Home Blog Page 2560

इधर मनी लॉन्ड्रिंग को लेकर सोनिया गाँधी से ED कर रही थी सवाल, उधर वाहनों को फूँक रहे थे कॉन्ग्रेसी: हिंसक प्रदर्शन से नेशनल हेराल्ड केस में पूछताछ का विरोध

नेशनल हेराल्ड (National Herald) मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कॉन्ग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गाँधी (Soniya Gandhi) की आज (21 जुलाई 2022) प्रवर्तन निदेशालय (ED) के सामने पेशी हुई। दो घंटे की पूछताछ के बाद ईडी ने 25 जुलाई को उन्हें फिर से तलब किया है। पूछताछ के विरोध में देश के कई हिस्सों में कॉन्ग्रेस कार्यकर्ताओं ने हिंसक प्रदर्शन किया।

कर्नाटक के बेंगलुरु में कई स्थानों पर कॉन्ग्रेसियों ने विरोध प्रदर्शन किया। बेंगलुरु के शांतिनगर में ईडी कार्यालय के सामने युवा कॉन्ग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक कार में आग लगा दी।

बेंगलुरु के डीसीपी सेंट्रल आर श्रीनिवास गौड़ा ने बताया कि शेषाद्रिपुरम और शांतिनगर से वाहन में आग लगाने की कोशिश किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद 11 लोगों को हिरासत में लिया गया है।

दिल्ली में कॉन्ग्रेस कार्यकर्ताओं ने शिवाजी ब्रिज रेलवे स्टेशन पर एक ट्रेन को रोका और रेलवे ट्रैक जाम कर दिया। समाचार एजेंसी एएनआई ने कॉन्ग्रेसियों द्वारा किए गए हिंसक प्रदर्शन की तस्वीरें और वीडियो भी शेयर की है। इनमें आप देख सकते हैं कि किस तरह प्रदर्शनकारी कॉग्रेस नेता सोनिया गाँधी और राहुल गाँधी का पोस्टर हाथों में लेकर वाहनों को आग के ​हवाले कर रहे हैं और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुँचा रहे हैं।

वहीं, हैदराबाद के बशीरबाग में तेलंगाना कॉन्ग्रेस के नेताओं (Telangana Congress Leaders Protests) ने सोनिया गाँधी के समर्थन में प्रवर्तन निदेशालय के दफ्तर के पास मोदी सरकार और ईडी के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया और एक स्कूटर को आग के हवाले कर दिया। इस दौरान उन्होंने पीएम मोदी और भाजपा के खिलाफ नारे भी लगाए।

देश के कई अन्य हिस्सों से भी कॉन्ग्रेसियों द्वारा यातायात जाम करने और छिटपुट हिंसा-आगजनी की खबर है। विरोध-प्रदर्शनों की शुरुआत सोनिया गाँधी के ईडी दफ्तर पहुँचने से पहले ही हो गई थी। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को पुलिस ने विरोध के कारण हिरासत में ले लिया था। विपक्ष की ओर से राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा ने कहा कि ED नेताओं को परेशान कर रही है। उन्होंने कहा कि ED के अधिकारियों को सोनिया गाँधी से पूछताछ के लिए उनके घर जाना चाहिए था। उधर लोकसभा में केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने विरोध-प्रदर्शन पर सवाल उठाते हुए कहा, “कानून के समक्ष सब बराबर है। क्या कॉन्ग्रेस अध्यक्ष कोई महामानव हैं?” गौरतलब है कि इससे पहले राहुल गाँधी से ईडी की पूछताछ के वक्त भी कॉन्ग्रेस ने सड़कों पर उतरकर विरोध-प्रदर्शन किया था।

LuLu मॉल में नमाज पढ़ने को लेकर जो 4 हुए गिरफ्तार, वे निकले मदरसाछाप: सबसे बड़ा लुकमान चलाता है मदरसा

लखनऊ के लुलु मॉल (LuLu Mall) में नमाज पढ़ने और उसका वीडियो बनाने वाले 9 नमाजियों में से 4 पुलिस की गिरफ्त में हैं। इनके नाम नोमान, लुकमान, आतिफ और रेहान हैं। नोमान और लुकमान सगे भाई हैं। इनके साथियों की तलाश जारी है। इस बीच मीडिया रिपोर्टों में बताया गया है कि गिरफ्तार चारों आरोपितों का मदरसा कनेक्शन सामने आया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक नोमान, रेहान और आतिफ़ तीनों मदरसे में पढ़ाई करते हैं। इन सभी की उम्र 19 से 20 वर्ष के आसपास है। चौथा आरोपित मोहम्मद लुकमान मदरसा चलाता है। वो इन सभी में सबसे बड़ा 25 साल का है।

एक अन्य रिपोर्ट के मुताबिक मोहम्मद रेहान का घर लखनऊ के ही अबरार नगर में है। रेहान मदरसा छात्र है। आतिफ खान लखनऊ के अबरारपुर इलाके में रह कर दीनी तालीम हासिल कर रहा है। वह मूल रूप से लखीमपुर खीरी का रहने वाला है। नोमान भी अबरारपुर के ही एक मदरसे में पढ़ता है। वह सीतापुर के गाँव मंगोलपुर का रहने वाला है। लुकमान लखनऊ के अबरार नगर में मदरसा चलाता है। नोमान और लुक़मान के अब्बा का नाम मंसूर अली है।

पुलिस इस नमाज़ प्रकरण में फरार चल रहे अन्य आरोपितों की तलाश में भी जुटी है। पुलिस पकड़े गए आरोपितों से मॉल के अंदर नमाज़ पढ़ने की उनकी मंशा पर भी सवाल-जवाब कर रही है। गौरतलब है कि लुलु मॉल में 12 जुलाई 2022 को नमाज़ का वीडियो वायरल होने के बाद 14 जुलाई को पुलिस ने मॉल प्रशसन की तहरीर पर FIR दर्ज की थी। इस नमाज़ के विरोध में हिन्दू संगठन के सदस्यों ने भी मॉल के आगे विरोध प्रदर्शन किया था।

इस मॉल के मालिक यूसुफ अली हैं, जो कि एक अरबपति व्यवसायी हैं। वो मूल रूप से केरल के रहने वाले हैं। लेकिन, रहते अबू धाबी में हैं। नमाज का वीडियो वायरल होने के बाद प्रबंधन ने मॉल के हर फ्लोर पर सिक्योरिटी को बढ़ाते हुए 200 सुरक्षा गार्डों को तैनात कर दिया था। साथ ही 1016 सीसीटीवी कैमरों को एक्टिव कर दिया था।

‘नदी साफ करने का स्टंट कर डायरिया करवा लिया’: यूजर ने लिए मजे, पेट दर्द के बाद अस्पताल में भर्ती पंजाब के CM मान को मिली छुट्टी

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान (Punjab CM Bhagwant Mann) को दिल्ली के अपोलो अस्पताल से गुरुवार (21 जुलाई 2022) को डिस्चार्ज कर दिया गया। भगवंत मान को मंगलवार की रात (19 जुलाई 2022) पेट में तेज दर्द की शिकायत हुई थी। उसके बाद उन्हें तत्काल दिल्ली लाकर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने कहा कि उन्हें इनफेक्‍शन हो गया है। हालाँकि, एक दिन अस्पताल में बिताने के बाद मान को डिस्चार्ज कर दिया गया।

इसके बाद से सोशल मीडिया पर AAP की पंजाब यूनिट द्वारा बीते दिनों शेयर किया गया वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह काली बेंई का जल पीते हुए दिख रहे हैं। ट्वीट में लिखा गया था, “मुख्यमंत्री भगवंत मान गुरु नानक साहिब की चरण स्पर्श वाली भूमि सुल्तानपुर लोधी में पवित्र जल पीते हुए। राज्यसभा सदस्य संत सीचेवाल जी ने पवित्र स्थान की सफाई का बीड़ा उठाया है।”

दरअसल, 17 जुलाई को प्रसिद्ध पर्यावरणविद् और राज्यसभा सांसद बाबा बलबीर सिंह सीचेवाल ने मुख्यमंत्री को काली बेईं की सफाई की 22वीं वर्षगांठ में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया था। इस दौरान उन्होंने पंजाब के सुल्तानपुर लोधी में प्रदूषित नदी का एक गिलास पानी पिया था, जिसमें कस्बों और गाँवों का सीवेज बहता है। इस अवसर पर सीएम ने नदी की सफाई के लिए संत बाबा सीचेवाल के प्रयासों की जमकर सराहना भी की थी।

हालाँकि, कुछ दिनों बाद उन्हें इलाज के लिए दिल्ली के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। ऐसे में कहा जा रहा है कि काली बेईं नदी का प्रदूषित पानी पीने की वजह से भगवंत बीमार हो गए हैं। सोशल मीडिया पर एक यूजर ने भगवंत मान के मजे लेते हुए लिखा, “नदी साफ कर दी साबित करने का स्टंट कर रहे थे। डायरिया करवा लिया।”

बाद में डिप्टी कमिश्नर अशोक कौरा (Deputy Commissioner Ashok Kaura) ने मीडियाकर्मियों से कहा कि बेईं में कई कस्बों और गाँवों का गंदा पानी बहता है। उन्होंने कहा कि वह सीएम को इसका पानी ना पीने की सलाह देने के लिए मौके पर मौजूद नहीं थे।

शिवसेना की लड़ाई से शरद पवार की नींदें भी उड़ी, भंग किए पार्टी के सभी राष्ट्रीय प्रकोष्ठ: भतीजे अजीत पवार अतीत में दिखा चुके हैं बागी तेवर

राष्ट्रवादी कॉन्ग्रेस पार्टी (राकांपा) के प्रमुख शरद पवार ने पार्टी के सभी विभागों और प्रकोष्ठों को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है। पार्टी का यह फैसला मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, हाल ही में महाराष्ट्र की महा विकास अघाड़ी सरकार (MVA) के गिरने के बाद लिया गया है। जिस तरह से शिवसेना का बिखराव सामने आया है तो वहीं अतीत में भतीजे अजीत पवार भी बागी तेवर दिखा चुके हैं। ऐसे में अब NCP राष्ट्रीय स्तर पर नेतृत्व में बड़ा बदलाव करने जा रही है।

राकांपा के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल ने बुधवार (20 जुलाई 2022) को ट्वीट कर पार्टी के फैसले के बारे में जानकारी दी। पार्टी के महासचिव प्रफुल्ल पटेल ने कहा, “राष्ट्रवादी कॉन्ग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद पवार के अनुमोदन से राष्ट्रवादी महिला कॉन्ग्रेस को छोड़कर, राकांपा के सभी विभाग और प्रकोष्ठ तत्काल प्रभाव से भंग किए जाते हैं।” हालाँकि, पटेल ने पार्टी द्वारा अचानक उठाए गए कदम के कारण का खुलासा नहीं किया।

इस संबंध में पटेल ने सभी प्रकोष्ठ और विभागों के प्रमुखों को पत्र भी जारी किए हैं। इसमें कहा गया है कि राकांपा के सभी विभागों को तत्काल प्रभाव से भंग किया जाता है। यह फैसला राकांपा अध्यक्ष शरद पवार की सहमति से लिया गया है। उन्होंने अपने दूसरे ट्वीट में कहा कि यह फैसला महाराष्ट्र या किसी अन्य राज्य इकाई पर लागू नहीं होता है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, राजनीतिक गलियारों में ऐसी चर्चा है कि यह अहम फैसला 2024 में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र में लिया गया है।

उल्लेखनीय है कि एनसीपी शिवसेना के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार का हिस्सा थी। शुरू से ही एनसीपी और शिवसेना के नेताओं के बीच मतभेद रहे हैं। शिवसेना सांसद संजय जाधव ने एनसीपी पर आरोप लगाया था कि वह शिवसेना को कमजोर कर रही है। राकांपा के दखल से वह अपने कार्यकर्ताओं के साथ न्याय नहीं कर पा रहे हैं। इसके चलते परभणी से शिवसेना सांसद संजय जाधव ने लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा तक दे दिया था। इसका कारण जिंतुर नगरपालिका में एनसीपी का दखल बताया जा रहा था। उन्होंने इस संबंध में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को पत्र भी लिखा था। संजय जाधव ने अपने पत्र में कहा था कि वह अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ न्याय नहीं कर पा रहे हैं। इस आधार पर उन्हें सांसद बने रहने का कोई अधिकार नहीं है।

बता दें कि महाराष्‍ट्र में सत्ता गँवाने के बाद उद्धव ठाकरे को एक और झटका लग सकता है और इस बार शिवेसना पर उनका दावा ही हाथ से निकलने की सम्भावना नजर आ रही है। दरअसल, शिंदे गुट ने पार्टी चुनाव चिह्न पर अपना दावा पेश किया है। एकनाथ शिंदे समूह ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर शिवसेना के धनुष-बाण चुनाव चिह्न को आवंटित करने की माँग की है।

द्रौपदी मुर्मू के गृहनगर में मिठाइयाँ बनकर तैयार: सांसदों के वोटों की गिनती पूरी, यशवंत सिन्हा को केवल 208 वोट

राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू (Draupdi Murmu) का राष्ट्रपति बनना लगभग तय हो गया है। अभी तक की गिनती में वह विपक्ष के साझा उम्मीदवार यशवंत सिन्हा (Yashwant Sinha) से आगे हैं।

राज्यसभा के महासचिव पीसी मोदी के अनुसार, द्रौपदी मुर्मू ने 3,78,000 मूल्य के 540 वोट हासिल किए हैं। वहीं, यशवंत सिन्हा को 1,45,600 मूल्य के 208 वोट मिले। इस दौरान कुल 15 वोट अवैध पाए गए। पीसी मोदी ने बताया कि ये संसद के आंकड़े हैं। इस संबंध में अगली घोषणा जल्द ही करने की बात उन्होंने कही।

बता देें कि राष्ट्रपति चुनावों में सोमवार (18 जुलाई 2022) को संसद में 98.91 प्रतिशत मतदान हुआ था। कुल 736 मतदाताओं (727 सांसदों और 9 विधायकों) को संसद में मतदान की अनुमति दी गई थी, जिनमें से 728 (719 सांसदों और 9 विधायकों) ने वोट दिया था।

द्रौपदी मुर्मू के पैतृक गाँव ओडिशा के रायरंगपुर में जश्न की तैयारियाँ शुरू हो गई हैं। मिठाइयाँ बनने लगी हैं। ग्रामीणों ने मुर्मू का विजय जुलूस निकलने के साथ ही आदिवासी नृत्य की भी योजना बनाई ली थी।

भारत के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ, जब कोई आदिवासी महिला भारत की राष्ट्रपति बनी। रायरंगपुर और पूरे ओडिशा के लिए आज एक ऐतिहासिक दिन है। उत्सव जैसा माहौल है। 20,000 मिठाइयाँ बनाने के अलावा आतिशबाजी की भी पूरी तैयारी भी पहले ही की गई। 

द्रौपदी मुर्मू जिस सरकारी उच्च प्राथमिक विद्यालय में पढ़ती थीं, उसके प्रधानाध्यापक रह चुके बिस्वेश्वर मोहंती ने उस वक्त को याद किया। उन्होंने बताया कि वह 1968 से 1970 तक स्कूल में हेड टीचर थे। उस दौरान द्रौपदी मुर्मू वहाँ पढ़ाई करती थीं। उन्होंने बताया कि मुर्मू के बारे में जानकर उन्हें बहुत गर्व महसूस होता है।

मोहंती कहते हैं कि वह एक मेधावी छात्रा थीं। उन्हें याद है कि एक बार छात्रों से पूछा गया कि वे भविष्य में क्या करना चाहते हैं तो सभी ने विभिन्न व्यवसायों का जिक्र किया, लेकिन जब यही सवाल द्रौपदी से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि वह लोगों की सेवा करना चाहती हैं।

मोहंती ने कहा कि पहले द्रौपदी मुर्मू ने राज्यपाल के रूप में कार्य किया और अब वे देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन होंगी। वहीं उस स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों को भी द्रौपदी मुर्मू पर गर्व महसूस हो रहा है।

इस बीच द्रौपदी के ससुराल के घर की तस्वीर भी सामने आई है। बता दें कि पति और दो बेटों की मौत के बाद द्रौपदी ने अपने ससुराल पहाड़पुर की सारी जमीन ट्रस्ट बनाकर बोर्डिंग स्कूल में बदल दिया गया। ट्रस्ट का नाम पति और बेटों के नाम पर SLS ट्रस्ट रखा गया है। इसमें ग्रामीण क्षेत्र के बच्चे पढ़ाई करते हैं।

उल्लेखनीय है कि कुल 10,86,431 मतों में से राजग उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के पास 6.67 लाख से अधिक वोट होने का अनुमान लगाया गया है। उन्हें सत्ताधारी गठबंधन के अलावा बीजद, वाईएसआर कॉन्ग्रेस, अकाली दल ही नहीं विपक्षी खेमे के कई दलों जैसे जेडीएस, झामुमो, शिवसेना और तेदेपा का समर्थन भी मिला है। साथ ही चुनाव में क्रॉस वोटिंग की भी खबरें सामने आई हैं।

गुजरात में NCP विधायक कंधाल जडेजा ने कहा कि उन्होंने मुर्मू को वोट दिया। ओडिशा में कॉन्ग्रेस विधायक मोहम्मद मोकीम ने मुर्मू के पक्ष में मतदान किया। हरियाणा के कॉन्ग्रेस विधायक कुलदीप बिश्नोई ने भी मुर्मू के समर्थन में वोट किया। वहीं असम में AIUDF के नेता करीमुद्दीन ने भी कॉन्ग्रेस के क्रॉस वोटिंग करने की बात कही थी। उन्होंने कहा था कि ये आँकड़ा 20 से अधिक भी हो सकता है।

ईसाई मिशनरी स्कूल सेंट फ्रांसिस में सिख छात्रों के पगड़ी, कृपाण, कड़ा पर रोक: पैरेंट्स ने किया विरोध, योगी सरकार से कार्रवाई की अपील

उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के बरेली में ईसाई मिशनरियों द्वारा चलाया जा रहा ‘सेंट फ्रांसिस स्कूल’ सिख (Sikh) भावनाओं को आहत करने के मामले में विवादों में घिर गया है। स्कूल प्रबंधन ने सिख छात्रों के स्कूल में पगड़ी, कृपाण और कड़ा पहनकर आने पर रोक लगा दी है। इसके साथ ही स्कूल प्रबंधन ने मनमानी करते हुए कहा है कि अगर किसी को ये सब पहनना है तो वो अपना नाम कटाकर जा सकता है।

रिपोर्ट के मुताबिक, उक्त स्कूल जिले के बारादरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। डेलापीर स्थित ये स्कूल 12वीं तक का है। ये मामला उस वक्त सामने आया, जब बुधवार को प्रार्थना सभा में स्कूल की एक शिक्षक ने सभी को समान ड्रेस कोड में आने को कह दिया। इसके साथ ही शिक्षक ने ये भी कहा कि जो पगड़ी, कृपाण और कड़ा पहनकर आते हैं वो भी ये सब बंद कर दें। इसकी जानकारी लगते ही सिख बच्चों के माता-पिता ने इसका विरोध शुरू कर दिया।

वहीं इस मामले को लेकर गुरुवार (21 जुलाई 2022) को यूथ खालसा समूह के अध्यक्ष मनजीत सिंह बिट्टू ने संजय नगर गुरुद्वारा में समुदाय के लोगों की एक बैठक की। इसके बाद आक्रोशित सिखों ने स्कूल में जाकर धरना दिया और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। इस मामले में मॉडल टाउन गुरुद्वारा कमेटी के पूर्व अध्यक्ष मालिक सिंह कालरा ने इसे धार्मिक स्वतंत्रता पर खतरा करार दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि विरोध प्रदर्शनों के कारण छात्रों को स्कूल में परेशान किया जा रहा है। इसी कारण खुलकर कोई भी अभिभावक सामने नहीं आ रहा है। सिख भावनाओं को आहत करने के मामले में प्रिंसिपल सिस्टर लिसमिन को हटाने की माँग की गई है।

इसी तरह से स्कूल में विरोध प्रदर्शन करने पहुँचीं अमनदीप कौर ने आरोप लगाया कि ऐसा करके स्कूल प्रबंधन सिखों की धार्मिक भावनाओं को कुचलने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने इस मामले में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से कार्रवाई करने की माँग की है। आंदोलनकारियों ने स्कूल प्रबंधन से तुगलकी फरमान को वापस लेने की माँग की है।

संत की आत्मदाह कोशिश के बाद जागी राजस्थान की कॉन्ग्रेस सरकार: आदिबद्री और कनकांचल पर्वत घोषित होगा वनक्षेत्र, 550 दिन पुराना आंदोलन खत्म

राजस्थान (Rajasthan) में भरतपुर जिले के डीग क्षेत्र में आदिबद्री और कनकांचल क्षेत्र में अवैध खनन (Illegal Mining) को लेकर 550 दिनों से जारी साधु-संतों का आंदोलन खत्म हो गया है। राज्य के मंत्री ने विश्वेंद्र नाथ सिंह के आग्रह पर संतों ने अपना आंदोलन समाप्त किया।

बुधवार (20 जुलाई 2022) को 65 वर्षीय बाबा विजयदास द्वारा आत्मदाह की कोशिश करने के बाद राज्य सरकार के कैबिनेट मंत्री विश्वेंद्र नाथ सिंह ने आंदोलनकारी संतों से जाकर बात की। विश्वेंद्र नाथ सिंह ने आदिबद्री और कनकांचल को लेकर साधु-संतों की माँगों को 15 दिनों में पूरा करने का आश्वासन दिया।

रिपोर्ट के मुताबिक, 10 दिन पहले बाबा हरिबोलदास ने आदिबद्री और कनकांचल पर्वत को खनन मुक्त कराने की माँग को लेकर 19 जुलाई को मुख्यमंत्री आवास के सामने आत्मदाह की चेतावनी दी थी। बाद में प्रशासन ने आंदोलनकारी संतों से बात कर उनसे समय की माँग की थी। इसके बाद इसे टाल दिया गया था।

हालाँकि, 19 जुलाई को ही पसोपा गाँव में बाबा नारायणदास मोबाइल टॉवर पर चढ़ गए। इसके बाद वहाँ बड़ी संख्या में साधु-संत जुटने लगे। उसके अगले दिन यानी 20 जुलाई को बाबा विजयदास ने केरोसीन डालकर आत्मदाह की कोशिश की। संत के इस कदम ने प्रशासन को हिलाकर रख दिया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए जिले के कलेक्टर आलोक रंजन, आईजी गौरव श्रीवास्तव, एसपी श्याम सिंह, जोनल कमिश्नर सांवरमल वर्मा समेत कई अन्य उच्चाधिकारी मौके पर पहुँचे और साधु-संतों से मान मनौवल कर सबसे पहले बाबा नारायणदास को मोबाइल टॉवर से नीचे उतरवाया। बाद में कैबिनेट मंत्री विश्वेंद्र सिंह ने पसोपा गाँव जाकर प्रदर्शनकारी साधु संतों से बात की।

इस बीच बाबा विजयदास को लेकर कलेक्टर आलोक रंजन ने अपडेट दिया है। उन्होंने कहा, “डीग में साधु विजयदास (जिन्होंने खुद को आग लगा ली) की हालत अब स्थिर है। साधुओं ने अपना विरोध (पत्थर खनन पर) समाप्त कर दिया है। राज्य सरकार अगले 15 दिनों में इसे वन क्षेत्र घोषित करने के लिए एक अधिसूचना जारी करेगी। यहाँ पर पुरानी खदानें स्थित हैं। इन खदानों को स्थानांतरित किया जाएगा और लगभग 2,500 लोग जो बेरोजगार होंगे, उन्हें कहीं और रोजगार दिया जाएगा। राज्य सरकार इसे (पत्थर खनन क्षेत्र) एक धार्मिक पर्यटन स्थल बनाना चाहती है।”

गौरतलब है कि भरतपुर जिले के डीग क्षेत्र में आदिबद्री और कनकांचल में अवैध खनन के विरोध में साधु-संतों का आंदोलन करीब 550 दिनों से चल रहा था। अवैध खनन के विरोध में यह आंदोलन 16 जनवरी 2021 से शुरू हुआ था। 6 अप्रैल 2021 को साधु-संतों का एक प्रतिनिधिमंडल सीएम अशोक गहलोत से भी मिला था। हालाँकि, उसका कोई फायदा नहीं हुआ था। बहरहाल, संत के आत्मदाह की कोशिश के बाद अब प्रदेश सरकार मान गई है।

अब झारखंड के गुमला में ट्रक से पुलिसकर्मियों को रौंदने की कोशिश, 41 गोवंश लदे थे: राँची में पशु तस्करों ने ही महिला SI को कुचला था

राँची में महिला दरोगा संध्या टोपनो को वाहन से कुचलकर मार डालने के बाद अब झारखंड के गुमला में भी पशु तस्करों ने पुलिसकर्मियों को कुचलने की कोशिश की। हालाँकि, पुलिसकर्मी तत्परता दिखाते हुए मौके से पीछे हट गए, जिसकी वजह से वह बाल-बाल बच गए। लेकिन एएसआई प्रसिद्ध तिवारी के पैर में चोट आ गई।

जानकारी के मुताबिक गुमला की रायडीह थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि तस्कर ट्रक से गोवंशीय पशु को ले जा रहे हैं। शंख मोड़ माझाटोली में पुलिस टीम तैनात हो गई। एक मालवाहक ट्रक और बोलेरो को रोकने की कोशिश की गई। लेकिन इन गाड़ियों ने रुकने के बजाय पुलिसकर्मियों को रौंदने का प्रयास किया और फिर आगे निकल गए। पुलिस टीम ने किसी तरह पीछे हटकर अपनी जान बचाई।

इसके बाद तत्काल वायरलेस पर अलर्ट जारी किया गया और पुलिस टीम तस्करों का पीछा करने लगी। भागने के प्रयास में बोलेरो दुर्घटनाग्रस्त हो गई, लेकिन चालक भाग निकला। वहीं ट्रक को रायडीह में थाना गेट के पास बैरियर लगाकर रोकने का प्रयास किया गया। यहाँ भी ट्रक ने पुलिसकर्मियों को रौंदने की कोशिश की और बैरियर तोड़ आगे बढ़ गया। पुलिस टीम ने यहाँ भी किसी तरह अपनी जान बचाई। जान बचाने में एएसआई प्रसिद्ध तिवारी के पैर के एक अँगूठे में चोट आई है। सिलम बाईपास सड़क के पास चालक ट्रक खड़ा कर फरार हो गया।

पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है। इन पर लदे 41 गोवंशीय पशुओं को पुलिस ने ग्रामीणों को बाँट दिया। इस संबंध में रायडीह थाना में मवेशी तस्कर मोहम्मद दानिश कुरैशी, चालक मोहम्मद मोजाहिद अंसारी और वाहन मालिकों के विरुद्ध झारखंड पशु क्रूरता अधिनियम समेत अन्य धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई है। जल्द ही आरोपित तस्करों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

गौरतलब है कि इससे पहले राँची में महिला दरोगा संध्या टोपनो को वाहन से कुचलकर मार डालने का मामला सामने आया था। उन्होंने देर रात जानवरों की अवैध तस्करी की सूचना मिलने पर एक वाहन को चेकिंग के लिए रोका। लेकिन तस्करों ने उनकी सुनने की बजाय उन पर पूरी वैन चढ़ा दी। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर थाना प्रभारी समेत कई पुलिसकर्मी पहुँचे। उन्होंने संध्या को रिम्स अस्पताल में भर्ती कराया। मगर बुरी तरह कुचले जाने के कारण उन्होंने दम तोड़ दिया। संध्या टोपनो 2018 बैच की दरोगा थीं और वर्तमान में तुपुदाना ओपी के प्रभारी पद पर तैनात थीं।

‘हिंसक हिंदू राष्ट्रवाद को बढ़ावा देती है RRR’: राजामौली की फिल्म को ब्रिटिश प्रोफेसर ने बताया ‘झूठी कहानी’, लोगों ने याद दिलाए अंग्रेजों के अत्याचार

​सितारों से सजी एसएस राजामौली (SS Rajamouli) की फिल्म ‘आरआरआर’ (RRR) ने सिनेमाघरों में जबरदस्त कारोबार किया। इसके बाद फिल्म को हिंदी में ​नेटफ्लिक्स (Netflix) पर स्ट्रीम कर दिया गया। राम चरण तेजा और जूनियर एनटीआर की फिल्म ने ओटीटी पर आते ही यहाँ पर भी धमाल मचाया। आरआरआर को लेकर विदेशी दर्शकों में क्रेज के चलते यह दुनियाभर में सबसे अधिक देखी जाने वाली भारतीय फिल्म बन गई है। नेटफ्लिक्स ने 22 जून को सोशल मीडिया पर खुद इसकी आधिकारिक घोषणा की है।

हालाँकि, ब्रिटिश मूल के इतिहासकार रॉबर्ट टॉम्ब्स दुनिया भर में ‘आरआरआर’ की सफलता से खुश नहीं हैं। कैम्ब्रिज यूनिवर्सिट में फ्रांसीसी इतिहास के प्रोफेसर रॉबर्ट टॉम्ब्स ने 19 जुलाई को ‘द स्पेक्टेटर’ में लेख लिखकर इस फिल्म की आलोचना की। उन्होंने फिल्म में ब्रिटिश उपनिवेशवाद की भयावहता और अंग्रेजों के क्रूर चित्रण को सिरे से नकार दिया। उन्होंने फिल्म में दिखाए गए दृश्यों को मूर्खतापूर्ण और अज्ञानता से परिपूर्ण बताया है।

‘द स्पेक्टेटर‘ में रॉबर्ट टॉम्ब्स ने आरआरआर का रिव्यू करते हुए लिखा, “हमने पिछली कुछ शताब्दियों में दुनिया भर में अहम भूमिका निभाई है, जिससे हमने दोस्तों के साथ-साथ काफी दुश्मन भी कमाए हैं। कई देशों ने खुद की झूठी वीरता की कहानियाँ गढ़ते हुए हमें खलनायक की भूमिका में दिखाया है।”

रॉबर्ट टॉम्ब ने नेटफ्लिक्स को कहा कि आपको इस फिल्म को बढ़ावा देने पर शर्म आनी चाहिए। आरआरआर हिंसक हिंदू राष्ट्रवाद को बढ़ावा देता है, जो भारतीय संस्कृति और राजनीति पर हावी हो रहा है, जिसे मौजूदा सरकार ने हवा दी है। उन्होंने कहा, “फिल्म में ब्रिटिश अधिकारियों और सैनिकों को पूरे देश में घूमते और अपराध करते दिखाया गया, जो कि झूठ और सत्य से परे है। आरआरआर इतिहास के बारे में कुछ नहीं बताती, वो केवल सिंथेटिक भावनाओं को भड़काने की कोशिश करती है।”

सुपरहिट फिल्म ‘RRR’ को हिंसक ‘हिंदू राष्ट्रवादी’ फिल्म बताने पर सोशल मीडिया पर भारतीयों ने ब्रिटिश प्रोफेसर की क्लास लगाई है। लक्ष्मण सागर नाम के यूजर ने ‘द स्पेक्टेटर’ और रॉबर्ट टॉम्ब्स को आइना दिखाते हुए ट्विटर पर एक पोस्ट किया है, जिसमें ब्रिटिश राज के दौरान भारत की क्या दुर्दशा थी उसका जिक्र है। वह लिखते हैं, “इतिहास से जुड़ी कुछ चीजें शेयर कर रहा हूँ, जो आपके शासनकाल की सच्चाई को बयाँ कर रहा है। इसका सामना करें।”

एक यूजर ने कहा कि हमारे देश के लोगों को ब्रिटिश राज में कैसे सताया गया यह किसी से छिपा नहीं है। ब्रिटिश शासन में क्या हुआ अगर सब कुछ दिखा फिल्म में, तो तुम शर्म से गड़ जाओगे।

लेखिका सावित्री मुमुक्षु ने ब्रिटिश शासन में होने वाले अत्याचारों को लेकर सिलसिलेवार कई ट्वीट कर रॉबर्ट टॉम्ब्स की धज्जियाँ उड़ा दी। उन्होंने लिखा, “भारत के खिलाफ ब्रिटिश साम्राज्य के अपराधों की सूची बहुत लंबी है। इसमें गुलामी, जातिवाद, धार्मिक असहिष्णुता, लूट और बहुत कुछ शामिल है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि अंग्रेजों ने हजारों भारतीय महिलाओं को अपने सैनिकों के लिए वेश्यावृत्ति की आड़ में सेक्स स्लेव बनने के लिए मजबूर किया?”

Periodistán en India ट्विटर हैंडल ने भी लगातार कई ट्वीट कर 1876 में ब्रिटिश राज में भारत के लोगों के साथ कैसा व्यवहार किया जाता था, उसे सबके सामने लाया। इसमें बताया गया है कि कैसे लोग गरीबी, भुखमरी से परेशान थे। अंग्रेज उनसे उगाही करते थे।

बता दें कि एसएस राजामौली की फिल्म ‘आरआरआर’ की तारीफ विदेशी दर्शक ही नहीं, हॉलीवुड इंडस्ट्री से जुड़े कई लोग भी कर चुके हैं। ‘ग्रेमलिन्स’ फिल्म डायरेक्टर जो डांटे ने फिल्म की तारीफ करते हुए बीते दिनों कहा कि यह फिल्म न केवल बढ़िया विजुअल्स दिखाती है, बल्कि ब्रिटिश उपनिवेश की भयावहता की झलक भी पेश करती है, जिसे दर्शकों ने पहले कभी नहीं देखा होगा। डांटे ने लिखा, “आरआरआर बॉलीवुड की सबसे अच्छी फिल्म है, जिसे मैंने देखा है। इसमें ब्रिटिश उपनिवेशवाद की भयावहता का क्रूर चित्रण दिखाया गया है, अगर मैं इसे नहीं देखता तो ये सब मिस कर देता।”

गौरतलब है कि 25 मार्च 2022 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई RRR फिल्म में राम चरण (Ram Charan) और जूनियर एनटीआर (Jr NTR) ने प्रमुख भूमिका निभाई है। कहा जाता है कि यह फिल्म रियल लाइफ के दो हीरो प्रसिद्ध क्रांतिकारी अल्लूरी सीताराम राजू और कोमाराम भीम की जिंदगी पर आधारितपर आधारित, जिन्होंने ब्रिटिश हुकुमत के दौरान अंग्रेजों के नाको-चने चबवा दिए थे।

खुद के नाम इस्लामी, पिता के हिंदू नाम: अयोध्या में सिंदूर बेच रहे लड़कों की क्या है असली पहचान, Video से उठे सवाल

उत्तर प्रदेश (UP) के अयोध्या (Ayodhya) जिले में हनुमान गढ़ी इलाके का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में सिन्दूर बेचने वाला एक व्यक्ति अपना नाम सलमान और पिता का नाम देशराज बता रहा है। युवक के साथ कुछ अन्य लोग भी हैं, जो अपना पता कभी कानपुर तो कभी बाराबंकी बता रहे हैं। वीडियो में दिखाई दे रहे संदिग्ध खुद को सिन्दूर बेचने वाला बता रहे हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वायरल वीडियो रामकोट इलाके का है। यह वही इलाका है, जहाँ श्रीराम मंदिर बन रहा है। जिस स्थान पर वीडियो बनाया गया है, वह अतिसुरक्षित येलो ज़ोन में आता है। यहाँ पर भारी संख्या में तैनात पुलिस का सख्त पहरा रहता है। वीडियो स्थानीय लोगों द्वारा बनाया गया है।

संदिग्ध युवक मुस्लिम समुदाय से बताए जा रहे हैं। कहा जाता रहा है कि इनकी संख्या दर्जनों में है, जो इलाके में इस तरह का काम कर रहे हैं। सभी युवक अपना असली नाम-पता बताने में कतरा रहे थे। जिस जगह ये सभी संदिग्ध सिन्दूर बेचते दिखाई दिए।

वीडियो में एक युवक ने अपना नाम मुस्लिम और पिता का नाम हिंदू बताया। उसने खुद को सलमान बताते हुए कहा कि उसके पिता का नाम देशराज है। उसने अपना घर यूपी के बाराबंकी जिले के मसौली थाना क्षेत्र के अंतर्गत जमालपुर गाँव बताया।

इस इलाके में स्थानीय निवासियों को भी आने-जाने के लिए सुरक्षा जाँच से गुजरना पड़ता है। उस क्षेत्र में वाहनों का आना प्रतिबंधित है। वहीं, ये संदिग्ध लोग दिन भर सिंदूर आदि बेचते हैं और रात में भी इसी अतिसुरक्षित इलाके में रहते हैं। लोगों का आरोप है कि इन संदिग्धों की मौजूदगी से पुलिस व खुफिया विभाग भी अनजान है।

इस पूरे घटनाक्रम को हनुमान गढ़ी के महंत राजूदास ने अयोध्या की सुरक्षा से जोड़ा है। उन्होंने कहा, “मैं प्रशासन से ऐसी चीजों की जाँच की अपील करता हूँ। ऐसे लोग न आएँ। व्यापार करना अच्छी बात है। मैं किसी पंथ या मजहब के खिलाफ नहीं बोल रहा, लेकिन ये वो कौम है जिस पर विश्वास करने लायक नहीं है। इस रामजन्मभूमि परिसर में कई बार बम धमाके हो चुके हैं। यहाँ बम भी बरामद हुए हैं और कई आतंकी भी पकड़े जा चुके हैं।”

महंत राजूदास ने आगे कहा, “मैं अभी वीडियो में सुन रहा था, जिसमें वो 5 लोग हैं और उनके पास ID प्रूफ नहीं है। यहाँ का प्रशासन इतना सख्त है कि हम लोगों को भी आने-जाने के लिए रूकना पड़ता है, जबकि हमारे पास PASS भी होता है। वहीं, ये लोग अंदर घूम रहे हैं और तमाम चीजें बेच रहे हैं।”