

इस तरह से अकेले दो दिनों में सिर्फ तमिलनाडु में फिल्म का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 60 करोड़ रुपए के पार पहुँच गया है। आँकड़ों को देखें तो नेट कलेक्शन के मामले में भी 30 करोड़ रुपए की कमाई के साथ ‘वलिमै’ ने रजनीकांत की हाल में आई फिल्म ‘अन्नाथे’ और ‘थलापति’ कहे जाने वाले विजय की 2021 में आई फिल्म ‘मास्टर’ को पछाड़ दिया है। वहीं आलिया भट्ट की ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ को पहले दिन सिर्फ 9-10 करोड़ रुपए के नेट कलेक्शन से संतोष करना पड़ा।

संजय लीला भंसाली की फिल्म पहले से ही विवादों में है। गंगूबाई के डॉयलॉग को कॉपी करते हुए एक बच्ची का वीडियो वायरल होने के बाद कंगना रनौत ने भी इस पर आपत्ति जताई थी। उन्होंने केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी को टैग करते हुए कहा था, “क्या इस बच्ची को किसी सेक्स वर्कर की नकल मुँह में बीड़ी और अश्लील डायलॉग्स के साथ करनी चाहिए? उसकी बॉडी लैंग्वेज देखिए, क्या इस उम्र में उसे इस तरह कामुक दिखाना ठीक है? सैकड़ों अन्य बच्चे हैं जिनका इसी तरह इस्तेमाल किया जा रहा है।”

470+ भारतीय छात्रों को यूक्रेन से निकाला गया, 23 नंबरों के साथ नई एडवाइजरी: वतन-वापसी के प्लान में प्लेन और बस भी

रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान भारत ने यूक्रेन से 25 फरवरी (शुक्रवार) तक 470 छात्रों को वापस लाने में सफलता पाई है। इन सभी को युद्ध क्षेत्र से बचा कर रोमानिया सीमा से लाया गया है। भारत सरकार की लगातार यूक्रेन छोड़ देने की एडवाइजरी के बाद अभी तक लगभग 18000 छात्र यूक्रेन में मौजूद हैं। इन सभी को बसों से सीमाओं तक छोड़ा गया था। इस बात की जानकारी कीव में भारतीय दूतावास ने दी है।

दूतावास द्वारा शुक्रवार को किए गए ट्वीट में कहा गया, “आज दोपहर 470 से अधिक छात्र यूक्रेन छोड़ देंगे। हम भारतीयों को यूक्रेन के पड़ोसी देशों की सीमाओं की तरफ ले जा रहे हैं। हमारे प्रयास जारी हैं।” मिली जानकारी के मुताबिक भारत का कीव दूतावास रोमानिया, पोलैंड और हंगरी के भारतीय दूतावास के सम्पर्क में है। विदेश विभाग के प्रवक्ता द्वारा शेयर किए गए वीडियो में रोमानिया पहुँचे भारतीयों के पहले जत्थे को दिखाया गया है।

एयर इंडिया रोमानिया और हंगरी के लिए जारी रखेगा उड़ान

जानकारी इस बात की भी आ रही है कि भारत का विदेश मंत्रालय भारतीयों को निकालने के लिए पोलैंड से भी बात कर रहा है। इस बीच एयर इंडिया की फ्लाइट दिल्ली और मुंबई एयरपोर्ट से रोमानिया और हंगरी के लिए आज शनिवार को उड़ान भरेंगी। ये उड़ानें सीमाओं पर पहुँच रहे भारतीयों को लाने के लिए हैं।

इससे पहले एयर इंडिया इसी सप्ताह 242 छात्रों को यूक्रेन से भारत लाने में सफल रही थी। गुरुवार (24 फरवरी) को एयर इंडिया की एक फ्लाइट कीव से रूसी गोलाबारी के बीच वापस आ गई थी। भारत के नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने एयरलाइंस कंपनियों को पत्र लिख कर यूक्रेन की सीमाओं से लगे देशों के लिए उड़ानें जारी रखने का निर्देश दिया है।

यूक्रेन में भारतीय दूतावास की भारतीयों के लिए नई एडवाइजरी

शनिवार (26 फरवरी 2022) को यूक्रेन में भारत के दूतावास ने वहाँ मौजूद भारतीयों के लिए नई एडवाइजरी जारी की है। इसमें कहा गया, “यूक्रेन में मौजूद सभी भारतीयों को बताना है कि बिना भारत सरकार के सलाह के सीमाओं की तरफ न जाएँ। जानकारी के लिए सरकार ने एमरजेंसी और हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं।”

यूक्रेन में भारत के दूतावास की नई एडवाइजरी

इस एडवाइजरी में आगे लिखा है, “सीमाओं पर हालत संवेदनशील हैं। हम अपने नागरिकों की सुरक्षा के लिए पड़ोसी देशों से लगातार सम्पर्क में हैं। हम बिना जानकारी दिए ही सीमाओं की चेकपोस्ट पर पहुँच रहे भारतीयों की सहायता करने में कठिनाई महसूस कर रहे हैं। पश्चिमी यूक्रेन में रहना सीमाओं की तरफ भागने से कहीं ज्यादा सुरक्षित है। पूर्वी क्षेत्रों में रहने वालों से आग्रह है कि वो अगला आदेश आने तक अपने वर्तमान स्थान पर बने रहें। वो शांति बनाए रखें और अधिक से अधिक कोशिश आश्रयस्थलों में रहने की करें। अनावश्यक भाग-दौड़ से बचें।”

विदेश विभाग के प्रवक्ता ने यूक्रेन में फँसे भारतीयों की सहायता के लिए तमाम जरूरी नंबर और ई-मेल आदि की जानकारी शेयर किया है।

विदेश राजयमंत्री ने कहा, “छात्र और उनके परिजन न करें चिंता”

रिपब्लिक वर्ल्ड की रिपोर्ट के मुताबिक केंद्रीय विदेश राजयमंत्री वी मुरलीधरन ने कहा, “विदेश मंत्रालय यूक्रेन में मौजूद सभी 18000 भारतीयों को वापस लाने के लिए सभी कदम उठा रहा है। यूक्रेन का हवाई क्षेत्र बंद है। इसलिए वैकल्पिक रास्तों पर विचार चल रहा है। भारत सरकार सभी भारतीयों की सुरक्षा को ले कर चिंतित है। मैंने दक्षिणी यूक्रेन में मौजूद एक मलयाली छात्र से बात की। उसने बताया कि वहाँ बिजली, पानी और खाना मिल रहा है। छात्रों और उनके अभिभावकों को चिंता करने की जरूरत नहीं है। हमने भारतीयों को ईराक जैसे देशों से सुरक्षित निकाला है।”

यूक्रेन बचाने सड़क पर आए राष्ट्रपति जेलेंस्की, उंगली की जगह लिंग से 5 मिनट तक पियानो बजाने वाला Video भी वायरल

रूस द्वारा यूक्रेन पर हमला किए जाने के बाद यूक्रेनी राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की ने शुक्रवार (फरवरी 25, 2022) को अपनी नई वीडियो जारी की। इस वीडियो में कथित तौर पर राष्ट्रपति अपने साथियों के साथ कीव की सड़कों पर हैं। वीडियो में वलोडिमिर जेलेंस्की (Volodymyr Zelensky) कहते नजर आ रहे हैं कि वह अपनी स्वतंत्रता को बचाने के लिए यहाँ पर मौजूद हैं।

रिपोर्ट्स के अनुसार उन्होंने कहा, “हम सब यहाँ हैं। हमारी सेना यहाँ है। नागरिक यहाँ हैं। हम सब अपनी स्वतंत्रता, अपना देश बचाने के लिए यहाँ है और ऐसे ही बने रहेंगे।” वीडियो में उनके साथ यूक्रेन के प्रधानमंत्री, चीफ ऑफ स्टाफ और अन्य वरिष्ठ साथी भी नजर आए। 

मालूम हो कि इससे पहले खबर आई थी रूस के आक्रमण के बाद जेलेंस्की देश को छोड़ कर भाग गए हैं और अब ये उनकी नई दावे वाली वीडियो है, लेकिन इस वीडियो को कब रिकॉर्ड किया गया, ये टाइम अभी मीडिया रिपोर्ट में स्पष्ट नहीं बताया गया है।

उल्लेखनीय है कि एक ओर जहाँ यूक्रेन के हालात सुर्खियों में हैं, वहीं यूक्रेनी राष्ट्रपति भी अपनी नई पुरानी वीडियोज से चर्चा में हैं। हाल में उनकी एक वीडियो सामने आई है। इसमें वह हाथ ऊपर करके और पैंट नीचे करके पियानो बजाते और अजीब कॉमेडी करते नजर आ रहे हैं। उनकी इस वीडियो को देखकर लोगों का कहना है कि यही वजह है एक कॉमेडियन के हाथ में देश को नहीं सौंपा जाना चाहिए।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की का लिंग से पियानो (Volodymyr Zelensky piano with dick/penis) बजाने वाला वीडियो अब वायरल हो गया है। मीडिया में यह भी रिपोर्ट किया जा रहा है कि राष्ट्रपति जेलेंस्की बस एक मुखौटा हैं, यूक्रेन की असल सत्ता आयहोर कोलोमोस्काई (Ihor Kolomoyskyi) के हाथ में है।

जेलेंस्की का कॉमेडी करियर और राजनीतिक सफर

जानकारी के मुताबिक, 1995 में कीव नेशनल इकोनॉमिक यूनिवर्सिटी से कानून की डिग्री के साथ ग्रेजुएशन किया। इसके बावजूद जेलेंस्की ने अपना करियर कॉमेडी के क्षेत्र में बनाया। पढ़ाई के दौरान ही जेलेंस्की थिएटर को लेकर काफी आकर्षित हुए। वे 1997 में पर्फामेंस ग्रुप, क्वार्टल 95, KVN के फाइनल में नजर आए। राजनैतिक करियर की बात करें तो जेलेंसकी एक राजनेता के तौर पर 2018 में सामने आए।

इसके बाद उनकी एक राजनैतिक व्यंग्य सीरिज के कारण वह लोगों के बीच इतने पसंद किए गए कि उन्हें राजनेता बनने के डेढ़ वर्षों में ही राष्ट्रपति का पद सौंप दिया गया। बिन मेनस्ट्रीम मीडिया के यूक्रेन राष्ट्रपति बनने वाले जेलेंसकी हमेशा सोशल मीडिया और यूट्यूब पर फेमस रहे थे। लेकिन उनके राष्ट्रपति बनने के बाद यूक्रेन की संविधान में संशोधन कर देश को नाटो और यूरोपीय संघ का सदस्य बनाने की नीति का ऐलान किया गया था। इस बदलाव का नतीजा क्या हुआ ये आज विश्व के सामने है।

ये बात सच है कि 44 साल के हो चुके जेलेंस्की को राष्ट्रपति बनने से पहले अपने पूर्ववर्ती राष्ट्राध्यक्षों की तुलना में राजनीति का कोई अनुभव नहीं था। उनके कार्यकाल की शुरुआत से यूक्रेन और रूस के बीच तनाव लगातार बना रहा। इसके बावजूद वोलोडिमिर जेलेंस्की ने अपने देश को नाटो की पूर्ण सदस्यता दिलाने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया। रूस का आरोप है कि यूक्रेन ने 1990 के समझौते का उल्लंघन कर खुद का सैन्यीकरण करने का फैसला किया है। पुतिन यूक्रेन के इस कदम को रूस के लिए प्रत्यक्ष खतरे के रूप में देखते हैं।

‘सत्ता के लिए केजरीवाल कुछ भी कर सकते हैं, सरकार गिराने-लाने वाले सबसे बड़े मुजरिम हैं अरविंद: मुनव्वर राणा

विवादित शायर मुनव्वर राणा के निशाने पर अब दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल आ गए हैं। उन्होंने AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को सत्ता के लिए कुछ भी कर गुजरने वाला व्यक्ति बताया। मुनव्वर राणा ने कुमार विश्वास के आरोपों में सच्चाई होने की भी संभावना जताई है।

हिंदुस्तान द्वारा 25 फरवरी को प्रकाशित इंटरव्यू में मुनव्वर राणा ने कहा, “कॉन्ग्रेस की सरकार को गिरा कर भाजपा को सत्ता में लाने में सबसे बड़ा हाथ अरविन्द केजरीवाल का ही है। अन्ना तमाशा इनकी ही मिली-जुली सरकार थी। बाद में केजरीवाल ने भाजपा को भी धोखा दे दिया। कुमार विश्वास का आरोप झूठ भी नहीं हो सकता। कुमार विश्वास और केजरीवाल काफी गहरे दोस्त रहे हैं। सत्ता के लिए केजरीवाल कुछ भी कर सकते हैं।”

मुनव्वर राणा ने आगे कहा, “कुमार विश्वास आज कल मुझ से नाराज चल रहे हैं। मेरे बहुत ज्यादा ताल्लुकात फ़िलहाल उनसे नहीं हैं। कुमार विश्वास काफी सोच समझ कर बोलते हैं। देश तोड़ने की बातें तो आज कल मुहावरा जैसी बन चुकी हैं। आरोपों को जैसे बढ़ा-चढ़ा कर दिखाया जाता था, वैसा है नहीं।”

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले कुमार विश्वास ने अरविन्द केजरीवाल पर खालिस्तान समर्थक होने का आरोप लगाया था। उन्होंने केजरीवाल को खालिस्तान के खिलाफ बोलने की भी चुनौती दी थी। इन आरोपों के जवाब में केजरीवाल ने खुद को ‘स्वीट आतंकी‘ कहा था।

कुमार विश्वास ने अरविंद केजरीवाल पर जो आरोप लगाया था, वो नया नहीं है। उन्होंने आज से 3-4 साल पहले भी Transparency: Pardarshita नाम की डाक्यूमेंट्री सीरीज में अपना यह बयान जारी किया था। अरविंद केजरीवाल को लेकर आम आदमी पार्टी के कई संस्थापक सदस्यों ने भी गंभीर आरोप लगाए हैं। इनमें कपिल मिश्रा जैसे नामी-गिरामी लोग से लेकर आम कार्यकर्ता तक रहे हैं। जिन-जिन लोगों ने केजरीवाल पर गंभीर आरोप लगाए हैं, उनके वीडियो आप यहाँ देख सकते हैं।

अमेरिका ने कहा – यूक्रेन से रूसी फौजें तत्काल निकले, रूस ने Veto कर सभी 11 देशों को किया चुप

रूस ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के उस प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया है, जिसमें यूक्रेन में उसके सैन्य अभियान की निंदा की गई। इस प्रस्ताव में रूसी फौजों को यूक्रेन से तत्काल निकलने की माँग भी शामिल थी। यह प्रस्ताव अमेरिका द्वारा लाया गया था। इस प्रस्ताव के पक्ष में कुल 11 सदस्यों ने वोट दिया। भारत, चीन और संयुक्त अरब अमीरात हालाँकि अनुपस्थित रहे। यह प्रस्ताव शुक्रवार (25 फरवरी 2022) को लाया गया।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अमेरिका के साथ अल्बानिया ने भी इस प्रस्ताव को साझे तौर पर पारित करवाने का प्रयास किया। प्रस्ताव में रूस द्वारा युद्ध विराम के साथ डोनेत्स्क (Donetsk) और लुहांस्क (Luhansk) पर रूस द्वारा अपने फैसले को रद्द करना शामिल था। रूस ने इस प्रस्ताव को वीटो कर दिया, मतलब अस्वीकार कर दिया।

संयुक्त राष्ट्र के 5 स्थाई सदस्य देशों में रूस भी है। स्थाई देश में से किसी को भी किसी प्रस्ताव को वीटो करने का अधिकार प्राप्त है। अमेरिका और उसके सहयोगी देशों ने हालाँकि रूस को इस से दुनिया भर में अलग-थलग पड़ जाने की चेतावनी दी।

अमेरिकी प्रस्ताव के पक्ष में अल्बानिया, इंग्लैंड, फ्रांस, आयरलैंड, नॉर्वे, गाबोन, मैक्सिको, ब्राजील, घाना और केन्या ने वोट दिया। भारत, चीन और संयुक्त अरब अमीरात ने वोटिंग में हिस्सा नहीं लिया। तीनों देशों ने मामले को बातचीत से सुलझाने की बात कही। अमेरिका अब इस मामले को जनरल एसेम्बली में उठा सकता है। यहाँ लाए गए प्रस्ताव को वीटो नहीं किया जा सकता। जनरल एसेम्बली में पारित प्रस्ताव को लेकर सदस्य देशों पर हालाँकि बाध्यता नहीं होती है।

रूस ने सोमवार (21 फरवरी) को यूक्रेन के दो इलाकों को स्वतंत्र बताया था। रूस ने इन दोनों डोनेत्स्क (Donetsk) और लुहांस्क (Luhansk) को दो स्वतंत्र राष्ट्र बताया था। इन देशों ने रूस के साथ सैन्य समझौता किया। साथ ही रूसी सेना की सहायता माँगी। यूक्रेन पिछले 7 वर्षों में इसका शांतिपूर्ण स्थाई समाधान निकालने में विफल रहा है।

गुरुवार (24 फरवरी) को रूस के राष्ट्रपति ने अपनी सेना को दोनों नए राष्ट्रों के नागरिकों की रक्षा करने का आदेश दिया। इस आदेश में यूक्रेन के सैनिकों से सरेंडर करवाना शामिल था। इससे पहले रूस ने यूक्रेन से तटस्थ रहने की कसम खाने और विदेशी हथियारों को अपनी जमीन पर न प्रयोग करने की सलाह दी थी।

यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लादिमीर जेलेंस्की ने रूस के हमले को अप्रत्याशित और बेवजह बताया है। 2 दिन पहले जेलेंस्की ने अपने देश के नागरिकों से युद्ध के लिए हथियार उठाने को कहा था।