Home Blog Page 2105

आरी से काटी गई थी श्रद्धा की हड्डियाँ: AIIMS की पोस्टमार्टम विश्लेषण से खुलासा, महीना खत्म होते-होते पुलिस दाखिल कर देगी चार्जशीट

दिल्ली में श्रद्धा वालकर हत्या मामले में श्रद्धा की हड्डियों का पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आया है। रिपोर्ट में हड्डियों को आरी से काटे जाने की पुष्टि हुई है। दिल्ली एम्स में मंगलवार (10 जनवरी, 2023) को हुए पोस्टमार्टम एनालिसिस के बाद यह जानकारी सामने आई है। श्रद्धा मर्डर मामले की जाँच कर रही दिल्ली पुलिस इसी महीने के आखिर तक चार्जशीट दाखिल कर सकती है।

आफताब पहले ही श्रद्धा की हत्या करने की बात कबूल चुका है। रिपोर्ट्स में यह बात सामने आई थी कि 18 मई, 2022 को श्रद्धा की हत्या करने के बाद आफताब ने श्रद्धा की लाश के 35 टुकड़े किए थे। इसके लिए आफताब ने आरी समेत कई हथियारों का इस्तेमाल किया था। अब एम्स के पोस्टमार्टम विश्लेषण से यह सिद्ध हो चुका है कि श्रद्धा की हड्डियाँ आरी से ही काटी गई थीं। शव के टुकड़े करने के बाद आफताब ने उसे एक बड़े फ्रिज में रखा था। अफताब हर रात श्रद्धा की लाश के टुकड़ों को महरौली और गुरुग्राम के जंगलों में ठिकाने लगाता था।

पुलिस ने अफताब की निशानदेही पर महरौली और गुरुग्राम के जंगलों से श्रद्धा की लाश के टुकड़े बरामद किए थे। नवंबर 2022 में आई DNA रिपोर्ट में जंगलों से प्राप्त हड्डियाँ श्रद्धा की ही निकली थीं। दिल्ली पुलिस ने फॉरेंसिक लैब को जंगल से मिली हड्डियाँ सौंपी थीं। इन हड्डियों का डीएनए और श्रद्धा के पिता के ब्लड सैंपल का डीएनए मैच हो गया था।

गौरतलब है कि आफताब ने 18 मई 2022 को ही श्रद्धा की हत्या कर दी थी। श्रद्धा की हत्या के बाद किसी को उस पर शक न हो इसलिए वह लगातार ऑफिस जाता रहा। यही नहीं, हत्या के बाद श्रद्धा के परिवार वालों और फ्रेंड्स की नजरों में श्रद्धा को जिंदा दिखाने के लिए आफताब उसके इंस्टाग्राम अकाउंट को यूज करता रहा। यहाँ तक कि उसने उसके इंस्टाग्राम से कुछ पोस्ट्स भी किए थे। मामले का खुलासा नवंबर में हुआ था। 12 नवम्बर, 2022 को श्रद्धा की हत्या के आरोप में पुलिस ने आफ़ताब को गिरफ्तार किया था।

NCP सांसद फैजल की लोकसभा सदस्यता रद्द, जेल में काट रहे 10 साल की सजा: पूर्व मंत्री के दामाद पर तलवार, चाकू से किया था हमला

हत्या के प्रयास में 10 साल की सजा पाए लक्षद्वीप के NCP सांसद मोहम्मद फैज़ल को संसद में अपनी सदस्यता गंवानी पड़ी है। अदालत ने इसी मामले में राष्ट्रवादी कॉन्ग्रेस पार्टी सांसद सहित कुल 4 लोगों को दोषी करार दिया है। फैज़ल के साथ दोषी करार दिए गए अन्य साथियों के नाम नूरुल अमीन, मोहम्मद हुसैन और बशीर थंगल हैं। यह हमला पूर्व केंद्रीय मंत्री पी एम सईद के दामाद पदनाथ सालिह पर हुआ था। लोकसभा सचिवालय ने मोहम्मद फैज़ल को अयोग्य घोषित करने वाली अधिसूचना भी शुक्रवार (13 जनवरी 2023) को जारी कर दी है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इसी मामले में कावरत्ती जिले की सेशन कोर्ट ने सांसद समेत सभी दोषियों पर एक-एक लाख रुपए का जुर्माना भी ठोंका है। इस मामले से जुड़े एक वकील के मुताबिक मामला साल 2009 का है। तब लोकसभा चुनाव के दौरान पीड़ित पदनाथ सालिह अपने पड़ोस में हो रहे एक राजनैतिक विवाद को खत्म करने गए थे। इसी दौरान मोहम्मद फैज़ल ने अपने साथियों सहित पदनाथ पर हमला बोल दिया। हमले में पदनाथ बाल-बाल बचे थे। हमले में घायल पदनाथ का एक लम्बे समय तक निजी अस्पताल में इलाज चला था। इस केस में पुलिस ने मोहम्मद फैज़ल और उनके साथियों पर IPC की धारा 307 के तहत FIR दर्ज की थी।

आरोप है कि मोहम्मद फैज़ल और उनके साथियों ने हमले के लिए तलवार, छुरा और डंडों का इस्तेमामल भी किया था। हमले इस केस में पुलिस ने कुल 32 हमलावरों को आरोपित किया था। तब से यह मामला अदालत में ट्रायल पर था जिसमें दोनों पक्षों को सुन कर कोर्ट ने फैसला सुनाया है। 10 साल की सजा सुनाए जाने के बाद 11 जनवरी 2023 (बुधवार) से मोहम्मद फैज़ल लोकसभा की अधिसूचना के मुताबिक संसद से अयोग्य घोषित कर दिए गए। यह फैसला भारत के संविधान के अनुच्छेद 102 (एल) (ई) की नियमावली के साथ जन प्रतिनिधित्व अधिनियम और 1951 की धारा 8 के तहत लिया गया।

भारत जोड़ो यात्रा के दौरान 5 वीं मौत… जालंधर के कॉन्ग्रेस सांसद संतोख सिंह को चलते-चलते आया दिल का दौरा, अस्पताल में निधन

राहुल गाँधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा (Bharat Jodo Yatra)’ सितंबर 2022 से शुरू हो कर मध्य जनवरी 2023 तक पहुँच चुकी है। इस यात्रा में अब तक कुल 4 लोगों की मौत हो चुकी है। अब ताजा घटनाक्रम में यात्रा में शामिल पंजाब से कॉन्ग्रेस सांसद चौधरी संतोख सिंह का निधन हो गया। मृत्यु से ठीक पहले संतोख सिंह राहुल गाँधी के साथ चल रहे थे। इस दौरान उनकी धड़कने तेज हो गईं जिसे बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। यह घटनाक्रम शनिवार (14 जनवरी 2023) का है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अपनी यात्रा ले कर आज (14 जनवरी 2023) शनिवार को राहुल गाँधी सुबह 7 बजे लुधियाना के लोडोवाल से निकले थे। सुबह के 10 बजे उनका अगला पड़ाव जालंधर के गोराया में था। इसी यात्रा में राहुल गाँधी के साथ जालंधर से कॉन्ग्रेस सांसद चौधरी संतोख सिंह भी चल रहे थे। कुछ ही दूर चलने के बाद सांसद संतोख के दिल की धड़कने तेज हो गईं। आनन-फानन में उन्हें फगवाड़ा के विर्क अस्पताल में भर्ती करवाया गया। अपने सांसद का हाल-चाल जानने खुद राहुल गाँधी भी यात्रा रोक कर अस्पताल पहुँचे थे। कुछ समय के इलाज के बाद डॉक्टरों ने सांसद संतोख सिंह को मृत घोषित कर दिया।

सांसद संतोख सिंह को एम्बुलेंस से अस्पताल ले जाने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस दौरान पुलिसकर्मियों को भीड़ हटाते और एम्बुलेंस के लिए रास्ता बनाते देखा जा सकता है।

मिल रही जानकारी के मुताबिक कॉन्ग्रेस सांसद की मौत से बाधित हुई यात्रा को आज फगवाड़ा के बस स्टॉप पर पहुँचना था। राहुल गाँधी रात में कपूरथला के मेहत गाँव में रुकने वाले थे। फिलहाल यात्रा सुबह 9:30 से रुकी हुई है। कॉन्ग्रेस की तरफ से अभी तक यात्रा में किसी भी बदलाव की जानकारी सार्वजानिक नहीं की गई है।

गौरतलब है कि भारत जोड़ो यात्रा के 30 जनवरी 2023 तक कश्मीर में एक बड़े इवेंट के साथ समापन की उम्मीद है। इस से पहले इसी यात्रा में 8 नवंबर,2022 को कॉन्ग्रेस सेवा दल के महासचिव कृष्ण कुमार पांडे, 12 नवंबर 2022 को कॉन्ग्रेस कार्यकर्ता गणेश पोन्नरमन, 25 नवंबर को सुरक्षा में तैनात सब इंस्पेक्टर भूपेंद्र सिंह और 3 दिसंबर 2022 को कॉन्ग्रेस कार्यकर्ता मांगीलाल शाह की असामयिक मृत्यु हो चुकी है।

ड्रोन से लेकर पतंग पर प्रतिबंध, चीनी लाइटें भी न नजर आएँ: 26 जनवरी तक गुरुग्राम में लागू हुई धारा-144, उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

गणतंत्र दिवस को लेकर सुरक्षा के इंतजाम पुख्ता किए जाने लगे हैं। इसके तहत गुरुग्राम जिला प्रशासन ने शुक्रवार (13 जनवरी 2023) को CrPC की धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी। इसके साथ ही गुरुग्राम को नो फ्लाइ जोन घोषित कर दिया है।

प्रशासन के आदेश के तहत 26 जनवरी तक इलाके में ड्रोन, माइक्रोलाइट विमान, ग्लाइडर, गर्म हवा के गुब्बारे, पतंग और चीनी माइक्रोलाइट उड़ाने पर प्रतिबंध रहेगा। जिला प्रशासन ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि जो भी इस निषेधाज्ञा का उल्लंघन करेगा, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इसके अलावा, जिला प्रशासन ने साइबर कैफे, गेस्ट हाउस, होटल, पेइंग गेस्ट और मकान मालिकों को सतर्क किया है। इन्हें आदेश दिया गया है कि वे अपने किरायेदारों, नौकरों, आगंतुकों और मेहमानों के रिकॉर्ड और पहचान पत्र सबूत के तौर पर अपने साथ रखें।

जिला प्रशासन ने कहा, “गणतंत्र दिवस के अवसर पर असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सुरक्षा कारणों से ये आदेश जारी किए गए हैं। आदेशों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 188 के तहत कार्रवाई की जाएगी।”

‘हमारे बीच सब कुछ सही… मैं हमेशा इसके साथ हूँ’: निकाह से मुकरने के आरोपों पर आदिल ने दी सफाई, राखी सावंत ने कहा- ‘मैं पूरा दिन रोती हूँ’

बॉलीवुड अभिनेत्री राखी सावंत का उनके बॉयफ्रेंड आदिल खान दुर्रानी से इस्लामी तौर-तरीकों से निकाह इस समय मीडिया और सोशल मीडिया की सुर्खियाँ बना हुआ है। इस बीच दोनों ने निकाह के बाद सामूहिक तौर पर पहला इंटरव्यू फोन के माध्यम से दिया है। इस इंटरव्यू में आदिल ने कहा कि उनमें और राखी सावंत में सब कुछ सही चल रहा है। इस दौरान राखी सावंत ने आदिल से जीवन में कभी न छोड़ कर जाने की उम्मीद जताई है। बातचीत में राखी सावंत ने अपनी शादी को ‘फेक’ कहने पर काफी दुःख जताया है।

टेली टॉक इंडिया नाम के यूट्यूब चैनल पर 4:59 मिनट का यह वॉइस इंटरव्यू पब्लिश हुआ है। इस दौरान एंकर चेतना के सवाल पर राखी सावंत ने कहा कि वो दिन भर रोती हैं और फिर ठीक भी हो जाती हैं। बातचीत में राखी सावंत ने आगे कहा कि उन्हें इस बात का पक्का यकीन है कि आदिल खान दुर्रानी उन्हें जीवन में कभी धोखा नहीं देगा। आदिल भी राखी सावंत की बातों से सहमति जताता है और कुछ समय बाद दोनों के एक सामूहिक इंटरव्यू की बात कहता है।

इसी इंटरव्यू के बीच में एंकर ने आदिल से राखी सावंत से हुए निकाह को ‘फेक’ कहने पर सवाल किया। सवाल के जवाब में आदिल ने निकाह फेक नहीं बल्कि असली होने की जानकारी दी। इस सवाल पर राखी सावंत ने भी आदिल खान पर फेक शब्द बोले जाने पर नाराजगी जाहिर की। बातचीत में आदिल ने सुबह से ले कर शाम तक राखी सावंत के साथ ही रहने की बात कही। इसी दौरान राखी सावंत ने अपने रोने की वजह में अपनी माँ की तबीयत खराब होना बताया।

इंटरव्यू के 3 मिनट 53वें सेकेण्ड पर राखी सावंत ने अपनी माँ के पूरे शरीर में कैंसर फ़ैल जाने की जानकारी दी। आदिल खान द्वारा शादी न करने की जानकारी देना राखी सावंत ने अफवाह बताते हुए अपनी बेइज्जती बताया। राखी ने कहा कि ऐसे हालातों में वो रोएँ न तो करें क्या? इस दौरान राखी सावंत ने आदिल से उम्मीद जताई कि वो मीडिया में बेझिझक खुद को उनका शौहर बता दें। हालाँकि इसके लिए राखी ने अपनी तरफ से दबाव न देने की भी बात कही। उन्होंने कहा कि अगर आदिल ने उनसे सच्चा प्यार और निकाह किया होगा तो वो जरूर बोलेंगे।

राखी सावंत की इन तमाम माँगों पर फोन लाइन पर मौजूद आदिल ने कहा कि वो कोई कमेंट नहीं करना चाहेंगे और जल्द ही प्रॉपर इंटरव्यू देंगे। उन्होंने साफ़ किया कि उनमें और राखी सावंत के बीच कोई झगड़ा नहीं है। आपस में झगड़ा न होने की बात पर राखी ने भी हामी भरी। राखी ने खुल कर कहा कि उन्होंने जो निकाह किया था उस इज्जत की उन्हें जरूरत है। आज तक के मुताबिक आदिल खान ने राखी सावंत से अपने निकाह को कबूल कर लिया है। इसी रिपोर्ट में आगे बताया गया है आदिल अपने परिवार को राखी से रिश्ते के लिए मनाने की कोशिश कर रहे हैं।

15 साल में मुस्लिम लड़कियों के निकाह पर सुप्रीम कोर्ट करेगा फैसला: हाईकोर्ट ने इस्लामी लॉ का हवाला देकर बताया था सही, बाल आयोग ने जताई आपत्ति

मुस्लिम लड़की का निकाह कम-से-कम कितने साल पर हो, इस पर सुप्रीम कोर्ट विचार करेगा। पिछले दिनों कई राज्यों की हाईकाेर्ट ने अपने फैसलों में कहा था कि 15 साल या उससे उम्र की मुस्लिम लड़कियाँ निकाह के योग्य होती है। इनमें से एक, पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के फैसले के खिलाफ राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (NCPCR) ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दी है, जिसे सुनवाई के लिए मंजूर कर लिया गया है। सुप्रीम कोर्ट ने नवंबर 2022 में पंजाब सरकार को नोटिस दिया था।

दरअसल, जून 2022 में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट की सिंगल बेंच ने अपने फैसले में कहा था कि 18 साल से कम उम्र की मुस्लिम लड़की अपनी मर्जी से शादी करने के लिए स्वतंत्र है। अदालत ने निकाहके लिए इस्लामी कानून का हवाला दिया था। यह केस एक मुस्लिम लड़की द्वारा अपने प्रेमी से शादी करने से संबंधित था।

अगस्त 2022 में दिल्ली हाईकोर्ट ने मुस्लिम लड़कियों के निकाह की उम्र को लेकर टिप्पणी की थी। दिल्ली हाईकोर्ट ने कहा था कि इस्लामी कानून के अनुसार, लड़की अगर 18 साल से कम भी है तो भी उसे अधिकार है कि वो अपने अम्मी-अब्बू की मर्जी के बगौर निकाह कर ले।

इसी तरह सितंबर 2022 में एक मामले में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने अपने फैसले में कहा था कि मुस्लिम पर्सनल लॉ के अंतर्गत लड़की की यौन परिपक्वता अथवा अपनी इच्छा से शादी की आयु 15 साल की तय की गई है। ऐसे में बाल विवाह कानून के तहत ऐसी शादी पर रोक नहीं लगाई जा सकती। 16 वर्षीय मुस्लिम लड़की ने अपनी इच्छा से शादी की है तो इसे गैरकानूनी नहीं ठहराया जा सकता।

दिसंबर 2022 में 17 साल की एक मुस्लिम लड़की द्वारा 33 साल के हिंदू लड़के से विवाह करने के एक अन्य मामले में भी पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने यही तर्क दिया था। हाईकोर्ट ने कहा था कि मुस्लिम लड़की की शादी मुस्लिम पर्सनल लॉ द्वारा संचालित होती है। सर दिनशाह फरदुनजी मुल्ला की किताब ‘प्रिंसिपल्स ऑफ मोहम्मडन लॉ’ के अनुच्छेद 195 में कहा गया है कि एक लड़का और लड़की 15 साल की आयु में यौवन हासिल कर लेता है, जो शादी के लिए योग्य मानी जाती है।

ऐसे ही एक मामले में दिसंबर 2022 में झारखंड हाईकोर्ट ने कहा था, “एक मुस्लिम लड़की का विवाह मुस्लिम पर्सनल लॉ द्वारा शासित होता है। सर दिनशाह फरदूनजी मुल्ला की पुस्तक ‘प्रिंसिपल्स ऑफ मुस्लिम लॉ’ के अनुच्छेद 195 के अनुसार, विपरीत पक्ष संख्या 2 (लड़की) लगभग 15 वर्ष की आयु में अपनी पसंद के व्यक्ति के साथ विवाह के अनुबंध में प्रवेश करने के योग्य है।”

इस दौरान कोर्ट ने यूनुस खान बनाम हरियाणा राज्य व अन्य, 2014 (3) आरसीआर (क्रिमिनल) 518 का संदर्भ दिया था। इसमें कहा गया है कि मुस्लिम लड़की का विवाह मुस्लिम पर्सनल लॉ द्वारा शासित होता है। इसके बाद कोर्ट ने आपराधिक कार्रवाई को रद्द कर दिया था।

सुप्रीम कोर्ट ने अगले आदेश तक हाईकोर्ट के इस फैसले को मिसाल के तौर पर लेने पर भी राेक लगा दी है। सुप्रीम कोर्ट ने मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ ने कहा कि इससे जुड़े सभी मामलों को टैग किया जाएगा और उन्हें तीन हफ्तों के बाद सूचीबद्ध किया जाएगा।

बाल आयोग (NCPCR) ने अपनी याचिका में कहा है कि हाईकोर्ट का फैसला बाल विवाह की अनुमति देने वाला है। यह बाल विवाह निषेध अधिनियम, 2006 का उल्लंघन करता है। याचिका में कहा गया है कि बाल विवाह अधिनियम के प्रावधान सभी धर्मों पर लागू होते हैं।

इतना ही नहीं, बाल आयोग ने यह भी कहा कि पॉक्सो कानून के तहत किसी महिला के साथ शारीरिक संबंध बनाने के लिए कम से कम 18 साल की उम्र निर्धारित की गई है। ऐसे में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट का फैसला पॉक्सो एक्ट के खि‍लाफ है।

बाल आयोग की तरफ से भारत सरकार के सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता पेश हुए। उन्होंने कहा कि 18 से कम उम्र में लड़कियों की शादी की जा रही है। उन्होंने पूछा, “क्या पर्सनल बोर्ड की आड़ लेकर गैर कानूनी काम किया जा सकता है? पॉक्सो कानून को देखते हुए नाबालिग की शादी को कानूनन सही कैसे ठहराया जा सकता है?”

‘मेरे घरवालों को मिल रही धमकी, गैंग में पाकिस्तानी आतंकी भी’: ‘द कश्मीर फाइल्स’ के निर्माता ने बयां किया दर्द, मीडिया को दी चेतावनी

कश्मीर फाइल्स (The Kashmir Files) के निर्माता एवं बॉलीवुड निर्देशक विवेक रंजन अग्निहोत्री (Vivek Ranjan Agnihotri) ऑस्कर पर बयान को लेकर सोशल मीडिया यूजर के निशाने पर हैं। उन्होंने कहा कि उनके बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसा करने वालों के खिलाफ वो कार्रवाई कर रहे हैं।

विवेक अग्निहोत्री ने ट्वीट किया, “चेतावनी: बेहूदा इकोसिस्टम फिर से काम पर लग गया है। वे गलत रिपोर्टिंग करके और जनता से झूठ बोलकर #TheKashmirFiles की टीम की बदनामी करने के लिए हमारे बयानों को तोड़-मरोड़ कर पेश कर रहे हैं। समाचार साइटों और अन्य लोगों को दुर्भावनापूर्ण मंशा से ऐसी फर्जी खबरों में शामिल होने या प्रसारित करने के खिलाफ चेतावनी दी जाती है।”

अगले ट्वीट में अग्निहोत्री ने कहा, “मैं सार्वजनिक और संबंधित अधिकारियों के ज्ञान में लाना चाहता हूँ कि इनमें से कुछ लोग/समूह मेरे परिवार की युवा महिला सदस्य को परेशान कर रहे हैं और धमकी दे रहे हैं। उनमें से कुछ पाकिस्तानी आतंकवादी समूहों से जुड़े हुए हैं, जिन्हें नूपुर शर्मा को जान से मारने की धमकी देने के लिए भी जाना जाता है।”

दरअसल, 10 जनवरी 2023 को विवेक रंजन अग्निहोत्री ने कश्मीर फाइल्स और ऑस्कर से जुड़े दो ट्वीट किए थे। उन्होंने लिखा, “बड़ी घोषणा: #TheKashmirFiles को #Oscars2023 के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है। यह भारत की 5 फिल्मों में से एक है। मैं उन्हें शुभकामनाएँ देता हूँ। भारतीय सिनेमा के लिए एक शानदार वर्ष।”

इसके अगले ट्वीट में उन्होंने फिल्म के किरदारों को टैग करते हुए लिखा, “पल्लवी जोशी #मिथुन चक्रवर्ती @DarshanKumaar @AnupamPK यहाँ सभी सर्वश्रेष्ठ अभिनेता श्रेणियों के लिए चुने गए हैं। यह तो बस शुरुआत है। आगे एक लंबा रास्ता है। कृपया उन सभी को आशीर्वाद दें।”

इसके बाद फिल्म में प्रमुख भूमिका निभाने वाले अभिनेता अनुपम खेर ने भी ट्वीट कर खुशी जाहिर की। उन्होंने बताया कि द कश्मीर फ़ाइल्स और उन्हें ऑस्कर 2023 के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है और यह उनके लिए एक बड़ी जीत है।

बता दें कि कश्मीर फाइल्स को नामांकित नहीं किया गया है, बल्कि तकनीकी तौर पर अर्जी स्वीकारी गई है। ऐसे में ये कहा जा सकता है कि ये फिल्म अब ऑस्कर की रेस में आ गई है। इसकी आधारिक घोषणा 24 जनवरी को की जाएगी।वहीं, ऑस्कर के 95वें समारोह का आयोजन 12 मार्च 2023, दिन रविवार को होगा। यह शो हॉलीवुड के डॉल्बी थिएटर से दुनिया भर लाइव प्रसारित होगा।

दरअसल कश्मीर फाइल्स और कांतारा द एकेडमी अवार्ड्स 2023 की रिमाइंडर/पात्रता सूची में शामिल 301 फीचर फिल्मों में शामिल हैं। इसमें कश्मीर फाइल्स और कांतारा के अलावा 12 भारतीय भाषा की फिल्मों (फीचर और डॉक्यूमेंट्री सहित) के बीच शामिल किया गया है। तकनीकी रूप से ऑस्कर के लिए शॉर्टलिस्ट किए जाने और एलिमिनेशन लिस्ट में जगह बनाने के बीच अंतर है।

‘द लास्ट फिल्म शो’ (‘छेल्लो शो’) को ऑस्कर में भारत की तरफ से ऑफिशियल एंट्री के तौर पर भेजा गया है। वहीं RRR, कंतारा, गंगूबाई काठियावाड़ी, रॉकेट्री: द नंबी इफेक्ट, विक्रांत, रोना इत्यादि फिल्में अन्य भारतीय भाषाओं के लिए नॉमिनेशन के लिए भेजी गई हैं। इन्हें पहली लिस्ट में शामिल किया गया है। इसका मतलब है कि इन पर विचार किया जाएगा। हालाँकि, शॉर्टलिस्ट कहना गलत है।

गर्लफ्रेंड के साथ समय बिता पाएँ दोस्त, इसीलिए फैला दी विमान में बम होने की अफवाह: चलता रहा तलाशी अभियान, फँसे रहे Spicejet के 182 यात्री

ब्रिटिश एयरवेज (British Airways) के एक ट्रेनी को फ्लाइट में बम होने की झूठी खबर देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपित अभिनव प्रकाश ने गुरुवार (12 जनवरी 2023) को दिल्ली के इंदिरा गाँधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IGI Airport) पर पुणे जाने वाली स्पाइसजेट (Spice Jet) की एक फ्लाइट में बम होने की फर्जी सूचना दी।

आईजीआई एयरपोर्ट के डीसीपी रवि कुमार सिंह ने शुक्रवार (13 जनवरी 2023) को बताया कि अभिनव प्रकाश ने स्पाइसजेट के सेंटर को कॉल करके यह झूठी खबर दी थी। DCP के अनुसार, उसके दोस्त राकेश और कुणाल अपनी-अपनी गर्लफ्रेंड के साथ कुछ और समय बिताना चाहते थे। इसलिए उन्होंने अभिनव से मदद माँगी थी।

दरअसल, राकेश और कुणाल की गर्लफ्रेंड दिल्ली से महाराष्ट्र के पुणे इसी फ्लाइट से जा रही थीं। इसलिए फ्लाइट में देरी करने के लिए यह साजिश रची। उसके बाद अभिनव ने फ्लाइट के प्रस्थान में देरी के लिए यह तरीका अपनाया।

बता दें कि 12 जनवरी 2023 को स्पाइसजेट के कॉल सेंटर में रात 09:30 बजे दिल्ली से पुणे जाने के लिए तैयार फ्लाइट संख्या SG-8938 में बम होने की सूचना मिली थी। बम की सूचना मिलते ही स्पाइसजेट के अधिकारियों ने इसकी सूचना CISF कंट्रोल रूम को दी।

इसके बाद एयरपोर्ट पुलिस थाना, CISF और अन्य सुरक्षा एजेंसियाँ कार्रवाई में जुटी गईं। 182 यात्री और केबिन क्रू वाली इस फ्लाइट को तुरंत आइसोलेश बे में ले जाया गया। उसके बाद सभी यात्रियों और उनके सामानों की गहना से जाँच की गई, लेकिन कोई संदिग्ध सामान नहीं मिला।

इसके बाद अधिकारियों ने इस संबंध में दिल्ली पुलिस में मामला दर्ज कराया और इसकी जाँच शुरू हो गई। पुलिस ने जिस नंबर से कॉल करके बम की जानकारी दी गई थी, उसे ट्रेस करना शुरू किया। पता चला कि यह नंबर 24 वर्षीय अभिनव प्रकाश का है।

इसके बाद पुलिस ने छापेमारी करके अभिनव को गिरफ्तार कर लिया। अभिनव ने पूछताछ में बताया कि उसके दोस्त राकेश उर्फ ​​बंटी और कुणाल सहरावत हाल ही में मनाली गए थे। वहाँ पर उनकी दो स्थानीय लड़कियों से दोस्ती हो गई। दोनों लड़कियाँ स्पाइसजेट से पुणे जा रही थीं।

अभिनव प्रकाश के दोस्तों ने उसे बताया कि वे अपनी गर्लफ्रेंड के साथ और समय बिताना चाहते हैं। इसलिए उनकी उड़ान को थोड़ा और देर कर दे, ताकि वे अपनी गर्लफ्रेंड के साथ कुछ और समय बीता सकें। उसके बाद अभिनव ने बम की सूचना दी। उसे उम्मीद थी कि इस सूचना के बाद फ्लाइट कैंसिल हो जाएगी।

इसके बाद अभिनव प्रकाश ने फ्लाइट में बैठी दोनों लड़कियों को बुलाया और जब उन्हें पता चला कि फ्लाइट लेट हो गई है या रद्द हो गई है तो उन्होंने जश्न मनाना शुरू कर दिया।

इस बीच उसके दोस्तों को पता चला कि अभिनव प्रकाश गिरफ्तार हो गया है तो वे अपने घरों से भाग गए। पुलिस दोनों फरार युवकों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। दिल्ली के द्वारका के सेक्टर 22 का रहने वाला अभिनव प्रकाश पिछले सात महीनों से गुरुग्राम के डीएलएफ कुतुब प्लाजा में ब्रिटिश एयरवेज में ट्रेनी टिकटिंग एजेंट के रूप में कार्यरत है।

‘हाशिम अमला ने कइयों को धर्मांतरित कर मुस्लिम बनाया, उनमें हिन्दू भी’: Pak के पूर्व कप्तान सईद अनवर का खुलासा, कहा – अल्लाह ने वर्ल्ड कप को बना रखा है मोहरा

पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर और कप्तान रहे सईद अनवर (Saeed Anwar) ने दावा किया है कि दक्षिण अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर हाशिम आमला (Hashim Amla) ने कई लोगों को धर्मांतरित कर मुस्लिम बनाया है। सोशल मीडिया में, यह वीडियो सामने आने के बाद लोग अलग-अलग तरह की प्रतिक्रिया दे रहे हैं।

दरअसल, अनटोल्ड पाकिस्तान नामक ट्विटर अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया गया है। यह वीडियो किसी कार्यक्रम का बताया जा रहा है। इस वीडियो में, पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर सईद अनवर ने कहा है कि हाशिम अमला के कारण एक हिंदू परिवार मुस्लिम बन गया।

वायरल वीडियो में सईद अनवर हाशिम अमला की तारीफ करते हुए कहते हैं, “विश्व कप में कई लोग इस्लाम कबूल कर रहे हैं। अल्लाह ने वर्ल्ड कप को मोहरा बना रखा है। हाशिम अमला एक शानदार क्रिकेटर हैं। उसने कितने लोगों को कलाम पढ़ाया। एक पूरा हिन्दू खानदान मुस्लिम बन गया। मोहम्मद यूसुफ कई लोगों का जरिया बना। आप में अल्लाह ने बहुत टैलेंट दिया है। जो करना है करो, कारोबार करो, हुकूमत करो। अल्लाह को साथ ले लो और नबी का काम अपना काम बना लो।”

सईद अनवर इस वीडियो में कह रहे हैं कि क्रिकेट के बहाने हाशिम अमला ने कई हिंदुओं को भी धर्मांतरित कर मुस्लिम बनाया है। हालाँकि, इस वीडियो को लेकर हाशिम अमला की ओर अब तक कोई भी बयान नहीं आया है।

बता दें कि हाशिम अमला पर कट्टर इस्लामिक होने के आरोप लगते रहे हैं। हाशिम अमला इस्लाम को किस हद तक मानते हैं, इसका सबसे बड़ा उदाहरण यह है कि वह अपनी टीशर्ट पर शराब कंपनी का लोगो तक नहीं लगाते थे। इसके लिए उन्हें जुर्माना तक भरना पड़ता था। यही नहीं, ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर रहे डीन जोन्स ने लाइव मैच में कमेंट्री करते हुए उन्हें आतंकवादी तक कह दिया था।

सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया::

तरुण कुमार नामक यूजर ने लिखा, “अरे गधों, क्या हो जायेगा दूसरे धर्म के लोगों को मुस्लिम बनाकर। जो पहले से मुस्लिम हैं पाकिस्तान में, वो तो सब भूखे मर रहे हैं। मुस्लिम दुनिया में सबसे गरीब और भुखमरी ग्रस्त समुदाय है। अल्ला में कुछ दम है तो उनकी हालत में सुधार कर ले। नया भुखमरी ग्रस्त मुस्लिम देश पाकिस्तान है।”

एक ट्विटर यूजर ने लिखा है, “इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका आदि टीमों के लिए खेलना काफिरों से पैसे कमाने का जरिया मात्र है। इनका वास्तविक लक्ष्य हमेशा एक ही होता है।”

सुख राजन साहा नामक यूजर ने लिखा, “तुम लोग सब जाहिल हो जाहिल।”

दीपक ने लिखा, “अबे पहले आटे का जुगाड़ कर लो।”

बता दें कि यह पहला मौका नहीं है जब पाकिस्तान की ओर से हिंदुओं के खिलाफ इस तरह की बात कही गई हो। इससे पहले, भी कई बार पाकिस्तानी क्रिकेटर जिहादी भाषा का उपयोग कर चुके हैं।

साल 2021 में भारत-पाकिस्तान मैच के बाद इस्लामी कट्टरपंथी पाकिस्तान की जीत का जश्न मना रहे थे। इस दौरान, पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज वकार यूनुस ने कहा था कि उन्हें पूरे मैच में सबसे अच्छी बात ये लगी कि रिजवान ने सभी हिंदुओं के सामने खड़े होकर नमाज पढ़ी। उनके इस बयान पर जब लोगों ने आपत्ति जताई और विरोध हुआ तो उन्होंने माफी माँगते हुए कहा कि उनके मुँह से ये बात आवेश में निकल गई थी। 

वकार ने ट्वीट कर माफी माँगी और लिखा, “आवेश में आकर मैंने ऐसी बात कह दी, मैंने ऐसा कुछ कहा, जो मेरा कहने का मतलब नहीं था, जिससे काफी लोगों की भावनाएँ आहत हुई हैं। मैं इसके लिए माफी माँगता हूँ, मेरा ऐसा मकसद बिल्कुल नहीं था, सच में गलती हो गई। खेल लोगों को रंग और धर्म से हटकर जोड़ता है।”

शोएब अख्तर ने मैच से पहले किया दो राष्ट्र सिद्धांत का प्रचार

साल 2021 में ही, पाकिस्तान के पूर्व गेंदबाज शोएब अख्तर और हरभजन सिंह आजतक के एक कार्यक्रम में साथ दिखे थे। कार्यक्रम के दौरान शोएब ने दो राष्ट्र सिद्धांत का प्रचार करते हुए हरभजन को कहा कि वो इसमें यकीन रखते हैं और उनकी अपनी विचारधारा है। अगर उन्होंने इस पर बात करनी शुरू कर दी तो चीजें बहुत आगे चली जाएँगी।

‘आएगा गजवा-ए-हिंद, जीतेंगे कश्मीर’

इसी तरह एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें शोएब अख्तर समा टीवी से बात करते हुए कह रहे थे कि “ये हमारी पाक किताब में लिखा है कि गजवा ए हिंद आएगा। अटक की नदी दोबारा खून से लाल रंग की होगी। अफगानिस्तान की सेना अटक पहुँचेंगी। उसके बाद शमल मशरिक से सेनाएँ उठेंगी। अलग-अलग दल उज्बेकिस्तानन आदि से पहुँचेंगे… जो लाहौर तक फैले ऐतिहासिक क्षेत्र खोरासन को दर्शाता है। बाद में वह ताकतें कश्मीर को जीतेंगी और फिर बाद इंशाल्लाह काफिला बढ़ता (बाकी बचे भारत की ओर) रहेगा।”

भारत सुरक्षित नहीं है- जावेद मियानंद

साल 2019 में जावेद मियानंद ने बयान दिया था, “आईसीसी को आगे आना चाहिए और दुनिया, आईसीसी के सहयोगी देशों को बताना चाहिए कि भारत में खेलना बंद करें क्योंकि यह देश सुरक्षित नहीं है। दूसरे देश भारत से बेहतर हैं। भारत में लोग अपने ही देशवासियों से लड़ रहे हैं। क्या हो रहा है, देखिए और ऐक्शन लीजिए।” उस समय भारतीय क्रिकेटर विनोद कांबली ने जावेद को आड़े हाथ लेकर कहा था कि रिटार होने के बाद भी उंगली करने की आदत नहीं गई।

शाहिद अफरीदी का जहर

पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर शाहिद अफरीदी अक्सर भारत विरोधी बातें करते हैं। एक बार उन्होंने भारत के लिए जहर उगलते हुए कहा था, “उन्हें तो ठीक-ठाक मारा है हमने। इतना मारा है कि कई बार माफियाँ माँगी हैं उन्होंने।” उन्होंने दावा किया कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध दबाव ज्यादा रहने से उन्हें खेलने में खूब मजा आता था। 

‘इस्लाम अपनाओ जन्नत जाओगे’

पाकिस्तानी क्रिकेटर अहमद शहजाद का एक वीडियो कुछ दिन पहले वायरल हुआ था। वीडियो 2014 की थी। जब श्रीलंका और पाकिस्तान का मैच हो रहा था। वायरल वीडियो में दिलशान बल्लेबाजी कर के लौट रहे हैं और उनके साथ चल रहे अहमद शाहजाद उन्हें कह रहे हैं कि अगर आप नॉन-मुस्लिम हैं और इस्लाम अपना लेते हैं तो इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि फिर अपने जीवन में आप क्या करते हो, आप अंततः जन्नत हो जाओगे।

तलवार से मार सकता हूँ इंसान: आर्टिकल 370 हटने पर जावेद की धमकी

आर्टिकल 370 हटने से कई पाकिस्तानी आग बबूला थे। ऐसे में पूर्व क्रिकेटर जावेद ने भारत को तलवार दिखाकर धमकी दी थी। उन्होंने कहा था, “कश्मीरी भाइयों फ़िक्र ना करो, हम आपके साथ हैं। मेरे पास बल्ला भी है छक्का मारा था अब ये (तलवार) चलेगा। जब बल्ले से छक्का मार सकता हूँ तो इससे (तलवार) से इंसान क्यों नहीं मार सकता।” 

मोहम्मद शमी मुस्लिम होने के कारण टीम से बाहर: मोइन खान

साल 2019 में श्रीलंका के साथ हुए मैच में मोहम्मद शमी की जगह जडेजा को जगह मिलने के बाद पाक के पूर्व क्रिकेटर मोइन खान ने नफरत फैलाने का काम किया था। उनका कहना था कि शमी को मौका इसलिए नहीं मिला क्योंकि भाजपा मुस्लिमों के आगे बढ़ने नहीं देना चाहती।

लालू यादव के खिलाफ नया मुकदमा चलाएगी CBI, केंद्र सरकार से मिल गई अनुमति: रेलवे में नौकरी के बदले जमीन का है मामला, परिवार-रिश्तेदार घेरे में

बिहार में सत्ताधारी राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav) मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। नौकरी के बदले जमीन घोटाले के मामले में लालू यादव के खिलाफ CBI को मुकदमा चलाने की अनुमति केंद्र सरकार ने दे दी है।

केंद्रीय एजेंसी ने शुक्रवार (13 जनवरी 2023) को सरकार की मंजूरी से संबंधित कागजात को एक विशेष अदालत के समक्ष जमा की। अधिकारियों ने यह भी बताया कि एजेंसी द्वारा दायर चार्जशीट का संज्ञान लेने के लिए सक्षम प्राधिकारी से मुकदमा चलाने की मंजूरी विशेष अदालत के लिए एक शर्त है।

बता दें कि सीबीआई ने पिछले साल 7 अक्टूबर 2022 को लालू यादव, उनकी पत्नी राबड़ी देवी, बेटी मीसा भारती और 14 अन्य के खिलाफ रेलवे में नौकरी देने के बदले रिश्वत के रूप में जमीन लेने का मामला दर्ज किया था।

सीबीआई की एक विशेष अदालत में दाखिल आरोप पत्र में एजेंसी ने लालू यादव और उनके परिवार के साथ-साथ मध्य रेलवे की पूर्व महाप्रबंधक सौम्या राघवन, पूर्व रेलवे सीपीओ कमल दीप मैनराई, नियुक्त सात उम्मीदवारों और चार व्यक्तियों को भी नामजद किया है।

सीबीआई प्रवक्ता ने कहा, “जाँच के दौरान यह पाया गया कि आरोपियों ने मध्य रेलवे के तत्कालीन महाप्रबंधक और मध्य रेलवे के सीपीओ के साथ साजिश रचते हुए जमीन के बदले उनके या अपने करीबी रिश्तेदारों के नाम पर लोगों को नियुक्त किया।”

आरोप पत्र में कहा गया है कि रेलवे में नौकरी देने के बदले लोगों से जमीन रिश्वत के रूप में ली गई थी। इन जमीनों का अधिग्रहण सर्किल रेट से कम और मार्केट रेट से काफी कम रेट पर किया गया था। ये जमीन राबड़ी देवी और उनकी बेटियों भारती एवं हेमा यादव के नाम पर ट्रांसफर किया गया था।

बता दें कि जिस समय यह घोटाला हुआ था, उस समय लालू प्रसाद यादव यूपीए शासनकाल में रेलमंत्री थे। उस समय नौकरी के देने बदले लालू प्रसाद यादव के परिजनों को पटना में करीब 1.05 लाख वर्ग फुट जमीन अधिग्रहित की गई थी।

इस घोटाले में बिना विज्ञापन निकाले रिश्वत देने वाले अभ्यार्थियों को तीन दिन के अंदर रेलवे में नौकरी दे दी गई थी। इतना ही नहीं, इन उम्मीदवारों ने नौकरी के लिए झूठे स्थानांतरण प्रमाण पत्र का इस्तेमाल किया है और रेल मंत्रालय में झूठे प्रमाणित दस्तावेज भी जमा कराए थे।

इस मामले में सीबीआई ने मई महीने में लालू यादव और उनके परिजनों के दिल्ली और पटना के 16 ठिकानों पर छापेमारी की थी। पटना में अधिकारियों ने राबड़ी देवी और तेज प्रताप यादव से अलग-अलग कमरों में पूछताछ की। पूछताछ के लिए 3-3 अफसरों की दो टीमें बनाई गई। दिल्ली में मीसा भारती के आवास पर लालू यादव से CBI के एसपी और डीएसपी स्तर के अफसरों ने पूछताछ की।